प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव पुनीत मल्ली ने शनिवार को धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल गांधी की संसद से सदस्या को रद्द किए जाने पर इसे लोकतंत्र की हत्या करारा देते हुए कहा कि अयोग्यता का यह प्रकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एजेंडा है। अडानी पर राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण ने इन सभी मुद्दों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी से कुछ सवाल किए, जिनका जवाब वे नहीं दे सके, जिसके बाद यह मुद्दा सामने आया। पुनीत मल्ली ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि नरेंद्र मोदी व अडानी का अपनी क्या रिश्ता है। अडानी के पास 20 हजार करोड़ रुपया कहां से आया। पुनीत मल्ली ने कहा कि मोदी सरकार देश को लूट रही है। आज देश में चोर को चोर कहना अपराध हो गया है। यहां चोर और लुटेरे खुले घूम रहे हैं और बेगुनाहों को सजा दी जा रही है। उन्होंने कहा यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। पूरा सरकारी तंत्र इस समय दबाव में चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह तानाशाही के खात्मे की शुरुआत है। अब लड़ाई को सही दिशा देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की तानाशाही ने देश को बर्वादी की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया है। जब राहुल गांधी ने अडानी पर प्रधानमंत्री से सवाल पूछे थे उसी समय से इन्होंने इस प्रकार साजिश से राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए शुरू कर दी थी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव नागेश्वर मनकोटिया व जिला कांगड़ा कांग्रेस महिला अध्यक्ष रीता मनकोटिया भी उपस्थित रहे।
थाना डमटाल के अंतर्गत पड़ते ग्राम पंचायत सूरजपुर में पुलिस द्वारा एक व्यक्ति से 35 लीटर शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी डमटाल कल्याण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान सूरजपुर में एक व्यक्ति से 35 लीटर शराब बरामद की गई। व्यक्ति की पहचान निमृत पाल पुत्र गोविंद सिंह गांव व डाकघर घोड़न तहसील इंदौरा के रूप में हुई। व्यक्ति को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह का समापन समारोह केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मदनमोहन पाठक के साथ देहरा बार एशोशिएसन की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता शालिनी जम्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ मंच पर परिसर के अनुभाग अधिकारी अनुराधा शर्मा, अंग्रेजी विभाग की ऋचा विश्वाल तथा शिक्षा शास्त्र विद्या शाखा के संयोजक डॉ. शीशराम उपस्थित रहे। सभागार में परिसर के समस्त आचार्यों के साथ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। 7 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने अधिक मात्रा में उपस्थित होकर अपने अपने योग्यता का परिचय दिया। अच्छा प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शन छात्राओं को पुरस्कार वितरण किए गए। मुख्य अतिथि शालिनी जम्वाल ने महिलाओं के लिए दी जाने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही स्त्रियों को स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया। डॉक्टर शीशराम ने अपने वक्तव्य में महिलाओं के महिमा का गुणगान किया। डॉक्टर ऋचा विस्वाल ने बहुत प्रकार के दृष्टांत से महिलाओं को सफल होने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता करते हुए परिसर निदेशक प्रोफेसर पाठक ने बताया कि मनुष्य इस धरा धाम पर पुरुषार्थ चतुष्टय की प्राप्ति के लिए आता है। पुरुषार्थ चतुष्टय की प्राप्ति में स्त्रियों का महनीय योगदान है। क्योंकि भार्या त्रिवर्गकरणं शुभशीलयुक्ता के अनुसार स्त्री त्रिवर्ग दातृ कहलाती है। इसके अन्य माहात्म्य को बताते हुए उन्होंने कहा कि गृहस्थ के समस्त करते घर के बिना संपन्न नहीं होते। गृहणी के बिना गृह की कल्पना ही नहीं की जा सकती। क्योंकि कहा है- न गृहं गृहमित्याहु: गृहणी गृहमुच्यते। अर्थात वह घर घर नहीं है, जिस में गृहिणी नहीं होती। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. मदनमोहन पाठक ने कहा कि घर की खुशहाली मातृशक्ति पर ही निर्भर है। यदि कोई घर खुशहाल है उसका संपूर्ण श्रेय स्त्री को ही जाता है। यदि घर टूटता है तो वहां भी उसका श्रेय स्त्रियों को ही जाता है। अत: अपनी महनीयता समझते हुए अपने औदार्य पूर्ण सकल दायित्व का संपादन करते हुए समाज के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वाह करनी चाहिए। विजेत्री छात्राओं को पुरस्कार प्रदान के अनन्तर शांति मंत्र के साथ सभा को सम्पन्न किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. ऋचा विश्वाल, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. शक्तिशरण शर्मा व सर्वविध सहयोग संगणक शिक्षक अमित वालिया ने किया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी 12 अप्रैल को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लपियाना में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से फारेस्ट रेस्ट हाउस लपियाना में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। कांगड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होने जा रहा यह शिविर 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक लगेगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि इस शिविर में रक्तदान, चिकित्सा जांच, आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा जांच, महिला रोग जांच, दिव्यांग शिविर, प्रदर्शनियां, दिव्यांगजनों के सहायतार्थ सहायक उपकरणों का वितरण तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के सहयोग से मेडिकल दिव्यांगता जांच कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए पात्र व्यक्तियों को लोक मित्र केंद्र में यूडीआईडी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा।
राजकीय महाविद्यालय खुडिंया में शुक्रवार को रेड रिबन क्लब द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से निकाली गई। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. अनिका परमार व प्रोफेसर प्रदीप कुमार द्वारा उक्त विषय संबंधी जागरूकता हेतु विभिन्न गतिविधियों जैसे पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन आदि का आयोजन करवाया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेकर पोस्टर व नारा लेखन के माध्यम से क्षय रोग निवारण व बचाव संबंधी संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. अनिल जरयाल ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. सारिका, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. चेतना नेगी, प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, संदीपा व अधीक्षक उर्मिला देवी भी उपस्थित रहे।
कांगड़ा की पंचायत अब्दुल्लापुर में 25 मार्च यानी शनिवार को होने वाले छिंज मेला काे भारी बारिश के चलते पाेस्टपाेन कर दिया गया है। जानकारी देते हुए छिंज मेला कमेटी के प्रधान देशराज चौधरी ने कहा कि आज पंचायत अब्दुल्लापुर में छिंज मेला का आयोजन होना था, लेकिन भारी बारिश के चलते इसे पाेस्टपाेन कर दिया गया है। इसलिए सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि अब छिंज मेले, कुश्तियाें एवं खेलों का आयोजन 26 मार्च यानी रविवार को किया जाएगा। यह निर्णय समस्त मेला कमेटी और ग्राम पंचायत द्वारा लिया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा की कांग्रेस के नेता राहुल गांधी के ऊपर सूरत कोर्ट में महारानी का मामला चल रहा था, जिसके अंतर्गत उन्हें 2 साल की सजा सुनाई गई। इसके उपरांत भारत के संविधान के अनुच्छेद 102 (1) रिप्रेजेंटेशन आफ पीपल्स एक्ट 1951 की धारा 8 के अंतर्गत स्पष्ट लिखा है को अगर किसी सांसद या विधायक को किसी अपराध में दोषी ठहराया जाता है और उसे 2 साल या इससे ज्यादा समय के लिए सजा सुनाई जाती है तो उसकी संसद या विधानसभा की सदस्यता खत्म हो जाती है। इसे पूर्ण रूप से स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी की सदस्यता किसी राजनीतिक