प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन विधानसभा क्षेत्र इंदौरा की पंचायत घेटा में विधायक मलेेंद्र राजन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने अपनी निजी व सार्वजनिक समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। कार्यक्रम में दो पंचायतों घेटा व भलाख के लोगों की समस्याओं को सुना गया। विधायक के साथ एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर व संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। विधायक के समक्ष 20 समस्याओं को रखा गया जिसमें लगभग समस्याएं सार्वजनिक थीं व कुछ निजी थीं। विधायक द्वारा कई समस्याओं को मौके पर हल किया गया व अन्य को संबंधित विभागों को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक मलेेंद्र राजन, एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर, नायब तहसीलदार गंगथ परवेश, एसडीओ पीडब्ल्यूडी अनूप, एसडीओ बिजली तरुण, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ स्वाइल विजय ठाकुर, एसएचओ नुरपुर सुरेेंद्र धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, जिला परिषद प्रवीण कुमार, लिगल सेल अध्यक्ष जसवीर कटोच, पौंग बांध निदेशक विशाल ठाकुर, जिला परिषद तरसेम सिंह अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता व जनता उपस्थित रही।
विशाल इवेंट गुरु कंपनी हिमाचली प्रतिभाओं और संस्कृति को आगे ले जाने और साथ में टैलेंट को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष अनेकों प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह आयोजित करवाती है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने की परंपरा को विशाल इवेंट गुरु इस साल भी जारी रखेगा। देवभूमि हिमाचल प्रदेश अचीवर अवॉर्ड से हिमाचल की 101 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और शिमला संसदीय क्षेत्र के वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप रहेंगे। मातृ शक्ति और युवाओं के लिए अनेकों आयोजन करवा चुकी है। विशाल इवेंट गुरु कंपनी इस वर्ष अपनी चौथी वर्षगांठ शिमला में आयोजित समारोह के दौरान मनाएगी। इस कार्यक्रम में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम मातृ शक्ति और नन्हे-नन्हे बच्चों द्वारा पेश किए जाएंगे। कार्यक्रम के आयोजक विशाल शर्मा ने कहा कि हमारी कोशिश है कि पूरे प्रदेश में इसी तरह के आयोजन हों और हम हिमाचल के हर टैलेंट को एक मंच प्रदान कर पाएं। हमारी कोशिश है कि हिमाचल के हर जिले में हम शो ऑर्गेनाइज करें, ताकि सभी प्रतिभाओं को मंच मिले और हिमाचल के समग्र विकास में सभी मिलकर सहयोग करें।
** कांगड़ा जिले के गगल में एक निजी होटल में हुई बैठक हिमाचल भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक रविवार को कांगड़ा जिले के गगल में एक निजी होटल में हुई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी भाग लिया। बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक और विभिन्न प्रतिनिधियों को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी टिप्स दिए। इसमें भाजपा के हिमाचल प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन उपस्थित रहे। इस बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जेसी शर्मा को विधिवत भाजपा का सदस्य बनाया गया। जेसी शर्मा को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा पटका पहना कर भाजपा का सदस्य बनाया। कांगड़ा से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में प्रदेश जिला और मंडल स्तर तक चलने वाला है।
पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के लिए लेटरल चयन परीक्षा नवम तथा दस जमा एक कक्षा के लिए 10 फरवरी को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी देते हुए प्रभारी प्राचार्य शैलेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है वे अपना परीक्षा प्रवेश पत्र आनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना प्रवेश पत्र के किसी को भी परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं दी जाएगी इसलिए परीक्षा से पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में किसी भी तरह की दिक्कत हो तो जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के कार्यालय में किसी भी दिन संपर्क कर सकते हैं।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैक आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार चालू वित वर्ष में सात हजार विधवा तथा एकल नारियों को गृह निर्माण के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का अनुदान देगी, ताकि महिला सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ सकें। बाली ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार के जोड़ने के लिए भी ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से कई कार्यक्रमों एवं योजनाओं का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सृदृढ़ किया जाएगा तथा महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बिक्री के लिए उचित कदम भी उठाए जाएंगे, ताकि स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे इस के लिए यूनिटी मॉल भी स्थापित किया जाएगा इसके साथ ही अपना कांगड़ा ऐप के माध्यम से भी उत्पादों को विक्रय करने के लिए कार्य योजना तैयार की गई है। बाली ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रगाढ़ता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु के कुशल नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाएं आम जनमानस तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा सरकार द्वारा अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनका सीधा लाभ लोगों को प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया तथा दस माह में इस योजना को धरातल पर उतारा गया। वर्तमान राज्य सरकार ने देश का पहला कानून बनाया और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना आरम्भ की, जिसके तहत 27 वर्ष की आयु तक उनकी देखभाल, उनकी उच्च शिक्षा तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायता देगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश में डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है, जिसके तहत विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध करवाया जा रहा है।
देहरा : व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच साबित कर रहा 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम : डॉ. राजेश
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहरा ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए देहरा स्थित श्री बालाजी हवेली (रिवर व्यू) में मीटिंग का आयोजन किया। इस मीटिंग में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा विशेष तौर पर उपस्तिथ रहे। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसमें आम जन की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया जाएगा। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों की शुरुआत करके मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच में साबित किया है। सरकार सीधे जनता के द्वार पर आकर समाधान कर रही है। देहरा विधानसभा में भी सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। डॉ.राजेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देहरा विधानसभा के हर घर तक सरकार के इस कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी पहुंचाने का कार्य करना है, साथ ही देहरा विधानसभा को हिमाचल प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाना ही उनका लक्ष्य है। देहरा विधानसभा को सभी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए वो हमेशा से प्रयासरत हैं। जब तक देहरा विधानसभा आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित नहीं हो जाता है, वे ऐसे ही प्रयास करते रहेंगे। देहरा में इस कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर कॉलेज ऑफ एक्ससिलेंस के साथ लगते मैदान में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान भाग ले रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस मीटिंग में ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौधरी सहित तमाम वरिष्ठ व कर्मठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया है।
