बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा के विद्यार्थियों के लिए जिला परिषद सदस्य पुष्पा मन्हास द्वारा जिला परिषद फंड से 2 वाटर कूलर और एक वाटर कूलर पंचायत को भेंट किए गए। इस मौके पर विशेष रुप से पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने रिबन काटकर वाटर कूलर स्कूलों व पंचायत को समर्पित किए। उन्होंने रावमापा डाडासीबा, जीएचएस रोड़ी रोड़ी व रोड़ी कोड़ी पंचायत में ये वाटर कूलर दिए। विद्यालयों की समस्त विद्यालय व स्टाफ सदस्यों की तरफ से प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने जिला परिषद पुष्पा मन्हास व ठाकुर सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी उनसे इस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आगे आकर कार्य करने की अपेक्षा की। इस मौके पर डाडासीबा पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास, जसवां परागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुशल सपेहिया, कांग्रेस सेवा दल के सचिव अश्विनी शर्मा व रणजीत परमार आदि मौजूद रहे।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत रियाली से गुजरने वाले बडूखर-हाजीपुर रोड पर पांच साल से पहले तारकोल विछाई गई थी, उसके बाद मात्र एक बार पैच वर्क किया गया था। लेकिन वह तुरंत ही निकलना शुरू हो गया था। उसके बाद बडूखर-हाजीपुर रोड को देखने कोई विभागीय अधिकारी नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कभी नेता हमारे क्षेत्र में आते हैं तब विभाग खड्डों में मिट्टी डालकर चला जाता है। बाद में वही मिट्टी हमारे रखे गए खाने के सामन को खराब करती है। किसान संघर्ष सेवा समिति प्रधान विजय कुमार ने बताया कि हम गांव के लोग आराम से रह रहे थे, मगर जबसे हमारे एरिया में क्रैशर उद्योग स्थापित हुए हैं, तब से यहां जीना दूभर हो गया है। रोड की बात नहीं, बल्कि फसलों को भी बीमारियां पड़ रही हैं। पानी लेवल डाउन हो रहा है और रोड की हालत बद से बदतर हो रही है। रोज हजारों टन क्रेशर मटेरियल की कालाबाजारी लगातार हो रही है, लेकिन प्रशासन ने आंखों पर पट्टी बांध रखी है।
एचपीटीयू हमीरपुर ने आज एमबीए प्रथम सेमेस्टर और तीसरे सेमेस्टर का परिणाम जारी किया, जिसमें एलआर संस्थान के छात्रों ने अच्छा रैंक हासिल किया। एलआर छात्र किरण शोष्टा ने एमबीए तीसरे सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त किया और रुचिका शर्मा ने एमबीए प्रथम सेमेस्टर से 8.41 के कुल सीजीपीए के साथ 5वां स्थान प्राप्त किया। एमबीए थर्ड सेमेस्टर की छात्रा किरण ने 8.58 सीजीपीए के साथ एक बार फिर यूनिवर्सिटी में टॉप किया है। विभागाध्यक्ष श्वेता गुप्ता ने छात्रों को बधाई दी और उन्हें उनके भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। एलआर आरके गुप्ता के प्रबंध निदेशक, उप निदेशक आदिल हुसैन और हुसैन जैदी ने उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह 4 जून को दोपहर 12 बजे मंडी के भियुली स्थित भीमाकाली मंदिर प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह मेमोरियल चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण करेंगी। उसके बाद सराज विधानसभा क्षेत्र के बारा के लिये रवाना होगी,जहां वह एक जन सभा को संबोधित करेंगी। रात्रि विश्राम मंडी परिधि गृह ही रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित पाल सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि 5 जून को प्रतिभा सिंह मंडी जिला में सांसद निधि से चल रहे विकास कार्यो की अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक करेंगी। उसके उपरांत मंडी में बनने वाले बहुद्देश्यीय स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण से जुड़े अधिकारियों की भी एक बैठक लेंगी। इसी दिन दोपहर बाद 1 बजे बंजार विधानसभा क्षेत्र के गरसा में जिला स्तरीय गरसा मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के बाद प्रतिभा सिंह शिमला लौट आएंगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला शिमला के रोहड़ू में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोटखाई-हाटकोटी और डोडरा क्वार में सुरंगों के निर्माण के लिए सर्वेक्षण किया जाएगा। इन सुरंगों से क्षेत्र के लोग लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का क्षेत्र का यह पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्षेत्र से क्वार को जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे। उन्होंने रोहड़ू में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोलने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिचौलियों द्वारा सेब के बागवानों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में 10 शीत भण्डारण स्टोर स्थापित करने के लिए मौजूदा बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादकों के कम गुणवत्ता वाले सेबों का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के उपाय भी किए जा रहे हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय पेंशन योजना में कवर किए जा रहे सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल करने का वायदा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास राष्ट्रीय पेंशन योजना के तहत जमा लगभग 9000 करोड़ रुपये वापस लाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में स्थापित ऋणमुक्त जलविद्युत परियोजनाओं में केंद्र सरकार से 30 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 6000 अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शुरू की है, जिसके तहत राज्य सरकार 27 वर्ष की आयु तक देखभाल और सहायता प्रदान करेगी। सरकार उनकी उच्च शिक्षा का व्यय, 4000 रुपये जेब खर्च प्रदान करेगी और वार्षिक यात्रा की व्यवस्था भी करेगी। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चों को कानूनी अधिकार देने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि विधवाओं और एकल महिलाओं को भी घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार मार्च 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित और स्वच्छ राज्य बनाने के प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा ई-बसों, ई-ट्रकों और ई-ट्रकों की खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण में सुधार करना और राज्य में कार्बन उत्सर्जन को कम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के रास्ते में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री के एक दिवसीय दौरे के दौरान रोहड़ू पहुंचने पर स्थानीय निवासियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के द्वारा शासन के लिए अपनाए गए जमीनी स्तर के दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को पिछले पांच वर्षों में केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता नहीं मिली है, जिससे राज्य में वित्तीय संकट पैदा हो गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग में शिक्षकों के 6000 पदों को भरने की स्वीकृति देने के मुख्यमंत्री के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षकों की कमी को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम चुनावों में लोगों ने कांग्रेस पार्टी को भारी जनादेश दिया है, जो राज्य सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही प्रभावशाली नीतियों और कार्यक्रमों को प्रमाणित करता है। मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि पिछली सरकार से 75,000 करोड़ रुपये का कर्ज विरासत में मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विकास के लिए सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के पांच वर्षों में रोहड़ू का विकास ठप्प हो गया था और क्षेत्र के निवासियों को वर्तमान सरकार से काफी उम्मीदें हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक यादविंदर गोमा, पूर्व विधायक चिरंजी लाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, जिला परिषद शिमला के उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र बुशहैरी, अरुण शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जिला किन्नौर में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा में जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें कल्पा, निचार व पूह विकास खण्ड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र व छात्राओं ने भाग लिया। जानकारी देते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक पंजाब नेश्नल बैंक रिकांग पिओ के तिलक राज डोगरा ने बताया कि पंजाब नेश्नल बैंक द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशानुसार वित्तीय साक्षरता के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा की काव्य कुमारी व शिखा ने प्रथम स्थान जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रारंग के दिनेश कुमार व ईशिता ने दूसरा स्थान तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंगरा से मिश्रा व इश्मू ने तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि बैंक की तरफ से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 7500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5 हजार रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप उनके बचत खातों में अन्तरित कर दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रबंधक द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर आरबीआई के भरत राज, विद्यालय के अध्यापकों व विद्यार्थियों सहित अन्य उपस्थित थे।