प्रेरणा से समाप्त नहीं की गई है अन्यथा भारत के संविधान हेतु समाप्त की गई है। अगर यह निर्णय सामने आया है तो कोर्ट के आदेशों और संविधान की पालना के अनुरूप आया है, पर कल जो विधानसभा में हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण था जब प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्री जो की संविधानिक पदों पर रहकर विधानसभा का बहिष्कार करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए बाहर निकल गए, यह सरकार के संविधानिक पदों पर बैठे प्रतिनिधियों को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल ने पॉइंट ऑफ आर्डर के अंतर्गत राहुल गांधी मुद्दे पर चर्चा की मांग की पर सभी कांग्रेस के नेता विधानसभा से उठ गए और विधानसभा के हाउस को स्थगित कर दिया गया, यह ठीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है और उनकी आदत बन चुकी है कि वह अपने भाषण में आम जनता और आम विभिन्न सामाजिक समुदाय की भावनाओं को वह बार बार ठेस पहुंचाते हैं, ऐसी एक घटना नहीं है अनेकों घटनाएं हो चुकी है और अब तो ऐसी घटनाएं देश तक सीमित नहीं रही है विदेश में भी राहुल गांधी द्वारा की जा चुकी है। राहुल गांधी के ऊपर मानहानि के अनेकों मामले भारत में चल रहे हैं, जिसमें से 2014 और 2016 के मामले हमारे समक्ष है। सर्वोच्च न्यायालय ने 11 जुलाई 2013 को अपने फैसले में कहा था कि कोई भी सांसद या विधायक निचली अदालत से दोषी करार दिए जाने की तारीख से ही संसद या विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य घोषित हो जाएगा, इस फैसले के उपरांत कानून ने केवल अपना कार्य किया है।
अब विमानन कंपनी इंडिगो की कांगड़ा के लिए 26 मार्च से उड़ानें शुरू हो रही हैं। विमानन कंपनी स्पाइस जेट भी 26 मार्च से फ्लाइटों की संख्या बढ़ाएगी। गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की अटकलों के बीच विमानन कंपनी इंडिगो ने कांगड़ा जिले के लिए नई उड़ान शुरू कर दी हैं। विमानन कंपनी इंडिगो का पहला विमान रविवार को राजधानी दिल्ली से गगल एयरपोर्ट पर उतरेगा। कांगड़ा के लिए विमानन कंपनी स्पाइस जेट भी दो नई उड़ानें शुरू करेगी, ये विमान भी रविवार को गगल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। विमानन कंपनी इंडिगो गगल एयरपोर्ट पर 26 मार्च को पहला जहाज उतारेगी। इसके बाद कंपनी की दो उड़ानें गगल एयरपोर्ट के लिए होंगी। इससे पहले एलायंस एयर और स्पाइस जेट की गगल एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानें होती हैं। 26 मार्च से शुरू होने वाली इस उड़ान का शेड्यूल भी ऑनलाइन बुकिंग साइटों पर उपलब्ध है, जबकि कंपनी की ओर से कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया के बाद उन्हें ट्रेनिंग तक उपलब्ध करवा कर उन्हें एयरपोर्ट पर तैनात कर दिया गया है। इस नई शुरू होने वाली उड़ानों के साथ ही जिले में विमानन कंपनी स्पाइस जेट के उतरने वाले विमानों की संख्या भी चार हो जाएगी, जबकि एक फ्लाइट विमानन कंपनी एलायंस एयर की भी रहेगी।
छठी राज्य स्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता का आयोजन न्यूगल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंद्रेटा में हुआ। आयोजन कांगड़ा सेपकटाकरा संघ द्वारा करवाया गया। इसमें मुख्य अतिथि रमेश कटोच रिटायर्ड प्रिंसिपल और गेस्ट ऑफ ऑनर मनीष अवस्थी चेयरमैन न्यूगल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंद्रेटा रहे। प्रतियोगिता में लगभग 70 लड़के व लड़कियों ने भाग लिया। लड़कों के वर्ग में पहला स्थान मंडी व दूसरा स्थान कुल्लू और तीसरा स्थान कांगड़ा का रहा, जबकि लड़कियों में पहला स्थान कांगड़ा, दूसरा स्थान मंडी व तीसरा स्थान कुल्लू का रहा। इस प्रतियोगिता में चुने हुए खिलाड़ियों का 5 दिन का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा व चयनित खिलाड़ी 1 से 5 अप्रैलको नागपुर में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह जानकारी प्रदीप धीमान महासचिव (हि प्र) सेपकटाकरा संघ द्वारा दी गई। इस मौके पर अंजू शर्मा महासचिव मंडी, नरेश राठौर, हेमराज, बलवीर जमवाल, सुरजीत कुमार, अरविंद शास्त्री व जिला कांगड़ा प्रधान ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी लक्की साहिब पुरी उपस्थित रहे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर की रेड रिबन इकाई द्वारा विश्व क्षय दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य कुमार कोडल के द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे छात्रों को सम्मानित गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंकिता प्रथम, सुप्रिया मनिक द्वितीय व दिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में अंबिका प्रथम, शिवानी राणा द्वितीय व दिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अंबिका ने प्रथम स्थान, आशियाना ने द्वितीय स्थान व पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन लाइलाज नहीं है। इस बीमारी का समय पर इलाज करवा लिया जाये तो मरीज पूरी तरह से ठीक हो जाता है। इस अवसर पर डॉ. सुरजीत सिंह राणा, डॉ. अर्पित प्रोफेसर ओंकार, डॉ. खुशीराम भगत, प्रोफेसर विजय, रणजीत, गगन आदि मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पाइनग्रोव स्कूल के निर्देशक कैप्टन एजे सिंह पहुंचे। मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के ब्रास बैंड के वाद्य यंत्रों बी फ़्लैट, टेनोर, ट्रोम्बों, बी फ्लैट कोर्नेट और बी फ़्लैट इयुफोनेट की मधुर धुनों से किया गया। इसके पश्चात साँस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत देवदार सदन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई । इस दौरान मंच का संचालन अनुराधा और रणवीर मालिक द्वारा किया गया। इसके पश्चात देवदार सदन के विद्यार्थियों द्वारा शास्त्रीय संगीत की धुन, तबला वादक के ताल-लय और हारमोनियम की आवाज ने हाल में बैठे हुए श्रोतागण और अध्यापक व अध्यापिकाओं का मन मोह लिया। इस शानदार प्रस्तुति के बाद विद्यार्थियों द्वारा लघु नाटिका “किस्सा ढोंगी बाबा का” प्रस्तुत की गई। लघु नाटिका के पश्चात विद्यार्थियों ने पश्चिमी संगीत की प्रस्तुति से धमाल मचाया और उपस्थित सभी लोग थिरकने को मजबूर हुए। एक के बाद एक नन्हें कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज में हॉल में बैठे सभी श्रोतागण और अध्यापक वर्ग को गाने पर मजबूर कर दिया। पश्चिमी संगीत के बाद विद्यालय की बालिकाओं द्वारा ‘ब्रज की होली’ नृत्य-गान व डांस से सब का मन मोह लिया। अंत में देवदार सदन के अनुराधा और रणवीर मालिक ने सभी का तह दिल से धन्यवाद किया। मुख्य अतिथि के रूप में पाइनग्रोव स्कूल के निर्देशक कैप्टन एजे सिंह, अध्यक्ष प्रबंधक समीक्षा सिंह, पाइनग्रोव स्कूल के हैड टीचर पंकज शर्मा और गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बच्चों की हौसला अफजाई की।
देश के सबसे पुराने किलों में शामिल कांगड़ा दुर्ग में 400 साल बाद राज्यभिषेक होने जा रहा है। नवमीं के दिन 30 मार्च को कटोच वंश के 489वें राजा के तौर पर एश्वर्य चंद कटोच का राजतिलक होगा। कांगड़ा दुर्ग में उनकी कुल देवी मां अंबिका के मंदिर में यह कार्यक्रम होगा। मौजूदा समय में एश्वर्य चंद कटोच लंबागांव राजघराने के टिक्का राज हैं। उनका राजतिलक होते ही शैलजा कुमारी कटीच को महारानी और उनके बेटे अंबिकेश्वर चंद्र को कटोच को टिक्का राज की उपाधि मिल जाएगी। इस कार्यक्रम में महाराजा एश्वर्य चंद कटोच एक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। इस पुस्तक का नाम 'कटोच दि त्रिगर्त इंपायर' है। इस कार्यक्रम के लिए उनकी माता चंद्रेश कुमारी ने कई हस्तियों को न्योता भेजा है। ऐतिहासिक दुर्ग में होने वाले इस कार्यक्रम के बाद हिमाचल में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। बताया जाता है कि कांगड़ा दुर्ग में अंतिम राज्यभिषेक 1629 ईस्वी में हुआ था। यही कारण है कि इस राज्यभिषेक पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। कांगड़ा के अलावा नादौन का अमतर किला कटोच शासकों का है। सुजानपुर में बारादरी है तो लंबागांव में इस परिवार का महल है। एश्वर्य इसी परिवार के टिक्का राज हैं। कटोच वंश के राजाओं ने कभी त्रिगर्त में 3000 मंदिर बनाए थे।