नगर निगम शिमला के चुनाव प्रभारी, पूर्व मंत्री व विधायक सुखराम चौधरी ने बुधवार को कसुम्पटी वार्ड में पँहुच कर वार्ड में चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। सुखराम चौधरी ने चुनाव प्रचार को तेज करते हुए कांग्रेस पार्टी पर कड़ा हमला किया है। कसुम्पटी में भाजपा उम्मीदवार रचना झीना शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क करते हुए जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। सुखराम ने कहा कि कांग्रेस का झूठ का घड़ा भर चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार झूठ वादे करके सत्ता में आई कांग्रेस, जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि 4 महीनों में जिस प्रकार से कांग्रेस की सरकार का ग्राफ गिरा है, उससे साफ है कि जनता अब कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि कहा कि शिमला की जनता को कभी भी कांग्रेस राहत नहीं दे पाई है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के जोगिंद्र नगर से विधायक व शिमला नगर निगम में कसुम्पटी के प्रभारी प्रकाश राणा ने कहा कि कांगेस बताए कि शिमला के लिए किया क्या है ? वहीं, कसुम्पटी से भाजपा प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने इस जनसंपर्क के दौरान कहा कि कसुम्पटी का विकास ही मेरा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनता का जिस प्रकार से सहयोग समर्थन मिला है, निश्चित रूप से हम कसुम्पटी के विकास की आवाज को बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि सबको साथ लेकर के चलेंगे और शिमला नगर निगम से कसुम्पटी का हक लिया जाएगा। रचना ने कहा कि एम्बुलेंस योग्य रोड बनाने की बात होगी, ड्रेनेज की बात ठीक करेंगे, स्ट्रीट लाइट व्यवस्थाओं को सुधारने की बात हो हर मसले को हल करवाने के लिए काम किया जाएगा ।उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से क्षेत्र में नशे के विरुद्ध अभियान भी शुरू किया जाएगा और युवाओं के लिए ओपन का प्रबंध भी किया जाएगा ।उन्होंने कहा कि नगर निगम में कसुम्पटी को आदर्श वार्ड बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।
नगर निगम शिमला चुनाव समन्वय समिति के अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर कार्य करने व पार्टी के सभी प्रत्यशियों की जीत के लिए पूरे तालमेल से काम करने को कहा हैं। उन्होंने कहा है कि शिमला नगर निगम चुनाव में पार्टी के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने दावा किया है कि शिमला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत होगी। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चुनाव समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कौल सिंह ठाकुर ने कहा विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस का यह चुनाव दूसरी परीक्षा है, जिसमें कांग्रेस को सफल होना हैं। उन्होंने कहा कि जिसे जो भी जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाना हैं। कौल सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों के लिये गठित सभी कमेटियों से आपसी तालमेल व पूरी कार्यकुशलता से करने को कहा हैं। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह,कौल सिंह ठाकुर,रोहित ठाकुर,सुधीर शर्मा,आशा कुमारी, कुलदीप कुमार,रामलाल ठाकुर व किशोरी लाल मौजूद थे। चुनाव समन्वय समिति ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह के आज एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत हुई है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस उनके कुशल नेतृत्व में नगर निगम के चुनावों में भी शानदार जीत हासिल करेगी और महापौर व उप महापौर कांग्रेस के ही बनेंगे। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र शिमला शहर व लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिये पार्टी की वचनबद्धता है जिसे वह हर हाल में पूरा करेगी। राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता करते हुए कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को कंगाली के द्वार पर लाकर खड़ा कर दिया है। वाबजूद इसके कांग्रेस अपनी सभी गारंटी को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 75 हजार करोड़ का कर्ज व 1100 करोड़ की देनदारियां सुक्खू सरकार को विरासत में मिली है वाबजूद इसके विकास की गति को कमजोर नही होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर लाने के लिये प्रयास शुरू कर दिए हैं। कौल सिंह ठाकुर ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनै कार्यकाल के दौरान स्मार्ट सिटी के धन का सही उपयोग नही किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय मिला एक बड़ा प्रोजेक्ट जेएनयूआरएम का पैसा भी भाजपा खर्च नही कर पाई। उन्होंने कहा कि अब वह इन चुनावों में लोगों को झूठे वादे कर गुमराह करने की कोशिश कर रही है जिसमें वह कभी सफल नही होगी।
ज़िला परिषद सोलन की त्रैमासिक बैठक 28 अप्रैल को प्रातः 11.00 बजे ज़िला परिषद भवन सपरून सोलन के बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। यह जानकारी ज़िला परिषद के सचिव जोगिंद्र प्रकाश राणा ने दी।
पशु पालन विभाग सोलन द्वारा 29 अप्रैल को विश्व पशु चिकित्सा दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां उप निदेशक पशु स्वास्थ्य सोलन डाॅ. बीबी गुप्ता ने दी। डाॅ. गुप्ता ने कहा कि सोलन ज़िला के पशु चिकित्सा पाॅलीक्लीनिक कोटलानाला में यह दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विश्व पशु चिकित्सा दिवस का विषय पशु चिकित्सा पेशे में विविधता, समानता और समावेशिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस विषय में ज़िला के समस्त पशु चिकित्सा अधिकारियों को जागरूक किया जाएगा। डाॅ. गुप्ता ने कहा कि विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य पशु स्वास्थ्य देखभाल और पशु क्रूरता को रोकने के संबंध में लोगों को जागरूक करना है। डाॅ. बीबी गुप्ता ने कहा कि इस दिन बेसहारा तथा पालतू शवानों का निःशुल्क रेबीज टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह टीकाकरण कोटलानाला स्थित पशु चिकित्सा पाॅलीक्लीनिक के साथ-साथ उप मण्डलीय पशु चिकित्सा अस्पताल धर्मपुर, अर्की, नालागढ़ तथा कण्डाघाट में किया जाएगा। उन्होंने पशु पालकों से आग्रह किया कि इस दिन अपने-अपने शवानों का टीकाकरण करवाएं तथा बेसहारा शवानों के टीकाकरण में भी सहायता करें।
