जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते गांव सुकाहर के चलाली में एक टीनपोश पशुशाला में आग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार त्रिलोक सिंह पुत्र हरनाम सिंह की टीनपोश गौशाला में अचानक आग लग गई, जिससे गौशाला सहित उसके अंदर रखा पशुओं का सूखा चारा आदि जलकर राख हो गए आग पर दमकल विभाग व स्थानीय लोगों की मदद से काबू पाया बरहाल इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। त्रिलोक सिंह के पुत्र प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने इस अग्निकांड पर काबू पाया। हालांकि गाड़ी आगे तक नहीं पहुंच पाई पर विभागीय अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों ने हरसंभव मदद की है। रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में लगभग 50,000 का नुकसान आंका गया।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टेट इलैक्ट्रीसिटी बोर्ड लिमिटेड (सीई जनरल) विंग सुंदरनगर में फिटर (एचवाईडी एमईसीएच) पोस्ट कोड 976 का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया है। इसकी परीक्षा भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने ली थी। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यह परिणाम घोषित किया है। इसमें 25 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं। कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने पिछले 11 सितम्बर को परीक्षा ली थी और इसका परिणाम 2 नवम्बर को घोषित हुआ था। इसमें 13 उम्मीदवारों के लंबित डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन का कार्य पूरा होने के बाद परिणाम घोषित किए गए हैं। पास हुए उम्मीदवारों के नाम नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष प्रेषित कर दिए हैं। परिणाम से संबंधित विस्तृत जानकारी वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
मनोहर हत्याकांड के बाद सलूणी उपमंडल में लगाई धारा 144 को 13 दिन बाद हटा दिया है। उपायुक्त चंबा द्वारा बकायदा अधिसूचना जारी कर दी गई है। धारा 144 के हटने से अब लोगों ने राहत की सांस ली है। इस बीच, किशोर न्याय बोर्ड चंबा/तीसा ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए 3 नाबालिग आरोपियों की जमानत के फैसले को 1 जुलाई तक सुरक्षित रखा है। पुलिस ने बोर्ड के समक्ष आरोपियों को जमानत न देने की अपील की। इसके बाद बोर्ड ने जमानत का फैसला 1 जुलाई तक सुरक्षित रखा। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन आरोपी 18 साल से कम आयु के हैं। पुलिस ने नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय बोर्ड चंबा/तीसा के समक्ष पेश किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि किशोर न्याय बोर्ड चंबा/तीसा ने एक जुलाई तक फैसला सुरक्षित रखा है।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि राज्य के ऊना जिले में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क को मूर्त रूप प्रदान करने के लिए सभी संबंधित विभाग कड़ी मेहनत करें। हर्षवर्धन चौहान आज इस कार्य के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की दूसरी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बल्क ड्रग पार्क के कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करते हुए इन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, आंतरिक सड़क आधारभूत ढांचे जैसी बुनियादी आवश्यकताओं का तुरंत विकास किया जाना चाहिए। उन्होंने पार्क में निरंतर जल आपूर्ति बनाए रखने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर भी बल दिया। बैठक में जलशक्ति विभाग को भी जलापूर्ति से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क में सतत् जल उपलब्धता के लिए क्षेत्र के भूमिगत जल स्तर के पुनर्भरण और रखरखाव के लिए जलशक्ति विभाग को 11.75 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से पार्क में स्थायी विद्युत आपूर्ति की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए और कहा यह मामला पहले ही बोर्ड के अधिकारियों के समक्ष उठाया जा चुका है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड को बल्क ड्रग पार्क के लिए बाह्य विद्युत बुनियादी ढांचे का निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क के भीतर आवश्यक मशीनरी के परिवहन के दृष्टिगत आंतरिक सड़क निर्माण को समयबद्ध पूर्ण करने तथा पार्क के प्रशासनिक ब्लॉक के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा। उद्योग मंत्री ने जिला हमीरपुर की भोरंज तहसील के जाहू और बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के भदरोग में लगभग 40 बीघा भूमि पर दो नए औद्योगिक क्षेत्रों की घोषणा की। इससे पूर्व निदेशक उद्योग एवं बल्क ड्रग पार्क की राज्य संचालन एजेंसी के प्रबन्ध निदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश प्रजापति ने बल्क ड्रग पार्क के संबंध में वर्तमान कार्यों को इंगित करती एक विस्तृत प्रस्तुति दी।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज मंडी जिला के अंतर्गत निर्माणाधीन कीरतपुर-मनाली फोरलेन सड़क मार्ग के पंडोह से टकोली खंड के कार्य की प्रगति की समीक्षा की। फोरलेन का यह कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जाउगी में स्थापित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के नियंत्रण कक्ष का दौरा किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने राज्यपाल को विभिन्न सुविधाओं और अन्य नियंत्रण प्रणाली से अवगत करवाया। राज्यपाल ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अटल टनल का निर्माण राज्य के विकास में एक अनूठी पहल है और अब इस फोरलेन परियोजना से भी राज्य के पर्यटन विकास सहित अन्य क्षेत्रों को लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा इस परियोजना के पूरा होने के बाद सड़क मार्ग की दूरी कम होने के साथ-साथ राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने इस विकास परियोजना को स्वीकृत करने तथा राज्य के लिए क्रियान्वित करने के लिए केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया। राज्यपाल ने कहा कि कीरतपुर से मनाली तक की यह फोरलेन परियोजना प्रधानमंत्री का 'ड्रीम प्रोजेक्टÓ शीघ्र पूरा होने वाला है और इससे हिमाचल में विकास को और गति मिलेगी।
सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएनएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंधक निदेशक नंद लाल शर्मा ने आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री से एसजेवीएनएल द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं के बारे में चर्चा की। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि एसजेवीएनएल ने 210 मेगावाट क्षमता की लुहरी चरण-1 परियोजना, 66 मेगावाट क्षमता की धौलासिद्ध और 382 मेगावाट क्षमता के सुन्नी डैम का निर्माण कार्य प्रदेश सरकार के साथ इम्प्लीमेंटेशन एग्रीमेंट किए बिना आरंभ कर दिया है। उन्होंने इस पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इसके बारे में बार-बार आग्रह किए जाने के बावजूद एसजेवीएनएल ने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कोई कदम नहीं उठाया है। इसी कारण प्रदेश सरकार ने एसजेवीएनएल को नोटिस जारी किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एसजेवीएनएल की जल विद्युत परियोजनाओं में प्रदेश को 20, 30 और 40 प्रतिशत की दर से रॉयल्टी प्रदान की जाए। वर्तमान में 12 वर्ष के लिए 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्ष के लिए 18 प्रतिशत और अन्तिम 10 वर्ष के लिए 30 प्रतिशत की दर से रॉयल्टी प्रदान करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की निर्माण लागत पूर्ण हो चुकी है उनमें रॉयल्टी 30 प्रतिशत की दर से प्रदान की जाए तथा परियोजना कार्यशील होने के 40 वर्षों की अवधि के उपरांत इन्हें प्रदेश सरकार को हस्तांतरित कर दिया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की नदियों में बहने वाला जल प्रदेश का अमूल्य संसाधन है। जल विद्युत परियोजनाओं द्वारा इस संसाधन का दोहन तो किया जा रहा है, परंतु प्रदेशवासियों को अब तक उससे वांछित लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने जल उपकर के मुददे पर भी विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव सुन्दर सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।
