पंजाब के उद्योग से निकलने वाले केमिकल के कारण प्रदूषित हो चुके पानी की समस्या से जूझ रहे प्रदेश के सीमांत 5 गांवों के निवासियों की समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने यहां की पेयजल और सिंचाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद संतोषगढ़ के क्षेत्र में वाटर सप्लाई और सिंचाई स्कीम स्थापित करने का फैसला लिया है। वहीं प्रदेश सरकार के इस कदम के बाद ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से पंजाब के उद्योग के खिलाफ किए जा रहे धरने को भी समाप्त कर दिया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए फैसले को लेकर ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने प्रदेश के डिप्टी सीएम व जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री का आभार जताया है। बता दें कि पंजाब के एक उद्योग से निकलने वाले वेस्ट केमिकल के चलते हिमाचल के पांच ग्राम पंचायत क्षेत्रों का भू-जल पूरी तरह से प्रदूषित हो चुका है। हालत यह है कि इन क्षेत्रों में सनोली, मजारा, पूना, बीनेवाल और मलिकपुर में एक तरफ जहां ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा, वहीं दूसरी तरफ इन खेतों की सिंचाई योजनाओं से निकलने वाला पानी फसलों को बर्बाद कर रहा है। इसी के चलते ग्रामीण पिछले काफी दिनों से लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे थे। जल शक्ति मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने ग्रामीणों की समस्या को समझते हुए न केवल इन क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति किसी अन्य स्थान सुनिश्चित करने का फैसला लिया है। वहीं इस क्षेत्र में किसानों की उपजाऊ भूमि को सिंचाई व्यवस्था के लिए भी बाहर से पानी की सप्लाई किए जाने के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीणों की समस्या को हल करने के लिए शुरू की गई कवायद पर संतोष व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय संबंधित क्षेत्रों के लोग अधिकारियों से लेकर सरकार के नुमाइंदों तक लगातार चक्कर लगाते रहे, लेकिन किसी ने भी उनकी इस समस्या को हल करने के लिए दिलचस्पी नहीं दिखाई। लेकिन प्रदेश कांग्रेस सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर इन क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति और सिंचाई सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए काम शुरू कर दिया है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज पंजावर में आयोजित जनसभा के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार आम आदमी की सेवा के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा सराकर के गठन को छह माह हो चुके है, अब सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ जन कल्याण के कार्यों को पूर्ण करने की दिशा में अग्रसर हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए स्थानीय जन प्रतिनिधियों और नेताओं की प्राथमिकताओं को नजरअंदाज न किया जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों का विधायक के तौर पर उन्हें बार बार जीताकर विधानसभा भेजने के लिए आभार जताया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंडोगा से लेकर पंजावर तक सड़क के लिए करीब 13 करोड़ रूपये स्वीकृत किए गए हैं। इस सड़क का चैड़ीकरण कर दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने पंजावर में विद्यालय का नया भवन बनाने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पंजावर और इसके आसपास के क्षेत्र में टूबवेल और पेयजल योजनाओं की मांगों को पूरा करने के लिए तेजी से प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊना जिला में ट्यूबवैल के रख-रखाव और दुरुस्त करने के लिए 11 करोड़ रुपए जारी किए हैं। उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय नेताओं की मांग पर विभिन्न स्थानीय विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। उप मुख्यमंत्री ने पंजावर पहुंचकर आम का पौधा भी रोपा। साथ ही पीर बाबा लखदाता के मंदिर में शीश नवाया। इसके पश्चात उन्होंने सरकार की ओर से बनाए जा रहे पंचवटी पार्क का भी निरीक्षण किया। उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में जन समस्याएं सुनी। उन्होंने मौके पर प्रशासन और अधिकारियों से लोगों की विभिन्न समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों की कुछ लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारियों के साथ विचार विमर्श भी किया। कार्यक्रम के मौके पर एसडीएम विशाल शर्मा, कांग्रेस प्रदेश सचिव अशोक ठाकुर, जिला ऊना कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, महामंत्री प्रमोद कुमार, पंजावर पंचायत की प्रधान नीलम कुमारी सहित धर्म सिंह, वीरेंद्र मनकोटिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
परिवार को रहने के लिए छत ना हो तो कैसा महसूस होता है। परिवार धूप, बारिश, सर्दी व गर्मी में टीन के नीचे रहे तो कैसी हालात हो सकते हैं ? इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि खड्ड गांव के राम प्रकाश की हालत भी ऐसी ही रहे, मकान टूट गय। उसके बाद मकान बन नहीं पाया और राम प्रकाश अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ टीन की छत के नीचे गुजर-बसर करने लगा। दिहाडी करने वाले राम प्रकाश के पास कभी भी इतनी रकम नहीं हो पाई कि अपने लिए पक्का आशियाना बना सके, हालात को भगवान पर छोड़ दिया और परिवार के पालन पोषन करने लगा। इसी दौरान राम प्रकाश पर मुसीबत का पहाड़ टूटा सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें पीजीआई ले जाया गया। अपने इलाज तक के लिए पैसे नहीं जुटा पाया राम प्रकाश तो उनके लिए हेल्पिंग इंडिया संस्था के प्रमुख प्रिंस मददगार बनकर सामने आए। राम प्रकाश के घर की स्थिति के बारे गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के साथ चर्चा की। इस दौरान गुरु का लंगर सेवा समिति के उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता व अध्यक्ष अश्विनी जेतिक ने मौके का दौरा किया और पाया कि यह परिवार जरूरतमंद है और इसे मदद होनी चाहिए। उसी समय गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट ने पक्का घर बनाने का संकल्प लिया, जबकि राम प्रकाश के इलाज में हेल्पिंग इंडिया व अद्वेता फाउंडेशन सहित अन्य कई लोग मदद कर रहे थे। मकान बनाने के लिए आगे आए गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट में काम शुरू करवाया। इस दौरान लगातार बढ़ते काम के बीच अद्वेता फाउंडेशन ने भी अपना सहयोग गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट को दिया। वहीं जिला प्रशासन की ओर से भी इस परिवार को मदद प्रदान की गई। गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट में लगातार मकान के काम को तेज गति से करवाया, गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाया और चंद महीनों में राम प्रकाश व उनके परिवार के लिए पक्का आशियाना तैयार करवा दिया। रंग रोगन के साथ-साथ बिजली की व्यवस्था भी करवाई और शौचालय का निर्माण भी करवाया। रविवार को नए बने आशियाने को गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट ने राम प्रकाश के परिवार को सौंप दिया। विधिपूर्वक पूजन व पाठ के भोग के बाद रामप्रकाश व उनके परिवार ने घर में प्रवेश किया गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष अश्वनि व उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता कहा कि जैसे ही उन्हें रामप्रकाश की स्थिति के बारे में पता चला उन्होंने तुरंत मकान बनाने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि इन सब के सहयोग के लिए आभारी हैं कि एक बेहतरीन सेवा का काम हो पाया है और छोटे बच्चों के साथ परिवार को आशियाना मिला है। उन्होंने कहा कि इससे रामप्रकाश के परिवार की मदद हो पाई है और आगे प्रकाश का परिवार बेहतर जीवन यापन करेगा ऐसी शुभकामनाएं ।वही अद्वेता फाउंडेशन की अध्यक्ष मोनिका सिंह ने कहा कि हम लगातार रामप्रकाश के इलाज के लिए मदद करते आए हैं और मकान निर्माण में भी सहयोग करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह बेहतर कार्य लंगर सेवा समिति द्वारा किया गया है, इसी प्रकार आगे कार्य करते रहे ऐसी हमारी शुभकामनाएं है। इस पर करीब 4.50 लागत आई है जिससे दो कमरों ,शौचालय व बाथरूम को बेहतर व्यवस्था के साथ है परिवार को सौंपा गया है । गुरु का लंगर सेवा समिति ट्रस्ट के महासचिव राजीव भनोट ने कहा कि अस्पताल में लंगर लगाने के साथ-साथ महंत मंगलानंद महाराज की प्रेरणा से सेवा के कार्य भी किए जा रहे हैं। अनेक बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा लिया हुआ है ।वही कोई भी जरूरतमंद हो तो मदद हो ही, निराश नहीं होना चाहिए, ऐसी हम सब की भावना है और प्रयास किया जाता है कि जरूरतमंद की मदद आगे बढ़कर की जा सके ।उन्होंने कहा कि यह मकान निर्माण भी उसी की कड़ी में बढ़ता कदम है। इस अवसर पर हेल्पिंग इंडिया के प्रिंस ने कहा कि सामाजिक संस्थाएं भगवान का रूप है जो इस प्रकार से लोगों के जीवन में बदलाव कर रही हैं ,ऐसा चमत्कार कर रही है जो कार्य हो नहीं सकता उसे चुटकियों में कर रही हैं । उन्होंने कहा कि पंचायत में बैठे प्रतिनिधियों को गरीब लोगों के बारे में प्राथमिकता पर सोचना चाहिए। इस अवसर पर राजकुमार पठानिया, इंद्रजीत सिंह ,राजेश सैनी ,विशाल स्याल व अद्वेता फाउंडेशन के सदस्य सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रदेश में सरकार बदलने के साथ ही नई सरकार में जन्मे कुछ छुट भैया नेताओं द्वारा आए दिन सोशल मीडिया पर पत्रकारों के ऊपर अभद्र भाषा का प्रयोग कर सुर्खिया बटोरने में लगे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला विस क्षेत्र इंदौरा में पेश आया है। यहां नेता के करीबी कुछ छुट भैया नेताओं ने सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है, जिसके बाद इंदौरा के समस्त पत्रकारों ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कारवाई करने के लिए कंदरोडी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बैठक की। बैठक में आए दिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और भाषा का प्रयोग करते हुए पत्रकारों के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। सोशल मीडिया पर हुए वायरल अभद्र टिप्पणियों के बाद पत्रकारों ने संज्ञान लेते हुए ऐसे शरारती और छुट भैया नेताओंके खिलाफ कारवाई अमल में लाने की बात कही है। जल्द ही पत्रकार इसके लिए एक शिकायत पत्र उपायुक्त कांगड़ा और एसपी नूरपुर प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा जिला अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया और प्रदेश के मुख्यमंत्री को मिलकर ऐसे छुट भैया नेताओ के खिलाफ शिकायत पत्र सोपेगे जो पार्टी और प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने में अपनी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिमला द्वारा 4 जून को पंछी हमारे मित्र व एक परिवार एक औषधीय पौधा कार्यक्रम का निर्माणाधीन सुनील भवन समीप आरटीओ आफिस शिमला में सफल आयोजन किया