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ़्तार बढ़ती ही जा रही है। बीते कल कोरोना वायरस के 100 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही प्रदेश में कोरोना से बचने के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनकर जाने की सलाह दी गई है। सरकार ने लोगों से सैनिटाइजर का नियमित इस्तेमाल करने के लिए कहा है ताकि वायरस से बचा जा सके। हालांकि, केंद्र सरकार से राज्य में अभी तक कोरोना को लेकर कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। हिमाचल सरकार ने कोरोना के मामले बढ़ते देख बचाव के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें कहा गया है कि लोग राज्य में भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने से बचें। ज्यादा जरूरी होने पर मास्क पहनकर जाएं और हाथों को सेनिटाइज करते रहें। राज्य के नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक हेमराज बैरवा ने कहा कि सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेशभर में बीते कल कोरोना की जांच के लिए 1448 लोगों के सैंपल लिए गए। 31 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में अब कोरोना सक्रिय मामले 354 हैं। जिला शिमला में कोरोना फिर से डराने लगा है। स्वास्थ्य केंद्रों में वायरल का इलाज करवाने आए मरीजों की जांच के बाद जिला शिमला में एक ही दिन में बीते कल को 33 नए मामले सामने आए हैं। एकाएक मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। वहीं नए मामलों के बाद अब एक्टिव केसों की संख्या 77 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य केंद्रों में जांच करवाने आए मरीजों के कोरोना के टेस्ट करने के निर्देश जारी किए हैं। इसकी अनुपालना शुरू कर दी गई है।
मोटे अनाज की पौष्टिकता और अन्य विशेषताओं के बारे में आम लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा के संयुक्त तत्वावधान में गांव दाड़ला में एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में ‘मोटे अनाजों पर आधारित कृषि से सबके लिए सामाजिक आर्थिक अवसरों का सृजन’ विषय पर व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी सुजानपुर कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि मोटे अनाज जलवायु परिवर्तन एवं भुखमरी के विरुद्ध सर्वाधिक उपयोगी सुरक्षा कवच हैं। ये अनाज न केवल भोजन पोषण, चारे एवं किसानों की आजीविका के उत्तम स्त्रोत है, अपितु अत्यधिक तापमान, बाढ़ एवं सूखे का समान रूप से सामना करने में सक्षम होने के कारण किसान हितैषी भी हैं। कृषि विज्ञान केंद्र की कृषि वैज्ञानिक डॉ. छवि ने बताया कि मोटे अनाज अपने उत्पादन अनुपात, लागत अनुपात, पौष्टिकता, बहु-उपयोगिता और पर्यावरण मित्र स्वभाव के कारण सुपर फूड के नाम से पहचाने जाने लगे हैं। ये परंपरागत भारतीय अनाज किसान एवं गरीब हितैषी हैं तथा इनमें स्वास्थ्य का खजाना छुपा है। मोटे अनाज अपने स्वाद, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों जैसे-कैल्शियम, आयरन, फास्फोरस, मैग्नीशियम, जिंक, पोटेशियम, विटामिन बी-6, विटामिन बी-3 तथा फाइबर के श्रेष्ठ भंडार हैं। मोटापे और मधुमेह को नियंत्रित करने तथा कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी लाने के अपने स्वाभाविक गुणों के दृष्टिगत मोटे अनाज दो सबसे बड़े गैर-संचारी रोगों-मधुमेह एवं हृदयाघात से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। डॉ. छवि ने बताया कि बायोडीजल तथा एथेनॉल जैसे गैर खाद्य-उपयोगों से भी इनकी खपत में निरंतर वृद्धि हो रही है जिससे किसानों को इनके अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन अनाजों की उत्पादन लागत बहुत ही कम होती है क्योंकि इन्हें न तो रासायनिक खाद अथवा कीटनाशकों की आवश्यकता रहती है और न ही अधिक पानी की। मात्र एक गाय के गोबर से वर्ष भर में 30 एकड़ भूमि पर मोटे अनाज की प्राकृतिक खेती हो जाती है। कृषि विभाग के एसएमएस राजेश कुमार ने बताया कि देश का 30 प्रतिशत भाग फसलों के गलत चयन के कारण मरुस्थल में बदल चुका है। सबसे कृषि संपन्न एवं पांच नदियों का प्रदेश पंजाब सूख रहा है और रसायनों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से कैंसर प्रदेश के रूप में बदल चुका है। इसलिए कृषि को यदि लाभकारी व्यवसाय और किसान हितैषी बनाना है तो हमें परंपरागत मोटे अनाजों की ओर लौटना होगा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा में फार्म मैनेजर रेखा ने मोटे अनाजों के मूल्य वर्धित उत्पादों की जानकारी। इस मौके पर कृषि विभाग की ओर से किसानों को निशुल्क बीज भी वितरित किए गए।
धर्मशाला में राहुल गांधी को फुल सपोर्ट, कहा, 15 लाख को जुमला बताने वालों पर भी दर्ज किया जाए केस दिग्गज नेता एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के बाद पूरी पार्टी उनकी सपोर्ट में आ गई है। धर्मशाला में कांग्रेस के 5 फ्रंटल संगठनों नेे मीटिंग करके केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा द्वारा सोची समझी साजिश के तहत लगातार निशाना बनाया जा रहा है। शुक्रवार को धर्मशाला के दाड़ी आफिस में मीटिंग के दौरान ब्लाक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, इंटक व महिला कांग्रेस के पदाधिकारी जुटे। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष विनीत धीमान ने की। इसमें सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा व केंद्र सरकार राहुल गांधी के खिलाफ ओछी राजनीति कर रही है। मोदी सरकार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और 2024 के लोकसभा चुनावों में हार के डर से बौखला गई है। बैठक में सभी संगठनों ने एक स्वर में कहा कि भाजपा के दिग्गज नेताओं हर व्यक्ति को 15-15 लाख रुपए देने और साल में दो करोड़ नौकरियों की की घोषणा की थी। इनमें रोजगार देने में भाजपा नाकाम रही। वहीं 15 लाख की घोषणा को भाजपा के दिग्गज नेता ने जुमला करार दिया था। ऐसे नेताओं पर भी केस दर्ज होने चाहिएं। कांग्रेस के सभी संगठनों ने कहा कि अब भाजपा की झूठ की राजनीति को समझ गई है। यही कारण है कि भाजपा अब इस तरह की सियासत पर उतर आई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूरी पार्टी राहुल गांधी के समर्थन में खड़ी है। वह भाजपा को इस तरह की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां महानिदेशक, डॉ. डीजे पांडियन के नेतृत्व में शिमला पहुंचे न्यू डेवलपमेंट बैंक के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष बैठक की। बैठक में शिमला इनोवेटिव अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर, 2023 के अंत तक इस परियोजना के लिए बहुपक्षीय वित्तपोषण की मंजूरी में तेजी लाई जाए। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के पर्यावरण के अनुकूल, स्वच्छ और हरित परिवहन के लिए बड़े पैमाने पर विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इससे शहरों में वाहनों की भीड़ कम करने तथा नए क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन क्षमता को विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 1546.40 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के शिमला इनोवेटिव अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट के तहत 15 स्टेशनों को जोड़ने वाला 14.13 किलोमीटर रोपवे नेटवर्क तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शहरी रोपवे परियोजना दुनिया में अपनी तरह की दूसरी और भारत में पहली होगी। इससे शिमला शहर में वाहनों की भीड़-भाड़ कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि रोप-वे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में पर्याप्त प्रगति की है। इसका ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा यातायात सर्वेक्षण 12 अप्रैल, 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रक्षा गया है। उन्होंने कहा कि जियो-टेक परीक्षण और ईएसआईए अध्ययन प्रक्रिया अभी जारी है, जिसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का कार्य 30 जून, 2023 तक पूरा होने की संभावना है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने न्यू डेवलपमेंट बैंक द्वारा वित्तपोषित जल शक्ति विभाग की चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। बैठक में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (आरटीडीसी) संजय गुप्ता, प्रधान सचिव (परिवहन) आरडी नज़ीम, निदेशक (आरटीडीसी) अजय शर्मा व मुख्य महाप्रबंधक रोहित ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित थे।