श्रम एवं रोज़गार विभाग द्वारा 3 मई को ज़िला सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में मेगा रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने दी। ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि रोज़गार मेले में नामी-गिरामी निजी कंपनी भाग ले रही हैं। इस मेगा रोज़गार मेले में युवाओं को व्यापक स्तर पर रोज़गार प्राप्त होगा। संदीप ठाकुर ने कहा कि रोज़गार मेले में विभिन्न रिक्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, बीएससी, एमएससी, बीफार्मा, डीफार्मा, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक, वेलडर, आटोमोबाईल, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, बीटैक, एमटैक, इलैक्ट्रिकल कैमिकल, कंप्यूटर सांइस, फुटवियर में डिप्लोमा व डिग्री निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि रोज़गार के लिए युवाओं की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपने योग्यता संबंधी सभी अनिवार्य प्रमाण-पत्रों व दस्तावेज़ों सहित सोलन ज़िला के ठोडो मैदान में 3 मई को प्रातः 09.30 बजे पहुंचकर रोज़गार मेले में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार 01792-227242, 70189-18595, 78768-26291 तथा 98170-69798 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने युवाओं का आह्वान किया कि देवभूमि हिमाचल की पवित्रता को बनाये रखने के लिए नशे से दूर रहें और प्रतिज्ञा लें कि नशा नहीं करेंगे। राज्यपाल आज सोलन जिले के नौणी स्थित डाॅ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में छात्रों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, उन्होंने 75 लाख रुपये की लागत से पहाड़ी शैली में निर्मित विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेशद्वार का उद्घाटन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की अंतर कालेज खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने हिमाचल के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने इस संस्थान से जुड़े लोगोें से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल की सेब राज्य के रूप में देश-विदेश में पहचान है। शिक्षा, शोध व प्रसार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बागवानी व सम्बद्ध क्षेत्रों के विकास में इस विश्वविद्यालय ने सक्रिय भूमिका निभाई है और अपनी स्थापना की प्रासंगिकता को साबित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को सेब राज्य के रूप में पहचान दिलाने में भी विश्वविद्यालय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय की शैक्षणिक संस्थानों की अटल रैंकिंग के तहत वर्ष 2021 में इस विश्वविद्यालय को प्रोमिसिंग बैंड में 11वां स्थान प्राप्त हुआ है। वर्ष 2022 में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा भी देश के 72 कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिग में इस विश्वविद्यालय को 22वां स्थान प्रदान किया। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि हाल ही में न्यूयाॅर्क में आयोजित ग्रीन स्कूल काॅन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय को इंटरनेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी अवार्ड-2022 से नवाजा गया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। शुक्ल ने कहा कि शिक्षण कार्य के साथ-साथ यहां खेलकूद व अन्य गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं और यहां अध्ययनरत लोकेश भनोट और संध्या जैसे छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्वविद्यालय में अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थाओं द्वारा वित्त-पोषित 99.41 करोड़ रुपये की 89 परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं, जिनमें से 2022-23 में 9.92 करोड़ रुपये की 28 परियोजनाएं प्राप्त की गई हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को अनुसंधान, नवोन्मेष और तकनीक के माध्यम से किसानों को अच्छी और कम लागत की तकनीक उपलब्ध करवाने पर बल दिया। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर वैज्ञानिकोें से अपील की कि वे बागवानों को प्राकृतिक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित करें। राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती के अंतर्गत कुछ फसलों की उत्पादन विधि का मानकीकरण किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राकृतिक खेती के अंतर्गत अन्य फसलों के मॉडल भी तैयार किए जाएं। उन्होंने विश्वविद्यालय के सहयोग से प्रदेश की पहली प्राकृतिक खेती पर आधारित किसान उत्पादकता कम्पनी का गठन करने और इस कम्पनी से ‘बी’ और ‘सी’ ग्रेड के सेब का प्रसंस्करण विश्वविद्यालय में होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक शोध को प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर इसे बागवानों तथा खेतों तक ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने सघन अनुसंधान की आवश्यकता पर भी बल दिया तथा कहा कि आज के बदलते परिवेश में कार्यों में तेजी व गुणवत्ता लाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। पद्मश्री विद्यानंद सरैक, विधायक विनोद सुल्तानपुरी और अजय सौलंकी, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप, सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र शर्मा, जिला प्रशासन के उच्च अधिकारी, चार महाविद्यालयों से प्रतियोगिता में भाग ले रहे छात्र-छात्राएं, विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा में 12 जून को "बाल सत्र" का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कुल 68 बच्चे भाग ले सकेंगे तथा वे मुख्यमंत्री, स्पीकर, मंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा पक्ष व विपक्ष के विधायक की भूमिका भी निभायेंगे। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा देश की दूसरी विधान सभा है जहां "बाल सत्र" का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व डिजिटल बाल मेला और एलआईसी द्वारा ही राजस्थान विधान सभा में वर्ष 2021 में "बाल सत्र" का आयोजन किया गया था।
नगर परिषद जोगिंद्र नगर के तीन मनोनीत पार्षदों को एसडीएम जोगिंद्र कृष्ण कुमार शर्मा ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें रंजन शर्मा, प्रशांत शर्मा व अधिवक्ता सुनित कुमार शामिल हैं। एसडीएम जोगिंद्र नगर कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने नगर परिषद जोगिंद्र नगर में तीन सदस्यों को मनोनीत किया है, जिन्हें आज पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई है। नगर परिषद में मनोनीत तीनों पार्षदों ने नियुक्ति के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है तथा कहा कि नगर परिषद के विभिन्न विकास कार्यों में वे अपना पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। वहीं, प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पोस्ट कोड 939 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए) आईटी पेपर लीक मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। पेपर लीक मामले में एसआईटी द्वारा दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक भंग