जिला किन्नौर में पर्यावरण सरंक्षण व स्वच्छता के दृष्टिगत लाइफ-स्टाईल फाॅर एनवाॅयरनमेंट कार्यक्रम (मिशन लाइफ) 15 मई से 5 जून तक चलाया जा रहा है। मिशन लाईफ के अंतर्गत जिला किन्नौर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज जिला के रिकांग पिओ में युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा स्वच्छता के प्रति एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ के विद्यार्थियों द्वारा नारों व रैली के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा जिला की ग्राम पंचायत शुदारंग, चारंग, रिस्पा, चांगो व अकपा में स्थानीय महिला मण्डलों, स्वयं सहायता समूहों व युवक मण्डलों द्वारा विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर लोगों को गांव की ऐतहासिक धरोहरों, सामुदायिक केद्रों, स्कूली भवनों, महिला मण्डल भवनों, पंचायत भवनों के सौंदर्यीकरण व रख-रखाव के बारे लोगों को जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त पारम्परिक जल-स्त्रोतों की साफ-सफाई भी की गई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों को उपदान दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करते हुए उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से दिए जाने वाला सरसों का तेल 110 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लाभार्थियों को सरसों का तेल अब पहले की तुलना में लगभग 37 रुपये प्रति लीटर सस्ता उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि जून, 2023 से पहले गरीबी रेखा से नीचे लाभार्थियों को सरसों का तेल 142 रुपये प्रति लीटर तथा गरीबी रेखा से ऊपर के लाभार्थियों को 147 रूपये प्रति लीटर की दर से प्राप्त हो रहा था। मुख्यमंत्री कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को राहत प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। इस दिशा में निरन्तर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जन हितैषी निर्णय लिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न प्रदान किये जाएं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत 19 लाख 74 हजार 790 राशन कार्ड धारक हैं, जिन्हें 5197 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपदान दरों पर विभिन्न खाद्यान्न प्रदान किए जा रहे हैं।
हमीरपुर जिला के साथ लगती बलोह पंचायत की महिला प्रधान ने बीती रात को आत्महत्या का प्रयास किया। तबीयत खराब होता देख परिजन उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले आए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी तबीयत में सुधार ना देखकर डॉक्टरों ने उसे टांडा रेफर कर दिया। पंचायत प्रधान ने टांडा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला पंचायत प्रधान ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया है, इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मौके पर कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिस कारण आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। महिला ने टांडा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क) संजय अवस्थी 3 जून यानि कल अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर आ रहे हैं। संजय अवस्थी 3 जून को दोपहर बाद 2 बजे अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घनागुघाट में पंचायत सामुदायिक हॉल का लोकार्पण करेंगे। मुख्य संसदीय सचिव तदोपरांत घनागुघाट में ही बहुउद्देश्य व्यावसायिक परिसर की आधारशिला भी रखेंगे। संजय अवस्थी इसके उपरांत घनागुघाट मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
मैसर्ज़ मोटोजिल़ प्राइवेट लि., मैसर्ज़ क्वेस काॅप लि., मैजसऱ् चंडीगढ़ सेल्स सोलन तथा मैसज़ एसआईएस उद्योगों में विभिन्न पदों को भरने के लिए 6 जून को ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि विभिन्न 180 पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक बी.काॅम, एम.काॅम, आई.टी.आई फिटर, इलैक्ट्रीशियन, बाॅयलर थर्मोकाॅल, बॉयलर फायरमैन थर्मोकाॅल निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि 18 से 37 आयु वर्ग के युवा इन पदों के लिए होने वाले कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यार्थी ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 6 जून को प्रातः 10.30 बजे कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242 तथा मोबाईल नंबर 70189-18595 व 78768-26291 पर संपर्क किया जा सकता है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल 4 और 5 जून को जिला हमीरपुर के प्रवास पर रहेंगे। राजभवन से प्राप्त प्रवास कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल रविवार 4 जून को सुबह करीब सवा नौ बजे हेलीकॉप्टर से हमीरपुर पहुंचेंगे और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित की जा रही उत्तर क्षेत्रीय पर्यावरण कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इसी दिन दोपहर को वह समीरपुर जाएंगे और वहां पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से भेंट करेंगे। शाम को राज्यपाल ग्राम पंचायत नेरी का दौरा भी करेंगे तथा आम लोगों से संवाद करेंगे। सोमवार सुबह साढे नौ बजे वह जिला के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसी दिन दोपहर बाद वह डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज के निर्माणाधीन नए कैंपस का निरीक्षण करेंगे तथा उसके पश्चात पालमपुर रवाना हो जाएंगे।
जिला स्तरीय मां चंडी मेले में वालीबॉल प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में वीएसएलएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन चंडी की बीएड एवं जेबीटी के प्रशिक्षुओं की संयुक्त टीम ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इस प्रतियोगिता के फाइनल तक पहुंची और चंडीगढ़ की वालीबॉल टीम से कड़े संघर्ष के बाद टीम उपविजेता रही। इस प्रतियोगिता के बारे में जानकारी देते हुए कॉलेज के शारीरिक शिक्षा के प्रवक्ता संजीव चौहान ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में कई टीमों ने भाग लिया, जिसमें कॉलेज की टीम ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक पहुंची और उपविजेता रही। कॉलेज के वालीबॉल टीम के खिलाड़ियों के उम्दा प्रदर्शन के लिए इस मेले के समापन पर आए हुए मुख्य अतिथि मुख्य संसदीय सचिव एवं विधायक दून विधानसभा क्षेत्र चौधरी रामकुमार द्वारा कॉलेज की वालीबॉल टीम को ट्रॉफी एवं 11000 रुपये की नकद राशि द्वारा सम्मानित किया गया l खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन के लिए कॉलेज संस्थापक अध्यक्ष सुरेश चंद्र शर्मा, कॉलेज प्रबंधन समिति के सचिव चंद्र मोहन शर्मा, प्रधानाचार्य राज मनी शर्मा एवं जेबीटी के विभागाध्यक्ष हीरा दत्त शर्मा के अलावा स्टाफ के सभी सदस्यों ने टीम के श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें सम्मानित भी किया गयाl
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क) संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी में पर्यटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण योगदान है। संजय अवस्थी गत सायं सोलन के सपरुन में द सोलन एनएटीसी को-ऑपरेटिव सोसायटी द्वारा संचालित एसबीपी इंस्टीटयूट ऑफ ट्रेवल एंड टूरिज़म के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर अनौपचारिक विचार-विमर्श में कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में पर्यटकों की अधिक आवाजाही स्थापित पर्यटक क्षेत्रों पर है। प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि हिमाचल प्रदेश में न केवल अनछुए पर्यटक स्थलों को विकसित किया जाए अपितु प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थानों पर आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, साहसिक पर्यटन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और गंतव्य पर्यटन के विकास पर बल दिया जा रहा है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों सहित स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रयास है कि हिमाचल में आरम्भिक चरण में चिन्हित स्थानों पर हैलीपोर्ट निर्मित किए जाएं ताकि आवाजाही का बेहतर साधन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह प्रयास पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने और रोज़गार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य ‘हिमाचल प्रदेश कौशल विकास कार्यक्रम’ के अंतर्गत सोलन ज़िला के वाकनाघाट में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से ‘‘उत्कृष्ट केंद्र ’’ की स्थापना की जा रही है। संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश की तीन जागरूक महिलाओं श्वेता सूरी, ज्योति साहनी और स्मृति तोमर द्वारा सहकारिता के अंतर्गत आरम्भ किया गया एस.बी.पी. इंस्टीटयूट ऑफ़ ट्रेवल एंड टूरिज़म हिमाचल प्रदेश में अपनी तरह का पहला इंस्टीटयूट है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में बेहतर रोज़गार व स्वरोज़गार के अवसर सृजित करने में यह इंस्टीटयूट मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रयास जहां महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा वहीं प्रदेश की अन्य महिलाओं को इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने महिला उद्यमियों को संस्थान की स्थापना के लिए बधाई देते हुए आशा जताई कि उनका प्रयास युवाओं को पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में बेहतर करने के लिए सशक्त मंच उपलब्ध करवाएगा।
