केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में एन एस एस के सौजन्य से बुधवार के दिन युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा से इतिहास विषय के सहायक आचार्य डॉ राजीव कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के एनएसएस विंग के कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्णानंद ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने इस दौरान संसद की गतिविधियां बारे वहां पर समस्त एनएसएस सदस्यों व समस्त छात्र छात्राओं को जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कैसे संसद की कार्यवाही शुरु होती है। इस दौरान परिसर के इतिहास विषय के सहायक आचार्य डा राम नारायण ठाकुर ने प्रस्तावित भाषण प्रस्तुत किया। अपने प्रस्तावित भाषण में उन्होंने बताया कि भारत में प्राचीन राज व्यवस्था में संसद व्यवस्था कैसी थी। गणतंत्र राज्य और राज्य व्यवस्था के संबंध में भी उन्होंने प्रकाश डाला। इस अवसर पर एन एस एस के समस्त सदस्य,परिसर के समस्त छात्र छात्राएं आदि भी मौजूद रहे।
माता बज्रेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा की आठवीं शक्ति महागौरी का पूजन विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा उपवास रखा गया और सुबह से कन्याओं का पूजन किया गया। भारी भीड़ के चलते मंदिर प्रशासन व पुलिस को श्रद्धालुओं को विधिवत दर्शन करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अष्टमी पर उत्तर प्रदेश से आए कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी करवाए। मंदिर अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि अष्टमी पर लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। वहीँ, सप्तम नवरात्र के चढ़ावे की गणना में 4 लाख 18 हजार 5 रूपए का चढ़ावा श्रद्धालुओं द्वारा मां को अर्पित किए गए।
महाविद्यालय सुघ भटोली में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए एक विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स को एक जीवंत और हर्षित विदाई देने के लिए एक साथ इस कार्यक्रम को मनाया। विदाई पार्टी की शुरुआत प्रधानाध्यापक शशिभूषण के संबोधन से हुई, जिन्होंने हमेशा उदारतापूर्वक अपने विद्यार्थियों को अपना ज्ञान प्रदान किया और उन्हें सही मार्ग की ओर निर्देशित किया। प्रधानाचार्य ने वरिष्ठों की जिम्मेदारियों को सुचारू रूप से निभाने और उनके आसपास की स्थिति के बावजूद अपने जूनियर्स के लिए एक उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित करने की सराहना की। उन्होंने उनसे इस घटना को अपने वर्षों के उत्सव के रूप में देखने का आग्रह किया और उन्हें अपने परिवार और समाज की अपेक्षाओं के साथ अपनी आकांक्षाओं के बीच तालमेल बिठाने के बारे में उपयोगी सलाह दी। उन्होंने भविष्य के सभी प्रयासों में उनकी खुशी और सफलता की कामना करते हुए समापन किया और उन्हें समाज पर एक अमिट छाप छोड़ने और कॉलेज को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ पंकज कौशल ने अपने प्यारे छात्रों को गर्मजोशी से अलविदा कहा और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रो. जगन सिंह, डॉ. शिखा राणा, प्रो. भावना सहित सभी शिक्षकों ने सभी अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ एक अद्भुत समय बिताने और कैसे वे हमेशा उनके दिलों में एक विशेष स्थान रखेंगे, इस पर खुशी व्यक्त की। विदाई पार्टी का समापन द्वितीय वर्ष के छात्रों के एक संदेश के साथ हुआ, जिन्होंने अपने वरिष्ठों के जाने पर अपना दुख व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि निकट भविष्य में उनके रास्ते फिर से मिलेंगे। छात्र नेताओं के रूप में उनके द्वारा स्थापित शानदार उदाहरण आगे भी जीवित रहेगा। मिस मिताली शर्मा, मिस्टर सुमित मिस फेयरवेल और मिस्टर फेयरवेल और मिस ज्योति मिस्टर मनीष क्रमशः मिस ब्यूटीफुल और मिस्टर हैंडसम रहे।
एसडीएम जोगिंद्र नगर कृष्ण कुमार शर्मा ने कहा कि राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेले की आय-व्यय संबंधी जानकारी सार्वजनिक तौर पर लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी। मेला समिति के आय-व्यय में व्यापक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। कोई भी व्यक्ति मेले की आय-व्यय की जानकारी उनके कार्यालय से ले सकता है। एसडीएम ने कहा कि इस बार मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को थीम आधारित आयोजित किया जा रहा है। इनमें महिला विशेष, युवा एवं पहाड़ी विशेष सांस्कृतिक संध्याएं शामिल रहेंगी। मेले के दौरान महिला मंडलों के साथ-साथ स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक एवं खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं। गत वर्ष की भांति इस बार भी बेटियों को मंच प्रदान करते हुए ब्यूटी कॉन्टेस्ट (मिस जोगिंद्र नगर) आयोजित किया जा रहा है। कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने तथा खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा कुश्ती, मैराथन व पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पहली अप्रैल को मेले का शुभारंभ व पांच अप्रैल को मेले का समापन देवी देवताओं की भव्य जलेब के साथ किया जाएगा। इस बार मेला समिति ने एक सौ से अधिक देवी देवताओं को मेले में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। एसडीएम ने कहा कि मेला अवधि के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों का भी व्यापक इंतजाम किया जाएगा तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
धर्मशाला उपमंडल में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित काबू पाने के उद्देश्य से 5 नए फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएंगे। जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को धर्मशाला सब डिवीजन में 5 फायर हाइड्रेंट स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने बताया कि एसडीएमए की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला में 32 लाख 76 हजार 338 रुपये की लागत से यह 5 फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए रामनगर के आस-पास घनी आबादी वाले और जहां कोई फायर हाइड्रेंट नहीं हैं, ऐसे पांच स्थलों की पहचान की गई है। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इन 5 वॉटर हाइड्रेंट के लिए ट्रीटेड पानी को उपयोग को उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक समर्पित ब्लू कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पूरे राज्य में पहली बार होगा कि एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से उपचारित पानी का उपयोग समर्पित ब्लू कॉरिडोर के माध्यम से अग्निशमन के लिए किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इसके लिए जल शक्ति विभाग के समन्वय से एक प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें एसटीपी गमरू से प्रस्तावित 5 हाइड्रेंट साइटों तक पाइप लाइनें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि एसटीपी गमरू में 5 लाख लीटर पानी की क्षमता है। उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एसटीपी गमरू के पानी का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन में उक्त एसटीपी के उपचारित पानी का उपयोग करने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लेने से पूर्व अग्निशमन विभाग के साथ एसटीपी के उपचारित पानी के उपयोग की कार्यक्षमता की जांच के लिए परीक्षण किए गए जो कि सफल रहे। उन्होंने बताया कि इसके आधार पर एसटीपी उपचारित पानी का उपयोग करके एक ब्लू गलियारा बनाने और अग्निशमन क्षमताओं को बढ़ाने की योजना तैयार की गई थी।