किए जा चुके वरिष्ठ सहायक उमा आजाद की भांजी ममता उर्फ सोनिया और दूसरी आरोपी दलाल सोहन सिंह की धर्मपत्नी शैलजा शामिल हैं। बीते दिनों दोनों को पूछताछ में शामिल होने के लिए हमीरपुर विजिलेंस थाना बुलाया था। जहां पर लंबी पूछताछ करने के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीँ अब इन दोनों महिला आरोपियों को आज हमीरपुर न्यायालय में पेश किया जाएगा । गौरतलब है कि पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी भर्ती परीक्षा मामले में अभी तक छह लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि कांग्रेस की वचनबद्धता को देख कर भाजपा हताशा में है। भाजपा के पास शिमला शहर के विकास लिए न तो पहले कोई विज़न था और न आगे है। भाजपा ने शिमला नगर निगम चुनाव से पहले ही अपनी हार मान ली है, क्योंकि उसे लोगों का कोई भी समर्थन नहीं मिल रहा है। किमटा ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को शिमला शहर के लिए कांग्रेस का एक विज़न डॉक्यूमेंट बताते हुए कहा कि सुक्खू सरकार शिमला शहर व लोगों को मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करते हुए असल में इसे स्मार्ट सिटी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कांग्रेस की वचनबद्धता पर सवाल उठाने का कोई हक़ नहीं है। किमटा ने कहा कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने अपने कार्यकाल में स्थानीय लोगों के लिए जो भी घोषणाएं की थीं, एक भी पूरी नहीं हुई। लोगों पर टैक्स थोपे गए, जबकि सुविधाओं के नाम पर उन्हें गुमराह किया जाता रहा। शिमला शहर में पेयजल आपूर्ति कभी नियमित नहीं हो पाई, जबकि इसके मूल्यों में बढ़ोतरी होती रही। नगर निगम अपना खजाना तो भरता रहा पर लोगों को कोई भी राहत नहीं दी गई। किमटा ने भाजपा की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सत्ता में रहते हुए भाजपा ने कोई ऐसा काम नहीं किया, जिससे वह लोगों से वोट मांग सके। अब भाजपा लोगों को झूठे सपने दिखाने का असफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों की तरह शिमला नगर निगम चुनावों में भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
एसपी हमीरपुर ने नादौन पुलिस थाना के एसएचओ सहित 3 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। एसपी डॉ. आकृति शर्मा मंगलवार रात नादौन पुलिस थाना के औचक निरीक्षण पर पहुंची थीं। इस दौरान पुलिस थाना के एसएचओ सहित 3 अन्य पुलिस कर्मी नशे की हालत में पाए गए, जिनका एसपी ने मौके पर ही मेडिकल करवाया। तीनों सस्पेंड पुलिस कर्मचारियों को लाइन हाजिर कर हमीरपुर हेडक्वार्टर फिक्स कर दिया गया है। एसपी डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि जल्द ही नादौन पुलिस थाना में नए एसएचओ की तैनाती की जाएगी। बता दें कि नादौन थाना मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
राज्य के लोगों के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 को अधिक सुलभ और सरल बनाने के लिए सरकार इसमें नई सुविधाएं जोड़कर मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को हेल्पलाइन के लिए एक व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित करने का निर्देश दिया है। इससे नागरिकों को उनकी शिकायतों पर अद्यतन जानकारी प्राप्त करने, प्रतिक्रिया प्रदान करने, कॉलबैक का अनुरोध करने और नई शिकायतें दर्ज करने की और बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। शिकायत संबंधी सुविधाओं के अलावा, व्हाट्सएप चैटबॉट विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जानकारी भी प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे व और अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए अपने कामकाज में वृहद स्तर पर प्रौद्योगिकी को शामिल करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप चैटबॉट का विकास पहले ही शुरू किया जा चुका है, और इस नई सुविधा से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 की दक्षता और पहुंच में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे नागरिकों के लिए जानकारी प्राप्त करना और अपनी शिकायतों का समाधान और आसान हो जाएगा। राज्य सरकार आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी विभागों की हेल्पलाइन सेवाओं को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन से जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रही है। यह कदम नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा और उनके मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा, हेल्पलाइन का उपयोग बेसहारा मवेशियों की निगरानी के लिए भी किया जाएगा। इसके लिए आईटी विभाग ने एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित की है। इससे उपयोगकर्ता बेसहारा मवेशियों की तस्वीरें लेने और उनके स्थान इत्यादि की जानकारी प्राप्त करने में सक्षम होगा। इसमें प्राप्त जानकारी स्थानीय अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी, जो इसका उपयोग इन पशुओं को चिन्हित करने और उचित कार्रवाई के लिए कर सकते हैं। इस एप्लिकेशन में जीपीएस ट्रैकिंग, जियो-टैगिंग और पुश नोटिफिकेशन जैसी विशेषताएं शामिल होंगी। इससे अधिकारी के स्तर पर शीघ्र कार्रवाई भी सुनिश्चित हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य के लोगों के लिए सरकारी सेवाओं में सुधार और महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। प्रौद्योगिकी से विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के एकीकरण और बेसहारा पशुओं की निगरानी सुुनिश्चित कर सरकार समस्या-समाधान और जन सेवा के लिए एक सक्रिय दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार देर सायं मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश ने राजनीति के महान व्यक्त्वि को खो दिया है। प्रकाश सिंह बादल ने सात दशकों में देश की राजनीति के इतिहास में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि वे एक विशिष्ट राजनेता थे, जो पंजाब में तनाव के दौर में भी राष्ट्र को एकजुट करने और सहयोग बढ़ाने के लिए प्रयत्नशील रहे। उन्होंने मात्र 20 वर्ष की उम्र में सरपंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि पंजाब की हरित क्रांति में उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई और वे किसानों के सच्चे हितैषी थे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रकाश सिंह बादल पंजाब के राजनीतिक क्षेत्र में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे। वह एक तेज़-तर्रार जन नेता थे, जिन्होंने देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बंटवारे के समय से ही उन्होंने भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए और पंजाबियत की सच्ची भावना को सदैव बनाए रखा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी गारंटियों से तौबा कर ली है, कांग्रेस पार्टी को समझ आ गया है कि गारंटियों को देना तो आसान है, पर उनको पूरा करना मुश्किल है। इस बार नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी से अपने घोषणा पत्र में केवल इरादे दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. राजीव बिंदल की यह पहली प्रेस वार्ता रही। बिंदल ने कहा कि न कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन मिली और न ही महिलाओं को 1500 रुपये मिले। प्रदेश की 22 लाख महिलाएं अभी भी 1500 रुपये के इंतजार में है। बिंदल ने कांग्रेस से पूछा कि 25 साल तक नगर निगम में कांग्रेस ही बनी रही, लेकिन उनके नेतृत्व से ढली की एक टनल तक नहीं बन पाई। भाजपा सरकार ने 70 करोड़ की लागत से पानी की योजना बनाकर उसे निर्धारित समय में पूर्ण किया और ढली में नई टनल का निर्माण भी 53 करोड़ की लागत से किया। शिमला की जनता ने भाजपा के कार्यकाल में पिछले पांच साल में बदलता हुआ शिमला देखा है। भाजपा ने शिमला शहर को अनेकों सुविधाएं दी हैं। कांग्रेस इस बात से डरी हुई है। बिंदल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 6500 करोड रुपए आया है और शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ की नई पेयजल योजना भी भाजपा की सरकार ही लाई है। साथ ही 1516 करोड़ की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा उपस्थित रहे।
सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल चड़ी आशीष कुमार ने बताया कि जिन लोगों ने लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे अपने लंबित बिलों का भुगतान 5 मई तक करें। उन्होंने बताया कि ऐसा नहीं करने पर बिजली के मीटर काट दिए जाएंगे। इसके लिए अलग से नोटिस नहीं भेजा जाएगा। आशीष ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जल्द से जल्द बिजली बिलों का भुगतान करें।
बच्चों के मन में कुछ करने के लिए कुछ हिम्मत हो तो वे निश्चित रूप से उस लक्ष्य को प्राप्त कर लेते हैं। घर से मिले संस्कार और बच्चे की हिम्मत उससे ऐसा कार्य करवा देते हैं, जिसकी पहचान दूर तलक पहुंचती है। ऐसा ही कुछ किया है ऊना की बेटी नलिनी सिंह ने, जिसे प्रदेश के राज्यपाल ने अभी हाल ही में सम्मानित किया और देश के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया ने ट्वीट कर सराहा है। नलिनी सिंह 7 साल की है और चौथी कक्षा में पढ़ती है। जब उसके पिता क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चिकित्सक के पद पर तैनात रहे थे, एक टीबी रोगी की पहचान हुई, जो कि प्रवासी थी और उसे मदद की जरूरत थी। डॉ. अत्री ने इस रोगी को लेकर घर में जाकर अपनी बेटी नलिनी सिंह से बात की और कहा कि क्या वह इस रोगी की मदद करना चाहेगी और यह भी बताया कि अगर मदद करनी है तो जो पॉकेट मनी उसे मिलती है, उसमें से करनी पड़ेगी। 7 साल की नलिनी इसके लिए तैयार हो गई और उसने खुशी-खुशी इस रोगी को अडॉप्ट कर लिया और उसके लिए न्यूट्रिशन और किट देने की व्यवस्था शुरू कर दी। अब यह लगातार दो महीने की किट उसे पहुंचाती है। अभी हाल ही में हमीरपुर से आकर किट रोगी को दी और उसका हौसला भी बढ़ाया। नलिनी ने कहा कि पापा की प्रेरणा से मैं यह कर पाई हूं। वहीं, डीसी ऊना राघव शर्मा ने कहा कि इसे सराहनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अन्य बच्चों को भी घर से प्रेरणा मिले। उन्होंने केंद्रीय मंत्री द्वारा किए गए ट्वीट के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि निश्चित रूप से ऐसे बच्चों को और हौसला मिलता है।
ज़िला सोलन के दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुनेड़ के गांव कसंभोवाल में गुर्जर यूथ क्लब द्वारा आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार (शहरी एवं नगर नियोजन, उद्योग, राजस्व विभाग) ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से मज़बूत बनाते हैं बल्कि मानसिक रूप से भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार के खेल युवाओं को आपात परिस्थितियों में भी क्रियाशील रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने गुर्जर यूथ क्लब कसंभोवाल को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बधाई दी और आशा जताई की क्लब भविष्य में अपनी खेल गतिविधियों को और विस्तार प्रदान करेगा। राम कुमार ने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और अपनी सकारात्मक ऊर्जा को समाज के विकास के कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि कसंभोवाल में क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए 10 बीघा ज़मीन उपलब्ध करवाने का मामला उचित स्तर पर उठाया जाएगा। इस क्रिकेट प्रतियोगिता में 16 टीमें भाग ले रही हंै। विजेता टीम को 25 हजार 500 रुपये का नकद पुरस्कार तथा उप विजेता टीम को 15 हजार 500 रुपये देकर पुरस्कृत किया जाएगा। क्रिकेट खिलाड़ी अजीज को यूथ क्लब कसंभोवाल द्वारा विशेष सम्मान के रुप में बाईक दी जाएगी। मुख्य संसदीय सचिव ने गुर्जर यूथ क्लब कसंभोवाल को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर साईं-रामशहर सड़क को ठीक करने के लिए डंगे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला मण्डल भवन तलड़घाट में रसोई निर्माण के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने हनुमान अखाड़ा बागवानिया के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। मुख्य संसदीय सचिव ने इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ गौरव धीमान को ग्राम पंचायत सुनेड़ में विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में उचित दिशा निर्देश जारी किए। उन्होंने ग्राम पंचायत में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा भी लिया। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत साईं के गांव तलड़घाट में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं का निपटारा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गुर्जर यूथ क्लब कसंभोवाल के प्रधान जमील व अरशद, अखतर चैधरी, अक्रम खान, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राहुल अबरोल, सहायक अभियंता चमन ठाकुर सहित खिलाड़ी उपस्थित थे।
सर्व मंगल ज्योति संस्था के संस्थापकों अभिषेक और मोहित के सहयोग से हरिपुर में फ्री मेडिकल चेकअप और ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया मेडिकल कैंप में 120 लोगों के स्वस्थ्य की जांच सिटी केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल गग्गल द्वारा की गई। साथ ही रक्तदान शिविर में 50 यूनिट ब्लड लोगों द्वारा दान किया गया। जांच शिविर में लोगों के फ्री बीपी, शुगर के टेस्ट किए गए। साथ में लोगों को सम्बंदित रोगों के लिए उचित परामर्श दिया गया सिटी केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के और से इस्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर श्वेता, मेडिसिन विभाग से डॉक्टर वरुण सहगल और रिणाम, सुनैना, आशुतोष चौधरी और हिमालयन सेवियर की और से हरीश जी कैंप में विशेष रूप से मौजूद रहे।