उपमंडल के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत चनोर में साईं तकिया मेला हर बार की तरह इस बार भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। साईं तकिया मंदिर कमेटी ने बताया कि यह मेला बाबा मस्तान शाह, बाबा मलंग शाह, माता माई जीना की दरगाह पर 24, 25, 26 मार्च को तीन दिन मनाया जाएगा। 24 मार्च को दंगल और रास भगत का आयोजन करवाया गया है। दंगल में पंजाब, जम्मू, हिमाचल से पहलवानों ने भाग लिया। 25 मार्च को रजा हीर द्वारा कव्वालियां गाई जाएंगी व अंतरराष्ट्रीय गायक कमल खान साईं तकिया दरबार में प्रस्तुति देंगे। 26 मार्च को मेला होगा। मेले के तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है।
संतोषगढ़ में पुलिस ने एक महिला और युवक को 63 ग्राम चिट्टे के साथ धरदबोचा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस विभाग की टीम ANTF द्वारा संतोषगढ़ में बाइक पर सवार एक महिला व युवक को जांच के लिए रोका तो मोटरसाइकिल की तलाशी लेने के उपरांत स्पीडोमीटर के नीचे से चिट्टे की बड़ी खेप बरामद हुई है। बता दे कि महिला व् युवक को हिरासत में लेकर एनडीपीसी एक्ट के तहत जांच आरंभ कर दी है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि नशे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाए थे और इसे आगे कहां सप्लाई करना था। पकड़े गए दोनों आरोपी पंजाब के नंगल तहसील के रहने वाले हैं, फिलहाल पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर इस मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।
कार्यकारी अधिकारी द्वारा शुक्रवार को बुलाई गई हाउस की बैठक कोरम पूरा न होने के चलते स्थगित करनी पड़ी। इस बैठक में परवाणू के विकास कार्यो से संबंधित एजेंडे पर चर्चा होनी थी। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष निशा शर्मा व उपाध्यक्ष सोनिया शर्मा ही उपस्थित रहे, जबकि शेष निर्वाचित 7 पार्षद बैठक से नदारद रहे। गौरतलब है की गत 12 जनवरी को नगर परिषद परवाणू के पार्षद ठाकुर दास शर्मा, लखविंदर सिंह, किरण चौहान, चंद्रावती देवी, रणजीत ठाकुर व मोनिशा शर्मा ने नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा व सोनिया शर्मा की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर डीसी सोलन को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। उधर, इस बारे परवाणू कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र गर्ग का कहना है कि नाराज चल रहे पार्षदों से दो बार बैठक की गई है। उनसे शहर के विकास के लिए साथ आने का आग्रह किया गया है और मनमुटाव खत्म करने की बात की है। वहीँ, अविश्वास प्रस्ताव को लीड कर रहे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा का कहना है कि विकास कार्य में हर पार्षद सहयोग कर रहा है। पिछले दिनों असंतुष्ट चल रहे पार्षदों ने ही नप कार्यालय जाकर टेंडर ओपन किए थे, ताकि शहर में विकास कार्य शुरू हो सकें। परवाणू कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि इतने बड़े पद पर रहते हुए उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए।
सूरत कोर्ट द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाने के बाद लोकसभा सचिवालय द्वारा उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। जिस पर कांग्रेस भड़क गई है और भाजपा पर सोची समझी साजिश के तहत उनकी सदस्यता रद्द करने के आरोप लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भी इसको लेकर भाजपा पर निशाना साधा और इस उनकी सदस्यता रद्द करने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र में ऐसा पहली बार हुआ है।अभी तक फैसला सूरत कोर्ट ने सुनाया है और इसमें कानून की लंबी प्रक्रिया है उन्हें अपील करने का समय भी दिया गया था और हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने के रास्ते भी अभी खुले थे, लेकिन लोकसभा सचिवालय द्वारा जल्दबाजी में उनकी सदस्यता रद्द करने का फैसला लिया गया है। एआईसीसी प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राहुल गांधी से केंद्र की मोदी सरकार डर गई है। जिस तरह से राहुल गांधी ने 4000 किलोमीटर की पैदल यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक की है, उससे देश में अलग माहौल बन गया है और वह जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी पदयात्रा में लाखों की संख्या में लोग जुड़े जिसे भाजपा की जमीन खिसकनी शुरू हो गई है। इसके अलावा अडानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस जेपीसी का गठन करने की लगातार मांग कर रहा है, लेकिन उसका गठन नहीं कर रहे हैं और सोची-समझी रणनीति के तहत राहुल गांधी की घेराबंदी शुरू की गई। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा भाजपा सरकार की अधिनायकवादी शासन के खिलाफ राहुल गांधी खड़े हुए हैं। पहले उन्हें लोकसभा में बोलने का मौका नहीं देगा और अब उनकी सदस्यता को रद्द कर दिया गया है जो कि लोकतंत्र के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से याफ है कि 2024 की इबारत लिखा जा रहा है। सत्ता में बैठे लोगों को लग रहा है कि उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक रही है लेकिन इससे कांग्रेस डरने वाली नहीं है। देश की जनता और कांग्रेस राहुल गांधी के साथ खड़ी है और जिस तरह से उनके साथ केंद्र सरकार बर्ताव कर रही है वह देश की जनता सहन करने वाली नहीं है और इसका जवाब भी जनता उन्हें आने वाले समय में देगी। केंद्र सरकार को ये फैसला महंगा पड़ने वाला है।
हिमाचल में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बीडीओ कांगड़ा तनविंदर व नशा निवारण राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 3 पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य पंचायतों में भी इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे, ताकि लोग नशे से दूर रहें। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर खेल मैदानों को विस्तारीकरण करेंगे, ताकि युवाओं का खेल गतिविधियों में ध्यान लगा रहे। उन्होंने सभी लोगों व खासकर युवाओं से नशे से दूर रहने की भी अपील की। राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने कहा कि कांगड़ा में नशा निवारण जागरूक शिविरों में लोग काफी संख्या में पहुंचकर जानकारी हासिल कर रहे हैं, जिसमें स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा। उन्होने कहां कि अभिभावक अपने बच्चों को नशे से दूर रखने का पूर्ण प्रयास करें व अपने बच्चों पर नजर रखें, ताकि कहीं वो नशे की चपेट में न आ जाएं। कांगड़ा में विभिन्न पंचायतों में आमजन को नशे से शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभाव की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शिविर के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणाम बताए जा रहे हैं, ताकि आमजन नशे से दूर रहे और अपने परिवार का उचित ढंग से पालन पोषण कर सकें। इस मौके पर इशांत चौधरी, अरुण मनकोटिया भी मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में 25 मार्च को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि मुख्य संसदीय सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग संजय अवस्थी होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां के पश्चात मुख्यातिथि द्वारा वर्ष भर में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सब तहसील दाड़लाघाट के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों के अभिभावकों से आग्रह किया है कि वह अधिक से अधिक संख्या में आकर कार्यक्रम में अपने बच्चों की हौसला अफजाई करें।
