चौपाल छात्र कल्याण संघ की बैठक संजौली में संपन्न हुई। बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग करके नई कार्यकारिणी का का गठन किया गया। बैठक में तपिंदर शर्मा, चौपाल छात्र कल्याण संघ के पूर्व चेयरमैन शंकर पंडित, डीके ठाकुर, रोहित शर्मा व वर्तमान चेयरमैन अंकुश शर्मा उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी में अंजलि शर्मा को अध्यक्ष, शुभम को उपाध्यक्ष, साया ठाकुर को सचिव, अदिति शर्मा, तनुजा व वंदना शर्मा को सह सचिव व सुहानी पारसमणि को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस बैठक में युवाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच बीते कल से प्रदेश में बारिश और बर्फबारी हो रही है।वही रोहतांग, शिकारी देवी, भरमौर, कुफरी, नारकंडा समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल झमाझम बरस रहे है, कई जगह ओलावृष्टि भी हुई है।हालही में हुई बारिश-बर्फबारी से प्रदेश में ठंड भी बढ़ गई है। जलोड़ी जोत में बर्फबारी से आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे 305 ठप हो गया है।बीते कल भारी बर्फ होने के कारण उदयपुर-पांगी मार्ग बहाल होने के चार घंटे के बाद हिमस्खलन होने से दोबारा बंद हो गया है। हिमस्खलन की घटना से पांगी के लोगों को संपर्क लाहौल के साथ कुल्लू-मनाली से कट गया है। बारिश से बागवानों और किसानों को अब नुकसान का डर सता रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कई भागों में 24 मार्च तक मौसम खराब रहने के आसार जताए हैं। 23 व 24 मार्च को कई क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 21 व 22 मार्च को भी मध्य व उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
श्री गुरु रविदास महासभा देहरा द्वारा भीम राव अंबेडकर जयंती मनाने को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन महासभा देहरा ब्लॉक अध्यक्ष नवल किशोर की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक मैं सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि भीम राव अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल को देहरा के कल्लर पंचायत के गांव खरीनु में गुरु रविदास गुरुद्वारा साहिब में धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। बैठक में ओंकार सिंह, सतविंदर सिंह, बीरबल शवीन, सचिन, राकेश, अशोक, हरवंश, अविनाश व अन्य ने भाग लिया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि उपरोक्त दिनांक को बाबा साहेब की जयंती पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
जोगिंदर नगर उपमंडल की मसौली पंचायत के छतर गांव में मंगलवार सुबह 3 बजे शरारती तत्वों ने एक बाइक को आग लगा दी। आग की चपेट में आने से साथ खड़ी की गईं दो अन्य कारें भी आंशिक रूप से जल गईं। जानकारी के अनुसार गांव के सुरेश कुमार पुत्र कालू राम की बाइक को किसी ने आग लगा दी। आग की चपेट में सुरेश कुमार की एक गाड़ी एवं संजय कुमार की गाड़ी भी आ गई, दोनों कारें आंशिक रूप से जल गईं। घटना की पुष्टि करते हुए जोगिंदर नगर थाना प्रभारी प्रितम जरियाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, पंचायत प्रधान अंजना शर्मा ने घटना पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए पुलिस से ऐसे शरारती तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ कर उन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
सेपक टाकरा जिला कांगडा संघ द्वारा सेपक टाकरा प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 24 मार्च को अंद्रेटा के न्यूगल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंद्रेटा में किया जाएगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के भिन्न-भिन्न जिला से प्रतिभागी भाग लेंगे। इस खेल में भाग लेने वाले प्रतिभागी 21 मार्च तक आवेदन कर सकते है। गौर हो कि इस बात की जानकारी सेपक टाकरा संघ के जिला प्रधान लक्की साहिब पुरी ने दी।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में रेड रिबन क्लब द्वारा क्षय मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का संचालन किया गया। इसके अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इसमें महाविद्यालय छात्रों ने बढ़-चढ़ भाग लिया और पोस्टर बना कर लोगों जागरुक किया गया। कार्यक्रम के प्राचार्य प्रदीप कोण्डल ने छात्रों को रोग के प्रति जागरुक किया। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति क्षय रोग के लक्ष्ण दिखे, तुरंत डॉक्टर सलाह से प्राचार्य निक्षय पोषण योजना के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो खुशी भगत द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम नविता विजय, प्रो खुशीराम मंगल, रणजीत सिंह, मुकेश, दीप शामिल हुए।
हिमाचल प्रदेश शिमला के संजौली में बहुमंजिला बिल्डिंग में आग लगी। संजौली में एक बिल्डिंग में लगी आग को देख कर लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को कॉल की। मालरोड और छोटा शिमला से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां आग बुझाने पहुंची। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पाया गया। मालरोड स्टेशन फायर ऑफिसर मंसाराम का कहना है कि 2 बजे के आसपास आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत दो गाड़ियां घटना स्थल पर भेजी गईं। छोटा शिमला और मालरोड दोनों फायर स्टेशन से 10 जवान मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चला पाया है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी को कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भले ही आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन जवान अपने सामान के साथ अभी भी वहीं हैं। बिल्डिंग का पूरा निरीक्षण किया जा रहा है। खतरा पूरी तरह से अभी टला नहीं है। टीम के पहुंचते ही बिजली सप्लाई को तुरंत काट दिया गया था, ताकि जल्द से जल्द आग पर काबू पाया जा सके। उन्होंने कहा कि मौके पर जानकारी मिलने से बड़ा खतरा टल गया।
कुनिहार की प्रशिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा में गुफा विकास समिति द्वारा क्षेत्र वासियो के लिए विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया। इसमें सैंकड़ो लोगो ने खीर, मालपुआ व अन्य लजीज व्यंजनों का आनन्द लिया। समिति अध्यक्ष राम रत्न तनवर ने बताया कि आज गुफा में रविवार से चल रहे दो दिवसीय रामचरितमानस कथा पाठ को हवन व पूर्णाहुति के साथ विराम दिया गया। उन्होंने कहा कि समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से क्षेत्रवासियों के लिए भण्डारे का आयोजन किया गया। सैंकड़ो शिव भक्तों ने भंडारा ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, सचिव जोगिंदर कंवर, आचार्य हेमंत शर्मा, गुमान कंवर, मनु भारद्वाज, जयपाल, कार्तिक, देव, सोनू, दलीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
राज्य स्तरीय 'विश्व जल दिवस' कार्यक्रम 22 मार्च को पीटरहॉफ में आयोजित किया जाएगा। जल शक्ति विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विश्व जल दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आगामी 22 मार्च को होटल पीटरहॉफ में आयोजित किया जायेगा, जिसमे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू बतौर मुख्य अतिथि शिरक़त करेंगे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, जल शक्ति विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में जल संरक्षण पर विचार विमर्श एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुतियां होंगी।उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व जल दिवस की विषय वस्तु एक्सलरेटिंग चेंज (परिवर्तन में तेजी) है, जिसका उद्देश्य जल और स्वच्छता संकट को हल करने के लिए परिवर्तन में तेजी लाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1993 से हर वर्ष 22 मार्च को विश्व जल दिवस आयोजित किया जा रहा है, जो जल के महत्व के प्रति लोगो को जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य-6 में वर्ष 2030 तक सभी के लिए पानी एवं स्वच्छता के लक्ष्य का निर्धारण किया गया है।