ज्वालामुखी के अंतर्गत पुलिस ने गश्त के दौरान ज्वालामुखी-नादौन एनएच पर पुरतयाला नामक स्थान पर पुलिस ने एक व्यक्ति से 22.39 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान सेंटी पुत्र सतीश कुमार निवासी हलेड, डाकघर फकलोह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी संघर्ष मोर्चा न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन संघ भारत से सम्बद्धता प्राप्त मोर्चा संस्थापक प्रवीण शर्मा ने पैरा पंप ऑपरेटर अमन शर्मा को ज्वालामुखी से मोर्चा का राज्य अध्यक्ष नियुक्त किया है। मोर्चा संस्थापक प्रवीण शर्मा ने कहा कि अमन शर्मा कर्तव्य व निष्ठा से अपने पीड़ित लोगों के लिए लड़ेंगे। बिलासपुर से अंकित कुमार की सेहत ठीक न होने के कारण उन्हें राज्य में अन्य जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि वे नवनिर्वाचित मोर्चा राज्य अध्यक्ष अमन शर्मा का सहयोग करेंगे।
मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा एवं शहरी विकास, आशीष बुटेल ने पालमपुर निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बल्ला के घमरोता में राजकीय प्राथमिक पाठशाला के कमरे का लोकार्पण किया। घमरोता और जिया में जनसभा को संबोधित करते हुए आशीष बुटेल ने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और चालू वित्त वर्ष में शिक्षा के सुधार तथा विस्तार पर 8828 करोड़ रुपये व्यय करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और बच्चों के भविष्य सवारने की दिशा में संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। सरकार, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए वचनबद्ध है और इस स्थिति को सुधारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर शिक्षा क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाए जा रहे हैं। स्कूलों को दिये जा रहे 40 हजार डेस्क बुटेल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे सभी छात्र डेस्क पर बैठकर शिक्षा ग्रहण करें, इसके लिये प्रदेश के स्कूलों में 40 हजार डेस्क दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 10 हजार मेधावी छात्रों को सरकार ने इस वर्ष टेबलेट/मोबाइल फ़ोन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रदेश में डिजिटल शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के लिये लगभग साढ़े 17 हजार से अधिक प्राथमिक अध्यापकों को भी सरकार द्वारा टेबलेट उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य को सवारना सरकार की प्राथमिकता है ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्र और प्रदेश के निर्माण में सक्रिय योगदान दें। कंडवाडी में बनेगा डे-बोर्डिंग स्कूल आशीष ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के सभी 68 हलकों में राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग विद्यालय खोलने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इनमें प्री-प्राईमरी से बारहवीं तक की शिक्षा सुविधा के साथ सभी प्रकार की इन्डोर एवम् आउटडोर खेल सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जहाँ पानी की समुचित उपलब्धता होगी वहाँ स्वीमिंग पूल का भी प्रावधान किया जाएगा। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए सरकार चरणबद्ध योजना के तहत 300 करोड़ रुपये व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि पालमपुर विधान सभा के कंडवाडी में डे-बोर्डिंग स्कूल के लिये जमीन का चयन किया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्वास्थ्य उपकेंद्र घमरोता के रास्ते का कार्य पूर्ण करने के निदेश दिये। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय को अपनी ओर से कंप्यूटर एवं एलइडी टीवी, स्थानीय युवा क्लब को जिम, राजकीय प्राथमिक पाठशाला घमरोता को अतिरिक्त कमरा, कक कमरे के रिपेयर, विद्यालय के पास ड्रेन, 3 महिला मण्डलों को 15-15 हजार, प्राथमिक स्कूल घमरोता छात्रों को 5 हजार तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राख के बच्चों को 5 हजार देने की घोषणा की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष त्रिलोक चंद, बल्लाह के प्रधान ओम प्रसाद, उपप्रधान विजय कुमार, पूर्व प्रधान मदन दीक्षित, संतोष कपूर, एसएमसी की प्रधान तृप्ता देवी, प्रधानाचार्य सुनीता देवी, हरि ओम, मुख्य शिक्षक विपन वर्मा, कमला कपूर, पूर्व प्रधान झोंफी राम, टीआर कपूर, ओंकार चन्द, अमर नाथ, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला संयोजक मोहित शर्मा के नेतृत्व में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला में सचिवालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विस्तार से वरिष्ठता की मांग को संजय अवस्थी के समक्ष उठाया। मुख्यमंत्री से व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो पाई। मुख्य संसदीय सचिव ने उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि वे 4 मई के बाद स्वयं उन्हें मुख्यमंत्री से मिलाएंगे। कर्मचारी संख्यावल के साथ आएं, ताकि मुख्यमंत्री को आपकी मांग और उसके पूरा ना होने के कारण हो रहे नुकसान से अवगत करवाया जा सके। इस दौरान संगठन ने सरकार भर्ती व पदोन्नति नियमों (R&P rules) के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग और महासचिव अनिल सेन के अनुसार पिछले लंबे समय से कर्मचारियों ने वरिष्ठता की मांग को प्रदेश के हर मंच पर सैकड़ों बार उठाया है, लेकिन हर बार पूर्व सरकार से उन्हें केवल आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। चुनावों से पूर्व उपमुखमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने का वादा किया था। कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही प्रदेश के 70 हजार कर्मचारियों की इस मांग को जरूर पूरा करेगी। संगठन के महासचिव अनिल सेन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार और प्रदेश प्रवक्ता विजय राणा के अनुसार 2008 में पहली बार भाजपा सरकार ने लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन बोर्ड द्वारा भर्ती व पदोनित नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया। निश्चित वैधानिक प्रक्रिया को पूरा करने के बाद भी कमिशनपास कर्मचारियों को प्रदेश के इतिहास का सबसे लंबा अनुबंधकाल दिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष एल आर कांटा के अनुसार उसके बाद आई सरकारों ने अनुबंध अबधि को कम किया, लेकिन कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से अपना कर्मचारी नहीं माना। सरकार कर्मचारी के सेवा की गणना उनके नियमितीकरण से कर रही है, ना कि उनकी प्रथम नियुक्ति से। सभी सदस्यों