अर्की उपमंडल के दूरदराज के क्षेत्र सेवड़ा चंडी पंचायत के गांव रुडाल और पजीणा में पहली बार गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंचने पर ग्रामवासियों ने खुशी जताई। ब्लाक कांग्रेस अर्की के सोशल मीडिया अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि पिछले दिनों उपमंडलाधिकारी अर्की व अर्की क्षेत्र के विधायक एवं सीपीएस संजय अवस्थी को ज्ञापन सौंपकर ग्रामवासियों की इस समस्या व मांग को प्रशासन के समक्ष रखा था। ग्रामवासियों की इस मांग को प्रशासन व गैस प्रभारी दाडलाघाट द्वारा स्वीकृति दी गई और गैस सिलेंडर की सुविधा रुडाल व पजीणा गांव के लोगों को गांव में गाडी़ द्वारा उपलब्ध करवा दी गई। ग्रामवासीयों ने प्रसन्न होकर गैस सिलेंडर गाडी़ चालक,परिचालक व सहकर्मियों का स्वागत किया। अब गांव रूडाल, सेवड़ा, पजीणा, देवरनाल और कौड़, कुफर- मरंयागा के ग्रामीणों को घर द्वार पर गैस सिलेंडर लेने में आसानी होगी। इससे पूर्व इन गांवों के लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए पैदल चलकर अथवा किराये पर गाड़ी करके पांच किलोमीटर दूर चंडी सिलेंडर के लिए आना पड़ता था। रोशन ठाकुर ने जनता की इस मांग को पूरा करने के सीपीएस संजय अवस्थी,एसडीएम अर्की व गैस प्रभारी दाडलाघाट का धन्यवाद किया।
प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र देखने आए बिशप कॉटन स्कूल शिमला के छात्रों ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से विधानसभा परिसर में भेंट की। पठानिया ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली समझने में रूचि लेनी चाहिए तथा देश के संघीय ढांचे तथा शासन व्यवस्था का ज्ञान होना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए। पठानिया ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी जिस तरह से विधानसभा व संसदीय सत्रों के देखने के लिए प्रेरित हो रहे है, उससे यह प्रणाली सुदृढ़ होगी तथा इसका भविष्य भी उज्जवल होगा। पठानिया ने कहा कि लोकतंत्र में संसदीय गतिविधियों का सर्वाधिक महत्व है। जीवन और समाज हर क्षेत्र को प्रभावित करने वाले काम संसद में होते हैं। संसद ही वह स्थान है जहां नए-नए विधि विधान बनाए जाते हैं। पठानिया ने छात्रों को आज होने वाली कार्यवाही के बारे ही अवगत करवाया व उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
आज सुबह नैनादेवी में सड़क हादसा सामने आया है। श्री नैनादेवीजी के पुलाचड़ में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हलांकि सड़क हदसे में किसी का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। हादसे में चालक घायल हुआ है। बाकी सभी यात्री सुरक्षित हैं।जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब नौ बजे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलाचड़ में एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस स्वारघाट से किरतपुर की ओर जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बस सवार सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में घायल बस चालक को सीएचसी स्वारघाट पहुंचाया जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे के समय बस में करीब दस यात्री सवार थे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर आना जाना भी बंद हुआ। जिसे पुलिस कर्मियों ने पहुंच कर बहाल करवाया।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए 3 दिवसीय विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को टीबी जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय परिसर से रथ को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके सूद, लॉरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी ज्वालामुखी के प्रिन्सिपल व निदेशक डॉ. एमएस अशावत, डॉ. सीपीएस वर्मा डॉ. तरुण शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला स्वास्थ्य विभाग और लॉरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी ज्वालामुखी के सहयोग से संचालित इस जागरुकता रथ के जरिए अगले 3 दिन जिले में टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने और उन्हें बीमारी के लक्षण, इलाज एवं बचाव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जिलाधीश ने कहा कि इससे लोगों को जागरूक करने और टीबी के रोकथाम में काफी मदद मिलेगी
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत पंचायत नंगल चौक के वार्ड 6 से 2 दिनों से लापता हुए 66 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश चंद की लाश घर से करीब 3 किलोमीटर दूर रोड़ी कोड़ी में मिली है। बुजुर्ग ने वहां वृक्ष से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक ने परने से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है तो उन्होंने पंचायत प्रधान को सूचित किया। रोड़ी कोड़ी पंचायत के प्रधान बलविंदर सिंह ने इसकी सूचना डाडासीबा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की डेड बॉडी को पेड़ से नीचे उतारा। बता दें कि जगदीश कुमार गुरुवार सुबह से घर से गायब हो गए थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति शौच के लिए घर से कुछ दूर बने शौचालय गए थे। काफी देर तक जब वापस नहीं आए तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई भी पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार जगदीश डिप्रेशन की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज हमीरपुर में चल रहा था। उधर, इस संबंध में चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह पटियाल से बात की गई तो उन्होंने बताया पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए देहरा भेजा है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
जिला मंडी कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष गुरु शरण परमार ने राहुल गांधी को अदालत द्वारा दो साल की सजा सुनाने के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई रैली को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी न्यायपालिका को अपने मनमुताबिक निर्णय सुनाने के लिए मजबूर कर रहे हैं l यह देश के लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत नहीं है l 2019 में मोदी उपनाम वाले बयान पर अब 2023 में आकर लगा कि यह इतना बड़ा जुर्म है कि उनको दो साल की सजा सुनाई गई l आज मोदी अभिव्यक्ति की आजादी को छीनकर लोकतंत्र का गला घोंटना चाहते हैंl चुनावों के समय प्रधानमंत्री भी पद की गरिमा को भुलाते हुए कई कुछ कह जाते हैं, ऐसे में उनको भी बहुत बड़ी सजा होनी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक आगजनी का मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र काला अंब के खैरी गांव में झुग्गी झोपड़ियां आग की भेंट चढ़ गईं। वहीं झुग्गी झोपड़ी के साथ-साथ गौशाला भी आग में जलकर राख हो गई। इस घटना से लाखों का नुकसान का आंकलन लगाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार फायर ऑफिसर रमेश कुमार ने बताया कि अग्निशमन कार्यालय काला अंब को सूचना मिली कि खैरी गांव में झुग्गी झोपड़ियों में आग लग गई है तो सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं आग पर काबू पाने में विभाग की टीम को करीब 3 घंटे का समय लग गया। इस घटना में नेक मोहम्मद व अली मोहम्मद की झोपड़ियों के अलावा 2 गौशाला जल गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सहौड़ा गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जसौर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में भेड़ी की टीम उपविजेता रही। जानकारी के अनुसार सहौड़ा गांव के मैदान में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा था। बीते दिन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जसौर और भेड़ी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें जसौर की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि समाजसेवी परमजीत चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी और विधायक पवन काजल ने कहा राहुल गांधी ने चार साल पहले ओबीसी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से जो अपमानजनक बातें की थीं, उस संदर्भ में अदालत ने उन्हें जो सजा सुनाई है, वे उसका स्वागत