साई इंटरनेशनल स्कूल में आज मैंगो डे मनाया गया। इसमें छोटे-छोटे बच्चे येलो मैंगो के अलग-अलग रूप में तैयार होकर आए थे। वे अपने साथ तरह-तरह के मैंगो भी लाए थे। इस मौके पर आम के पोषक तत्वों जैसे- विटामिन-सी और विटामिन-ए के बारे में उन्हें जानकारी दी गई। यह रेशेदार फल हमारे पाचन तंत्र को मजबूत करता है और लू लगने से बचाता है। उन्हें इसके सेवन के विभिन्न रूपों जैसे- मैंगो शेक, आइसक्रीम, जैम, अचार, चटनी आदि के बारे में भी बताया गया। मैंगो डे सेलिब्रेशन एक फन एक्टिविटी होने के साथ बच्चों में लैंग्वेज डेवलपमेंट का भी माध्यम बना। इस मौके पर सभी बच्चों में काफी उत्साह दिखाई दिया।
कुल्लू जिले में बिजली महादेव रोप-वे का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को ढालपुर में रोप-वे के विरोध में खराहल और कशावरी फाटी के लोग सड़कों पर उतरे। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और रोष रैली निकाली। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार बिजली महादेव रोप-वे बनाने के फैसले से पहले खराहल व कशावरी की जनता से किसी भी तरह की बातचीत नहीं की गई। लोगों ने कहा कि बिजली महादेव का क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से उभर रहा है। इससे स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार की उम्मीद जगी है, लेकिन रोप-वे बनने से स्थानीय लोगों के रोजगार कम होने की संभावना है। दूसरी ओर रोप-वे बनाने के लिए सैकड़ों पेड़ काटे जाएंगे, जिससे पर्यावरण पर भी दुष्प्रभाव पड़ेगा। रोप-वे नहीं बनाने की बात आम हरियानों की बैठक में देववाणी से भी की गई है। फिर भी रोपवे लगाने की सरकार कोशिश कर रही है, जिससे देवता के हारियान भी नाराज हैं और अपना विरोध कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि सरकार शीघ्र सड़क को चौड़ा कर दोनों तरफ से बिजली महादेव में जोड़ा जाए ताकि पर्यटकों व जनता को सुविधा मिल सके। लोगों के अनुसार अगर रोपवे बनाने की योजना को रद्द नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन को तेज करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
मुख्य संसदीय सचिव, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का छोटा भंगाल क्षेत्र महत्वपूर्ण स्थान और इसके विकास के लिए धन की कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। सीपीएस ने शुक्रवार को मुल्थान में जन समस्याओं को सुना और छोटा भंगाल क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों का साथ समीक्षा की। सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास और सरहनीय कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार, प्रदेश को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए गरीब लोगों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिये योजनाओं को बनाकर धरातल पर उतारा जा रहा है। छोटा भंगाल पर्यटकों का पसंदीदा स्थल, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्रतिबद्ध किशोरी लाल ने कहा कि छोटा भंगाल बैजनाथ विधान सभा क्षेत्र का प्रमुख पर्यटक स्थल और बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं नैसर्गिक सौंदर्य, जलवायु अपनी समृद्ध संस्कृति के चलते छोटा भंगाल पर्यटकों का भी पसंदीदा स्थान है। यहां वर्ष भर हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त छोटा भंगाल क्षेत्र में करोडों रुपये की बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में फल उत्पादन की ओर भी स्थानीय लोगों को प्रेरित करने के लिये विभाग को दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। एक वर्ष में बनेगी बीड़ बिलिंग बड़ाग्रां सड़क सीपीएस ने कहा कि बीड, बिलिंग वया राजगुन्दा बड़ाग्रां सड़क के शेष कार्य के लिये साढ़े 9 करोड़ से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में कार्य पूर्ण कर बस सेवा पोलिंग तक आरंभ की जायेगी। उन्होंने कहा कि मुल्थान में 4 करोड़ 26 लाख से संयुक्त कार्यालय परिसर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि छोटा बंगाल क्षेत्र में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो। इसके लिए अध्यापको के पदों को शीघ्र भरने के आदेश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि लोकनिर्माण विभाग को मुल्थान कॉलेज भवन के निर्माण को आरम्भ करने के लिये भी निर्देश भी जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटा भंगाल क्षेत्र में स्वाड़, अन्द्रोंलीमलां तथा बुझलिंग सड़कों का निर्माण की औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। 108 करोड़ से बनेगी बैजनाथ पपरोला पेयजल और सीवरेज योजना उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के विकास के कार्यों को गति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बैजनाथ पपरोला में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 40 करोड़ की लागत से पेयजल योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त नगर पंचायत क्षेत्र में सीवरेज सुविधा के लिए भी 68 करोड़ की योजना बनाई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, पृथि करोटी, मिलाप राणा, प्रधान मुल्थान संजीव कुमार, अध्यक्ष ब्लॉक युवा कांग्रेस रविंदर राव, शशी राणा, मोहिंदर सिंह रजिंदर कपूर, कुलदीप राणा तहसीलदार पूर्ण चन्द कौंडल, बीडीओ राकेश पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
केंद्र सरकार ने विश्व बैंक, एडीबी सहित विभिन्न विदेशी एजेंसियों की सहायता से हिमाचल में चल रहीं विभिन्न योजनाओं को संचालित करने के लिए कर्ज मुहैया करने पर सीलिंग लगा दी है। इन एजेंसियों से हिमाचल सरकार आगामी तीन साल में केवल 3,000 करोड़ रुपये का ही ऋण ले पाएगी। केंद्र की इस सख्ती से अब स्वाभाविक रूप से हिमाचल प्रदेश के हाथ बंध गए हैं। इससे राज्य में विकास कार्य प्रभावित होंगे। प्रदेश में विश्व बैंक, एशियन डेवलपमेंट बैंक यानी एडीबी, जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी यानी जीका, जर्मन फेडरल सरकार से वित्तपोषित केएफडब्ल्यू डवेलवमेंट बैंक, फ्रांस की एजेंसी एएफडी, शंघाई स्थित मुख्यालय वाले न्यू डवेलपमेंट बैंक यानी एनडीबी आदि बाहरी वित्तपोषण वाली एजेंसियों से कर्ज लेकर कई परियोजनाएं चल रही हैं। ऐसी बाहरी एजेंसियों से अब आगामी तीन साल में हिमाचल प्रदेश केवल 3,000 करोड़ रुपये की ही आर्थिक सहायता ले सकेगा।
जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में लगातार हो रही जानलेवा बरसात के बीच यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त है। लगातार हो रही भारी बारिश से उप तहसील हरिपुरधार के तहत ग्राम पंचायत भलाड भलोना में पिछले दिन धर्मपाल पुत्र हीरालाल शर्मा की दो गाय, एक बछड़ा और एक बड़ी बछड़ी मलबे के नीचे दब गयीं। धर्मपाल शर्मा ने बताया कि उनकी गौशाला के पीछे से भारी भूस्खलन हुआ, जिससे इनकी एक दूध देने वाली गाय, एक बछड़ी व एक बछड़ा मलबे की चपेट में आने से मर गए, जबकि एक गाय काफी घायल हुई है। इससे धर्मपाल को काफी नुकसान पहुंचा है। गौशाला के ऊपर का कमरा भी मलबे की चपेट में आने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन की टीम मौके पर नुकसान का जायजा लेने पहुंच गयी। प्रसाशन ने हुए नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेज दी है।
शिमला जिले के रोहड़ू में आज बड़ा हादसा होने से टल गया। रोहड़ू के तांगणू से चिड़गांव जा रही हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम (HRTC) की बस पहाड़ी से टकराई। इससे करीब 40 यात्रियों को चोटें आई है। घायलों का सामुदिक स्वास्थ्य केंद्र संदासू में उपचार चल रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अब तक जानकारी के अनुसार, सुबह सवा 9 बजे के करीब निगम की बस की ब्रेक फेल हो गई। इसके बाद चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस को पहाड़ी की ओर काटा। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मौके पर बस यदि सड़क से बाहर पलट गई होती तो बड़ा जानी नुकसान इस हासदे में हो सकता था। बस में लगभग 44 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