गया। सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिमला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल आंकात व वशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार उपस्थित रहे। आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशिष्ट अतिथि और प्रदेश अध्यक्ष को शॉल टोपी से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्टीय उपाध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार ने अपने वक्तव्य में ऐसे कार्यक्रमों को करवाना ट्रस्ट का एक मात्र उद्देश्य हमें अपनी जिमेदारियों के प्रति सचेत रहना है। उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति में भी हमे देखने को मिलता है कि पक्षियों और पौधों का स्थान पूजनीय है। भारतीय संस्कृति में आम, पीपल, केला, तुलसी आदि के पौधों की पूजा करी जाती है। इसके पीछे अनेक विज्ञानिक कारण भी देखने को मिलते हैं साथ ही हम देखे तो रामायण के समय से बाज जैसे पक्षी जटायु को पूजनीय स्थान प्राप्त था तथा हमारे देवी- देवता भी पशु - पक्षियों की सवारी करते थे। इसलिए हमारी संस्कृति में पक्षियों को भी उच्च स्थान प्राप्त है जिस कारण से उनकी देख रेख करना हमारा परम कर्तव्य बनता है। उन्होंने सभी को से आग्रह भी किया की हमे अपने परिवार में और बच्चो में भी इस विचार का विकास करना चाहिए। अंत में डॉक्टर सुरेंद्र शर्मा जी ने अपने धन्यवाद भाषण में कार्यक्रम में आए सभी व्यक्तियों का धन्यवाद किया और उन्होंने कहा कि सुनील उपाध्याय एजुकेशनल ट्रस्ट शिमला द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि गर्मियों के मौसम में पंछियों को जल व अन्न की कमी न हो व पर्यावरण संरक्षण के लिए , पर्यावरण दूषित न हो, प्रकृति की सुंदरता पर्यावरण को बचाने के लिए किया जा रहा है। कहा कि इस कार्यक्रम में शिमला के 200 परिवारों को सुनील उपाध्याय एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से एक सकोरा व एक औषधीय पौधा भेंट किया गया। उन्होंने कहा कि सभी परिवारों से आग्रह किया कि इस सकोरे में नियमित गर्मियों के मौसम में पानी व अन्न के दाने डालते रहें व इस औषधीय पौधे को अवश्य लगाएं और इसकी देखभाल करें। कार्यक्रम को सफल बनाने पर सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम सफल हुआ।
कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाडली के भवन की नवनिर्मित प्रथम फ्लोर का रिबन काटकर उद्घाटन किया। विद्यालय प्रसासन ने शॉल व टोपी पहनाकर विधायक का स्वागत किया। विधायक द्वारा दीप प्रज्वलन व स्कूली बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद स्कूली बच्चों ने एक से एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रधानाचार्य ने वर्ष भर की विद्यालय की गतिविधियों की रिपोर्ट भी मुख्यातिथि के समक्ष प्रस्तुत की। विनोद सुल्तानपुरी ने भवन की नवनिर्मित फ्लोर की बधाई देते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ अन्य गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने बच्चों से समाज मे फैल रहे जानलेवा नशों से दूर रहने की अपील की। विधायक ने जाडली पंचायत के लिए खेल स्टेडियम निर्माण के लिए 15 लाख देने की घोषणा की तथा बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर उच्च शिक्षा उप निदेशक जगदीश सिंह नेगी,राजन गुप्ता, पुनीत शर्मा, देवेंद्र शर्मा, रोशन ठाकुर, डीडी कश्यप, न्याज मोहम्मद, हरीश कौशल, रमेश, सुखराम, मनोहर लाल, सुरेंद्र कुमार, रूपराम, अफजल वेग आदि उपस्थित रहे।
जयसिंहपुर विधानसभा के क्षेत्र ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव के धरोड़ में संत शिरोमणि सत गुरु कबीर साहेब की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा के सांसद सिकंदर कुमार का मंदिर कमेटी ने गर्भजोशी से इनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कबीर सुधार सभा के अध्यक्ष व पूर्व प्रधान शक्ति चंद शास्त्री ने मुख्य अतिथि को सोल व टोपी और स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया। साथ में पूर्व विधायक रविंद्र धीमान को टोपी और शाल देकर सम्मानित किया। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कबीर साहेब की जीवनी का ब्यख्यान किया तथा उनकी शिक्षा पर चलने को कहा। विधायक ने मंच से पूर्व सीएम शांता कुमार का भी धन्यवाद किया। राज्यसभा के सासंद सिकंदर ने अपने संबोधन कहा कि अंबेडकर भजन के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। कबीर मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख और मंदिर के लिए पांच लाइट दी। वही लंबागांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों जिसमें दिव्या, आंचल, पलबी रनौद, साहिल हर्षित चौहान, सचिन, नीतू, रिया अभिषेक नेहा, रिया, भूमिका,को सांसद सिकंदर कुमार ने सम्मानित किया। कबीर मंदिर में स्थानीय कलाकार इंद्र कुमार और मस्त राम ने भजनों से और महिलाओं ने कीर्तन से मंदिर में बैठे भक्तों भजनों से निहाल किया व मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
करुणामूलक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार आज राज्य कार्यकारिणी के साथ सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से सचिवालय में मिलने पहुंचे व मुख्यमन्त्री जी से करुणामूलक नौकरियों की बहाली संबंधी विषय पर चर्चा की। उन्होंने सीएम को करुणामूलक परिवारों के साथ चुनावों के समय किया वादा याद दिलाया अजय कुमा ने मांग उठाई कि फरबरी माह में 1000 करुणामूलक आश्रित सचिवालय में ही मिले थे तो मुख्य मंत्री ने आश्वाशन दिया था कि मई माह में करुणामूल क संघ के साथ अधिकारिक लेवल पर बैठक करके पहला बैच निकाल दिया जायेगा, जबकि जून माह शुरू हो चुका है और सरकार करुणामूलक परिवारों के हित में फैसला लेने में असफल रही है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस करुणामूलक नौकरी बहाली के लिए आवाज उठाती आई थी व हर मंच से वादा किया था कि जैसे ही प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनेगी, सभी परिवारों को नौकरियां दी जाएंगी। प्रदेश सरकार को बनाने में करुणामूलक परिवारों का भी कहीं न कहीं बहुत ज्यादा योगदान रहा है।
वर्तमान सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्रीगण के बयानो के उपर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता एवं विधायक रणधीर शर्मा, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर और राकेश जम्वाल ने संयुक्त बयान में कहा कि 2022 के हिमाचल प्रदेश विधान सभा के चुनावों को गलत तरीके से प्रभावित करते हुए जीतने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता को धोखा देकर सत्ता में आई सरकार आज अपनी कांग्रेस पार्टी द्वारा ही दी गई गारंटियों से भाग रही है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सत्ता में आने के लिए घर-2 जाकर पहली कैबिनेट में प्रदेश की 22 लाख बहनों को 1500 रू प्रतिमाह देने की गारंटी दी, उसके फॉर्म भरे, 15 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी दी और बेरोजगारों से कहा कि एक लाख रोजगार पहली कैबिनेट में दिए जाएंगे। आम जनता को कहा कि भाजपा सरकार ने 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी है, कांग्रेस की सरकार लाओ और पहली कैबिनेट में 300 यूनिट बिजली मुफ्त पाओ। इसी प्रकार सात और बड़ी-बड़ी गारंटियों पूरे प्रदेश की दीवारों पर लिख कर दी गई। आज भी वो दीवारों जनता को मुंह चिढ़ाती हुई दिखाई देती है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अब तो 10-15 कैबिनेट बैठकें हो चुकी है, सरकार को बने 7 माह का समय भी बीत गया है, वाहवाही लूटी जा रही है लेकिन मिला किसी को कुछ भी नहीं है। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह विफल हुई है। मुख्यमंत्री ने आते ही शोर मचाना शुरू कर दिया कि खजाना खाली है, कर्ज बढ़ गया है और कर्ज के नाम पर तथा खजाने के नाम पर हाथ झाड़ने शुरू कर दिए। ऐसा लगा कि अब यह कर्ज लेना बंद कर देंगे परन्तु कांग्रेस की वर्तमान सुखविन्द्र सरकार ने पहली तिमहारी में कर्जों का ढेर लगा किया और पिछले कल सारे मंत्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि कर्ज पर रोक लग रही है और इसका ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ने में जुट गए हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि बढ़े हुए कर्ज का रोना रोने वाली सरकार आज कर्ज लेने के लिए क्यों भाग रही है और केन्द्र सरकार के उपर दोषारोपण करना बंद करें। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में बैठे हुए नेतागण 5-6 बार से विधान सभा के सदस्य हैं, क्या उन्हें हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति की जानकारी नहीं थी ? जो उन्होनें लाखों-करोड़ रू की गारंटियां केवल झूठ के आधार पर सत्ता प्राप्त करने के लिए दे दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि गारंटियां पूरा करना सुखविंदर सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और अब जनता से यह कहना कि चरणबद्ध तरीके से गारंटियां पूरी की जाएगी, यह दोबारा प्रदेश की जनता के साथ धोखा है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर जनता का ध्यान भटकाने के लिए केन्द्र की सरकार पर दोषारोपण किया जा रहा है जबकि प्रदेश में इस समय चल रही सभी योजनाएं केवल और केवल केन्द्र द्वारा प्रेषित एवं स्वीकृत राशियों पर चल रही है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि अपनी नाकामियों का ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ना बंद करें और जनता से किए हुए वायदों को पूरा करने के लिए कार्य करें।
नेशनल पब्लिक हाई स्कूल हलेड़ जयसिंहपुर का 10वीं वार्षिक परिक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। स्कूल के सभी विद्यार्थी अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हुए हैं। आशिमा, शाक्षी और रिया ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लेकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आशिमा ने 93.4 प्रतिशत साक्षी ने 90.40 प्रतिशत, रिया ने 90.28 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। स्कूल के प्रिंसीपल निर्मला राणा ने बताया कि इस रिजल्ट का श्रेय स्कूल के स्टाफ की कड़ी मेहनत और लगन को तथा बच्चों की प्रतिबद्धता को जाता है। आशिमा आगे चल कर इंजीनियर, साक्षी सीए, और रिया एयरफोर्स में जाना चाहती है। वही स्कूल के प्रिंसिपल निर्मला राणा ने इन सभी बच्चों की उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनआईटी हमीरपुर ने बताया कि रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार और अधिशासी अभियंता सिविल के पदों पर होने वाली भर्ती के लिए लिखित और साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची संस्थान की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। भर्ती समिति के चेयरमैन प्रो. रवि कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार और अधिशासी अभियंता सिविल के पद के लिए होने वाली भर्ती के लिए संस्थान ने छंटनी प्रक्रिया के बाद योग्य अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। रजिस्ट्रार के पद पर भर्ती के लिए 19 जून को संस्थान में केवल साक्षात्कार होगा, जबकि डिप्टी रजिस्ट्रार और अधिशासी अभियंता के पद के लिए 19 जून को सुबह के सत्र में लिखित परीक्षा होगी और 20 जून को साक्षात्कार लिए जाएंगे। अधिशासी अभियंता सिविल के पद के लिए संस्थान ने छंटनी के बाद 33 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के लिए चयनित किया है, जबकि 10 अभ्यर्थी अयोग्य घोषित किए गए हैं। इसी तरह रजिस्ट्रार के पद के लिए 13 अभ्यर्थी पात्र पाए गए हैं, जबकि सात अभ्यर्थी योग्यता पूरी नहीं कर पाए हैं। उधर, एनआईटी हमीरपुर की भर्ती समिति के चेयरमैन प्रो. रवि कुमार ने बताया कि रजिस्ट्रार, डिप्टी रजिस्ट्रार और अधिशासी अभियंता सिविल के पदों पर होने वाली भर्ती के लिए लिखित और साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची संस्थान की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