ने मांग की है कि सरकार अनुबंध नियमित कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की घोषणा करे और उनके अनुबंधकाल की सेवा को कुल सेवाकाल में जोड़ा जाये। प्रतिनिधिमंडल में अमर, मनोहर, विनोद, मोहित, अमित, रवि, मनोज, हेमदत्त, कुलदीप सकलानी, मोनिका, भुवनेश, तारा, अंकुश, हेतराम आदि सदस्य शामिल रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से आज जिला स्तरीय विश्व मलेरिया दिवस ब्लॉक भवारना के अंतर्गत डरोह में मनाया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मलेरिया के बारे में जागरूक करना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तरुण सूद ने बताया कि मलेरिया मादा एनाफिलीज मच्छर के काटने से होता है। आमतौर पर गर्मियों तथा बरसात में यह मच्छर पैदा होता है। मच्छर चार प्रकार के होते हैं। परंतु हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक प्लाज्मोडियम वाइबैक्स होता है। कुछ मामले प्लाज्मोडियम फैलसीपैरम के भी पाए जाते हैं। मच्छर के काटने के बाद 10 से 14 दिन के भीतर व्यक्ति में मलेरिया के लक्षण आ जाते हैं। इसमें मनुष्य को सर्दी के साथ बुखार आता है, इसलिए जरूरी है कि जब भी बुखार आए तो मलेरिया के लिए खून की जांच जरूर करवाएं तथा मलेरिया की पुष्टि होने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाई का प्रयोग करें। इसकी दवाई स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त उपलब्ध होती है। मलेरिया गर्भवती माताओं और बच्चों में खतरनाक हो सकता है। अगर हम समय पर अपना इलाज ना करवाएं तो व्यक्ति की जान भी जा सकती हैं ।आगे जानकारी देते हुए जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी जगदंबा मेहता ने बताया कि मलेरिया से बचने के उपाय बड़े सरल हैं ।इसमें बुखार आने पर नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में जाकर अपने खून का परीक्षण कराएं। अपने घर के इर्द-गिर्द साफ-सफाई रखें। गड्ढे मिट्टी से भर दें, पानी कहीं भी खड़ा ना होने दें। कूलर का पानी समय-समय पर बदलते रहें, घर में जाली का दरवाजा बंद रखें, ताकि घर में मच्छर प्रवेश न कर सके, पूरी बाजू के कपड़े पहने। अगर बहुत मच्छर है तो सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। स्वास्थ्य शिक्षिका अंजलि ने बताया कि 2030 तक भारत को मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अतः मलेरिया से बचाव के लिए जो भी जानकारी दी है, उसे अपनाएं तथा संदेश को जन जन तक ले जाएं। इस मौके पर संबंधित गांव के प्रधान, स्वास्थ्य शिक्षिका दया देवी , स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता , आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा आम जन जनमानस उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के चेयरमैन राजीव राणा ने जंतर-मंतर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने मनरेगा मज़दूरों का शोषण किया और बजट के नाम पर ठगा है। जिस प्रकार कांग्रेस द्वारा मज़दूरों को 100 दिन कानून बनाया, केंद्रीय बजट के अनुसार सिर्फ 26 दिन की ही मज़दूरी बन रही है, राणा ने कहा कि मित्रों की सरकार सिर्फ मित्रों के लिए ही काम कर रही है, देश के मज़दूरों का दर्द इन्हें नहीं दिखाई दे रहा। राणा ने कहा कि मोदी सरकार अगर मनरेगा मज़दूरों को 150 दिन रोजगार और मनरेगा बजट मे बढ़ोतरी नहीं करेगी, तब तक यह देशव्यापी आंदोलन असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस की ओर से देश भर में चलता रहेगा। हिमाचल प्रदेश में भी मोदी सरकार के विरुद्ध धरना -प्रदर्शन किया जाएगा। राणा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव पुनीत मल्ली ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता से किए वायदों को बखूबी पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच से प्रदेश एक नई दिशा की और आगे बढ़ रहा है जिसमें हर वर्ग को लाभ की आशा नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओपीएस की बहाली कर, महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा कर तथा बेरोजगारों के लिए रोजगार के दरवाजे खोलने से किए गए बायदों को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 17 हजार शिक्षकों के रिक्त पड़े पदों को भरने की नीति बनाने का फैंसला लिया है। उन्होंने कहा कि केबिनेट सब कमेटी की बैठक में यह सामने आया है कि शिक्षकों के पदों को भरने के लिए भाजपा ने कोई खास रुची नही दियाई जिसका खामियाजा उन शिक्षकों को भुगतना पड़ी जो रोजगार की आस में बैठे थे। मल्ली ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हर क्षेत्र में बेरोजगारों को रोजगार मुहैया करवाने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिससे आने वाले समय में प्रदेश से धीरे-धीरे बेरोजगारी भी कम होगी।
निचला करियाड़ा में मंगलवार सुबह साढे 8 बजे 76 वर्षीय बुजुर्ग कृष्ण दत्त शर्मा के मकान में अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में कमरे में रखे सोने-चांदी के जेबरात, नकदी व कपड़ों से भरी अलमारी, फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। घर में जब आग लगी तो बुजुर्ग कृष्ण दत्त अपने परिवार के साथ गेहूं की कटाई करने खेतों में गया था। घटना का पता चलते ही गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग व पुलिस थाना देहरा को दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक बजुर्ग की जीवन भर की जोड़ी संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने का कारण बिजली का शाट सर्किट बताया जा रहा है। पंचायत प्रधान लीला देवी व उप प्रधान राज कुमार ने कहा कि बजुर्ग कृष्ण दत्त का भारी नुकसान हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत फौरी राहत देने की मांग उठाई है। वहीं मौके पर पहुंचे एचएएसआई जगबीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रेम कुमार, महिला पुलिश कर्मी पूजा देवी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में बिजली का शाट सर्किट होने से आग लगने की बात सामने आई है। वहीं, हलका पटवारी कर्म चंद ने कहा कि नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
सिस्टर्स कोबाइन्स की ओर से 28 अप्रैल से सात मई तक विरासत आर्ट क्राफ्ट एंड हैरिटेज फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह फेस्टिवल नेताजी सुभाष चंद्र बोस पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। यह फेस्टिवल धर्मशाला में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए डायरेक्टर सुनील वर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से लोक गीत-संगीत व हेंडीक्राफ्ट को प्रमोट करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें 1600 के करीब लोग जुड़े है। ऐसा ही कार्यक्रम उत्तराखंड में भी किया जाता है, जो देशभर में पहचाना जाता है। उन्होंने कहा की इसके लिए बाकायदा वर्कशाप भी करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल के बच्चों को भी लोक गीत-संगीत व क्लासिकल की प्रस्तुती देने का मौका मिलेगा। वरुण ने कहा कि आर्ट व कल्चर को प्रमोट करने के लिए कबाली, सूफी, बॉलीवुड नाईट भी रखी गई है, जिसका आगाज शहनाई से किया जायेगा, जबकि फोक भी रहेगा। कार्यक्रम में गायक शेखर व हिमाचली लोक कलाकारों, राजस्थानी, पंजाबी, गुजराती, हरियाणा, तिब्बती व अन्य कल्चर भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