चंबा जिले के भरमौर उपमंडल के ढकोग-बन्नी संपर्क मार्ग पर वीरवार देर रात बोलेरो कैंपर के नाले में जा गिरने से चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जयकरण पुत्र रांझा राम वासी गांव मांधा तहसील भरमौर जिला चंबा के तौर पर की गई है। वाहन में एक ही व्यक्ति सवार था। पुलिस ने शव का सिविल अस्पताल भरमौर में पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार जयकरण बोलेरो कैंपर वाहन में सवार होकर बन्नी से मांधा की ओर आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर नीचे नाले में जा गिरा। परिणामस्वरूप जय करण की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालकों और परिचालकों को ओवरटाइम और रात्रि भत्ते के भुगतान के लिए 4.50 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों से एचआरटीसी के चालकों और परिचालकों को उनके भत्तों का भुगतान नहीं किया गया था। वर्तमान प्रदेश सरकार ने यह राशि आवंटित कर अपने वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता निभाई है। अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि एचआरटीसी के विभिन्न कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों ने पिछले माह उनसे भेंट कर उनकी मांगों, विशेष रूप से ओवरटाइम और रात्रि भत्ते के भुगतान पर चर्चा की थी। सरकार ने अपना वायदा निभाते हुए इन भत्तों के भुगतान के लिए राशि जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों के कल्याण के लिए अनेक महत्वाकांक्षी निर्णय लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में लगभग डेढ़ लाख कर्मचारियों को लाभान्वित करते हुए पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके अतिरिक्त सरकारी कर्मचारियों के लिए तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त भी जारी की गई है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार कर्मचारियों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ ही प्रदेश सरकार कर्मचारियों के कल्याण के दृष्टिगत हर संभव प्रयास करेगी।
संत शिरोमणि कबीर की जयंती 4 जून को ग्राम पंचायत लंबागांव के अंतर्गत सदगुरु कबीर साहेब भवन धरोड़ में धूमधाम से मनाई जाएगी। इसमें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कबीर जयंती पर राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में बहुत से महिला मंडल, युवक मंडल भाग लेंगे। सदगुरु कबीर साहेब के प्रवचनों का गुणगान, भजन, कीर्तन हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। कबीर समाज सुधार कमेटी जयसिंहपुर के प्रधान शक्ति चंद, मीड़िया प्रभारी हरिदास और सचिव मोहिंदर सिंह ने बताया कि समाज में एक समरसता का वातावरण तैयार हो, बिना भेदभाव के समाज आगे बढ़े, यह कमेटी लगातार इस पर बड़ी मेहनत से कार्य कर रही है।
चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य दिवस को देखते हुए शाहपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम 1 जून को मनाया गया। इसमें आशा वर्कर्स और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य और प्रजनन संबंधी स्वास्थ्य को समझना बहुत ही जरूरी है। आज महिलाएं जो घर, परिवार, समाज, नौकरी में अपनी जिम्मेदारी को खूबी निभा रही है, उनको स्वास्थ्य रहना बहुत जरूरी है। डॉ. अनुराधा कार्यक्रम अधिकारी धर्मशाला ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने कामों में व्यस्त रहती हैं और अपने स्वास्थ्य पर बिल्कुल ध्यान नहीं देती। आज की महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं, अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को इग्नोर कर देती हैं। इससे समय पर बीमारियों का इलाज नहीं करवा पाती। बढ़ती उम्र में हाइपरटेंशन, शुगर की बीमारी कैंसर तक बीमारी पहचानने में देर हो जाती है। आजकल के खानपान और दिनचर्या से यह बीमारियां कम उम्र में भी देखने को मिल रही हैं, इसलिए कोई भी लक्षण होने पर हमेअपना चेकअप स्त्री विशेषज्ञ या अन्य विशेषज्ञों से करवाना जरूरी है। इसमें मुख्य स्तन कैंसर यूटरस कैंसर सरविक्स का कैंसर मुख्य है। हर महिला को अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए जल्दी डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले बदलाव तथा माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विस्तार से चर्चा की।महावारी में स्वच्छता रखने पर हम जननांगों में कई तरह के संक्रमण से बच सकते हैं।
जिला हमीरपुर के विधान सभा क्षेत्र सुजानपुर के ग्राम पंचायत देई का नौंण के झलवानी बूथ नम्बर 75 में भाजपा सदस्य व पधाधिकारों द्वारा 'सरल एप' डाउनलोड की। भाजपा अपने प्रत्याशियों का चयन, बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति ऐप के जरिए किया गया। भाजपा ने सबका ब्योरा जुटाने के लिए 'सरल ऐप' को माध्यम बनाया है। सभी जिलों में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को अपनी जानकारी इसमें भरनी होगी । ऐप के जरिए ही यह भी जानकारी जुटाई जाएगी। जिला भाजपा प्रभारी परवेश शर्मा, ग्राम केंद्र अध्यक्ष कैप्टन शमेशर सिंह राणा, बूथ अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, बूथ पालक सुभाष रांगडा ,महिला मोर्चा व आईटी सेक्टर विक्की वनीता, भाजपा सदस्य जगदीश शर्मा, मंजूघोष शर्मा, सुजाता शर्मा, विजय शर्मा, मदन शर्मा, संजय कमल, देवराज शर्मा आदि उपस्थित थे।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जनजातीय जिला किन्नौर की दूर-दराज ग्राम पंचायत थेमगंरग व बौनिंगसारिंग में आम जनमानस की जन-समस्याओं को सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गरीब व जरूरतमंद लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर के आम लोगों की समस्याओं का निवारण सुनिश्चत बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि सभी उचित मांगों को प्रदेश सरकार द्वारा सहानुभूतिपूर्वक व चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। राजस्व मंत्री ने 15 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन थेमगरंग का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त देवर कंडा पर 157 फीट लंबे पैदल चलने वाले पुल का शिलान्यास किया। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश सरकार जनजातीय जिलों के समग्र विकास के लिए तत्परता से दिन-रात कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चुनाव के दौरान किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है जिसका उद्धारण है पुरानी पेंशन योजना की बहाली। इसी तरह प्रदेश की जरूरतमंद महिलाओं को 1500 रुपये की मासिक पेंशन देने के वादे को भी सरकार द्वारा पूरा किया जा रहा है तथा अधिकतर जरूरतमंद महिलाओं को मासिक पेंशन प्रदान की जा चुकी है। इसके अलावा बागवानी मिशन के तहत जिला किन्नौर में 50 करोड़ रुपये खर्च कर किसानों व बागवानों को 20 लाख पौधे आबंटित किए जाएंगे। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सांगला के थेमगरंग में 5 लाख रुपये की राशि से निर्मित सेरिंगचे स्वागत द्वार का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सांगला होली उत्सव को राज्य स्तरीय होली उत्सव बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने महिला मंडल थेमगरंग को रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति प्रस्तुत करने के लिए स्वैच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषण की। इससे पूर्व राजस्व, बागवानी एवम जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी का विभिन्न ग्राम पंचायत प्रधानों, मंदिर कमेटियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों व रोड़ कमेटियों द्वारा पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया।
राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला इस वर्ष 23 से 25 जून, 2023 तक सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव ने दी। अजय यादव ने कहा कि राज्य स्तरीय शूलिनी मेला के लिए कलाकारों को 10 जून, 2023 तक आवेदन करना होगा। आवेदन अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला लोक सम्पर्क अधिकारी सोलन के कार्यालय में किया जा सकता है। आवेदन ई-मेल के माध्यम से भी किया जा सकेगा। कलाकार प्रस्तुति के लिए अपना आवेदन ई-मेल adm-sol-hp@nic.in तथा dprosolan4@gmail.com किया जा सकता है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल के कलाकारो के ऑडिशन की तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदन करते समय सभी कलाकार अपना मोबाईल नंबर आवेदन प्रपत्र पर अवश्य अंकित करें। अजय यादव ने कहा कि मंच संचालको को भी आवेदन कर ऑडिशन देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जिन कलाकारों ने आकाशवाणी से बी-हाई ग्रेड में स्वर परीक्षा उत्तीर्ण की है को आवेदन के साथ अपना प्रमाण पत्र देना होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला में विभिन्न विद्यालयों के वरिष्ठ छात्रों को प्रस्तुति के लिए समय दिया जाएगा। अजय यादव ने कहा कि मेला समिति का यह प्रयास रहेगा कि तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में प्रदेश के कलाकारों को उचित समय प्रदान किया जाए।
