मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष-2023 के उपलक्ष्य में चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर की गतिविधियों पर आधारित कैलेंडर ज़ारी किया। इस अवसर पर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एचके चौधरी भी उपस्थित थे।
भारतीय संविधान की ताकत व आत्मा आर्टिकल 14 है, जिसमें समानता व समता का अधिकार दिया गया है। यही दो शब्द हैं, जो भारतीय संविधान और देश को आगे बढ़ाते हैं। एक पल देखने व सुनने में ये शब्द छोटे लगते हैं, लेकिन इनका विस्तार बहुत बड़ा है। यह बात जिलाधीश राघव शर्मा ने भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर आयोजित समता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। आर्य ईएनटी अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे जिलाधीश ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने राजनीति में आदर्श स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के प्रथम मंत्रिमंडल में बाबू जगजीवन राम मंत्री रहे। सविधान निर्माता कमेटी के सदस्य भी रहे और लगातार मेहनत से कार्य करते हुए उन्होंने एक ऐसी सोच के साथ काम किया कि समाज में समता लानी है, भेदभाव को खत्म करना है और यही लोकतंत्र की मजबूती का मंत्र है। उन्होंने कहा कि जितने भी क्रांतिकारी हुए हैं, स्वतंत्रता सेनानी हुए हैं आंदोलनकारी हुए हैं, उनक बैकग्राउंड में कानून की पढ़ाई रही है। सब ने कानून की पढ़ाई की है। उन्होंने कहा कि मैंने भी कानून की पढ़ाई की है और आर्टिकल 14 सबको समानता व सबका सम्मान यह अधिकार देता है। यह शब्द मेरे दिलो-दिमाग में हैं, इसलिए अधिकारी के रूप में भी जब मेरे पास कोई आता है, जहां में कोई फैसला करता हूं तो यह बात मेरे ध्यान में रहती है और यही संविधान का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि आज भी समानता की बात जोर से करने की जरूरत है, क्योंकि आज भी धर्म, जाति ,समाज, भाषा अमीरी, गरीबी, महिला व पुरुष कई प्रकार की मान्यताएं हैं, जिन्हें दूर करने के लिए काम होना है।उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम जी का व्यक्तित्व सामान्य रहा है, उन्होंने बड़े-बड़े काम किए हैं, आदर्श पैदा किए हैं, राजनीति में उन्होंने बहुत बड़ा परिवर्तन किया है और उनके फॉलोअर्स हैं उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाया जा रहा है। कहा कि डॉ केआर आर्य उनमें से एक हैं जो बाबू जगजीवन राम की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने डॉक्टर केर आर्य द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहा। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सब समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए आगे बढ़े। इस अवसर पर डॉ केआर आर्य ने बाबू जगजीवन राम जी की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज उनकी विचारधारा को उनकी बेटी मीरा कुमार आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं। मीरा कुमार लोकसभा के अध्यक्ष रही हैं , मंत्री रही हैं और आज भी समाज में सक्रिय रह करके अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मीरा कुमार के पुत्र अंशुल कुमार बेहतरीन काम समाज को जागरूक करने में करने और समता आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं, उन्होंने कहा कि पंजाब व हिमाचल में जिम्मेदारी मेरे पास है और हम समय-समय पर समाज में समता लाने के लिए आवाज उठाते हैं और समाज को एक करने का काम कर रहे हैं।
बुधवार को विश्व हिंदू परिषद संगठनात्मक जिला पालमपुर द्वारा जिले में हो रहे धर्मांतरण के विरोध में जिला अध्यक्ष डॉ. अजय की अध्यक्षता में एसडीएम पालमपुर के माध्यम से जिलाधीश कांगड़ा, राज्यपाल, मुख्यमंत्री व प्रदेश विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष को ज्ञापन प्रेषित किया गया और कहा गया कि प्रशासन व सरकार अपने स्तर पर इस पर संज्ञान लेकर इस प्रकार की समाज को तोड़ने वाली शक्तियां पर अंकुश लगाए। इस अवसर पर प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख राजेश, प्रचार-प्रसार प्रमुख मन्थन, विभाग सेवा प्रमुख तनुज सूगा, विभाग दुर्गा वाहिनी संयोजिका तनुजा भरद्वाज, जिला कार्यध्यक्ष विजय, रिपुल परमार, आदर्श, लक्की व लक्ष्मी दि उपस्थित रहे। यह जानकारी विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचार प्रसार के प्रमुख एवं जिला धर्म प्रचार के प्रमुख सुभाष धीमान दी है
एयरपोर्ट को लेकर गग्गल में आज व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र कोहली की अध्यक्षता में अहम बैठक की गई। बैठक में सभी दुकानदारों व व्यापारियों ने अपने सुझाव रखे। गग्गल के पूर्व प्रधान देवराज ने कहा एयरपोर्ट का विस्तार किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। अगर सरकार को एयरपोर्ट का विस्तार करना ही है तो हमारी कुछ शर्ते माननी होंगी। वहीं, विजय शर्मा ने कहा के सरकर स्पष्ट करें कि एयरपोर्ट बनना है या नहीं बनना है। एक तो यहां एयरपोर्ट बनना ही नहीं चाहिए, क्योंकि इस एयरपोर्ट के विस्तार होने से हजारों दुकानदार व्यापारी उजड़ जाएंगे और उन्हें दोबारा सेटल होने में सालों लग जाएंगे। इसलिए सरकार को चाहिए के इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यहां नहीं कहीं और बनाया जाए, ताकि गग्गल को उजाड़ा नहीं जाए। कई बुद्धिजीवी ने कहा सरकार स्पष्ट नीति घोषित करे कि एयरपोर्ट का विस्तार होना है या नहीं होना है। अगर होना है तो सरकार पहले व्यापारियों व दुकानदारों को कहीं अच्छे से स्थान पर स्थापित करे और सुपर गांव मॉडल बनाया जाए। अगर इन शर्तों को सरकार मानती है तो ठीक है, अगर नहीं तो हम विरोध प्रदर्शन करेंगे। चाहे सड़कों पर ही आंदोलन क्यों न करना पड़े। इस अवसर पर बैठक में पूर्व प्रधान भक्त राम कोली पूर्व प्रधान सतीश धीमान सुरेश धवन एमआर राणा कुलदीप ठाकुर सहित बैठक में कई दुकानदार व व्यापारियों ने भाग लिया।
सुरानी के ओएन जीवीजीसी ग्राउंड में जय अंबे क्लब सुरानी द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में ज्वालामुखी भाजपा के उम्मीदवार व पूर्व जल शक्ति मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में रंगस युवा क्लब विजयी रहा। रविंद्र सिंह रवि ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। रविंद्र सिंह रवि ने खिलाड़ियों से आह्वान करते हुए कहा कि खेलों से शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास भी होता है। अत: युवाओं को शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए खेलों में भी हिस्सा लेना चाहिए। इस अवसर पर रविंद्र सिंह रवि, ज्वालामुखी भाजपा मंडल अध्यक्ष मान सिंह राणा, भाजपा जिला मंत्री संजय राणा, सुरानी पंचायत प्रधान बीरबल कैंथ, पूर्व प्रधान प्रकाश राणा, राजेंद्र राणा, शिव कुमार, पुनी चंद, लेखराज, जनकराज, पंजाब सिंह, तिलक राज आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