करते हैं। अदालत का फैसला यह दर्शाता है कि देश का क़ानून और देश का संविधान सबसे ऊपर है और उसकी नजर में देश के सभी नागरिक समान हैं। अदालत का निर्णय यह भी सिद्ध करता है कि चाहे कोई कितना भी बड़ा क्यों न हो, यदि उसने अपराध किया है तो उसे सजा जरूर मिलेगी। राहुल ने ओबीसी समाज के बारे में जो अनर्गल और आपत्तिजनक बातें की थी, उसकी हम सब ने तब भी निंदा की थी, आज भी निंदा कर रहे हैं। लेकिन, अदालत द्वारा सजा सुनाने के बावजूद जिस तरह से राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के नेता उन अपमानजनक बातों को सही ठहरा रहे हैं, वह बताने के लिए काफी है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं की मंशा क्या है और ओबीसी समाज के बारे में उनकी सोच क्या है। राहुल गांधी अभी भी राजशाही सोच से बाहर नहीं निकले हैं। क्या हमारे समाज के खिलाफ देश के एक बड़े नेता का ऐसा निंदनीय बोलना उन्हें शोभा देता है? क्या यह देश के संविधान का अपमान नहीं है? क्या यह आत्मसम्मान के साथ जीने वाले हम सभी लोगों का अपमान नहीं है? क्या राहुल गाँधी देश से और देश के संविधान से इतने बड़े हो गए हैं कि हमें गाली देने का उन्हें अधिकार मिल गया है? माफी मांगना तो दूर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कांग्रेस के तमाम नेता जिस तरह से इसे सही ठहराने में जुटे हुए हैं, इससे यह सिद्ध होता है कि वे हमारा अपमान ही अपना नैतिक धर्म समझते हैं।
कृषि विभाग कुनिहार के सौजन्य से क्षेत्र के 30 किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण बारे विस्तृत व प्रैक्टिकली जानकारी देने के उद्देश्य से विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायत मान के गांव ज्यालँग में कई सालों से प्राकृतिक खेती कर रहे हरीश कुमार के खेतों का भ्रमण करवाया गया। कृषि विभाग में कार्यरत भावना ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है गांव ज्यालँग के किसान हरीश प्राकृतिक खेती कर सालाना लाखों रुपये कमा रहे है। भावना ने सभी किसानों से आग्रह किया है कि सभी को प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए जिससे हमारा स्वास्थ्य सही रहेगा। कीटनाशक दवाइयों का गलत असर हमारे खेतों पर ही नही बल्कि हमारे स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। भावना ने कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए किसान कृषि विभाग से सम्पर्क कर सकते है। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए विभाग की और से बहुत सी योजनाएं दी जा रही है किसानों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में एक्सीडेंट के मामले बढ़ते ही जा रहे है। बीते कल देर रात कांगड़ा जिले के शाहपुर डढमब में चंबी-धर्मशाला रोड पर एक सड़क हदसा पेश आया जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अखिल निवासी गांव भटेछ और कमल निवासी गांव कुठेड तहसील धनोटू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात को हुआ है। बताया जा रहा है कि कमल और अखिल दोनों ने रक्कड़ के बाग मेले में दुकान लगाई थी। शाम को वह दुकान बंद करके अपनी बाइक पर घर की तरफ जा रहे थे तो सामने से आ रही की उनकी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर दोनो शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के आरोपी बाइक राइडर फरार हो गया।
सीमांत राज्य पंजाब के साथ पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग के प्रवेश द्वार से सटा नूरपुर शहर प्राचीन काल में धमड़ी नाम से जाना जाता था। बेगम नूरजहाँ के यहां आने के बाद शहर का नाम नूरपुर पड़ा। यहां पर राजा जगत सिंह का किला विद्यमान है। इस किले के अंदर श्री बृज राज स्वामी तथा काली माता मंदिर है। जानकार बताते है कि श्री बृजराज स्वामी मंदिर संसार में एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां कृष्ण व मीरा की मूर्तियां एक साथ शोभायमान है। सौंदर्य से परिपूर्ण एक टीलेनुमा जगह पर स्थित यह नगर कभी राजपूत राजाओं की राजधानी हुआ करती थी। इस मंदिर के इतिहास के साथ एक रोचक कथा है कि (1619 से 1623 ई.) नूरपुर के राजा जगत सिंह अपने राज पुरोहित के साथ चित्तौड़गढ़ के राजा के निमंत्रण पर वहां गए। राजा जगत सिंह व उनके राज पुरोहित को रात्रि विश्राम के लिए महल में स्थान दिया गया, उसके साथ में एक मंदिर था, जहां रात के समय राजा को उस मंदिर से घुंघरूओं तथा संगीत की आवाजें सुनाई दी। राजा ने जब मंदिर में झांक कर देखा तो उस कमरे में श्रीकृष्ण जी की मूर्ति के सामने एक उनकी एक अनन्य भक्त भजन गाते हुए नाच रही थी। राजा ने सारी बात अपने राज पुरोहित को सुनाई। राज पुरोहित ने राजा जगत सिंह को घर वापिसी पर राजा (चितौडगढ़) से इन मूर्तियों को उपहार स्वरूप मांग लेने का सुझाव दिया, क्योंकि भगवान श्री कृष्ण व मीरा की यह मूर्तियां साक्षात हैं। चितौड़गढ़ के राजा ने भी खुशी-खुशी मूर्तियां व मौलश्री का एक पेड़ राजा जगत सिंह को उपहार स्वरूप दे दिया। तदोपरांत नूरपुर के राजा ने अपने दरबार-ए-खास को मंदिर का स्वरूप देकर इन मूर्तियों को वहां पर स्थापित करवा दिया। राजस्थानी शैली की काले संगमरमर से बनी भगवान श्रीकृष्ण व अष्टधातु से बनी मीरा की मूर्ति आज भी नूरपुर किले के अंदर ऐतिहासिक श्री बृज राज स्वामी मंदिर में शोभायमान है। इसके अतिरिक्त मंदिर की भित्तिकाओं पर राजा द्वारा करवाये गए कृष्ण लीलाओं के चित्रण आज भी सभी के लिए दर्शनीय है। वर्तमान में मंदिर के संचालन व रखरखाब का जिम्मा स्थानीय स्तर पर गठित मंदिर कमेटी के पास है। प्रदेश सरकार भी समय-समय पर इसके जीर्णोद्धार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाती है। यहां पर प्रदेश के श्रद्धालुओं के अलावा सीमांत राज्य पंजाब, हरियाणा व जम्मू-कश्मीर तथा अन्य राज्यों से भी हजारों की संख्या में लोग सारा साल मंदिर में शीश झुकाते हैं। यह मंदिर अब देश के साथ विदेशी सैलानियों की आस्था और श्रद्धा का भी केंद्र बन गया है। प्रेम व आस्था के संगम के प्रतीक इस मंदिर का नूर जन्माष्टमी को छलक उठता है जब यहां पर दिन-रात श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान श्री कृष्ण तथा मीरा जी के दर्शन करने के लिए उमड़ती है। यहां पर आयोजित होने वाले जन्माष्टमी उत्सव को राज्य स्तर का दर्जा प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त इस वर्ष पहली बार होली पर्व पर दो दिवसीय होली महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें पहले दिन भगवान के द्वार में फूलों से होली खेली गई जबकि दूसरे दिन रंगोत्सव मनाया गया। यहां पर मंदिर कमेटी की तरफ से हर रविवार को श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था रहती है। इसके अतिरिक्त मंदिर के रखरखाब व विकास कार्यों में भी कमेटी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
हिमाचल प्रदेश में H3N2 इन्फ्लुएंजा का संक्रमण न फैले इसके लिए सरकार के साथ साथ स्वास्थ्य महकमा भी एक्टिव मोड पर आ गया है इसके साथ स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भी अलर्ट रहने का आदेश दिया है, क्योंकि कोरोना की बढ़ती संख्या ने पहले ही प्रदेश को चिंता का विषय बनाया है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को H3N2 इन्फ्लुएंजा टेस्टिंग किट की व्यवस्था करने के आदेश दिए है। साथ ही विभाग ने मेडिकल कॉलेज को अपने स्तर पर H3N2 इन्फ्लुएंजा टेस्टिंग शुरू करने के लिए भी कहा है। प्रदेश में बदलते मौसम के कारण जिस तरह से कोविड के मामले बढ़ रहे हैं, विभाग को डर है कि कहीं H3N2 के मरीजों की संख्या भी न बढ़ जाए। मिली जानकारी के अनुसार H3N2 इन्फ्लुएंजा को लेकर विभाग की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस संक्रमण से देश में अब तक 10 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। बता दे कि पड़ोसी राज्य हरियाणा में इस इन्फ्लुएंजा का एक और नया मरीज मिला है, जिसने विभाग की चिंता को और बढ़ाया है। विभाग का कहना है कि हिमाचल में इस संक्रमण को लेकर डरने की कोई बात नहीं है, फिर भी एहतियात बरतना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार पहले ही H3N2 को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुकी है। केंद्र ने मुख्य सचिव को इस संक्रमण को लेकर अलर्ट रहने को कहा है। ये है लक्षण ........ कोरोना और H3N2 इनफ्लुएंजा के लक्षण लगभग एक जैसे हैं। इसमें भी मरीज को सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार शरीर और सिर में दर्द होता है। बीते 24 घंटों के दौरान हिमाचल में कोरोना के 73 नए मामले पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 285 के पास पहुंच गया है। कोरोना की संख्या को बढ़ते देख स्वास्थ्य विभाग और लोगों कि चिंता और भी बढ़ गई है।