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की ओर सेे आज राजभवन में दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर फलाहार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, मंत्रीगण और विधायकगण, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। राज्यपाल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल ने सभी अतिथियों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी भेंट किए।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निवास स्थान पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। उप मुख्यमंत्री मंगलवार सायं अपने आवास परिसर में टहलते समय गिर जाने से घायल हो गए। आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन रहने के उपरान्त उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल व मोहन लाल ब्राकटा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा और विधायकगण उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) को उपभोक्ता अनुकूल वेब पोर्टल विकसित करने के लिए कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा विशेष अभिरुचि समूह (एसआईजी) ई-गवर्नेंस पुरस्कार से नवाज़ा गया है। रेरा के अध्यक्ष डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने नई दिल्ली में यह पुरस्कार प्राप्त किया। बाल्दी ने बताया कि इस उपभोक्ता अनुकूल वेब पोर्टल का डिजाइन और विकास राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) हि. प्र. द्वारा ओमिडयार नेटवर्क और प्रैक्सिल ग्लोबल एलायंस के सक्रिय मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया है। उन्होंने कहा कि रेरा का प्राथमिक उद्देश्य पारदर्शिता लाते हुए रियल एस्टेट परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूरा करना और रियल एस्टेट खरीदारों में विश्वास बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि यह एक सरल, पारदर्शी और उपभोक्ता केंद्रित वेब पोर्टल है जो सभी हितधारकों, आम लोगों यानि घर खरीदारों अथवा आवंटियों, प्रमोटर्ज़, एजेंटों की मदद करने के लिए विकसित किया गया है। इस वेब पोर्टल में चार मॉड्यूल शामिल हैं। इनमें रियल एस्टेट परियोजनाओं एवं रियल एस्टेट एजेंट का ऑनलाइन पंजीकरण, त्रैमासिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट को ऑनलाइन भरना, पीड़ित व्यक्तियों द्वारा शिकायत दर्ज करना और पंजीकरण से पहले एवं पश्चात की सुविधा शामिल है। श्रीकांत बाल्दी ने कहा कि रेरा की वेबसाइट ीजजचेरूध्ध्ीचतमतंण्दपबण्पद के माध्यम से रियल एस्टेट परियोजनाओं के स्थल एवं इसके निर्माण की स्थिति, प्लॉट, अपार्टमेंट एवं वाणिज्यिक इकाइयों की उपलब्धता इत्यादि के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
कांगड़ा के श्रीबालाजी अस्पताल में लोगों की सुविधा के लिए पहली अप्रैल से कैंसर ओपीडी का आयोजन किया जा रहा है। अस्पताल के सीएमडी डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि यह शिवर पहली अप्रैल से हर शनिवार को आयोजित किया जा रहा है। इस ओपीडी में विशेषज्ञ डॉक्टर प्रियांशु चौधरी डीएम मेडिकल ऑनकोलॉजी (एआईआईएमएस) और डॉ. ईशान इलाहाबादी एमसीएच सर्जिकल ऑनकोलॉजी (यूके) अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि शिविर में कीमोथेरेपी, कैंसर सर्जरी एवं पेटस्कैन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लोगों से अपील कि है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस ओपीडी का लाभ उठाएं।
चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर आज राजभवन में फलाहार/ प्रसाद ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से राजभवन में भेंट की।
जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर उपरला बरोट नामक स्थान पर बुधबार सुबह करीब पौने 9 बजे एक कार व बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस टक्कर में कार को भारी क्षति पहुंची है, वहीँ बाइक का भी नुकसान हुआ है। गनीमत रही की बाइक के टकराने से पहले ही बाइक चालक नीचे गिर गया, अन्यथा बाइक चालक को गंभीर चोटें लग सकती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक चालक फतेहपुर से रैहन की तरफ जा रहा था। उपरला बरोट में एक स्कूटर से हल्का टकराने के बाद घबरा गया व बाइक सांमने से आ रही कार के साथ टकरा गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर पुलिस की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच चुकी थी।
प्रदेश विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को देखने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिमला के छात्र-छात्राओं ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट कर विधानसभा की कार्यप्रणाली की जानकारी हासिल की। इस अवसर पर पठानिया ने आज होने वाली कार्यवाही के बारे में उन्हें अवगत करवाया। पठानिया ने छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रणाली को गहनता से अध्ययन करने का आग्रह किया। पठानिया ने छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से हार्दिक शुभकामनायें दीं तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
साई इंटरनेशनल स्कूल में आज नवरात्रि का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ दुर्गा मां की आरती से शुरू किया गया। बच्चों के द्वारा माता की स्तुति, डांडिया नृत्य आदि प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा बच्चों द्वारा स्क्रेप फाइल पर नवरात्रि संबंधी रचनात्मक कलाकृतियां बनवाई गईं। प्राइमरी विंग के बच्चे अलग-अलग वेशभूषाओं में तैयार होकर आए और माता की पूजा-अर्चना की। स्कूल प्रबंधक रमिंदर बावा ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ की राज्य स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा की अध्यक्षता में आज संघ कार्यालय कालीबाड़ी में हुई। इसमें सर्वप्रथम सुन्नी शिमला में हुए तकनीकी कर्मचारी की दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया गया। उसके उपरांत संगठन ने तकनीकी कर्मचारियों की समस्यायों और मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई और संगठन के 2023 के आगामी कार्यक्रमों पर रणनीति बनाई गई। उसके उपरांत बोर्ड के प्रबंध निदेशक पंकज धडवाल, निदेशक वित्त गोपाल चंद, कार्यकारी निदेशक मनोज कुमार से मुलाकात की और तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को उनके समक्ष रखा। संघ की प्रमुख मांगें ये हैं : 1. विद्युत तकनीकी कर्मचारियों के साथ फील्ड में लगातार हो दुर्घटनाओं पर गंभीरता से विचार करके कारणों की जांच करके उचित कदम उठाए जाएं। 2. तकनीकी कर्मचारी संघ के साथ हुई बोर्ड प्रबंधन की मीटिंग में जो मांगे मानी गई थी उनको जल्द अमलीजामा पहनाया जाए, जिसमें सबस्टेशन स्टाफ को मोबाइल भत्ता देना, फील्ड में काम कर रहे तकनीकी कर्मचारियों को शिफ्ट एलाउंस दिया जाए। 3. सर्विस कमिटी की मीटिंग जल्द की जाए, जिसमें तकनीकी कर्मचारियों से संबंधित एजेंडे लगे हैं, ताकि उनको जल्द इसका लाभ मिल सके। इसमें मुख्यत टी मेट से ALM और हेल्पर से सबस्टेशन प्रमोट किए जाने के लिए आर एंड पी रूल बनाए जाने हैं। 4. फील्ड कर्मचारियों के लिए सही गुणव त्ता के सुरक्षा उपकरणों की ही खरीद की जाए जिसमे सीढ़ी, अर्थ रोड, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेंट, ग्लव्स उपलब्ध करवाए जाएं साथ ही खरीद के समय तकनीकी कर्मचारी संघ के सदस्यों को भी शामिल किए जाए ताकि जरूरत के अनुसार और सही गुणवत्ता के समान की खरीद हो सके। 