ऊना : अपनी गांरटियों से पीछे हट रही है कांग्रेस सरकार : धर्मेंद्र राणा जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष व हरोली भाजपा के नेता धर्मेंद्र राणा ने जारी कहा कि प्रदेश में जब कांग्रेस चुनाव मैदान में उतर रही थी, तब बडी-बडी गांरटियां प्रदेश की जनता को दी जा रही थीं। बडे दावे किए जा रहे थे। 5 लाख रोजगार देने की बात कही जा रही थी। आउटसोर्स के लिए नीतियां बनाएंगे , करुणामूलकों के लिए नीतियां बनाएंगे कई गांरटियां भी दी जा रही थीं, लेकिन आज स्थिती यह है कि कांग्रेस सरकार दी गई गांरटियों को पूरा करने से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि जो सरकार 18 से 59 वर्ष की प्रति महिला को 1500 प्रतिमाह देने का राग लगाए हुए थी, लेकिन बजट घोषणा के उपरांत भी अभी तक किसी भी एक महिला को 1500 रुपये नहीं दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बात करे पूर्व भाजपा सरकार की तो भाजपा 60 वर्ष की महिलाओं को पेंशन दे ही रही थी, लेकिन बडी-बडी हांकने वाले अपनी ही जुवान से फिसलते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां सरकार चुनावों के दौरान जनता को आश्वासन दे रही थी कि 300 यूनिट बिजली फ्री देगी, वहीं उसी सरकार ने 22 पैसे घरेलू व 46 पैसे उद्योगो में बिजली मंहगी कर दी है। सरकार बताए कि 300 यूनिट फ्री जनता को कब दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के समय में महंगाई का रोना रोने वाली कांग्रेस सरकार ने आज जनता पर कहर ढाने का काम किया है। डीजल व पेट्रोल के दाम बढा दिए गए। उचित मूल्य की दुकानों पर सरसों के तेल की बोतल के दाम 10 रुपये बढा दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वंय को सुख की सरकार कहती हैं, लेकिन उनके राज्य में जनता सुख से नहीं, बल्कि दुखों के बीच में अपना निर्वाह करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के फैसलों को देख ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रदेश में सुक्खू की सरकार फेल हो गई है। उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि उन्हें कब, क्या और कैसे करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह बताए कि कब तक जनता को इन सबसे राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बुलंद कर रही है और संघर्ष से पीछे नही हटेगी।
बीते कुछ समय से ज़िला कांगड़ा और प्रदेश के भिन्न-भिन्न ज़िलों में एटीएम कार्ड बदलकर पैसे चोरी करने वाला एक गिरोह सक्रिय था। 12.03.23 को इस शातिर गिरोह के चार सदस्यों ने पालमपुर डाढ व गोपालपुर में एटीएम में जाकर एटीएम कार्ड बदलने की घटना को अंजाम दिया तथा ड़ाढ के एक बुज़ुर्ग व्यक्ति को निशाना बनाकर 66000 रुपये निकाल लिए। जिस पर पुलिस थाना पालमपुर में मुक़दमा पंजीकृत हुआ। मुक़दमे का अन्वेषण कर रहे उप निरीक्षक हेम चंद द्वारा घटना स्थल व इसके आसपास साक्ष्य जुटाये गए। अन्वेषण के दौरान आईपीएस मयंक के दिशा-निर्देशों पर एक टीम का गठन उप निरीक्षक हेम चंद की अगुवाई में डीसीआरबी कांगड़ा व एसआईयू कांगड़ा को मिलाकर किया गया। उक्त टीम ने एकत्रित किए गये साक्ष्यों के आधार पर उतर प्रदेश सहारनपुर में दबिश देकर गिरोह के दो सदस्यों जगमोहन सिंह पुत्र अजमेर निवासी लोहाना कलां ज़िला मुज़फ़रनगर व दीपक शर्मा पुत्र देवी लाल शर्मा निवासी मिलकवजिदीनपुर आईटीआई दिल्ली रोड सहारनपुर को गिरफ़्तार किया गया। पूछताछ में इनदोनों ने गिरोह के अन्य दो सदस्यों के नाम भी बताए तथा घटना को अंजाम देने के तरीक़ों को भी ज़ाहिर किया। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ़्तार किया जाएगा तथा इनके अन्य साथियों की भी शीघ्र पुष्टि कर गिरफ्तारियां की जाएंगी।
हिमाचल दिवस के अवसर पर 15 अप्रैल को धर्मशाला के पुलिस मैदान में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। कृषि एवं पशु पालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। वे पुलिस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फराएंगे। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल तथा किशोरी लाल समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। यह जानकारी उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने आज यहां हिमाचल दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिये विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक मेें दी। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री 15 अप्रैल को प्रातः 10.30 बजे शहीद स्मारक में माल्यापर्ण करेंगे । इसके उपरांत 11ः02 बजे पुलिस मैदान में ध्वजारोहण तथा परेड का निरीक्षण और मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरांत जिला वासियों को संबोधित करेंगे। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि परेड में पुलिस, होम गार्डस, एससीसी, एनएसएस तथा स्काउट व गाइडस के दल भाग लेंगे तथा 11 से 14 अप्रैल के मध्य पुलिस मैदान में सुबह 10 से 12 बजे तक परेड का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के बच्चों और सांस्कृतिक दलों द्वारा हिमाचली संस्कृति व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल दिवस के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में एडीसी सौरभ जस्सल, एएसपी मयंक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के चेयरमैन एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली ने आज बीड़-बिलिंग में एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप-2023 का शुभारंभ किया। मुख्य संसदीय सचिव एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल इस अवसर पर विशेष रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता से पूर्व आरएस बाली ने प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक आयोजन एवं पायलट्स की सुरक्षा के लिए रखे गए हवन में पूर्ण आहुति डाली। बाली ने कहा कि बीड़-बिलिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन इलाके, प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बिलिंग घाटी पैराग्लाइडिंग के लिए अपनी विशेषताओं के चलते दुनियांभर की सर्वक्षेष्ठ जगहों में आंकी जाती है। उन्होंने बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन को भव्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की बधाई दी और सफलतापूर्वक आयोजन के लिए सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एसोसिएशन को बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए भी सभी मापदंड पूरे करने के प्रयास करने का सुझाव दिया। एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप 2023 कटागिरी-दो में कुल 142 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवाया है। आज प्रतियोगिता में 103 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भारत सहित अमेरिका, नेपाल स्पेन और नीदरलैंड के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 95 पुरुष, जिनमें 74 भारतीय और 21 विदेशी प्रतिभागी शामिल हैं। वहीं, महिलाओं में 8 प्रतिभागी हैं, जिनमें पांच भारतीय और 3 प्रतिभागी विदेशी हैं। प्रतियोगिता में भारतीय सेना से 10, नौसेना से एक, वायु सेना से एक तथा पैरामिलिट्री फोर्स से 5 प्रतिभागी भी भाग ले रहे हैं। पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को बढ़ाने पर हर संभव सहयोग करेगी सरकार उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग ने बिलिंग में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के लिए 25 लाख रुपए दिए हैं और बीड़ में ऐरो स्पोर्ट्स हॉस्टल का निर्माण भी पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 12 करोड़ से किया गया था ताकि इस क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिले। उन्होंने पैराग्लाइडिंग को बढ़ावा देने के लिये सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। प्रदेश के पर्यटन बजट में 10 गुणा की वृद्धि उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार पर्यटन विभाग के बजट में 10 गुणा वृद्धि कर वार्षिक बजट को 50 करोड़ से साढ़े 500 करोड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का