राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा में चल रहे एनएसएस के विशेष साप्ताहिक शिविर के पांचवें दिन चंडीगढ़ से आए डॉक्टर ओपी सिंह ने बच्चों को करियर गाइडेंस एंड काउंसलिंग के बारे में एक लेक्चर दिया, जिसमें उन्होंने स्वयंसेवियों को प्लस टू करने के बाद कौन-कौन से कोर्स किए जा सकते हैं की जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुरेश नरयाल, सरोज शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि कैंप के दौरान बच्चे भिन्न गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं।
राजकीय महाविद्यालय खुंडिया में रोवर एंड रेंजर इकाई द्वारा भारत स्काउट एंड गाइड्स स्थापना दिवस मनाया गया, जिसके अंतर्गत रोवर एंड रेंजर इकाई के संयोजक वीरेंद्र सिंह ने भारत स्काउट एंड गाइड्स के इतिहास के बारे में बताया। इस दौरान विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें रेड रिबन क्लब के प्रतिभागियों द्वारा एड्स व टीबी विषय के ऊपर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके बाद रोड एंड सेफ्टी क्लब के संयोजक सुरेंद्र कुमार के द्वारा सभी विद्यार्थियों को यातायात के नियमों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा यातायात के नियमों का पालन करने के लिए शपथ दिलाई गई । समारोह के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार जरियाल जी ने रोवर एंड रेंजर इकाई के सभी प्रतिभागियों व संयोजकों को बधाई दी।
दिवाली से पहले पटाखे बेचने के लिए धर्मशाला में स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं इस बाबत एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने आदेश जारी करते हुए कहा कि कचहरी अड्डा, डिपो बाजार, सिविल बाजार तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए मिनी सचिवालय के मुख्य द्वार पर ग्राउंड फ्लोर पार्किंग में पटाखे बेचने के लिए स्थान निर्धारित किया गया है इसके साथ ही मुख्य बाजार कोतवाली, कैंट रोड, ब्रिज लाल रोड, गुरुद्वारा रोड, खनियारा रोड, ओल्ड चड़ी रोड, खड़ा डंडा रोड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए कोतवाली के रामलीला ग्राउंड फव्वारा चैक में स्थान निर्धारित किया गया है। मैकलोडगंज तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए भागसूनाग रोड पर सब्जी मंडी ओपन प्लेस निर्धारित किया गया है। दाड़ी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए दाड़ी मेला ग्राउंड का स्थान पटाखों को बेचने के लिए निर्धारित किया गया है। एसडीएम ने कहा कि निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखे बेचने की इजाजत नहीं दी जाएगी तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि पटाखे बेचने की अनुमति लेने के लिए 9 नवंबर से पहले आवेदन करना जरूरी होगा तथा इसके बाद किसी भी तरह के आवदेन स्वीकृत नहीं किए जाएंगे।
विधानसभा जयसिंहपुर बालकरूपी के अंतर्गत आने वाले गांव के लोगों ने बैंक और प्रशासन से एटीएम लगाने की मांग की है। एटीएम की मांग पहले भी रखी गई थी। बालक रूपी में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। एटीएम को लेकर बैंक प्रबंधक से बात हुई थी, लेकिन हेड ऑफिस धर्मशाला से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। लोगों का कहना है कि बालक रूपी में एक बहुत प्रसिद्ध मंदिर है, जहां हर साल लाखों लोगों दर्शन करने आते हैं और मंदिर परिसर में हर साल मेले होते हैं तो श्रद्धालुओं को बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। मंदिर से थोड़ी दूर आईटीआई, गवर्नमेंट स्कूल, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, आईपीएच ऑफिस के साथ पीडब्ल्यूडी का ऑफिस हैं, यहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। यहां की जानता ने बैंक प्रबंधक और विधायक गोमा से अपील की है कि जल्दी ही बालकरूपी में एटीएम लगाया जाए, ताकि लोगों को एटीएम की सुविधा मिल सके।
-बोले, कैसे चलेगा परिवार का खर्चा, बताए सरकार सरकार के क्रशर बंद करने के निर्णय से जहां विभिन्न निर्माण व अन्य विकास कार्यों पर विराम लगा है, दिहाड़ीदार व अन्य कामगार वर्ग पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है। पिछले लगभग ढाई माह से अधिक समय से क्रशर उद्योग बंद होने से उक्त वर्ग को खाने के लाले पड़ रहे हैं। इस बारे क्षेत्र के विभिन्न क्रशर उद्योगों के कामगारों ने सरकार के इस निर्णय को मजदूर वर्ग विरोधी बताया है। यहां दो दर्जन से अधिक की संख्या में एकत्रित हुए क्रशर व अन्य कार्यों से जुड़े लोगों ने कहा कि पिछले दिनों करवा चौथ के व्रत पर आर्थिक तंगी के कारण वे आवश्यक खरीददारी नहीं कर पाए और यदि सरकार ने क्रशर उद्योग का संचालन शुरू नहीं किया तो अब दिवाली के त्योहार भी फीका रहने के आसार हैं। क्रशर उद्योगों पर चाय का काम करने वाले, वाहनों की मरम्मत करने वाले, लांगरी का काम करने वाले अमरीक सिंह, चैन सिंह, वैल्डर सुरेंद्र पाल, सुरेश बिल्ला व जीवन कुमार आदि ने बताया कि वे उक्त काम कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं, लेकिन सरकार द्वारा क्रशर बंद किए जाने के कारण महंगाई के इस दौर में आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ रहा है, जिसके चलते कामगारों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता दिखाई पड़ रहा है। श्रमिक वर्ग ने सरकार से दीवाली से पहले क्रशर उद्योग चलाने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो सरकार हर माह जब तक क्रशर उद्योग संचालित नहीं किए जाते तब तर न्यूनतम वेतन अथवा भत्ता राशि जारी करने का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ में कामगारों का कोई कसूर नहीं है, लेकिन सरकार के इस निर्णय से उनके परिवारों को सजा मिल रही है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जनपद में स्थित राजकीय महाविद्यालय शिवनगर की रेंजर्स एवं रोवर्स इकाई द्वारा झंडा दिवस मनाया गया। इस गतिविधि से जुड़े सभी बच्चों ने तिरंगा झंडा लहरा कर समाज और देश सेवा के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। इकाई के संयोजक प्रोफेसर योगेश पाण्डेय ने इस दिन की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्राचार्य प्रोफेसर उपेंद्र शर्मा ने बच्चों के उत्साह पर उनकी प्रशंसा की और अपने विद्वान अध्यापकों के मार्गदर्शन में समाज सेवा के कार्य में और तल्लीनता से जुटने का आग्रह किया। इस मौके पर प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर राजेश कुमार, प्रोफेसर उज्जवल सिंह, प्रोफेसर विवेकानंद शर्मा भी उपस्थित थे।
-योजना का लाभ उठाकर जगदीश प्रतिवर्ष कमा रहे 8-10 लाख -मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना से सत्तर प्रतिशत मिल रहा किसानों को उपदान धर्मशाला। मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत सरकार से उपदान पर खेतों के लिए मिली सोलर फेंसिंग की सुविधा किसानों बागबानों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है, फसल और पौधों के सुरक्षा कवच ने खेतों में हरियाली और किसानों के चेहरों पर लाली लौटा दी है। इसी योजना का लाभ उठाकर शाहपुर के सलोल के बागबान जगदीश सैणीे प्रतिवर्ष आठ से दस लाख की आमदनी अर्जित कर अपने परिवार का भविष्य संवार रहे हैं वहीं सोलर फेंसिंग लगाकर पौधों को सुरक्षा कवच प्रदान ही नहीं किया बल्कि अपने दिन रात की मेहनत के फल में निश्चिंतता के रंग भर दिए। जगदीश सैणी उन किसानों के लिए भी प्रेरणा पुंज बने हैं जिन किसानों ने जंगली जानवरों के डर से अपने खेतों को बंजर छोड़ दिया है और सोलर फेसिंग योजना का लाभ उठाकर किसान खेतीबाड़ी की ओर पुन: लौटने लगे हैं। सलोल के बागवान जगदीश चंद सैणी ने बताया कि वह पहले खेतों में सब्जियां उगाकर अपने परिवार का जीवन यापन करते थे लेकिन जंगली जानवरों के कारण उनकी 50 से साठ प्रतिशत फसल बर्बाद हो जाती थी, खेतों की रखवाली के लिए खेतों के चारों तरफ कटीली झाड़ियों का बाड़ लगाया करते थे, लेकिन इसे जंगली जानवर तोड़कर खेतों में प्रवेश कर जाया करते थे और फसलें नष्ट कर देते थे। जिसके कारण उनको काफी नुक्सान उठाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के बारे में जब कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने उनको खेतों की फेंसिंग के लिए सत्तर प्रतिशत अनुदान के बारे में जानकारी दी तो तो उन्होंने इस योजना का लाभ उठाते हुए 50 कनाल में सात सौ मीटर के लगभग पांच लाख की लागत से सोलर फेंसिंग करवाई जिसमें 95 हजार रूपये खर्च किए जबकि सरकार की ओर से 4 लाख 5 हजार का अनुदान दिया गया तथा उन्होंने अपने 50 कनाल के खेत में 2000 पौधे नींबू, 800 पौधे गलगल, 200 पौधे मौसमी के लगाए हैं। इसके अलावा सरकार की ओर से दो बोरबेल तथा ड्रिप ईरिगेशन के लिए उपदान भी दिया गया। उन्होंने कहा कि सोलर फेंसिंग के कारण पौधों को जंगली जानवर किसी भी तरीके का नुक्सान नहीं पहुंचा रहे हैं। जगदीश सैणी ने बताया कि अब वर्ष में पांच से छह लाख रूपये के करीब नींबू तथा तीन से पांच लाख के करीब गलगल बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं तथा इनकी फसल को खेतों से खरीद लिया जाता है। जगदीश सैणी ने कहा कि सभी किसानों को इस योजना का लाभ उठाकर किसान जंगली जानवरों से चिंतामुक्त होकर अपनी खेती से बेहतर आमदनी अर्जित कर सकते हैं तथा बंजर भूमि का भी सही उपयोग हो सकेगा। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कृषि में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं तथा सरकार की ओर से किसानों की उन्नति के लिए विभिन्न योजनाएं क्रिर्यान्वित की जा रही हैं इन योजनाओं का लाभ सभी किसानों तक पहुंचाने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों को व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किसानों की आमदनी दुगुनी करने के लिए आरंभ की गई हिम उन्नति योजना के तहत भी किसानों को कृषि विभाग की तरफ से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उप निदेशक राहुल कटोच ने कहा कि मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत फसलों को जंगली जानवरों तथा पशुओं से बचाने के लिए सरकार की ओर से सोलर फेंसिग के लिए सत्तर प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जा रहा है तथा कांगड़ा जिला में किसानों को खेत संरक्षण योजना के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है ताकि किसान अपनी फसल को बचा सकें और अच्छी आमदनी अर्जित कर सकें। उन्होंने कहा कि खेत संरक्षण योजना का लाभ लेने के लिए एग्रीडीबीटी ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की रोवर्स रेंजर्स इकाई द्वारा भारत स्काउट एवं गाइड का 74वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अंजू रानी चौहान ने की। इस अवसर पर रोवर्स रेंजर्स द्वारा ध्वजारोहण किया गया। अपने अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य ने स्काउटिंग का महत्व बताते हुए रोवर्स रेंजर्स को इसमें अपनी अधिक से अधिक भूमिका निभाने का आह्वान किया। रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई द्वारा भाषण, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी, पायनरिंग आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रेंजर्स लीडर प्रो. वंदना राणा ने समस्त रोवर्स एवं रेंजर्स को स्थापना दिवस की बधाई दी तथा भारत स्काउट एवं गाइड की भूमिका बताते हुए समस्त रोवर्स रेंजर्स को स्काउटिंग के प्रति उनके कर्तव्यों को बताते हुए स्काउटिंग में अधिक अधिक भाग लेने को कहा। इस अवसर पर प्रो. सुनीता शर्मा, रेंजर लीडर प्रो. शर्मीता, रोवर लीडर प्रो. सतपाल तथा प्रो. कपिल, प्रो. अक्षय, कार्यालय अधीक्षक ओंकार चांद डोगरा उपस्थित रहे।
प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत गगवाल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में एसडीएम इंदौरा डॉ. सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी विशाल वर्मा, नायब तहसीलदार परवेश शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, अधि. अभियंता रविंद्र कुमार, बीएमओ संदीप महाजन, वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिनव ठाकुर सहित कृषि, बागवानी, लोक निर्माण विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अलग-अलग गांवों से आए हुए निजी व सामूहिक कार्यों से संबंधित लगभग 60 शिकायतें विधायक के सम्मुख प्रस्तुत की गईं। इनमें से अधिकांश का मौका पर ही निपटान किया गया व अन्य को विभागाधिकारियों को चरणबद्ध ढंग से निवारण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि क्षेत्र में ऐसे कई गांव हैं, जहां आवागमन सुगम न होने के चलते वे विधायक कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते। लोगों को अपनी समस्याओं को लेकर बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पडें, इसलिए विधानसभा क्षेत्र को अलग-अलग जोन में बांटा गया है, जिसमें सभी जोन में एक केंद्रीय स्थल पर सभी विभागों के अधिकारियों को साथ लेकर विधायक व प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम चरणबद्धता से आयोजित किया जाएंगे, ताकि घर-द्वार पर ही लोगों की समस्याओं का हल हो सके।
-कहा, पायलट आधार पर डीसी कार्यालय परिसर में वर्षा जल संग्रहण ढांचा होगा विकसित -धर्मशाला में कैच द रेन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित कांगड़ा जिला में भूजल स्तर की कमी वाले क्षेत्रों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे तथा चैक डैम निर्मित करने के लिए विशेष कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि जल संरक्षण की दिशा में बेहतर कदम उठाए जा सकें। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में जल शक्ति मिशन के तहत आयोजित कैच दे रेन अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, जल शक्ति विभाग तथा वन विभाग के माध्यम से निर्मित जल संग्रहण ढांचों की सूची तैयार की जाएगी ताकि इन जल संग्रहण ढांचों का उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जा सके। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कैच दि रेन के तहत जल संरक्षण के लिए प्लान तैयार किया गया है इस के लिए ब्लाक स्तर तथा पंचायत स्तर पर टास्क फोर्स भी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के समय समस्त क्षेत्रों में खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जल की कमी हो जाती है तथा जल स्तर में गिरावट दर्ज होती है इसी को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संग्रहण पर विशेष बल दिया गया है। इसी कड़ी में केंद्र सरकार की ओर से अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों का संरक्षण तथा सौंदर्यीकरण किया जा रहा है इससे जल स्तर पर में भी बढ़ोतरी होगी तथा अमृत सरोवरों के जल का उपयोग कृषि तथा पशु पालन कार्यों में किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत भी सिंचाई के लिए वर्षा जल संग्रहण के लिए विशेष प्रावधान किया गया है विभिन्न स्तरों पर जल भंडारण टैंक निर्मित करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत वर्षा जल संग्रहण के लिए निर्मित किए जाने वाले ढांचों या चैक डैम के लिए बेहतर डिजाइन तैयार किया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि सभी सरकारी संस्थानों में वर्षा जल संग्रहण ढांचे विकसित किए जाएंगे इस के लिए प्रारंभिक तौर पर धर्मशाला डीसी कार्यालय परिसर में वर्षा जल संग्रहण ढांचा विकसित किया जाएगा इससे फायर हाइड्रेंट के लिए भी पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि चरणबद्व तरीके से सभी सरकारी कार्यालयों में प्राथमिकता के आधार पर जल संग्रहण ढांचे विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कैच दे रेन अभियान के तहत देहरा, पालमपुर, ज्वालाजी तथा इंजीनियरिंग कालेज मस्सल, टांडा मेडिकल कालेज के लिए जल शक्ति विभाग के माध्यम से योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। पानी की कमी की समस्या का होगा समाधान पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा जल का प्रवाह अत्यधिक होने से अधिकांश जल बहकर नदीं-नालों में चला जाता है। पानी के साथ-साथ मृदा कटाव भी होता है, जिससे उपजाऊ भूमि की उर्वरता कम होती है। लेकिन इस तरह के अमृत सरोवरों का निर्माण किए जाने से वर्षा जल को अधिक से अधिक मात्रा में संग्रहित किया जा सकता है। जिससे अधिकाधिक क्षेत्र की सिंचाई करते हुए किसानों व बागवानों द्वारा अधिक उत्पादन भी प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर एडीसी सौरभ जस्सल, जल शक्ति, कृषि, बागबानी, मत्स्य पालन तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
-निर्माण कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर कालेज में छात्राओं को शीघ्र ही छात्रावास की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी इसके निर्माण पर 4 करोड़ 79 लाख की राशि व्यय की जा रही है। सोमवार को शाहपुर कालेज में निर्माणाधीन छात्रावास के कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि छात्राओं को रहने के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों को लेकर किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाए तथा समयबद्व कार्यों को पूर्ण किया जाए। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सभी पंचायतों का बिना किसी भेदभाव के विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के उद्देश्य से खोले जाने वाले राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से लैस होंगे। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए सरकार चरणबद्ध योजना के तहत 300 करोड़ रुपये व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि यह सभी स्टेट ऑफ आर्ट स्कूल बनकर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन स्कूलों का चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास हेतु पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनमें प्री-प्राईमरी से बारहवीं तक की शिक्षा सुविधा के साथ सभी प्रकार की इंडोर एवम् आउटडोर खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जहां पानी की समुचित उपलब्धता होगी वहाँ स्वीमिंग पूल का भी प्रावधान किया जाएगा। इस अवसर पर कालेज की प्रिंसिपल मीनाक्षी दत्ता, प्रधान बबली तथा वरिष्ठ काँग्रेस नेता देवदत शर्मा सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
-तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ ही पाठ्यक्रम को रोज़गारपरक बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध आधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग से सरकारी सेवाओं का सरलीकरण सुनिश्चित हुआ है। प्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 'डिजिटल इंडिया' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके दृष्टिगत विभागों में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश सरकार की इस पहल को आगे बढ़ाते हुए अपनी विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन की हैं। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड प्रदेश में स्थित बहुतकनीकी संस्थानों, फार्मेसी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं आयोजित करवाता है। बोर्ड द्वारा बहुतकनीकी और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के छात्र व छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया, काउंसलिंग तथा पंजीकरण प्रक्रिया को वैब आधारित मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन कर दिया गया है। इस वैब आधारित मॉड्यूल के माध्यम से अब छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा फार्म तथा पुनर्मूल्यांकन फार्म भी ऑनलाईन माध्यम से भर सकते हैं। इसके लिए निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं। इस मॉड्यूल के माध्यम से सभी सरकारी और निजी बहुतकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों के सत्रीय और प्रायोगिक अंक भी ऑनलाइन ही बोर्ड में जमा किए जा सकते हैं। बोर्ड द्वारा माइग्रेशन प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन कर दी गई है। बहुतकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी अब ऑनलाइन माध्यम से बोर्ड की वैबसाइट पर इसके लिए आवेदन तथा निर्धारित शुल्क भी ऑनलाइन ही जमा करवा सकते हैं। बोर्ड द्वारा सभी सरकारी व निजी बहुतकनीकी संस्थानों को सम्बद्धता जारी करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि वर्तमान प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ ही पाठ्यक्रम को रोज़गारपरक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके दृष्टिगत वर्ष 2023-24 से कई मूल्यवर्धित पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इनमें रोबोटिक्स, ब्लॉक-चेन टैक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कम्प्यूटिंग, डॉटा एनालिटिक्स, आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंंग जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के 13 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इलेक्ट्रिक व्हीकल मकैनिक, मैंटेनेंस मकैनिक, सोलर टेक्निशियन, ड्रोन टैक्निशियन, मैक्ट्रोनिक्स तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्ज टैक्निशियन के कोर्स आरम्भ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री का मानना है कि बदलते परिवेश के साथ वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए युवाओं को अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित प्रशिक्षण प्रदान करना समय की मांग है। प्रदेश सरकार इस दिशा में ठोस व सार्थक कदम उठाते हुए प्रदेश के विकास में युवा ऊर्जा के योगदान व दोहन की दिशा में आगे बढ़ रही है।
गत दिनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल डुग्यारी में जिला स्तरीय संसद का आयोजन किया गया। इसमें 21 शिक्षा खंडों के स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस संसद में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कथोग ने प्रथम स्थान हासिल किया। कथोग स्कूल की छात्रा आरुषी ठाकुर को बेस्ट स्पीकर के अवॉर्ड से नवाजा गया। वहीं, चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में स्कूल के विद्यार्थियों ने साइंस एक्टिविटी सीनियर वर्ग में खंड स्तर पर प्रथम और जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
पुलिस थाना ज्वालमुखी के अंतर्गत तनीष पुत्र राकेश कुमार निवासी वार्ड 5, डाकघर व तहसील ज्वालमुखी, जो कि अपनी स्कूटी पर डोल से ज्वालमुखी आ रहा था कि डोल से निकलते ही उसकी स्कूटी 45 वर्षीय तिलक राज पुत्र रिखी राम निवासी सकडयालु से हो गई, जिस कारण तिलक राज की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल देहरा लाया गया है व स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ की एनएसएस इकाई द्वारा आयुर्वेद दिवस पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉक्टर रंजना कपूर संसाई ने शिरकत की। उन्होंने आयुर्वेद के विभिन्न लाभों की जानकारी छात्रों से साझा की। उन्होंने बताया कि अपनी जीवनशैली को आयुर्वेद के अनुरूप कैसे ढाला जाए और रोगों से कैसे बचा जाए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर महेंद्र पाल, प्रोफेसर राजकुमार पठानिया और अन्य प्रध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस अधिकारी डॉक्टर सुलक्षणा शर्मा ने किया।
सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बताया कि टांडा फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना द्वारा 9 और 10 नवंबर को प्रात: 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कोहाला, कच्छयारी, खोली, घुरकड़ी के लोगों से अपील की है कि इस दौरान वह फायरिंग रेंज में न स्वयं जाएं तथा अपने पालतु पशुओं को भी न जाने दें, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में चतुर्थ सत्र के परीक्षा परिणाम में छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों ने प्रथम श्रेणी में आकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसमें से 33 छात्रों ने 70 से 75 प्रतिशत और 64 छात्रों ने 75 से 80 प्रतिशत एवं 3 छात्रों ने 80 से 85 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। यह परीक्षा परिणाम शैक्षणिक योग्यता की सफलता को दर्शाता है। सभी बच्चों ने प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त करके मिनर्वा कॉलेज का नाम रोशन किया है। इसके अलावा कोई भी विद्यार्थी किसी भी विषय में अनुत्तीर्ण नहीं है। तनवी शर्मा ने 84 फीसदी अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान व आंचल शर्मा ने 82. 5 फीसदी अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा सपना ने 82.2 फीसदी अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल ने सभी छात्रों और अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि हमारे कॉलेज के छात्रों ने हर साल की तरह अच्छे अंक प्राप्त करके प्रदेश भर में प्रथम श्रेणी प्राप्त की है। यह हमारे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा बलजीत ठाकुर ने बताया कि बाल विकास परियोजना देहरा के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के दो और सहायिका के 10 पद भरे जाने हंै। ग्राम पंचायत मझीण के मझीण तथा मझीण के दबकेहड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं। वहीं, ग्राम पंचायत मझीण के दबकेहड़, टिप्परी के डुहक, कमलोटा के कमलोटा, हडोली के बाह, बदोली के डोल, खुंडिया के अंबाडा, सिहोरपाई के बन चल्लियां, जाखोटा के वोहल जागीर, अलुहा के भौंरन एवं थिल के थिल केंद्रों में सहायिका के पद भरे जाएंगे। इस संदर्भ में छंटनी परीक्षा का आयोजन 8 नवंबर को उप मंडल अधिकारी ज्वालाजी के कार्यालय में निर्धारित किया गया था, परंतु प्रशासनिक कारणों हेतु अब छंटनी परीक्षा का आयोजन 24 नवंबर को उप मंडल अधिकारी ज्वालाजी के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली द्वारा कुलपति पुरस्कार प्रदान किए गए। इसमें केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर के कर्मचारी कमल कौशल को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी द्वारा कर्मयोग श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वेदव्यास परिसर बलाहर के निदेशक प्रोफेसर मदन मोहन पाठक ने बताया कि कमल कौशल ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के एकलव्य परिसर अगरतला में 22 जुलाई, 2013 को अपना पदभार ग्रहण किया था व अपने कार्य को पूर्ण निष्ठा के साथ तथा प्रेमपूर्वक करते हैं। उन्होंने बताया कि कमल कौशल वेदव्यास परिसर के ही पूर्व छात्र रहे हैं व यहीं से उन्होंने शास्त्री भी की है। विद्यार्थी जीवन में भी कमल एक होनहार छात्र रहे हैं। वहीं प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्रों के साथ भी कमल कौशल का व्यवहार बहुत अच्छा है।
उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली विभाग के तहत उपभोक्ताओं के राशन कार्ड की ई-केवाईसी करवाने की तिथि 30 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह 31 अक्तूबर तक निर्धारित की गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ता अपना व अपने परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी करवाने से वंचित रह गए थे। विभाग द्वारा ऐसे लोगों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने की तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ई-केवाईसी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुरूप हो, इसके दृष्टिगत जिला में ई-केवाईसी की प्रक्रिया आरम्भ की गई है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सयमबद्ध पूर्ण करने में सहयोग प्रदान करें।
-नूरपुर के गतला में जागृति सामुदायिक केंद्र तथा खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ -चिल्ड्रन पार्क तथा स्टेडियम निर्माण में जाग्रति संस्था को मिलेगा भरपूर सहयोग विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम आदमी और गरीब व निर्धन लोगों की सरकार है तथा उनके दर्द को अच्छे से पहचानती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है निर्धन तथा गरीब लोगों के उत्थान के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेको कार्यक्रम संचालित किया जा रहे हैं। रविवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नूरपुर उपमंडल की गतला में जागृति सामुदायिक केंद्र तथा चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के उपरांत लोगों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि राज्य में इस बार इतिहास की सबसे बड़ी आपदा से भारी भरकम नुकसान हुआ है लेकिन वर्तमान सरकार ने ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद के लिए कारगर कदम उठाए हैं। राज्य सरकार द्वारा 4500 करोड़ का आपदा राहत पैकेज जारी किया है ताकि आपदा प्रभावितों का पुनर्वास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि गतला में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे तथा जाग्रति संस्था को स्टेडियम निर्माण तथा अन्य खेलकूद गतिविधियों के लिए सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंचायत स्तर पर पंचायत खेलों को बढ़ावा के लिए कारगर कदम उठा रही है तथा सभी पंचायत में चरणबद्व तरीके से खेल मैदान निर्मित किए जा रहे हैं। ताकि प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि खेलें जीवन का अभिन्न अंग हैं तथा खेलों के माध्यम से ही युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सकता है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इसी क्षेत्र में वर्ष 2018 में सड़क हादसे में मृत्यु का शिकार हुए स्कूली बच्चों की आत्मा की शांति की कामना भी की तथा उनकी स्मृति में गतला में जाग्रति संस्था और पंचायत द्वारा चिल्ड्रन पार्क निर्मित करने के प्रयासों की सराहना भी की। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन ने भी अपने विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर जागृति संस्था के प्रबंधक न्यासी आरपीएस वालिया ने भी मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए संस्था की सामाजिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी इससे पहले पंचायत प्रधान इंदु बाला ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पंचायत में चल रही गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एसपी अशोक रतन एसडीएम गुरुसिमर सिंह बीडीसी सदस्य रोजी संभल नई टिक्कर के पंचायत प्रधान संजीव ठाकुर सनी महाजन सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत नूरपुर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने रविवार को डाह में 11.11 ग्राम चिट्टे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान पुनीत महाजन पुत्र तरसेम लाल निवासी नागाबाड़ी के तौर पर हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए चिट्टे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के कई केस दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परागपुर के निकतवर्ती गांव अपर परागपुर निवासी नरेश कुमार के पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर पदोन्नत होने पर समूचे गांव में खुशी का माहौल है। एक साधारण परिवार में जन्मे नरेश कुमार वर्ष 1988 में पुलिस विभाग में बतौर सिपाही भर्ती हुए। करीब 13 वर्ष सिपाही के पद पर रहने के बाद वर्ष 2001 में नरेश कुमार को हेड कॉन्स्टेबल के रूप में प्रमोशन मिली। करीब 17 वर्षों के हेड कॉन्स्टेबल के पद का अनुभव लेने के पश्चात वर्ष 2018 में एएसआई के पद पर नियुक्ति मिली। कोरोना काल में भी अपनी बेहतरीन सेवाओं के लिए नरेश कुमार अपने विभाग के उच्चाधिकारियों द्वारा प्रशंसा के पात्र बने हैं। हाल ही में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नत होने पर जहां उनके गांववासियों में खुशी की लहर है, वहीं पुलिस विभाग के उनके सहकर्मी भी काफी प्रसन्न हैं।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी आकाश राणा ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा टेट पास टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल, नॉन मेडिकल तथा जेबीटी की बैचवाइज आधार पर रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं। उन्होंने पात्र आवेदकों से इसके लिए अपना नाम रोजगार कार्यालयों में दर्ज करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी पंजीकृत आवेदक बैचवाइज नियुक्ति हेतु अपने नाम के सम्प्रेषण की पुष्टि करने के लिए 8 नवंबर से पूर्व अपने संबंधित रोजगार कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र आवेदक के नाम का संप्रेषण किसी कारणवश नहीं हो पाया है, तो समयबद्ध कार्यवाही के लिए अपने रोजगार कार्यालय में संपर्क करे।
सहायक अभियंता 132 केवी सब स्टेशन देहरा शांति भूषण ने जानकारी दी कि 6 नवंबर को मरम्मत एवं सामान्य रखरखाव कार्य के चलते सब स्टेशन देहरा के अंतर्गत सभी 33 के.वी फीडर डाडासीबा, हरिपुर, परागपुर, नादौन, कांगड़ा तथा सभी 11 के.वी फीडर कुंडलीहार, खबली, देहरा, ढलियारा, परागपुर व गुम्मर की विद्युत आपूर्ति सुबह 9:30 से शाम कार्य समाप्ति तक बाधित रहेगी। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
डीएवी स्कूल भड़ोली के बच्चों ने तीन दिवसीय स्टेट शतरंज टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-14 में शौर्य बहल का नेशनल टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है। शौर्य ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन देकर अपने विद्यालय के नाम को गौरवान्वित किया है। प्रधानाचार्य सुरजीत कमार राणा ने बताया कि यह प्रतियोगिता गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर को करवाई गई थी। इसमें अंडर-14 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियों ने भाग लिया। हमारे विद्यालय के बच्चों ने प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा का नेतृत्व करते हुए शौर्य बहल, नलिन शांडिल और शिवेन ने द्वितीय स्थान अर्जित करके मेडल और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया। इसी तरह अंडर-14 में शौर्य बहल अपना बेहतरीन प्रदर्शन देकर गोल्ड मेडल हासिल करके अपना नाम नेशनल में दर्ज करवाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य ने प्रार्थना सभा में बच्चों का स्वागत किया और बधाई दी तथा उन्हें अग्रणी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और दूसरे बच्चों को भी इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इस खेल से विद्यार्थियों का मानसिक विकास तो होता ही है साथ में एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ती है।प्रधानाचार्य ने इस उपलब्धि के लिए बच्चों, अध्यापकों व अभिभावकों को बधाई दी।
राजकीय महाविद्यालय देहरा के युवाओं ने टीबी मुक्त भारत का संकल्प लिया। तीन नवंबर को आयोजित कांगड़ा जिला के विभिन्न रेड रिबन क्लब के पीअर एजुकेटर की कार्यशाला का आयोजन राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां में किया गया। इसमें देहरा महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग से प्रोफेसर निशा कुमारी (नोडल ऑफिसर) व विद्यार्थियों में कला संकाय से दिव्यांशु चौधरी तथा वाणिज्य विभाग से वैशाली ने पीअर एजुकेटर के रूप में सहभागिता की। कार्यशाला में प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नारे 'टीबी हारेगा, देश जीतेगाÓ पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके अंतर्गत देश को 2025 तक क्षय रोग मुक्त बनाने की बात की गई है । क्षय रोग मुक्त और क्षय रोग मुक्त पंचायत के लिए जागरूकता जन अभियान का आह्नान भी किया गया। पीअर एजुकेटर ने जो कार्यशाला में जानकारी प्राप्त की उस जानकारी को अन्य कॉलेज विद्यार्थियों के साथ सांझा किया। नोडल ऑफिसर और पीअर एजुकेटर ने बताया कि युवा इस बीमारी के बारे में जागरूक बनें, साथ ही युवा टीबी के मरीजों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव न कर के मिसाल प्रस्तुत करें व रोल मॉडल के रूप में आगे आए। इस रोग के खात्मे के लिए एक जन जागरण अभियान चलाने की आवश्यकता है, जिसमें युवा अहम रोल निभा सकते हैं। इसके अंतर्गत सोशल मीडिया अन्य माध्यमों से इस रोग के बारे में जागरूकता फैलाने की अपील की। इसी के साथ वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. करण सिंह पठानिया ने विद्यार्थियो को फिटनेस के बारे में जानकारी दी कि रोजमर्रा लाइफ में अपने आपको शारीरिक, मानसिक, सामाजिक तौर पर फिट कैसे रखें। महाविद्यालय के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य आरएस गिल ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. करण सिंह पठानिया, अर्थशास्त्र विभाग से डॉ. दिनेश शर्मा, प्रो.शिवानी गुप्ता व गैर शिक्षक वर्ग से श्री अशोक जी, मुनीश जी, सावित्री,जीवन, कश्मीर,सुदर्शन,राजेश व अन्य सदस्य मौजूद रहें।
-प्रदेश के युवाओं को नौकरी तो दूर, स्वरोजगार छिनने की हो रही कोशिशें अब पर्यटन राज्य का पर्यटन उजाड़ने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार आम्दा हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर एवं हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में मंदी से गुजर रहे टैक्सी कारोबार को राहत की बजाय अपनी मनमानी से कांग्रेस मार दे रही है। विश्व चक्षु ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नौकरी-रोजगार देना तो दूर की बात हैं, लेकिन पूर्व भाजपा सरकार के स्वरोजगार की बेहतरीन योजनाएं से शुरू किए गए स्वरोजगार को छिनने की हर प्रकार की ओच्छी हरकतें अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी ने कांग्रेस की सरकार, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू व उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री से सीधा-सीधा सवाल पूछा है कि आखिर क्यों प्रदेश के युवाओं को उजाडऩे का काम किया जा रहा है? किसके कहने पर इस तरह स्वरोजगार की राह में रोड़ा अटका कर उनके घर-परिवार को सड़क पर लाने का काम हो रहा है। मात्र छह हज़ार रोड़ टैक्स के स्थान पर कई वाहनों के लिए उसे तीन गुणा बढ़ाकर 18 हज़ार कर दिया गया है, क्या ये कहीं भी किसी भी स्तर से न्यायसंगत है? उन्होंने कहा कि मात्र टैक्सी ऑपरेटर ही नहीं प्रदेश का हर नागरिक कांग्रेस के काले नियमों व मूगलों-अंग्रेजों की तरह मनमाने टैक्स लूट को लेकर अब आक्रोशित हो चुका है। पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर टू सीएम विश्व चक्षु ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द रोड़ टैक्स में की गई अति बढ़ौतरी को वापिस लेना होगा। फैसला वापिस न लेने पर भाजपा प्रदेश के आम लोगों व युवाओं के स्वरोजगार को सुरक्षित रखने के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी गुरेज़ नहीं करेगी। प्रदेश भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कहा कि इससे पहले जहां बाहरी राज्यों की मांग पर सरकार ने बाहरी राज्यों से प्रदेश में आने वाले वाहनों के लिए बढ़े हुए टैक्स में कटौती की है, तो वहीं दूसरी ओर हिमाचल के टैक्सी आपरेटर पर मंदी के दौर में आखिर क्यों अधिक बोझ डाला जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार ने बाहरी राज्यों के टैक्सी आपरेटरों को छूट दे दी है, लेकिन हिमाचल के टैक्सी-मैक्सी आपरेटरों के लिए कांट्रैक्ट कैरिज बढ़ा दिया है। भाजपा मीडिया सह-प्रभारी चक्षु ने सीएम, उप मुख्यमंत्री व परिवहन निदेशक को चताते हुए जल्द से जल्द यह टैक्स वापस लेने की बात रखी है। विश्व चक्षु ने कहा कि अब जारी अधिसूचना के तहत परिवहन विभाग ने सालाना कांट्रैक्ट ऑटो रिक्शा पर प्रति वर्ष दो हजार, पांच सीटर से कम आठ हजार सालाना, 10 सीट से कम पांच से ज्यादा पर दो हजार पर सीट सालाना, 20 सीट से कम 10 से ज्यादा तीन हजार पर सीट सालाना और 23 सीटों या इससे अधिक सीट पर पांच हजार पर सीट सालाना तय किया है, यह टैक्स बहुत अधिक है। पहले आल्टो कार यानी 4+1 यानी पांच सीट से कम वाहन का सालाना टैक्स 1350 रुपए होता था। इसके अतिरिक्त सात+1 सीट वाली गाड़ी का 4800 होता था। वहीं 9+1 वाली गाड़ी का 6700 और अब यह 18 हजार रुपए बन रहा है। वहीं 12+1 वाली गाड़ी का पहले टैक्स नौ हजार रुपए सालाना टैक्स होता था। अब यह 27 हजार रुपए टैक्स बन रहा है। भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कहा कि टैक्सी कारोबार पहले से ही मंदा चल रहा है और सरकार ने सालाना टैक्स बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस बढ़ाए हुए टैक्स को तुरंत वापस ले, नहीं तो झूठ की गांरटियों पर टिकी हुई कांग्रेस सरकार की कुछ दिनों की ही गांरटी रहेगी।