भाजपा के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता एवं जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा भारत भ्रमण की अनूठी पहल, 'सांसद भारत दर्शन' के दूरसे चरण का शुभारम्भ किया है। यह घोषणा होते ही हमीरपुर जिला के छात्र सांसद भारत दर्शन के लिए रोमांचित हो उठे हैं। यह योजना पिछली बार भी खासकर विद्यार्थियों में बहुत लोकप्रिय हुई थी और बच्चों ने भारत के भिन्न भिन्न हिस्सों में जाकर देश को जाना पहचाना था। पिछले दो सालों से यह योजना नहीं दोबारा नही शुरू हो पाई थी तो इस बार उन वर्षों में उत्तीर्ण हुए छात्रों को भी घूमने का मौका मिलेगा। कला खेल व प्रदर्शन सहित अन्य क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा दिखाने वाले 18 वर्ष से कम आयु के छात्र इस योजना के लिए योग्य होंगे। अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि पिछली बार इस योजना के तहत 80 छात्र छात्राओं का दल मुंबई,बंगलुरु,पुणे और हैदराबाद के टूर पर गया था जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति भवन, इसरो, एनडीए, पश्चिमी नौसेना कमान जैसे कई विभिन्न विश्वप्रसिद्ध स्थानों के दर्शन किए, वाइस प्रेसिडेंट जैसे गणमान्य लोगों से मिले और कपिल शर्मा शो जैसे कार्यक्रमों में भाग लिया था। सांसद भारत दर्शन योजना से लौटे विद्यार्थियों ने जब वापिस लौट कर अपने अनुभव मीडिया व अन्य साधनों से साझा किए थे तो अन्य छात्रों में इस योजना के लिए लोकप्रियता और बढ़ गयी थी अब जैसे ही इसके दूसरे चरण की घोषणा हुई तो छात्रों में उत्साह का माहौल है। अंकुश ने कहा कि देश भ्रमण करने से छात्रों को नई जानकारियां हासिल होंगी, जिससे बदलते समय के हिसाब से उन्हें नए अनुभव प्राप्त होंगे।इसके मदद से भविष्य में यही विद्यार्थी नई संभावनाओं के द्वार खोलने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि छात्र- छात्राएं जल्द लिंक/ क्यूआर कोड के माध्यम से इसके लिए आवदेन कर सकेंगे। विद्यार्थियों की सहूलियत हेतु इस बार आवेदन करने के लिए विशेष रूप से एक क्यूआर कोड भी तैयार किया गया है। विद्यार्थी के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 जून है। छात्रों को आवेदन करने के लिए anuragthakur.in/sansadbharatdarshan/ पर जा कर अपना फॉर्म भरना होगा। इस बार उनके लिए विशेष क्यूआर कोड की भी व्यवस्था की गयी है,जिसे स्कैन कर फॉर्म भरा जा सकता है।उन्होंने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर देश के पहले ऐसे सांसद हैं, जिन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के छात्रों को देश के विभिन्न हिस्सों में सांसद भारत दर्शन यात्रा के ज़रिए घुमाने एवं कुछ नया सीखने की योजना की शुरूआत की है।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी) हमीरपुर द्वारा इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) तृतीय श्रेणी (अराजपत्रित) पद के लिए आयोजित लिखित वस्तुनिष्ठ प्रकार की स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित उम्मीदवारों की जांच के बाद आज घोषित कर दिया गया है। यह परीक्षा 31 अक्तूबर, 2022 को आयोजित की गई थी। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के नोटिस के अनुसार एचपीएसइबीएल में 22 उम्मीदवारों को अनुबंध के आधार पर चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि परिणाम एचपीपीएससी की वेबसाइट www.hppsc.gov.in/hppsc पर भी उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईपीपी) के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी समस्याओं को दूर कर उनकी परियोजनाओं को आर्थिक रूप से व्यवहार्य बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनकी विद्युत परियोजनाओं को स्थापित करने के लिए सभी मंजूरियां प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई ग्राम पंचायत निर्धारित समयावधि में अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं देती है तो उसे स्वीकृत माना जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्युत उत्पादकों की सुविधा के लिए ओपन हाइड्रो पॉलिसी लाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन के अलावा जल विद्युत क्षेत्र प्रदेश के राजस्व का मुख्य स्रोत है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल उपकर अधिनियम पारित किया है। उन्होंने अधिनियम को लागू करने के लिए जल उपकर की मात्रा पर आईपीपी से प्रस्ताव मांगा और कहा कि सरकार उनके प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा स्थापित विद्युत परियोजनाओं खासकर अपना खर्च पूर्ण करने वाली परियोजनाओं में रॉयल्टी बढ़ाने का मुद्दा भी उठा रही है। आईपीपी की मांग पर मुख्यमंत्री ने एचपीपीटीसीएल को विद्युत पारेषण लाइन (पावर ट्रांसमिशन लाइन) बिछाने में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि उत्पादन स्थलों से विद्युत की आपूर्ति समयबद्ध की जा सके और विद्युुत उत्पादकों को वित्तीय नुकसान का सामना न करना पड़े। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार 41 विद्युत परियोजनाओं के लिए विद्युत खरीद समझौते की तारीख के बजाय वाणिज्यिक संचालन की तारीख से बिजली दरों की गणना के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग को भी वास्तविक आधार पर रॉयल्टी यानी 12, 18 और 30 प्रतिशत पर विचार करने के लिए परामर्श देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 111 मिनी और माइक्रो ऊर्जा परियोजनाएं राज्य के खजाने में 223.60 करोड़ रुपये का योगदान कर रही हैं। उन्होंने आईपीपी से कहा कि वे अपनी विद्युत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करें ताकि इन परियोजनाओं का लाभ जल्द से जल्द उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि आईपीपी के माध्यम से 3539 मेगावॉट विद्युत उत्पादन की क्षमता है, जिसमें से अभी तक केवल 754 मेगावॉट का दोहन किया जा सका है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार को हिमाचल प्रदेश के कर्ज की लिमिट काम करने व एनपीएस का पैसा वापस ना करने पर कड़ी निंदा की है ।मुकेश अग्निहोत्री ने प्रेस क्लब ऊना के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार संघीय ढांचे का सम्मान नहीं कर रही है । उन्होंने कहा कि देश संघीय प्रणाली में है,कुछ विषय प्रदेश के, कुछ विषय केंद्र के हैं और ऐसे में धक्केशाही व भेदभाव करना केंद्र के लिए सही नहीं है। मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कई नेता ऐसे हैं जो केंद्र के साथ मिलकर साजिश रच कर हिमाचल प्रदेश के साथ भेदभाव करवाने की भूमिका अदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा के कुछ नेताओं को कांग्रेस की सरकार की जन हितेषी नीतियां रास नहीं आ रही है, उन्हें भविष्य के लिए भी जमीन की खिसकती दिख रही है ,इसलिए वे षड्यंत्र रचने का काम कर रहे हैं । मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसे षड्यंत्र कोई काम नहीं करेंगे, क्योंकि कांग्रेस पार्टी मजबूत सरकार चला रही है और हम हर जुल्म के विरूद्ध लड़ाई लड़ेंगे और हर लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र हमें विचलित नहीं कर सकता है, हम हिमाचल के विकास के लिए काम कर रहे हैं ,राजनीतिक इच्छाशक्ति से काम कर रहे हैं और आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो प्रदेश के मुख्यमंत्री व पूरा मंत्रिमंडल दिल्ली जाकर हक की आवाज को बुलंद करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता इस बात को समझ ले कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और प्रदेश की जनता को उन्हें जवाब देना है। उन्होंने कहा कि वाटरसेस हमने लगाया कि हिमाचल प्रदेश की आमदन को बढ़ा पाए और केंद्र की सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के सचिव कंपनियों को और पड़ोसी राज्यों को भड़का रहे हैं, कंपनियों को पैसा ना देने के लिए कहा जा रहा है और कोर्ट में जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यह किसी भी दृष्टि से ठीक नहीं है ।केंद्र सरकार को यह बताना चाहिए कि किसके कहने पर लिखे जा रहे हैं पत्र।पानी प्रदेश का विषय है, बिजली केंद्र का विषय पर लगाया है, हमारा हक है ,अपने कदम से पीछे नहीं हटेंगे । मुकेश ने कहा कि प्रदेश सरकार के अधिकारों का केंद्र सरकार द्वारा हनन किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से एनपीएस की 10 हजार करोड़ रुपए की राशि भी प्रदेश सरकार को लौटाने की मांग की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार केंद्र सरकार के समक्ष हर मंच पर अपने हक की आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन जुटाने में पेश आ रही चुनौतियों को दूर करेगी और अतिरिक्त संसाधन जोड़ने के लिए लगातार प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार कल्याणकारी राज्य का धर्म निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।मुकेश ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर उन्होंने हमेशा प्रदेश हित को तरजीह दी। उन्होंने कहा कि देश में राजनैतिक माहौल करवट ले रहा है और आने वाले चुनावों में विभिन्न राज्यों में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान अब सिर्फ विकास कार्यों पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने गारंटियों को राजधर्म की तरह निभाने की बात भी कही। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार घोषणा पत्र के वायदों और गारंटियों को धरातल पर उतारने के लिए भरसक प्रयास करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश की कर्ज की सीमा को घटाए जाने की निंदा की। इस दौरान पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जोगिंद्रनगर के विधायक सुरेंद्र पाल, बीसीसी हरोली के अध्यक्ष विनोद बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर,वरिंदर मनकोटिया सहित क्लब के पदाधिकारी और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि एचपी शिवा परियोजना (हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्धन परियोजना) की मुख्य परियोजना के लिए आगामी 8 जून को एशियन विकास बैंक, भारत सरकार तथा हिमाचल सरकार के मध्य ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किये जाएंगे। इस परियोजना की कुल लागत 1292 करोड़ रुपये होगी, जिसमें एशियन विकास बैंक द्वारा 1030 करोड़ रुपये तथा राज्य सरकार द्वारा 262 करोड़ रुपये वहन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना को कार्यान्वित करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही थी। परियोजना की स्वीकृति प्राप्त करने के लिए इसे विभिन्न स्तरों पर सफलतापूर्वक उठाया गया। उन्होंने कहा कि परियोजना के लागू होने से राज्य के किसानों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा राज्य की आर्थिकी में भी वृद्धि होगी। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण व संतुलन की दिशा में भी राज्य का योगदान सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का क्रियान्वयन राज्य के उपोष्णकटिबंधीय जलवायु वाले निचले क्षेत्रों के 7 जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर तथा ऊना के 28 विकास खण्डों में 162 सिंचाई योजनाओं के माध्यम से 400 बागवानी क्लस्टरों के 6000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में कुल 2 चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में चिन्हित किये गये 257 क्लस्टरों के तहत 4000 हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों की निजी भूमि पर ‘‘एक फसल-एक क्लस्टर’’ अवधारणा के तहत संतरा, अमरूद, अनार, लीची, आम, प्लम, पिकननट, जापानी फल, आदि अन्य उपोष्णकटिबंधीय फलों का रोपण किया जाएगा। शेष 2000 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 143 क्लस्टरों, जिनका चिन्हीकरण किया जाना शेष है, का विकास परियोजना के दूसरे चरण में किया जाएगा। इस परियोजना से 15000 किसान-बागवान परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे। परियोजना में लगभग 60 लाख फल पौध रोपण किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ‘‘बीज से बाजार’’ तक की संकल्पना पर आधारित इस परियोजना में किसानों को वैज्ञानिक तथा व्यवसायिक कृषि के साथ-साथ फसलोपरांत मूल्य वर्धन करते हुए बाजार से जोड़ा जाएगा। यह परियोजना हिमाचल प्रदेश को ‘‘फल राज्य’’ बनाने के स्वपन को साकार करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के तहत क्लस्टरों के चयन के लिए मानदण्ड विकसित करते हुए सहभागी विधि से किया गया है। चिन्हित किये गये क्लस्टरों की फसल उपयुक्तता के लिए मृदा परीक्षण किए गए तथा सुनिश्चित सिंचाई हेतु बहुवार्षिक जल स्रोतों का चिन्हीकरण एंव स्थलीय व्यवहार्यता के लिए भू-स्थानिक सर्वेक्षण के उपरान्त क्लस्टरों का अंतिम चयन किया गया। विपणन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चिन्हित की गयी 14 फल व फसलों की बाजार मांग के साथ ही इनकी मूल्य श्रंृखला के विभिन्न घटकों का भी अध्ययन किया गया है। एचपी शिवा परियोजना के पायलट चरण का पूर्व में ही सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा चुका है, जिसमें 17 क्लस्टरों के अंतर्गत 200 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फल-पौधों का रोपण किया गया है, जिनमें से 12 पायलट क्लस्टरों के किसानों ने संतरा, अमरूद व अनार का उत्पादन कर आर्थिक लाभ लेना आरम्भ कर दिया है।
द गुड शेफर्ड स्कूल धर्जा, सोलन में सीबीएससी की परीक्षा ( सत्र 2022 - 2023 ) का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 100% रहा । सभी बच्चों ने अच्छे अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया, जिसमें दीपांशी सिंह ने 90% अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया तथा अन्य 10 बच्चों ने 70% अंक लेकर विशिष्टता बनाई। स्कूल की प्रधानाचार्या लौरेटा एलिस ने बच्चों तथा अभिभावकों को उनकी कड़ी मेहनत व लग्न के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके अध्यापकों की भी सराहना की । स्कूल के सभी अध्यापकों, बच्चों में बहुत उत्साह और खुशी का माहौल है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में संस्कृत भारती द्वारा 12 दिवसीय शिविर चालक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने किया। उद्घाटन के पश्चात संस्कृत भारती के कांगड़ा जिला संयोजक डॉक्टर पुरुषोत्तम ने समस्त अतिथियों का परिचय करवाया एवं स्वागत किया। अक्षित द्वारा संकल्प मंत्र का उच्चारण किया गया ।प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ सत्यदेव ने इस प्रशिक्षण शिविर का प्रस्तावित प्रस्तुत किया। प्रांत शिक्षक प्रमुख डॉ मुकेश ने अपना मुख्यवक्ता उद्बोधन किया। जिसमें प्रशिक्षण वर्ग के महत्व एवं स्वरूप के संदर्भ में जानकारी प्रदान की। मुख्य अतिथि संभाषण के दौरान प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को संस्कृत के क्षेत्र में अध्ययन हेतु प्रेरणा प्रदान की। विशिष्ट अतिथि आचार्य डॉ रमन व्यास ने बताया कि संस्कृत में बातचीत के माध्यम से हम सभी अपने व्यक्तित्व को प्रभावी बना सकते हैं । इसलिए उन्होंने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को आयोजित इस वर्ग में भाग ग्रहण करने हेतु प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात अध्यक्षीय उद्बोधन के रूप में शशांक जसवाल वार्ड पंच नलेटी ग्राम पंचायत ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का स्थानीय वार्ड पंच होने के नाते उन्हें शुभकामनाएं एवं प्रेरणा प्रदान की। अध्यक्षीय उद्बोधन के उपरांत देहरा जनपद बाल केंद्र प्रमुख डॉ के. मनोज्ञा ने वहां उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रबंधकों, परीक्षार्थियों एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक व कर्मचारियों का धन्यवाद किया। वहीं धीरज व अंकिता भट्टी द्वारा इस उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन किया गया।शांतिमंत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 5 जून को सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी।राहुल वर्मा ने कहा कि 5 जून को प्रातः 10.00 से सांय 3 बजे तक ज़िला कारागार, सब्जी मण्डी, पुलिस लाईन एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि 7 जूनको प्रातः 11.00 बजे से सांय 5 बजे तक चम्बाघाट चैक, फोरेस्ट कालोनी, बसाल मार्ग के कुछ हिस्से, कुलजा उद्योग, डीआईसी कालोनी, करोल विहार, एनआरसीएम, मोक्षधाम, बेर खास, फ्रेन्डज कालोनी, बेर गांव, बेर पानी, बेर की सेर, दामकड़ी, जौणाजी, सेर चिराग, कोटला मशीवर, दरयाग बुखार, रोमी बस्सी, हदेची, शेरपा रिसोर्ट, बालूघाटी, बायला, चंगेर, शिल्ली, फशकना, अश्वनी खड्ड, बजलोग, जल शक्ति विभाग की शिल्ली, अश्वनी खड्ड, रिधीधार, कनाह बजनाल योजना एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। मंत्री ने कहा की मूलभूत अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा की प्रदेश सरकार का विशेष बल गुणात्मक और समयबद्ध रूप से राज्य की जनता को मूलभूत अधोसंरचना तैयार कर उसका उचित लाभ प्रदान करना है। जगत सिंह नेगी ने आईटीडीपी के तहत लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि, भूमि संरक्षण, पशुपालन विभाग, इत्यादि द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आईटीडीपी के तहत जल से कृषि को बल, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, हिम-कुकुट पालन योजना, मुख्यमंत्री कृषि उत्पादन संरक्षण योजना, मुख्यमंत्री कृषि संवर्धन योजना, इत्यादि योजनाओं की समीक्षा भी की। मंत्री ने जिले में निर्माणाधीन पशु चिकित्सालयों तथा स्कूल भवनों को शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकांगपिओ में निर्माणाधीन खेल स्टेडियम, यूथ हॉस्टल कल्पा, स्वास्थ्य उपकेंद्र कुन्नू-चारंग, आयुर्वेदिक चिकित्सालय नमज्ञया, ओद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान रिकांग पिओ में कार्यशाला, शिपकिला के निकट सामुदायिक ट्रेड मार्ट भवन सहित अन्य कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को थोपन के गर्म झरने को शीघ्र आरंभ करने को कहाए ताकि लोग इसका लाभ उठा सकें। राजस्व मंत्री ने जिले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भवन निर्माण के लिए पूर्वनिर्मित संरचनाओं को स्थापित करने की संभावनाओं को खोजने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को जिले में चल रहे लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग को पानी की पाइपों को जमीन के नीचे अच्छे से दबाने को कहा तथा जल स्त्रोतों के संवर्धन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने को कहा। उन्होंने जिले में प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर तयार करने को कहा।
विशेष ओलंपिक के लिए हिमाचल के चयनित प्रतिभागियों ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। जर्मनी के बर्लिन में आगामी 17 से 25 जून तक आयोजित किए जाने वाले विशेष ओलम्पिक में हिमाचल प्रदेश के दो खिलाड़ियों और तीन प्रशिक्षकों सहित भारत के 198 एथलीट और 57 कोच भाग लेंगे। ये खिलाड़ी 16 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। राज्यपाल ने टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि आज देश में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी समय-समय पर हर मंच से खेलों को प्रोत्साहन प्रदान कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि खेलो इंडिया और सांसद खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये खिलाड़ी पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर स्पेशल ओलम्पिक भारत की हिमाचल शाखा के पदाधिकारी और खिलाड़ियों के माता-पिता भी उपस्थित थे।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ को शिक्षा निर्देशक ने राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की मान्यता प्रदान की है, जो कि स्कूल के लिए बड़े गर्व की बात है। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत शिविर लगाकर सामाजिक कार्यों के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाता है। एनएसएस में 11वीं और 12वीं के छात्र शामिल होते हैं। अब स्कूल में पूरे वर्ष कई प्रकार की गतिविधियां करवाई जाएंगी। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा की अध्यक्षता में पहली गतिविधि साइकिलिंग के प्रति जागरूकता पर हुई, जिसमें प्रधानाचार्य ने उन्हें साइकलिंग से होने वाले फायदे विद्यार्थियों को समझाए। जैसे कि मोटापे को कम करना, मानसिक स्वास्थ्य को सुधारना, बेहतर नींद आना आदि। इस मौके पर प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