निर्णय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि पर्यटन सुविधाओं और गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये प्रथम चरण में एडीबी के सहयोग से 1311 करोड़ व्यय किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसमें वैलनेस सेंटर, पर्यटन के बड़े होटल का निर्माण, अंतरास्ट्रीय स्तर के फाउंटेन, म्यूजिकल फाउंटेन, वाटिकाओं का निर्माण होगा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 50 करोड़ से बनने वाले गोल्फ कोर्स के लिये स्थान का चयन कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त साहसिक खेलों, वाटर स्पोर्ट्स इत्यादि को बढ़ावा देने के अलावा ज़िला के शक्तिपीठों के लिये देवी धाम सर्किट योजना में शामिल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार अंतिम व्यक्ति के उत्थान और उन्हें मुख्यधारा में शामिल करने की ध्येय से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग को ध्यान में रख योजनाओँ का निर्माण कर रही है ताकि सही रूप पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ाने, बुजुर्गों के अनुभव का उपयोग, महिलाओं को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेसहारा बच्चों की संरक्षक बनने का पुनीत कार्य किया है।
नगरोटा बंगवा के पूर्व विधायक अरुण मेहरा ने कहा कि जिन गारंटियों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा और जनता ने पूर्ण बहुमत से सरकार बनवाई है, उनकी आशाओं पर खरा उतरने के लिए सुक्खू सरकार गारंटियों को पूरा करने के लिए प्रयास करे न कि कर्ज का रोना रोए। धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाए कि टांडा में आउटसोर्स पर कोविड-19 के दौरान रखे गए 300 कर्मियों की नौकरी छीन ली गई। अब सूचना आ रही है कि उन्हें दोबारा तीन महीने के लिए रख लिया गया है। तीन माह बढ़ाने से समस्या हल नहीं होगी। कांग्रेस सरकार को अभी बने 100 दिन का समय हुआ है, लेकिन सरकार आम जनता के विरुद्ध निर्णय ले रही है। आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से बाहर किया जा रहा है। कई कार्यालय को डिनोटिफाई कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली के दाम बढ़ा दिए हैं। डिपुओं में मिलने वाले तेल की कीमतें बढ़ा दी। राशन में कटौती की गई। सभी विभागों को रेवेन्यू के लिए टारगेट दिए हैं, क्योंकि यह 10 गारंटियां उनके गले की फांस बन गई है। उन्होंने नगरोटा बगवां के विधायक पर भी झूठ बोलने का आरोप लगाया है। विधायक कह रहे हैं कि उन्होंने बच्चों को सीएम से मिलवाया है, लेकिन जिस समय पर मिलवाने की बात कर रहे हैं, उस समय तो सीएम सूरत में थे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला देहरा की विभिन्न इकाइयों ने देहरा में छात्र व शैक्षणिक समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की। जिला संयोजक प्रशांत शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश भर के छात्र एचपीयू प्रशासन के ढीले रवैये से तंग आ चुके हैं। रि-अपीयर व रि-इवैलुवेशन के परिणाम घोषित किए बिना डेटसीट जारी कर परिक्षाएं लेने के तुगलकी फरमान जारी कर दिए जाते हैं। छात्र असमंजस में हैं कि किस वर्ष की परिक्षाएं दें। मई में पेपर होते हैं और नवंबर में रिजल्ट आता है। 80 प्रतिशत बच्चे फेल होते हैं। यूनिवर्सिटी बोलती है कि पुनर्मूल्यांकन भरो। नवंबर में पुनर्मूल्यांकन का फॉर्म भरते हैं। अप्रैल आ चुका है, लेकिन उसका भी रिजल्ट अभी तक नहीं आया है। आखिर विश्वविद्यालय चाहता क्या है। ईआरपी सिस्टम ऐसा रिजल्ट देखने लगे तो सिस्टम हैंग हो जाता है। पेपरलेस की बातें तो छोड़ो काम अधूरे रह जाते है। विभाग संयोजक ठाकुर दीक्षित धलारिया ने जानकारी देते हुए बताया कि ईआरपी सिस्टम में भारी कमियों की वजह से छात्र प्रभावित रहती है,प्रशासन की लेटलतीफी से कईयों छात्रों तक ने तो कॉलेज की पढ़ाई तक त्याग दी है आखिर करे भी तो क्या ना परिक्षाओं का परिणाम समय पर आता ना रि-अपीयर और ना ही रि-इवैलुवेशन का परिणाम का इंतजार करके छात्र तंग आकर कॉलेज छोड रहे है। दूसरी तरफ केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्तिथि भी यही है उतर पुस्तिकाएं जांचने में भारी अनियमिताएं देखने को मिलती हैं। छात्र स्वंय को ठगा हुआ महसूस करता है। विश्वविद्यालय प्रशासन के ढीले रवैये व मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विश्वविद्यालय नही, बल्कि आंगनवाड़ी प्रतीत होती है।
विलुप्त होती जा रहीं हरिपुर की धरोहरों को कैसे संजोए रखा जाए, इस संदर्भ में उपमंडल देहरा के हरिपुर-गुलेर से 40 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता डॉ. सुकृत सागर के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर सिंह ठाकुर से उनके दिल्ली आवास स्थान पर मिला। डॉक्टर सुकृत ने केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से कहा कि हरिपुर की धरोहरों को संजोए रखने के साथ इनके जीर्णोद्धार की सख्त आवश्यकता है। इसके लिए केंद्र सरकार बजट जारी करे, ताकि इन ऐतिहासिक धरोहरों को बचाया जा सके। वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस बाबत आश्वस्त किया कि जल्द ही इस बारे में संस्कृति मंत्री किशन रेड्डी से वे बात करेंगे, ताकि इस विषय पर सकरात्मक कार्रवाई की जाए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन धरोहरों के जीर्णोद्धार के लिए लगभग 8 से 10 करोड़ की अनुमानित राशि लगेगी, जिसके लिए वह पूर्णतः प्रयासरत हैं। जल्द ही इन ऐतिहासिक धरोहरों के जीर्णोद्धार का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को कांगड़ा पेंटिंग देकर सम्मानित भी किया। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नागरिक संस्था हरिपुर के अध्यक्ष विजेंदर गुलेरिया, कंवर राघव गुलेरिया, व्यपार मंडल हरिपुर के अध्यक्ष अतुल महाजन, पूर्व एजीएम देसराज शर्मा, सेवानिवृत शिक्षक हरपाल गुलेरिया, रमेश, मनीराम, अमित सोनी, बाबू राम सहित 40 लोग शामिल रहे।
राष्ट्रीय राजमार्ग पठानकोट-मंडी पर गग्गल के समीप इच्छी में एक सामान से भरा हुआ ट्रक जोड़ नाले में जा गिरा। ट्रक को तो नुकसान हुआ है , पर गनीमत रही कि ड्राइवर बच गया। जानकारी देते हुए गग्गल पुलिस के यातायात प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि यह हादसा आज सुबह 6 बजे के लगभग हुआ। ट्रक ऊना से धर्मशाला की ओर जा रहा था कि जोड़ नाले में जा गिरा। उन्होंने बताया कि इस बारे में ट्रक के मालिक को फोन पर सूचित किया गया। दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो जाने पर पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। बता दें कि इसी स्थान पर पहले भी दर्जनों वाहन नीचे गिर चुके हैं। परंतु प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। जब इस बारे कांगड़ा के विधायक पवन काजल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मैं जल्द लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात करता हूं और उन्हें इस बारे में अगाह करता हूं कि यहां जल्द से जल्द दोनों सड़क के किनारे बैरीगेट लगाए जाए। ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।