** प्रदेश सरकार तथा एनडीडीबी के बीच समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि जिला कांगड़ा के ढगवार में अत्याधुनिक स्वचालित दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की स्थापना के लिए परामर्श सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के साथ समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित किया है। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से स्वचालित इस संयंत्र की क्षमता शुरुआत में 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकता है। इस परियोजना के तहत प्रथम चरण में 225 करोड़ के निवेश से निर्माण कार्य किया जाएगा। संयंत्र का उद्देश्य दही, लस्सी, मक्खन, घी, पनीर, फलेवर्ड मिल्क, खोया तथा मौजरेला चीज जैसे डेयरी उत्पादों का उत्पादन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के आरंभ होने से दुग्ध उत्पादकों के जीवन में खुशहाली आएगी तथा प्रदेश की समग्र प्रगति में भी योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह संयंत्र चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा तथा ऊना जिले के किसानों से सीधे तौर पर दूध खरीद कर ग्रामीण अर्थ-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने दूध प्रापण में पारदर्शिता पर बल देते हुए कहा कि किसानों को उनकी मेहनत के उचित दाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि दूध प्रापण नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए 43 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश का प्रावधान किया गया है। संयंत्र को संचालित करने के उद्देश्य से प्रतिदिन 2.74 लाख लीटर दूध की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के महाविद्यालयों में प्रथम वर्ष में पड़ रहे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की तिथि को एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अब 10 फरवरी तक 10 विभिन्न छात्रवृत्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अब तीसरी बार छात्रवृत्तियों की तिथि बढ़ाई गई है ताकि विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पूर्व में आवेदन की तिथि 30 नवंबर और 31 दिसंबर थी। अब 31 जनवरी से 10 फरवरी की गई है। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को तीन वर्षों तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला पुुलिस नूरपुर ने नशे के खिलाफ शुरू किए अपने अभियान के तहत 151 ग्राम चरस और 29.30 ग्राम चिट्टा पकड़ने में सफलता हालि की है। जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पहले मामले में नारकोटिक्स टीम ने जिला नूरपुर के बासा वजीरा में एक बाइक सवार से 151 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की। आरोपी अभय चौधरी (25) निवासी कंडी (नूरपुर) के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। एक अन्य मामले में नारकोटिक्स टीम ने डमटाल के हिल टॉप मंदिर के पास एक बाइक सवार से 29.30 ग्राम चिट्टा बरामद करने में सफलता हासिल की और आरोपी गुरदीप राज (33) निवासी गुरदासपुर (पंजाब) के खिलाफ पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करवाया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार प्रयासरत है व लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
रक्कड़ में कटे 12 चंदन के पेड़ों में वन विभाग व पुलिस ने कार्यवाई करते हुए 29 किलो चंदन पकड़ा है, इस पर समाजसेवी सूर्यवंशी जगबीर सिंह ग्गी ने सवाल खड़े किए हैं। ग्गी का कहना है कि वह इस मुद्दे को लाइम लाइट में लाने वाले हैं। यह चंदन लगभग 150 किलो था, जिसे अब 29 किलो दिखा दिया गया। ग्गी ने कहा उनके पास इसके साक्ष्य हंै कि विभाग गलत कार्रवाई कर रहा है। वह इस जांच को आगे तक लेकर जाएंगे। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। जगबीर सिंह ग्गी ने आरोप लगाया है वन व पुलिस विभाग इस विषय पर निष्पक्ष जांच नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि न जाने विभाग को किस बात का प्रेशर है कि वह ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ममाले में जांच बिठाने और निष्पक्ष जांच करवाने की अपील की है।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते रक्कड़ में चंदन काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में वन व रक्कड़ पुलिस विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई अमल में गई है, जिसमें रक्कड़ के ही एक स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायत दर्ज करवाई गई है । उक्त व्यक्ति की पहचान पंजाब सिंह, निवासी रामनगर (रक्कड़) के रूप में हुई है। व्यक्ति के घर से ही काटा हुआ चंदन मिला है। डीएफओ सन्नी वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चंदन की मात्रा 29 किलोग्राम तथा बाजार में इसकी कीमत तीन लाख से ज्यादा है। मामले के अनुसार पांच दिन पहले, रक्कड़ के पास एक वन भूमि से एक दर्जन से अधिक चंदन के पेड़ काट दिए गए थे। जब घटना की जानकारी स्थानीय निवासियों को हुई, तो उन्होंने मामले की सूचना वन विभाग को दी। वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और आधे कटे हुए पेड़ पाए। सन्नी वर्मा के अनुसार विभाग ने उक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर दी है। बरहाल मामला दर्ज करवा दिया गया है।
** 25 फरवरी से 29 फरवरी तक होंगी स्टार नाइट्स ** वाइस ऑफ धौलाधार, ब्रास बैंड कांटेस्ट भी होगा ** पारंपरिक वेशभूषा फैशन शो बनेगा आकर्षण का केंद्र पर्यटन विभाग धर्मशाला में 25 से 29 फरवरी तक हिमाचल प्रदेश टूरिज्म स्प्रिंग कार्निवाल का आयोजन करेगा। यह जानकारी देते हुए पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि कांगड़ा जिला को पर्यटन की राजधानी बनाने की दिशा में कारगर कदम उठाए जा रहे हैं तथा इसी कड़ी में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या तीन करोड़ से बढ़ाकर पांच करोड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है इस के लिए अधोसरंचना विकसित करने के साथ साथ विभिन्न स्तरों पर पर्यटन विभाग के माध्यम से भव्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाने की कार्य योजना तैयार की गई है। आरएस बाली ने कहा कि पहली बार आयोजित किए जा रहे हिमाचल टूरिज्म स्प्रिंग कार्निवल में पांच स्टार नाइट्स आयोजित की जाएंगी। इन 5 स्टार नाइट्स में कई प्रसिद्ध गायक पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों का मनोरंजन करेंगे। इसमें वॉयस ऑफ धौलाधार प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा पहली बार ब्रास बैंड कांटेस्ट भी आयोजित किया जायेगा। इससे हिमाचल के ब्रास बैंड कलाकारों किसी सार्वजनिक मंच पर अपनी प्रतिभा दर्शाने का पहली बार मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में कलाकारों के अलग अलग ग्रुप हिमाचली नृत्य की विहंगम प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में फूड फेस्टिवल, हिमाचली कला की प्रदर्शनी और सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किया जायेगा। इसके अलावा पारंपरिक वेशभूषा फैशन शो भी आयोजित होगा। पर्यटन विभाग की कोशिश है कि कांगड़ा जिला में निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहें जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले। आरएस बाली ने कहा कि पर्यटन विभाग के अधिकारियों को स्प्रिंग कार्निवल के सफल आयोजन के लिए निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मतस्य विभाग के अध्यक्ष व लोकसभा क्षेत्र शिमला के को-ऑर्डिनेटर नरदेव कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जल्द देहरा का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि अभी समय, जगह व दिनांक तय नहीं हुई है, लेकिन शीघ्र ही मुख्यमंत्री देहरावासियों से रूबरू होंगे। सीएम दौरे की तैयारी को लेकर उन्होंने आज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस देहरा में एसडीम देहरा सहित समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि सीएम अपने देहरा दौरे के दौरान लोगों को प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाएंगे। इस दौरान लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी जाएगी।
आईटीआई नैहरनपुखर में एक बार फिर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। क्वेस कॉर्प लिमिटेड 12 फरवरी को कैंपस इंटरव्यू लेगी। कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी ने बताया कि 12 फरवरी को होने वाले कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से श्रीराम पिस्टन एंड रिंगस लिमिटेड के लिए युवाओं का चयन करेगी। कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के शैक्षणिक योग्यता वर्ष 2020 से 2023 मे आईटीआई के तकनीकी व्यवसाय फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, और फाउंडरी मे कोर्स पूरा कर चुके सभी अभ्यर्थी पात्र होंगे। कंपनी द्वारा चयनित युवाओं 14500 रुपये मासिक वेतन व इसके अतिरिक्त बोनस व भत्ते की सुविधा दी जाएगी। पात्र युवा 12 फरवरी को सुबह दस बजे अपने बायो डाटा, मूल प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पास बुक की प्रतिलिपियों के साथ आईटीआई नैहरनपुखर में पहुंच जाने चाहिए। इस विषय बारे संस्थान प्रधानाचार्य ई. ललित मोहन ने बताया कि युवाओं की चयन प्रक्रिया में पहले एक लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में प्रदेश भर के सभी सरकारी व निजी आईटीआई पास छात्र अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संस्थान की वेबसाइट या ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी मुकेश कौशल से मोबाइल नंबर (9418162333) व सदस्य रवि गुलेरिया से मोबाइल नंबर (8580467991) पर संपर्क करें।