ज़िला ऊना के बसदेहड़ा में चल रही राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेल प्रतियोगिता में आज का दिन परागपुर बाल विद्यालय के इतिहास का स्वर्णिम दिन रहा। आज विद्यालय के छात्र कार्तिक कुमार ने भारोत्तोलन प्रतियोगिता में 61 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। स्कूल के 95 वर्ष के इतिहास में ऐसा पहला मौका है, जिसमें किसी छात्र ने भारोत्तोलन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर कोई मेडल जीता है। इस कामयाबी का सारा श्रय स्कूल की प्रधानाचार्या सीमा कौशल के कुशल नेतृत्व और विद्यालय के बहुत ही मेहनती डीपी रजनीश को जाता है, जिनके नेतृत्व में कार्तिक कुमार ने विद्यालय में कड़ी मेहनत की जिसके कारण आज ये स्वर्णिम दिन आया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परागपुर की प्रधानाचार्य सीमा कौशल ने कार्तिक कुमार और डीपी रजनीश की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय में हमारे बच्चों को हर क्षेत्र में कड़ी मेहनत करवाई जाती है, चाहे पढ़ाई की बात हो या खेल की। साथ ही प्रधानाचार्य ने सभी अध्यापकों और इलाकावासियों को भी इस उपलब्धि के लिए बहुत बधाई दी।
-प्राचार्य बोले, यातायात नियमों का पालन न करने से होती हैं अधिकतर दुर्घटनाएं - सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की बचाएं जान राजकीय प्राथमिक पाठशाला बाड़ी-कंदरोड़ी के विद्यार्थियों द्वारा आज सड़क सुरक्षा रैली निकाली गई और सड़क सुरक्षा के नारे लगाए गए। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करके हम स्वयं की और सामने वाले की भी जान बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें दो पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करना चाहिए। कभी भी शराब पीकर गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। हमेशा सीट बेल्ट बांधकर गाड़ी चलानी चाहिए। वाहन चलाते समय कभी भी मोबाइल फोन पर बात नहीं करनी चाहिए और हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन न करने के कारण होती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि यातायात नियमों का खुद भी अनुपालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
प्रदेश के विकास में नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित कर महत्वाकांक्षी एवं सार्थक बदलाव लाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार, सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार, गोकुल बुटेल ने यह जानकारी आज यहां डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग द्वारा दूरसंचार विभाग, भारत सरकार के सहयोग से 5जी का उपयोग एवं क्षमता निर्माण विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए दी। गोकुल बुटेल ने कहा कि नागरिक सेवाओं का दायरा विस्तृत करने, रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने तथा दक्षता बढ़ाने के लिए 5जी तकनीक अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवीनतम सूचना प्रौद्योगिकी का शिक्षा, स्वास्थ्य, निगरानी, कृषि, बागवानी सहित अन्य क्षेत्रों में उपयोग सुनिश्चित किया गया है। इससे न केवल प्रदेश की आर्थिकी को सशक्त करने में बल मिलेगा बल्कि प्रदेश को आगामी 10 वर्षों में आत्मनिर्भर और देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश विकास से बदलाव के नए दौर की ओर अग्रसर है तथा सूचना प्रौद्योगिकी की भूमिका इसमें सबसे अहम है। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में 5जी तकनीक को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए सभी हितधारकों को हरसम्भव सहायता प्रदान की जा रही है। विभागों की कार्यप्रणाली में दक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली कार्यान्वित की गई है। इसके साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी तकनीक का उपयोग कर नागरिक सेवाओं को भी सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से नेटवर्क सेवाओं, आपसी समन्वय व प्रदेश में डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के महत्त्व पर भी बल दिया।। उन्होंने कहा कि नशा निवारण के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग सार्थक भूमिका निभा सकता है। सचिव, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस डॉ. अभिषेक जैन ने प्रदेश में 5जी के उपयोग और आधारभूत संरचना सृजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5जी सेवाओं के प्रसार और नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार हिमाचल परिमंडल दीपिका खोसला व मिशन निदेशक, राष्ट्रीय ब्रॉडबैंड मिशन नीरज कुमार ने 5जी से संबंधित क्षमता निर्माण के बारे में किए जा रहे प्रयासों एवं वस्तुस्थिति के बारे में अवगत करवाया। इस अवसर पर 5जी तकनीक के उपयोग व प्रसार से जुड़े विभिन्न हितधारकों ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। सम्मेलन में निदेशक डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस मुकेश रेपस्वाल, विभिन्न विभागों के सचिव, विभागाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपिस्थत थे।
-पटाखे चलाने को समय निर्धारित, निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करना जरूरी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों की अनुपालना करते हुए कांगड़ा जिला के शहरी क्षेत्रों में भी दीपावली, गुरूपर्व, क्रिसमस तथा नववर्ष की पूर्व संध्या पर पटाखे चलाने के लिए समय निर्धारित कर दिया है। इस बाबत जिला दंडाधिकारी डा निपुण जिंदल की ओर से आदेश भी पारित किए गए हैं इन आदेशों के अनुसार इन पर्वों पर ग्रीन पटाखे यानि कम प्रदूषण वाले पटाखे ही चलाने की अनुमति है इसमें दीपावली 12 नवंबर को रात आठ बजे से लेकर रात दस बजे तक, गुरुपर्व 27 नवंबर को प्रात: चार बजे से पांच बजे तक तथा रात्रि नौ बजे से लेकर रात्रि दस बजे तक, तथा क्रिसमस 25 दिसंबर को रात्रि 11:55 से लेकर प्रात: 12:30 तक ही पटाखे चलाए जा सकते हैं। इसी तरह से नववर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को रात्रि 11:55 से लेकर प्रात: 12:30 बजे तक की पटाखे चलाए जा सकते हैं। पटाखे बेचने के लिए एसडीएम से अनुमति लेना होगा जरूरी बाजार में, सरकारी कार्यालय परिसरों, हेरिटेज बिल्डिंग तथा आवाज निषिद्व क्षेत्रों में पटाखों के चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला दंडाधिकारी के आदेशों के अनुसार शहरी क्षेत्रों में पटाखे बेचने के लिए संबंधित एसडीएम से अनुमति लेना भी अनिवार्य होगा। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में उपमंडलाधिकारियों द्वारा चिह्न्ति या निर्धारित जगहों पर ही पटाखे बेचे जा सकते हैं। इन आदेशों की अवेहलना करने वाले के खिलाफ संबंधित उपमंडलाधिकारियों को कार्रवाई के लिए प्राधिकृत किया गया है। इसके साथ ही नगर निगमों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों को पटाखों से उत्पन्न होने वाले कूड़ा कचरा के वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों के तहत जरूरी हिदायतें: चिह्न्ति स्थानों पर पटाखों की दुकानों में बिना किसी रूकावट के आपातकालीन निकासी होना जरूरी है। पटाखों की दुकानों पर सेल्जमैन पटाखों की हैंडलिंग में दक्ष होने चाहिए। मार्केट या भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पटाखे बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी, चिह्न्ति स्थानों पर पटाखों की दुकानों की आपसी दूरी कम से कम तीन मीटर होनी चाहिए। पटाखों की दुकानों के आसपास लैंप, मोमबती जलाने तथा स्मोकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