प्रदेश सरकार ने धर्मशाला डिग्री कॉलेज और दो स्कूलों के लिए 45 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने जनता की मांग पर यह पैसा मंजूर करवाया है। बुधवार को धर्मशाला में जारी बयान में दिग्गज कांग्रेस नेता एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि धर्मशाला डिग्री कॉलेज को 15 लाख का बजट मिला है। कॉलेज में 5 लाख से आउटडोर जिम बनेगा। बास्केटबाल कोर्ट में सिंथेटिक लेयर भी बिछेगी। इसके अलावा आउटडोर गार्डन-बेंच पर भी पांच लाख रुपए खर्च होंगे। सुधीर शर्मा ने बताया कि राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला दाड़ी व राजकीय केंद्र पाठशाला कोतवाली बाजार को 15-15 लाख प्रति स्कूल मिले हैं। इसमें दोनों स्कूलों में 8-8 लाख सिविल वर्क पर खत्म किए जाएंगे। इसके अलावा दोनों स्कूलों में सात-सात लाख मैटीरियल खरीद पर खर्च किए जाएंगे। कहा कि धर्मशाला हलके में एक समान विकास करवाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के कार्यों को स्पीडअप किया गया है। पीडब्ल्यूडी, जलशक्ति, राजस्व अधिकारियों को जनता के काम प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया है। इसी तरह कृषि व बागबानी अधिकारी गांवों में जागरूकता कैंप लगा रहे हैं। कूहलों को अपग्रेड करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पास्सू सब्जी मंडी और ओबीसी भवन को प्राथमिकता के आधार पर मुकम्मल किया जा रहा है।
कर्नाटक में विधानसभा की कुल 224 सीटों के लिए 10 मई को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए अपनी युवा ब्रिगेड को चुनाव प्रचार के लिए लगा दिया है। हिरियूर विधानसभा सीट में चुनाव प्रचार के लिए कांग्रेस द्वारा हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से अमित पठानिया जो युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं, को संयोजक बनाया है। हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव, शशिकांत, कांग्रेस सेवादल सोशल मीडिया प्रमुख छतीसगढ़, मनीष तिवारी व उत्तर प्रदेश, लखीमपुर जिला अध्यक्ष, शुभम अग्निहोत्री को चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस की युवा ब्रिगेड द्वारा हिरियूर विधानसभा में कांग्रेस का घोषणा पत्र लेकर डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार तेज कर दिया गया है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार में उतरी युवा कांग्रेस की यह टीम यहां कांग्रेस की जीत को लेकर कई दावे कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य के लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने का आग्रह किया है, ताकि इस वायरस को फैलने से रोका जा सके। मुख्यमंत्री गत सायं यहां इंडियन एसोसिएशन ऑफ पार्लियामेंटेरियन ऑन पॉपुलेशन एंड डेवलपमेंट (आईएपीपीडी) द्वारा आयोजित ‘भारत में महामारी के दौरान और उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए हिमाचल प्रदेश के विधायकों की मजबूत भूमिका’ विषय पर आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और अब समाज को कोरोना वायरस के साथ जीना सीखना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार लोगों को विशेष चिकित्सा देखभाल सेवाएं प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में आवश्यक सुधार कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन सुधारों के सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों को विश्व स्तरीय बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का समावेश किया जाएगा ताकि लोगों को घर-द्वार पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज टांडा और आईजीएमसी शिमला में अगले छह महीनों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इससे न केवल मरीजों के कीमती समय की बचत होगी बल्कि इससे सटीक परिणाम भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी शिमला में पैट ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा में पैट स्कैन मशीन लगाने के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आईजीएमसी शिमला में ट्रॉमा सेंटर के साथ 175 बिस्तरों वाली चिकित्सा आपातकालीन सुविधा स्थापित करने के लिए सरकार ने 11 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि चम्बा और हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालयों के भवन निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और इस वर्ष इनके पूरा होने की सम्भावना है, जिससे इन क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने व्यवस्था में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के दृष्टिगत स्वास्थ्य संस्थानों में दवाइयां, उपकरण और मशीनरी की खरीद के लिए चिकित्सा सेवा निगम का भी गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभान्वित करने के लिए विभिन्न कल्याणकारी और जनहितकारी निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कांग्रेस पार्टी द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता को दी गई सभी गारंटियों को चरणबद्ध ढंग से पूरा करने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है और हरित बजट इस दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य के स्वच्छ वातावरण को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदूषण उत्सर्जन की जांच के लिए कई पहल की गई हैं जो जलवायु परिवर्तन की समस्या को कम करने में दूरगामी सिद्ध होंगी। इससे पहले आईएपीपीडी की उपाध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और एसोसिएशन की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित विधायकगण भी उपस्थित थे।
भारतीय संसदीय संस्थान-जनसंख्या एवं विकास तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन के संयुक्त तत्वावधान में गत सायं पीटर हॉफ में "भारत में कोविड अवधि के दौरान और इसके बाद के समय में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार में सांसदों एवं विधायकों की भागीदारी विषय" पर कार्यशाला हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए हिमाचल प्रदेश विधान सभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कोरोना महामारी ने प्रदेश, देश व दुनिया की ऑखें खोल दी हैं और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि हम कहां खड़े हैं और हम इस तरह की भयावह स्थिति को संभालने में कितने सक्षम हैं। पठानिया ने कहा कि इस महामारी ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले रखा है। हांलाकि हम इस स्थिति से काफी ऊभर चुके हैं, लेकिन अभी भी यह बीमारी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। अभी भी एहतियात बरतने की जरूरत है। पठानिया ने कहा कि ऐसी स्थिति में भविष्य में निपटने के लिए हमें अपने आप को अभी से तैयार रखना होगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अधारभूत ढ़ाचे को मजबूत करना होगा तथा आधुनिकतक प्रणाली अपनानी होगी। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे तथा उन्होंने भी कार्यशाला को संबोधित किया। इस अवसर पर भारतीय संसदीय संस्थान जनसंख्या एवं विकास की उपाध्यक्ष विप्लव ठाकुर, संस्थान के कार्यकारी सचिव मनमोहन शर्मा, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल तथा दर्जनों विधायक शामिल थे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को देखने आए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्रिसेंट शिमला के छात्र-छात्राओं ने विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट कर विधानसभा की कार्य प्रणाली की जानकारी हासिल की। पठानिया ने बच्चों को आज होने वाली कार्यवाही के बारे अवगत करवाया। पठानिया ने कहा कि सदन ही एक ऐसा सर्वोत्तम स्थान है, जहां चुने हुए प्रतिनिधि जनहित से जुड़े मुद्दों को उठा सकते हैं तथा उनका समाधान भी संभव हो पाता है। पठानिया ने छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रणाली को गहनता से अध्ययन करने का आग्रह किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनायें दीं तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की