कांगड़ा जिले के 15 स्वास्थ्य संस्थानों में अब नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के तहत बनी जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक के उपरांत दी। उपायुक्त कार्यालय में आज (बुधवार) को आयोजित इस बैठक में जिला नार्कोटिक्स समन्वय समिति की संयोजक पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री भी उपस्थित रहीं। डॉ. निपुण जिंदल बताया कि पहले चरण में जिला कांगड़ा में 15 जून से 8 स्वास्थ्य संस्थानों में नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की गई थीं। जिनमें जोनल अस्पताल धर्मशाला के साथ सिविल अस्पताल ज्वालामुखी, कांगड़ा, शाहपुर, नूरपुर, इंदौरा फतेहपुर और पालमपुर में यह सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इन अस्पतालों में शुरु की गई नशा मुक्ति क्लीनिक का लोग लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया इन सभी अस्पतालों में कि अभी तक हुई दो ओपीडी में नशे से पीड़ित 33 लोग परामर्श ले चुके हैं और अपना उपचार करवा रहे हैं। डीसी ने बताया कि जिले में अब 7 अन्य अस्पतालों में भी नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरु की जाएंगी। जिनमें देहरा, बैजनाथ, थुरल, फतेहपुर, जवाली, डाडासीबा और जयसिंहपुर के सिविल अस्पतालों शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले के इन सभी 15 अस्पतालों में ये सेवाएं हर हफ्ते 2 दिन शुक्रवार और शनिवार को दोपहर बाद 2 से 4 बजे तक मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इन संस्थानों में नशा मुक्ति के मामलों को डील करने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक और स्टाफ उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इस संस्थानों में नशा मुक्ति से जुड़ी सभी दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाई जाएंगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल (डॉ.) धनीराम शांडिल 29 जून को सोलन ज़िला के प्रवास पर आ रहे हैं। कर्नल शांडिल 29 जून को प्रात: 11.30 बजे नालागढ़ उपमंडल के बद्दी स्थित आईईसी विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज इंदिरा गांधी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी) शिमला में आयोजित अलाइड हेल्थ साइंस स्टूडेंट्स के वार्षिक समारोह 'इन्फ्यूजन-2023Ó के अवसर पर स्टेट अलाइड एंड हेल्थकेयर कॉउन्सिल के नवनिर्मित ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं नवीनीकरण पोर्टल का शुभारंभ किया। इस कॉउन्सिल का गठन हिमाचल प्रदेश पैरामेडिकल कॉउन्सिल का पुनर्गठन करके किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण पर कांसेप्ट पेपर तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत पैरामेडिक्स के अन्य वर्गों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल की मदद से हजारों अलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स को बहुआयामी लाभ मिलेंगे। प्रोफेशनल्स घर बैठे इस पोर्टल के माध्यम से काउंसिल में नए रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन, रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण, अनापत्ति प्रमाण पत्र, आवेदन तथा अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अलाइड हैल्थकेयर प्रोफेशनल्स के सुधार के लिए तकनीक का उपयोग करने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इस पहल से सरकार की ई-गवर्नेंस की महत्वकांक्षी परियोजनाओं को पूरा करने और राज्य को डिजिटल शक्ति से संपन्न समाज में बदलने में सहायता मिलेगी। यह पोर्टल वेरिटोस इन्फोसोलूशन्स द्वारा एडवांस टेक्नोलॉजी की मदद से बहुत ही सहज और प्रभावशाली ढंग से तैयार किया गया है। इस पोर्टल की मदद से काउंसिल का कार्य पूर्ण रूप से कागजमुक्त हो जायेगा तथा काउंसिल की कार्यक्षमता को बढ़ावा मिलेगा। परिषद के पुराने रिकॉर्डोंं को डिजिटल बनाया गया है और आवेदनों की शीघ्र प्रोसेसिंग के लिए सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। लगभग 9 हजार एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स को अब काउंसिल में आने की आवश्यकता नहीं होगी और सभी प्रकार के आवेदनों की स्थिति ऑनलाइन ही प्राप्त की जा सकेगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और नवीनीकरण पोर्टल एक सरल और पूर्णतया ऑनलाइन पोर्टल है। इसके अलावा, सत्यापन प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद, परिषद प्रत्येक एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स को एक क्यूआर कोड आधारित स्मार्ट कार्ड और प्रमाणपत्र प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि कॉउन्सिल द्वारा यह पहल पर्यावरण के प्रति संवेदनशील है क्योंकि इससे हर साल लगभग 70 हजार पेपर, 150 से ज्यादा पेड़ और लाखों लीटर पानी की बचत होगी। डिजिटलीकरण प्रक्रिया से परिषद को एलाइड हेल्थ प्रोफेशनल्स के लिए सेवाओं के तरीके में मूलभूत परिवर्तन सुनिश्चित होगा। इस पहल से सरकार संसाधनों की लागत कम करने और परिषद के संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिकीकरण और प्रगति का प्रतीक भी बना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए विद्यार्थियों को एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा आधारभूत ढांचे के सृजन के लिए आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न प्रोफेशनल के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, आईजीएमसी के प्रधानाचार्य एस.एस.सोढी, चिकित्सा अधीक्षक राहुल राव, स्टेट अलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल के सचिव विनोद चौहान, वरिष्ठ अधिकारी व अलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स तथा विद्यार्थी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और लोक कल्याणकारी योजनाओं पर एक मीडिया कार्यशाला एवं तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार 28 जून को बिलासपुर में किया गया। भारत सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो ने इस प्रदर्शनी का आयोजन किया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन बिलासपुर के किसान भवन में जिले की अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल ने किया। भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक विवेक वैभव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने प्रदर्शनी में दर्शायी गई योजनाओं एवं उपलब्धियों के बारे में डॉ निधि पटेल को विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर आईटीआई बिलासपुर के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे। प्रदर्शनी में पिछले 9 वर्षों में देश में विभिन्न क्षेत्रों में हुई अभूतपूर्व प्रगति की झलक दर्शाई गई है जिसमें राजमार्गों के निर्माण, देश में हुई आर्थिक तरक्क़ी, कृषि क्षेत्र और कृषि कल्याण के लिए उठाये गये कदम, स्टार्ट अप क्षेत्र में भारत की तरक्क़ी, गरीब कल्याण योजना, हर घर जल योजना जैसी जैसी योजनाओं और उपलब्धियों की झलक प्रमुख हैं। प्रदर्शनी स्थल पर शिमला और बिलासपुर से आये सांस्कृतिक दलों ने मनोरंजक संगीतमय प्रस्तुति दी। छात्र समूहों के लिए चित्रकला, नारा लेखन एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। 30 जून तक यह प्रदर्शनी स्थानीय किसान भवन परिसर में जारी रहेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश नि:शुल्क है।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि लक्षित वर्गों की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करने और पात्र व्यक्तियों को समय पर ऋण प्रदान करने में वित्तीय संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मनमोहन शर्मा आज यहां ज़िला के अग्रणी बैंक यूको बैंक द्वारा निर्धारित जिला सलाहकार समीति की 171वीं त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्तर पर आर्थिकी को सुदृढ़ करने में बैंक सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि ज़िला के आमजन तक वित्तीय योजनाएं पंहुचाने के लिए सशक्त एवं प्रभावी प्रचार सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला के गांव-गांव में वित्तीय योजनाओं के प्रचार के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जन-धन खाते में आधार व मोबाइल सीडिंग निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने भविष्य में बैंकर्स से लाभार्थियों की सूची प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने कृषि तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा तथा पशु बीमा करवाने के लिए किसानों को प्रेरित करें ताकि लाभार्थियों को समय पर इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल अनुसार ग्राम स्तर पर लघु प्रसंस्करण संयत्र स्थापित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएं ताकि किसानों की आर्थिकी मज़बूत करने में सहायता मिल सके। मनमोहन शर्मा ने ज़िला में कार्यरत विभिन्न बैंकों को निर्देश दिए कि लम्बित पड़े ऋण मामलों को शीघ्र निपटाएं। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित करने के लिए प्राप्त आवेदनों का पात्रता अनुसार ऋण शीघ्र स्वीकृत किया जाना चाहिए ताकि युवा उद्यमी समय पर लाभ प्राप्त कर अपना व्यवसाय आरम्भ कर सकें। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह ऋण सम्बन्धी मामलों के अविलम्ब निपटारे के लिए बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करें। उपायुक्त ने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रसंस्करण के माध्यम से उत्पाद की शेल्फ लाईफ बढ़ान की दिशा में कार्य किया जाना आवश्यक है। इस दिशा में यूको आरसेटी को कृषि व्यवसाय से सम्बन्धित प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ करने की सम्भावनाएं तलाशनी चाहिएं। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (यूको आरसेटी) को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने चाहिएं जो युवाओं को रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर प्रदान कर सकें। यूको आरसेटी को विभिन्न विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविर तथा केसीसी मेलों का आयोजन समय-समय पर करते रहना चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न उत्पादों के बेहतर विपणन में आकर्षक पैकेजिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि यूको आरसेटी को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यान्वित करने चाहिएं जो विपणन एवं आकर्षक पैकेजिंग की जानकारी दे सकें। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं से आग्रह किया कि प्राप्त जानकारी का उपयोग कर ऐसे विशिष्ट उत्पाद तैयार करें जो विभिन्न स्तरों पर अपनी अलग पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता के साथ पैकेजिंग भी आवश्यक है। भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक भरत राज आनंद ने बैंकों को समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा इनकी अनुपालना का आग्रह करते हुए सभी बैंक अधिकारियों से खंड स्तरीय कार्यशाला तथा प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल तथा उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग के कार्यों के प्रति जिम्मेदार रहें तथा सम्बन्धित विभाग इस योजना के तहत अपने-अपने क्षेत्रों में तेजी से कार्यों का निर्वहन करें। एडीसी बुधवार को डीआरडीए के सभागार में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाने हेतु आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला में एनजीटी के तहत गठित कमेटियों द्वारा किये गए कार्यों की समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि पर्यावरण में स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की और से सॉलिड वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, ई-वेस्ट तथा कंस्ट्रक्शन आदि के प्रबंधन के लिए जो नियम बनाए गये हैं उनका सफल तरीके से क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें। एडीसी ने कहा कि जिला के नदी-नालों में प्रदूषण, अवैध डंपिंग और अवैध खनन को रोकने के लिए सभी संबंधित अधिकारी कदम उठाएं तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस एवं तरल कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के तहत जिला में स्वास्थ्य सुविधाओं, जिला में बायो मेडिकल वेस्ट की मात्रा व उनका प्रबंधन, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने आदि बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ वरुण गुप्ता ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज मंडी में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में छह बच्चों को जिला रेडक्रॉस के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान की। ये बच्चे कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान अनाथ हो गए थे। उन्होंने रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को स्वास्थ्य किट और दिव्यांग व्यक्तियों को व्हील चेयर भी प्रदान की। इस अवसर पर राज्यपाल ने एक एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लाभार्थियों और रेडक्रॉस स्वयं सेवकों के साथ बातचीत करते हुए राज्यपाल ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में यह अग्रणी संस्था है। विभिन्न परिस्थितियों और आपातकालीन समय में लोगों को महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान करने में इस रेडक्रॉस का सराहनीय योगदान है। उन्होंने रेडक्रॉस के माध्यम से रक्तदान शिविरों के आयोजन, स्वास्थ्य शिविरों तथा आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी रेडक्रॉस स्वयं सेवकों ने बहुमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों का जिला रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़ने का आह्वान किया ताकि इसकी गतिविधियों को और अधिक विस्तारित किया जा सके। उन्होंने कहा कि एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कोविड-19 के कारण अनाथ हुए सरकाघाट के कुशल कुमार और विशाल तथा जोगिंदरनगर के अंश दीप को 51-51 हजार रुपये और करसोग की कुमारी ममता देवी और जोगिंदरनगर की परी रानी और सोफिया को 75-75 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी भाटिया ने राज्यपाल का स्वागत किया और जिले में कार्यान्वित की जा रही सोसाइटी की विभिन्न गतिविधियों से अवगत करवाया। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल, विधायक अनिल शर्मा और पूर्ण चंद, उपायुक्त अरिंदम चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इससे पहले राज्यपाल ने परिधि गृह मंडी के परिसर में देवदार तथा लेडी गवर्नर ने आंवले का पौधा रोपित किया।
हिमाचल प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में समग्र सुधार के लिए वर्ल्ड बैंक लगभग 1600 करोड़ रुपये की सहायता देगा। इसकी पहली किस्त अगस्त में मिलेगी। परियोजना की कुल लागत लगभग 2000 करोड़ रुपये है, जबकि इसकी अवधि 2023 से 2028 तक पांच वर्षों की है। यह बात सीएम ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को यहां कही। सीएम ने कहा कि विश्व बैंक बोर्ड ने 27 जून, 2023 को वॉशिंगटन में इस कार्यक्रम को मंजूरी प्रदान की है। इस कार्यक्रम के तहत ऊर्जा क्षेत्र की व्यापक योजना के लिए एकीकृत संसाधन योजना को बढ़ावा देने, मांग प्रतिक्रिया प्रबंधन, जल विद्युत परियोजना परिसंपत्तियों के तकनीकी उपयोग में सुधार करते हुए इन्हें नवीकरणीय ऊर्जा के अन्य स्रोतों से एकीकृत करने और राज्य में उत्पादित बिजली की प्रभावी बिक्री के लिए एकल व्यापार डेस्क की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से राज्य को बिजली की बिक्री से ज्यादा राजस्व मिलेगा। 2000 मेगावाट के सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कार्यक्रम का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरशेन लिमिटेड और हिम ऊर्जा के माध्यम से लगभग 200 मेगावाट की सौर ऊर्जा उत्पादन में नई क्षमताएं स्थापित करना है। राज्य को अपनी विद्युत आवश्यकताओं को पूरा करने दृष्टिगत सर्वोत्कृष्ट व्यापार की अनुमति प्रदान करना महत्वपूर्ण है और ऐसे में यह कार्यक्रम राज्य के भीतर ट्रांसमिशन (एचपीपीटीसीएल द्वारा) और 13 शहरों में वितरण स्तर (एचपीएसईबीएल द्वारा) पर विद्युत नेटवर्क को सुदृढ़ करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगा। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एचपीएसएलडीसी) की प्रणालियों के उन्नयन से विद्युत की मांग और आपूर्ति के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी। इन सभी मध्यस्थताओं के माध्यम से राज्य के भीतर विद्युत आपूर्ति का बेहतर हस्तांतरण विश्वसनियता और गुणवत्ता के आधार पर सुनिश्चित होगा।
उपमंडल रे के अंतर्गत आने वाले गांवों में आजकल बिजली बाधित समस्या काफी हद तक बढ़ गई है। आए दिन कोई न कोई ट्रासफार्मर ओवरलोडिंग के कारण जल जाता है। इससे लोगों को गर्मी के इन दोनों में काफी समस्या हो रही है। ग्राम पंचायत भोग्रवां में पिछले ही दिनों दो ट्रासफार्मर जल गए थे, जिसे विभाग द्वारा बदल दिया गया है। जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता मंडल फतेहपुर अमन चौधरी ने बताया कि 2 दिनों में भोग्रवां में दो ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के कारण जल गए थे, जिन्हें की बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपनी मोटरों को ऑटोमेटिक मोड पर रखा है , जिसके कारण ओवरलोडिंग हो जाती है और ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इस कार्य को रोकने के लिए निरीक्षण टीमें तैयार कर ली गई हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब जिस भी व्यक्ति की मोटर ऑटोमेटिक मोड पर पाई गई तो उन्हें भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है जिनकी भी मोटर ऑटोमेटिक मोड पर है, उसे समय रहते बदल दे नहीं तो उन्हें भारी रकम जुर्माने के रूप में भुकतनी पड़ सकती है।
ज्वालामुखी के अंतर्गत देहरियां में बुधवार को स्कूटी की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 92 वर्षीय बुजुर्ग शेर सिंह पुत्र रसीला राम, निवासी डोहग देहरियां अपने घर के पास मुख्य सड़क किनारे पैदल चल रहे थे कि अचानक ज्वालामुखी से रानीताल की तरफ जा रहे एक स्कूटी चालक ने उन्हें सामने से टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल शेर सिंह की आरपीजीएमसी टांडा में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
पुलिस थाना पालमपुर की पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति से 19 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान सागर शर्मा पुत्र नरेश, निवासी गांव खड़ौत पो बल्ला, थाना भवारना, तहसील पालमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दाड़लाघाट में दी अमृत धारा दुग्ध उत्पादन समिति द्वारा थैली बंद दूध की लांचिंग की। अमृत धारा दुग्ध उत्पादन समिति एवं विपणन सहकारी समिति दाड़लाघाट ने अपना 500 मिली का पैकेट मार्केट में उतार दिया। इसकी पैकिंग को सफेद रंग दिया गया है। दाड़लाघाट के सुलग में महिला डेयरी किसान अपनी उत्पादक कंपनी के पहले प्रोडक्ट अमृतधारा दूध के पैकेट का बुधवार को मिल्क प्लांट में आयोजित समारोह के दौरान अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन की राष्ट्रीय सीईओ पर्ल तिवारी और अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के मुख्य निर्माण अधिकारी नॉर्थ जोन मनोज जिंदल ने दूध की पैकिंग को विधिवत लांच किया। एफएसएसआई के मानकों के अनुसार अमृतधारा दुग्ध उत्पादक समिति की संस्थापक शांता शर्मा व रेनू ठाकुर ने बताया कि अंबुजा कॉलोनी व दाड़लाघाट के आसपास इसकी बिक्री आज से ही शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि समिति ने दूध को 500 मिलीलीटर के पैकेट में उतारा है,इनकी कीमत बाजार में बिक रहे दूध के समान होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में समिति 1000 लीटर दूध का एकत्रीकरण व वितरण कर रही है। मनोज जिंदल ने समिति की सदस्यों को पैकेट लांच करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंबुजा कंपनी दुग्ध सहकारी समिति को मजबूत करने के लिए प्रयासरत है। संजय शर्मा,डॉ देवराज शर्मा व भूपेंद्र गांधी ने महिलाओं द्वारा चलाई जा रही दुध डेयरी के कार्य की सराहना की। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयास पर बल देते हुआ कहा कि दूध के अलावा अन्य प्रोडक्ट जैसे घी,पनीर,दही इत्यादि पैकिंग वस्तुओं में भी जल्द बनाई जाएगी जो की एक सार्थक कदम होगा। पर्ल तिवारी ने समिति की शुरुआत के लिए दाड़लाघाट में आमदनी को कैसे बढ़ाया जा सकता है,पर कहा कि पशुपालन का काम पर जलवायु को देखते विकास के मायने से इसे यहां पर स्थापित किया,जो वर्ष 2002 से शुरू होकर आज तक इतने वर्षों में आज दुग्ध उत्पादक समिति ने अपना अमृतधारा दूध का पैकेट लांच लिया, जिसके लिए सभी समिति सदस्य बधाई के पात्र हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से आत्मविश्वास को बनाए रखने,आय के साधन को बढ़ाने के लिए दूध व्यवसाय से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मशरूम,अनारदाना को दूध के व्यवसाय के साथ जोड़ने पर उपस्थित महिलाओं को जोर दिया। कार्यक्रम में अंबुजा सीमेंट लिमिटेड के मुख्य निर्माण अधिकारी नॉर्थ जोन मनोज जिंदल, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के क्षेत्र कार्यक्रम प्रबंधक संजय शर्मा, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी भूपेंद्र गांधी, पशु पालन से डॉ. देवराज शर्मा, वन अधिकारी सत्या देव शुक्ला, आईटीआई प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, प्रबंधक ग्रामीण बैंक विपिन, कृष्ण राजटा, समिति के संस्थापक एवं प्रधान शांता शर्मा, चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रेनू ठाकुर,सदस्य सुलोचना, सुमन, कांता ठाकुर, कृष्णा, रूपा ठाकुर, सुनीता, ऊषा, निर्मला, अमरावती, शकुंतला, आरती सोनी, अजीत कुमार सिंह, मस्त राम, दलीप शर्मा, महेंद्र, मस्त राम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
नगर निगम शिमला के हाउस की बैठक को रद्द करने पर भाजपा व सीपीएम के पार्षद ने कड़ी आपत्ति व्यक्त की है। भाजपा के 9 पार्षदों के साथ सीपीएम के एक पार्षद ने कमिश्नर आशीष कोहली को ज्ञापन सौंपकर इस बैठक को रद्द करने पर आपत्ति व्यक्त की है। पार्षदों ने कहा कि जिस प्रकार से उसकी बैठक को रद्द किया गया है यह सही नहीं है, हमारी आपत्ति है। उन्होंने कहा कि आप बैठक को 1 जुलाई को करने की बात कही जा रही है, हमारी मांग है कि यह बैठक 30 जून को की जानी चाहिए। नगर निगम कमिश्नर को मिलने के बाद भाजपा के पार्षदो में अप्पर ढली से कमलेश मेहता, फागली से कल्याण धीमान, पंथाघाटी से कुसुम ठाकुर, रुल्दुभट्टा से सरोज ठाकुर, कृष्णा नगर से बिट्टू कुमार पाना, कसुम्पटी से रचना शर्मा, पटयोग से आशा शर्मा, न्यू शिमला से निशा ठाकुर ,भराड़ी से मीना चौहान व समरहिल से वरिंद्र ने कहा कि अगर मेयर व्यस्त हैं या बीमार हैं तो उनके स्थान पर डिप्टी मेयर उमा कौशल बैठक को चेयर कर सकते हैं। ऐसे में बैठक को स्थगित करने का सवाल ही पैदा नहीं होता। अब बैठक रद्द की है तो निगम अपनी गलती में सुधार कर इसी माह बैठक करे। उन्होंने कहा कि एमसी के एक्ट में लिखा गया है कि मेयर नहीं है तो डिप्टी मेयर बैठक ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि महीने की बैठक है इसलिए इसी महीने की बैठक को इसी महीने में किया जाना चाहिए, ऐसे आगे बैठक को टाला नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह गलत परंपरा होगी। उन्होंने कहा कि पार्षदों को अपनी बात रखनी है, काम है ऐसे में यदि बैठक को आगे किया जाएगा तो पार्षदों को अपने काम करवाने में भी दिक्कत आएगी। उन्होंने कहा कि कमिश्नर इस विषय पर चर्चा करें और हमारी मांग है कि 30 जून को बैठक को किया जाए। मेयर नहीं आ सकते तो डिप्टी मेयर की अध्यक्षता में इस बैठक को किया जाए। कमिश्नर आशीष ने भाजपा पार्षदों के ज्ञापन को लिया और कहा कि इस पर चर्चा की जाएगी। पार्षदों की भावनाओं को वह समझते हैं।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर नरेंद्र कुमार चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय में प्रधानमंत्री आदि आदर्श ग्राम योजना के तहत भरमौर क्षेत्र में किए जाने वाले विकासात्मक कार्यों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पीएमएएजीवाई के तहत भरमौर विधानसभा क्षेत्र भरमौर के 8 गांव चयनित हुए हैं। इनमें भरमौर, मलकौता, सचुंई, दियोकी, लमणौता, बंडेई, पंजसेई और चौबिया शामिल हंै। उन्होंने कहा कि योजना के चुने गए गांवों को सामाजिक आर्थिक रूप से विकसित करना है। योजना का मुख्य उद्देश्य जनजातीय आबादी वाले गांवों की जरूरतों और आकांक्षाओं के आधार पर एक ग्राम विकास योजना को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि चयनित गांवों में कार्य योजना में स्वास्थ्य, शिक्षा, दूरसंचार व आजीविका जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को शामिल कर एक आदर्श स्तर पर लाना है। योजना के तहत चयनित गांवों को अच्छी और गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं में एक-एक स्मार्ट क्लासरूम भी बनाए जाएंगे और चयनित प्रत्येक गांव में विभिन्न विकासात्मक कार्यों पर 20 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी प्रस्ताव को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी अंकित शर्मा, कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह, कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग दिनेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग धनीराम, कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति विभाग अजय ठाकुर व वन रेंजर अधिकारी तपेंद्र नेगी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में कलेरा मझेवटी के निकट शालून कैंची में एक कार दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। सूचना के अनुसार इस सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान की प्रार्थना की है।
हिमाचल की हरित ऊर्जा राज्य की परिकल्पना को साकार करने के दृष्टिगत राज्य सरकार शिमला शहर और उसके आसपास पर्याप्त चार्जिंंग बुनियादी अधोसंरचना निर्मित करने के लिए प्रयासरत है। शहर में ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए कई अग्रगामी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शिमला को देश की 'ग्रीन सिटीÓ बनाया जा सके। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम ने शिमला शहर में संचालित 70 ई-बसों के लिए पांच नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन चार्जिंग स्टेशनों के लिए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के दृष्टिगत निगम द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के पास लगभग 3.63 करोड़ रुपये की राशि जमा करवा दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की 1500 से अधिक बसों के बेड़े को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों से बदला जाएगा और इसके लिए पर्याप्त चार्जिंग और अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। शिमला में तारादेवी, टूटीकंडी क्रॉसिंग, लालपानी, जुन्गा और ठियोग में नए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इससे शिमला शहर के 40 किलोमीटर के दायरे में संचालित की जा रही बसों को पर्याप्त चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, ढली में स्थापित 1,000 केवीए चार्जिंग स्टेशन की क्षमता को भी बढ़ाकर 2,000 केवीए किया जाएगा। राज्य बिजली बोर्ड अब इन सभी चार्जिंग स्टेशनों के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाएगा। ट्रांसफार्मर स्थापित होते ही ई-बस चार्जर स्थापित कर दिए जाएंगे। नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने के बाद शहर के 40 किलोमीटर के दायरे में ई-बसों का संचालन सुचारू हो जाएगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत, शिमला शहर को हाल ही में 20 ई-बसें प्रदान की गई हैं, जिससे इनकी संख्या 50 से बढ़कर 70 हो गई है। इनमें से छह-छह बसें न्यू शिमला और संजौली सेक्टर को प्रदान की गई हैं और आठ बसें बस स्टैंड क्षेत्र को प्रदान की गई हैं। एचआरटीसी ने अतिरिक्त नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने के लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। सभी 70 ई-बसें शहर के स्थानीय रूट पर ई-बसें संचालित की जाएंगी, जिससे राजधानी में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली पूरी तरह से ई-परिवहन सुविधा में बदल जाएगी और शिमला शहर के वातावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने में यह सहायक सिद्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग निरंतर प्रगति कर रहा है और राज्य सरकार ने भी हिमाचल में इलेक्ट्रिक गतिशीलता को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं और प्रोत्साहन शुरू किए हैं। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य में पारंपरिक जीवाश्म ईंधन के उपयोग करने वाले वाहनों की संख्या में कमी कर वातावरण को कार्बन उत्सर्जन से मुक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शिमला शहर के अलावा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों पर विद्युत चालित वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में कई पहल की हैं और जिला स्तर पर इसके लिए भूमि की पहचान करने की एक स्थायी प्रक्रिया शुरू की गई है।