उपमंडल देहरा के अंतर्गत पड़ते बनखंडी की निवासी जो कि पेशे से एयरहोस्टेस थी, उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में बेंगलुरु में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। सूत्रों की माने तो उक्त लड़की का दोस्त गिरफ्तार किया गया है। बरहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
पुलिस थाना देहरा के अन्तर्गत शिवनाथ में बाइक स्कूटी की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। बताते चलें कि मानगढ़ निवासी 24 वर्षीय डिम्पल भारद्वाज सुपुत्र स्वर्गीय जगदीप सिंह की इस दुर्घटना में मौत हो गयी है। हादसा रविवार देर सायें का बताया जा रहा है। बताते चलें कि युवक के पिता का भी कुछ साल पूर्व देहांत हुआ था और डिम्पल अपने घर का सबसे जवान बच्चा था। इसकी दो बड़ी बहने और एक बड़ा भाई भी है। वहीं स्थानीय वार्ड सदस्य निखिल भारद्वाज ने बताया कि डिम्पल भारद्वाज भारतीय सेना में कार्यरत था। वह घर छुट्टी पर आया हुआ था। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी देहरा सन्दीप पठानिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाई शुरू कर दी है।
सोमवार को जिला स्तरीय वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से सिविल हॉस्पिटल बैजनाथ में मनाया गया। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को ओरल हेल्थ तथा ओरल हेल्थ की कमी से होने वाली बीमारियों के बारे में जागरूक करना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ तरुण सूद ने बताया कि हमारा मुंह हमारे शरीर का आईना है। यह हमारे पूरे शरीर के स्वास्थ्य को दर्शाता है अत: अपने मुंह की स्वच्छता के ऊपर हमें विशेष ध्यान देना चाहिए। हमें मुंह से संबंधित अच्छी आदतों को अपनाना चाहिए तथा अपने दांतों का रेगुलर चेकअप करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुबह उठने के बाद तथा रात को सोने से पहले दो बार ब्रश करना अति आवश्यक है, क्योंकि अगर मुंह को अच्छे से साफ नहीं रखेंगे तो खाना हमारे दांतों में फंसा रहेगा, जिससे हमारे मुंह में संक्रमण होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षक महाकाल बीरबल वर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन के कार्यालय में 27 को प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक कला, नान मेडिकल तथा मेडिकल के पदों को अध्यापक पात्रता परीक्षा में उत्र्तीण अभ्यार्थियों में से बैच वाईज़ अनुबंध आधार पर भरने के लिए काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। यह जानकारी उप निदेशक शिक्षा प्रारम्भिक सोलन ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक कला के कुल 7, नॉन मेडिकल वर्ग के कुल 39 तथा मेडिकल वर्ग के कुल 6 पद अनुबंध आधार पर पात्रता के अनुसार भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीजीटी अध्यापक कला के अनुसूचित जाति स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 4 पद, अन्य पिछड़ा श्रेणी वर्ग के 2 पद तथा अनुसूचित जनजाति श्रेणी के 1 पद के लिए, टी.जी.टी अध्यापक नान मेडिकल के अनारक्षित श्रेणी में 13 पद, आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के 4 पद, अनुसूचित जाति वर्ग के 06 पद, अनुसूचित जाति बी.पी.एल श्रेणी का 1, अनुसूचित जाति स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 3 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के 6 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग बी.पी.एल श्रेणी का 1 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के 2 पद, अनुसूचित जनजाति के 2 पद तथा अनुसूचित जनजाति बी.पी.एल श्रेणी का 1 पद भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि टी.जी.टी मेडिकल के लिए अनुसूचित जाति स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 3 पद, अनुसूचित जनजाति के 2 पद तथा अन्य पिछड़ा वर्ग स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 1 पद भरा जाएगा। इन सभी पदों के लिए काउंसलिंग 27 मार्च को उप निदेशक शिक्षा प्रारम्भिक सोलन के कार्यालय में होगी। उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा ने कहा कि इन सभी पदों की काउंसलिंग के लिए रोज़गार कार्यालय द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र के आधार पर कांउसलिंग पात्र उम्मीदवारों को प्रेषित कर दिए गए हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के सोलन कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01792-230440 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में सोमवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इस कार्यक्रम में प्रोफेसर रामपाल चोपड़ा पूर्व प्राचार्य ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती वंदना से किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉक्टर केअत्री ने वार्षिक प्रतिवेदन का मुख्य अतिथि के एस माध्यम से विमोचन करवा कर प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉक्टर केएस अत्री ने मुख्यअतिथि का स्वागत करते हुए कॉलेज में वर्ष 2022-23 की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। प्राचार्य ने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्रवासियों के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास के दृष्टिगत यह संस्था खेलकूद सांस्कृतिक एवं अन्य पाठ्यचार्य आत्मक गतिविधियों में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करती है।उन्होंने कहा कि अल्पकाल में महाविद्यालय समस्त आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ विज्ञान कक्षा में लैब सुविधा भी उपलब्ध करवा दी है। वहीं कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा बीए, बीकॉम, बीएससी में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में डॉक्टर नीरज शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों का इस समारोह में पधारने का धन्यवाद किया। इस अवसर पर समस्त पीटीए के अतिरिक्त शिक्षा जगत के विद्वानों का भी आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रोफेसर अमरीश घई, डॉ भगवान दास, प्रो सुरेश कुमार, डॉ प्रीति वाला, डॉ अश्विनी ,डॉ सुनील, प्रो अमन, प्रो लेखराज ,प्रो सतपाल, लाइब्रेरियन सविता ,जनक राज, मनीष ओंकार एवं योगेश्वर इत्यादि उपस्थित रहे।
पट्टाबरावरी पंचायत के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर परिसर में नवरात्रों के पर्व पर 24 मार्च से 31मार्च 2023 तक आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन दुर्गा माता मंदिर कमेटी द्वारा किया जाएगा। यह निर्णय कमेटी द्वारा आयोजित बैठक में लिया गया। कमेटी अध्यक्ष राम कौशल ने जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया की कथावाचक प्रसिद्ध आचार्य हितेंद्र शर्मा शास्त्री पठिया श्रीमद् भागवत कथा की दिव्य गाथाओं का गुणगान करेंगे। उन्होंने बताया कि 24 मार्च शुक्रवार को दोपहर 1 बजे कलश यात्रा के साथ पुराण व आचार्य का स्वागत किया जाएगा। कलश स्थापना के बाद सांय 4 बजे से 6 बजे तक कथा प्रवचन होगा। 25 मार्च शनिवार से 30 मार्च तक कथा प्रवचन का समय दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। कथा के पश्चात प्रतिदिन प्रसाद व भंडारे का समय सांय 4 से 6 बजे तक रहेगा। इसी तरह 31मार्च को सुबह 10:30 बजे हवन व पूर्णाहुति का कार्यक्रम होगा तथा 11 से 1 बजे तक कथा प्रवचन होगा व कथा विराम के बाद क्षेत्रवासियों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि कमेटी में लगभग 60 सदस्य है जो कार्यक्रम को सफल बनाने में लग गए हैं। बैठक में कमेटी के उपाध्यक्ष सुखराम, मुख्य सलाहकार डीडी कश्यप , महासचिव मदन शर्मा ,हंसराज शर्मा कोषाध्यक्ष भूपेंद्र कश्यप, जगदीश शर्मा, अमरचंद कौंडल ,नरेश ठाकुर, जगदीश, सोहनलाल शर्मा, रामचंद्र शर्मा ,ओम प्रकाश, किशन दास शर्मा, गोपाल दास शर्मा ,मोहित शर्मा आदि सदस्य मौजूद रहे।