ऊना में नकली लेबल और होलोग्राम लगी शराब की 420 पेटियों के साथ साथ भारी मात्रा में शराब बनाने में प्रयोग होने वाली स्पिरिट मिलने के बाद एक्साइज विभाग भी हरकत में आ गया है। एक्साइज विभाग के ज्वाइंट कोलेक्टर विवेक महाजन ने दलबल के साथ जिला ऊना में कई स्थानों पर छापेमारी की, वहीं कई शराब की दुकानों और गोदामों में निरीक्षण भी किया। एक्साइज विभाग ने मैहतपुर बैरियर पर एक ट्रक को रोक दिया था, जिसमें शराब लदी हुई थी। इस ट्रक को जिला मुख्यालय के पुराना होशियारपुर रोड स्थित गोदाम तक एक्साइज विभाग की टीम ने पहुंचाया और इसमें लदी शराब की भी चैकिंग की। एक्साइज विभाग के ज्वाइंट कलेक्टर विवेक महाजन ने कहा कि अवैध शराब और स्पिरिट के मामलों के चलते एक्साइज विभाग भी सतर्क है और पुलिस को कई तरह से सहयोग भी दिया जा रहा है। इन्हीं मामलों के चलते कई संभावित स्थानों पर छापामारी भी की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग लडभड़ोल के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की भूमि में लडभड़ोल बाजार में जो अतिक्रमण हुए हैं, उन्हें हटाने की पहले भी मुहिम चली थी। उस दौरान कुछ लोगों ने कहा था कि विभाग द्वारा पहले निशानदेही की जाए और फिर अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाए। राहुल ठाकुर ने बताया कि इसके लिए विभाग के द्वारा लगभग 2 महीने पहले निशानदेही के लिए राजस्व विभाग में कागजात जमा करवाए गए थे। अब राजस्व विभाग द्वारा 3 जून की तारीख निश्चित की गई है। उस दिन लडभड़ोल बाजार की निशानदेही दी जाएगी। उस निशानदेही में खसरा नंबर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, उन लोगों को नोटिस जारी किए हैं कि वे जगह में मौजूद रहें, ताकि एक सही तरीके से उस जगह की निशानदेही हो और उस निशानदेही के ऊपर ही आगामी कार्रवाई कर सके।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र हरोली के उपमंडल मुख्यालय में वीरवार को करीब 6.21 करोड़ से बनने वाले तीन मंजिला विश्रामगृह भवन का नींव पत्थर रखा। जलशक्ति विभाग के इस विश्राम गृह में 15 कमरों का निर्माण किया जायेगा। हरोली पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ने उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री ने विधिवत पूजा अर्चना करते हुए इस भवन परिसर का शिलान्यास किया। इस दौरान मुकेश अग्निहोत्री ने जलशक्ति विभाग के अधिकारीयों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लिया वहीं विकास योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश भी दिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विभाग की अपनी ही जमीन पर इस परिसर को विकसित किया जा रहा है, जिसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस भवन में 15 कमरे तैयार किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय लोगों के साथ साथ विधानसभा क्षेत्र में आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का हनीमून पीरियड खत्म हो चुका है और 6 महीने के बाद अब प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर पूरी तरह से केंद्रित हो चुकी है और हर विकास योजना को सिरे चढ़ाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा मौजूदा सरकार की विदाई को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर का दौर जा चुका है और गुजरा जमाना कभी वापस नहीं आता। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को जनादेश दिया है, कांग्रेस ठोक बजा के 5 साल तक प्रदेश में अपनी सरकार चलाएगी। उन्होंने जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर अधूरी इच्छाओं के साथ विदाई लेकर गए हैं, इसलिए वह मौजूदा सरकार पर टीका टिप्पणी कर रहे हैं जिसके संबंध में उन्हें कुछ नहीं कहना। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार विकास पसंद सरकार है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा द्वारा आयोजित वार्षिक रेडक्रॉस मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस का अर्थ ही समाज सेवा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा करना ही इस संगठन का मुख्य उद्देश्य है। राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस की गतिविधियों को सुदृढ़ करने के लिए हम सभी को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना चाहिए। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस निधि में उदारतापूर्वक योगदान देने का आग्रह किया। इस योगदान से वंचित व जरूरतमंद लोगों को अधिक सहायता प्रदान की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस पूरी दुनिया में मानवता की सेवा और निःस्वार्थ सहायता का प्रतीक है। इस संस्था ने मानवता के उच्च मूल्यों को कायम रखते हुए असंख्य गरीब और वंचितों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि यह संस्था वंचित वर्गों के लिए एक आशा की किरण है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रधानमंत्री टीबी. मुक्त भारत अभियान की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि एक स्वस्थ और बेहतर समाज की स्थापना की जा सके। इस अवसर पर राज्य रेडक्रॉस के महासचिव राजेश शर्मा ने राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा जानकी शुक्ल को सम्मानित किया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर और खलिनी के विद्यार्थियों नेे रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने वर्ष 2022 के लिए रेडक्रॉस पेपर फ्लैग से सर्वाधिक राशि संग्रह करने के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल न्यू शिमला को प्रथम प्रथम पुरस्कार, आकलैंड हाउस स्कूल शिमला को द्वितीय पुरस्कार तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने वर्ष 2022 के लिए रेडक्रॉस पेपर फ्लैग से सर्वाधिक राशि संग्रह करने के लिए पुलिस महानिदेशक शिमला को प्रथम पुरस्कार, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को द्वितीय पुरस्कार एवं प्रधान मुख्य अरण्यपाल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
लोक निर्माण, युवा सेवा एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार सायं नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट की। विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए इस वर्ष सितंबर माह में एक मेगा खेल आयोजन ‘रूरल ओलंपियाड गेम्स’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसमें वालीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, मुक्केबाजी, फुटबॉल आदि खेलों की उपमंडल, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। प्रतियोगिता में लगभग 50,000 लड़के और लड़कियां भाग लेंगे। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मंत्रालय या विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से कार्यक्रम को प्रायोजित करने या वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला सोलन में बाल देखभाल संस्थानों में 120 बच्चों की देखभाल की जा रही है। वे आज यहां ज़िला बाल संरक्षण समिति की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला सोलन में वर्तमान में शांति निकेतन चिल्ड्रन होम सुबाथू में 78 बच्चों की देखभाल की जा रही है। ऑफ्टर केयर होम बाल आश्रम अर्की में 36 बच्चे हैं तथा ओपन शेल्टर कथेड़ में 6 बच्चों की देखभाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन बाल देखभाल केंद्रों का प्रत्येक माह निरीक्षण किया जाता है। उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, नागरिक अस्पताल कुनिहार, अर्की, दाड़लाघाट, नालागढ़ तथा परवाणु में क्रेडल बेबी सेंटर क्रियान्वित किए गए हैं। उन्होंने इन केन्द्रों में परित्यक्त नवजात शिशुओं की देखभाल व साफ-सफाई के लिए स्वास्थ्य विभाग को उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बच्चों के परिवार को 4000 रुपये प्रति माह तथा 500 रुपये बच्चे के नाम एफडी के रूप में जमा किया जाता है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में 56 बच्चों को कुल 25 लाख 39 हजार 379 रुपये स्पॉन्सरशिप दी गई है। मनमोहन शर्मा ने कहा कि फोस्टर केयर के तहत वित्त वर्ष 2022-23 में 30 बच्चों को कुल 13 लाख 76 हजार 397 रुपये दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों के हितों की रक्षा के लिए 24*7 चलने वाली चाईल्डलाईन 1098 सुविधा भारत की पहली निःशुल्क दूरभाष सेवा है। यह अनाथ और निराश्रित तथा स्कूल न जा सकने वाले गरीब बच्चों की सहायता करती है। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक सोलन भीष्म ठाकुर, ज़िला बाल संरक्षण अधिकारी सोलन सुरेंद्र टेगटा, बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम, एमओएच डाॅ. अमित रंजन तलवार, श्रम अधिकारी सोलन पृथ्वी सिंह वर्मा, ज़िला कल्याण अधिकारी जीएल शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