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में मंगलवार रात्रि को फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें बीएड के द्वितीय सत्र के विद्यार्थियों ने चतुर्थ सत्र के विद्यार्थियों को विदाई दी। इस समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल और उपाध्यक्ष कमलेश पटियाल डॉ. वीना भट्ट और डॉ. आनंद वडेरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस विदाई समारोह में मिस फेयरवेल डिंपी और मिस्टर फेयरवेल परमेश को चुना गया। वहीं मिस पर्सनैलिटी अनामिका जरियाल और मिस्टर पर्सनैलिटी रोहित कुमार, मिस ब्यूटीफुल आंचल और मिस्टर हैंडसम राहुल को चुना गया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है और कॉलेज का नाम रोशन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस विदाई समारोह में डॉ. कपिल कुमार वर्मा, डॉ. अश्विनी शर्मा और मिस्टर सचिंद्र कुमार के साथ सभी अध्यापक वर्ग भी वहां उपस्थित रहे।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने एशियन पैरा वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2023 में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान जा रहे हिमाचल के पैरावॉली खिलाड़ी अजय कुमार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा की ओर से 21 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने अजय को राष्ट्रीय ध्वज भी भेंट किया। इसके अलावा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल संस्था ने भी अजय कुमार को अपनी ओर सहायता राशि भेंट की। डॉ. निपुण जिंदल ने बुधवार को अपने कार्यालय में अजय कुमार से मुलाकात की और उन्हें अपनी और सभी जिलावासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अजय का दिव्यांगता की सीमाओं को पार कर देश के लिए खेलने का जज्बा प्रेरणादायी है। उन्होंने कामना की कि अजय अपने खेल से कीर्तिमान स्थापित कर विदेश में देश-प्रदेश का नाम ऊंचा करें। जिलाधीश ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन सदैव दिव्यांग खिलाड़ियों की सहायता और प्रोत्साहन के लिए समर्पित है। बता दें, चंबा जिला से संबंध रखने वाले अजय कुमार एशियन पैरा वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2023 में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान जा रहे हैं। ये चैंपियनशिप 2 से 8 जुलाई तक खेली जाएगी। अजय कुमार ने जिलाधीश तथा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल का आभार जताते हुए कहा कि भारत देश के लिए खेलना उनका बचपन का सपना है और इसे साकार करने में मदद के लिए वे सभी के कृतज्ञ हैं। अजय ने कहा कि एक साधारण परिवार से होने के चलते उनके लिए विदेश खेलने जाना आर्थिक रूप से कठिनाई भरा है। ऐसे में मदद की दरकार है। इस सहायता से न केवल वे बल्कि अन्य दिव्यांगजनों को भी खेलों में आगे बढ़ने का साहस मिलेगा। उल्लेखनीय है कि अजय कुमार 7 से 9 अप्रैल तक तमिलनाडु में हुई नेशनल फेडरेशन कप सिटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम के कप्तान थे। इससे पहले वे 3 से 6 फरवरी को तंजावुर इंडोर स्टेडियम में हुई 11वीं नेशनल सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल की टीम के उपकप्तान भी रहे। उन्होंने इस चैंपियनशिप में हिमाचल को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा तथा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
कुल्लू जिला की मणिकर्ण घाटी के शुंकचंग टॉप पर आसमानी बिजली गिरने से 60 भेड़-बकरियों की मौत हो गइ, जबकि भेड़ पालक घायल हो गया है। यह दुखद घटना रात करीब ढाई बजे पेश आई। घटना के दौरान भेड़ पालक भी इसकी चपेट में आ गया है और वह घायल हो गया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गाडगी गांव का सोनू कुमार क्षेत्र में अपनी भेड़- बकरियां चराने गया हुआ था कि रात करीब ढाई बजे आसमानी बिजली गिरी, जिस कारण भेड़ पालक को काफी नुकसान हुआ है। पशुपालन विभाग के उप निदेशक विशाल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और विभाग की टीम क्षेत्र में मौके पर जाएगी और घटना का निरीक्षण करेगा व नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल में मौसम से बिगड़े मिजाज के बीच लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। शिमला जिला के रामपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है इस हादसे में तीन युवकों व एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल है। यह हादसा आज सुबह हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार रामपुर में कलेडा-मझेवटी में शलुन कैंची के पास एक आल्टो कार खाई में गिर गई। इस कार में पांच लोग सवार थे। इनमें से तीन युवकों व एक युवती की मौत हो गई है, जबकि एक लड़की घायल है। ये सभी बारात में गए थे और सुबह वापस लौट रहे थे। मृतकों की पहचान अविनाश मांटा (24) पुत्र देवेंद्र मांटा निवासी चाकली, देवठी रामपुर, सुमन (22) पुत्र भाग चंद निवासी कूखी दरकाली रामपुर, हिमानी (22) पुत्री दिलीप सिंह निवासी कूखी दरकाली रामपुर, व संदीप (40) पुत्र चैत राम निवासी कूखी दरकाली रामपुर के रूप में हुई है। जबकि शिवानी पुत्री दलीप निवासी कूखी दरकाली घायल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जिला शिमला के रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में चार लोगों ने अपनी जान गवां दी है जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के अनुसार रामपुर के शलून कैंची के पास ऑल्टो कार HP06B-3901 सड़क से 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। मृतकों में तीन लोग एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान अविनाश मांटा उम्र 24 वर्ष पुत्र देविंद्र मांटा निवासी गांव चकली डाकघर दियोठी रामपुर शिमला, सुमन उम्र 22 वर्ष पुत्र भाग चंद गांव कुकही डाकघर दरकाली तहसील रामपुर जिला शिमला, हिमानी उम्र 22 वर्ष पुत्री दलीप सिंह गांव कुकही डाकघर दरकाली तहसील रामपुर जिला शिमला और संदीप उम्र 40 वर्ष पुत्र चेत राम गांव कुकही डाकघर दरकाली तहसील रामपुर जिला शिमला के तौर पर हुई है। हादसे में शिवानी उम्र 22 वर्ष पुत्री दलीप कुमार गांव कुकही डाकघर दरकाली तहसील रामपुर जिला शिमला घायल है।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था हिमाचल प्रदेश में नशा उन्मूलन अभियान में राज्य सरकार का सहयोग करेगी। इस संबंध में आज प्रदेश सरकार और आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के बीच शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। प्रदेश सरकार की ओर से सचिव प्रशासनिक सुधार सी. पालरासु और संस्था की ओर से वी.पी.एस. राणा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर मुख्यंमत्री ने कहा कि प्रदेश के लिए यह समझौता काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इस अभियान के तहत आध्यात्मिक गुरू श्री श्री रवि शंकर की संस्था आर्ट ऑफ लिविंग राज्य सरकार का नशा उन्मूलन में पूर्ण सहयोग करेगी और व्यय भी संस्था ही वहन करेगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत नशा उन्मूलन के साथ-साथ राज्य के सतत् पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक आजीविका मॉडल, समुदाय आधारित पर्यटन, हर्बल वैलनेस, सामुदायिक वन प्रबंधन, आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों में भी राज्य सरकार का सहयोग करेगी। हिमालय उन्नति मिशन के मुख्य सलाहकार और ट्रस्टी एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) वीपीएस राणा ने बताया कि यह प्रदेश सरकार की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि संस्था को सरकार के साथ मिलकर प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के सतत् विकास के लिए एक आधिकारिक सहयोगी के तौर पर कार्य करने का अवसर मिला है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन आरएस बाली, विधायक केवल सिंह पठानिया, अजय सोलंकी, सुदर्शन बबलू, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, चेयरमैन रेरा, डॉ. श्रीकांत बाल्दी, आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से दर्शक हाथी, अभय शर्मा व हितेश कुमार भी उपस्थित थे।
जर्मनी के बर्लिन में स्पेशल ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर स्वदेश लौटने पर स्पेशल खिलाड़ियों का दिल्ली में विशेष रूप से स्वागत किया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर जैसे ही यह खिलाड़ी पहुंचे तो वहां इन बच्चों के अभिभावक व स्पोर्ट्स पदाधिकारियों ने इनका फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। शाम को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा इन खिलाड़ियों व कोचिंग स्टाफ के लिए एक सम्मान समारोह व रात्रिभोज आयोजित किया गया। पूर्व राष्ट्रपति ने इन सभी खिलाड़ियों व साथ गए कोच व अन्य स्टाफ को सम्मानित किया। पूर्व राष्ट्रपति ने सभी खिलाड़ियों व अन्य स्टाफ को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि देश के लिए बड़े गौरव की बात है कि स्पेशल बच्चे स्पेशल ओलंपिक जर्मनी से 202 मेडल जीतकर लाए। इस अवसर पर सांसद व पूर्व किर्केट खिलाड़ी गौतम गंभीर, चेयरमैन स्पेशल ओलंपिक मल्लिका नड्डा व अन्य मौजूद रहे। जिला सोलन के अर्की डुमेहर से बास्केटबॉल के स्पेशल कोच के तौर पर भारतीय टीम को गोल्ड दिलाने वाले राजकुमार पाल ने बताया कि भारत के 198 खिलाड़ियों ने 16 विभिन्न स्पर्धाओं बास्केटबॉल, वॉलीबाल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टैनिस, जूडो, एथलेटिक्स आदि खेेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 202 मेडल जीते हैं। इनमें 76 गोल्ड, 75 सिल्वर व 51 ब्रांज मेडल हैं।
सोमवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे शाहपुर के नजदीक सारनु में ईंटों से भरा ट्रक पलट गया, जिसके कारण ईंटें नेशनल हाइवे पर बिखर गईं। ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि ये ट्रक पठानकोट से पालमपुर जा रहा था। सारनु में जब ट्रक पहुंचा तो उतराई उतरते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया। अचानक ब्रेक मरने पर ईंटों से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक में लगभग चार हजार ईंटें लोड थीं। गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर और परिचालक सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर पुलिस थाना शाहपुर की टीम भी रवाना हो गई है। मौके पर पहुंचे एएसआई अश्वनी शर्मा ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और परिचालक सुरक्षित हैं। मौके पर पहुंची टीम जांच में जुटी है। ईंटों से भरा ये ट्रक पठानकोट से पालमपुर जा रहा था। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से प्रदेश में भारी बारिश से हो रहे नुकसान की भरपाई के लिए तुरंत विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश में सड़कों, पुलों के साथ फसलों को भारी नुकसान हुआ है। केंद्र से इस नुकसान का आकलन करने के लिए एक केंद्रीय टीम भी जल्द प्रदेश में भेजने को कहा है। प्रतिभा सिंह ने अधिकारियों से प्रदेश में हुए भूस्खलन, सड़कों और फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने व नुकसान की पूरी रिपोर्ट भेजने को कहा हैं। उन्होंने कहा है कि लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। प्रतिभा सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र मंडी में हुई भारी बारिश से हुए जानमाल, सड़कों व फसलों के नुकसान की पूरी रिपोर्ट भी जिला प्रशासन मंडी, कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर व शिमला से मांगी है। इस रिपोर्ट को वह केंद्र के समक्ष रखेंगी।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली विधानसभा के तहत हरोली से कांगड़ तक ब्रिस्क वॉक वॉक फार लाइफ-नशे के विरुद्ध एक पहल कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा कि हरोली विधानसभा के तहत आज नशे के खिलाफ शंखनाद हुआ है। उन्होंने कहा कि इशकी गूंज प्रदेश और देश के विभिन्न भागों तक पहुंचेगी। करीब तीन किलोमीटर लंबी ब्रिस्क वॉक के पश्चात हरोली के कांगड़ मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित कहते हुए उन्होंने कहा कि हर घर को नशे के खिलाफ जोड़ा जाएगा और जन सहयोग से नशे को जड़ से मिटाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा में आयोजित इस मेगा इवेंट से आम लोगों ने जुड़कर संकेत दिया है कि समाज नशे के खिलाफ एकजुट है। नशा माफिया, तस्करों और दलालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हरोली विधानसभा पंजाब की सीमा के साथ सटा हुआ क्षेत्र होने के चलते नशा तस्करी आदि के लिए संवेदनशील है। इसलिए विधानसभा क्षेत्र में ब्रिस्क वॉक जैसा मैगा इवेंट आयोजित कर देश-प्रदेश को संदेश दिया गया है कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के लोग नशे को किसी भी सूरत में बर्दाशत नहीं करेंगे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से अपील की कि कानून में सख्त से सख्त प्रावधानों का मामला वह केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की कृपा करें ताकि चिट्टा आदि सिनथेटिक ड्ग्स से निपटने के लिए सहायता मिल सके।
मंगलवार को दोपहर बाद सिविल अस्पताल इंदौरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई व आवश्यक उपकरणों की खरीद एवं रखरखाव हेतु बैठक में डॉक्टर वरुण शर्मा ने वित्त वर्ष 2022 - 23 में खर्च हुई राशि का मदवार ब्यौरा प्रस्तुत किया। बीएमओ डॉक्टर संदीप महाजन ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए रोगियों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करने के उपरांत आवश्यक उपकरणों की खरीद एवं रखरखाव हेतु अनुमानित 26 लाख रुपये राशि का बजट सभा में प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। इस अवसर पर एसडीएम. इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदरशन सिंह, प्रधान भोपाल कटोच, बीडीसी जसवीर कटोच, डॉक्टर राजीव, अधिवक्ता संदीप कटोच, अनिल कटोच डॉली सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
उपमंडल जयसिंहपुर के तहत भाजपा मंडल जयसिंहपुर कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत आज भाजपा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान मौजूद रहे। रविंद्र धीमान ने कार्य क्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित करके की। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण में मोदी जी के संबोधन को भी सुना। रविंद्र धीमान ने अपने संबोधन में कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपने बूथ को मजबूत करना है और भाजपा संगठन के साथ आगे बढ़ती है उन्होंने कहा कि चुनाव के अंतिम लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी जाती है। धीमान ने कहा कि बूथ को मजबूत कर भाजपा एक बार फिर साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करके जीत की हैट्रिक लगाएगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान के साथ मंडल अध्यक्ष राम रतन, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य विनोद शर्मा, महिला मोर्चा के साथ अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को लिखा पत्र। अविनाश राय खन्ना ने अपने पत्र में लिखा कि मंै आपकी जानकारी में लाना चाहता हूं कि नादौन, जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश में श्री ध्यानू भगत जी का मंदिर स्थित है। श्री ध्यानू भगत जी, जो कि माता बालासुंदरी देवी के प्रबल भक्त थे। ऐसा कहा जाता है कि भक्त ध्यानू भगत ने माता बालासुंदरी देवी जी को अपना सिर अर्पित कर दिया था। जब माता बालासुंदरी देवी जी ने उनके हाथों से भोजन प्रसाद लेने और उनकी कई प्रार्थनाओं को स्वीकार नहीं किया था। उनके इस बलिदान से प्रशन्न होकर माता ने आदेश दिया की उनके दर्शन करने से पहले ध्यानू भगत को प्रणाम करें, उसके पश्चात मेरे दर्शन होंगे। श्री ध्यानू भगत जी के मंदिर की बहुत ही मान्यता है। यहां पर हमेशा श्रद्धालुओं का शैलाब उमड़ा रहता है। लेकिन इस मंदिर की हालत बहुत ही खराब है। अत: आपसे निवेदन है कि इस मंदिर की विशेषता और मान्यता को देखते हुए पुन: निर्माण कराने की कृपा करे।
हिमाचल के जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी विश्वविद्यालय में 29 जून को पांचवें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल शिरकत कर रहे हैं वहीं, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मुख्य संसदीय सचिव एवं दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी आमंत्रित हैं। इसके अलावा दीक्षांत समारोह में शिक्षा और औद्योगिक जगत से संबंधित अन्य अतिथि व गणमान्य मौजूद रहेंगे। दीक्षांत समारोह में पीएचडी, स्नातकोत्तर और स्नातक स्तर की पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों ने बताया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव जयसिंहपुर के आयोजन को लेकर उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जयसिंहपुर अभिषेक भास्कर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक यादविंद्र गोमा विशेष रूप से उपस्थित रहे। गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा लोगों की आस्था और जन भावनाओं का उत्सव है और इसके गौरव तथा आकार को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्सव में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाए तथा उत्सव को अधिक आकर्षक तथा मनोरंजक बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, मनोरंजन खेलों और प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाये। गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा उत्सव का मुख्य आकर्षण रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन है। उन्होंने कहा कि इस बार पुतलों की ऊंचाई 45 फुट तक बढ़ाई जाएगी और आतिशबाजी को और अधिक आकर्षक बनाया जायेगा। उन्होंने ने कहा कि जयसिंहपुर का राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाले बड़े उत्सवों में शामिल है और और इसके महत्व और पहचान को बरकरार रखने के उत्सव को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। विधायक ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता देवेंद्र बुशैहरी ने भाजपा द्वारा पिछले दिनों राज्यपाल को दिए गए ज्ञापन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाल ही में चंबा में हुए मनोहर हत्याकांड पर भाजपा बेवजह राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रही है तथा इस शांत प्रदेश में सांप्रदायिकता का जहर घोलने का काम कर रही है। देवेंद्र बुशैहरी ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल अपराधियों को राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेल की सलाखों में डालकर उचित कार्रवाई करने के आदेश कर दिए थे तथा मुख्यमंत्री ने स्वयं इस प्रकरण का कड़ा संज्ञान लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकरण पर समय रहते उचित कदम उठाए गए हैं, परंतु भाजपा अपनी राजनीति चमकाने के लिए बेवजह इस मामले को तूल दे कर प्रदेश में अराजकता का माहौल तैयार करने का प्रयास कर रही है जो कि निंदनीय है। भाजपा द्वारा राज्यपाल को सौंपे अपने ज्ञापन में मौजूदा सरकार के विरुद्ध कानून व्यवस्था पर जो सवाल उठाए हैं उस पर प्रतिक्रिया देते हुए बुशैहरी ने भाजपा से पूछा कि वह यह बताए कि अपनी सरकार के पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल में हुए कौन से आपराधिक मामले समय रहते सुलझाए गए और प्रभावितों को न्याय मिला हो।