-कहा, जब तक सरकार सवर्ण आयोग का गठन नहीं करती, चैन से नहीं बैठेंगे -नैहरन पुखर में नुक्कड़ सभा को किया संबोधित देवभूमि क्षत्रिय संगठन के अध्यक्ष रुमित ठाकुर ने कहा है कि सवर्णोंं के हित के लिए शुरू आंदोलन जारी रहेगा। जब तक सरकार सवर्ण आयोग का गठन नहीं करती, वह चैन से नहीं बैठेंगे। सभी को समानता दिलाना ही उनका मुख्य लक्ष्य है। रुमित शुक्रवार सुबह देहरा उप मंडल के तहत नैहरन पुखर में नुक्कड़ सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने आज तक सवर्णों को सिर्फ वोट बैंक की खातिर इस्तेमाल किया है। लेकिन अब सवर्ण अपना और शोषण नहीं सहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने लोगों से दलगत भावनाओं से ऊपर उठाकर सवर्ण समााज के हितों आने का भी आह्वान किया। रुमित ने बताया कि संगठन की बैठक पांच नवंबर को देहरा स्थित महाराणा प्रताप भवन में बुलाई गई है। इस मौके पर राजपूत कल्याण सभा देहरा के उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र चौहान, दयाल पंचायत के पूर्व उप प्रधान दविंदर सिंह पिंटू, सेवानिवृत्त एक्सईएन केवल सिंह ठाकुर, रिटायर्ड सूबेदार रंगील सिंह, सेवानिवृत्त एसडीओ ईश्वर सिंह चौहान, मोहित ठाकुर, रमेश ठाकुर, मनमोहन सिंह, अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज सुरक्षा क्लब की ओर से सड़क सुरक्षा पर व्याख्यान का आयोजन किया। इस व्याख्यान का आयोजन सड़क सुरक्षा क्लब के संचालक डॉ. खुशी राम भगत के नेतृत्व में हुआ। व्याख्यान में महाविद्यालय के सड़क सुरक्षा क्लब के सभी छात्र व अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे। इस व्याख्यान में सड़क सुरक्षा क्लब के सदस्य प्रो. हरजिंद्र सिंह ने छात्रों को सड़क सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सर्वप्रथम उन्होंने इस व्याख्यान के उद्देश्य के बारे में समझाया और प्रतिदिन हो रही सड़क दुर्घटना के बारे में आंकड़ों के माध्यम से समझाने की कोशिश की। प्रो. हरजिंद्र सिंह का कहना है भले हम थोड़ी देर से पहुंचे परंतु सुरक्षित रूप से पहुंचना जरूरी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा ग्लोब स्टेटस रिपोर्ट ऑन रोड सेफटी के रूप में विख्यात एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2030 तक सड़क दुर्घटना मौत का पांचवा प्रमुख कारण बन जाएगा। हमें सड़क दुर्घटना को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि ज्यादातर मौतें हमारी लापरवाही के कारण होती है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुरजीत सिंह राणा ने सड़क सुरक्षा क्लब के द्वारा किए ने गए इस कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए उनहें बधाई दी।
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में कॉलेज केंद्रीय छात्र संघ की कार्यकारिणी के शपथ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवनियुक्त केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों को महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद द्वारा शपथ दिलवाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में कुमारी शीतल को अध्यक्ष कनिका धीमान को उपाध्यक्ष, सिंपल को सचिव व श्रेया पंडित को सहसचिव की शपथ दिलवाई गई। अन्य मनोनीत सदस्य में अंजना व अन्य गतिविधियों की श्रेणी में प्रीति देवी, नीतिका, अंजली, नेहा, खुशीराम, सोनाली ठाकुर, सुहानी ठाकुर व श्रेया गौतम को शपथ दिलवाई गई। महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद जी ने नवनियुक्त कॉलेज केन्द्रीय छात्र संघ को शुभकामनाएं दी। इस मौके पर प्रो. विकास चंद्र डॉ. सुषमा कुमारी, डॉ. जसपाल सिंह राणा, प्रो मीना, प्रो. शैलजा व प्रो. रविंद्र भी उपस्थित थे।
-कहा, 4 से 7 नवंबर होगा फिल्म फेस्टिवल का आयोजन जिला मुख्यालय धर्मशाला पिछले कुछ वर्षों से एक इवेंट सिटी के रूप में अपना स्थान न केवल देश बल्कि विश्व पटल में बना रहा है। पूर्व में हुए कईं महत्वपूर्ण आयोजनों के बाद अब 4 नवंबर से 7 नवंबर तक धर्मशाला में फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने आज वीरवार को इवेंट के आयोजकों से फिल्म फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर हुई मंत्रणा के बाद दी। उपायुक्त ने आयोजकों को फिल्म फेस्टिवल के आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग उपलब्ध करवाने की बात कही। पर्यटन राजधानी को देगा मजबूती उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा को राज्य की पर्यटन राजधानी बनाने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन इस दिशा में कारगर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला लिटरेचर फेस्टिवल, कांगड़ा वैली कार्निवल, जी20 देशों की बैठकें, देश के पर्यटन मंत्रीयों की कॉन्फ्रेंस, क्रिकेट वर्ल्ड कप के मैच, मुख्य सचिवों की बैठक जैसे कईं महत्वपूर्ण इवेंट्स का आयोजन धर्मशाला में हाल ही के वर्षों में हुआ है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के आयोजन से जिले में पर्यटन को मजबूती मिलेगी। उपायुक्त कहा कि ने फिल्म फेस्टिवल में देश ही नहीं अपितु अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फिल्में भी शामिल की जाएंगी तथा इसमें देश-विदेश से कई लोग फेस्टिवल में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में फिल्म फेस्टिवल के आयोजन से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सभी उठा सकेंगे फिल्म फेस्टिवल का लुत्फ डीसी ने बताया कि धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के नाम से विख्यात इस फिल्म फेस्टिवल का इस वर्ष 12वां एडिशन अप्पर धर्मशाला के नड्डी स्थित डल झील के समीप 'तिब्बतन चिल्ड्रेंस विलेज' में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फिल्म फेस्टिवल के आयोजकों के अनुसार यह फेस्टिवल सबके लिए खुला होगा और काई भी व्यक्ति इसमें भाग ले सकता है। फिल्म मेकिंग के माध्यम से करें स्थानीय संस्कृति का प्रमोट उन्होंने कहा कि फिल्म मेकिंग और इससे जुड़े कार्यों में रूचि रखने वाले युवा इस आयोजन से बहुत कुछ सीख सकते हैं और फिल्म मेकिंग के माध्यम से अपनी स्थानीय कहानियों और कथाओं को प्रोमोट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म फेस्टिवल में बहुत से जाने-माने फिल्मकार धर्मशाला आएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके अनुभव का लाभ लेकर स्थानीय संस्कृति को फिल्म मेकिंग के माध्यम से आगे बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए। 4 स्क्रीन में दिखाई जाएंगी 90 से अधिक फिल्में फिल्म फेस्टिवल की प्रबंधक ऋतु सरीन ने बताया कि धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में इस दौरान चार सक्रीनों के माध्यम से 90 से अधिक फिल्मों को दिखाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन फिल्मों को देखने के लिए पेटीएम इनसाइडर या डीआईएफएफ डॉट सीओ डॉट आईएन से टिकट लेनी पड़ेगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में फिल्म फेस्टिवल से जुड़ते हुए इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां क्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां की जसौर पंचायत में एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी भाई ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। नगरोटा बगवां के डीएसपी और एसडीएम घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ पहुंच गए है। जांच जारी है।
विद्युत उपमंडल-2 धर्मशाला के सहायक अभियंता रमेश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 नवंबर को विद्युत लाइनों की सामान्य रख-रखाव के चलते 11 केवी मंदल फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों मंदल, मसरेड़, भड़वाल, त्रैंबलू, हरनेड़, घियाना खुर्द, ढगवार, खटेहड़, मनेड़, अप्पर बगली, कोहाला, मटौर तथा साथ लगते क्षेत्रों में प्रात: 9 बजे से सायं 5 बजे अथवा कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम द्वारा विभिन्न व्यवसायों में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। निगम के जिला प्रबंधक सौरभ शर्मा ने बताया कि वर्ष 2023-24 के लिए अनुसूचित जाति से संबंधित युवक/युवतियों को निगम की व्यावसायिक प्रशिक्षण योजना के तहत विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन व्यवसायों में मिलेगा प्रशिक्षण निगम द्वारा कुल 16 व्यवसायों में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिला प्रबंधक ने बताया कि अनुसूचित जाति से संबंधित युवक/युवतियां हथकरघा/खडडी, मोटर ड्राइविंग, मोटर मकैनिक/ऑटो रिपेयर, शू मेकिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयर, पलम्बर, इलेक्ट्रीशियन/मोटर वाइंडिंग, वैल्डिंग/स्टील फेबरीकेशन/ब्लैक स्मिथ, प्रूनिंग तथा ऑरचर्ड ऑपरेशन, कारपैन्टरी, फोम का सामान बनाना, ब्यूटीशियन, बांस का सामान बनाना, नाई का काम, कटिंग टेलरिंग और कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे करें आवेदन उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण हेतु आवेदक को सादे कागज पर प्रार्थना पत्र या निगम की वेबसाइट से आवेदन पत्र निकाल कर सभी आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित छायाप्रतियों सहित निगम के कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर जमा करवाना होगा। यह रहेगी योग्यता कंप्यूटर प्रशिक्षण हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं होना अनिवार्य है तथा शेष सभी व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रार्थी कम से कम दसवीं व आठवीं पास होना चाहिए। जिला प्रबंधक ने बताया कि आवेदक अनुसूचित जाति से संबंधित हो तथा हिमाचल प्रदेश का स्थाई निवासी होना चाहिए। आवेदक के परिवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 35 हजार रूपये से अधिक नहीं होनी चाहिए या वे आईआरडीपी/बीपीएल परिवार से संबंधित होना चाहिए। 18 से 35 वर्ष आयुवर्ग के युवक ही प्रशिक्षण हेतु आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए निगम के दूरभाष न. 01892223108 या इमेल द्वारा किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह के पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कुशल क्षेम लेने ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह चौहान से मिले। इस कांग्रेसी जत्थे में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह के ब्लॉक युवा अध्यक्ष, ब्लॉक इंटक महिलाअध्यक्षा, ब्लॉक अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष, ब्लॉक पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष, ब्लॉक कामगार विभाग, ब्लॉक पेन्शनर विभाग, ब्लॉक मत्स्य विभाग, ब्लॉक सेवा दल अध्यक्ष, ब्लॉक पंचायती राज अध्यक्ष, ज़िला खोजबीन विभाग अध्यक्ष, थुरल एनएसयूआई अध्यक्ष, नौरा एनएसयूआई अध्यक्ष, ब्लॉक इंटक अध्यक्ष, ब्लॉक किसान मोर्चा अध्यक्ष व अन्य कई विभागों के लगभग चौबीस विभागों के अध्यक्ष उपस्थित थे। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने का संदेश संजय सिंह चौहान के माध्यम से भेजा। उन्होंने यह भी कहा इतिहास में पहले कभी ऐसा मुख्यमंत्री नहीं देखा जिसने प्रदेश की सेवा में अपनी जीवन की संचित पूंजी आपदा से निपटने में प्रदेशवासियों पर निछावर कर दी। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने कहा की चिंता की कोई बात नहीं है माननीय मुख्यमंत्री बिलकुल स्वस्थ हैं और केवल लगातार थकान व खाने में बदपरहेजी के कारण चिकित्सकों ने उन्हें कुछ टेस्ट करवाने व आराम करने की सलाह दी है। अध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने कांग्रेस की कमेटी के पदाधिकारीयों की एक बैठक बुलाई जिसमें लोकसभा चुनाव 2024 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह की रहने वाली भागीदारी एवं तय रणनीति के ऊपर विशेष चर्चा की तथा प्रारूप तैयार किया। इस बैठक मेंअध्यक्ष संजय सिंह चौहान ने कांग्रेस की कमेटी के पदाधिकारीयों के एक लोकसभा चुनाव 2024 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह की रहने वाली भागीदारी एवं तय रणनीति के ऊपर विशेष चर्चा की तथा प्रारूप तैयार किया।