** ट्रक चालक ने स्कूटी, बाइक और कार को भी मारी टक्कर, चार जख्मी हिमाचल के जिला कांगड़ा की पालमपुर तहसील के मनियाड़ा ठंडोल खैरा मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भयानक हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे एक दुकान से सब्जी खरीद रही महिला को रौंद दिया। महिला की मौत मौके पर ही हो गई। बेकाबू हुए ट्रक ने इसके बाद एक स्कूटी, बाइक और बाद में एक कार को भी टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार पर दो युवतियां और एक बाइक सवार भी घायल हो गया। वहीं, ट्रक सड़क पर ही पलट गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने शराब पी हुई थी। वहीं, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू की। मृतका की पहचान कमला देवी पत्नी साधु राम के तौर पर हुई है। उधर, थाना प्रभारी नंद लाल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल तक पहुंच दिया गया है।
जयसिंहपुर उप मंडल के अंतर्गत आने वाले गांव कमांद के 19 वर्षीय युवक अरमान धीमान ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज डीपीएस स्कूल में राष्ट्र स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर जयसिंहपुर विधानसभा का नाम रोशन किया है। अरमान धीमान के पिता अनिल धीमान एक मिस्त्री का कार्य करते हैं। अरमान धीमान 12वीं तक पढ़ाई बीके पब्लिक स्कूल जयसिंहपुर से की है। अब वह गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक तलवाड़ से सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा है, साथ में कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी है। अब अरमान धीमान का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी खेलने के लिए नेपाल के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर स्कूल के डीपी दिनेश कुमार ने अरमान धीमान को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
** लोगों को आकर्षित करेंगे हाइड्रोपोनिक तकनीक से तैयार किए रंग-बिरंगे फूल हिमाचल के कांगड़ा जिले के खूबसूरत शहर पालमपुर स्थित आईएचबीटी संस्थान का ट्यूलिप गार्डन पर्यटकों के लिए एक बार फिर खोल दिया गया है। इसे कुछ वर्ष पूर्व पालमपुर में हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान में स्थापित किया गया था। यह गार्डन कश्मीर के बाद देश का दूसरा और प्रदेश का पहला ट्यूलिप गार्डन है, लेकिन पिछले लंबे समय से यह बंद पड़ा था। संस्थान से मिली जानकारी के अनुसार इस साल गार्डन में ट्यूलिप को खुले वातावरण व हाइड्रोपोनिक तकनीक द्वारा उगाया गया है। फूलोत्पादन को प्रोत्साहित कर रहा सीएसआईआर पालमपुर स्थित आईएचबीटी संस्थान केंद्र सरकार और सीएसआईआर द्वारा 2021 को शुरू किए गए फ्लोरीकल्चर मिशन के तहत फूलोत्पादन को प्रोत्साहित कर रहा है। इससे अधिक से अधिक किसानों को जोड़कर उनकी आय को दोगुना करने की योजना पर काम किया जा रहा है। गौर रहे कि हालैंड ट्यूलिप के फूलों की सबसे अधिक पैदावार करने वाला देश है और हालैंड में तैयार किए जा रहे बल्ब ही बाकी देशों द्वारा आयात किए जाते हैं। भारत में भी हालैंड से ही ट्यूलिप के बल्ब मंगवाए जाते हैं, लेकिन अब आईएचबीटी के वैज्ञानिकों के प्रयासों ने देश में फूलों की खेती में एक बड़े बदलाव का संकेत दे दिया है। बीते वर्षों के दौरान लाखों संख्या में लोग आईएचबीटी में ट्यूलिप गार्डन देखने पहुंच चुके हैं। हाल ही में अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की मूर्ति को अर्पित करने के लिए ट्यूलिप के फूल भेजे गए थे और अब नए रंग-बिरंगे फूलों के साथ ट्यूलिप गार्डन एक बार फिर लोगों को आकर्षित करने को तैयार है।
** कहा, कांग्रेस के लिए कार्यकर्ता तो भाजपा के लिए जांच एजेंसियां लड़ेंगी चुनाव धर्मशाला में आज जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गए। लोकसभा चुनाव की तैयारी के संदर्भ में इस बैठक का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांगड़ा-चंबा लोकसभा के को-ऑर्डिनेटर निगम भंडारी की अगुवाई में हुआ। जिला अध्यक्ष कर्ण पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एआरडीबी बैंक के चेयरमैन संजय चौहान, निदेशक पुनीत मल्ली, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज कुमार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव राज कुमार अग्रवाल एवं अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे। इस दौरान बूथ, मंडल और ब्लॉक पर संगठन की मजबूती के लिये कार्य करने और लोकसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के दिशा-निर्देश कार्यकर्ताओं को दिये गए। एक प्रेस वार्ता में बैठक के बारे में जानकारी देते हुए निगम भंडारी ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिये कांग्रेस हर बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिये कार्य कर रही है। कांग्रेस के लिये कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है, जबकि बीजेपी के लिए ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, आयकर व अडानी चुनाव लड़ेंगे। अग्निवीर जैसी गलत भर्ती प्रक्रिया लागू कर मोदी सरकार ने वीरभूमि कांगड़ा के युवाओं के साथ धोखा किया है। केंद्र सरकार के कार्यकाल के अंतिम वक्त पर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कांगड़ा दौरे पर सवाल करते हुए निगम भंडारी ने कहा कि नड्डा दिल्ली से वीरभूमि कांगड़ा के युवाओं को जो संदेश लेकर आये हैं, उसे फौज में जाने वाले युवाओं के साथ जरूर साझा करें। जेपी नड्डा युवाओं को बताएं कि मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना के जरिये 4 साल बाद 75 प्रतिशत को सेवानिवृत्त कर भारतीय सेना में भी कॉर्पोरेट संस्कृति को स्थापित करने का काम क्यों किया है। वहीं, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जनता ने जिन सांसद किशन कपूर को लाखों वोटों से जीता कर केंद्र भेजा था, पांच सालों तक जनता के बीच गैर हाजिर रहने का सवाल जो जनता उनसे कर रही है, वे उसका जबाव लोगों को जरूर दें।
** नंदपुर रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन, विभाग के खिलाफ नारेबाजी की ** नवभारत एकता दल के राष्ट्रीय संयोजक पीसी विश्वकर्मा ने किया नेतृत्व कांगड़ा घाटी की ट्रेनें न चलाने के विरोध में आज नवभारत एकता दल के राष्ट्रीय संयोजक पीसी विश्वकर्मा के नेतृत्व में लोगों ने नंदपुर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री से नूरपुर रोड से गुलेर तक दो ट्रेनें चलाने की मांग की। लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री तो लोगों की तकलीफ समझते हैं, पर फिरोजपुर रेलवे मंडल के प्रबंधक बड़े संवेदनहीन हैं, जो कि जिद्द पर अड़े हुए हंै कि पूरे रेल ट्रैक की रिपेयर होने के बाद ही ट्रेनें चलाएंगे। नंदपुर के कांग्रेस नेता फौजा सिंह धीमान ने कहा कि कांगड़ा घाटी रेल ट्रैक पर अगर विभाग रेलगाड़ी नहीं चलाना चाहता तो इसे निजी हाथों में दे दो, ताकि मेट्रो की तर्ज पर कोई प्राइवेट कंपनी यहां ट्रेनें चलाए। वहीं, विश्वकर्मा ने रेलमंत्री से पूछा कि कालका-शिमला ट्रैक अधिक क्षतिग्रस्त हुआ था, फिर भी एक महीने के अंदर कैसे बहाल हो गया। उन्होंने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ट्रेनें चलना शुरू नहीं हो जातीं।
** प्रेस क्लब ने कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का लिया फैसला आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां ने कहा कि ज्वाली ब्लॉक कांग्रेस द्वारा पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज करवाना राजनीति से प्रेरित है और पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला है। आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां के पत्रकारों ने एक बैठक कर कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का फैसला लिया है। प्रेस क्लब के अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि 21 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नगरोटा सूरियां में कांग्रेस सरकार ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग नूरपुर के सहायक लोक संपर्क अधिकारी मनोज सूद ने आजाद प्रेस क्लब नगरोटा सूरियां के पत्रकारों को कार्यक्रम की कवरेज के लिए आमंत्रित किया था और सभी पत्रकार कवरेज करने के लिए वहां पहुंचे थे। मंत्री लोगों की समस्याएं सुन रहे थे तो इसी दौरान जेओए (आईटी) के कुछ युवा उनके के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी सुन पत्रकार भी वहां पहुंचे और नारेबाजी कर रहे युवाओं की बाइट भी ले ली और इसे समाचार पत्रों व चैंनलों पर प्रकाशित कर दिया। इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने एफआईआर कर दी है और आरोप लगाया कि पत्रकार ने चंद्र कुमार के खिलाफ युवाओं को भड़काया जो कि सरासर झूठ है। हर घटना की कवरेज कर उसे लोगों व सरकार तक पहुंचाना पत्रकारों का काम है। उन्होंने कहा कि यह केवल कांग्रेस की पत्रकारों पर दबाव बनाकर सच को छुपाने की कोशिश है। यह पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर कड़ा प्रहार है, जो कि निंदनीय है। प्रेस क्लब के सभी पत्रकारों ने कांग्रेस के सभी कार्यक्रमों के बहिष्कार का फैसला लेते हुए कांग्रेस की पत्रकारों के प्रति इस दमनकारी नीति की कड़े शब्दों में निंदा की है।
केकेसी जिला कांगड़ा के अध्यक्ष रजनीश ठाकुर ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप के उस बयान पर खेद व्यक्त किया है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस को कर्मचारी विरोधी करार दिया है। असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनीश अंकु पटियाल ने कहा कि भाजपा कब से कर्मचारियों के हित की सोचने लगी, यह सुनकर प्रदेशवासी हैरान हैं। उनका कहना है अगर भाजपा कर्मचारी और पेंशन धारकों का हित चाहने वाली पार्टी है तो प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर्मचारियों और पेंशनर्स के पे स्केल की शेष राशि का पूरा भुगतान करते और कर्मचारियों और पेंशनरों के चिकित्सा बिलों का भी पूरा भुगतान अपने कार्यकाल में ही करते। उस वक्त सुरेश कश्यप ने अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री को क्यों नहीं कहा कि कर्मचारियों और पेंशनर्स की शेष राशि का शीघ्र भुगतान करें। भाजपा ने पुरानी पेंशन स्कीम क्यों लागू नहीं की। केकेसी संगठन के जिलाअध्यक्ष व सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि पेंशन धारकों के चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करें, क्योंकि कई पेंशन धारक कई जानलेवा बीमारियों से पीड़ित हैं और चिकित्सा के लिए उनको काफी पैसे की जरूरत है।