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिंदल सिविल अस्पताल शोल्टू में चार दिवसीय बहु-उद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार गरीब व जरूरतमंद लोगों की सरकार है। इसी के दृष्टिगत जनजातीय जिला किन्नौर के लोगों को उनके घर-द्वार के निकट बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए इस चार दिवसीय बहु-उद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला व सुपर स्पेशलिटी हस्पताल शिमला से विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जिला के लोगों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग किन्नौर, जेएसडब्ल्यू व अभ्युदय परिवार को इस शिविर के सफल रूप से आयोजन करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि किन्नौर जिला के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जमीनी स्तर पर उपलब्ध करवाने के लिए सभी का एक साथ मिलकर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के लिए कहा। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय जिला के लोगों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रति वचनबद्ध है। इसी के अंतर्गत किन्नौर जिला के लोगों को चिकित्सा संबंधी सभी सुविधा उनके घर-द्वार के निकट उपलब्ध करवाने की दिशा में यह प्रदेश सरकार की पहल है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अपने पहले ही बजट भाषण में राज्य के प्रत्येक विधानसभा के एक स्वास्थ्य संगंठन को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में उचित मूल्य पर गुणवत्ता पूर्ण दवाईंया, मशीन व उपकरण की खरीद के लिए हिमाचल प्रदेश चिकित्सा सेवा निगम की स्थापना जैसे जन-हित निर्णय लिए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. सोनम नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि जेएसडब्ल्यू, हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विभाग एवं अभ्युदय परिवार के संयुक्त तत्वाधान में इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 27 से 30 जून, 2023 तक इस शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रथम दिन जिला के लगभग 1300 लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
जसवां परागपुर के गांव सदवां के लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल के 2 विद्यार्थियों ने छठी कक्षा की नवोदय स्कूल की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने बताया कि वैभव और रिधम दोनों ही बड़े होनहार विद्यार्थी हैं। ये बच्चे पिछले 6 माह से लगातार मेहनत कर रहे हैं। कड़ी मेहनत के दम पर ही इन्हें सफलता प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि के लिए दोनों बच्चे उनके अभिभावक और स्कूल का स्टाफ बधाई के पात्र हैं। इस खुशी के मौके पर स्कूल की प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरपाल सिंह पठानिया, अश्वनी कुमार व देश राज ठाकुर ने भी शिरकत की। उन्होंने दोनों बच्चों को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके मंगल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार सायं यहां बिग एफएम द्वारा आयोजित बिग इम्पैक्ट अवॉर्ड कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर अभिनेत्री रूबीना दिलैक, अंशू और कार्तिक बाथला, उधम सिंह ठाकुर, गायक मोहन सिंह चौहान, राजेश मल्होत्रा, ममता और विशाल गुप्ता, डॉ. दिनेश बेदी, प्रेम राणा, डॉ.पी.एन. ऋषिकेश, हिमांशु सूद, मनुज शारदिया, राजेश पुरी, पायस, अंकित अग्रवाल, मुकेश भास्कर, भगवान सिंह गिल और डॉ. नीरज शर्मा को विभिन्न क्षेत्रों में उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उद्यमियों और उत्कृष्ट लोगों को सम्मानित करने के लिए बिग एफएम की सराहना की और कहा कि हिमाचल प्रदेश की कई हस्तियों ने देश-विदेश में प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। हिमाचल के लोग फिल्म जगत सहित कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और कल्याणकारी योजनाओं को जनता के मध्य प्रसारित करने में मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और बिग एफएम युवाओं के मध्य लोकप्रिय है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और बिग एफएम से आग्रह किया कि लोगों तक विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने में योगदान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में कई हरित पहल शुरू की हैं। सरकार प्रदेश में ई-वाहनों को बढ़ावा दे रही है और अगले तीन वर्षों में एचआरटीसी बेड़े को ई-बसों में बदलने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि ई-वाहन अपनाने को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार निजी ऑपरेटरों को ई-बसों, ई-ट्रकों और ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार 250 किलोवाट से दो मेगावाट क्षमता तक की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 40 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को नए आयाम प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी का दर्जा दिया गया है और राज्य भर के जल संसाधनों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
मंडी जिले के पनारसा में एक तेज रफ्तार कार ने पंजाब के पर्यटकों को टक्कर मार दी, जिसमें से दो की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र कर्मचंद निवासी कंगनपुर रोड भारतनगर सिरसा के और सतविंद्र पुत्र अवतार सिंह निवासी गांव गिल जिला लुधियाना के रूप में हुई है। बलविंदर कुमार पुत्र जसपाल निवासी गुरु गोविंद सिंह नगर जिला लुधियाना पंजाब ने पुलिस को जानकारी दी कि वह अपनी गाड़ी में 21 जून को लुधियाना से कुल्लू मनाली घूमने के लिए आए थे। इस दौरान उनके साथ उनके रिश्तेदार व दोस्त भी थे। उसने कहा कि 25 जून को हम सभी वापस लुधियाना जा रहे थे कि उस शाम के समय पनारसा में पंजाबी ढाबा के पास चाय पीने के लिए रुक गए। हरविंदर सिंह, सतविंदर सिंह और रविंद्र सिंह होटल की पार्किंग में खड़े थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और इन सभी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में सतविंदर सिंह व रविंद्र कुमार की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि यह हादसा कार चालक की लापरवाही से हुआ है। एएसपी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है।
केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर हिमाचल प्रदेश के सभी बूथों पर मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि इस कार्यक्रम को प्रदेश भर के 7781 बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा एलईडी स्क्रीन लगाकर सुना गया। त्रिलोक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है और बूथ ही हमारी ताकत है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से 10 लाख कार्यकर्ताओं को पूरे भारतवर्ष में संबोधित किया और इस मौके पर हमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। त्रिलोक ने सभी कार्यकर्ताओं को एक मूल मंत्र दिया बूथ जीता, चुनाव जीता। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा तैयार है। इन चुनावों में भाजपा हिमाचल और पूरे देश भर में बड़ी जीत दर्ज करने के लिए अग्रसर है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का एकत्र होना कोई नई बात नहीं है 2014 और 2019 में यही विपक्षी दल थे पर भाजपा की 303 सीटें आई थी और इन चुनावों में भाजपा 303 से भी अधिक लोक सभा सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार की खुद की गारंटी तो है नहीं, तो दूसरों की क्या गारंटी लेंगे। वर्तमान सरकार के नेताओं भाजपा पर टिप्पणी करने के बजाय सरकार चलाने पर ध्यान देना चाहिए। जब से यह सरकार सत्ता में आई हैं केवल वित्तीय कुप्रबंधन की बात कर रही हैं पर वित्तीय स्तिथि को ठीक करने के लिए उन्होंने एक भी कदम नहीं लिया है। अगर आप गौर से देखें तो 31 मार्च के बाद पूरे प्रदेश भर में कोई भी विकासात्मक टेंडर नहीं हुए है, केवल मात्र पिक और चूज का कार्यक्रम चल रहा है सरकार को ऐसे कामों से एहतियात बरतनी चाहिए। गंज बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, कुसुम सदरेट, सीमा ठाकुर, विजय परमार, सत्या कौंडल, संजीव कटवाल, भर्ती सूद,कर्ण नंदा, राजेश शारदा, गगन लखनपाल, सुशील चौहान, विजय शर्मा, गौरव, कल्पना, राजू, अजय, अनिता, तरुण उपस्थित रहे।
जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हजारों लोग नशे के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। नशे के खिलाफ आयोजित की गई बड़ी ब्रिस्क वॉक में केवल मात्र इस विधानसभा क्षेत्र से ही नहीं अपितु जिला भर से हजारों लोगों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की है। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्य अतिथि इस ब्रिस्क वॉक में शामिल हुए। मां भगवती की विधिवत पूजा अर्चना मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ साथ मशाल प्रज्ज्वलित करने के बाद राज्यपाल ने ब्रिस्क वॉक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरोली के मुख्य चौक से कांगड़ मैदान तक निकाली रैली नशे के खिलाफ आयोजित की गई इस ब्रिस्क वॉक ने एक ऐसी रैली का रूप ले लिया जिसमें हर वर्ग के लोगों ने आवाज बुलंद करते हुए इस बुराई को जड़ से खत्म करने का प्रण लिया। हजारों लोगों ने हरोली के मुख्य चौक से कांगड़ मैदान तक करीब साढे 3 किलोमीटर लंबी इस ब्रिस्क वॉक को लेकर नशा कारोबार में जुटे लोगों को चेतावनी दी है। राज्यपाल शुक्ल ने इस आयोजन के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री की सभा स्थल पर सबके सामने पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का हिस्सा बनकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बल मिला है।
देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत बिलासपुर में शराब ठेके का विरोध कर रही महिलाएं हरिपुर तहसील में नायब तहसीलदार से मिलीं और शराब ठेके को बंद करने का ज्ञापन सौंपा। बता दें कि शनिवार रात को बिलासपुर में शराब ठेका खुलने की भनक ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीण महिलाएं शराब ठेके के विरोध में सड़कों पर उतर आईं और शराब ठेके को बंद करने की मांग में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार को महिलाएं शराब ठेका खोलने के विरोध हरिपुर के नायब तहसीलदार रजिंदर कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया, जिसमे तर्क दिया गया है कि बिलासपुर में जिस जगह ठेका खोला गया है वहां आंगनबाड़ी केंद्र 100 मीटर के दायरे के अंदर है। इधर, शराब ठेके का विरोध कर रहे ग्रामीण जब सोमवार को धरना स्थल पर कोई भी दिखाई नहीं दिया तो क्षेत्र में अफवाह फैल गयी कि धरना प्रदर्शन महिलाओं ने स्थगित कर दिया है। जबकि प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने हरिपुर गए हुए हैं। पंचायत प्रधान रीना बग्गा ने बताया कि अभी धरना खत्म नही हुआ है, महिलाए ज्ञापन देने हरिपुर गईं है और धरना जारी है। उधर, आबकारी एवं कराधान पालमपुर के संयुक्त आयुक्त विवेक महाजन ने कहा कि आबकारी नीति व नियमों के अनुसार ही शराब ठेका खोल गया और आंगनबाड़ी केंद्र से ठेका 180 मीटर दूर है। फिर भी जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं।
उप मंडल इंदौरा के अंतर्गत किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में त्वरित राहत कार्य शुरू हो सके, इसके लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस संदर्भ में एक विशेष बैठक सोमवार शाम को विकास खंड कार्यालय इंदौरा में एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी इंदौरा सुदर्शन सिंह को निर्देश दिए गए कि वे पंचायतों में विभिन्न नालियों की साफ-सफाई करवाना सुनिश्चित करें। इसी तरह लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि सभी सड़क मार्गों के साथ लगती कच्ची-पक्की नालियों आदि की साफ-सफाई करवा दें व पानी की निकासी के मार्ग खोल दें ताकि वर्षा की स्थिति में पानी ओवरफ्लो न हो या पानी का बहाव अपना रुख बदलकर जानमाल को क्षति न पहुंचा सके। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है और किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा की स्थिति में इंदौरा में 01893241050, 8580493797 व 9816995803 नंबर पर संपर्क कर सूचना दी जा सकती है। यह सेवा 24 घंटे जारी रहेगी। बैठक में नायब तहसीलदार इंदौरा गगन सिंह, बीडीओ सुदर्शन सिंह, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, विद्युत बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन अनुसूचित जाति कल्याण समिति की बैठक सोमवार को अशोका टेंट हाउस नंगल चौक में संपन्न हुई। इस बैठक में 35 व्यक्तियों ने भाग लिया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गुरदास राम ने अपने स्वास्थ्य का कारण बताते हुए पद से त्यागपत्र दिया और सर्वसम्मति से नए प्रदेश अध्यक्ष एमआर दड़ौच को चुना गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुरदास राम ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का हार पहनाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत पूर्व अध्यक्ष गुरदास राम को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया पिछली कार्यकारिणी यथावत कार्य करती रहेगी। गुरदास राम को समिति का संरक्षक नियुक्त किया गया। इस अवसर पर शंकर सन्यास महासचिव, प्रोफेसर अमर सिंह, पूर्व प्रधान धर्मचंद, डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा मास्टर रतन चंद कौंडल, पूर्ण चंद, किशोरी लाल, त्रिलोक चंद, तरलोक संधू ,हरदयाल, नीलम कुमारी व अन्य मौजूद रहे।
विकास खंड परागपुर में सोमवार को जिला परिषद कर्मियों ने खंड कार्यालय परागपुर के बीडीओ वीरेंद्र कौशल को सामूहिक अवकाश के लिए संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा, जिसमें पंचायत सचिव, कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी सहायक तथा जिला परिषद के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। गौर रहे कि जिला परिषद कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर 27 जून को पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश पर चले जाने का निर्णय लिया है, जिस कारण मंगलवार को पूरे प्रदेश के पंचायत कार्यालय बंद रहेंगे। जिला परिषद कर्मियों का कहना है कि न तो उन्हें छठे वेतन आयोग का लाभ मिला है तथा न ही उनका एनपीएस कटना बंद हुआ है । जिला परिषद के कर्मचारी सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस कैडर के कर्मचारियों और अधिकारियों का पंचायती राज या ग्रामीण विकास विभाग में विलय किया जाए। इसके लिए सरकार को 2 सप्ताह का समय दिया जाएगा। उसके उपरांत जिला परिषद के कर्मी आगामी रणनीति तय करेंगे । परागपुर ब्लॉक के जिला परिषद कर्मियों को अपने ब्लॉक के समस्त पंचायत प्रधानों का भी समर्थन मिल गया है। सोमवार को ब्लॉक परागपुर में हुई एक बैठक के उपरांत समस्त पंचायत प्रधानों ने भी जिला परिषद कर्मियों की मांगों के समर्थन का ऐलान कर दिया है। जिला परिषद कर्मचारी और अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद कर्मियों की प्रमुख मांग विभाग में विलय से संबंधित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ने जो वादा चुनावों से पूर्व इन कर्मियों के साथ किया था, उसे सरकार अवश्य पूरा करेगी।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भाजपा के 30 मई से 30 जून तक चल रहे जनसंपर्क से जनसमर्थन अभियान के तहत सोमवार को जिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम और प्राचीन महादेव मंदिर कोटला कलां भी पहुंचे। डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में केंद्रीय मंत्री ने स्वामी शिवानंद महाराज से मुलाकात की इसके अतिरिक्त उन्होंने श्रद्धालुओं से भी संवाद स्थापित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त अनुराग ठाकुर ने कोटला कला के प्राचीन महादेव मंदिर पहुंचकर आश्रम अधिष्ठाता स्वामी मंगलानंद महाराज से भी आशीर्वाद लिया और पार्टी के इस अभियान को लेकर चर्चा की। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार पर संत समाज का सदैव आशीर्वाद रहा है और इसी आशीर्वाद के बलबूते सरकार ने देश को आगे ले जाने के लिए ना केवल अहम फैसले लिए अपितु उनको सिद्ध भी किया है। उन्होंने भाजपा के इस अभियान के तहत वर्ष 2024 के चुनाव को लेकर संत समाज से समर्थन भी मांगा।
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार हर पहलू पर विफल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है और हिमाचल प्रदेश की जनता को यह साफ दिख रहा है। हिमाचल की जनता आज भी कांग्रेस के किए गए वायदों का इंतजार कर रही है पर एक भी वादा इस सरकार का पूरा नहीं हो पा रहा है । अगर बारीकी से देखें तो वर्तमान कांग्रेस सरकार केवल मात्र केंद्र सरकार के दिए गए प्रोजेक्ट के धन राशि पर चल रही है, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना इसका बहुत बड़ा उदाहरण है जिसके अंतर्गत सरकार को 3400 करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट मिलने जा रहे हैं, कांग्रेस सरकार के नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से धन्यवाद करना चाहिए। खन्ना ने कहा कि हिमाचल में सुखविंदर सिंह सरकार के छह माह पूरे हो गए हैं। चुनाव से पूर्व कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को दस बड़ी गारंटियां दी थीं, उनमें से एक गारंटी 18 से 60 साल की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने से जुड़ी थी। अब सरकार के पहले साल का आधा कार्यकाल पूरा हो चुका है, लेकिन महिलाओं से किया गया उक्त वादा अधूरा है। खन्ना ने चुनावों के समय मुकेश अग्निहोत्री व अलका लांबा के वीडियो को लेकर तंज कसा जिनमें सत्ता मिलते ही महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने का वादा किया जा रहा है। चुनावों के समय जो कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने वादा किया था वह 26 लाख महिलाओं से था। पर इसी तरह सारे कांग्रेस के वायदे हवा हवाई होते ही दिखाई दे रहे हैं।


















