अधिशाषी अभियंता विद्युत उपमंडल भोक्टू निखिल चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 केवी रिकांगपिओ लाइन फीडर में सीमनस सर्विस टीम द्वारा सब स्टेशन एवं लाइन के मरम्मत कार्य के चलते इसके तहत आने वाले गांव कल्पा, पांगी, तेलंगी, कोठी, तथा खवांगी में 7 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की असुविधा के चलते जन साधारण से सहयोग की अपील की है।
ज़िला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 30 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए ज़िला के सभी खंड विकास अधिकारियों को उनके खंडों में पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन-2023 के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करने के संबंध में आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुरूप उप चुनाव आयोजित करने के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करने के लिए प्राधिकृत भी किया गया है। पंचायत स्तर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा निर्वाचन कर्मियों की नियुक्ति के संबंध में संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा 12 अप्रैल को उपमंडल शाहपुर की हारचक्कियां तहसील के तहत लपियाणा के वन विश्राम गृह में एकदिवसीय निशुल्क एकीकृत चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रही है। कांगड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होने जा रहा यह शिविर शनिवार 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक लगेगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि इस शिविर में रक्तदान, चिकित्सा जांच, आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा जांच, महिला रोग जांच, दिव्यांग शिविर, प्रदर्शनियां, दिव्यांगजनों के सहायतार्थ सहायक उपकरणों का वितरण तथा निशुल्क दवाईयां भी वितरित की जाएंगी । इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के सहयोग से मेडिकल दिव्यांगता जांच कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए पात्र व्यक्तियों को लोक मित्र केंद्र में यूडीआईडी की वेबसाइट पर पंजीकरण करवाना आवश्यक होगा। इस शिविर में पंजीकृत दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरण किए जाएंगे। शिविर में लोगों की जानकारी के लिए अन्य जागरूकता अभियान तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जाएगा।
'सभी के लिए पोषण; एक साथ, स्वस्थ भारत की ओर’ थीम के तहत जिला कांगड़ा के सभी विकास खंडों में पोषण पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को ’श्री अन्न’ (मोटा अनाज) के पोषण गुणों और उसकी उपयोगिता को लेकर शिक्षित किया गया। यह जानकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना के जिला अधिकारी अशोक शर्मा ने पोषण पखवाड़े के जिला स्तरीय समापन समारोह पर आज मंगलवार को धर्मशाला के डाईट में आयोजित कार्यक्रम में दी। इस अवसर पर मोटे अनाज की थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष को अन्तरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के रूप में घोषित किया गया है। जिसके आधार पर समापन समारोह में ‘मोटे अनाज के उपयोग और उसके महत्व’ थीम पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 40 विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए मोटे अनाज से संबंधित चित्र बनाए। प्रतियोगिता में आरती ने प्रथम, नैन्सी शर्मा ने दूसरा तथा अदिति राज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अशोक शर्मा ने बताया कि पहले तीन स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को एक हजार, सात सौ व पांच सौ रूपये की नकद राशि पुरस्कार के रूप में दी गई। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बीएड कॉलेज धर्मशाला की प्रधानाचार्य डॉ. आरती वर्मा ने विद्यार्थियों को मोटे अनाज और उसके महत्व के बारे में बताते हुए उन्हें इनके सेवन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की जिला परियोजना अधिकारी डॉ. वन्दना और कृषि विभाग की विषयवार विशेषज्ञ डॉ. शशि ने भी पोषण संबंधी अपने विचार व्यक्त किए।
पेपर लीक मामले में अब गिरफ्तारियों का दौर भी शुरू हो चूका है। सुक्खू सरकार द्वारा भंग किए जा चुके कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर को विशेष जांच टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कंवर को पूछताछ के लिए हमीरपुर विजिलेंस थाने में बुलाया गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार रात 8:55 बजे ही कंवर को गिरफ्तार कर लिया गया। अब बुधवार को पूर्व सचिव को कोर्ट में पेश किया जाएगा। दूसरी ओर परिवहन विभाग से निलंबित ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार को हमीरपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 13 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि एसआईटी ने पोस्ट कोड 819 ट्रैफिक इंस्पेक्टर पेपर लीक मामले में 30 मार्च को हमीरपुर के घनाल गांव स्थित घर से आरोपी रवि को गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी पेपर लीक मामले में आरोपी दलाल संजीव कुमार, मुख्य आरोपी उमा आजाद के छोटे बेटे निखिल आजाद और घर पर काम करने वाले नौकर नीरज कुमार के आवाज के सैंपल एकत्रित करने के मामले में हमीरपुर न्यायालय ने एसआईटी की अर्जी को स्वीकार करते हुए सैंपल लेने की अनुमति प्रदान कर दी है। अब एसआईटी इन तीनों आरोपियों को मंडी स्थित फोरेंसिक साइंस लैब लेकर जाएगी।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तहत देहरा क्रिकेट अकादमी के 2023-24 सेशन के ट्रायल्स देहरा शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम में 8 अप्रैल सुबह 9 बजे से लिए जाएंगे। इसमें लड़के व लड़कियां दोनों भाग ले सकते हैं। आयु 8 से 18 वर्ष के भीतर होनी चाहिए। ट्रायल एचपीसीए के कोच तरुण, राजेश्वर व गुलशन लेंगे। ये ट्रायल निःशुल्क रहेंगे। सभी इच्छुक खिलाड़ियों का ड्रेस कोड सफ़ेद रहेगा। इस ट्रायल में चुने गए खिलाडियों को एचपीसीए द्वारा सर्टिफ़ाइड कोच ट्रेनिंग देंगे। अधिक जानकारी के लिए 98160-33104 पर संपर्क किया जा सकता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार से वर्तमान कांग्रेस सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को निकालने का काम प्रदेश भर में चला रखा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह सरकार अपने चुनावी वायदे में नौकरी देने की बात करती थी पर जब से यह सत्ता में आई है तब से नौकरी छीनने की बात ही कर रही है। हिमाचल प्रदेश में लगभग 35000 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी कार्य कर रहे हैं और लगातार हिमाचल प्रदेश की सरकार इन कर्मचारियों को निकालने का कार्य कर रही है। यहां तक कि आउटसोर्स कंपनी के साथ करार भी इस सरकार ने अभी तक नहीं किया है इससे सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारी करार खत्म होने के कारण अपनी नौकरियां खो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपनी चुनावी गारंटियों से कांग्रेस मुकरती दिखाई दे रही है, कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि हम हिमाचल प्रदेश में सत्ता में आते ही 5 लाख युवाओं को नौकरी देंगे पर यहां तो लगातार युवाओं की नौकरियां जाती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि देखने की बात यह है कि कांग्रेसी केवल आंकड़ों के माया जाल प्रस्तुत करके जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पार्टी की नीतियों का खंडन करती है और निंदा करते हुए कहती है कि कांग्रेस पार्टी को सच्ची पक्की राजनीति करनी चाहिए ना की जनता को ठगने वाली राजनीति करनी चाहिए।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से आज प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने भेंट की तथा अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। उप मुख्यमंत्री ने विधायक विनय कुमार की अध्यक्षता में नौहराधार का प्रतिनिधिमंडल, विधायक रवि ठाकुर की अध्यक्षता में लाहौल-स्पीति का प्रतिनिधिमंडल, पूर्व विधायक गंगूराम मुसाफिर की अध्यक्षता में पच्छाद का प्रतिनिधिमंडल साथ अन्य क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधिमंडलों एवं लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उन्हें पूर्ण किया जाएगा।