पंचरुखी: बाल विकास परियोजना पंचरुखी के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं के रिक्त पद हेतु साक्षात्कार दिनांक-23.03.2023 के लिए निश्चित किए गए थे वह प्रशासनिक कारणों के चलते तथा आगामी तिथि निर्धारित होने तक स्थगित कर दिए गए है।अधिक जानकारी हेतु किसी भी कार्य दिवस पर आप बाल विकास परियोजना अधिकारी पंचरुखी कार्यालय में सम्पर्क कर सकते है। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी ने पत्रकारों को प्रेस नोट के माध्यम से जानकारी दी।
पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के एमएससी फोरेंसिक साइंस के 30 छात्रों ने क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला धर्मशाला का दौरा किया। इस दौरे में उन्होंने प्रयोगशाला के विभिन्न प्रभागों की प्रयोगशाला की कार्यप्रणाली देखी। उन्होंने रसायन विष विज्ञान, जीव विज्ञान और सीरोलॉजी, डीएनए, साइबर, और दस्तावेज़ और फोटोग्राफी का दौरा किया। प्रयोगशाला की उपनिदेशक डॉ. मीनाक्षी महाजन ने कहा कि इस प्रकार की लैब विजिट फॉरेंसिक साइंस के छात्रों की बुनियादी आवश्यकता है।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत गांव हरोट के संजय जसरोटिया की बेटी तानिया जसरोटिया ने राष्ट्रीय पुरस्कार जीत कर प्रदेश का नाम ऊंचा किया है। तानिया नौणी यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई कर रही है। बंगलोर हुए 21 वीं ऑल इंडिया एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी यूथ फेस्टिवल में तनिया ने क्ले मॉडलिंग में दूसरा और पेंटिंग कंपीटीशन में तीसरा पुरस्कार हासिल किया है। इससे पहले भी तानिया कई पेंटिंग बना चुकी है और कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। तानिया ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उनकी तस्वीर बनाकर भेंट भी की है। तनिया के राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने से घर में खुशी का मौहोल है। तानिया की इस उपलब्धि पर माता-पिता के साथ स्थानीय लोगों ने भी ख़ुशी जाहिर की है।
सनातन धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व होता है, चैत्र माह और शारदीय नवरात्रि को प्रमुख माना जाता है। चैत्र नवरात्रि का प्रारंभ चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होता है, इस वर्ष चैत्र नवरात्रि बुधवार 22 मार्च 2023 से प्रारंभ हो रहे हैं। जिसका समापन 30 मार्च गुरुवार में होगा। जाने माने अंक ज्योतिषी एवं वशिष्ठ ज्योतिष सदन के अध्यक्ष पंडित शशिपाल डोगरा बताते हैं कि इस वर्ष मां दुर्गा जी का आगमन नौका पर होगा। शास्त्रों में मां के इस रूप को भक्तों की समस्त इच्छाएं पूर्ण करने वाला माना जाता है। पंडित डोगरा ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पहले दिन कई शुभ योग बन रहे हैं। इस समय में घटस्थापना आपके लिए बहुत ही लाभदायक और उन्नतिकारक सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्रि प्रतिपदा तिथि से ही नया हिंदू वर्ष प्रारंभ हो जाता है, चैत्र नवरात्रि में अबकी बार पूरे नौ दिनों की नवरात्रि होगी, नवरात्रि के दौरान तीन सर्वार्थ सिद्धि योग 23 मार्च, 27 मार्च, 30 मार्च को लगेगा। जबकि अमृत सिद्धि योग 27 और 30 मार्च को लगेगा। रवि योग 24 मार्च, 26 मार्च और 29 मार्च को लगेगा और नवरात्रि के अंतिम दिन रामनवमी के दिन गुरु पुष्य योग भी रहेगा। सनातन धर्म में नवरात्रि का विशेष महत्व होता है, चैत्र माह और शारदीय नवरात्रि को प्रमुख माना जाता है। नवरात्रि के दौरान तीन सर्वार्थ सिद्धि योग 23 मार्च, 27 मार्च, 30 मार्च को लगेगा। चैत्र नवरात्र का आरंभ अबकी बार बुधवार को हो रहा है इसी दिन से हिंदू नववर्ष भी आरंभ भी हो जाएगा चैत्र नवरात्रि 22 मार्च से शुरू होने जा रही है। इसी दिन से अनल तदुपरांत पिंगल नामक संवत भी शुरू होगा। इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पर माता का वाहन नाव होगा जो इस बात का संकेत है इस वर्ष खूब वर्षा होगी। अश्विन और चैत्र मास की नवरात्रि सबसे ज्यादा प्रचलित है। कहा जाता है कि सतयुग में सबसे ज्यादा प्रसिद्ध और प्रचलित चैत्र नवरात्रि थी, इसी दिन से युग का आरंभ भी माना जाता है। इसलिए संवत का आरंभ चैत्र नवरात्रि से ही होता है। घटस्थापना शुभ मुहूर्त घटस्थापना का शुभ मुहूर्त 22 मार्च को सुबह 6:29 बजे से शुरू होकर सुबह 7:40 बजे तक रहेगा। इन मुहूर्तों में ही नवरात्रि पूजा का आरंभ किया जा सकेगा। साथ ही यदि किसी विशेष अनुष्ठान को करना है तो उसके लिए भी यही सही समय रहेगा। अंक ज्योतिष के अनुसार नव संवत्सर अंक ज्योतिषी पंडित शशिपाल डोगरा ने बताया कि 22 मार्च (बुधवार) को नव संवत 2080 की शुरुआत होने जा रही है। इसका राजा बुध व मंत्री शुक्र होगा। बुध युवाओं व वाणी का कारक है और शुक्र स्त्री व विलासिता का कारक है। अंक ज्योतिष के हिसाब से संवत 2080 = 2 + 0 + 8 + 0 = 10 = 1 + 0 = 1 अंक सूर्य का अंक है। सूर्य यश व सत्ता का कारक है। 22 मार्च 2+2=4 अंक जो राहु का अंक है। राहु एक ऐसा ग्रह है जो भ्रमित करता है। राहु जो श्मशान योग बनाता है। राहु जो सत्ता में अचानक ही बदलाव ले आता है। 2023 जिसका 2 + 0 + 2 + 3 = 7 अंक केतु का बनता है। केतु बिना सिर का ग्रह है जो बिना दिशा का है। ये वर्ष राहु व केतु की चपेट में रहेगा। युवाओं को संकट का सामना करना पड़ेगा। युवाओं को खोने का भय इस वर्ष में बहुत रहेगी। विश्व में युद्ध व अशांति का माहौल बनेगा। भारत वर्ष विश्व में आगे बढ़ेगा व अपना नाम ऊंचा करेगा। साहित्य की आड़ में छिपे विरोधी होंगे उजागर पंडित डोगरा ने बताया कि संवत 2080 में वर्षा अच्छी होने की संभावना है। राजा बुध होने से उस वर्ष देश में ठगी छल कपट करने वाले लोगों का बोलबाला व प्रभाव अधिक रहेगा। देश में कुछ सफेदपोश अपराधियों का भंडाफोड़ होगा। इस संवत में गीतकार, संगीतकार, अभिनेता, लेखकों की गैर कानूनी एवं देश विरोधी गतिविधियां उजागर और दृष्टिगोचर होगी। शासक वर्ग द्वारा किसी विशेष वर्ग को प्रसन्न करने के लिए लोकप्रिय एवं लोकलुभावन घोषणाएं भी की जाएगी, व्यापारियों को विशेष सुविधाएं दी जाएगी। परंतु उनका विशेष लाभ नहीं मिल पाएगा। संतों एवं महंतों का वर्चस्व बढ़ेगा, प्रतिष्ठित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी। जिसके कारण उन्हें जेल का योग बन रहा है। कुछ प्रांतों में शासन परिवर्तन, विग्रह एवं राजनीतिक उथल-पुथल, राजनीतिक अस्थिरता बनेगी। प्रजा में रोग व आर्थिक परेशानियां बढ़ेंगी। संवत का मंत्री शुक्र होने के कारण भूस्खलन व प्राकृतिक प्रकोप से कृषि धन आदि की हानि होगी। शुक्र के कारण वात-पित, शुगर एवं यौन रोगों का प्रकोप बढ़ेगा। ऐश्वर्या एवं सौंदर्य प्रसाधनों तथा भडक़ाऊ फैशन पर अधिक खर्च करेंगे। इस संवत में 3 सूर्य ग्रहण व 1 चंद्र ग्रहण लगेगा। जिसके कारण विश्व में बड़ी उथल पुथल के योग बन रहे है। युद्ध की तरफ विश्व जा सकता है।
सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में 14 करोड़ रुपये की लागत से पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी गत सांय मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत कयारड़ में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी। इससे पूर्व, उन्होंने ग्राम पंचायत कयारड़ में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 205 पर 2.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित नलाग से गांव गानणा तक निर्मित सम्पर्क मार्ग का लोकार्पण किया। संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या समाप्त करने के लिए शीघ्र ही ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग में योजना का संवर्द्धन किया जाएगा। इस संवर्द्धन कार्य पर 4.50 करोड़ रुपये व्यय होंगे। ग्राम पंचायत कयारड़ व दसेरन को इस योजना के साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग विद्यालय स्थापित करने पर 20 करोड़ व्यय किए जाएंगे। यहां बच्चों को उनके घर के समीप बेहतर शिक्षा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को गुणवतायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने राजकीय महाविद्यालय अर्की में इस शैक्षणिक सत्र से अंग्रेजी तथा इतिहास की स्नातकोत्तर कक्षाएं आरम्भ करने का निर्णय लिया है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि दाड़लाघाट में स्थापित किए जाने वाले पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट प्रशिक्षण संस्थान के लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 4.50 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह हिमाचल का प्रथम संस्थान होगा। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लिए व्यवस्था परिवर्तन का आश्य जन-जन के सुख एवं प्रदेश के संपूर्ण विकास से है। मुख्यमंत्री ने अपने पहले ही बजट में न केवल समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा है अपितु चुनाव पूर्व लोगों से किए गए वायदे के अनुरूप 10 गारंटीयों को पूरा करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए है। कांग्रेस द्वारा दी गई गारंटी के अनुरूप बजट में प्रावधान किया गया है कि 18 वर्ष से 59 वर्ष आयुवर्ग की 02 लाख 31 हजार महिलाओं को प्रथम चरण में 1500 रुपये प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा के रूप में प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के वासियों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री ने न केवल अंबुजा सिमेंट कम्पनी विवाद को सुलझाया अपितु पहली बार कम्पनी प्रबंधन के साथ ट्रकों के माल-भाड़े के किराए को लेकर समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया गया। इससे ट्रक ऑपरेटरों के साथ-साथ स्थानीय जनता के हित भी सुरक्षित रहेंगे। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर स्थानीय ग्राम पंचायत की मांग पर विभिन्न विकास कार्यों के लिए 08 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 205 पर नलाग से रत्न लाल के घर तक संपर्क मार्ग के शेष कार्य, सम्पर्क मार्ग गानणा पर पार्किंग स्थल, गानणा गांव में वर्षा शालिका एवं पार्किंग स्थल, गांव थाच में मोक्ष धाम व गानणा में वर्षा शालिका तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 205 से थाच गांव तक सम्पर्क मार्ग की सोलिंग व मार्ग को पक्का करने के लिए धनराशि स्वीकृत की।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के कसोल में एक कंपनी के कर्मचारी को करंट लगने से उसकी मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में साड़ा के तहत स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य चल रहा है और इस कार्य को SS सोलार प्राइवेट कंपनी कर रही है। इसी दौरान स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे थे और अचानक से मजदूरों और कर्मचारियों के हाथ से यह पोल फिसलकर साथ से गुजर रही बिजली की तारों पर जा गिरा, जिससे कंपनी के एक कर्मचारी को करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के रोहड़ू का रहने वाला विशाल कायथ फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम चमका रहा है। विशन कायथ गोलकीपर है। हिमाचल प्रदेश में राज्य स्तरीय रैंक के विशाल का चयन एआईएफएफ द्वारा अंडर -16 और अंडर -19 राष्ट्रीय टीमों के लिए किया गया था। 2011 में एआईएफएफ एलीट अकादमी में शामिल होने से पहले अंडर -19 राष्ट्रीय लीग खेलने के लिए चुना गया था।2014 में एआईएफएफ एलीट अकादमी में एक साल बिताने के बाद विशाल कैथ शिलॉन्ग लाजोंग में शामिल हो गए और सालगांवकर के खिलाफ अपनी टीमों के 2014-15 इंडियन फेडरेशन कप के दूसरे गेम में उन्होंने आधिकारिक शुरुआत की और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। कैथ ने 28 मार्च 2015 को स्पोर्टिंग गोवा के खिलाफ अपना सीनियर आई-लीग डेब्यू किया, उन्होंने फेडरेशन कप में बेंगलुरु के खिलाफ सुनील छेत्री द्वारा लिए गए पेनल्टी को बचाया। कायथ ने नए सीज़न के प्री-सीज़न में अच्छी प्रगति दिखाई और वह क्लब का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए। विशाल कायथ का चयन थ्री नेशन इंटरनेशनल फुटबाल टूर्नामेंट के लिए 23 सदस्यीय इंडियन स्क्वॉयड में भी हुआ है। इस 23 सदस्यीय स्क्वॉयड का कोलकाता में कोचिंग कैंप शुरू हो गया है। इसमें विशाल की सिलेक्शन एक्स्ट्रा गोलकीपर के तौर पर हुई है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। रोहतांग दर्रा, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक आदि चोटियों ने बर्फ की चादर ओड ली है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली में बीते कल बारिश से ठंड बढ़ गई है। मार्च की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने को विवश कर दिया है। पर्यटक स्थलों में दिनभर पर्यटकों की भीड़ से बाज़ार गुलज़ार रह रहे है। 23 मार्च तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। मनाली में रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मनाली की ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। अटल टनल रोहतांग में बारिश हो रही है।सभी प्रकार के पर्यटक वाहन भी अटल टनल की ओर भेजे गए। वहीं, कुल्लू में दोपहर के बाद हल्की बारिश हुई है। साथ ही राजधानी शिमला में बीते कल बादल झमाझम बरसे। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम मिलाजुला बना रहा। रविवार दोपहर बाद 5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा बिलासपुर, डलहौजी, चंबा, नारकंडा और भुंतर में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में अंधड़ के साथ भारी गर्जन की चेतावनी भी जारी हुई है।
रविवार को भारत विकास परिषद हिमाचल प्रदेश (पश्चिम ) की वार्षिक प्रांतीय परिषद की बैठक पंचरुखी के होटल पीक बाउंड में अध्यक्ष सुशील शर्मा क्षेत्रीय महासचिव उत्तर क्षेत्र-1 की अध्यक्षता में संपन्न हुई। भारत विकास परिषद बैजनाथ पपरोला इकाई के सौजन्य से आयोजित इस एक दिवसीय बैठक में प्रांत की विभिन्न इकाईयों से आए हुए प्रतिनिधियों का बैजनाथ शाखा के अध्यक्ष देशराज ठाकुर, महासचिव प्रीतम भारती, कोषाध्यक्ष डॉक्टर देवेंद्र सूद और अनुज आचार्य ने गर्मजोशी के साथ स्वागत कर उनका एक दूसरे से परिचय करवाया। बैठक में पालमपुर, बैजनाथ, पपरोला, भवारना, कुल्लू, मनाली ,डलहौजी एवं नगरोटा बगवां और देहरा शाखा के दायित्व धारियों ने अपनी अपनी शाखाओं का वार्षिक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रांतीय परिषद् का वार्षिक चुनाव भी संपन्न हुआ जिसमें भारत विकास परिषद् हिमाचल प्रदेश (पश्चिम ) की वार्षिक बैठक में उपस्थित सभी 13 शाखाओं के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पुनः पूर्व अध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष पदाधिकारियों, सर्वश्री अरुण कुमार,वीरेंद्र कौल एवं असीम गुप्ता का निर्विरोध चयन किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में सुशील शर्मा ने नवगठित देहरा शाखा के अस्तित्व में आने के लिए बधाई देते हुए डॉक्टर थुप्तेन नेगी को बधाई दी और भारत विकास परिषद् के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया ताकि भारतीय संस्कृति में निहित ज्ञान, संस्कार और समर्पण भावना जैसे गुणों को आमजन तक पहुंचाया जा सके। गौरतलब है कि भारत विकास परिषद समाज में विभिन्न व्यवसायों एवं कार्यों में लगे श्रेष्ठतम लोगों का एक राष्ट्रीय “अराजनीतिक, निस्वार्थ, समाजसेवी एवं सांस्कृतिक संगठन है जिसकी स्थापना 1963 में दिल्ली में हुई थी। पूरे भारतवर्ष में इसकी 15 सौ से अधिक शाखाएं है। भारत विकास परिषद हिमाचल प्रदेश (पश्चिम) की इस वार्षिक बैठक में क्षेत्रीय पर्यवेक्षक गोपाल शर्मा, क्षेत्रीय सचिव संपर्क मनोज रतन, प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार, प्रांतीय महासचिव वीरेंद्र कौल, वित्त सचिव असीम गुप्ता, प्रांतीय संस्कार प्रमुख अनिल गुरुंग, प्रांतीय संपर्क प्रमुख निहाल चंद ठाकुर, प्रांतीय महिला एवं बाल विकास संयोजिका स्वर्णा वालिया, प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय सोनी, प्रांतीय सह सचिव संजय सूद आदि सहित 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने इस बैठक में भाग लिया।