एससीईआरटी सोलन द्वारा नेशनल मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति योजना को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कड़ोआ के 3 छात्रों ने पास करके मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इन विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1000 रुपये छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। प्रधानाचार्य मलकीत सिंह ने छात्रवृत्ति परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों व उनके अध्यापकों तथा अभिभावकों को बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने बताया कि इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ की आठवीं कक्षा की छात्रा अक्षरा ठाकुर का चयन हिमाचल प्रदेश विधानसभा बाल सत्र में हुआ है जैसे ही यह समाचार स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा को प्राप्त हुआ उसी समय उन्होंने यह समाचार प्रार्थना सभा में सभी छात्रों और अध्यापकों के साथ साझा किया। सभी ने तालियों के साथ अक्षरा को बधाई दी। यह बाल सत्र 12 जून को शिमला में होगा, जिसमें सभी जिलों में से 68 बच्चे भाग लेंगे। अक्षरा ने जो वीडियो भेजी थी, उसके अनुसार बेस्ट शिक्षा मंत्री बनकर शिक्षा में जो खामियां हैंए उन्हें दूर करना चाहती है। अक्षरा ने अपनी इस पूरी सफलता का श्रेय स्कूल के प्रधानाचार्य अध्यापक गणों और अभिभावकों को दिया है अंत में प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं साल भर होती रहेंगी सभी छात्रों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, जिसमें उनके अंदर छिपी प्रतिभाएं बाहर आए अक्षरा की इस उपलब्धि पर उसे बधाई देने के लिए स्कूल की प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
इंदौरा पुलिस ने शक के आधार पर राहुल नामक व्यक्ति से सोना बरामद किया है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ग्राम पंचायत भोग्रवां में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम ने सुबह शक के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को रोका। बाइक के पीछे बैठा युवक, जिसके पास बैग था वह डर गया व भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस द्वारा धर दबोचा गया, जिसके बाद उसकी तालाशी ली गई तो उसके पास से 330.300 ग्राम सोना चांदी की अंगुठी व कुछ आर्टीफिशियल ज्वैलरी बरामद की गई। इसका कोई बिल नहीं मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी में प्रधानाचार्य उपासना सूद तथा एसएमसी प्रधान राधा देवी की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंधन समिति की आम सभा का आयोजन किया गया। इसमें नए कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से भारती वर्मा, आरती, कमला देवी, फुला देवी, ममता, शालू देवी व अनीता देवी को नई कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में चुना गया। दसवीं तथा बारहवीं के संतोषजनक परीक्षा परिणाम से सभी अभिभावकों को अवगत कराया गया। इसके साथ विद्यालय में हुए विकासात्मक कार्यों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस आमसभा में प्रधानाचार्य सहित अध्यापक गण व अभिभावक गण उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया काॅआर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों तथा बदले की भावना से कार्य करने से प्रदेश की कांग्रेस सरकार डरने वाली नही है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के हकों पर कुल्हाड़ी नही चला सकते और केंद्र सरकार का यह खेल ज्यादा दिनों तक चलने वाला नही है, क्योंकि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में केंद्र से भाजपा का पूरी तरह से सफाया तय हो चुका है और जनता भी अब चुनावों के इंतजार में है। पुनीत मल्ली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बनी है जो प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने के साथ जनहित व विकास के कार्यों में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पांच सालों के कार्यकाल में प्रदेश को भारी कर्जे में डूबोया है तथा अब केंद्र की मोदी सरकार गलत निर्णय लेकर प्रदेश की माली हालत को और खराब करने लग पड़ी है। उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस सरकार ने पांच महीने का कार्यकाल ही पूरा किया है, परंतु भाजपा की बैचेनियां लगतार बढ़ती जा रही है, जिससे वे लोगों को गुमराह करने के लिए गलत हथकंडों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा की केंद्र की सरकार को हिमाचल द्वारा ऋण लेने की लिमिट को बढ़ाना चाहिये था, परंतु केंद की मोदी ने उसे कम कर दिया है ताकि प्रदेश विकास की पटरी पर न दौड़ सके। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो केंद्र की मोदी सरकार ने यह निर्णय क्यों नही लिए, क्यों अपने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश का आर्थिकी सुधारने की सलाह नही दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश को महंगाई की दलदल में डूबो कर रख दिया है। भारत का रुपया लगातार गिरता जा रहा है। देश की अािर्थकी स्थिति पूरी तरह से डगमगाई हुई है। ओर केंद्र के नेता हिमाचल में आकर मोदी का गणगान करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के गलत निर्णय प्रदेश का विकास नही रोक सकते।
मुख्य संसदीय सचिव (नगर नियोजन, उद्योग एवं राजस्व) राम कुमार ने दून विधानसभा क्षेत्र के गांव आरला में गत कई वर्षों से खराब पड़े हैंडपंप को ठीक करवा कर स्थानीय वासियों के लिए जलापूर्ति का स्त्रोत सुनिश्चित बनाया। राम कुमार ने कहा कि इस हैंडपंप से 04 गांवों आरला, खाल्टू, च्याला तथा बगीचा के लगभग 1500 लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह हैंडपंप गत कई वर्षों से खराब पड़ा था जिसे जनहित को देखते हुए ठीक करवाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह लक्ष्य है कि प्रत्येक गांव के लोगों को सभी मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रत्येक घर में स्वच्छ पेयजल, बिजली, गांव-गांव में सड़कें तथा स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है। स्थानीय जनता ने हैंडपंप ठीक करवाकर स्थाई जलापूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार का आभार व्यक्त किया। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि आगामी वर्षों में दून विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बद्दी शहर के विकास के लिए हर सम्भव प्रयास किए जा रहे है। इस अवसर पर कांग्रेस ज़िला कार्यकारिणी सोलन के सदस्य प्रेम चंद ठाकुर, वार्ड सदस्य आरला नरेन्द्र कुमार, पूर्व वार्ड सदस्य खाल्टू पदम देव, पूर्व वार्ड सदस्य आरला ओम नरेश, रवि कुमार, नरेश कुमार, यशपाल, सुरेश कुमार, सौरभ ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन के नोडल अधिकारी अजय यादव ने कहा कि 6 जून को टेबल टाॅप एक्सरसाइज व 8 जून को सोलन ज़िला के विभिन्न स्थानों पर मेगा माॅक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 8 जून को सोलन उपमंडल के शिवालिक बाईमेटल में, अर्की उपमंडल के राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में, कसौली उपमंडल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर में, नालागढ़ उपमंडल के बीर प्लासी पीसी मझोली में तथा कांडाघाट उपमंडल के अश्वनी खड्ड साधुपुल में की माॅक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
किसी भी राज्य की आर्थिक उन्नति के लिए सुचारू एवं सुरक्षित परिवहन सुविधाओं की अहम भूमिका रहती है। वस्तुओं के वितरण एवं सेवाओं के सुचारू कार्यान्वयन के लिए सड़क नेटवर्क का सुदृढ़ होना आवश्यक है। राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की विकास क्षमता का उपयोग करके संतुलित और समान विकास को गति प्रदान की जा सकती है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार राष्ट्रीय राजमार्गों और फोरलेन के मुद्दों को निरंतर केंद्र सरकार के समक्ष उठा रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश में सम्पर्क मार्गों निर्मित करने और इनके सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य करने के साथ ‘ग्रीन कॉरिडोर’ राजमार्गों की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही बड़ी फोरलेन परियोजनाएं विशेषकर कीरतपुर से मनाली फोरलेन पर बेहतर यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तीन नए ट्रैफिक-कम-टूरिस्ट पुलिस स्टेशन (यातायात-सह पर्यटक पुलिस थाना) स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और प्रदेश पुलिस के समन्वय से कुशल यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया गया है। इसके तहत सीसीटीवी कैमरा, वीडियो इंसीडेंट डिटेक्शन सिस्टम, वैरिएबल मैसेज साईन, स्वचालित यातायात पटल सह वर्गक, सड़क किनारे एवं ओवरहैड वाहन गति को दर्शाते डिस्प्ले पटल, ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी सहित आपात सहायता कॉल बॉक्स भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने गति सीमा से संबंधित डिस्प्ले पटल की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से एकीकृत कमांड केंद्र के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया है। इसके अलावा, परिवहन विभाग में स्थापित सड़क सुरक्षा सेल, सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने वाले यात्रियों के लिए वरदान साबित हुआ है। ब्लैक स्पॉट में सुधार के लिए कई उपाय किए गए हैं। प्रदेश में चिन्हित 147 ब्लैक स्पॉट में से अब तक लगभग 117 में सुधार किया जा चुका है और शेष 30 ऐसे स्पॉट को दुरुस्त करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सोलन जिला के बद्दी में निरीक्षण और प्रमाणीकरण केंद्र के लिए 16 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, ताकि प्रदेश में यांत्रिक रूप से पूरी तरह ठीक वाहन संचालित हों। पर्यटक केन्द्रित राज्य होने के दृष्टिगत यह देखा गया है कि अन्य राज्यों से कई निजी बसें बिना कर चुकाए और उचित पंजीकरण के अनाधिकृत तरीके से संचालित होती हैं। इससे न केवल राज्य के राजस्व को भारी नुकसान होता है, बल्कि यह राज्य के वैध बस संचालकों को नुकसान पहुंचाते हैं। राज्य सरकार ने ऐसी बसों का चालान करने के लिए एक कानूनी तंत्र तैयार किया है। मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर को और अधिक शक्तियां प्रदान करते हुए अब उन्हें नियमों की अवहेलना करने वाले वाहनों का चालान करने के लिए अधिकृत किया गया है।