कांगड़ा स्थित प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कोविड काल के समय रखे लगभग 300 आउटसोर्स कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकालने का फरमान जारी कर दिया गया था, जिसके बाद आउटसोर्स कर्मचारियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इन आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपना दुखड़ा नगराेटा बगवां के विधायक आरएस बाली के सामने राेया और उन्हें अपनी व्यथा सुनाई। इस पर आरएस बाली ने उन्हें नाैकरी पर वापसी का भराेसा दिलाया था। आरएस बाली के अनुरोध पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने टांडा मेडिकल कॉलेज के इन आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशी की कर्मचारियों की री-ज्वाइनिंग करवा दी है। दरअसल आउटसोर्स कर्मचारियों का कांट्रैक्ट खत्म हो गया था, जिससे अब नए सिरे से भर्तियां होनी थीं, लेकिन आरएस बाली ने आउटसोर्स कर्मचारियों का दुख समझा और मुख्यमंत्री के सुक्खू के सामने दाेबारा उन्हें नाैकरी में वापसी करवाने का आग्रह किया। इसका असर यह हुआ कि सुक्खू सरकार ने टांडा मेडिकल कॉलेज के आउटसाेर्स कर्मचारियाें के लिए री-ज्वाइनिंग का फैसला दे दिया।
कांगड़ा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अतंर्गत जिला नारकोटिक्स सेल के दस्ते द्वारा न्यू कांगड़ा के समीप 2 युवकों को नशे की खेप के साथ पकड़ा गया है। तलाशी के दौरान उनके पिटठू बैग में से 1 किलो 530 ग्राम चरस बरामद की गई। एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के अतंर्गत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह चरस कहां से खरीदी गई और आगे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। सब पहलुओं को देखकर छानबीन की जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ओएसडी रितेश कपरेट से मिलने के लिए मंगलवार को उनके परिजन और गांव के लोग सचिवालय पहुंचे। रितेश कपरेट के कार्यालय में पिता हरिमन कपरेट सहित गांव के लोगों ने शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।रितेश कपरेट के साथ मिलते समय परिवार व गांव के भावुक नजर आए। बेटे की उपलब्धि पर हरिमन कपरेट काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि बेटे का इस पद पर पहुंचना उनके लिए गौरव की बात है। यह केवल उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे इलाके के लिए गौरव की बात है। रितेश कपरेट कांग्रेस के केंद्रीय संगठन और प्रादेशिक संगठन के साथ सरकार का सामंजस्य देख रहे हैं और कांग्रेस के पदाधिकारियों का मुख्यमंत्री के साथ तालमेल स्थापित करने के लिए काम कर रहे हैं। रितेश कपरेट मूल रूप से जिला शिमला के कोटखाई से संबंध रखते हैं। कपरेट ने कांग्रेस के छात्र में एनएसयूआई से अपनी राजनीति की शुरुआत की थी। राहुल गांधी की ओर से कांग्रेस संगठन में चुनाव के जरिए हुई नियुक्तियों में रितेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव चुनकर आए थे। इस दौरान युवा संगठन में चुनकर आए अन्य प्रतिनिधि अनिरुद्ध सिंह, विक्रमादित्य सिंह, रघुबीर सिंह बाली और आशीष बुटेल पहले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा हैं। इस कड़ी में रितेश कपरेट का नाम भी जुड़ा है। रितेश कपरेट को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जब चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष थे, तब रितेश कपरेट महासचिव के रूप में उनके साथ अटैच थे और उनके सभी कार्यक्रम भी कॉर्डिनेट कर रहे थे।
4 अप्रैल 1905 कांगड़ा में आए विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों को पुराना कांगड़ा रोड में बनाए गए स्मारक पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। यह श्रद्धांजलि जिला आपदा प्रबंधन, रेड क्रॉस सोसाइटी, प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण केंद्र कांगड़ा द्वारा हरजीत भुल्लर के नेतृत्व में दी गई। इस दौरान उनके साथ नितिका, निर्मला, नरेंद्र, पवन, सलोनी भी उपस्थित रहे। हरजीत भुल्लर ने भूकंप आने पर क्या किया जाए, उसकी जानकारी भी साझा की।
सोलन के अटल शिक्षा कुञ्ज स्थित प्रसिद्ध आईईसी यूनिवर्सिटी में एनडीआरएफ टीम के सहयोग से आपदाओं के समय बचाव और राहत को लेकर सोमवार को एजुकेशनल ट्रेनिंग क्लास का आयोजन किया गया। इस ट्रेनिंग क्लास में 100 से अधिक विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान इंस्पेक्टर अमर उज्जैन के नेतृत्व में एनडीआरएफ की सात सदस्यीय टीम ने प्रतिभागियों को आपदा से बचाव के तौर-तरीके सिखाए। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के कारण और उनके प्रभावों के बारे में विस्तार में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ भारत को आपदाओं से जूझने में सक्षम बनाने के लिए पूरे जोश और उत्साह से कार्य करता रहा है और आगे भी इसी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करता रहेगा। इस दौरान एनडीआरएफ टीम ने बच्चों को लाइव डैमो देकर बताया कि किस तरह से किसी आपदा में मानवीय और अन्य जीवों के जीवन की रक्षा की जा सकती है। इस अवसर पर आईईसी यूनिवर्सिटी के सभागार में स्ट्रेचर, लाइफ बोट जैसे जीवन रक्षक उपकरणों का उपयोग करके जीवन की रक्षा करने के तरीके सिखाए गए।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत काथला बाडू दा वन हारसी पतन रोड पर बने माता कामाख्या मंदिर में 9 अप्रैल को 20वां रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है, जो कि सुबह 9 बजे से शुरू होगा और 1 बजे तक चलेगा। यह जानकारी कामख्या मंदिर के पंडित दयानंद शर्मा ने दी। पंडित दयानंद शर्मा ने जयसिंहपुर और आसपास के क्षेत्र की जनता से अपील की है कि इस रक्तदान शिविर में अपनी भागेदारी कर महादान का पुण्य कमाएं।
थाना डमटाल पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना डमटाल के प्रभारी कल्याण सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा सोमवार रात को व्यक्ति से 16.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान राजीव कुमार, निवासी गांव गन्ना, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