एक आरोपी के घर से 450 ग्राम चरस भी की बरामद थाना डमटाल पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एचपी 38 बी 3835 नंबर की आल्टो कार से 7.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक नुरपुर अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस द्वारा मऐहकड में नाकाबंदी के दौरान कार सवार कमलदीप पुत्र रमेश निवासी लैहरुह व पवन कुमार पुत्र गिरधारी लाल निवासी सकोह देहरी तहसील फतेहपुर से 7.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पवन कुमार के घर में नशा होने की जानकारी मिली जिस पर डमटाल पुलिस द्वारा मकान में छापेमारी की गई, जहां से 450 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के तीन फरवरी को प्रस्तावित धर्मशाला दौरे को लेकर जोरावर स्टेडियम में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस मौके पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष, कांगड़ा-चंबा प्रभारी व सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार, प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज शर्मा, भाजपा प्रदेश सचिव विशाल चौहान, जिला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु, भाजपा नेता राकेश चौधरी, जिला कांगड़ा भाजपा उपाध्यक्ष अशोक वशिष्ठ, जिला कांगड़ा भाजपा महामंत्री देवेंद्र कोहली, पार्षद वार्ड न. 16 सर्व चंद्र गलोटिया, जिला कांगड़ा भाजपा कार्यकारिणी सदस्य शमशेर नेहरिया, जिला अध्यक्ष एसटी मोर्चा नरेंद्र पठानिया, जिला कांगड़ा भाजपा कार्यकारिणी सदस्य जीवन ज्योति कोहली, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, ज़िला कांगड़ा भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष तपन मिन्हास, भाजपा मंडल धर्मशाला उपाध्यक्ष अनिल वर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री धर्मशाला मोहिंदर राणा, ज़िला कांगड़ा भाजपा मीडिया सह-प्रभारी अंकुश वर्मा, जिला कांगड़ा भाजपा कार्यालय सचिव प्रकाश चंद चौधरी, ज़िला कांगड़ा भाजपा सचिव नदीश ठाकुर, ज़िला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा मनप्रीत सिंह, जिला भाजपा कांगड़ा सचिव ओंकार बरसेन मनु सूद, गायत्री कपूर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ के प्रधान ओम प्रकाश कटोच परीक्षा संयोजक रमेश शर्मा वेब सचिव मोहन शर्मा, प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि गत वर्षों की तरह इस वर्ष भी सभा द्वारा 4 फरवरी रविवार को मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता संचालित की जाएगी, जिसके लिए हिमाचल व पंजाब क्षेत्र से 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें एक केंद्र प्राचीन शिव मंदिर परिसर में भी बनाया गया है। इसके लिए सभी केंद्रों में परीक्षा प्रभारी, परीक्षा इंविजिलेटर की नियुक्ति कर दी गई है। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा ओएमआर प्रणाली के तहत होगी और बच्चों को 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने कहा कि उत्तर पुस्तकों का मूल्यांकन भी ओएमआर प्रणाली के तहत होगा और इसमें अव्वल आने वाले मेधावी विद्यार्थियों को तीन दिवसीय जिलास्तरीय महाशिवरात्रि पर्व पर मुख्य अतिथि के कर कमलों द्वारा नकद राशि, परशस्ति पत्र, व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जायेगा।
वन मंडल नुरपुर के तहत वन परिक्षेत्र नुरपुर, इंदौरा, रे, कोटला और ज्वाली में चल रही वन मित्र भर्ती के लिए आज शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया। इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन उप मंडल के तहत नुरपुर के इंदौरा के औद्योगिक क्षेत्र मलोट, रे के जखबड, ज्वाली के कोटला में करवाया गया। नुरपुर परिक्षेत्र में 748 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 573 उपस्थित रहे, जिसमें 462 पास हुए व 111 फेल हुए। इंदौरा परिक्षेत्र के तहत 931 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 703 उपस्थित रहे । वहीं, रे परिक्षेत्र के अंतर्गत 466 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 379 उपस्थित रहे, ज्वाली परिक्षेत्र में 1216 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 875 उपस्थित रहे। इसके अलावा कोटला परिक्षेत्र में 460 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया थ, जिसमें 360 उपस्थित रहे। इन पांच परिक्षेत्रों में लगभग 3821 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 2890 अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की व 1126 फेल हुए। हालांकि बारिश के कारण प्रक्रिया थोड़ी देरी से शुरू हुई। इसके बाद पुरुषों के लिए 30 मिनट में 5 किलोमीटर व महिलाओं के लिए 10 मिनट में 1.5 किलोमीटर दौड़ प्रक्रिया पूरी की गई। डीएफओ मंडल नुरपुर अमित शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह करीब वन मित्र भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसका सफलतम आयोजन पुर्ण हुआ।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धर्मशाला प्रदीप कुमार ने बताया कि ‘राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना’ के तहत ई- टैक्सी सेल्फ ड्राइविंग के लिए 20 नवम्बर से 05 जनवरी तक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय कांगड़ा स्थित धर्मशाला को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि जांच के उपरान्त सभी मांपदड़ों के अनुसार सही पाए गए आवेदनों को ड्राइव एंड स्किल के लिए चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ताओं की ‘चालक एंव कौशल परीक्षा’ 8 ,9 व 12 फरवरी को जोरावर स्टेडियम, सिद्धबाड़ी में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक ली जाएगी। उन्होंने आवेदनकर्ताओं से आग्रह किया है कि टेस्ट के दौरान अपने समस्त दस्तावेज जैसे कि शिक्षा प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाईसेन्स, आदि साथ में लाए। इस बारे अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय कांगड़ा के दूरभाष संख्या 01892-222055 पर किसी भी कार्यदिवस में 10 बजे से 5 बजे तक संपर्क कर सकते है।
पंचरुखी हिम केयर योजना के अंतर्गत जिला कांगड़ा के निजी पैनल अस्पतालों की करोड़ों रूपये की अदायगी के चलते निजी डॉक्टर एसोसिएशन ने निर्णय किया है, कि वे जिला कांगड़ा में योजना के अंतर्गत पैनल अस्पतालों में अपनी सेवाएं देना बंद कर देंगे। किसान नेता एवं समाजसेवी मनजीत डोगरा ने कहा कि इस फैसले से जिला की आम जनता पूरी तरह से प्रभावित होगी व उपचार के लिए आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। किसान नेता मनजीत डोगरा ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि हिम केयर योजना से प्रदेश की आम जनता को उपचार में बहुत बड़ी सुविधा मिली है, यह योजना आम जनता के लिए एक वरदान के रूप में काम कर रही है अतः हिम केयर योजना के अंतर्गत पेंडिंग वित्तीय अदायगी को प्रदेश सरकार जल्द अदा करें।
नगरोटा बगवां में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में 144 अभ्यर्थियों को शाॅर्ट लिस्ट किया गया है, जिसमें सिक्योरिटी गार्ड के लिए 58 तथा होटल प्रबंधन के लिए 86 अभ्यर्थी सिलेक्ट हुए हैं। मंगलवार को रोजगार मेले में कुल 112 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवाया जिनमें से सिक्योरिटी गार्ड के लिए 26 तथा होटल प्रबंधन के लिए 16 अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया है। यह जानकारी देते हुए मेले के समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि रोजगार मेले के पहले दिन इंटेलेक्ट ग्लोबल रिसर्च एंड सॉल्यूशन कंपनी ने सिक्योरिटी गार्ड के लिए 32 अभ्यर्थी शार्टलिस्ट किए गए हैं जबकि होटल प्रबंधन में 70 अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया। 130 के करीब कुल युवाओं ने पहले दिन रोजगार मेले में अपना पंजीकरण करवाया है। रोजगार मेले के समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली तथा सरकार के अथक प्रयासों से दुबई की कंपनियों के साथ रोजगार के लिए करार किया गया है उसी के आधार पर 29 तथा 30 जनवरी को नगरोटा में दुबई की विभिन्न कंपनियों के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स तथा होटल प्रबंधन में विभिन्न पदों के लिए इंटरव्यू लिए गए हैं। इस के लिए सैलरी 50 हजार से लेकर 70 हजार प्रतिमाह होगी तथा सिलेक्टिड अभ्यर्थियों को 15 दिन बिलासपुर तथा 15 दिन बाराणसी में प्रशिक्षण दिया जाएगा इसके साथ ही स्किल डिवल्मेंट के तहत वीजा तथा हवाई टिकट भी सरकार की ओर से वहन किया जाएगा
वन रेंज रे के तहत पड़ते ब्लॉक रे ,धमेटा ,बडूखर व भोग्रवां में रखे जा रहे 16 वन मित्रों के पदों को भरने के लिए विभाग ने आवेदन आमंत्रित किए थे। इस बारे मंगलवार को जानकारी देते हुए वन रेंज अधिकारी चैन सिंह ठाकुर ने बताया कि रेंज रे की चार ब्लॉक के लिए कुल 16 वन मित्र नियुक्त किए जाएंगे। जिसके लिए 468 पुरुष व महिला आवेदकों ने आवेदन किया था। 31 जनवरी को उक्त आवेदकों की जखबड़ -पोलियाँ मार्ग पर दौड़ प्रतियोगिता करवाई जाएगी। जिसमे पुरुषों के लिए 5 किलोमीटर दौड़ को 30 मिंनट व महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ के लिए 10 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। वन रेंज अधिकारी ने आवेदकों से अपील की है कि वो बुधबार 31 जनवरी को सुबह साढे आठ बजे जखबड़ चौक पर एकत्रित हो।