थाना पुलिस फतेहपुर के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर एचएएस गोविंद सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने एक पॉकलेन मशीन-210 और एक टिपर नंबर पीबी06एन-2340 को रे पट्टन में सरकारी भूमि पर अवैध खनन करते समय कब्जे में लिया। हालाँकि दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए। इस संबंध में खान एवं खनिज अधिनियम, 1957 की धारा 379 आईपीसी एवं धारा 21(1) के तहत थाना फतेहपुर में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।वहीं चौकी प्रभारी भजन जरियाल ने कहा है कि अवैध कारोबार करने वाले लोगों को किसी भी हालत में बक्शा नहीं जाएगा।
ज़िला ऊना के अम्ब उपमंडल के एसडीएम अम्ब विवेक महाजन की बेटी अर्शिया महाजन ने हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाया है।अर्शिया महाजन ने गंगटोक सिक्किम में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन 2023 में भारत की तरफ से मेजबानी करने वाली नीति आयोग दिल्ली में यंग प्रोफेशनल के तौर पर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। एसडीएम अम्ब के पद पर तैनात विवेक महाजन और मीनू महाजन ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर बहुत खुशी जताई रहे हैं।बेटी की इस उपलब्धि पर पिता विवेक महाजन का कहना था कि माता चिंतपुर्णी और बाबा बड़भाग सिंह के आर्शिवाद से ही उनकी बेटी सफलता की बुलंदियों पर है।विवेक महाजन ने बताया कि उन्होंने जो बेटी को शिक्षा व संस्कार दिए हैं उस पर उन्हें गर्व है।अर्शिया महाजन ने पूर्व में भी हैदराबाद में सम्पन्न हुए जी 20 शिखर सम्मेलन को होस्ट किया था।अर्शिया महाजन बी टैक कंप्यूटर साइंस में डिग्री करने के बाद करीब अढ़ाई साल से अटल इनोवेशन मिशन नीति आयोग दिल्ली में यंग प्रोफेशनल के तौर पर सेवारत है और अर्शिया महाजन का पूरे इंडिया में प्रसिद्ध इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस हैदराबाद में चयन हो गया है।
उपमंडल देहरा के गांव मूहल का वनीष धीमान इंडिगो एयरलाइन में कमर्शियल पायलट के पद पर नियुक्त हुआ है। वनीष धीमान ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एलिट इंटरनेशनल कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मूहल से, उसके बाद केवीएन और डीएवी देहरा से प्राप्त की है। वनीष धीमान के पिता निर्मल किशोर सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं और माता निर्मला कुमारी गृहणी हैं। वनीष धीमान ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, संबंधियों और अध्यापकों को दिया है। इस समाचार से समस्त मूहलवासी काफी खुश हैं। वनीष धीमान अब इंडिगो एयरलाइंस में एयरबस ए- 320 विमान को उड़ाएंगे। वनीष धीमान की नियुक्ति के लिए एलिट इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल के प्रधानाचार्य अजीत शर्मा ने वनीष धीमान व उसके माता-पिता को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
छिंज मेला कमेटी अब्दुल्लापुर की बैठक आज प्रधान देशराज चाैधरी की अध्यक्षता में शिव मंदिर अब्दुल्लापुर में संपन्न हुई। प्रधान देशराज चाैधरी ने बताया कि इस वर्ष मेले का आयोजन 25 मार्च को मेला कमेटी व ग्राम पंचायत और ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। उन्हाेंने कहा कि छिंज मेला के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं और इसके लिए आज विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। उन्हाेंने कहा कि हिमाचल के इनामी पहलवान अखाड़े की शोभा बढ़ाएंगे। अखाड़े में दमखम दिखाने वाले पहलवानाें काे आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। छिंज मेला में स्थानीय विधायक पवन काजल बताैर मुख्यातिथि उपस्थित हाेंगे। बैठक में मेला कमेटी उपप्रधान पुरुषोत्तम थाेला, कै. ओंकार सिंह, करतार चंद महासचिव, नंद लाल काेषाध्यक्ष, महिंद्र सिंह सचिव, सूबेदार प्रीतम चंद, मनाेहर प्रभाकर, निर्मल, पूर्ण सिंह, पंचायत प्रधान सपना देवी, कै. मदन लाल, मदन सैणी, पवन धीमान, हरवंश लाल शास्त्री, सुरिंद्र नरियाल, संजय अवस्थी, ईश्वर दास भाटिया व मेला कमेटी के अन्य सदस्य माैजूद रहे।
न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ बिलासपुर ने राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाल करने पर एवं एसओपी को कैबिनेट की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के उपरांत जिला स्तरीय मीटिंग का आयोजन किया। इसमें जिला के सभी खंडों से आए खंड अध्यक्ष तथा उनके समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने सरकार का आभार व्यक्त किया। जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा हिमाचल सरकार का अपनी तरफ से तथा अपने संघ की तरफ से धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि हिमाचल के 1 लाख 36 हजार कर्मचारी तथा उनके परिवार एवं आने वाली पीढ़ियां आपको हमेशा याद रखेंगी, क्योंकि आपने कर्मचारियों से जो वादा किया था उसे शत-प्रतिशत निभाया है और भविष्य में भी आपसे कर्मचारियों को बहुत सी उम्मीदें ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि आप उन सभी कर्मचारियों का जो हिमाचल के विकास में सदैव तत्पर रहते हैं के साथ कभी भी अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया की पुरानी पेंशन बहाली से हर वर्ग का कर्मचारी लाभान्वित हुआ है। यही कारण है कि अप्रैल माह में धर्मशाला में बहुत बड़ी आभार रैली की जाएगी, जिसमें हिमाचल के लगभग 1 लाख कर्मचारी भाग लेंगे। इस बैठक में जिला कार्यकारिणी की तरफ से सुरजीत कुमार, अब्दुल रशीद, आदर्श गौतम, रजनीश शर्मा, बाबूलाल भारद्वाज एवं सभी खंडों से आए खंड अध्यक्ष विजय ठाकुर,बलदेव सहगल, अशोक चंदेल , अजय डोड, विनोद शास्त्री, प्यारेलाल, नंदपाल, राकेश संख्यान, सुनील कुमार, सुरेश कुमार , यशवीर चौहान, अमित, अनूप शास्त्री, प्रवीण कौंडल, सुभाष शर्मा सुंदर सिंह धीमान आदि ने भाग लिया।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लंज में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में जिला विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया व उनकी पत्नी सुनंदा पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महाविद्यालय पहुंचने पर मुख्यतिथि का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यतिथि ने 16 लाख में बनी आईसीटी लैब का शुभारंभ किया। वहीं, कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुई। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों देशभक्ति गान, एकल गायन, युगल गायन, एकल डांस, युगल डांस के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का खूब मनोरंजन किया। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. बृजेन्द्र भूषण ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विधायक केवल सिंह पठानिया ने लंज कॉलेज में वार्षिक वितरण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह को याद करके कहा कि अगर राजा पूर्व मुख्यमंत्री न होते तो आज ये दिन देखने को नहीं मिलता। आज प्रदेश में कांग्रेस की सुखविंदर सिंह की सरकार सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने के लिए आई है। तीन महीनों में लंज कॉलेज को आईटीसी लैब के साथ 29 लाख स्वीकृति किए हैं। मोबा गांव को पुल की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही लंज से मोवा के लिए पुल की सुविधा मोवा की जनता को मिलेगी। पानी की समस्या को दूर किया जाएगा। जल्द से जल्द स्थाई रूप से बिजली की सुविधा लंज कॉलेज को मिल जाएगी। प्रदेश में बजट की सराहना करते हुए कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने जनता को बिना बोझ के ऐतिहासिक बजट पेश किया है। कांग्रेस पार्टी ने चुनावों के समय में जो जनता से वादे किए थे, अब सरकार ने उनको सरकारी दस्तावेज बनाकर काम करना शुरू कर दिया है। अब प्रदेश में स्वास्थ्य को लेकर हर विधानसभा क्षेत्र में बेलनेस हॉस्पिटल बनाया जाएगा। कांग्रेस सरकार प्रदेश को हरित क्रांति बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार बचनबद्ध है कि जनता को पांच वर्षाें में कर्ज मुक्त करने का निर्णय लिया है। विधायक पठानिया ने कहा कि चंगर क्षेत्र में पानी की दो योजनाओं को एक साल में पूरा किया जाएगा।
किन्नौर जिले के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप निर्माणाधीन मल्टी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल पर्यटकों, सोलन के साथ लगते अन्य जिलों के लिए जीवन प्रदाता बनेगा। डॉ. शांडिल ने यह बात गत सायं सोलन के कथेेड़ में निर्माणाधीन मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के कार्य का निरीक्षण कि दौरान कही। उन्होंने निर्माण कार्य को 2 वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना एवं अन्य आपातकालीन स्थितियों में रोगियों को बेहतर एवं त्वरित उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस अस्पताल में तृतीय स्तर के ट्रामा सेंटर का निर्माण भी किया जाना है। यहीं हेलीपैड भी निर्मित किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में रोगियों को एयर एंबुलेंस से शीघ्र यहां पंहुचाकर उपचार प्रदान किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखा जाए और ट्रामा सेंटर की छत पर हेलीपैड निर्माण की संभावनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि 90.33 करोड रुपए की लागत से 39 बीघा भूमि पर निर्मित होने वाले इस 8 मंजिला अस्पताल में 200 बिस्तर युक्त मल्टी स्पेशिएलिटी सुविधा तथा 50 बेड का मातृ शिशु अस्पताल बनाया जा रहा है। अस्पताल निर्माण के लिए प्रथम चरण में 29 करोड़ रुपए की राशि जारी कर दी गई है। डॉ. शांडिल ने इसके उपरांत राजकीय प्राथमिक पाठशाला कथेेड़ में 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे खेल मैदान का निरीक्षण भी किया तथा इसे 2 माह के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, कांग्रेस प्रवक्ता कुशल जेठी, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएल वर्मा, लोक निर्माण तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
डाडासीबा जल शक्ति विभाग के कार्यालय से मात्र 20 मीटर की दूरी पर एक वाटर टैंक से पिछले काफी दिनों से लीकेज हो रही है, जिससे हजारों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। लेकिन हैरानी की बात है कि विभाग ने इस लीकेज को ठीक करने की अभी तक जहमत नहीं उठाई है। लोगों का आरोप है विभाग को इसके बारे में अवगत करवाया परंतु अभी तक कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। आज फिर जल शक्ति विभाग से अनुरोध किया जाता है शीघ्र ही लीकेज टैंक को ठीक किया जाए। वहीं, इस संदर्भ में जलशक्ति विभाग डाडासीबा के कार्यवाहक सहायक अभियंता संजीव राणा से भी बात की गई तो उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इस टैंक की रिपेयर कर दी जाएगी।
परागपुर में रविवार को जिला कांगड़ा भाषा संस्कृति विभाग द्वारा रस भाव के अंतर्गत शास्त्रीय संगीत बैठक का आयोजन किया गया। इसमें स्व. डॉक्टर रमन भागसेन एवम डॉक्टर लाल चंद को भवाभिनि श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। शास्त्रीय संगीत की दूसरी बैठक के दौरान देश के मशहूर सितार वादक अदनान खान ने श्रोताओं को सितार की धुनों से खूब आनंदित किया। वहीं, डॉक्टर अविनाश कुमार ने शास्त्रीय संगीत से लोगों का दिल मोह लिया। बता दें यह कार्यक्रम स्वर्गीय डॉक्टर रमन भागसेन व डॉक्टर राज चंद की याद में आयोजित किया गया। इस दौरान शास्त्रीय संगीत को चाहने वाले सैकड़ों लोग वहां उपस्थित रहे।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन दक्षिणी रेंज मुख्यालय कुनिहार के प्रधान धनीराम तंनवर एवं कार्यकारिणी सदस्यों दिप राम ठाकुर, ओम प्रकाश कंवर, शमशेर सिंह, जगदीश गर्ग, ओम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रतिराम शर्मा, लेख राम काईथ, श्याम लाल ठाकुर, सतपाल शर्मा, अजमेर सिंह, श्यामलाल भाटिया, संतराम चंदेल, जगदीश चौहान, आशा राणा, बीना देवी, पुष्पा सुद इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में सरकार से मांग की है कि पिछली सरकार ने एक क़िस्त नए वेतनमान की अदा की थी। उसके बाद नई सरकार आने पर न डीए दिया जा रहा है, न ही बाकी बची हुई किस्तें दी जा रही हैं। एसोसिएशन सरकार से मांग करती है कि पुलिस पेंशनर को जल्दी से एकमुश्त एरियर की किस्त व डीए की अदायगी की जाए। कहा कि बार-बार एसोसिएशन की मांग करने पर भी सरकार व पुलिस विभाग फौजी कैंटीन की तर्ज पर अपने विभाग की मोबाइल कैंटीन के बारे कोई विचार नहीं कर रहा है। पुलिस लाइन सोलन कई गांव से 100 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है, जहां पर इतना खर्च करके पेंशनर समान लेने नहीं आ सकते।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पहले ही बजट में जहां लगातार बढ़ती बेरोजगारी की समस्या से निपटने और बेरोजगारों का ध्यान रखा है, वहीं टूरिज्म पर फोकस करके सीएम सुक्खू प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। यह बात जिला कांगड़ा युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार पंकु ने रविवार को जारी प्रेस बयान में कही। पंकज कुमार ने कहा कि कोरोना काल के बाद बेरोजगारों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। प्रदेश सहित जिला कांगड़ा की बात करें तो बेरोजगारों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएम सुक्खू ने पहले ही बजट में 90 हजार को रोजगार देने की बात कही है, जिसमें 25 हजार को सरकारी क्षेत्र, जबकि शेष को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने की बात कही गई है। पंकज ने कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने के लिए सीएम सुक्खू का धन्यवाद करते हुए कहा कि कांगड़ा का मुख्यालय धर्मशाला पहले से दूसरी राजधानी में शुमार था, अब पूरा जिला टूरिज्म कैपिटल के तौर पर विकसित होगा। कांगड़ा में विश्वस्तरीय हवाई अड्डा बनने से रोजगार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। जिला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, पर्यटक ग्राम, ओल्ड एज होम, आइस स्केटिंग व रोलर स्केटिंग रिंक का निर्माण जिला के लिए विकास के अपार अवसर लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि बनखंडी में 300 करोड़ की लागत से चिडिय़ाघर का निर्माण तथा पोंग डैम क्षेत्र में वॉटर स्पोर्टस, शिकारा, क्रूज, यॉट जैसी सुविधाएं क्षेत्र के लोगों के जीवन में समृद्धि लाएगा।