साईं कॉलेज ऑफ एजुकेशन वधानी पठानकोट समन्वय-2023 का आयोजन किया गया। इसमें अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें फेस पेंटिंग, पेपर पेंटिंग, डिबेट कंपटीशन, पीपीटी प्रेजेंटेशन इत्यादि स्पर्धाएं करवाई गईं। प्रतियोगिताओं में मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कॉलेज के विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। मिनर्वा बीएड कॉलेज के द्वितीय सत्र की छात्रा स्तुति ने पोस्टर मेकिंग में प्रथम स्थान तथा फेस पेंटिंग में सविता भाटिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पेपर पेंटिंग में अनीता ने प्रथम स्थान और डिबेट कंपटीशन में कनव व वर्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि छात्र-छात्राओं ने इंटर कॉलेज में प्रथम स्थान प्राप्त करके उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने सभी विजेता छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 11वां ऑल इंडिया मेजर जगपाल मैमोरियल बास्केटबॉल टूर्नामेंट प्रारंभ हो चुका है। उद्घाटन समारोह में एसडीएम कसौली गौरव महाजन बतौर मुखय अतिथि उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई, बिशप कॉटन स्कूल शिमला, डेली कॉलेज इंदौर, मेयो कॉलेज अजमेर, मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल अजमेर, द श्री राम स्कूल दिल्ली, स्ट्राबेरी फील्ड्स हाई स्कूल चंडीगढ़, द लॉरेंस स्कूल सनावर, द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, वैलहम बॉयज़ स्कूल देहरादून, वैलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून और मेज़बान पाइनग्रोव स्कूल सोलन की टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट में आठ टीमें बॉयज़ की एवं छः टीमें गर्ल्स की हैं। कुल तीन पूल्स बनाए गए हैं। ‘पूल ए गर्ल्स’ में स्ट्राबेरी फील्ड्स हाई स्कूल चंडीगढ़, पाइनग्रोव स्कूल सोलन, द लॉरेंस स्कूल सनावर, मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल अजमेर, वैलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून और द श्री राम स्कूल दिल्ली की टीमें आपस में भिड़ेंगी। ‘पूल ए बॉयज़’ में द लॉरेंस स्कूल सनावर, वैलहम बॉयज़ स्कूल देहरादून, मेयो कॉलेज अजमेर और बिशप कॉटन स्कूल शिमला की टीमें हैं। ‘पूल बी बॉयज़’ में डेली कॉलेज इंदौर, द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई और पाइनग्रोव स्कूल सोलन हैं। टूर्नामेंट के पहले दिन सभी मैच ‘गर्ल्स’ के खेले गए। खेले गए मैचों में पाइनग्रोव स्कूल सोलन नें स्ट्राबेरी फील्ड्स हाई स्कूल चंडीगढ़ को, वैलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून नें द श्री राम स्कूल दिल्ली को, मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल अजमेर नें द लॉरेंस स्कूल सनावर को हराकर मैच में अच्छी शुरुआत की। दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक पाइनग्रोव स्कूल सोलन नें द लॉरेंस स्कूल सनावर को, वैलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून नें मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल अजमेर को, आर्मी पब्लिक स्कूल डगशाई की बॉयज़ टीम नें डेली कॉलेज इंदौर की बॉयज़ टीम को, मेयो कॉलेज अजमेर की बॉयज़ टीम नें बिशप कॉटन स्कूल शिमला के बॉयज़ टीम को, पाइनग्रोव स्कूल सोलन के बॉयज़ टीम नें द पंजाब पब्लिक स्कूल नाभा के बॉयज़ टीम को एवं स्ट्राबेरी फील्ड्स हाई स्कूल चंडीगढ़ के गर्ल्स टीम नें द श्री राम स्कूल दिल्ली के गर्ल्स टीम को हराकर मैच में बढ़त बना ली थी। अभी दो दिनों का खेल बाकी है। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह एवं प्रबंधन प्रमुख मिस समीक्षा सिंह नें सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं और खेल को सच्ची भावना के साथ खेलने का संदेश दिया है।
समादेशक द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह ने जानकारी दी कि इस वाहिनी की बट्ट रेंज के अंतर्गत 185 बटालियन सीमा सुरक्षा बल का वार्षिक फायरिंग अभ्यास 27 अप्रैल से 29 अप्रैल को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने वार्ड नंबर 9 सकोह और ग्राम पंचायत चौतड़ू, सराह तथा संबंधित क्षेत्र के लोगों से अनुरोध किया है कि किसी प्राकार की अप्रिय घटना से बचने के लिये इस दौरान फायरिंग रेंज में न जाएं और न ही अपने मवेशियों को वहां जाने दें।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन ज़िला के परवाणु में 66/11 केवी विद्युत उप केंद्र के रखरखाव के दृष्टिगत इसके अधीन आने वाले विभिन्न क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति 26 अप्रैल को बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उपमंडल परवाणु के अधिशाषी अभियंता विकास गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल को दोहपर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक परवाणु के सेक्टर-1, कसौली मार्ग, ईएसआई अस्पताल, नगर परिषद परवाणु, मैसर्ज़ माइल स्टोन, मैसर्ज़ आरएस एंडस्ट्री, मैसर्ज़ स्वास्तिक इंडिया, मैसर्ज़ हिमाचल पाॅवर प्रोडक्ट, मैसर्ज़ आनंद एनकेमोे, पुलिस थाना, पोल फैक्टरी साइड, गैब्रियल रोड़, परवाणु बाजार, सैक्टर-1 के कुछ क्षेत्र, ऊंचा परवाणु, सेक्टर-3, सेक्टर-6, गांव गुम्मा, पुरला एवं सेब मंडी (सेक्टर-6) में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल को ही दोपहर 02.00 बजे से शाम 4 बजे तक सेक्टर-2, मैसर्ज़ टेफ मोटर, कसौली मार्ग, गांव टकसाल, अम्बोटा, नरयाल, सेक्टर-4 के कुछ क्षेत्र, नाथ का पानी, सेक्टर-4, सेक्टर-5, गांव धग्गड़, टिपरा एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित समय सारणी एवं तिथि में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से इस अवधि में सहयोग की अपील की है।