विधायक ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ डंपिंग साइट का किया निरीक्षण विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ में डंपिंग साइट को हटाया जाएगा इस के लिए नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ सुधेड़ डंपिंग साइट का निरीक्षण भी किया तथा इस डंपिंग साइट से लोगों को हो रही परेशानी से अवगत भी करवाया गया। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ठोस कूड़ा कचरा को हटाने के बाद इस जगह पर पार्क बनाया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिल सके। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ तथा सुंदर बनाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं इसके साथ ही ग्रामीण स्तर पर ही कूड़ा कचरा प्रबंधन के लिए भी पंचायत स्तर पर कदम उठाए जाएंगे। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का त्वरित हल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुधेड़ के ग्रामीणों ने पहले भी डंपिंग साइट से हो रही परेशानियों के बारे में अवगत करवाया था जिसे प्रशासन के समक्ष रखा गया तथा उसका सही तरीके से हल सुनिश्चित किया जा रहा है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है तथा इस बाबत विकास की कार्य योजना भी तैयार की जा रही है ताकि ग्रामीण स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सड़क की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कमीशनर अनुराग चंद्र शर्मा तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
उपमंडल देहरा के प्रधान डाकघर परिसर में मंगलवार को मंडल स्तरीय डाक मेला व पुरुस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। उपरोक्त कार्यालय अधिक्षक बलबीर चंद की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस समारोह में बतौर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल प्रदेश डाक परिमंडल अंबेश उप मन्यु ने शिरकत की। जबकि इस दौरान देहरा मंडल भारद्वाज सहायक अधीक्षक, देहरा मंडल अमिताभ, निरीक्षक ज्वाली उपमंडल पंकज, निरीक्षक कांगडा उपमंडल आशीष ठाकुर, डाकपाल कांगडा राकेश कुमार, डाकपाल देहरा सहित अन्य विभिन्न इलाकों के डाक विभाग में तैनात कर्मचारियों, आधिकारियों द्वारा शिरकत की गई। वहीं इस समारोह में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले तमाम कर्मचारियों को सम्मानित किया गया और कर्मचारियों को चीफ़ पोस्टमस्टर जनरल, हि॰प्र॰ परिमण्डल द्वारा प्रेरित किया गया।
दूसरे दिन के प्रथम सत्र में जिला कांगड़ा, किन्नौर तथा कुल्लू के विधायकों ने अपनी प्राथमिकताएं की प्रस्तुत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज वार्षिक योजना 2024-25 के लिए विधायक प्राथमिकताओं पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। दूसरे दिन के पहले सत्र में जिला कांगड़ा, किन्नौर तथा कुल्लू के विधायकों ने अपनी प्राथमिकताएं प्रस्तुत कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आमजन के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रही है और समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की गई हैं। सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के उपेक्षित वर्ग को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन-यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन स्तर को उपर उठाने एवं स्थानीय विकास में इन बैठकों का विशेष महत्व है। वार्षिक योजना 2024-25 में प्रत्येक विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्र से सम्बन्धित पांच प्राथमिकताएं प्रस्तावित कर सकते हैं। इनमें सड़कें एवं पुल, लघु सिंचाई योजनाएं, ग्रामीण पेयजल/मल निकासी की एक-एक योजना अथवा किसी एक मद में तीन अथवा दो प्राथमिकताएं प्रस्तावित की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि रख-रखाव से सम्बन्धित एक प्राथमिकता तथा परिवहन विभाग के अन्तर्गत चार्जिंग स्टेशन सहित इलैक्ट्रिक-बस चलाने के लिए विधायक एक प्राथमिकता शामिल कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नाबार्ड से ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि (आर.आई.डी.एफ.) के तहत केवल ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण योग्य गतिविधियां ही पात्र हैं। ऐसे में नगर निगमों के अन्तर्गत आने वाले शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण, वित्त पोषण के लिए एवं विषम क्षेत्रीय विकास की समस्या का समाधान करने के लिए सरकार द्वारा सम्बन्धित विधायकों से प्राथमिकताएं मांगकर शहरी अवसंरचना विकास निधि (यूआईडीएफ) के तहत वित्त पोषण के लिए भेजी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन स्वीकृतियों के मामलों में तेजी आई है। जिला स्तर पर आयोजित होने वाली एफसीए तथा एफआरए केसों की समीक्षा बैठकों में संबंधित विधायक को भी बुलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य सरकार ने विधायक निधि से भूमिगत केबल बिछाने तथा मुख्यमंत्री लोक भवन के निर्माण कार्य के लिए भी धन उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा है, ताकि आय के साधन बढ़ें और प्रदेश आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत परिवहन निगम की बसों को ई-बसों से चरणबद्ध तरीके से बदला जा रहा है तथा राज्यभर में ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सीमित संसाधनों से आर्थिकी पर बोझ जरूर बढ़ा है, लेकिन वर्तमान सरकार के प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत तक सुधार भी आया है। उन्होंने प्रदेश की विकास नीति, वित्तीय संसाधन जुटाने, मितव्ययता, बेहतर प्रशासन, स्वरोजगार व रोजगार सृजन इत्यादि महत्वपूर्ण विषयों पर विधायकों के सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आने वाले समय में और कड़े फैसले लिए जाएंगे। जिला कांगड़ा नूरपुर से विधायक रणबीर सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सड़कों केे विस्तारीकरण का आग्रह किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र खुखलेड़ के निर्माण तथा सदवां उप- तहसील के नए भवन के निर्माण, भूमि-कटाव रोकने के लिए चक्की और जबर खड्ड में चैनलाइजेशन का आग्रह किया। उन्होंने नशा माफिया पर लगाम लगाने पर भी सुझाव दिए। इंदौरा से विधायक मलेंद्र राजन ने अपने चुनाव क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज खोलने, बसंतपुर स्कूल को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बनाने तथा नए शिक्षण संस्थान खोलने की बजाय पुराने संस्थानों को सुदृढ़ करने का आग्रह किया। उन्होंने आईटीआई गंगथ में नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने, बहुतकनीकी कॉलेज खोलने तथा भदरोहा में पुलिस चौकी खोलने की मांग की। उन्होंने नशा तथा खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए जन भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। फतेहपुर से विधायक भवानी सिंह पठानिया ने निर्माणाधीन रे कॉलेज तथा संयुक्त कार्यालय भवन फतेहपुर के कार्य को जल्द पूरा करने का आग्रह किया। उन्होंने फतेहपुर में विद्युत बोर्ड का वृत्त कार्यालय खोलने तथा शाह नहर की मरम्मत के लिए समुचित धनरशि उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया। देहरा से विधायक होशियार सिंह ने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा बेहतर वन प्रबंधन से आर्थिक संसाधन बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने इमारती लकड़ी पर आधारित उद्योग स्थापित करने तथा प्रदेश के मंदिरों में वीआईपी दर्शन पर्ची के माध्यम से राजस्व बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने लगभग 7000 पौंग बांध विस्थापितों के मुद्दे को केंद्र सरकार से उठाने का आग्रह भी किया। जसवां प्रागपुर से विधायक बिक्रम सिंह ने अपने चुनाव क्षेत्र में निर्माणाधीन पॉलीक्लीनिक का कार्य पूरा करने के लिये समुचित धन उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज जंडौर को शुरू करने तथा चुनौर औद्योगिक क्षेत्र को सुदृढ़ करने का आग्रह भी किया। ज्वालामुखी सेे विधायक संजय रतन ने मां ज्वालामुखी मंदिर का मास्टर प्लान बनाकर श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत एकीकृत केंद्र तथा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। शाहपुर से विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर मल निकासी योजना तथा खंड विकास अधिकारी कार्यालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा चंबी ग्राउंड के सुधार की मांग रखी। उन्होंने रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति के लिए समुचित कैलेंडर बनाने का भी आग्रह किया। मनाली से विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मनाली बाई-पास सड़क के कार्य में तेजी लाने आग्रह किया। उन्होंने राज्य सरकार से रोहतांग क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधियां शुरू करने, नए रोपवे लगाने तथा पर्यटन ग्राम विकसित करने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर बनाने का भी आग्रह किया। बंजार से विधायक सुरेंद्र शौरी ने एनएच-305 के सुदृढ़ीकरण की मांग की, ताकि पर्यटकों को तीर्थन घाटी तक आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने पेयजल तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त निर्माणाधीन दलासनी पुल तथा बंजार बाईपास का कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया। आनी से विधायक लोकेंद्र कुमार ने सैंज-आनी सड़क के सुधारीकरण तथा श्रीखंड यात्रा को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया। साथ ही नशे पर नकेल कसने के लिए पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने, आनी में पुलिस का ट्रैफिक विंग तथा सीए स्टोर खोलने की तथा जलोड़ी पास से सरयोलसर झील तक ई-व्हीकल चलाने का भी आग्रह किया। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, आयुष, खेल एवं युवा सेवाएं मंत्री यादविंदर गोमा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार चंद शर्मा, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार, योजना सलाहकार डॉ बसु सूद सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव, विभाग प्रमुख तथा संबंधित जिलों के उपायुक्त उपस्थित थे।