मुख्य संसदीय सचिव, कृषि, पशु पालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिये वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि अनाथ, अर्ध अनाथ और विशेष रूप से विकलांग बच्चों, निराश्रित महिलाओं और बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चे/व्यक्ति अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट कहलायेंगे तथा इनके लिए सरकार ही माता और पिता का दायित्व निभायेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली गारंटी के रूप में प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की लंबित मांग को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल कर सेवानिवृत्ति के पश्चात कर्मचारियों उनके परिजनों के भविष्य को पूर्ण रूप से सुरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए सरकार प्रयासरत है। सीपीएस ने शनिवार को सामाजिक कल्याण एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे । इस अवसर सीपीएस ने अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की पात्र महिलाओं को 34 सिलाई मशीने वितरित कीं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से अक्षम लोगों के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के उत्थान के लिये कई कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से इनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थितियों में सुधार किया जा रहा है। किशोरी ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी रूप में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी और पूरे क्षेत्र का योजनात्मक रूप में कायापलट कर आदर्श विधान सभा क्षेत्र बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रख विकास को गति प्रदान की जायेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, एसटी सेल के जिला अध्यक्ष पृथि करोटी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी अलोक ठाकुर, सतीश जम्बाल, राजेश राणा, दिनेश शर्मा, विक्रम चौधरी, शिव चौधरी , रितिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश में आठवीं कक्षा के लिए हुई नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप (एनएमएमएस) परीक्षा का परिणाम एससीईआरटी ने घोषित कर दिया है। इसमें राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगना के चार बच्चे भी चयनित हुए हैं, जिनमें 9वीं कक्षा की उर्वशी, मोहन सिंह, मोहन लाल और हर्षा शामिल हैं। परीक्षा में विषयों की पढाई के अलावा सामान्य दक्षता, मानसिक दक्षता पैटर्न धारणा, संख्यात्मक श्रृंखला आदि प्रश्न आते हैं। इसके लिए बच्चों ने कड़ी मेहनत कर परीक्षा को पास किया है। बच्चों को माध्यमिक शिक्षा में प्रोत्साहन के लिए उन्हें आर्थिक सहायता के रूप में 10+2 तक की पढ़ाई के लिए सालाना 12000 रुपए की स्कॉलरशिप दी जाती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार , स्कॉलरशिप इंस्टिट्यूटनल नोडल ऑफिसर प्रवक्ता इंग्लिश उत्तम चंद शर्मा, स्कॉलरशिप इंचार्ज टीजीट आर्ट्स विद्याधर, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष नारायण सिंह सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को शाबाशी, शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया है।
रोजगार अधिकारी कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड, टूटू ज़िला शिमला द्वारा सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के महिला व पुरुष के 350 पद भरने के लिए 13 जून को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 14 जून को उप रोज़गार कार्यालय फतेहपुर, 15 जून को उप रोज़गार कार्यालय ज्वाली तथा 16 जून को उपरोजगार कार्यालय ज्वालामुखी में पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि पुरूष आवेदकों के लिए शैक्षणिक योग्यता बाहरवीं व दसवीं पास, कद 5 फुट 7 इंच, वजन 60 किलोग्राम से अधिक तथामहिला आवेदकों की लंबाई 5 फुट 3 इंच, वज़न 48 किलोग्राम से अधिक तथा आयु 20 वर्ष से 38 वर्ष रखी गई है। रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा ईएसआई, ईपीएफ व ठहरने की सुविधा तथा प्रतिमाह 12 हजार से 22 हजार वेतन दिया जाएगा व उनका कार्यस्थल हिमाचल, पंजाब व हरियाणा रहेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9418217918, 82221862918 पर संपर्क किया जा सकता है।
नेशनल पावर लिफ्टिंग एलाइंस और इंडियन स्ट्रांग मैन अवेंजर्स के संयुक्त 26-28 मई पंचकूला में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हमीरपुर जिला के रवीन राठौर ने दो स्वर्ण व 2 रजत पदक जीतकर ज़िले का नाम रोशन किया है। रवीन ने 200 किलो डेडलिफ्ट एक मिनट में और 200 किलो वेट होल्ड में स्वर्ण पदक जीता तो वहीं मॉन्स्टर डम्बल मैक्स रेप इन मिनट, प्लेट होल्ड 20किलो अधिकतम समय में सिल्वर मेडल जीता। रवीन ने बताया कि पंचकूला में आयोजित प्रतियोगिता के स्ट्रोंगमन की चार स्पर्धाओं में उन्होंने भाग लिया था, जिसमें 200 किलो डेडलिफ्ट एक मिनट में और 200 किलो वेट होल्ड अधिकतम समय में स्पर्धा में 58 सेकिंड होल्ड कर गोल्ड मैडल जीता तो वहीं मॉन्स्टर डम्बल मैक्स रेप इन मिनट, प्लेट होल्ड 20किलो अधिकतम समय मे सिल्वर मेडल जीता । उन्होंने कहा कि हमीरपुर में लोग अपनी फिटनेस के प्रति काफी जागरूक हैं, लेकिन पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने से परहेज करते हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में युवा खेलों के प्रति आकर्षित हैं और उन्हें अपने हुनर निकालने के लिए प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, लोक सभा सांसद सुरेश कश्यप, कृष्ण कपूर, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, डॉ सिकंदर कुमार ने कहा ओडिशा के बालासोर में कल शुक्रवार शाम को हुआ भयावह रेल हादसा अत्यंत ही दुखद और मन को शोकाकुल कर देने वाला है। सभी इस हृदय विदारक घटना से मर्माहत है। भाजपा नेताओं ने परमपिता परमेश्वर से शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। ईश्वर मृत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें। ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद ओडिशा जाएंगे। बताया गया है कि पीएम हादसे वाली जगह पर जाएंगे, साथ ही वह कटक में अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालासोर ट्रेन दुर्घटना के संबंध में स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता भी की। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के आदेशानुसार इस भीषण रेल दुर्घटना को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों के साथ–साथ देश और प्रदेश भर में होने वाले अपने सारे कार्यक्रमों को आज के लिए स्थगित कर दिया है।
राजगढ़ में मानवता एक बार फिर से शर्मसार हुई है। शनिवार को नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ में सफाई कर्मचारी जब सुबह सफाई करने गया तो उसने देखा कि शौचालय की सीट में कुछ फंसा हुआ है। जब उसे बाहर निकाला गया तो यह नवजात शिशु का शव निकला। उसने इसकी सूचना स्टाफ को दी और उसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके परसीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया और आरोपी की तलाश में जुट गई है, लेकिन पुलिस के लिए चुनौती यह है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। वहीँ खंड स्वास्थ्य अधिकारी राजगढ़ डाक्टर उपासना शर्मा के अनुसार नवजात शिशु के शव को मेडिकल कॉलेज नाहन के फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। उधर, पुलिस उप अधीक्षक राजगढ़ अरूण मोदी ने बताया कि कार्रवाई आरंभ कर दी गयी है।
एक समय ऐसा भी था, जब सड़कों पर इन वाहनों की भीड़भाड़ नहीं, बल्कि दो पहिया साइकिल ही लोगों की शान की सवारी हुआ करती थी। लेकिन समय की इस दौड़ और चकाचौंध में कब यह साइकिल का हैंडल ओर पैडल लग्ज़री और एसी कंफर्ट गाड़ियों के बीच कहीं पीछे छूट गए पता ही नहीं चला। अब अगर साइकिल कहीं सड़कों पर देखने के लिए मिलती है तो वो उन्हीं लोगों के पास जो अपनी फिटनेस के लिए साइक्लिंग करना पसंद कर करते हैं, लेकिन अगर हमें इस भागदौड़ भरी जिंदगी में खुद को फिट रखना हैं और दूषित होते पर्यावरण को भी बचाना हैं तो आवश्यकता है कि एक बार फिर से हम साइकिल को अपनी रोज की सवारी में जरूर शामिल करें, जिस तरह से हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के जसप्रीत पॉल ने किया है। जसप्रीत पॉल का सितंबर 2020 से शुरू हुआ साइक्लिंग का यह सफर 2 मई 2023 तक 15,585 किलोमीटर तक पहुंच चुका है और इसमें उन्होंने साइक्लिंग के माध्यम से 3,40,540 मीटर एलिवेशन गेन किया हैं, जो कि इतने कम समय में प्रदेश में अबतक का सबसे अधिक एलिवेशन हैं। जसप्रीत ने भले ही कोरोना काल में लगे लॉक डाउन में अपनी फिटनेस के लिए साइक्लिंग करना शुरू किया लेकिन अब उनकी साइकिल उनकी लाइफ का एक अहम हिस्सा बन गई हैं और उनका उद्देश्य भी की वह प्रदेश के युवाओं को साइक्लिंग से होने वाले फायदों के बारे में जागरूक कर सके साथ ही प्रदेश सरकार के ग्रीन स्टेट मिशन में भी साइक्लिंग की कितनी अहम भूमिका को सकती है इसे लेकर जागरूकता ला सकें। साइक्लिंग में आए दिन नए रिकॉर्ड बनाने वाले मंडी के साइकिलिस्ट जसप्रीत पॉल ने एक नई पहल की शुरुवात की हैं। जसप्रीत अपनी साइकिल पर ही हिमाचल सहित मंडी के दूर-दराज के गांव-गांव जा कर वहां बच्चों ओर युवाओं को फिटनेस, खेलों ओर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक कर रहे हैं। जसप्रीत हर रविवार को अपनी साइकिल पर प्रदेश के अलग- अलग जगहों को एक्स्प्लोर करने के लिए राइड पर निकलते हैं। इस दौरान जहां वह साइकिल से ही 100 से 150 किलोमीटर का सफर तय करते हैं तो वहीं अपने लक्ष्य पर पहुंचकर वहां के बच्चों और युवाओं को भी अब सरकार की फिट इंडिया मूवमेंट के बारे में जागरूक करने के साथ ही उन्हें पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूक करने का काम कर रहे हैं। वहीं, रोजना वह 20 से 25 किलोमीटर तक कि राइड अपनी फिटनेस के लिए साइकिल से पूरा करते हैं। जसप्रीत पॉल ने बताया कि खुद को फिट रखने के उद्देश्य से उन्होंने साइक्लिंग करना शुरू किया था लेकिन अब यह उनका जनून बन गया हैं। साइकिल के माध्यम से नई-नई जगहों को घूमना और अपने फोटोग्राफी के प्रोफेशन से उन जगहों को अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर हाईलाइट कर हिमाचल के पर्यटन को बढ़ावा देना उनका मुख्य उद्देश्य हैं। इसके साथ ही वह साइक्लिंग के माध्यम से सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी सभी लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं। जसप्रीत साइक्लिंग में बना चुके हैं क़ई रिकॉर्ड जसप्रीत पॉल ने अभी हाल ही में अगस्त माह में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मिशन कारगिल में भाग लेकर मनाली से कारगिल तक का सफर जांस्कर घाटी से होते हुए सात दिनों में साइकिल से पूरा कर एक अलग रिकॉर्ड बनाया है। छह लोगों के दल ने इस मिशन कारगिल के 585 किलोमीटर के सफर को साइकिल से फ़तह किया था जिसमें जसप्रीत पॉल भी शामिल थे। फायरफ़ॉक्स-फ़ायरस्ट्रोम चैलेंज 2021 में देश में पहला स्थान जसप्रीत हासिल किया है। इसके साथ ही कई जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं में भी वह विजेता रह चुके है। इसके साथ ही उन्होंने तीन प्रमुख यात्राएं साइकलिंग के माध्यम से पूरी की है, जिसमें की पहली यात्रा मंडी के थूनाग से चंद्रताल, रोहतांग पास से होते हुए चार दिन में पूरी की है। वहीं, दूसरी यात्रा मनाली से चंबा वाया उदयपुर, किलाड़ से होते हुए साच पास दर्रे को भी साइकिल पर पार किया है। तीसरी यात्रा उन्होंने शिमला से चांसल पास तक कि साइकिल पर पूरी की है। इसके साथ ही साइकिल चैंपियनशिप की बात की जाए तो जसप्रीत पॉल ने 23 जून से 26 जून तक आयोजित हुई फर्स्ट एमटीवी हिमाचल चैंपियनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं हाल ही में जसप्रीत ने मंडी जिला की सबसे ऊंची चोटी शिकारी देवी जो की 3358 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है उसे भी अपनी साइकिल के माध्यम से फ़हत किया हैं। उन्होंने एक ही दिन में मंडी से साइकिल पर शिकारी देवी तक जाने और वापिस मंडी आने का रिकॉर्ड भी दर्ज किया हैं। जसप्रीत की इस उपलब्धि पर उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने भी उन्हें