5. वर्तमान मेंविद्युत बोर्ड कनिष्ठ अभियंता की भारी कमी से जूझ रहा है। संघ मांग कर रहा है की जल्द लाइनमैन और इलेक्ट्रिशियन 27% कोटे में फीडिंग केडर से भरा जाए, ताकि फील्ड में कनिष्ठ अभियंता की कमी को पूरा करके उपभोक्ताओं की विधुत से संबंधित समस्यायों का समय पर निवारण हो सके। 6. सिविल A.E की खाली चल रही पोस्टों को जल्द सिविल J.E से प्रमोट करके भरा जाए। 7. बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी चल रही है इसलिए जल्द से जल्द तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती की जाए। प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल ने संघ को आश्वासन दिया गया है की तकनीकी कर्मचारियों की मांगों को जल्द सर्विस कमिटी की मीटिंग में पूरा किया जाएगा। सर्विस कमिटी की मीटिंग के लिए सरकार से समय मांगा गया है। 12 अप्रैल तक सर्विस कमिटी की बैठक कर दी जाएगी । इस बैठक में संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा, महामंत्री नेक राम ठाकुर, कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र संधू, संयोजक सुनील शर्मा , उपमहासचिव रणवीर ठाकुर, अतिरिक्त महासचिव पवन परमार, उपाध्यक्ष बलजीत सिंह, वित सचिव अनिल सकलानी, सह सचिव विपिन सांख्यान्न, सह संगठन मंत्री चमन शर्मा, लेखाकार राम चंद्र भारद्वाज, इकाई शिमला प्रधान चुनी लाल आदि पदाधिकारी मौजूद रहे ।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रामनवमी पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व पूरे देश में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। रामनवमी के अवसर पर चैत्र नवरात्रों का समापन भी होता है। उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार रामनवमी के दिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जन्म हुआ और इस शुभ तिथि पर हम सभी को श्रीराम के आदर्शों एवं उनके दिखाए हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर सारगर्भित चर्चा की। बैठक के उपरांत पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल और पंजाब के मध्य सदैव मधुर संबंध रहे हैं और इन दोनों ही राज्यों की साझा सांस्कृतिक विरासत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में जलविद्युत परियोजनाओं पर वाटर सेस सहित भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) और शानन जलविद्युत परियोजना तथा पर्यटन की विभिन्न परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जल उपकर के विषय में आज की बैठक में पुनः कुछ भ्रांतियों का निवारण किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं अपितु प्रदेश में कार्यरत जलविद्युत परियोजनाओं पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जल उपकर से पंजाब तथा हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल उपकर सहित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं के विषय में समुचित विचार-विमर्श के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव तथा ऊर्जा सचिव एवं पंजाब के समकक्ष अधिकारियों की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति विभिन्न विषयों पर बातचीत कर मामलों को समयबद्ध निपटाएगी। समिति भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की परियोजनाओं पर भी चर्चा करेगी। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बैठक में शानन परियोजना के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। 110 मेगावाट की शानन परियोजना कि 99 वर्ष की लीज वर्ष 2024 में समाप्त हो रही है। बैठक में इस परियोजना के भविष्य के कार्यान्वयन के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ श्री आनंदपुर साहिब और माता नैना देवी के मध्य रोप-वे के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री को हिमाचल आने का न्योता दिया जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बैठक में जल उपकर एवं विभिन्न जल परियोजनाओं सहित हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के विषय पर विस्तृत बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि हिमाचल एवं पंजाब भविष्य में धार्मिक पर्यटन की विभिन्न साझा परियोजनाओं पर एक साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में हिमाचल के मुख्यमंत्री ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉक्टर गुरप्रीत कौर, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के सूचना प्रौद्योगिकी सलाहकार गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया तथा पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत पुलिस चौकी आलमपुर के पास साईं गांव में मंगलवार रात एक टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक रजत निवासी जांगल घायल हो गया। रजत को सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। लंबागांव थाना प्रभारी प्रेम पाल शर्मा ने बताया कि बाइक चालक सुजानपुर की तरफ से थुरल की तरफ आ रहा था, जबकि टिप्पर थुरल आलमपुर जा रहा था। इसी दौरान साईं गांव के पास टिप्पर ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने टिप्पर चालक नरेश कुमार गांव व डाकघर बालकरूपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीँ गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के चंडीगढ़ दौरे के दौरान मंगलवार सायं हिमाचल छात्र संघ चंडीगढ़ (हिमसू) की अध्यक्षा मन्नत नैंटा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को हिमाचल प्रदेश से स्वास्थ्य लाभ के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में आने वाले मरीजों की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों को हिमाचल सराय भवन सेक्टर 24 और हिमाचल सेवा सदन सेक्टर 25 में आ रहीं परेशानियों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने यहां सोलर ग्रिड सिस्टम लगाने, लम्बे समय के लिए रह रहे मरीजों को फीस में छूट देने, कैन्टीन और कमरों के रखरखाव और एयर कंडीशन की सुविधा के साथ मरीजों को भवनों से अस्पताल जाने के लिए नयी सोलर शटल बस एम्बुलेंस सेवा इत्यादि प्रदान करने का मुख्यमंत्री से आग्रह किया। उन्होंने मरीजों को इन भवनों से अस्पताल ले जाने के लिए नई सोलर शटल बस एम्बुलेंस सेवा देने जैसे विभिन्न मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने हिमसू की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि उनकी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इन भवनों का निरीक्षण करेंगे। इस अवसर पर संघ के सदस्य सन्नी, राघव, क्षितिज, लविश, आर्यन सहित संघ के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
युवा सेवा एवं खेल विभाग कांगड़ा व धर्मशाला के तत्वावधान में सत्य साई मंडल युथ क्लब दगोह खास के सभी सदस्यों ने ग्राम दगोह, दगोह खास से लेकर दगोह चौक तक रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से युवाओं को एचआईवी/एड्स के संक्रमण के बारे में जागरूक किया गया कि एचआईवी किन कारणों से फैलता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। युवाओं को बताया गया कि अगर कोई एचआईवी संक्रमित हो जाए तो संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने से उसके साथ खाना खाने से या किसी तालाब में उस संक्रमित व्यक्ति के साथ नहाने से एचआईवी एड्स नहीं फैलता है। इस रैली में क्लब के प्रधान सुभाष धीमान, शिवम सुजल, सतवीर, शगुन, अभी, अक्कू, पवन, सुनील, मीतू, शम्मी व अन्य युवाओं ने भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ़्तार लगातार बढ़ती ही जा रही है। प्रदेश में अब हर दिन कोरोना के केस बढ़ने से लोग बेहद परेशान हो चुके है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में इस साल के सबसे ज्यादा 140 नए मरीज सामने आए हैं। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 574 के पास पहुंच गया है। कोरोना के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भीड़ वाली जगह पर लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। विभाग ने ICMR की गाइडलाइन को जारी करते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थानों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि बिना मास्क के कोई भी अस्पताल में एंटर न हो और अपने हाथों को लगातार सेनटाइज़ करते रहें।