समादेशक द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह ने जानकारी दी कि इस वाहिनी की बट्ट रेंज के अंतर्गत पुलिस जवानों का वार्षिक फायरिंग अभ्यास 2 फरवरी से 4 फरवरी को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने सकोह के वार्ड नंबर 9 और ग्राम पंचायत चौतड़ू, सराह तथा सम्बन्धित क्षेत्र के लोगों से अनुरोध किया है कि किसी प्राकार की अप्रिय घटना से बचने के लिये इस दौरान फायरिंग रेंज में न जाएं और न ही अपने मवेशियों को वहां जाने दें।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र कुमार ने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए जेबीटी के 32 पदों तथा स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित के एक पद को बैच आधार पर भरने के लिए 8 व 9 फरवरी को धर्मशाला में काउंसलिंग निर्धारित की गई है। काउंसलिंग नर्सरी मिडल स्कूल धर्मशाला में की जाएगी, जिसमें 8 फरवरी को जिला कांगड़ा से संबंध रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं और अन्य जिलों के अभ्यर्थियों के लिए 9 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है। इस चयन प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं जिनका नाम संबंधित रोजगार कार्यालय में दर्ज है तथा आर एंड पी नियमों के तहत निर्धारित योग्यता पूर्ण करते हैं। **इन श्रेणियों की होगी काउंसलिंग उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में सामान्य वर्ग की 21, अन्य पिछड़ा वर्ग की तीन, अनुसूचित जाति की सात तथा अनुसूचित जनजाति के एक पद को भरने के लिए काउंसलिंग की जाएगी। वहीं स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित का एक पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। **वेबसाइट पर उपलब्ध होगा आवेदन फार्म व अन्य जानकारी मोहिंद्र कुमार ने बताया कि उक्त पदों के लिए आवेदन पत्र, आर एंड पी नियमों की कॉपी, आवश्यक दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित जानकारी कार्यालय की वेबसाइट www.ddeekangra.in पर उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रार्थी कार्यालय की वेबसाइट से बायोडाटा फार्म डाउनलोड कर उसे काउंसलिंग वाले दिन साथ लेकर आएं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01892223155 पर किसी भी कार्य दिवस में संपर्क किया जा सकता है।
शिक्षा खंड फतेहपुर के तहत पड़ते कस्बा मोच स्थित शहीद बाबू राम मैमोरियल पब्लिक स्कूल का वार्षिक समारोह प्रधानाचार्य कमल सिंह की अध्यक्षता में बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया।जिसमे बतौर मुख्यतिथि रिटायर प्रिंसिपल राजेश शर्मा ने शिरकत की तो वहीं कमेटी अध्यक्ष सैना देवी विशेष अतिथि रही। मुख्यतिथि और विशेष अतिथि का कार्यक्रम में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यतिथि ने दीप प्रज्वलन से की। जिसके बाद स्कूली बच्चों द्बारा रँगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जिन्होंने वहां मौजूद सभी लोगो का मन मोह लिया। प्रिंसिपल कमल सिंह ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। अंत में मुख्यतिथि और विशेष अतिथि द्बारा कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन जागरूकता अभियान को लेकर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कुष्ठ उन्मूलन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। जानकारी देते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी कांगड़ा डॉ राजेश सूद ने बताया कि ऐसे रोगी जिनकी त्वचा पर हल्के रंग या तांबी रंग का दाग हो या चमड़ी के रंग में बदलाव हुआ हो या हाथ या पांव में सुनपन हो यह कुष्ठ रोग हो सकता है। अगर उपरोक्त लक्षणों में से कोई भी लक्षण दिखाई दे तो तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपनी जांच करवानी चाहिए। जांच में कुष्ठ रोग की पुष्टि अगर हो तो इसका इलाज सरकार द्वारा मुफ्त किया जाता है। इसका इलाज लंबा चलता है, लेकिन पूरा इलाज करने पर व्यक्ति बिल्कुल ठीक हो जाता है। इस अवसर पर जिला कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी डॉ तरुण सूद ने बताया कि कुष्ठ रोगी के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। आज किसी व्यक्ति के शरीर में इस रोग के रोगाणु प्रवेश करते हैं तो बीमारी के लक्षण आने में कई साल साल भी लग सकते हैं। कुष्ठ रोग भी आम बीमारियों की तरह एक बीमारी है तथा इसका शत-प्रतिशत इलाज मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) से संभव है और व्यक्ति आगे किसी भी प्रकार की विकलांगता से बच सकता है। स्वास्थ्य शिक्षिका अंजलि ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में लोगों का अटूट विश्वास होता है। अत: ग्रामीण स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य एक अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोग इस बीमारी के प्रति जागरूक हों तथा समय रहते रोग का निदान एवं उपचार संभव हो सके।
नगरोटा विस क्षेत्र में साल में दो बार आयोजित किए जाएंगे रोजगार मेले: आरएस बाली -कहा, पांच हजार युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य किया निर्धारित पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस के युवाओं को रोजगार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा पांच वर्षों में पांच हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को जीवन यापन की बेहतर सुविधा मिल सके। इसके लिए नगरोटा विस क्षेत्र में वर्ष में दो बार रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नगरोटा में आयोजित रोजगार मेले के पहले दिन इंटेलेक्ट ग्लोबल रिसर्च एंड सॉल्यूशन कंपनी ने सिक्योरिटी गार्ड के लिए 32 अभ्यर्थी शार्टलिस्ट किए गए हैं, जबकि होटल प्रबंधन में 70 अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया। 130 के करीब कुल युवाओं ने पहले दिन रोजगार मेले में अपना पंजीकरण करवाया है। मंगलवार को भी रोजगार मेले में साक्षात्कार लिए जाएंगे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली की प्रयासों से नगरोटा बगबां के आईपीएच रेस्ट हाउस में दो दिवसीय मेले का सोमवार को शुभारंभ हुआ है। इससे पहले भी जुलाई माह में दो दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया जा चुका है। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस के युवाओं को रोजगार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं तथा पांच वर्षों में पांच हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को जीवन यापन की बेहतर सुविधा मिल सके। इस अवसर पर कंपनी डायरेक्टर बरियाम सिंह, अश्विनी संख्यान संजीव कुमार रोहित सिंह और रोजगार मेले के कोऑर्डिनेटर अमित सूद उपस्थित रहे।
-पालमपुर में एक फरवरी को आयोजित होगा जिला स्तरीय ईट राइट मिलेट्स मेला पौष्टिक आहार विशेषतौर पर मोटे अनाज के उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय ईट राइट मिलेट्स मेले का आयोजन पालमपुर के शहीद कैप्टन विक्रम बतरा पुलिस में 1 फरवरी को किया जाएगा। मेले की तैयारियों को आज डीसी कार्यालय के सभागार में एडीसी सौरभ जस्सल की अध्यक्षता में बैठक भी आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियम विभाग के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित किए जा रहे ईट राइट मिलेट्स मेले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर राहुल कटोच, फूड सेफ्टी ऑफिसर सविता ठाकुर, उपनिदेशक शिक्षा विभाग सुधीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। मिलेट्स उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी मेले में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा मिलेट्स के उत्पादों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मिलेट्स उत्पादों पर आधारित शैफ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। मिलेट्स या मोटा अनाज को सुपर फूड कह सकते हैं। इसमें खास सेहतमंद गुण होते हैं। पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज के अंतर्गत आठ फसलें शामिल हैं। इसमें ज्वार, बाजरा, रागी, सावां, कंगनी, चीना, कोदो, कुटकी और कुट्टू को मोटा अनाज की फसल कहा जाता है। इस मेले का खास आकर्षण यहां लगने वाले हेल्दी फूड के स्टाल रहेंगे। इसके अलावा हिमालय जैव प्रौद्योगिकी संस्थान के हैल्थ फूड प्रोडक्टस का स्टाल भी लगाए जाएंगे। फूड साइंस क्विज, फूड एक्सपर्ट टॉक मेले में फूड साइंस क्विज, फूड एक्सपर्ट टॉक का आयोजन भी किया जाएगा। फूड साइंस क्विज में विभिन्न स्कूलों के छात्रों की टीमें भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त तम्बोला व लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी।
जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस के आयोजन पर पुलिस मैदान, धर्मशाला में सोसायटी द्वारा रेडक्रॉस लक्की ड्रा आम जनता के समक्ष निकाला गया। यह जानकारी आज सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी ओम प्रकाश शर्मा ने दी। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी, कांगड़ा द्वारा अजय कुमार पुत्र बिशंभर दास निवासी बदुही, नूरपुर को 15 अगस्त 2023 के दूसरे पुरस्कार के रूप में 32 इंच का एक एलईडी टीवी व दिनेश कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी टांडा खोली को 15 अगस्त 2023 के छठे पुरस्कार के रूप में एक इंडक्शन चुल्हा वितरित किये गये। इसके अतिरिक्त जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा दो दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग (नकली टांग) नि:शुल्क प्रदान की गई। इस अवसर पर 26 जनवरी, 2024 को पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित रेडक्रास लक्की बैग ड्रा के परिणामों में टिकट नंबर 049338 को स्कूटी, टिकट नंबर 051293 को 32 इंच एलईडी टीवी, टिकट नंबर 016096 को रेफ्रिजरेटर, टिकट नंबर 015406 को वाशिंग मशीन, टिकट नंबर 020980 को एंड्रॉइड मोबाईल, टिकट नंबर 019759 तथा 025838 को इंडक्शन चूल्हा, टिकट नंबर 054626 तथा 083207 को सिलाई मशीन तथा टिकट नंबर 090246 व 083573 को 2500 रुपये का सांत्वना पुरस्कार निकला। सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने बताया कि यह विजयी पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विजेता को मूल टिकट एक माह के भीतर जिला रेडक्रास सोसायटी के कार्यालय में जमा करवानी आवश्यक होगी।
सिंगल यूज प्लास्टिक (एसयूपी) के उपयोग की रोकथाम के लिए सभी विभागों को कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। जिला कांगड़ा में आने वाले दिनों में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले दुकानदारों और विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई कर उनके चालान किए जाएंगे। धर्मशाला स्थित डीआरडीए सभागार में आज राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशों की अनुपालना के तहत आयोजित जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद जिले में कईं स्थानों पर दुकानदार इनका उपयोग करते पाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पंद्रह दिनों में जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वाले 12 विक्रेताओं के नौ हजार रूपये के चालान किए जा चुके हैं। एडीसी ने कहा कि आने वाले दिनों में यह मुहीम रफतार पकड़ेगी और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और विक्रय करने वाले दुकानदारों के चालान करने के साथ उनके उपर नियमानुकूल कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। यह प्रॉड्क्ट्स हैं प्रतिबंधित अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि प्लास्टिक कचरा प्रंबधन नियम 2016 (संशोधित) नियम (4) के अनुसार पॉलिस्ट्रीन सहित प्लास्टिक स्टिक वाले ईयरबड्स, गुब्बारों के लिए प्लास्टिक की छड़ी, प्लास्टिक के झंडे, आइसक्रीम में प्लास्टिक स्टिक, सजावट के लिए पॉलिस्ट्रीन (थर्मोकॉल) एवं प्लेट, कप, गिलास, प्लास्टिक की कटलरी जैसे कांटे, चम्मच, चाकू, स्ट्रा, ट्रे, मिठाई के बक्से तथा 10 माइक्रोन से कम प्लास्टिक या पीवीसी बैनर पर प्रतिबन्ध है। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन का निर्माण, आयात, स्टॉकिंग, वितरण, बिक्री और उपयोग करने वाले पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई उन्होंने बताया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत उचित समझे जाने वाली कार्यवाही, जिसमें माल की जब्ती, पर्यावरण क्षतिपूर्ति की वसूली, उद्योगों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के संचालन को बंद करने जैसी कार्यवाही की जाएगी। इन कार्यों की हुई समीक्षा बैठक में जिले में एनजीटी के तहत गठित कमेटियों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल तथा उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से सॉलिड वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, ई-वेस्ट तथा कंस्ट्रक्शन वेस्ट आदि के प्रबंधन के लिए जो नियम बनाए गए है, उनका सफल तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करवाना विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
डमटाल थाना के अंतर्गत आती ढांगू पीर चौकी के साथ लगते ढांगू रेलवे पुल पर पुलिस गार्ड में तैनात एक पुलिस कर्मचारी ने अपनी सर्विस राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी ढांगू पीर के प्रभारी राजपाल ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे और घटना स्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया, इसमें डॉक्टर हितेश पटियाल ने घटनास्थल से ब्लड सैंपल एकत्रित किए। पुलिस ने घटनास्थल से सर्विस राइफल की गोलियां व खाली खोल बरामद किए। पुलिस कर्मचारियों की पहचान एचएएस आई विजय कुमार सीआरबी गारद नंबर-1 पुत्र जैसी राम गांव तयौडा तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सूद सभा धर्मशाला का परिवार मिलन समारोह आयोजित आपसी मेलजोल को आगे बढ़ाने में सूद सभा धर्मशाला हमेशा अग्रसर रही है। इसी शृंखला को आगे बढ़ाते हुए इन वर्ष सूद परिवार मिलन समारोह का आयोजन रविवार को जोधामल सराय डिपो बाजार धर्मशाला में मनाया गया। इस अवसर पर राय बहादुर जोधामल कुठियाला की हिमाचल प्रदेश में पहली प्रतिमा का अनावरण मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल राय बहादुर जोधामल कुठियाला के पौत्र डॉ. अतुल सूद एवं मधु सूद की उपस्थिति में किया। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने कहा कि धर्मशाला में सूद बिरादरी का एकत्रित होकर ऐसे समारोह करवाना गर्व की बात है। इस तरह के समागमों से समूह बिरादरी को एक मंच पर एकत्रित होने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि सूद बिरादरी का गौरवमयी इतिहास है। समाज के हर क्षेत्र में सूद बिरादरी का योगदानरहा है। सूद बिरादरी के लोग शिक्षा, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। सूद बिरादरी का इतिहास रहा है कि वे जहां भी रहे अपने साथ सामुदायिक विकास की गंगा भी बहाते रहे। उन्होंने न केवल अपनी बिरादरी बल्कि समूचे समाज को अपने परिवार का हिस्सा मानकर क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इससे पहले सूद सभा के अध्यक्ष नरेश सूद एवं मुख्य सचिव सत्यपाल सूद ने प्रदेश सरकार से धर्मशाला में सूद म्यूजियम बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा की राय बहादुर जोधामल कुठियाला की याद में धर्मशाला में पहली प्रतिमा स्थापित की गई है। इस अवसर पर पालमपुर सूद सभा के अध्यक्ष बीके सूद, संतान धर्म सभा के अध्यक्ष सुनील मनोचा, सूद सभा अध्यक्ष नरेश सूद सहित मेधावी बच्चों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने धर्मशाला में सूद म्यूजियम निर्माण के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। इस मौके पर कोषाध्यक्ष सुरिंदर कशयप, सीनियर वाईस प्रसिडेंट प्रेम सूद, सह सचिव निशा सूद और चीफ पैटर्न त्रिलोक चंद सूद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
देहरा एक्स पैरामिलटरी वेल्फेयर एसोसिएशन का एक डेलिगेशन उपाध्यक्ष जगदीश गुलेरिया व महासचिव अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में पूर्व मंत्री व वर्तमान जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर से ढलियारा में मिला। उनसे सीजीएचएस बैलेंस सेंटर देहरा में खोलने का आग्रह किया व सीपीसी कैंटीन में जीएसटी का 50 प्रतिशत की छुट के संदर्भ में विचार-विमर्श हुआ। पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने डेलिगेशन की समस्याओं को ध्यान पूर्वक सुना व इन मुद्दों को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से उठाने का आश्वासन दिया।
देहरा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धवाला की बैठक आज अंजना देवी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस मतस्य विभाग के अध्यक्ष व लोकसभा क्षेत्र शिमला के कोऑर्डिनेटर नरदेव कंवर ने शिरकत की। ग्रामवासियों ने उनका वहां पहुंचने पर पुष्प देकर स्वागत किया गया। लोगों ने उसके समक्ष स्वास्थ्य, डंगो व बरसाती आपदा में मकानों और रास्तों को पहुंची क्षति आदि की समस्याएं रखीं। कुछ समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया और शेष बची समस्याओं का जल्द निपटारा करने का अश्वासन दिया। इस दौरान तीन अनाथ बच्चे अनूप कुमार जिसका फैमिली में एक भी सदस्य नहीं है और दो बच्चे मोनिका और पंकज कुमार जिनके माता-पिता नहीं है, इनको सीएम सुक्खू द्वारा चलाई गई सुख आश्रय स्कीम के तहत उच्च शिक्षा दिलवाने के लिए नाम दर्ज करवाया और उन बच्चों को आश्वासन दिलाया कि उसकी सारी पढ़ाई का खर्चा हिमाचल प्रदेश सरकार करेगी। इसी दौरान उन्होंने लोगों को सरकार की नई नीतियों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में सरकार 10 हजार सरकारी नौकरी में पदों को भरने जा रही है। इस दौरान उनके साथ एसडीएम देहरा, पंचायत मेंबर सरूप सिंह, संजोगिता देवी, संजीवना देवी, अनुराधा, महेंद्र सिंह, शक्ति चंद, ब्लाक उपाध्यक्ष विजय थोवा, महासचिव रिम्पी ठाकुर, देहरा पार्षद मुकेश वालिया सहित हरवंस लाल मि_ू आदि उपस्थित रहे।