सोलन के धर्मपुर में तीन दिवसीय ज़िला स्तरीय माता मनसा देवी मेला 28 से 30 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम कसौली गौरव महाजन ने दी। उन्होंने कहा कि मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने के लिए कलाकारों का चयन ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। कलाकार 25 मार्च को प्रातः 11.00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर में आकर ऑडिशन दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन इच्छुक कलाकारों ने मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम देने के लिए आवेदन किया है, वे उपरोक्त स्थान व समय पर पहुंचकर ऑडिशन में भाग ले सकते हैं।
प्रदेश पुलिस पेंशनर्स की मीटिंग इस माह की 27 तारीख को ऊना में होगी। पुलिस पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन दक्षिणी रेंज मुख्यालय कुनिहार के प्रधान धनिराम तंवर ने प्रेस नोट के माध्यम से प्रदेश के सभी पुलिस पेंशनर से आग्रह किया है है कि वे 27 मार्च को सुबह 11 बजे ऊना जिले की आईआरबी बटालियन मुख्यालय बनगढ़ में ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित हों। इस बैठक में एसोसिएशन की मांगों पर विचार-विमर्श कर अगली रणनीति बनाई जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है, उस पर भी चर्चा कर सबकी सहमति से आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में बदलते मौसम से लोग परेशान हो चुके है। हाल ही में बीते दिन लगातार बारिश और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों को बहुत दिक्क्तों का सामना करना पड़ा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस दोबारा सक्रिय हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आज भारी बारिश होने का ऑरेंज अलर्ट दिया है। यह अलर्ट चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिला में जारी किया गया है। इन 5 जिलों के कुछ स्थानों पर आज भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के कम ऊंचे और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में आज आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान अधिक ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। ओलावृष्टि से किसानों-बागवानों की फसलों को भी नुकसान हो सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने बागवानों को एंटी हेल नेट यूज करने की एडवाइजरी भी जारी की है। इसके चलते ओलावृष्टि के पूर्वानुमान ने किसानों-बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 4 दिन तक मौसम खराब रहेगा। बता दें आज और कल ज्यादातर स्थानों पर बारिश हो सकती है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी नई पहल व सोच के साथ ऊना-होशियारपुर रोड पर घालूवाल चौक पर 45 टन का सेना का शौर्य टैंक स्थापित करवाया है। यह टैंक स्थापित होने से यहां आकर्षण का केंद्र बढ़ा है। आसपास के लोग विशेष रूप से नौजवान यहां फोटो खिंचवाने आ रहे हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयास से स्थापित हुए इस सेना के शौर्य को काफी पसंद किया जा रहा है। खास बात यह है कि उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री क्षेत्र के दौरे पर पहुंची। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तो वह विशेष रूप से घालूवाल चौक पर पहुंची और टैंक के साथ फोटो खिंचवाई, लोगों के साथ मिली, लोगों के साथ भी टैंक के साथ खड़े होकर फोटो खिंचवाई। आस्था अग्निहोत्री ने कहा 'मैं खुश हूं कि सेना का शौर्य जिसको लेकर हमारे मन में बहुत सम्मान है, उसे मुख्य चौक पर स्थापित किया गया है।' उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से पिता द्वारा किया गया यह प्रयास सराहनीय है और प्रशासन व विभाग सबने इसमें बेहतरीन काम किया है। सबको साधुवाद है। सेना जिसने यह टैंक उपलब्ध करवाया है उसका भी आभार है। उन्होंने कहा कि हमारा एक ही लक्ष्य है कि हरोली आगे बढ़े।
हमीरपुर के भगेटू गांव के 100 प्रतिशत दिव्यांग राजन ने गांधी चौक पर आयोजित रक्तदान शिविर में चौथी बार रक्तदान किया। हिम अंचल एजुकेशन एवं वेलफेयर सोसाइटी के द्वारा भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर गांधी चौक हमीरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। राजन हिमाचल प्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के संयोजक भी हैँ। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने के बाद उन्हें एक बहुत ही अनोखी संतुष्टि का अनुभव होता है और उन्हें बहुत गर्व भी महसूस होता है।
दौलतपुर अस्पताल परिसर में बने सुलभ शौचालय में गंदगी का आलम है। इस कारण मरीज, उनके तमीदार व स्थानीय लोग परेशान हैँ। हालत यह हैं कि यहां खड़ा होना तक कठिन है। यदि यूं ही शौचालय में गंदगी पसरी रही तो किसी बीमारी के फैलने से इनकार नहीं किया जा सकता। बता दें कि चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट ने सुलभ इंटरनेशनल की मदद से करीब 16 लाख खर्च कर दौलतपुर में अस्पताल इस सुलभ शौचालय का निर्माण किया गया था। लेकिन बिना देखभाल से इनकी स्थिति बहुत खराब हो चुकी है। वही, दौलतपुर चौक व्यापार मंडल प्रधान राजीव राजू ,पूर्व नगर पंचायत प्रधान प्रदीप शर्मा,बलवीर ठाकुर, प्रमोद कुमार, भूपिंदर शर्मा,नरिंदर कुमार ने प्रशासन से मांग की है अस्पताल परिसर में बने सुलभ शौचालय कि साफ -सफाई के लिए नियमित कमर्चारी रखा जाए।
माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का भारी जन सैलाब देखने को मिला। श्रद्धालुओं के लिए सुबह से ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए, उसी समय से श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई। मंदिर अधिकारी ने बताया कि पहले नवरात्र के चढ़ावे की गणना के अनुसार 2 लाख 13 हज़ार 169 रूपये का चढ़ावा श्रद्धालुओं द्वारा मां के चरणाें में अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के द्वारा भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि दूसरे नवरात्र को माता श्री बज्रेश्वरी देवी में लगभग 7000 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
हिमालयन सेवियर संस्था द्वारा शहीदी दिवस पर नगर परिषद मैदान कांगड़ा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ प्रदेश ब्राह्मण कल्याण के प्रदेशाध्यक्ष व व्यापार मंडल के प्रधान पंडित वेद प्रकाश शर्मा ने दीप प्रज्जवलित करके किया। इस माैके पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष नरेंद्र त्रेहन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस शिविर में 207 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि वेद प्रकाश शर्मा ने संस्था द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान हैं, जब भी किसी जरूरत मंद को रक्त की जरुरत होती है, तो संस्था उन्हे रक्त उपलब्ध करवाती हैं, जो कि बहुत ही अच्छा कार्य हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को भी ऐसी सस्था की मदद करनी चाहिए, जो कि मानवता की सेवा मे कार्य करती है। संस्था के अध्यक्ष हरीश ने बताया कि हिमालय सेवियर संस्था पिछले कई वर्षों से शहीदी दिवस पर रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहा है, जिनमें हजारों लोग रक्तदान कर चुके हैं।
प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में चल रहे चैत्र नवरात्रों के दूसरे दिन भक्तों के आने में सिलसिला जारी है। इस मौके पर मंदिर अधिकारी विचित्र सिंह ने बताया कि मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले नवरात्र के दिन भक्तों ने मां के खजाने में 7 लाख 59 हजार 202 रुपये नकद व 600 ग्राम चांदी अर्पण की। उन्होंने कहा कि मां के लंगर में भक्तों को शुद्ध भोजन परोसा जा रहा है। वहीं पीने के पानी की व्यवस्था की गई है, साथ ही सुरक्षाकर्मी भी मुस्तेदी से कार्य कर रहे हैं।