जल शक्ति मंडल राजगढ़ को फिर से बहाल कर दिया गया है। बता दें कि राजगढ़ के जल शक्ति मंडल के रद्द होने से क्षेत्रवासियों में निराशा थी और पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने विधानसभा सत्र के दौरान जल शक्ति मंडल को डिनोटिफाई करने पर विरोध जताया था। उन्होंने अन्य कार्यालयों के साथ जल शक्ति मंडल को बहाल करने की जोर-शोर से मांग की थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने भी उनकी प्रशंसा की थी।मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह विधानसभा में एकमात्र महिला है और कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करती है। उनके क्षेत्र के जल शक्ति मंडल की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अपनी बात को अमलीजामा पहनाते हुए जल शक्ति मंडल राजगढ़ को बहाल कर दिया है। रीना कश्यप ने कहा कि वह पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और यहां की समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष निरंतर उठाती रहेंगी।
प्रदेश के नवनिर्वाचित विधायकों की एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और उन्हें नवनिर्वाचित विधायकों की विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की ओर से आए सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य के सभी निर्वाचन क्षेत्रों का एक समान विकास करने के लिए दृढ़ संकल्प है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित विधायकों को क्षेत्र के विकास तथा अन्य कार्यों के लिए हरसंभव सहायता एवं सहयोग के प्रति आश्वस्त किया है। केवल सिंह पठानिया ने बताया कि नवनिर्वाचित विधायकों ने मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में लिए गए विभिन्न निर्णयों के लिए उनकी तथा प्रदेश सरकार की सराहना भी की। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्र जीवन से ही राजनीति में प्रवेश करते हुए आज एक लंबे संघर्ष के उपरांत प्रदेश की बागडोर संभाली है। उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से संबंध रखने वाले श्री सुक्खू आम लोगों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से भलीभांति परिचित हैं और सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित विधायकों की समस्याओं को हल करने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग प्राप्त होगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, हरीश जनारथा, चंद्रशेखर, आशीष शर्मा, डॉ. जनक राज, चैतन्य शर्मा, पूर्ण चंद ठाकुर, डीएस ठाकुर, देवेंद्र कुमार भुट्टो, सुरेश कुमार, दलीप ठाकुर, दीप राज, लोकेंद्र कुमार, रणवीर सिंह निक्का, नीरज नैय्यर, अजय सोलंकी, मलिंदर राजन, भुवनेश्वर गौड़, विनोद सुल्तानपुरी, सुदर्शन बबलू सहित अन्य नवनिर्वाचित विधायक उपस्थित थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली छठी से 8वीं कक्षा तक के 50 छात्र-छात्राओं ने व्यवसायिक शिक्षा कार्यक्रम के तहत वानिकी एवं बागवानी विश्वविद्यालय नौणी का भ्रमण किया। इस भ्रमण दल का नेतृत्व प्रवक्ता राजनीति शास्त्र रामानंद सागर, कला स्नातक एकता धीमान, शारीरिक शिक्षक रामलाल सूर्या एवं संस्कृत स्नातक ललिता चौहान ने किया। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता भूपेंद्र चौहान ने बताया कि विश्वविद्यालय के विस्तार शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक व अन्य वैज्ञानिकों ने बागवानी, कृषि व वानिकी से संबंधित व्यवसायिक विषयों को चुनने तथा उन विषयों के महत्व के बारे में विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देशराज ठाकुर एवं ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर ने कहा कि व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत की जा रही ऐसी गतिविधियों से ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को अन्य क्षेत्रों को देखने तथा अपनी जिज्ञासा के संतोषजनक व प्रमाणिक जवाब खोजने का सुअवसर मिलता है। अभिभावकों ने सरकार से निवेदन किया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोग टाली में इसी सत्र से व्यवसायिक शिक्षा शुरू की जाए, ताकि विद्यार्थियों को घर-द्वार पर ही बेहतर व्यवसायिक शिक्षा मिल सके।
ज्ञान ज्योति शिक्षण महाविद्यालय रजोल में डीएलएड का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। प्रथम व द्वितीय वर्ष का परिणाम शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा 25 मार्च को घोषित किया गया था। प्रथम वर्ष के छात्रो में प्रथम स्थान पर सुक्रिती द्वितीय स्थान पर रीमा व तृतीय स्थान सागर और प्रकृति ने हासिल किया। वहीं, द्वितीय वर्ष के छात्रों में प्रथम स्थान पर अक्षय ठाकुर द्वितीय स्थान शशी बाला व तृतीय स्थान मनीषा ने हासिल किया। इस मौके पर ज्ञान ज्योति शिक्षण महाविद्यालय रजोल के मेनेजिंग डायरेक्टर विरेंद्र चौधरी व प्राचार्या विजेयता ने बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दी व बच्चों के उज्जवल भविष्य कामना की।
डीएवी पब्लिक स्कूल तियारा में आज कक्षा एलकेजी से 9वीं और 11वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद सभी स्कूल के विद्यार्थियों को चॉकलेट उपहार स्वरूप दी गई। जिन विद्यार्थियों ने जिस-जिस विषय में टॉप किया के सर्टिफिकेट भी दिए गए। टॉपर रहने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 11वीं से अदिति, गरिमा, कक्षा 9वीं से सम्मुख, पर्ल, शाइना, कक्षा 8वीं से कशिश, अनामिका, कक्षा 7वीं से लोकेश, संकेत, कक्षा 6वीं से सार्थिक, नाव्यांशु, तनीषा, जागृति, कक्षा 5वीं से रियांश शर्मा, शिवांक, कक्षा चौथी से ओशिन, गुंजन कौंडल, कक्षा तीसरी से अक्षिता चौधरी, विया और कृतिका रहे। कक्षा एलकेजी से कक्षा दूसरी तक के सभी विद्यार्थियों को किंडरगार्डन ग्रेजुएशन सेरेमनी करवाई गई। इस मौके पर प्रधानाचार्या एकता ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर भविष्य के लिए कामना की। उन्होंने कहा कि यह बच्चे आने वाले कल का भविष्य है। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों का परिणाम सुनने आए उनके माता-पिता, नाना-नानी व दादा-दादी का स्वागत किया।