-सरकार की मदद से सब्जी उत्पादन में महकने लगा स्वरोजगार -सालाना 15 से 17 लाख रुपये की हो रही आमदनी सरकार से सिंचाई सुविधा के लिए उपदान पर मिले बोरवेल, स्प्रिंकल सिंचाई की सुविधा तथा पॉली हाउस तथा पावरग्रिड ने किसानों की जिंदगी में स्वाबलंबन के नए आयाम स्थापित किए हैं। मेरे देश की धरती सोना उगले उगले हीरे मोती........स्वरों को चरितार्थ करते हुए अपने गांव की माटी में सोना उगाने की कांगड़ा उप मंडल के पंचायत नंदेहड़ के कोट क्वाला के किसान बलबीर सैणी की कोशिशों को सरकार की मदद से आत्मनिर्भरता के नए पंख लगाए हैं। पॉली हाउस में पनीरी तथा खेतों में सब्जियां उगाकर बलबीर सैनी प्रतिवर्ष 15 से 17 लाख की आमदनी अर्जित कर मिसाल कायम कर रहा है। यही नहीं अब उनके बेटे ने बीएससी की डिग्री हासिल करने के उपरांत सब्जी उत्पादन से ही अपने कैरियर को संवारने की पहल भी की है और अब उनके आसपास के किसानों ने भी प्रेरित होकर सब्जी उत्पादन का कार्य आरंभ किया है। उपमंडल कांगड़ा के कोट-क्वाला के प्रगतिशील किसान बलबीर सैणी ने बताया कि माता-पिता पारंपरिक खेती-बाड़ी करते थे। उनकी रूचि भी खेती-बाड़ी में बहुत थी। सरकार की मदद से पारंपरिक खेती को आधुनिक रूप से करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की ओर से खेतों में सिंचाई की उपयुक्त व्यवस्था के लिए बोरवेल के लिए उपदान दिया गया इसके साथ ही स्प्रिंकल सिंचाई की सुविधा तथा उपदान पर पॉली हाउस भी दिया गया। इसके साथ उन्नत किस्म के बीज सब्जी उत्पादन के लिए कृषि विभाग के माध्यम से उपलब्ध करवाए गए जिसके फलस्वरूप रबी तथा खरीफ दोनों की सीजन में सब्जी उत्पादन करते हैं। उन्होंने बताया कि गर्मियों में करेला, पंडोल, बैंगन, घीया , लौकी, भिंडी इत्यादि सब्जियों का उत्पादन करते हैं जबकि सर्दियों में धनिया, ब्रोकली, पालक, शलगम, मूली, गोभी, मेथी, आलू प्याज चुकंदर मटर इत्यादि का उत्पादन करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनकी सालाना आमदनी लगभग 15 से 17 लाख रुपए है। पॉलीहाउस में उगा रहे जहर मुक्त पनीरी प्रगतिशील किसान बलबीर सैणी ने बताया कि पॉलीहाउस में जहरमुक्त सब्जियों की पनीरी भी तैयार कर रहे हैं, इसमें शिमला मिर्च, देसी मिर्च, टमाटर, करेला, घीया, पंडोल, कद्दू, लौकी, गठ गोभी, टमाटर, प्याज की हाइब्रिड पनीरी तैयार की जाती है। इस पनीरी की सप्लाई जम्मू, राजस्थान, इंदौरा, पठानकोट, मंडी बिलासपुर तथा देहरा तक जाती है तथा विभिन्न क्षेत्रों के किसान स्वयं ही पनीरी खरीदने के लिए उनके गांव आते हैं। खेतों में ही बिक जाती हैं सब्जियां प्रगतिशील किसान बलबीर सैणी का कहना है कि सब्जी उत्पादन के लिए उन्नत किस्म के बीजों का इस्तेमाल करते हैं जिसके चलते उनके खेतों में उत्तम क्वालिटी की सब्जियों की पैदावार हो रही है तथा लोग तथा सब्जी खरीददार उनके खेतों से ही नब्बे प्रतिशत उत्पाद उठा लेते हैं इसके अलावा दस प्रतिशत उत्पाद सब्जी मंडी में जाते हैं। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग की किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती है। उन्होंने कहा कि मार्केट कि हिसाब से सब्जियों के उचित दाम भी उनको प्राप्त हो रहे हैं। कृषि विवि के प्रशिक्षु भी सब्जी उत्पादन की सीखते हैं बारीकियां बलबीर सैणी ने बताया कि अब कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से प्रशिक्षु छात्र फील्ड विजिट के लिए उनके खेतों में आते हैं तथा सब्जी उत्पादन की बारीकियां सीखते हैं। उन्होंने बताया कि सब्जी उत्पादन के लिए युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं ताकि स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें। यही कारण है कि अब उनके बेटे ने भी डिग्री हासिल करने के बाद खेती बाड़ी को ही अपने कैरियर के रूप में चुना है। क्या कहते हैं अधिकारी उप निदेशक कृषि विभाग डॉ. राहुल कटोच ने कहा कि कांगड़ा जिला में किसानों को सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित करने के लिए नियमित तौर पर जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाते हैं तथा विभाग के अधिकारियों की ओर से किसानों को उनके खेतों में जाकर सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित किया जा रहा है, विभाग की तरह से उपदान पर विभिन्न उपकरण तथा उन्नतशील बीज भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि सब्जी उत्पादन में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं तथा कांगड़ा जिला में किसानों को उत्पादों की मार्केटिंग के लिए बेहतर व्यवस्था करने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं इस के लिए किसानों को उत्पाद बेचने के लिए विभिन्न स्तरों लिकेंज भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि किसान बेहतर आय अर्जित कर सकें।
11केवी फीडर संघोल चढ़ियार लाइन के जरूरी रखरखाव व मरम्मत कार्य के चलते कल को गांव कणाल जग्गियां, मक्कड़, बीजापुर, सिविल अस्पताल जयसिंहपुर, नेत्रू, हलेड, थनपाल चंबी, रामनगर तथा 11केवी हारसी- संघोल फीडर के जरूरी रखरखाव हेतु शनिवार को गांव संघोल, हारसी टिकरु, टंडर, संंध, दुहकी काथला खालटा व आसपास के गांवो सुबह 9 बजे से काम समाप्त होने तक विद्युत आपूर्ति वाधित रहेगी। सहायक अभियंता सुशील शर्मा ने जनता से सहयोग की अपील की है।
-एसआईटी के पास पहुंचा ढाई लाख निवेशकों का रिकॉर्ड -घोटाले में संलिप्त आरोपियों का जल्द होगा पर्दाफाश क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का लालच देकर बनाई गई ढाई लाख निवेशकों की आईडी का पूरा रिकॉर्ड एसआईटी ने जुटा लिया है। ढाई लाख आईडी में नेता, डॉक्टर, अधिकारी, पुलिस, ठेकेदार और किसान शामिल हैं। अब यह देखा जा रहा है कि किस व्यक्ति ने डबल रिटर्न के लालच में कितने का निवेश किया है। किसके खाते में कितनी राशि आई है। इस रिकॉर्ड से एसआईटी जल्द ही घोटाले में संलिप्त आरोपियों का पर्दाफाश करेगी। इस मामले में और गिरफ्तारियां होनी हैं। 2000 करोड़ रुपये का घोटाला जांच में सामने आया है कि क्रिप्टोकरेंसी घोटाला में ढाई लाख के करीब लोगों की आईडी बनी और करीब 2,300 करोड़ रुपये की ट्रांजेक्शन सामने आई है। इसमें 2000 करोड़ का घोटाला है। आरोपियों ने साल दर साल धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए नए-नए नाम से कंपनियां बनाईं। अब तक की जांच में पूरे फ्रॉड का मास्टरमाइंड सुभाष और अभिषेक को माना जा रहा है। इसके साथ ही घोटाले में संलिप्त कुछ अन्य आरोपियों को भी विभिन्न कपंनियों के एमएलएम से जुड़े बिजनेस में काम करने का अनुभव था। ऐसे में घोटाले से जुड़ी गैंग के सदस्यों को मालूम था किस तरह से लोगों को लालच देकर में जल्द से जल्द चेन को आगे बढ़ाना है। यही कारण रहा कि चंद सालों में करोड़ रुपये के घोटाले को अंजाम देने में आरोपी सफल रहे। इसी बीच जब आरोपियों को पूरे खेल का भंडाफोड़ होने का अंदेशा हुआ तो मास्टर माइंड सुभाष पुलिस का शिकंजा कसने से पहले ही विदेश फरार हो गया। कई आरोपी भूमिगत हो गए। पुलिस एसआईटी घोटाले में अब तक साढ़े 9 करोड़ की संपत्तियों को सीज किया जा चुका है। एसआईटी की ओर से इन दिनों आरोपियों की संपत्तियों को सीज करने का सिलसिला जारी है।
प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक कांगड़ा कार्यालय द्वारा प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक पदों को भरने के लिए 9 नवंबर को आर्ट्स, 10 नवंबर को नॉन मेडिकल तथा 14 नवंबर को मेडिकल के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होने जा रही है। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र कुमार धीमान ने बताया कि इस दौरान टीजीटी आर्ट्स के 420, टीजीटी नॉन मेडिकल के 306 तथा टीजीटी मेडिकल के 172 पदों को अनुबंध आधार पर भरने के लिए नर्सरी मिडल स्कूल धर्मशाला में उपरोक्त तिथियों को प्रात: 10 बजे काउंसलिंग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को इन पदों के लिए बैच आधार पर भरा जाएगा। वेबसाइट में उपलब्ध है सभी जानकारी उन्होंने बताया कि काउंसलिंग में भाग लेने के लिए आवेदन प्रपत्र, शैक्षिणिक योग्यता, श्रेणी वाइस बैच की जानकारी, बायोडाटा फार्म व आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी जानकारी उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा स्थित धर्मशाला की वेबसाइट www.ddekangra.in पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि प्रार्थी बायोडाटा फार्म इस कार्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अन्य जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट या दूरभाष नंबर 01892-223155 पर किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।