डाडासीबा के गांव बतवाड में करीब तीन दिन से बेखौफ घूम रहा तेंदुआ अब इलाके के पालतू पशुओं को अपना निशाना बनाने लगा है। रविवार सुबह तेंदुए ने अचानक प्रताप चंद मेहरा की पालतू गाय पर हमला बोल दिया। प्रताप चंद ने बताया कि उन्होंने रविवार सुबह अपने पशुओं को पशुशाला के साथ राधा स्वामी सत्संग घर के करीब घास चराने के लिए छोड़ा था, वहां पर तेंदुए ने उनकी एक गाय पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर डाला। हालांकि लोगों को देखकर भाग तेंदुआ निकला, वरना गाय के साथ घास चरने छोडे अन्य पशुओं को भी यह तेंदुआ मौत की नींद सुला देता। डाडासीबा के प्रधान परमेश्वरी दास ने स्थानीय प्रशासन व वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकडऩे की मांग की है, ताकि यह तेंदुआ लोगों को नुकसान न पहुंचा सके। उन्होंने विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा को कहा है। इस संबंध में रेंजर अधिकारी नरेंद्र सिंह डाडासीबा से बात की गई तो उन्हौने बताया कि शीघ्र ही तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।
आशा कार्यकर्ता संघ प्रदेश महामंत्री एवं अखिल भारतीय महासंघ की उपाध्यक्ष शशिलता ने आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय 500 रुपये बढ़ाने व आशा फैक्लीटेटर को नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। शशिलता ने कहा कि सीएम ने महिलाओं के उत्थान व उनकी सुविधाओं के लिए जो कदम उठाया है, वह बहुत ही सराहनीय है। उन्होंने बजट की भी सराहना की है। शशिलता ने कहा कि बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। शशिलताने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पेश किए गए बजट में जिला कांगड़ा को भी विशेष सौगातें मिली हैं। उन्होंने इस बजट को सर्वहितकारी बजट बताया है।
जवालामुखी विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली एक नाबालिग के साथ रेप का मामला सामने आया है। इस संबंध में लड़की के परिजनों द्वारा ज्वालामुखी थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत आने के बाद ज्वालामुखी पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हे कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पीड़िता का मेडिकल चेकअप करवाया जा रहा है।
जिला नंबरदार यूनियन सोलन का एक प्रतिनिधिमंडल यूनियन के प्रधान राजेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में सीपीएस संजय अवस्थी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, सीपीएस संजय अवस्थी, सीपीएस राम कुमार चौधरी और राजस्व मंत्री का नंबरदारों का मानदेय बढ़ाने पर धन्यवाद किया। यूनियन सदस्यों ने संजय अवस्थी को शॉल व टोपी देकर सम्मानित किया। अध्यक्ष ने बताया कि संजय अवस्थी ने नंबरदारों की बात को ध्यानपूर्वक सुना व भरोसा दिलाया कि नंबरदारों की जो भी समस्या होगी, उसे जल्द हल किया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रधान राजेंद्र ठाकुर, अर्की यूनियन के प्रधान चमन सिंह, प्रदीप ठाकुर, मदन सिह, देवेंद्र तंवर, श्याम लाल, नीम चंद, पदमसिह, प्रताप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश में एनजीओ फेडरेशन के गठन बारे जल्द चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एलडी चौहान ने कहा कि पूर्व मान्यता प्राप्त एनजीओ फेडरेशन का कार्यकाल समाप्त हो जाने के उपरांत संवैधानिक तरीके से उसके प्रदेशाध्यक्ष को पत्र दिया गया था। उनसे 15 दिन के भीतर चुनाव की घोषणा करने की अपील की गई थी, जिसमें विफल हो जाने पर स्वतंत्र तौर पर अपने स्तर पर चुनाव करवाने की भी बात कही गई। प्रदेशाध्यक्ष इस प्रक्रिया पर कोई भी कार्रवाई करने में विफल रहे, जिस पर पुनः उनको पत्र दिया तथा अपने स्तर पर स्वतंत्र तौर पर चुनाव करवाने की घोषणा की गई। मामले की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री सहित अतिरिक्त मुख्य सचिव कार्मिक को भी प्रेक्षित की गई, जो कि महासंघ के गठन की संवैधानिक प्रक्रिया है और महासंघ के अस्तित्व को कायम रखने के लिए आवश्यक थी। चौहान ने कहा कि इस मर्तबा एक ऐसे महासंघ का गठन किया जाएगा, जिसमें हर दल की सरकार में कर्मचारियों के मुद्दों को उठाने वाले कर्मचारी नेताओं के हाथों में कमान सौंपी जाएगी। सिर्फ चंद समय के लिए कुर्सी की अभिलाषा के चक्कर में कर्मचारियों के हितैषी बनने वालों के हाथों प्रदेश के कर्मियों की कमान सौंपना इस वर्ग के साथ अन्याय है। फेडरेशन के गठन की विशेष बात यह रहेगी कि इसमें किसी राजनीतिक व्यक्ति को सीधे तौर पर इन्वॉल्व नहीं किया जाएगा, क्योंकि एनजीओ फेडरेशन गैरराजनीतिक संगठन है और इसका सीधा नकारात्मक असर कर्मियों पर पड़ता है तथा सरकार की छवि भी खराब होती है।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाकर राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित बनाना है। संजय अवस्थी गत सांय अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरली और चिल्लड़ में जन समस्याओं के निवारण के उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरली में स्थानीय युवक मंडल द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होेंने इससे पूर्व ग्राम पंचायत सरली में मां नैना देवी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने ग्राम पंचायत चिल्लड़ में माता शेरां वाली माता मंदिर में झंडा अर्पित किया और सभी के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य सरकार वित्तीय अनुशासन अपनाकर प्रदेश को आर्थिक संकट से उबारने के लिए कार्यरत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल को हरित ऊर्जा से परिपूर्ण राज्य बनाना इस दिशा में अत्यन्त महत्वपूर्ण है। ग्रीन एनर्जी से युक्त हिमाचल भविष्य में इस दिशा में देश को राह दिखाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हिमाचल को आत्मनिर्भर एवं खुशहाल बनाने में प्रदेश सरकार को सहयोग प्रदान करें और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ उठाएं। अवस्थी ने युवाओं से आग्रह किया कि खेल एवं व्यायाम के माध्यम से स्वयं को अनुशासित और ऊर्जावन बनाएं तथा सदैव नशे से दूर रहेें। उन्होंने सरली युवक मण्डल को क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए बधाई दी और आशा जताई कि युवक मंडल भविष्य में और वृहद स्तर पर प्रतियोगिता को आयोजित करेगा। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला कांग्रेस समिति सोलन के सचिव प्यारे लाल, खंड कांगेस समिति अर्की महासचिव कमलेश शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला ठाकुर, ग्राम पंचायत चिल्लड़ के प्रधान मदन, ग्राम पंचायत दिग्गल के प्रधान पवन कुमार, ग्राम पंचायत सरली के प्रधान शंकर लाल, ग्राम पंचायत बड़ोग के प्रधान सुरेंद्र कुमार, ग्राम पंचायत क्यार कनैता के प्रधान रघुराज पराशर, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
दिव्य ज्योति जागृत संस्थान की ओर से आज मटौर में आशुतोष महाराज के शिष्य स्वामी हरिशानंद ने प्रभु भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण का चरित्र युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। आज भौतिकतावाद की अंधी दौड़ में युवा वर्ग के पास भौतिक सुख सुविधाएं हैं, परंतु मानसिक शांति न होने के कारण वह चिंता एवं अवसाद से मुक्ति के लिए नशे की दलदल में फंस कर अपनी चारित्रिक शक्ति और नैतिक मूल्यों का ह्रास कर रहा है। नशे की परिभाषा देते हुए स्वामी जी ने बताया कि "न शम शांतिर्मया इति नशा" अर्थात जिसके तनिक भी शांति नहीं, वही नशा है। अवसाद से मुक्ति का उपाय नशा नहीं, अपितु इस मानसिक व्याधि को खत्म करने के लिए आत्मिक शक्ति के विकास की आवश्यकता है। हमारे राष्ट्र भक्तों ने राष्ट्र भक्ति का नशा किया और चारित्रिक विकास से ओतप्रोत हो भारत माता को स्वतंत्रता दिलाई। चरित्र भारत भूमि का आधार है और आज उसी धर्म भूमि भारत में अधिकतर युवा शक्ति का चारित्रिक पतन हो रहा है। आवश्यकता है कि युवाओं को ब्रह्म ज्ञान की शक्ति से जागृत होकर राष्ट्र में अग्रगण्य भूमिका निभाने की। आज के युवाओं के आदर्श यदि भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आज़ाद, स्वामी विवेकानंद इत्यादि होंगे तो भारत को फिर से जगतगुरु के पद पर आसीन किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रकृति और संस्कृति का रक्षण करने के लिए स्वामी जी युवा शक्ति को जागरूक करवाते हुए संकल्प भी दिलवाया। सत्संग के दौरान समस्त सत्संग प्रेमियों ने प्रसाद रूप में भोजन किया और कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से आज शिमला में हिमाचल प्रदेश नर्सेज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।