इंदौरा महाविद्यालय में आज बीएससी सेकंड ईयर के छात्रों द्वारा बीएसई लास्ट ईयर के छात्रों के लिए विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीसरे वर्ष के छात्रों ने बताया कि इन 3 सालों की यादों को वे अपने साथ लेकर जाएंगे। वे भविष्य में इन पलों को याद करेंगे। ये 3 साल उनकी जिंदगी के सबसे हसीन पल रहे हैं, जिसमें कई दोस्त बने। अध्यापकों ने एक दीपक की तरह इन 3 सालों में हमें रोशन किया है। अध्यापकों के इस महान योगदान को वे हमेशा याद रखेंगे। पार्टी में कार्तिक कटोच मिस्टर फेयरवेल और खुशबू को मिस फेयरवेल चुना गया। वहीं मिस्टर हैंडसम के लिए विशाल व मिस ब्यूटीफुल के लिए नैंन्सी गुलेरिया का चयन किया गया। इस कार्र्यक्रम में प्रोफेसर अश्वनी कुमार, प्रोफ़ेसर परमार, डॉक्टर कमल सिंह, प्रोफेसर मनजीत उपस्थित रहे।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया है कि आरआईडीएफ के तहत राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने प्रदेश की 25 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं के लिए 10273.82 लाख रुपये स्वीकृत किए है। उन्होंने कहा है कि आगामी 30 दिनों के भीतर इन सड़क परियोजनाओं को अंतिम रूप देकर इन पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने आज यहां एक बयान में कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और इनके रखरखाव के प्रति गम्भीर हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और इसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना उनका प्रमुख लक्ष्य भी हैं। इसके लिए प्रदेश में सड़क निर्माण व उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि सड़क व अन्य विकास कार्य तय सीमा निश्चित समय पर पूरे हो इसके हर संभव प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने इन सड़क निर्माण के लिये नवार्ड के अधिकारियों विशेष तौर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है जिनके प्रयासों से 25 ग्रामीण सड़कों के निर्माण को यह राशि स्वीकृत की गई हैं।
राजगढ़ उपमंडल के रासूमांदर क्षेत्र के गांव कोटी पधोग में मंगलवार को यूको बैंक की नई शाखा ने कार्य करना आरंभ कर दिया है। इसका शुभारंभ देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कलकता से वर्चुअली तौर पर किया गया। इस बैंक के खुलने से रासूमांदर क्षेत्र की तीन दशक पुरानी मांग पूरी हुई है। इससे रासूमांदर क्षेत्र की आठ पंचायतों की करीब 20 हजार आबादी लाभान्वित होगी। इस मौके पर विश्वदीप कटोच ने बैंक शाखा प्रबंधक तथा पीयूष कश्यप ने बतौर क्लर्क अपना कार्यभार संभाला तथा इनके द्वाराक्षेत्र के लोगों के 80 नए बैंक खाते खोले गए। यूकों बैंक के सहायक महाप्रबंधक आंचलिक कार्यालय शिमला संजय जैन नेबताया कि देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आज कलकता से वर्चुअली तौर पर देश के 18 राज्यों में 50 बैंक शाखाओं का शुभारंभ किया गया है, जिससे लोगों को घरद्वार पर बैंक सुविधाएं प्राप्त होगी। यह शिमला जोन की 115वीं तथा सिरमौर की 21वीं बैंक शाखा है। इसके अतिरिक्त शिमला जोन के सुन्नी और किन्नौर जिला में भी नई बैंक शाखाएं खोली गई हैं। कार्यक्रम में स्थानीय प्रधान कौशलया मेहता, उप प्रधान दुर्गादास शर्मा, प्रताप सिंह ठाकुर, रणजीत सिंह ठाकुर, बीर सिंह ठाकुर, जगमोहन मेहता, प्रकाश वर्मा, रमेश चैहान सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि व स्थानीय लोग काफी संख्या में मौजूद रहे । इस मौके पर बैंक शाखा में हवन यज्ञ किया गया तथा लोगों को मिठाईयां बांटी गईं।
ऊना सदर के भाजपा विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा में क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को लेकर आवाज बुलंद की। इसके साथ ही सतपाल सिंह सत्ती ने कर्मचारियों के तबादले कर उन्हें प्रताड़ित करने और लोगों को दिक्कतों में धकेलने के लिए भी सरकार को जमकर घेरा। सत्ती ने जिला मुख्यालय की ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लंबित चल रहे काम के लिए प्रदेश सरकार से 19 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाने की भी मांग की। विधानसभा सत्र के दौरान सतपाल सिंह सत्ती ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कई मुद्दे उठाए। सत्ती ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ ग्राम पंचायत लालसिंगी, कोटला कलां अप्पर और लोअर, अरनियाला अप्पर और लोअर, मलाहत, भड़ोलियां खुर्द, रामपुर, कुठार कलां, कुठार खुर्द में भी शहर के साथ-साथ ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करना है। जिसके लिए नाबार्ड को 48 करोड़ रुपए की डीपीआर भेजी गई है प्रदेश सरकार उसे भी मंजूर करवाना सुनिश्चित करे। विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने ऐतिहासिक भबौर साहिब सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार के लिए भी 65 करोड़ रुपये का एस्टीमेट सरकार के ध्यान में लाया और इसकी भी मंजूरी की मांग उठाई। ताकि विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध करवाया जा सके। इसके साथ ही विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने संतोषगढ़ नगर परिषद सीवरेज व्यवस्था के लिए विभाग द्वारा पिछले 4 महीने से डीआई पाइप नहीं खरीदे जाने का मामला भी उठाया। उन्होंने कहा कि विभाग की इस लचर कार्यप्रणाली के चलते संतोषगढ़ कि सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह लटक कर रह गई है। इसके साथ ही सतपाल सिंह सत्ती ने विधानसभा में अपने क्षेत्र के पंजाब से सटे गांव सनौली, मजारा, बिनेवाल, मलूकपुर, पूना और अजोली के घरेलू और बरसाती पानी का मुद्दा भी उठाया। सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि यह सारा पानी सड़कों पर जमा रहता है, जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्होंने इस पानी को सोमभद्रा नदी में फेंके जाने के लिए नाले बनाने की मांग उठाई। इस दौरान सतपाल सिंह सत्ती ने जिला के ठेकेदारों के विभिन्न विभागों द्वारा पैसे रोके जाने का मामला भी विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि इस सरकार की कार्यप्रणाली इतनी लचर हो चुकी है की अवार्ड हो चुके काम शुरू नहीं किए जा रहे और करवाए जाने वाले काम अवार्ड नहीं हो पा रहे। उन्होंने कहा कि पंप ऑपरेटर और छोटे कर्मचारियों की बदलियां करके एक तरफ उन्हें परेशान किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में इन्हीं तबादलों के चलते पेयजल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है। कई ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति की स्कीम चलाने वाले कर्मचारी ही नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि इन तमाम मांगों पर सरकार को विकास और कर्मचारियों की भलाई की दृष्टि से विचार करते हुए सकारात्मक कार्रवाई करनी होगी। अन्यथा जनता को साथ लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर मोर्चा खोले से भी गुरेज नहीं किया जाएगा।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने कांगड़ा जिले में विकास कार्यों को नई गति देने के मकसद से मंगलवार को धर्मशाला में जिला अधिकारियों की बैठक ली और जिले की सभी प्रमुख निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए सभी का मार्गदर्शन करते हुए जरूरी निर्देश दिए। 5 घंटे से भी अधिक समय तक चली इस मैराथन बैठक में विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए उनसे जुड़े हर पहलू पर गहन मंथन किया गया। जिलाधीश ने सिलसिलेवार जिले के प्रत्येक उपमंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही वहां आगे प्रस्तावित विकास कार्यों को जमीन पर लाने के लिए भूमि चयन, डीपीआर बनाने तथा विभिन्न अनुमति और अन्य औपचारिकताओं को लेकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पर्यटन विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा के साथ साथ डे बोर्डिंग स्कूल के लिए जमीन के मामले, विभिन्न विभागों के भवनों के निर्माण समेत सभी जन उपयोगी एवं विकास योजनाओं को गति देने पर मंथन किया गया। डॉ. निपुण जिंदल ने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के लिए भूमि चयन और एफआरए तथा एफसीए के मामलों को आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने सभी एसडीएम को उपमंडल स्तर पर एफआरए तथा एफसीए के मामलों पर मंथन के लिए गठित समन्वय समिति की बैठकें आयोजित कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधीश ने कहा कि कांगड़ा जिले के बनखंडी में प्रस्तावित चिड़ियाघर (वृहद जूलॉजिकल पार्क) के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है और अब परियोजना के ‘मास्टर ले आउट प्लान’ पर कार्य किया जा रहा है। करीब 200 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित इस पार्क के मास्टर लेआउट प्लान का प्रारूप अप्रैल माह के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, सभी एसडीएम तथा बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