बाल विकास परियोजना लंबागांव के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के पद के लिए सात अक्तूबर तक आवेदन मांगे गए थे। बाल विकास परियोजना अधिकारी रोहित थापा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिसका परिणाम आज निकाल दिया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए वंदना,सपना शर्मा, वर्षा चौहान, अंकिता, शिवानी, पूजा और आंगनबाड़ी सहायिका के लिए रेखा, वीना,सुनैना, मीनू, मंजू, ममता, शिवानी, शिवानी, शिल्पा, नीलम कुमारी, शानू व नरेश कुमारी को चयनित किया गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान नौंवीं एवं 11वीं कक्षा की खाली सीटों पर लेटरल एंट्री के लिए 10 फरवरी 2024 को प्रवेश परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 7 नवंबर कर दी गई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य रेणु शर्मा ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 7 नवंबर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नौंवीं कक्षा में प्रवेश के लिए एक मई 2009 से 31 जुलाई 2011 तक जन्में तथा शैक्षणिक सत्र 2023-24 के दौरान जिला कांगड़ा के मान्यता प्राप्त स्कूल में आठवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। ग्यारहवीं कक्षा के लिए एक जून 2007 से 31 जुलाई 2009 तक जन्में तथा शैक्षणिक सत्र 2023-24 के दौरान जिला कांगड़ा के मान्यता प्राप्त स्कूल में दसवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि आवेदन से संबंधित जानकारी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट नवोदया.जीओवी.इन पर उपलब्ध है। इसके अलावा विद्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के राशन कार्ड की ई-केवाईसी करवाने की तिथि 30 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह 31 अक्तूबर तक निर्धारित की गई थी। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ता अपना व अपने परिवार के सदस्यों का ई-केवाईसी करवाने से वंचित रह गए थे। विभाग द्वारा ऐसे लोगों की सुविधा के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने की तिथि बढ़ाई गई है। विभाग द्वारा राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए ई-केवाईसी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि राशन कार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि तथा लिंग, आधार में दर्ज डाटा के अनुरूप हो, इसके दृष्टिगत प्रदेश भर में ई-केवाईसी की प्रक्रिया आरम्भ की गई है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सयमबद्ध पूर्ण करने में सहयोग प्रदान करें। सरकार की
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भारतीय राज्य पेंशनर संघ के वारिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर्मचारी विरोधी साबित हुई है। शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को जहां 46 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त जारी की है, वहीं हिमाचल सरकार ने कर्मचारियों को केवल 34 प्रतिशत महंगाई भत्ते की किश्त ही जारी कर अपना पल्लू झाड़ रही है। जबकि हिमाचल सरकार को भी अपने कर्मचारियों को केंद्र सरकार की तर्ज पर 46 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करना चाहिए था। शर्मा ने कहा कि प्रदेश के विकास को रीढ़ रहे कर्मचारियों को उनका हक देने में प्रदेश सरकार पूरी तरह से नाकाम रही है। शर्मा ने कहा कि यहीं नहीं वर्ष 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अभी तक रिवाइज्ड लीव इन कैशमेंट तथा अन्य वित्तीय लाभ नहीं दिए गए हैं, जिससे प्रदेश के सेवानिवृत्त कर्मचारियों में कांग्रेस सरकार के प्रति भारी रोष पनपता जा रहा है। घनश्याम शर्मा ने कहा है कि केंद्र सरकार ने कर्मचारियों की मनोदशा को समझा है व कर्मचारियों के हितों को देखते हुए सभी लाभ दिए हैं। लेकिन प्रदेश सरकार कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ तक नहीं दे पा रही है। शर्मा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को सत्ता में आये एक वर्ष का समय हो गया, लेकिन अभी तक भाजपा सरकार के समय शुरु हुए विकास कार्य भी पूरे नहीं कर पाई है। प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार अब इन विकास कार्यों को पूरा करने के लिए बजट तक जारी नहीं कर पा रही है। शर्मा ने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग के पास बचे विकास के बजट को सरकार द्वारा वापस मंगवाना सरकार की मनोदशा को दर्शाता है।
-ऐसा शख्स, जिसने पशु-पक्षियों को समर्पित कर दिया अपना पूरा जीवन -जिन बेजुबानों की जिंदगी बचाई वो बन गए दोस्त, घर तक आते हैं मिलने को हिमालय की गोद में बसे खूबसूरत शहर धर्मशाला के निवासी धीरज महाजन का मानना है कि भगवान की पूजा करने से पहले भगवान द्वारा बनाए गए जीवों की आप पूजा करें...उनसे प्यार करें...उनकी रक्षा करें, भगवान तो अपने आप ही खुश हो जाएंगे। इतना ही नहीं, यह इन बेजुबानों से बातें भी करते हैं, इनके दर्द को अपना दर्द समझते हैं। यह सुनकर आप आश्चर्यचकित हो जायेंगे कि कई पशु-पक्षी इनके दोस्त बन चुके हैं और इनसे मिलने इनके घर तक आते हैं। बचपन से ही धीरज महाजन को प्रकृति व पशु-पक्षियों से प्यार था। जानवरों पर हो रहे अत्याचार इनसे देखे नहीं जाते थे। पशु-पक्षियों से इतना स्नेह रखने वाले धीरज आज तक कई बेजुबानों का रेस्क्यू कर चुके हैं और बेजुबानों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कई शिकायतें पुलिस से कर चुके हैं। गौवंश और कुत्तों के अलावा इन्होंने अनेकों जंगली जीवों का भी रेस्क्यू किया है। इस निस्वार्थ सेवा भाव के लिए उन्हें 15 अप्रैल, 2022 को 'हिमाचल प्रेरणा स्रोत' से सम्मानित किया गया था। धीरज का कहना है कि रेस्क्यू हमेशा असान नहीं होते। कुछ रेस्क्यू आपकी जान भी ले सकते हैं और वहीं दूसरी ओर किसी को नयी जिंदगी भी दे सकते हैं। कभी तोता तस्करों, कभी जंगली जीवों का शिकार करने वाले शिकारियों को तो कभी पालतू गाय को छोड़ने वाले लोगों को धीरज महाजन ने अपनी जान जोखिम में डालकर पकड़वाया है। धीरज कहते हैं, 'मेरी यह जिंदगी मेरी नहीं, बल्कि इन जीवों की है।'
-अवैध निर्माण पर करें उचित कार्रवाई, ठोस कूड़ा कचरा प्रबंधन पर करें विशेष फोकस उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिला के स्थानीय नगर निकायों में अवैध निर्माण को लेकर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए इसके लिए सभी नगर निकाय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए हैं। इस बाबत मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में कांगड़ा जिला के नगर निकायों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने कहा कि नगर निकायों को आमदनी के स्रोत बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्लान तैयार करना होगा ताकि नगर निकायों को सुचारू तौर पर विकसित किया जा सके। इसके साथ ही बकाया हाउस टैक्स को प्राप्त करने के लिए भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैें। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि नगर निकायों को सुंदर तथा स्वच्छ बनाने के लिए भी कार्य योजना तैयार करना अत्यंत जरूरी है इस के लिए नगर निकायों के अधिकारियों को नियमित तौर पर नागरिकों की भविष्य की सुविधाओं को देखते हुए प्लान तैयार करना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि शहरी निकायों में ठोस कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाना अनिवार्य है तथा इस के लिए आवश्यक फंड सभी नगर निकायों को उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन नगर निकायों ने ठोस कूड़ा कचरा संयंत्र के लिए साइट चिह्न्ति नहीं की है, उन नगर निकाय के अधिकारी तत्काल प्रभाव से ठोस कूड़ा कचरा संयंत्र के लिए साइट फाइनल करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं ताकि नगर निकायों की स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक कचरा के निष्पादन के लिए आवश्यक कदम उठाएं इस के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ नगर निकायों का समन्वय स्थापित किया जाएगा। लंबित कार्यों की भी रिपोर्ट तैयार करें उपायुक्त ने कहा कि नगर निकायों को विभिन्न मद्दों के तहत विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध करवाए गए हैं जिन विकास कार्यों को अभी तक आरंभ नहीं किया गया है उसकी रिपोर्ट तैयार करके शीघ्र भेजी जाए इसके साथ ही लंबित विकास कार्यों की अपडेट स्थिति से अवगत करवाया जाए ताकि नगर निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा की जा सके। आवास योजना, स्वनीधि योजना पर भी हुई चर्चा उपायुक्त जिंदल ने शहरी आवास योजना, स्वनिधि योजना तथा शहरी स्वयं सहायता समूह योजना पर भी विस्तार से चर्चा की तथा इन योजनाओं के तहत शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश नगर निकाय के अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वनिधि योजना के तहत पात्र लोगों को लाभांवित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं इसके साथ ही शहरी स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण के लिए भी कार्य योजना तैयार की जाए ताकि स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। नदियों तथा नालों को प्रदूषित होने से बचाएं उपायुक्त ने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीवरेज तथा अन्य तरह की गंदे जल की निकासी से किसी भी तरह से खड्डों तथा नदियों का पानी दूषित नहीं हो इस के लिए विशेष ध्यान रखा जाए। इस बाबत ज्वालामुखी तथा देहरा नगर निकायों के अधिकारियों सतर्कता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में किसी भी स्तर पर नदियों तथा खड्डों के पानी को दूषित नहीं किया जाए इस के लिए कांगड़ा बाईपास के पास भी श्रद्वालुओं के लिए स्नानघर तथा कुकिंग एरिया बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर एडीसी सौरभ जस्सल, कांगड़ा, ज्वालामुखी, देहरा, बैजनाथ, नगरोटा, शाहपुर, नुरपुर, ज्वाली के नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित थे।


















