बधाई दी हैं। जसप्रीत मंडी जिला के दुर्गम क्षेत्रों की क़ई ऊंची चोटियां भी अपनी साइकिल के माध्यम से फ़तह कर चुके हैं। जसप्रीत पहले ऐसे साइकलिस्ट हैं जो जिला मंडी के प्रसिद्ध देव स्थल कमरुनाग तक साइकिल से पहुंच चुके हैं। इसके साथ ही मंडी से शेटाधार जो कि एक प्रसिद्ध देव स्थल हैं वहां तक का सफर थलौट, थाची, शेटाधार,चेत, थुनाग, चैल चौक, डडौर होते हुए मंडी तक का 72 किलोमीटर का सफर जसप्रीत ने साइकिल से एक दिन में पूरा किया हैं। कमरुनाग सहित मंडी जिला के साथ ही कुल्लू तक के दुर्गम क्षेत्रों की राइड साइकिल से एक ही दिन में पूरा करने के क़ई रिकॉर्ड भी जसप्रीत अपने नाम कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि राज्य सरकार द्वारा भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग (एचपीएसएससी), हमीरपुर द्वारा आयोजित परीक्षाओं के लंबित परिणामों को शीघ्र घोषित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विजिलेंस की जांच के दायरे में नहीं आने वाली परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र ही घोषित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कदाचार के लिए भंग किए गए एचपीएसएससी द्वारा आयोजित की गई परीक्षाओं के रिकॉर्ड हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) को स्थानांतरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासन की कार्यप्रणाली और संस्थानों के कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय ले रही है और मेधावी और योग्य विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित कर रही है। इसके विपरीत पिछली भाजपा सरकार द्वारा एचपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक किए जा रहे थे।
फिलफोट फोरम सोलन ऐसी स्वैच्छिक संस्था है, जो कला के माध्यम से प्रदेश व देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण एवं बढ़ावा देने के लिए 37 वर्षों से सक्रिय रूप से कार्यरत है। संस्था की स्थापना 29 अप्रैल 1986 को की गई। इस का मूल उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, साक्षरता, समाज सेवा, हिमाचल प्रदेश की समृद्ध कला संस्कृति व सांस्कृतिक पुरातन परंपरा को संरक्षण, संवर्धन व प्रोत्साहित करना है I इसी क्रम को आगे बढाते हुए फिलफोट फोरम सोलन पिछले 34 सालों से अखिल भारतीय नृत्य, नाटक, संगीत प्रतियोगिता अभिनय का सफल आयोजन कर रही है I हर्ष का विषय है कि परंपरा का अनुपालन करते हुए इस वर्ष संस्था द्वारा 35वां अभिनय-2023 का आयोजन 6 जून से 10 जून तक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग हिमाचल प्रदेश की सहभागिता से किया जा रहा है, जिसमें हिमाचल प्रदेश के अलावा देश के विभिन्न राज्यों असम, मणिपुर, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा से 22 टीमों के लगभग 388 कलाकार प्रतिभागी होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन भाषा एवं सांस्कृतिक विभाग द्वारा निर्मित बहुउद्देशिय सभागार, गांव कोठो (शामती, सोलन) के सभागार में आयोजित किया जाएगा I प्रतियोगिता में 20 सामूहिक नृत्य, 56 एकल नृत्य व 34 एकल वाद्य यंत्र एवं गायन तथा 7 नाटकों का मंचन किया जाएगाI दिनांक 8 जून को शोभा यात्रा शूलिनी माता मंदिर से पुराने उपयुक्त चौक तक निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए रंगकर्मी पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल 6 जून को शाम 5 बजे करेंगे। 7 जून को सीपीएस संजय अवस्थी मुख्य अतिथि होंगे और 10 जून को शाम 5 बजे प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान द्वारा किया जाएगा।
नियमित साइकिल चलाने से शरीर फिट और तंदरुस्त रहता है कुछ ऐसा ही संदेश छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के विद्यार्थियों को प्रार्थना सभा में दिया गया। वर्ल्ड साइक्लिंग डे पर विद्यालय एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित साइक्लिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर ने हरि झंडी दिखा कर किया। करीब 20 छात्र-छात्राओं ने विद्यालय स्टेडियम में साइकिल रेस प्रतियोगिता में भाग लिया। छात्रा वर्ग में एनएसएस सवयंसेवी कोमल ने पहला स्थान प्राप्त किया व छात्र वर्ग में सन्नत व अभिनव ने प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विजेता विद्याथियों को बधाई देते हुए कहा कि साइक्लिंग हमारे स्वास्थ्य के लिये अनिवार्य है। साइक्लिंग से शरीर फिट व तंदरुस्त रहता है। कुनिहार क्षेत्र तो भगोलिक दृष्टि से समतल क्षेत्र है। यहां पर का उपयोग करके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सकता है।
पर्यटन सीजन को देखते हुए विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने दिल्ली से धर्मशाला के लिए एक और उड़ान शुरू की है। गगल एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की दिन में पांच नियमित उड़ानें हो रही हैं। नई उड़ान शुरू होने से दिल्ली से गगल आने वाली उड़ानों की संख्या आठ पहुंच गई है। इनमें स्पाइस जेट की पांच, इंडिगो की दो और एलायंस एयर की एक उड़ान हो रही है। ऑफ सीजन में गगल एयरपोर्ट के लिए तीन से चार उड़ानें होती थीं। पर्यटन सीजन में इनकी संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इतनी ही उड़ानें गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए होती हैं। इसके अलावा गगल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए भी एक उड़ान है। एलायंस एयर का विमान सप्ताह में तीन दिन शिमला के लिए भी उड़ान भरता है। हेली टैक्सी भी सप्ताह में तीन दिन धर्मशाला-मंडी-शिमला-चंडीगढ़ रूट पर उड़ान भरती है। पर्यटन सीजन में दिल्ली से गगल एयरपोर्ट के लिए अधिक उड़ानें होने से हवाई किराये में भी काफी कमी आई है। पांच जून के किराये पर नजर दौड़ाएं तो दिल्ली से धर्मशाला का किराया 4700 रुपये से शुरू होकर आठ हजार तक दर्ज किया गया है। उड़ानों की संख्या कम होने पर पर्यटन सीजन के दौरान हवाई किराया 15 से 18 हजार रुपये तक दर्ज किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला शिमला के रोहडू में हिमाचल प्रदेश कोली समाज के 13वें त्रैवार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा संवेदनशील वर्गों के उत्थान पर विशेष बल दिया जा रहा है। सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कोली समुदाय द्वारा सामाजिक कल्याण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कोली समुदाय समाज के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देता आया हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम के लिए 2399 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति के परिवारों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए भी प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक को ऋण वापिस न कर पाने वाले व्यक्तियों के लिए एकमुश्त अदायगी नीति पर विचार कर रही है। सरकार शिक्षा तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास पर भी विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए चरणबद्ध तरीके से 300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। वर्तमान प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों की चिरप्रतीक्षित मांग पर पुरानी पेंशन योजना बहाल की है तथा 2.31 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये प्रदान करने के लिए बजट प्रावधान किए गए हैं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहड़ू उप-मण्डल में तोत्सा अग्निकांड के पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आग की दुर्घटना में झुलसी बच्ची के इलाज का खर्च वहन करेगी और परिवार की दूसरी बच्ची की शिक्षा का खर्च भी वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रोहड़ू में अम्बेडकर भवन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की और कोली समाज के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर रोहड़ू क्षेत्र के सुखदेव सिंह ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को 51 हजार रुपये का चेक भेंट किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने इस भव्य सम्मेलन के लिए आयोजकों को बधाई दी जबकि पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विधायक यादविन्द्र गोमा, पूर्व विधायक चिरंजी लाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेन्द्र श्याम, जिला परिषद शिमला के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रेटका, पंचायत समिति रोहडू के पूर्व अध्यक्ष सोहन लाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवेन्द्र बुशैहरी व अरूण शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, कोली समाज के प्रदेशाध्यक्ष उत्तम सिंह कश्यप, महासचिव राजेश कोष, कोली समाज के पदाधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने नगर निगम सोलन के वार्ड 16 में ट्रांसफार्मर से पूर्ण चंद भवन कैलाश नगर तक जाने वाले मार्ग को 9 जून तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 में निहित प्रदत्त शक्तियों के प्रयोग करते हुए किए गए हैं। इन आदेशों के अनुसार उपरोक्त मार्ग को 9 जून तक प्रातः 9 बजे से सांय 5 बजे तक बंद रहेगा। आदेशों के अनुसार अग्निश्मन सेवा वाहन, रोगी वाहन, रोगी को लाने ले जाने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहन, नगर निगम वाहन तथा आवश्यक सेवाओं के लिए प्रयोग किए जा रहे वाहन इन आदेशों के दायरे से बाहर रहेंगे। इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि 9 जून तक इन मार्ग को बंद रखने के दृष्टिगत आमजन को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने 11 दिवसीय किन्नौर जिला के प्रवास के दौरान आज जिला के कल्पा उपमण्डल के राष्ट्रीय राजमार्ग-5 चोलिंग में 1 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले सम्पर्क सड़क मार्ग चोलिंग से रांगले का शिलान्यास किया। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के चहुंमुखी विकास के प्रति वचनबद्ध है तथा अपने चुनावी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण कर रही है। इस दौरान उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा सभी उचित मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूरे प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर को विकास के क्षेत्र में अग्रणी जिला बनाने के लिए वह दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर अपने नैसंगिक सौंदर्य व आतिथ्य सत्कार के लिए देश सहित विदेश भर में प्रसिद्ध है। ऐसे में यह आवश्यक है कि यहां आने वाले अतिथिगण व पर्यटक हर प्रकार की सुविधा प्राप्त कर सकें जिसका मूल उद्धारण होता है दूर-दराज गांव व पर्यटक स्थलों तक सम्पर्क सड़क मार्गों की उपलब्धता। इसी के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा जनजातीय जिलों के समग्र विकास के प्रति कार्य किया जा रहा है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के टापरी बस-स्टैंड से हिमाचल पथ परिवहन निगम की टापरी से चण्डिगढ़ के लिए वाॅल्वो बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह जिला के लोगों के लिए हर्ष का विषय है क्योंकि जिला में पहली बार वाॅल्वो बस सेवा आरंभ की जा रही है जो जिलावासियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रदेश सरकार की पहल है।