द्रोणाचार्य शिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव 'नवरंग' का आयोजन किया गया। इसमें इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कॉलेज स्तरीय बेस्ट मॉडल मेकिंग, पोट मेकिंग, डेकोरेशन, प्रश्नोत्तरी, डिक्लेमेशन इत्यादि प्रतियोगिताओं में विभिन्न कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इसमें बीएड के द्वितीय सत्र के अतुल ने डिक्लेमेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं द्वितीय सत्र की छात्राएं स्तुति और निकेता ने बेस्ट टीचिंग मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चतुर्थ सत्र की छात्राएं अंशुल और मेघा ने डेकोरेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करके कॉलेज का नाम रोशन किया है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज भोजन अवकाश के दौरान विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की।
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमेन की बीएड तथा डीएलएड की 100 छात्राओं ने पिंक सिटी जयपुर का शैक्षिक भ्रमण किया। पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पिंक सिटी में जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, म्यूजियम, हवा महल, आमेर फोर्ट, जयगढ़ फोर्ट, विरला मंदिर, जल महल, बापू बाजार जैसी जगहों पर जाकर अलग-अलग अनुभव हासिल किए। म्यूजियम में जाकर जहां उन्होंने प्राचीन कलाकृतियों के माध्यम से उस समय की सभ्यता और संस्कृति के बारे में जाना, वहीं दूसरी ओर फोर्ट में जाकर उन्होंने महाराजा मान सिंह के जीवन, जो कि अब इतिहास बन चुका, संबंधी सारी जानकारी हासिल की। हवा महल को देखकर उन्होंने जाना कि यह महल विशेष रूप से राजपूत सदस्यों और खासकर महिलाओं के लिए बनवाया गया था, ताकि शाही महिलाएँ नीचे की गली में हो रहे रोज़ाना के नाटक नृत्य को देख सकें। जल महल से उन्होंने जाना कि अरावली पर्वत के गर्भ में स्थित यह महल झील के बीचों-बीच खड़ा है। यह महल राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसागर झील के मध्य स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक महल है ।साथ ही उन्होंने जाना कि सिटी पैलेस जयपुर में स्थित राजस्थानी व मुगल शैलियों की मिश्रित रचना है, जिसके प्रवेश द्वार पर संगमरमर के दो नक्काशी हाथी खड़े हैं ।कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुमन शर्मा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं को भविष्य के लिए भी तैयार किया जाता है। प्रियंका, आंचल, निकिता, ईशु, तन्वी, अक्षिता, दीक्षित, तनु ,श्रेया, निहारिका, श्रुति, शिवानी कपूर, आर्या, गज़ल आदि ने बताया कि हमने शैक्षिक भ्रमण के ज़रिए बहुत सारी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं, जो भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करेंगीं।
ज्वालाजी के अराध्य का गुरुकुल विद्यालय कुरुक्षेत्र में चयन हुआ है। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया 20 मार्च को गुरुकुल कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में 5वीं कक्षा में राष्ट्र स्तरीय एंट्रेंस टेस्ट में 19 राज्यों से आए हुए विद्यार्थियों ने भाग लिया। अराध्य ने यह परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य सुरजीत राणा ने इस उपलब्धि के लिए अराध्य और उसके पिता कपिल शर्मा दादा सुबोध शर्मा दादी शालिनी शर्मा सहित विद्यालय के सभी अध्यापक वर्ग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अराध्य को मिठाई खिलाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारा विद्यालय योग्य शिक्षकों के माध्यम से देश में होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयार करने में अपना योगदान दे रहा है। प्राचार्य ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि अराध्य ने जो कामयाबी हासिल की है, यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है। चौथी कक्षा के छात्र अराध्य ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत राणा अध्यापकों और अपने दादा-दादी और पिता को दिया।
कांगड़ा की बेटी दीक्षा शर्मा ने साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर नए आयाम स्थापित किए हैं। दिल्ली में इग्नू के मुख्य दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक विज्ञान के सभी विषयों में टॉप करने पर दीक्षा शर्मा को प्रो. जी राम रेडी गोल्ड मेडल से अलंकृत किया।एक अन्य समारोह में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दीक्षा शर्मा को साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। कांगड़ा के शास्त्री यशपाल शर्मा के घर में जन्मी दीक्षा की नर्सरी से जमा दो तक प्रारंभिक शिक्षा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में हुई। इसके बाद उसने डीएवी से बीएससी व एचपीयू से एमएससी की डिग्री उत्तीर्ण कर धर्मशाला कॉलेज से बीएड की। मृदुल अवस्थी जो पावर ग्रिड कारपोरेशन में इंजीनियर पद पर शिमला में तैनात हैं, से शादी करने के बाद दीक्षा ने साइकोलॉजी में एडमिशन ली और पुराने सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर कांगड़ा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।
विद्युत उपमंडल खुंडियां, ज्वालामुखी नं. 1 और ज्वालामुखी नं. 2 के तहत 33/11/04 केवी. सब स्टेशन ज्वालामुखी (दरंग) की मरम्मत व उचित रख-रखाव का काम किया जाना है। इस कारण खुंडियां, सपड़ी, ज्वालाजी शहर, रेखा, सिहोरपाई, मत्याल, रतयाल, खोलियां, गलखडी, बलारडू, लौअर घलोर, सैला, बल्लियां, अधवानी, पंजयारा, धनोट, जिजल, घलौर, रोहाड़ा, गहालियां, खतौह, बल्लाआदि में 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। खराब मौसम के कारण यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। यह जानकारी ई० अमर चंद सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल ज्वालामुखी-2 ने दी।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला द्वारा घोषित बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष के नतीजों में लॉर्ड महावीरा नर्सिंग संस्थान की बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा निकिता ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी तरह हरनीत कौर ने प्रदेश में छठा स्थान, वर्षा ने प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया। निकिता ने 700 में से 598 अंक लेकर प्रदेश में दूसरा स्थान, हरनीत कौर ने 700 में से 585 अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. अजीत पाल जैन, डॉ. आशिमा जैन, संस्थान की प्रिंसिपल डॉक्टर संतोष शर्मा और वाइस प्रिंसिपल एन चंद्रलेखा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर उनको और उनके अभिभावकों को बधाई दी। संस्थान के चेयरमैन डॉ. अजीत पाल जैन ने बताया कि इस वर्ष 2023 के अलग-अलग कक्षाओं के नतीजों में संस्थान की करीब 15 छात्राएं पूरे प्रदेश में टॉप टेन में जगह बना चुकी हैं। संस्थान की छात्राएं हर वर्ष पूरे प्रदेश में अव्वल रहती हैं।
विधानसभा बजट सत्र के दौरान आज पंचायत सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को एक ज्ञापन सौंपा।
पुलिस थाना इंदौरा की टीम अवैध कारोबार करने वाले लोगों पर लगातार डंडा बरसा रही है। चाहे वह माफिया से संबंधित कार्रवाई हो, चाहे सरकार के राजस्व पर डाका या फिर अवैध खनन का मामला हो। पुलिस जिला नुरपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने कुछ दिनों पहले कहा था कि अवैध खनन व नशा माफियाओं को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इसी मुहिम को आगे बढाने के लिए पुलिस थाना इंदौरा व डमटाल द्वारा हर दिन इन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बीती रात इंदौरा पुलिस द्वारा टिब्बी पंजाब बॉर्डर के साथ 4 टिप्पर व एक पोकलेन को अवैध खनन करते काबू किया गया। मौके पर डेढ़ लाख रुपये जुर्माना भी किया गया।