शिष्या स्कूल पठानकोट के साथ ज्ञापन समझौते के तहत मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चतुर्थ सत्र के प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए साप्ताहिक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों को वर्तमान समय की मांग को देखते हुए शिक्षा की नवीन तकनीकों का इस्तेमाल करना सिखाया गया। उन्हें स्मार्ट बोर्ड इंटरएक्टिव वाइटबोर्ड, प्रोजेक्ट आदि नूतन तकनीकों का उपयोग करना भी सिखाया गया। इस कार्यशाला की विस्तृत जानकारी देते हुए संस्थान के प्राचार्य कमलेश पटियाल ने बताया कि इस तरह कार्यशाला से शिक्षा के क्षेत्र में जुड़े सभी लोगों को वर्तमान समय के साथ तालमेल बैठाने की मदद मिलती है। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राइवेट सेक्टर में शिक्षा के परिप्रेक्ष्य में इस तरह के कार्यशाला का आयोजन करने के लिए शिष्या स्कूल पठानकोट का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है। मिनर्वा कॉलेज के छात्रों ने शिष्या स्कूल पठानकोट का इस उपलक्ष्य पर धन्यवाद किया।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा आज अखिल भारतीय भौतिक अध्यापक संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संजीवन कटोच ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. वाईके विजय, निदेशक विज्ञान अध्यापन अविष्कार केंद्र, आईआई विश्वविद्यालय जयपुर इस कार्यशाला के मुख्य वक्ता थे। डॉ. वाईके विजय ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान पढ़ने का विषय नहीं है, बल्कि क्रिया आधारित विषय है। विज्ञान को जितना क्रिया आधारित करके सीखा जायेगा, उतना ही विद्यार्थियों को लाभ होगा। उन्होंने कार्यशाला में विभिन्न प्रयोगों को करके दिखाया और अध्यापकों को सरल विधि से विज्ञान की अवधारणाओं को विद्यार्थियों को समझाने का आह्वान किया। वहीं, प्राचार्या डॉ. संजीवन कटोच ने बताया कि धर्मशाला कॉलेज में प्रदेश सरकार द्वारा उत्कृष्ट महाविद्यालय के रूप में अनुमोदित अढ़ाई लाख की लागत से भौतिक विज्ञान विभाग के आविष्कार केंद्र की भी स्थापना की गई है। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान विषय के प्रति रुचि भी बढ़ेगी और उन्हें विज्ञान विषय से संबंधित प्रयोग करने में भी सहायता मिलेगी। भौतिक विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने कार्यशाला के मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए बताया कि डॉ. वाई के विजय भौतिक विज्ञान विषय के प्राध्यापक के रूप में राजस्थान विश्वविद्यालय में 37 वर्षों तक अध्यापन कार्य किया। वह विवेकानंद ग्लोबल विश्विद्यालय जयपुर के कुलपति भी रहे हैं। भौतिकी में पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने उपसाला यूनिवर्सिटी स्वीडन में भी कार्य किया है। अपने लंबे अध्यापन और प्रायोगिक कार्य के दौरान उन्होंने भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे विद्यार्थी तैयार किए, जिन्होंने विज्ञान विषय में आविष्कार करके देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के भौतिक विभाग से डॉ. ओएस के एस शास्त्री, भौतिक विज्ञान विभाग राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से डॉ. भरत भूषण, डॉ. गोविंद, डॉ. सरिता भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 12 जून को ऐतिहासिक "बाल सत्र" का आयोजन किया जाएगा।" विश्व बाल श्रम दिवस" के अवसर पर डिजिटल बाल मेला द्वारा आयोजित इस सत्र में देश भर के 68 बच्चे राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों पर अपनी आवाज़ दुनिया के सामने मुखर करेंगे। हालांकि ज़्यादातर बच्चे हिमाचल प्रदेश के सभी ज़िलों का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह बच्चे हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 3 माह तक चले बच्चों की सरकार कैसी हो, अभियान के तहत चुने गए हैं। इसमें सरकारी, ग़ैरसरकारी व स्कूल न जाने वाले 1,085 बच्चों ने अपनी समस्याओं और उनके सुझावों पर वीडियो बनाया और रजिस्टर किया, जिसकी अवधि 1 अप्रैल से 25 मई रखी गई थी। बच्चों की एंट्रीज देशभर के कुल 9 राज्यों से आई है, जिनमें हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, असम, बिहार राज्य प्रमुख हैं। चयन प्रक्रिया के समय बच्चों ने कई गंभीर मुद्दों पर अपनी बात रखी एवं अहम सुझाव हमारे साथ साझा किए- इनमें हिमाचल में बढ़ती बेरोज़गारी के लिए युवाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग, हिमाचल के किसानों की फसलों की मार्केटिंग, खेलों को बढ़ावा देने के लिए साप्ताहिक खेल प्रतियोगिताएँ, ट्रैफिक के रोकथाम हेतु राज्य की बसों का सशक्तीकरण एवं शिक्षा के सुधार के लिए छोटे-छोटे प्रयास शामिल है। इन सुझावों पर विस्तृत चर्चा बच्चों द्वारा "बाल सत्र" में की जाएगी। एलआईसी द्वारा प्रायोजित इस अभियान में बच्चों के लिए 20 संवाद सत्र के आयोजन भी किए गये, जिसमें हिमाचल के दिग्गज नेताओं, शिक्षाविद्, कलाकारों एवं अधिकारीगणों ने 50,000 से ज़्यादा बच्चों से अपने जीवन मंत्र साझा किए एवं उनकी राजनीतिक जिज्ञासा शांत की। इस अभियान का पोस्टर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया था और रिलीज़ के समय उन्होंने "बाल सत्र" के सफल आयोजन के लिए बच्चों को शुभकामनाएं दी थीं। 12 जून को आयोजित हिमाचल प्रदेश विधानसभा "बाल सत्र" इस अभियान का आख़िरी पढ़ाव होगा, जिसमें चयनित 68 "बाल प्रतिनिधि" शिमला स्थित विधानसभा भवन में एक दिन के लिये राज्य के मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्यमंत्री, स्पीकर, कैबिनेट मंत्री गण एवं माननीय सदस्यों की भूमिका में नज़र आयेंगे, एवं विधानसभा में विशेष सत्र का संचालन करेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के टूटू में श्री कामनापूर्ण गौशाला का निरीक्षण किया और इसकी कार्यप्रणाली के संबंध में संचालन समिति से जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री इससे पूर्व आज सुबह कांगड़ा के गग्गल हवाई अड्डे से जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचे। इसी दौरान टूटू में गौशाला के समीप खड़े कुछ लोगों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। गौशाला संचालन समिति टूटू ने मुख्यमंत्री को सम्मानित किया और सरकार द्वारा चलाई जा रहे विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं को सराहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेशवासी लाभान्वित हो रहे हैं। लोगों ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 को बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू के साथ लिंक करने की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बेसहारा पशुओं की समस्या पर नियंत्रण पाने में कामयाबी मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने कहा कि सरकार के प्रयासों और आमजन के सहयोग से बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है। समिति ने गौशाला से संबंधित अपनी मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गौशाला संचालन समिति के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, केएल डोगरा, आरके पराशर, जेपी गर्ग सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने केंद्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा द्वारा आयोजित महा जनसंपर्क अभियान में भाग लिया। कश्यप ने कहा कि आज देश ही नहीं पूरे विश्व में मोदी मैजिक चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेजी से तरक्की कर रहा है। विनिर्माण गतिविधियों, कृषि, खनन, निर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और निजी निवेश के दम पर देश की अर्थव्यवस्था उम्मीद से बेहतर रफ्तार से बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2022-23 में सकल घरेलू उत्पाद जीडीपी 7.2 फ़ीसदी की दर से बढ़ा है। जनवरी-मार्च यानी चौथी तिमाही में यह 6.1% रही। ऐसा तब हुआ है जब पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी की आहट और विकास दर घटने का अनुमान है। यह महा जनसंपर्क अभियान सीटीओ शिमला से शुरू हुआ और उसके उपरांत गंज बाजार पहुंचा जहां सांसद सुरेश कश्यप ने गंज मंदिर, सनातन धर्म सभा की समिति से विशेष भेंट की और उन्हें मोदी जी के 9 वर्ष पूर्ण होने पर एक पुस्तक भी भेंट की। सनातन धर्म सभा की ओर से अध्यक्ष अजय सूद, महामंत्री विनोद अग्रवाल, सतपाल शर्मा, दीपक श्रीधर, यशपाल सूद, संजीव गर्ग और आशुतोष अग्रवाल। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, सीमा ठाकुर, कुसुम सदरेट, कर्ण नंदा, विजय परमार, रवि मेहता, अनजाना शर्मा, राजेश शारदा, जितेंद्र भोटका, दिनेश ठाकुर, गगन लखनपाल, सुशील चौहान, बिट्टू पान्ना, शैली शर्मा, कल्याण धीमान, सत्या कैंडल, अनिता सूद, राजू ठाकुर, परीक्षित, गौरव कश्यप, तरुण राणा, रमा ठाकुर, संजय कालिया उपस्थित रहे।
केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज से पूरे देश में संपर्क से समर्थन अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही 9 वर्ष में विभिन्न योजनाओं को लेकर समाज के लोगों से मुलाकात की जाएगी और उन योजनाओं के बारे में अवगत भी करवाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत धर्मशाला से शुरू की गई। नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद अनिल जैन ने धर्मशाला से भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान की शुरुआत की। अभियान से पहले प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में किए गए केंद्र सरकार के कार्यों को जिक्र किया और कहा कि प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष योगदान है। वहीं राज्यसभा सदस्य अनिल जैन ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि 9 वर्ष के भाजपा के कार्यकाल में देश कि आज दुनिया भर में भारतवर्ष की एक अलग पहचान बनी हुई है। अनिल जैन ने कहा कि भाजपा द्वारा अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत घर-घर अभियान भी किया जाएगा और विशिष्ट लोगों के साथ भी अभियान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। एक बार फिर से 300 से अधिक सीटें लेकर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 65 साल के कार्यकाल में कांग्रेस द्वारा कुछ नहीं किया गया और अब कांग्रेस से सवाल उठा रही है जो कि सवाल उठाने का कोई कार्य बनता नहीं है। भाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि देश को लेकर सवाल करने वाले नेता पर कुछ कहना उचित नहीं होगा वह देश का मान सम्मान चाहते हैं या कुछ और चाहते हैं, वह तो वही जाने।
जल शक्ति विभाग 5 जून को पर्यावरण दिवस पर सिरमौर जिला के बोगधार मेले के दौरान राज्य स्तरीय विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन करेगा। इस आयोजन में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक विनय कुमार करेंगे। जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता एवं राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के निदेशक ई. जोगिन्द्र चौहान ने कहा कि पेयजल संरक्षण और गुणवत्ता का संदेश देने के लिए महानाटी का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें जिला और प्रदेश से लगभग 1000 महिलाएं हिस्सा लेंगी। प्रदेश के जाने-माने लोक गायक डॉ. के.एल. सहगल अपने गीतों के माध्यम से जल जागरूकता का संदेश देंगे। चौहान ने बताया कि इस आयोजन से महानाटी में भाग लेने वाली हर महिला के घर और गांव तक पेयजल जागरुकता का संदेश जाएगा और साथ ही प्रदेश भर में भी एक व्यापक संदेश पहुंचेगा।
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह इन दिनों दिल्ली के दौरे पर हैं और केंद्रीय मंत्रियों से हिमाचली हितों की पैरवी कर रहे हैं। इसी कड़ी में विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन और स्टील मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से नई दिल्ली में मुलाक़ात कर हिमाचल के विभिन्न मसलों पर चर्चा की और उनके मंत्रालय का सहयोग मांगा। विक्रमादित्य सिंह ने शिमला हवाई अड्डे का विस्तारीकरण और रेगुलर फ्लाइट्स की सुविधा से शिमला को जोडऩे के लिए निवेदन किया।
जिला मंडी के उपमंडल करसोग में वीरवार सुबह ममेल-भनेरा-मैहड़ी रोड पर सरकारी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जो कि सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस दुर्घटनाग्रस्त होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं स्थानीय लोग घायलों को सड़क तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। प्रशासन द्वारा तुरंत प्रभाव से मौके के लिए पुलिस व एंबुलेंस रवाना कर दी गई हैं। जानकारी के अनुसार बस नंबर Hp03B 6211, जो कि मैहंडी से करसोग की तरफ आ रही थी कि खरोड़ी के पास अचानक 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि चालक-परिचालक को हल्की चोटें आई हैं, बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं, जिनको की प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग लाया जाएगा। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और आगामी कार्रवाई जारी है।
मल्टीपर्पज वर्कर्स पंप ऑपरेटर और फिटर के राज्य अध्यक्ष रजनीश चौधरी ने कहा कि जल शक्ति विभाग में मल्टीपर्पज वर्कर (MPW) पैरा फिटर और पैरा पंप ऑपरेटर रखे हुए हैं, उनके साथ अन्याय हो रहा है। इनके काम करने का समय 6 घंटे निश्चित किया गया है, जबकि विभाग उनसे 8 से 10 घंटे प्रतिदिन काम लेता है। विभाग द्वारा 6 घंटे काम करने का नियम पूरी तरह से गलत है, जो कि श्रम कानून के विरुद्ध है। इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं मिलता है। सरकार से निवेदन है कि मल्टीपर्पज वर्कर पंप ऑपरेटर और फिटर के लिए पॉलिसी के बारे में भी कुछ सोचा जाए। इंटक ने उम्मीद जताई है कि इन्हें सुक्खू सरकार से अवश्य न्याय मिलेगा। इस मौके पर इंटक अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह, ब्लॉक फतेहपुर करनाल, मल्टीपर्पज वर्कर पंप ऑपरेटर और फिटर राज्य अध्यक्ष रजनीश चौधरी, मल्टीपर्पज वर्कर राज्य उपाध्यक्ष भगत खन्ना अनुज, विशाल, प्रदीप, नवीन, साहिल व विकास उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी उपस्थित रहे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचली टोपी शाल व स्मृति चिन्ह देकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सम्मानित भी किया। उप मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर मदद की मांग की, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने उचित मदद करने का आश्वासन दिया ।वहीं शिमला में 16 सो करोड रुपए की लागत से बनने वाले रोपवे यातायात सिस्टम की समीक्षा की और बिजली महादेव के रोप वे में प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रोपवेज योजना के लिए एकमुश्त बजट उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को विकास में अग्रणी माना जाता है और विकास की योजनाओं को वे तुरंत स्वीकृति करते हैं ।ऐसे में हिमाचल प्रदेश की विकास की योजनाओं को केंद्रीय मंत्री अधिक तवज्जो देकर बजट देंगे, ऐसा आश्वासन उन्होंने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को दिया है। बता दें कि इससे पहले के लिए रोप वे को ले हुए कार्यक्रम में भी मुकेश अग्निहोत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर के केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा की गई है ।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बेहतर चर्चा हुई है और हमें विश्वास है कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हिमाचल प्रदेश के विकास के प्रोजेक्ट को बजट प्रदान कर आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर अनेक अन्य परियोजनाओं पर भी चर्चा प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री के साथ की। विक्रमादित्य सिंह पहले ही नितिन गडकरी के मुरीद है ,उनकी सराहना भी कर चुके हैं।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कड़े शब्दों में कहा है कि हिमाचल प्रदेश का हर हक़ केंद्र से लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश एकता में अखंडता का प्रतीक है। केंद्र सरकार राज्यों का प्रतिनिधित्व करती है, ऐसे में केंद्र किसी भी राज्य का हक नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सरकार अपने हर हक़ को हक से लेगी, केंद्र कटौती कर हिमाचल को विचलित नही कर सकता है। उन्होंने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए वचनबद्ध हैं, हमने जो वायदे किए हैं, उनको पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार मजबूत है और जनकल्याण के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि हम हिमाचल प्रदेश को आर्थिक रूप से निर्भर भी बनाएंगे, कर्ज भी कम करेंगे और प्रदेश की जनता के साथ किए गए वायदों को भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने कर्मचारियों को ओपीएस प्रदान की है, ओपीएस के दायरे को बढ़ाया है ।उन्होंने कहा कि ऐसे में हिमाचल प्रदेश के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव पूर्ण रवैया सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता जागरूक है, हिमाचल प्रदेश की जनता अपने हित को समझती है। उन्होंने कहा कि जनता ने पूर्ण बहुमत का जनादेश कांग्रेस को दिया है और कांग्रेस ने जो गारंटी दी हैं उसको को पूरा करेंगे।