राजस्व जिला नूरपुर की आबकारी टीम ने एक जूनको उलेहिरया खानपुर, गंगवाल, भोगरा तथा मिलवां में छापेमारी के दौरान 13000 लीटर कच्ची लाहन जब्त कर नष्ट की। कुछ दिन पहले भी इसी तरह नूरपुर टीम द्वारा 30000 लीटर कच्ची लाहन को जब्त कर नष्ट की गई थी। आरोपीयों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम-2011 के तहत पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह जानकारी आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग यूनुस ने आज यहां दी।
तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज राजभवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हिमाचल में रह रहे तेलंगाना राज्य के लोगों को राजभवन में चाय पर आमंत्रित किया और तेलंगाना की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के बारे में चर्चा की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव भी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित थे। वह तेलंगाना राज्य से संबंधित हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने उन्हें सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना का गठन 2 जून, 2014 को हुआ था। तेलंगाना के गठन के रूप में राज्य को सदियों पुरानी एक समृद्ध विरासत मिली है, जिसमें संस्कृति, भाषा, कला और साहित्य का अनूठा मिश्रण है। आज तेलंगाना के लोग देश के कोने-कोने में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जो एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लोगों के बीच समन्वय को बढ़ावा देने और संबंधों को मजबूत करने में सहायक होंगे। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज हरोली के भढ़ेहड़ा में हिमकैप्स संस्थान के कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि संस्थान सहकारी क्षेत्र में देश में एक आदर्श संस्थान बन गया है। उन्होंने संस्थान के प्रबंधन से संस्थान के विकास और विस्तार के लिए विस्तृत योजना तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने संस्थान के प्रबंधकों से इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उपमुख्यमंत्री कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने इस दौरान कहा कि देश में ऊना के पंजावर में सहकारी क्षेत्र की पहली सोसायटी पंजीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र में हिमकैपस के रूप में पहला आदर्श संस्थान भी ऊना जिला ने ही दिया है। हिमकैप्स देश के सहकारी आंदोलन की सफलता की कहानी के तौर पर देखा गया है। संस्थान को विभिन्न जिलों की 106 सोसायटियां सहयोग कर रही हैं जिसमें से 73 सोसोयटी ऊना जिले से संबंधित हैं। उन्होंने लोगों को इस कार्य के लिए बधाई भी दी। उन्होंने अन्य सोसायटियों को भी इस संस्थान से जुड़ने का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हिमकैप्स को कभी राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा। उन्होंने छात्रों से कहा कि उन्हें संस्थान में अध्ययन करने पर गर्व महसूस होना चाहिए क्योंकि यह जनता के सहयोग से चल रहा है। उन्होंने संस्थान से जुड़े सभी लोगों से संस्थान को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि देश के सबसे बड़े अस्पतालों में संस्थान की छात्राएं सेवाएं दे रही हैं। संस्थान के कुछ छात्रों का न्यायधीश के पद पर चयन होने पर उन्होंने छात्रों को बधाई भी दी। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि सहकारिता को जन आंदोलन बनाने में अपना सहयोग दें। उन्होंने कहा कि आज सहकारिता क्षेत्र को जहां संश्य की दृष्टे से देखा जा रहा है वहीं हिमकैप्स इस क्षेत्र में प्रेरणा के तौर पर कार्य कर रहा है। उन्होंने संस्थान के प्रबंधन को कॉलेज में अन्य कोर्स शुरु करने के लिए औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि उनका पूर्ण सहयोग संस्थान के साथ रहेगा। उन्होंने लोगों से संस्थान की वित्तीय तौर पर मदद करने का आग्रह भी किया। संस्थान से निकलने वाले और नौकरी प्राप्त करने वाले छात्रों से एक वेतन संस्थान को देने की अपील भी उपमुख्यमंत्री ने की। उन्होंने धार्मिक स्थल पर भ्रमण के लिए संस्थान के छात्रों को पूरा सहयोग देने की बात भी कही। कार्यक्रम के मौके पर उन्होंने भढ़ेहड़ा से संस्थान तक स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। छात्राओं द्वारा इस दौरान रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उप-मुख्यमंत्री ने संस्थान के विभिन्न छात्रों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, धर्मपुर पंचायत प्रधान सुभद्रा, हिमकैप्स शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह, उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, संस्थान के विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष वीरेंद्र मनकोटिया, सहकारी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष विजय शर्मा, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित हिमकैप्स के शिक्षक, विभिन्न अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में करीब 1 माह तक चलने वाला महा अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। 30 मई से 30 जून तक चलने वाले इस विशेष अभियान को लेकर शुक्रवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जिला मुख्यालय स्थित हिमोत्कर्ष साहित्य एवं जन कल्याण परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों से मुलाकात की। इस मौके पर हिमोत्कर्ष के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र कंवर भी विशेष रूप से कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की 9 वर्ष की उपलब्धियों से परिपूर्ण एक पुस्तिका भी हिमोत्कर्ष के पदाधिकारियों को बांटी। इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला, मंडल और बूथ लेवल तक जनसंपर्क से जनसमर्थन अभियान को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के साथ स्वयं सेवी संस्थाओं, उदीयमान खिलाड़ियों, धार्मिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जा रहा है, ताकि इन सभी के माध्यम से केंद्र की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में हिमोत्कर्ष है साहित्य एवं जन कल्याण परिषद के पदाधिकारियों के साथ है बैठक का आयोजन किया गया है। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि समाज के जागरूक लोग समाज को केंद्र की उपलब्धियों के बारे में बेहतर तरीके से जागरूक कर सकते हैं। ताकि 1 वर्ष के बाद देश में होने वाले आम चुनाव से पूर्व केंद्र की उपलब्धियों को देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जा सके। इस मौके पर हिमोत्कर्ष के प्रदेश महामंत्री यशपाल सिंह ठाकुर ,रविंद्र सूद, रमेश सैनी योगेश कौशल, पूजा कपिला ,रमा कंवर क्या नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी, ममता कश्यप, करण मनकोटिया ,जिला मीडिया प्रभारी विनय शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष विनोद पुरी, पार्षद पवन कपिला ,हरमेश प्रभाकर, पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
उपमंडल देहरा की ग्राम पंचायत बड़ा के स्थानीय निवासी मजीद मोहम्मद के परिवार ओर उनके ऊपर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। मामले में भाजपा नेता मजीद मोहम्मद ने बताया कि पुलिस उनके साथ इंसाफ नहीं कर रही है। शिकायत देने पर भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। बताते चलें जमीनी विवाद की वजह से यह झगड़ा हुआ है। भाजपा नेता का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए उन्हें न्याय मिले, इसकी कम ही गुंजाइश है। हालांकि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है इस मामले में निष्पक्ष जांच हो। वहीँ, एफआईआर में दर्ज बयानों के अनुसार दूसरे पक्ष रवीना बीबी का कहना है कि मजीद मोहम्मद सहित उनके परिवार उनका रास्ता रोककर इनके साथ मार पिटाई की है, जिससे वह जख्मी हुई हैं। वहीं इस संदर्भ में देहरा थाना डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया है और तफ्तीश की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को आड़े हाथों लिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के विरुद्ध जिस प्रकार से भाजपा के नेता टिप्पणियां कर रहे हैं, यह उन्हें शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष की आवाज बन रहे ऐसे में भाजपा के कुछ नेता उछल कूद में उन्हें फर्जी कहने की हिमाकत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांधी कभी भी फर्जी नहीं हो सकता है। भाजपा के नेता अपना सोचे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने यह साबित करके बता दिया है कि किस प्रकार से विपक्ष की आवाज बना जाता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की नींद उड़ाई है, भाजपा के नेता उनकी बढ़ती लोकप्रियता सहन नहीं कर पा रहे हैं।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई है पूर्ण बहुमत के साथ, कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से राहुल गांधी ने लगातार भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मेहनत की जनता की आवाज को उठाया जनता के मुद्दों को उठाया यह उसी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हर कांग्रेस का कार्यकर्ता कांग्रेस के नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर के खड़ा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो यह सोच देश में फैला रही थी कि कांग्रेस मुक्त देश को करेंगे, आज अनेक राज्य भाजपा मुक्त हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से तंग आ गई है। उन्होंने कहा कि महासंपर्क करने वाले भाजपा के नेता जनता को यह बताएं कि हिमाचल प्रदेश को कौन सा आर्थिक पैकेज दिया है? उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को लेकर आर्थिक कटौती करने का काम किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्यों के साथ मजबूती के साथ देश बना है, इसलिए केंद्र की सरकार हिमाचल के हित से खिलवाड न करें। उन्होंने कहा कि हम पूरी तरह से केंद्रीय मापदंडों को अपना रहे हैं। हिमाचल के अधिकारों के साथ धक्का नहीं होने दिया जाएगा।केंद्र का हिस्सा हिमाचल को मिले इसके लिए बुलंद आवाज उठाई जा रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता इस बात को ध्यान में रखें कि कांग्रेस पार्टी एक आंदोलन है, एक विचार है और गांधी परिवार ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है, महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, देश की आज़ादी के बाद भी बलिदान दिया है। ऐसे में राहुल गांधी ,सोनिया गांधी ,प्रियंका गांधी के विरुद्ध टिप्पणी करने से पहले भाजपा के नेता सोच विचार करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी मुंहतोड़ जवाब देगी।


















