पट्टाबरावरी के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में आयोजित की जा रही 8 दिवसीय श्रीमद भागवत पुराण कथा के 5वें दिन कथावाचक प्रशिद्ध आचार्य हितेंद्र शर्मा ने कथा के अनेकों प्रषंग सुनाए। पांचवें दिन की कथा में कथा वाचक ने श्री कृष्ण जन्म का सुंदर वृतांत सुनाया, जिसे सुनकर श्रोता भाव-भिभोर हो गए। श्री कृष्ण जन्म की सुंदर झांकी का दृश्य भी कथा के दौरान दर्शाया गया। इसके अलावा कथा के अन्य प्रषंग भी कथावाचक ने अपनी मधुर वाणी से सुनाए। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राम कौशल ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों लोग कथा श्रवण करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि कथा के उपरांत सभी को कमेटी की ओर से भंडारा वितरण किया जा रहा है। इस आठ दिवसीय कथा को 31 मार्च को हवन व पूर्णाहुति के साथ विराम दिया जाएगा व क्षेत्रवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुखराम, भूपेंद्र, गोपाल दास, जगदीश, रामचंद, सोहन लाल, राकेश, योगराज, मदन लाल व अन्य मौजूद रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुगा घाट, सोलन के छात्र-छात्राओं ने आज सदन की कार्यवाही देखने से पूर्व विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष से आज होने वाली कार्यवाही के बारे पूछा तथा संसदीय प्रणाली की जानकारी ली। इस अवसर पर पठानिया ने छात्र-छात्रओं को अपनी शुभकामनायें देते हुए कहा कि लोकसभा तथा विधानसभा एक ऐसे मंच हैं, जहां देश व प्रदेश का कानुन बनाया जाता है। यहां विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि सार्थक चर्चा के माध्यम से हर प्रश्न का हल निकलता है तथा विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं। पठानिया ने छात्र-छात्राओं से लोकतांत्रिक प्रणाली को गहनता से अध्ययन करने का आग्रह किया।
मोईन गांव के महावीर कुमार पिछले कई वर्षों से पैरालाइज के कारण बिस्तर पर ही पड़े हुए हैं। वे चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। महावीर कुमार को पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड को अपडेट करवाना जरूरी था। इस कार्य के लिए उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जब इस बात की सूचना गंगोट पंचायत के वरुण शर्मा ने डाकघर चिंतपूर्णी के उप डाकपाल अनिल मनकोटिया को दी तो उन्होंने उनका आधार कार्ड घर जाकर अपडेट करने का निश्चय किया। मंगलवार को वे तान्या पराशर शाखा डाकपाल नारी के साथ महावीर कुमार के घर आधार कार्ड अपडेट करने पहुंच गए। वहीं, डाक विभाग के कर्मचारियों को अपने घर आधार कार्ड अपडेट करने के लिए आया देखकर संजीव कुमार की आंखों में भी आंसू आ गए। जब महावीर कुमार से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनके लिए बिस्तर से बाथरूम तक पहुंचना भी बहुत मुश्किल है। मैं चिंतपूर्णी डाकघर के कर्मचारियों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने घर आकर मेरे आधार कार्ड को अपडेट किया।
पुलिस चौकी संसारपुर टैरस के तहत लिंक रोड नारी के समीप पुलिस ने गश्त के दौरान एक राहगीर को 24 बोतल देसी शराब के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान मनोहर लाल निवासी गांव डूहकी तहसील डाडासीबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उससे 24 बोतल संतरा मार्का देसी शराब बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू काट दी है।
हरिपुर-बनखंडी मार्ग पर तताहन के समीप जंगल में एक्सपायरी दवाइयों की बड़ी खेप मिलने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया ने इस खबर को प्रमुखता के साथ उठाया था, जिस पर ड्रग इंस्पेक्टर पारुल ठाकुर और बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर संजय बजाज मौके पर पहुंचे और जंगल से एक्सपायरी दवाइयों की खेप को बरामद कर बंद डिब्बों में अपने साथ ले गए। ड्रग इंस्पेक्टर पारुल ठाकुर ने बताया कि जंगल से एक्सपायरी दवाइयों को बरामद किया गया है और आगे की छानबीन जारी है। बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर संजय बजाज के नेतृत्व में इन दवाइयों को डिब्बे में बंद करके जांच पड़ताल के लिए ले जाया गया है।
कुनिहार पुलिस ने गरौण घाटी के पास नाकाबंदी के दौरान दो युवकों से 4 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार विधानसभा सत्र के चलते नाकाबंदी के दौरान पुलिस द्वारा सुबाथू की तरफ से आ रही गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी तो उसी समय सुबाथू की तरफ से आ रही गाड़ी HP 67A 0846 में डैशबोर्ड के अदंर एक पारदर्शी पोलेथिन की पन्नी में फॉयल पेपर के अंदर 4 ग्राम चिट्टा पाया गया। गाड़ी में बैठे दो व्यक्तियों अनीश मोहम्मद हाटकोट व करुण सिंह जसवाल गांव सायरी ने पूछने में बताया कि वे इसका इस्तेमाल खुद करते हैं। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी सोलन भीष्म ठाकुर ने की है।
पुलिस चौकी रे टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान बॉर्डर एरिया में बिना एक्स फार्म के मेटीरियल ले जाते दो टिप्पर चालकों से तीस हजार जुर्माना वसूला गया है। जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस चौकी प्रभारी भजन जरियाल के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से दो टिप्पर गुजर रहे थे, एक टिप्पर बिना नंबर के चल रहा था और दूसरे का नंबर HP72_7664 था। दोनों क्रशर से लोड थे। चेकिंग के दौरान टिप्पर चालक एक्स फार्म नहीं दिखा पाए। मौका पर कार्रवाई करते हुए भजन जरियाल द्वारा दोनों का पंद्रह-पंद्रह हजार रुपये का चालान कर दिया गया। भजन जरियाल ने बताया कि आगामी समय में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
यूरो किड्स प्ले स्कूल (कोटलानाला) ने आज फील्ड ट्रिप का आयोजन किया। नवरात्रों के चलते स्कूल के सभी बच्चों को अध्यापिकाओं सहित शूलिनी माता के मंदिर का भ्रमण करवाया गया। सभी बच्चों ने बड़े ही उत्साह के साथ इस आयोजन में भाग लिया व शूलिनि माता के दर्शन किए। सभी शिक्षिकाओं ने माता की भेंट गाकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के प्रांगण में बच्चों ने नवरात्र के उत्सव का आनंद उठाया, वहीं पुजारी से मां की कथाओं को सुना। अंत में सभी बच्चों ने माता का प्रसाद ग्रहण किया। प्रिंसिपल मिसेज सीमा बहल व स्कूल के डायरेक्टर शोभित बहल की देखरेख में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल के सांसदों किशन कपूर, सुरेश कश्यप, इंदू गोस्वामी व सिकंदर कुमार व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर नये प्रोजेक्टों के जल्द मंज़ूरी की मांग की, जिसमें 900 करोड़ की लागत से लठियाणी-मंदली ब्रिज की मांग प्रमुखता से उठाई गई व सड़कों के रूप में पुरानी सभी सौग़ातों के लिए उनका आभार प्रकट किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सीमित रेल और हवाई कनेक्टिविटी वाले हमारे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के लिए सड़कें जीवन रेखा का काम करती हैं। औद्योगिक व विकास की अन्य परियोजनाओं को गति देने, पर्यटन व राज्य के राजस्व को बढ़ाने के लिए सड़क सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी के दृष्टिगत आज उन्होंने शिमला से सांसद सुरेश कश्यप, काँगड़ा-चंबा से सांसद किशन कपूर, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी व डॉ सिकंदर कुमार व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाक़ात कर नये प्रोजेक्टों की जल्द मंज़ूरी की मांग उनके सामने रखी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मांगों को गंभीरता से सुना व हिमाचल के हित में इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेने का हमें आश्वासन दिया है।