29 व 30 जनवरी को होगा रोजगार मेले का आयोजन दुबई के लिए 100 से ज्यादा सिक्योरिटी गार्ड के लिए होगा साक्षात्कार होटल प्रबंधन में शेफ, कैटरिंग, हाउस कीपर, सर्विस-स्टाफ के लिए इंटरव्यू पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि अब विदेशों में भी नगरोटा के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस बाबत दुबई की कुछ कंपनियों के साथ हिमाचल सरकार ने करार किया है। उन्होंने कहा कि नगरोटा के आईपीएच के विश्राम गृह में 29 तथा 30 जनवरी को नगरोटा विस क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, इसमें दुबई की विभिन्न कंपनियों के लिए 100 से ज्यादा सिक्योरिटी गार्ड के पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही होटल प्रबंधन में शैफ, कैटरिंग, हाउस कीपर, सर्विस स्टाफ के पदों के लिए भी भर्ती की जाएगी। आरएस बाली ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चुनावों से पहले रोजगार संघर्ष यात्रा भी नगरोटा बगबां से ही आरंभ की गई थी। उन्होंने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र में वर्ष में दो बार रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को घर द्वार पर रोजगार के अवसर मिल सकें। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र में विकास पुरूष स्व जीएस बाली के जन्म दिन पर जुलाई माह में पहला दो दिवसीय रोजगार मेला आयोजित किया गया था जिसमें आयोजित रोजगार मेले के पहले दिन 670 युवाओं को नामी गिरामी कंपनियों में रोजगार के लिए चयनित किया गया। दूसरे दिन रोजगार मेले में 450 युवाओं का चयन किया था। रोजगार मेले के समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली तथा सरकार के अथक प्रयासों से दुबई की कंपनियों के साथ रोजगार के लिए करार किया गया है उसी के आधार पर 29 तथा 30 जनवरी को नगरोटा में दुबई की विभिन्न कंपनियों के लिए सिक्योरिटी गार्ड्स के लिए इंटरव्यू लिए जाएंगे इसमें 24 से 35 आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं, दस जमा दो उत्तीर्ण होना जरूरी है। न्यूनतम उंचाई पांच फुट सात इंच तथा वजन साठ किलो होना चाहिए। इस के लिए सैलरी 50 हजार से लेकर 70 हजार प्रतिमाह होगी तथा सिलेक्टिड अभ्यर्थियों को 15 दिन बिलासपुर तथा 15 दिन बाराणसी में प्रशिक्षण दिया जाएगा इसके साथ ही स्किल डिवल्पमेंट के तहत वीजा तथा हवाई टिकट भी सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। इसके साथ ही होटल प्रबंधन में भी विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे।
आरोपी के कब्जे से 12 मोबाइल, दो लैपटाप, नौ सिम कार्ड, पैन ड्राइव और नकदी बरामद हिमाचल प्रदेश सीआईडी के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी की टीम ने 12.56 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली से नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 12 मोबाइल, दो लैपटाप, नौ सिम कार्ड, पैन ड्राइव और नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने इन सभी को अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में अन्य ठगी भी उजागर हो सकती है। फिलहाल यह पूरा मामला गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार साइबर क्राइम थाना मंडी में बीते 8 सितंबर, 2023 को 12.56 लाख रुपये आनलाइन धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था। इसमें शिकायतकर्ता को ऑनलाइन शादी का झांसा देकर तोहफा भेजने और कस्टम ड्यूटी फीस के नाम पर यह राशि ऐंठी गई थी। शिकायत मिलने और जांच पड़ताल के बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी में टीम का गठन किया था, जिसमें निरीक्षक अजित सिंह, मुख्य आरक्षी आशीष कुमार, आरक्षी राज कुमार, आरक्षी आशिष पठानिया व आरक्षी चालक पुष्प राज को दिल्ली रवाना किया गया। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी की टीम ने दिल्ली में दिल्ली पुलिस के उप निरीक्षक जोगिंद्र, आरक्षी मनीष, शिवानी, मेवा राम की सहायता से दबिश दी और एक नाइजीरियन मूल के व्यक्ति को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। जांच में पाया गया है कि मुकदमा में संलिप्त मोबाइल नंबर और बैंक खातों में धोखाधड़ी करके पैसे एंठने की भारत में अभी तक 9 राज्यों में साइबर क्राइम की शिकायतें दर्ज हुई हंै। आरोपी को न्यायालय हमीरपुर में पेश किया गया और छह दिन का रिमांड हासिल कर पूछताछ की गई। आरोपी को शनिवार को न्यायायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि पुलिस जांच जारी है। उधर, एएसपी साइबर क्राइम मनमोहन ने बताया कि मामले में नियमानुसार सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा चार दिवसीय नौकरी प्रशिक्षण का समापन सरकारी महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज रैहन में हुआ। व्यावसायिक शिक्षक इंजीनियर शैलेंद्र कुमार, इंजीनियर कामिनी सालरिया, फ्रीलांसिंग पर प्राइवेट स्कूल में तैनात कंप्यूटर शिक्षक मीनाक्षी, आईसीटी स्किल्स पर नियुक्त प्राइवेट आईटीआई में तैनात कोपा इंस्ट्रक्टर कुमारी मनीषा, सॉफ्टवेयर डिजाइनिंग बेसिक्स विषय हिमाचल प्रदेश तकनीकी यूनिवर्सिटी से परास्नातक अरुण कुमार, पाइथन विषय पर प्रोफेसर लवली, प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से डिस्टेंस लर्निंग सेंटर कार्यरत कंप्यूटर शिक्षक कुमारी ज्योति बाला, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस विषय पर और मल्टी नेशनल कंपनी में कार्यरत इंजीनियर शिवेंद्र वीर सिंह सहगल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषय पर गेस्ट लेक्चरर करवाए गए। व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री जैसे नोटबुक, प्रैक्टिकल नोटबुक, पेन, पेंसिल, स्केच, रबर व चार्ट आदि निशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर रहे व्यावसायिक शिक्षक और आउटसोर्स महासंघ के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि मंत्रालय सरकार का एक अभिन्न अंग है और सबका साथ सबका विकास नीति को कार्य रूप देने में सहायक होता है। सरकार की मानव और भौगोलिक संसाधनों के विकास उनके अपने देश की जनसंख्या में आने वाले वर्षों में उनका प्रयोग उनकी प्रकृति के लिए करना उद्देश्य है फिर इसके लिए व्यापक और व्यावहारिक प्रपत्र तैयार करना इस प्रक्रिया का भाग है। इसके लिए पहले ही निर्धारण नीति एनडीपीएस 2009 पर नए छष्टिकोण से विचार करना अति आवश्यक है। कौशल विकास और व्यापार 2015 नीति का उद्देश्य विकास के सामने आने वाले चुनौतियों का तीव्र गति से गुणवत्ता के साथ मुकाबला करना है इसका उद्देश्य सब कुशल क्षेत्र को अपने में केंद्रित करना है।
प्रदेश सरकार ने एक निर्णय के तहत वन संरक्षण अधिनियम 1980 को निरस्त कर जनजातीय क्षेत्रों में भूमिहीन लोगों को नौतोड भूमि देने का निर्णय लिया है। जिसका किसान नेता एवं समाजसेवी मनजीत डोगरा ने स्वागत किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल जनजातीय क्षेत्रों तक सीमित न किया जाए, बल्कि पूरे प्रदेश में गरीब भूमिहीन लोगों को नौतोड भूमियों का आवंटन किया जाए। अतिरिक्त पड़ी भूमि जिस पर वन संरक्षण अधिनियम लागू होता है, उस भूमि को गरीब भूमिहीन लोगों में आवंटित कर दिया जाए। क्योंकि पिछले 40-50 वर्षों से निरंतर बढ़ती जनसंख्या के दबाव के कारण प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान भूमिहीन की श्रेणी में आ चुके हैं। इसके अलावा मनजीत डोगरा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश में दो कनाल भूमि से कम भूमि मालिक किसानों को तीन बीघा भूमि अतिरिक्त पड़ी भूमि में से दी जाए। भूमिहीन किसानों में भूमि आवंटित करने से प्रदेश में कृषि की को बल मिलेगा, कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बहु-अयामी विकास देखने को मिलेगा।
26 जनवरी के गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा में आयोजित हुए परेड समारोह में शामिल होने के लिए पुलिस मुख्यालय शिमला द्वारा द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह के जवानों की एक टुकड़ी को नियुक्त किया गया था, जिसमें एसीओ मनोज कुमार की अगुआई में कुल 35 जवानों ने इस परेड में भाग लिया। परेड का नेतृत्व एएसआई सतीश कुमार द्वारा किया गया। उक्त परेड में कुल 13 कंर्टिजेंट्स ने भाग लिया था, जिसमें द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह के जवानों द्वारा परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके सर्वश्रेष्ठ कंर्टिजेंट पुरस्कार हासिल किया। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, डॉ. खुशहाल शर्मा समादेशक द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी व सभी अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी जवानों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीहन में शुक्रवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में ढलियारा वार्ड से जिला परिषद सदस्य ईशान शर्मा मुख्य अतिथि रहे। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने सालाना रिपोर्ट मुख्य अतिथि के समक्ष रखी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। वहीं, मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। इस दौरान उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी बांटे। ईशान ने बीहन स्कूल को 21 हजार रुपये दिए। साथ ही दो पंखे भी भेंट किए। प्राथमिक पाठशाला बीहन और नंगल के लिए भी दो दो पंखे भेंट किए। साथ ही बीहन स्कूल, प्राइमरी स्कूल नंगल और हुसैन अकादमी को दो-दो सोलर लाइटें भेंट कीं। समारोह में होशियार सिंह, अशोक कुमार, राजिदंर कुमार, विजय पाल सिंह, अनिल डोगरा, तरसेम ठाकुर, अनिल कुमार और रेखा आदि मौजूद रहे।


















