राजकीय उच्च विद्यालय कराड़ाघाट में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग व वन विभाग के सौजन्य से लघु नाटिका के माध्यम से वनों के संरक्षण का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम में वनों के संरक्षण हेतु व लेंटाना घास को समाप्त करने के लिए किस प्रकार से हम कदम उठा सकते हैं और किस प्रकार से वनों को आग से बचा सकते हैं, इस बारे में विस्तृत जानकारी गीत संगीत के द्वारा दी गई। कार्यक्रम में सभी ने संकल्प लिया कि वे आगामी गर्मी के दिनों में वनों की आग से रक्षा करेंगे तथा लेंटाना घास को हटाने के लिए जो भी उपयोग कदम में होंगे उन्हें उठाएंगे। कार्यक्रम में वन विभाग दाड़लाघाट क़े वन परिक्षेत्र अधिकारी हीरालाल, वन खंड अधिकारी किशोरी लाल, विद्यालय के मुख्याध्यापक हरीश गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी, समस्त अध्यापक, बच्चे व समस्त गांववासियों ने भाग लिया।
अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा दसेरन में जल यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी तारा शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि पंचायत प्रधान मीना देवी व उपप्रधान पृथ्वी सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंचायत दसेरन व धुन्दन के विभिन्न गांव से स्वंय सहायता समूहों के सदस्यों ने भाग लिया। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी ने बताया की अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा जल संकल्प माह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गांवों में इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करके लोगो को जल महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों द्वारा प्राकृतिक स्त्रोतों की साफ सफाई,गंदे पानी से होने वाले रोगों,जल संरक्षण एवं भूमिगत जलस्तर को बढ़ावा देने के लिए लोगों को जागरूक किया। भूपेंद्र गांधी ने बताया की पानी के प्राकृतिक स्त्रोत हमारी धरोहर है जिसको की हमें संजो कर रखना है साथ ही यह लोगो की जिम्मेवारी है कि इन स्त्रोतो की साफ सफाई व रखरखाव स्वयं करें। मुख्यातिथि खंड विकास अधिकारी तारा शर्मा ने कहा की अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन का जल संरक्षण प्रति यह एक सराहनीय कार्य हैं। उन्होंने कहा की फाउंडेशन द्वारा बनाए गए स्वंय सहायता समूहो के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश घर घर तक पहुंच रहा हैं जो की बहुत ही अच्छा कार्य है। इस अवसर पर पंचायत के प्रतिनिधि,ग्राम जलागम समिति के सदस्य एवं अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यकर्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
छिंज मेला कमेटी चफड़ सोहड़ा में मेले का आगाज होने वाला है। यह मेला 30 से 31 मार्च को होगा। आज मेला कमेटी के सदस्य कुलभाष चौधरी की अगुवाई में प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मनीष शर्मा से मिले और उन्हें मेले के लिए निमंत्रण दिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेला बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले में दूरदराज से पहलवान कुशतियों के लिए भाग ले सकते हैं। इस अवसर पर मुनीष शर्मा ने मेला कमेटी को 21 हजार की सहायता राशि दी। इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्य राज किशन, सुजान सिंह, महेंद्र बाहडी, सुदर्शन सैनी व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा की अध्यक्षता में आज कौशल विकास निगम की संकल्प कौशल अभिविन्यास कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के युवकों तथा युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेंबर सेक्रेटरी ऑफ डीआईसी रचित शर्मा ने क्षेत्र के युवकों तथा युवतियों को प्रदेश सरकार द्वारा कौशल विकास निगम के माध्यम चलाए गए विभिन्न कोर्सों तथा योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार प्रदान करने के उद्देश्य से कई सरकारी संस्थानों के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्रदान करवाया जा रहा है, जिससे कि युवा अपना खुद का करोबार कर सके तथा निजी क्षेत्र में भी रोज़गार प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम द्वारा वेबसाइट www.hpkvn.in तथा हेल्पलाइन नंबर 01772623383 जारी किया गया है, जिसके माध्यम से कोई भी इच्छुक व्यक्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकता है। बैठक के दौरान हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के फील्ड सरवियर नीरज शर्मा, पुष्पा शर्मा मेम्बर हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम, महात्मा गांधी नेशनल फेलो सुनील बरयान, केयर एनजीओ दयाराम चौहान, प्रोग्राम मैनेजर आकांक्षा, एमसी चैयरमैन निर्मल कौर, वाईस चेयरमैन ओ पी कटारिया, ई ओ अजमेर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
क्षत्रिय कॉलेज इंदौरा में विश्व टीबी माह अभियान के तहत एक व्याख्यान का अयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. संदीप बीएमओ इंदौरा, डॉ. वरुण व डॉ. मोनिका शर्मा टीबी विशेषज्ञ मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन्होंने अपने व्याख्यान में विद्यार्थियों के साथ टीबी क्या है, इसकी मूलभूत जानकारी, इससे निपटने में सामने आने वाली चुनौतियों, इसकी गंभीरता, इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में बताया। बताया कि भारत में टीबी का मुख्य कारण कुपोषण है व अफ्रीका जैसे देशों में टीबी का मुख्य कारण HIV है। इसके पश्चात गुंजन संस्था के मुख्य कार्यक्रम अधिकारी गायत्री तरेहन ने भी व्यक्तित्व विकास को लेकर अपने महत्वपूर्ण विचार विद्यार्थियों के साथ सांझा किए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य गायत्री तरेहन ने मुख्याथिति को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस महत्वपूर्ण जानकारी से लाभ उठाने व इस जानकारी को अपने परिवार/समाज के साथ सांझा करने का आह्वान किया।
आईटीआई बंदला में आज जिला स्तरीय वर्ल्ड किडनी डे मनाया गया। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को किडनी के रोगों से बचाव और होने वाली बीमारियों के बारे में जागरूक करना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तरुण सूद ने बताया कि किडनी हमारे शरीर का बहुत महत्वपूर्ण अंग है। इसीलिए हमें अपने किडनी के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अनियमित जीवन शैली तथा अस्वस्थ कारी खानपान खान-पान के कारण आजकल शुगर, बीपी आदि की बीमारियां से गुर्दे की मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बिना डॉक्टर की सलाह के हम स्वयं ही दवाइयों का प्रयोग कर रही हैं जो भी गुर्दे के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। इससे धीरे-धीरे हमारे गुर्दे खराब होना शुरू हो जाते हैं तथा आगे चलकर यह गंभीर बीमारी का रूप ले लेते हैं। इसीलिए हमेशा डॉक्टर की सलाह के बिना कोई भी दवाई नहीं खानी चाहिए हमें अपनी दिनचर्या नियमित रखनी र चाहिए।हमें गुर्दे के रोगों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। किसी भी प्रकार का असामान्य लक्षण होने पर जल्दी डॉक्टर के पास जाकर उनके दिशा निर्देशों के अनुसार टेस्ट आदि करवाने चाहिए, ताकि समय रहते किसी भी प्रकार के रोग का निदान तथा उपचार हो सके। किडनी के बीमारी के प्रारंभिक लक्षण बार-बार पेशाब आना, घुटनों और टखनों में सूजन होना, खाना खाने का मन ना करना, कमर या पेट में दर्द होना, पेशाब के रंग में बदलाव होना इसके साथ-साथ कमजोरी थकान आदि हो सकते हैं। इस मौके पर बच्चों द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को इनाम वितरित किए गए कार्यक्रम में आईटीआई बंदला के प्रिंसिपल तथा अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहा


















