प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र देखने आईं ऑकलैंड हाउस स्कूल की छात्राओं ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट की। पठानिया ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली समझने में रूची लेनी चाहिए तथा देश के संघीय ढ़ाचे तथा शासन व्यवस्था का ज्ञान होना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। पठानिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जिस तरह से विधान सभा व संसदीय सत्रों के देखने के लिए प्रेरित हो रही हैं उससे यह प्रणाली सुदृढ़ होगी तथा इसका भविष्य भी उज्जवल होगा। लोकतंत्र में संसदीय गतिविधियों का सर्वाधिक महत्व है, जीवन और समाज हर क्षेत्र को प्रभावित करने वाले काम संसद में होते हैं। संसद ही वह स्थान है, जहां नए-नए विधि विधान बनाए जाते हैं। पठानिया ने आज होने वाली कार्यवाही के बारे अवगत करवाया तथा विधानसभा कॉउंसिल चैंबर के बारे भी अवगत करवाया।
सिरमौर जिला के धौलाकुंआ में निर्माणाधीन भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के कार्य में प्रगति लाने के संबंध में उपायुक्त आरके गौतम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने आईआईएम के अधिकारियों को समूचे परिसर में चार दीवारी का कार्य जल्द से पूरा करने को कहा। उन्होंने परिसर का निर्माण युद्ध स्तर पर करने के भी निर्देश दिये। आर.के. गौतम ने कहा कि आईआईएम परिसर की भूमि अथवा आस-पास सरकार की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम पांवटा साहिब तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत से रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि आईआईएम एक महत्वाकांक्षी और देश के सर्वोत्तम संस्थानों में है जो आने वाले समय में सिरमौर जिला के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि परिसर की सुरक्षा और गरिमा के अनुरूप इसकी फेंन्सिग करना जरूरी है और यह कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने परिसर की भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को जल्द हटाने तथा इस संबंध में अंतिम रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने को कहा। उपायुक्त ने आईआईएम परिसर की 2.230 किलोमीटर सड़क को आगामी 15 मई तक निर्माण करने के लिये लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिये। उन्होंने इस सड़क पर पुल का निर्माण कार्य भी जल्द करने को कहा। उन्होंने अधिशाषी अभियंता को कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की बाधा आती है तो इस संबंध में एसडीएम से तुरंत संपर्क किया जाना चाहिए। अभियंताओं ने अवगत करवाया कि सड़क का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस सड़क पर पुल व टारिंग के कार्य को सड़क पूरी तैयार करने के तुरंत बाद कर लिया जाएगा। आईआईएम के परियोजना सलाहकार दिनकर हितेश ने संस्थान की भूमि पर अतिक्रमण, रास्तों व सड़क निर्माण के मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा कि परिसर की चारदीवारी का कार्य जल्द आरंभ किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त मनेश कुमार यादव, एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत चीमा, आईआईएम के सीएओ पाणीग्राही, सहायक अभियंता एस्टेट सुबे सिंह यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता दलीप सिंह तोमर, जिला राजस्व अधिकारी चेतन चैहान, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ए.एस. बोला सहित अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
जिला दंडाधिकारी सिरमौर आरके गौतम ने पांवटा साहिब क्षेत्र के बांगरन पुल की 26 मार्च से 25 अप्रैल तक द्वितीय चरण की मरम्मत एवं पुनर्वास कार्य को जारी रखने की स्वीकृति लोक निर्माण विभाग को प्रदान की है। मरम्मत और पुनर्वास अवधि के दौरान बांगरन पुल पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाहजाही प्रतिबंधित रहेगी। जिला दंडाधिकारी ने इस संदर्भ में एक आदेश जारी करते हुए कहा कि इस पुल की मरम्मत और पुनर्वास अवधि के दौरान पांवटा-पुरूवाला-सिंहपुर-भगानी-गोजर-डाक पत्थर सड़क पर बांगरन पुल से गुजरने वाले सभी प्रकार के वाहन उपलब्ध वैकल्पिक मार्ग पर चलेंगे। आरके गौतम ने बांगरन पुल की मरम्मत की अवधि के दौरान मार्ग डाईवर्जन स्थल पर साईनबोर्ड लगाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं, ताकि वाहनों को आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जन चेतना संस्था सहित अन्य विभिन्न संस्थाओं ने सीयू मामले में सोमवार को कोतवाली बाजार से डीसी कार्यालय तक विशाल जुलूस निकाला। संस्थाओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भेजा गया। विभिन्न संस्थाओं के सदस्य और लोगों ने कहा कि सीयू धर्मशाला के लिए स्वीकृत हुई थी, जिसके बाद में विभाजन कर 70 फीसदी हिस्सा देहरा में बनाने की बात कही गई। अब जदरांगल में जहां कार्य चल रहा था, वहां भी काम बंद कर दिया गया है। जन चेतना संस्था के अध्यक्ष एससी धीमान ने कहा कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए धर्मशाला बेहतर स्थान है। यदि इस बारे 15 दिन में निर्णय नहीं लिया गया तो लोग फिर से सडक़ों पर उतरेंगे।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यशाला का आयोजन कार्यकारी प्राचार्य प्रोफेसर सुशील भारद्वाज के नेतृत्व में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अंग्रेजी एवं हिंदी वीभाग के माध्यम से किया गया। इस कार्यशाला में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर करण सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों के जीवन में इन कार्यक्रमों के सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा की। कार्यशाला में सतीश डढवाल, संदीप शर्मा व सुनील राणा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। तीनों विशेषज्ञ महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। सतीश डढवाल ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता में भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। वहीँ, सुनील राणा और संदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को रंगमंच के लिए उत्साहित किया। कार्यशाला में प्रो. सुनीता शर्मा, प्रो. संजीव जसवाल, डॉ. सुरेश राणा प्रो. राजीव ठाकुर, प्रो. वंदना राणा डॉ. आरती कौशल और डॉ. शर्मिता पठानिया ने भाग लिया। कार्यशाला का मंच संचालन डॉ. अक्षय कुमार ने किया।
सुरिंदर शर्मा के नेतृत्व में चौपाल विधानसभा क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल आज यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी विभिन्न मांगों से अवगत कराया।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 में संचालित दसवीं व 12वीं की नियमित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 14-14 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति प्रदान की जानी है। छात्रवृत्ति हेतु पात्र विद्यार्थियों से 29 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं। छात्रवृत्ति से संबंधित परीक्षार्थी सहमति पत्र, बिल प्रपत्र व दिशा-निर्देश बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पात्र विद्यार्थी अपने आवेदन/सहमति प्रपत्र तथा बिल प्रपत्र बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड करके अपने अध्ययनरत्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों/संस्था के मुखियों से सत्यापित करवाकर 29 अप्रैल तक बोर्ड कार्यालय को प्रेषित करें।