प्रदेश सरकार ने नालदेहरा गोल्फ सोसायटी कार्यकारी समिति का पुनर्गठन किया है। इसमें अनिल वालिया को गोल्फ कोर्स का कप्तान नियुक्ति किया है। गोल्फ सोसाइटी के मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री हैं, जबकि प्रधान सचिव पर्यटन इसके अध्यक्ष रहेंगे। गोल्फ सचिव अर्जुन लाल बनाए गए हैं, जबकि डीसी शिमला सदस्य होंगे। इसके अलावा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में गुरजोत सिंह और अमन सचदेवा बनाए गए हैं। कोर्स के नवनियुक्त कप्तान अनिल वालिया ने कार्यकारी समिति के पुनर्गठन के लिए मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि वे न केवल गोल्फ पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से काम करेंगे, बल्कि नालदेहरा को दुनिया के गोल्फ मानचित्र पर लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नालदेहरा गोल्फ में बुनियादी ढांचे में सुधार करेंगे, ताकि यहां पर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों को गोल्फ खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और जल्द ही उनके लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, गोल्फ सचिव अर्जुन लाल ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी प्रणाली और प्रक्रियाओं को नालदेहरा में रखा जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी सदस्यों को एक समान मान सम्मान सम्मान दिया जाएगा और स्थानीय गोल्फरों को भी तरजीह दी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना फिर से दौड़ने लगा है। दिन प्रतिदिन कोरोना के मामले सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 318 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इससे पहले 1 अप्रैल को 354 मामले सामने आए थे। 2 दिन बाद फिर 300 से ज्यादा मरीज मिलना स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ लोगों की चिंता को बढ़ाने वाला मामला भी है। प्रदेश जब कोरोना फ्री हुआ था तो लोग राहत की साँस लेने लगे थे वहीँ अब कोरोना के मामले को बढ़ते देख लोग भी चिंता के विषय बन चुके है वहीं अब प्रदेश में कोरोना के एक्टिव केसों का आंकड़ा बढ़कर 1379 हो गया है। मंडी जिला में सबसे ज्यादा 75 नए केस रिपोर्ट हुए हैं। कांगड़ा में 53, हमीरपुर में 51, शिमला में 24, सिरमौर और सोलन में 23-23, कुल्लू में 11, किन्नौर में 6, चंबा में 19 ,बिलासपुर में 30 और लाहौल स्पीति में कोरोना के 3 नए मरीज मिले। 24 घंटे में 157 मरीज ठीक भी हुए हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 157 मरीज ठीक भी हुए हैं। 21 दिन के भीतर 1200 से ज्यादा नए मरीज पॉजिटिव आए हैं। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 6.40% पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करने की अपील कर रहा है। भीड़ वाली जगह पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन मेें डॉ. प्रमोद शर्मा द्वारा लिखित पुस्तक ‘इकिगाई इनसाइट’ का विमोचन किया। राज्यपाल ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें हमारे ज्ञान में वृद्धि एवं इसे विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके अध्ययन से हम अपने जीवन को निरंतर परिष्कृत करते रहते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक पाठक वर्ग को जीवन के प्रति अपने दृष्टिकोण को और स्पष्ट करने में सहायक सिद्ध होगी तथा उन्हें अधिक समर्पित भाव से समाज एवं मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करेगी। डा. प्रमोद शर्मा ने पुस्तक के विमोचन के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी 15वीं पुस्तक है, जो जीवन जीने के जापानी दर्शन पर आधारित है। इस पुस्तक में लम्बे समय तक एक स्वस्थ, सम्पन्न और खुशहाल जीवन के बारे में बताया गया है। पुस्तक में इकिगाई को उस बिंदु के रूप में दिखाया गया है जहां व्यक्ति नये आयाम के साथ जीवन की एक नई उड़ान भरता है।
भारतीय संसदीय संस्थान जनसंख्या एवं विकास की उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर ने आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उनके साथ भारतीय संसदीय संस्थान जनसंख्या एवं विकास के कार्यकारी सचिव मनमोहन शर्मा भी मौजूद रहे।
हिमाचल के उद्योगपति संजीव सूरी ने आज नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष के लिए 5 लाख रुपये का चेक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने निराश्रित महिलाओं और ज़रूरतमंद बच्चों को सहायता प्रदान करने के दृष्टिगत इस कोष की स्थापना की है ताकि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत उनकी सम्मानजनक जीवन की राह आसान हो। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए समाज के सभी वर्गों को उदारतापूर्वक अंशदान करने का आग्रह किया। नई दिल्ली में मुख्यमंत्री के ओएसडी कुलदीप सिंह बाशटू भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में आज विधानसभा क्षेत्र रेणुका के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से भेंट की तथा अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने कोरोना काल के दौरान से हिमाचल पथ परिवहन निगम बस का बंद रूट सोलन से भराड़ी-पुन्नरधार को फिर से शुरू करने का आग्रह किया। वहीं, भराड़ी क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाऊ सिंचाई परियोजना तैयार करने का भी अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर पूर्ण किया जाएगा।
हमीरपुर ज़िले के ज़िला परिषद सदस्यों ने आज नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। इस दौरान हमीरपुर से सांसद व केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर भी मौजूद रहे। इस दौरान ज़िला परिषद सदस्यों ने माननीय उपराष्ट्रपति से विभिन्न सामाजिक एवं अन्य मुद्दों पर विचार साझा कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। ज़िला परिषद सदस्यों में बगेहड़ा से रणजीत सिंह राणा, दरोग़न पट्टी कोट से बबली, जंगलरोपा से नरेश कुमार, अणु से आशा देवी, धीरड़ से पवन कुमार, जाहू से राजकुमारी, खरवाड़ रमन वर्मा, भोरंज से मधुबाला, करेर से राजेश कुमार, बड़सर से बीना देवी, दांदडू से संजीव कुमार, लहड़ा से संजीव कुमार और धनेटा से संजय कुमार ने उपराष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की।
जसवां प्रागपुर के तहत गांव स्वाणा में सोमवार को क्रिकेट स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य ात अतिथि कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट होते रहने चाहिए, जिससे यूथ खेलों की ओर ज्यादा ध्यान दें। जिस तरह से आजकल युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं, उन्हें ऐसे कामों से रोकने के लिए यह बहुत अच्छा प्रयास है। इसके लिए सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने कमेटी के मेंबरों की तारीफ करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा और युवाओं से मिलकर उन्हें और मेहनत करने का हौसला दिया। मनकोटिया ने कहा ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए खुद पर विश्वास करना बहुत ज्यादा जरूरी है। आपका विश्वास ही आपको जीता सकता है। हमें अपनी एनर्जी को सही जगह इस्तेमाल करना है। वहीं क्रिकेट टूर्नामेंट क्लब के प्रबंधक सुमित बाबा व सदस्यों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कमेटी के प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया आज पहला मैच स्वाणा जूनियर और टिपरी के बीच खेला गया, जिसमें टिपरी टीम विजयी रही। मनकोटिया द्वारा टीम को प्रोत्साहन राशि व क्रिकेट किट भेंट की गई।


















