तीज-त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। मेलों में जहां लोग सुख-दुख बांटते हैं वहीं हमें प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को भी मिलती है। सिरमौर के ऐतिहासिक बिशु मेले की अपनी अलग पहचान है। देव परम्पराओं से जुड़े इन धार्मिक एव सामाजिक आयोजनों में हजारों की संख्या में स्थानीय तथा क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़ कर भाग लेकर इनका आनंद उठाते हैं। उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने यह उदगार बुधवार को संगड़ाह उप-मंडल के गांव अंधेरी में आयोजित बिशु मेलों के समापन अवसर के दौरान उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खु तथा वर्तमान सरकार का मुख्य ध्येय हिमाचल का विकास करना है, जिसके लिए अनेकों कल्याणकारी योजनायें तैयार कर उन्हें क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को पुरानी पैंशन देकर उनका भविष्य संरक्षित किया है, इसके अतिरिक्त शीघ्र ही प्रदेश की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पैंशन भी उपलब्ध करवाई जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों से किये गए सभी वायदों को चरणबद्ध ढंग से पूर्ण किया जायेगा। बिशु मेला कमेटी की ओर से उद्योग मंत्री को शॉल, टोपी, तलवार तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उद्योग मंत्री ने बिशु मेला कमेटी अंधेरी को अपनी एैच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बिशु मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई भी दी। इससे पहले, उद्योग मंत्री ने माता रेणुका जी और भगवान परशुराम मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने संगड़ाह स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जन समस्यायें भी सुनी। रेणुका जी के विधायक विनय कुमार ने इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का स्वागत किया। उन्होंने उद्योग मंत्री को स्थानीय क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया तथा उनका शीघ्र निराकरण करने का आग्रह किया। उन्होंने बिशु मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी को बधाई भी दी। प्रदेश प्रवक्ता कांग्रेस कमेटी रूपेन्द्र ठाकुर, अध्यक्ष कांग्रेस मंडल रेणुका जी तपेन्द्र चौहान, महामंत्री कांग्रेस मंडल मित्तर सिंह, निदेशक राज्य सहकारी बैंक भरत भूषण मोहिल, प्रधान ग्राम पंचायत अंधेरी विक्रम सिंह ठाकुर, पूर्व प्रधान जगत सिंह, प्रधान बिशु मेला कमेटी भजन सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य यशपाल चौहान, प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी ओम प्रकाश ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिलीप सिंह, प्रदेश महामंत्री कांग्रेस कमेटी शशी कपूर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने आज यहां हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित एवं विकास निगम के निदेशक मंडल की 49वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में अल्पसंख्यकों के कल्याण व उत्थान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के 5126 लाभार्थियों को 141.53 करोड़ रुपये प्रदान किए गए, जिनमें 1830 दिव्यांग तथा 3258 अल्पसंख्यक लाभार्थियों को स्वरोजगार और 35 अल्पसंख्यक व तीन दिव्यांग लाभार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए ऋण प्रदान किए गए। इसके अलावा दिव्यांग व्यक्तियों को गृह निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है जो राष्ट्रीय विकलांग वित्त एवं विकास निगम नई दिल्ली द्वारा जारी किया जाता है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा 31 मार्च, 2023 तक 4 करोड़ 2 लाख रुपये का लाभांश अर्जित किया गया। बैठक में सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सुधा देवी, प्रबन्ध निदेशक हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम प्रदीप ठाकुर, प्रबन्धक सी.एल. शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने हिमाचल प्रदेश चिकित्सा सेवाएं निगम के निदेशक मंडल की बैठक की भी अध्यक्षता की। इस अवसर पर निगम के चिन्ह (लोगो) को स्वीकृति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि निगम के सुचारू संचालन के लिए रिक्त पदों को भरने का मामला प्रदेश सरकार के समक्ष लाया जाएगा। बैठक के दौरान निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। स्वरोजगार योजना के तहत 222 महिलाओं को 2.15 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए हैं। यह बात डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने हिमाचल प्रदेश महिला विकास निगम के निदेशक मंडल की 48वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने निगम की गतिविधियों के बारे जानकारी ली तथा निगम की उचित मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर निगम की प्रबन्ध निदेशक सोनाक्षी तोमर तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं महा जनसंपर्क अभियान के प्रदेश प्रभारी त्रिलोक जम्वाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भाजपा पूरे देश भर में महा जनसंपर्क अभियान का आयोजन करने जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत 1 जून को भाजपा महा जनसंपर्क अभियान की लॉन्चिंग करेगी, इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला सोलन के गंज बाजार चौक से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल प्रातः 11:00 बजे इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसी प्रकार नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार धर्मशाला, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जम्वाल मंडी सदर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर में इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज शिमला सीटीओ, लोक सभा सांसद किशन कपूर और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं विधायक हंसराज चंबा, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार नूरपुर, पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा लाहौल स्पीति, पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम सिंह ठाकुर देहरा, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर एवं पूर्व सांसद महेश्वर सिंह कुल्लू, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक रणधीर शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल, पूर्व मंत्री राजेश गर्ग, विधायक जेआर कटवाल बिलासपुर, विधायक विनोद कुमार और मंडी संसदीय क्षेत्र के सह प्रभारी बिहारी लाल शर्मा सुंदरनगर, 2022 के प्रत्याशी सूरत नेगी किन्नौर में इस कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। 2 जून को राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और पूर्व मंत्री एवं विधायक सुखराम चौधरी सिरमौर पांवटा साहिब, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ऊना, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार पालमपुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री राजीव सहजल महासू में इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
जिला लोक संपर्क कार्यालय सोलन में कार्यरत नाट्य निरीक्षक दलीप कुमार आज लगभग 30 वर्ष का कार्याकाल पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। नाट्य निरीक्षक दलीप कुमार ने 3 अक्तूबर, 1992 में जिला लोक संपर्क कार्यालय कुल्लू में बतौर हारमोनियम मास्टर पद संभाला था। दलीप कुमार ने तदोपरांत नाट्य निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होकर वर्ष 2019 में जिला लोक सम्पर्क कार्यालय सोलन में पदभार सम्भाला। उन्होंने लगभग 04 वर्ष बतौर नाट्य निरीक्षक जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय सोलन में अपनी सेवाएं दी। जिला लोक सम्पर्क अधिकारी एवं सभी सहायक लोक संपर्क अधिकारियों एवं अन्य कर्मियों ने इस अवसर पर दलीप कुमार को सम्मानित किया और उनके सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।
शिक्षा खंड निरमंड की राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाओं की एनएसएस यूनिट द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया गया। इस दौरान एनएसएस यूनिट द्वारा विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं। इसमें छात्रों द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नारा लेखन, चित्रकला के माध्यम से तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव को नारा लेखन और चित्रकला बनाकर दर्शाया गया और एक जागरूकता रैली निकाली, जिसमें नशे के प्रति जागरूक कराने के नारे लगाए गए। इस अवसर पर के स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी रवि डोगरा ने तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव की जानकारी विद्यार्थियों को साझा की और तंबाकू से होने वाली बीमारियों दमा, कैंसर, श्वास रोग, माउथ कैंसर ब्लड प्रैशर जैसी अनेकों बीमारियों के बारे में अवगत कराया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तंबाकू निषेध पर विभिन्न चित्रकारी की गई। छात्रा शैफाली ठाकुर ने तंबाकू निषेध के विषय पर भाषण भी दिया।


















