हिमाचल प्रदेश को हरित हाइड्रोजन आधारित प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने हरित हाइड्रोजन एवं अमोनिया परियोजना के लिए मैसर्ज एचएलसी ग्रीन एनर्जी एलएलसी के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की उपस्थिति में आज यहां मैसर्ज एचएलसी ग्रीन एनर्जी एलएलसी की ओर से प्रबंध निदेशक संजय शर्मा और प्रदेश सरकार की ओर से उद्योग विभाग के निदेशक राकेश कुमार प्रजापति ने यह समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया। इससे पहले, मैसर्ज एचएलसी ग्रीन एनर्जी एलएलसी के प्रबंध निदेशक संजय शर्मा ने मुख्यमंत्री के समक्ष हरित हाइड्रोजन एवं हरित अमोनिया के उत्पादन पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरित जलविद्युत उत्पादन के लिए विख्यात हिमाचल प्रदेश को अब इथेनॉल, हरित हाइड्रोजन, हरित अमोनिया, सौर ऊर्जा इत्यादि नवीनतम स्वच्छ ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहित कर, देश में स्वच्छ ऊर्जा हब की दिशा में आदर्श राज्य के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष 2026 तक देश का प्रथम हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके लिए हरित ऊर्जा उत्पादन पर विशेष बल दिया जा रहा है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने हिमाचल को हरित हाइड्रोजन आधारित प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हरित हाइड्रोजन नीति बनाने की भी घोषणा की है। समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित होने के उपरांत, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यह कम्पनी प्रदेश में प्रतिवर्ष 0.3 मिलियन मीट्रिक टन हाइड्रोजन और 1.5 मिलियन मीट्रिक टन अमोनिया उत्पादित करेगी। इसके लिए लगभग 25 एकड़ भूमि, 300 मैगावाट ऊर्जा तथा करीब 50 हजार किलोलीटर जल सुविधा की आवश्यकता होगी। जल और अन्य संसाधनों की उपलब्धता के दृष्टिगत ऊना और कांगड़ा ज़िलों में यह परियोजना स्थापित की जाएगी। परियोजना से प्रदेश में 4 हजार करोड़ से अधिक का निवेश तथा 3500 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इससे क्षेत्र के कुशल कामगारों को उनके घर-द्वार के निकट रोजगार मिलेगा और यह परियोजना प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस परियोजना की स्थापना में कम्पनी को पूर्ण सहयोग और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने प्रमोटर्ज़ को इस दिशा में शीघ्र विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। इस अवसर पर प्रधान सचिव, उद्योग आरडी नज़ीम, आयुर्वेद विभाग के निदेशक विनय सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रबंध निदेशक के सी चमन और उद्योग विभाग के अतिरिक्त निदेशक तिलक राज शर्मा उपस्थित थे।
राजकीय उच्च पाठशाला खरड़ हट्टी में छात्राओं के लिए वो दिन योजना के अंतर्गत एक शिविर का किया गया आयोजन। शिविर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित किया गया। इसमें विभाग की ओर से वृत्त पर्यवेक्षिका सुनीता शर्मा ने छठी कक्षा से दसवीं कक्षा तक की छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता रखने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा विषय है, जिसके बारे में आज भी हमारे समाज में खुलकर चर्चा नहीं की जाती है। इस दौरान किशोरियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। एनीमिया से बचाव की भी उन्होंने जानकारी दी। इस मौके पर विद्यालय मुख्य अध्यापिका ममता गुप्ता, मनोज शर्मा, सीताराम शर्मा, हेमंत कुमार, विकास कुमार, सतपाल, रंजना व विद्यालय स्टाफ सहित अभिभावक गण मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और इंदु गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्याग्रह सामाजिक न्याय के लिए शुरू किया था, भेदभाव मिटाने के लिए किया था, देश की आजादी के लिए किया था, जबकि कांग्रेस सत्याग्रह निजी स्वार्थ सिद्धि के लिए कर रही है। कांग्रेस के नेता यह सत्याग्रह उनके नेता के सजायाफ्ता होने के बाद न्यायालय के खिलाफ करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल को सूरत की एक अदालत ने देश के ओबीसी वर्ग के खिलाफ उनकी अपमानजनक टिप्पणी को लेकर उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद दोषी ठहराया और लोकसभा सांसद के रूप में उन्हें अयोग्य ठहराया जाना संबंधित कानून के तहत स्वत: परिणाम है, तो फिर ये सत्याग्रह किस लिए? कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि उनका यह सत्याग्रह किसके खिलाफ है। क्या कांग्रेस का सत्याग्रह राहुल द्वारा देश के पूरे पिछड़े समुदाय के लिए कहे गए अपमानजनक बातों को सही ठहराने के लिए है या अदालत के खिलाफ जिसने आपको सजा सुनाई है, या देश के संविधान के खिलाफ है या फिर उस प्रावधान के खिलाफ जिसके तहत आपको अयोग्य ठहराया गया है? संपूर्ण लोकतंत्र के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने वाले लोग, सत्याग्रह के नाम पर महात्मा गांधी जी की समाधि पर जो कर रहे हैं, उसमें सत्य के प्रति कोई आग्रह नहीं, बल्कि अहंकार का दुराग्रह निर्लज्जता के साथ दिख रहा है। जो भी हुआ वह न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा था। संसद का पुराना नियम था जिसके तहत सदस्यता गई। ये लोग न्यायालय के प्रति दुराग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा की महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के लिए सत्याग्रह किया लेकिन बापू की समाधि पर कांग्रेस ने सत्य और अहिंसा, दोनों को तिलांजलि दे दी। इस सत्याग्रह में सबसे पहुँचने वाले लोगों में थे जगदीश टाइटलर जो सिख भाइयों के नरसंहार के आरोपी हैं। कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या राजघाट में महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर आयोजित उनका सत्याग्रह भी 'अहिंसा' के खिलाफ था। यह सत्याग्रह बापू का अपमान है।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता विकास धीमान ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने का एतराज जताया है। विकास धीमान ने बताया कि जब भारत आजाद हुआ, तब पूरी दुनिया यह देख के हैरान थी कि भारत ने लोकतंत्र का रास्ता अपनाया। कुछ देशों ने तो यह तक कह दिया था कि बहुत जल्द भारत का लोकतंत्र फेल हो जाएगा, लेकिन पक्ष, विपक्ष और हमारी न्यायपालिका के संगम ने भारत को मजबूत लोकतंत्र बनाकर दुनिया के सामने एक मिसाल पैदा की। लेकिन आज भाजपा जिस तरह से विपक्ष का शोषण कर रही है, इसे भी पूरी दुनिया देख रही है। राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र के ऊपर हमला है। पक्ष और विपक्ष दोनों ही देश की तरक्की में महत्वपूर्ण हैं। विपक्ष के सवाल लोगों के सवाल होते हैं और उनका जवाब देना सत्ता पक्ष की प्राथमिकता होती है। लेकिन, आजकल ऐसा नहीं हो रहा। जिन मुद्दों पर विपक्ष चर्चा चाहता है, वो सदन में चर्चा में आते ही नहीं। सत्ताधारी भाजपा जवाब देना भी उचित नहीं समझती। सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल विपक्ष के नेताओं के खिलाफ हो रहा है, जो कि उचित नहीं है।


















