एनपीएस कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई की बैठक रविवार को मुख्यालय बचत भवन परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के जिला प्रधान सुनील जरयाल ने की। बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाली पर आयोजित होने वाले आभार समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। सुनील जरयाल ने बताया कि आभार समारोह में हरेक जिला से परिवार सहित दस हजार से अधिक कर्मचारी हिस्सा लेंगे। आभार सेल्फी एट धर्मशाला समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा। उन्होंने बताया कि डोर टू डोर कैंपेन चलाकर सभी विभागों के कर्मचारी साथियों को न्यौता दिया जाएगा। बैठक में राज्य उपाध्यक्ष उत्तम चंद, जिला महासचिव विजय शर्मा, राज्य प्रचार सचिव अमित जरयाल, चंबा खंड के प्रधान विशाल मियां आदि मौजूद रहे।
छिंज मेला कमेटी जमानाबाद की मीटिंग मेला कमेटी की अंतिम बैठक प्रधान फौजा सिंह की अध्यक्षता में शिव मंदिर जमानाबाद में संपन्न हुई। मेला कमेटी प्रधान फौजा सिंह ने बताया कि मेला कमेटी व ग्राम पंचायत और ग्रामवासियों के सहयोग से 24 मार्च को मेला आयोजित किया जा रहा है। आज की बैठक में विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। इसमें अखाड़ा कमेटी, मंच कमेटी, पुरस्कार वितरण कमेटी, केश वितरण कमेटी व स्वागत कमेटी आदि का गठन किया। उन्होंने कहा कि छिंज मेले में पंजाब और हिमाचल के इनामी पहलवान अखाड़े की शोभा बढ़ाएंगे। 24 मार्च को शिव मंदिर कोटि मोहल्ला में पूजा-अर्चना उपरान्त वाद्ययंत्रों व डोल नगाड़ों के साथ जलेब निकाली जाएगी, जो कि समूचे गांव जमानाबाद से होकर मुरादें पूर्ण होने वाले घरों से होकर मेला स्थल अब्दुल्लापुर पहुंचेगी। बैठक में मेला कमेटी प्रधान फौजा सिंह, उप प्रधान अजय संजू, वरिष्ठ उपप्रधान बलवीर सिंह, पंचायत प्रधान कुलदीप सिंह, उपप्रधान अशोक जाम्बा, सचिव स्वरूप सिंह, विपन सिंह, मस्तराम, अजय कोटि, निशांत कोटि, लाल सिंह खैरा, गुरमेल सिंह, परषोतम राम, वीर सिंह, सुभाष कोटि, मुकेश कोटि, कमलजीत सिंह, हरि सिंह, ओम प्रकाश, अश्वनी कुमार व आशोक, तिलक राज आदि मौजूद रहे।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में चिनार, देवदार, टीक और ओक सदन के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग में देवदार सदन ने अपने लीग मैचों में टीक सदन, चिनार सदन और अंत में ओक सदन को पटखनी देकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अंतिम लीग मैच में कनिष्ठ वर्ग के टीक सदन और चिनार सदन के मध्य खेला गया मैच रोमांचक रहा। आधे समय तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा लगी रही। मैच के दूसरे हाफ में चिनार सदन के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीक सदन को मात दी। वहीँ वरिष्ठ वर्ग में चिनार सदन ने अपने लीग मैच में ओक सदन, टीक सदन और अंत में देवदार सदन को हराकर प्रतियोगिता में अपने वर्ग में प्रथम स्थान पर रहा लेकिन अंक तालिका के आधार पर देवदार सदन को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ-साथ चारों सदनों की लड़कियों ने भी शानदार खेल दिखाकर अपने सदन की अंक तालिका में वृद्धि करवाई। लड़कियों के अंतिम लीग में ओक सदन की लड़कियों ने देवदार सदन की लड़कियों को हराकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। प्रतियोगिता में चारों सदनों की सराहना की गई क्योंकि सभी सदनों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। अंक तालिका के आधार पर अंत में देवदार सदन ने अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता अपने नाम की। अंतर्सदनीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अभिनिर्णायक जय सिंह रहे और स्कोरिंग की ज़िम्मेदारी विनीत ठाकुर को सौ़पी गई। अंत में विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर हेड ऑफ़ स्कूल कैप्टेन रेणु शर्मा, के द्वारा पुरुस्कृत किया गया और उन्होंने सभी खिलाड़ियों से फाइनल तक पहुंचने के सफ़र पर बातचीत करके सभी से व्यक्तिगत रूप में मिलकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर हेड ऑफ़ स्कूल कैप्टेन रेणु शर्मा, हेड टीचर पंकज शर्मा और गतिविधि प्रभारी गुरप्रीत सिंह उपस्थित रहे।
श्रीरेणुका जी बीजेपी मंडल की कमान सिरमौर जिले के महामंत्री राजेंद्र ठाकुर को सौंप दी गई है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप द्वारा संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए उन्हें मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। आज कार्यकर्ताओं द्वारा नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष का पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में स्वागत किया गया और उन्हें बधाई दी गई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी का वह पूर्ण निष्ठा और सबको साथ लेकर निर्वहन करेंगे। उन्होंने नियुक्ति के लिए अपने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कार्यकर्ताओं से सहयोग देने का आग्रह किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण गर्ग, निर्मला देवी, खजाना सिंह, अमर सिंह तथा अन्य वरिष्ठ व कनिष्क कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रारंभिक शिक्षा खंड सोलन के कार्य क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न प्ले स्कूल एवं नए खोले जाने वाले प्ले स्कूलों को 31 मार्च तक संबद्धता के लिए इमर्जिंग हिमाचल पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह जानकारी आज यहां खंड प्रारंभिक अधिकारी सोलन हरी राम चंदेल ने दी। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक इमर्जिंग हिमाचल पोर्टल पर ही पहली से पांचवी कक्षा तक के सभी निजी विद्यालयों एवं नए खोले जाने वाले विद्यालयों को भी सम्बद्धता प्राप्त करने एवं नवीनीकरण के लिए आवेदन करना होगा। यह आवेदन इस पोर्टल के माध्यम से खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी सोलन को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना संबद्धता प्राप्त सभी प्ले विद्यालयों को आवेदन करना आवश्यक है। अधिकारी ने कहा कि शिक्षा खंड सोलन के प्रथम कक्षा से जमा दो कक्षा तक के सभी निजी विद्यालयों को निर्देश दिए गए है कि वे अपने-अपने विद्यालय में सामाजिक रूप से कमज़ोर वर्गों के उन छात्र-छात्राओं की सूचना तैयार रखेंगे जिन्हें योजना के तहत 25 प्रतिशत आरक्षण मिलना है और जिन्हें इस आरक्षण के तहत विद्यालय में प्रवेश दिया गया है। हरी राम चंदेल ने कहा कि इस संबंध में खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालयों का दौरा कर जानकारी प्राप्त की जाएगी। यह भी सुनिश्चित बनाया जाएगा कि विभिन्न विद्यालय योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि इस विषय में किसी भी प्रकार की सूचना अथवा जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 94184-59600 पर संपर्क किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से आज यहां सचिवालय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की।


















