द गुड शैफर्ड स्कूल धर्जा (सोलन) में पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल के चेयरमैन मिस्टर क्लार्क तथा स्कूल की प्रधानाचार्य लॉरेटा एलिस ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत शमरोड़ के उप प्रधान जगमोहन ठाकुर तथा प्रधान नंदराम ने दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। समारोह का आरंभ बच्चों द्वारा प्रार्थना कर किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने कर कमलों द्वारा प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान तथा अनेक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ रहे विद्यार्थियों को मेडल तथा ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। वर्ष 2022-23 के लिए ‘हिमालय हाऊस' ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने बच्चों को उनके कठिन परिश्रम तथा लगन की सराहना करते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित किया। अंत में स्कूल की प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद कर समारोह का समापन किया।
देहरा उपमंडल अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का चुनाव सोमवार को देहरा में चुनाव पर्यवेक्षक ओंकार सिंह एव महिंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इस मौके पर महासंघ के नेता बिक्रम सिंह एवं विजय अशरफ सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान अमित कौशल को सर्वसम्मति से देहरा ब्लाक अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का अध्यक्ष चुना गया, जबकि शिव कुमार व मीना शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रमेश्वरी दास शर्मा को महासचिव एवं रणजीत सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमित कौशल ने उन्हें अध्यक्ष चुनने पर सभी साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही महासंघ के नेताओं से विचार-विमर्श कर कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से सरकार के समक्ष उठाया जाएगा व महासंघ को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी।
ई-ऑफिस सरकारी कार्यालयों में एक सरल, उत्तरदायी, प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यप्रणाली प्राप्त करने का माध्यम है। ई-ऑफिस से कार्य करने की क्षमता बढ़ती है और त्वरित निर्णय लेने में सहायता मिलती है, साथ ही कार्यालय पेपरलेस भी बनते हैं। ई-ऑफिस के महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी विभागों के कामकाज में पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए 1 जुलाई से ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग को ई-ऑफिस प्रणाली को समयबद्ध तरीके से सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में ई-ऑफिस प्रणाली 24 निदेशालयों, चार उपायुक्त कार्यालयों, एक पुलिस अधीक्षक कार्यालय और तीन क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रभावी ढंग से काम कर रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश सचिवालय की सात शाखाएं, नौ निदेशालय, दो उपायुक्त कार्यालय, चार पुलिस अधीक्षक कार्यालय और दस फील्ड कार्यालय आंशिक रूप से ई-ऑफिस का उपयोग कर रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश सचिवालय की सभी 109 शाखाओं, सभी 70 निदेशालयों, सभी 12 उपायुक्त कार्यालयों, सभी पुलिस अधीक्षक कार्यालयों और अन्य फील्ड कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करना है। यह प्रणाली निर्णय लेने में शीघ्रता और अधिक प्रभावी प्रक्रिया के लिए अग्रणी रिकार्ड को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सुविधा प्रदान करेगी। सरकार द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली को लागू करने के कदम को दक्षता, उत्पादकता और प्रभावशीलता को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने इस दिशा में महत्वाकांक्षी प्रयास करते हुए लगभग 9 वर्ष पूर्व ही पेपरलेस प्रणाली को अपना लिया था। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करने के लिए दो तरफा रणनीति अपना रहा है। एक ओर हिमाचल प्रदेश सचिवालय और निदेशालय स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए पर्याप्त जनशक्ति उपलब्ध करवाई जा रही है। हिमाचल प्रदेश सचिवालय के कर्मचारियों द्वारा यह प्रशिक्षण इस साल मार्च में पूर्ण कर लिया गया है तथा निदेशालय स्तर पर 10 अप्रैल से पूर्ण रूप से शुरू हो चुका है। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकारी तंत्र को तकनीकी प्रगति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की आवश्यकता है। प्रभावी शासन के लिए सुरक्षित, सुलभ, डिजिटल बुनियादी ढांचे के साथ डिजिटल रूप से उन्नत राज्य बनाना ही वर्तमान सरकार का उद्देश्य है। राज्य के लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी को शामिल करने की योजनाएं चलाई जा रही हैं। आईटी विभाग को राज्य में डिजिटल बुनियादी दान ढांचे के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। इसके लिए सरकार द्वारा आईटी विभाग को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इंर्ग्लैंड स्थित ब्रिटिश हिमाचल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने रविवार सायं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंग्लैंड में बसे प्रवासी हिमाचलियों से राज्य में पर्यटन व अन्य क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवोन्मेषी पहल कर रही है। वहीं सोसाइटी के प्रतिनिधि अवनीष और रितु ने मुख्यमंत्री को ब्रिटिश हिमाचल सोसाइटी द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सोसाइटी द्वारा गत 15 अप्रैल को लंदन में 76वां हिमाचल दिवस भी मनाया गया। सोसाइटी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
'मेरा गांव मेरा देश एक सहारा' संस्था के द्वारा संचालित 'खुशियों का बैंक' एक वर्ष का हो गया है। पिछले वर्ष 24 अप्रैल को महंत स्वरूप नाथ के हाथों से 'खुशियों का बैंक' का शुभारंभ करवाया गया था। मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के द्वारा खुशियों का बैंक के 1 वर्ष पूर्ण होने पर माजरा शिव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया, इसमें सभी ने खुशियां मनाईं। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि पिछले 1 वर्ष में जिस तरह से खुशियों का बैंक के द्वारा खुशियां बांटी गई हैं, इस वर्ष भी जरूरतमंद लोगों तक खुशियां बांटी जाएंगी। मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के संचालक अनुराग गुप्ता ने बताया कि खुशियों का बैंक पिछले 1 वर्ष में लगभग 3 लाख कपड़े वितरित कर चुका है। बैंक में लगभग 170 बच्चे रजिस्टर्ड हैं, जिनको खुशियों का बैंक द्वारा नि:शुल्क ट्यूशन उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घर में पड़ा गैरजरूरी सामान जैसे कपड़े, बिस्तर, खिलौने, बर्तन, कॉपी व पेंसिल इत्यादि खुशियों का बैंक में जमा करवा सकते हैं। वहीं, जिन लोगों को इस सामान की जरूरत है, वे यहां से ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था के द्वारा एक नई मुहिम चलाई जाएगी, जिसमें आसपास के क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ रहे बच्चे, जिन्हें किसी भी तरह की जरूरत है, वे मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के सदस्यों से संपर्क कर अपनी जरूरत का सामान ले सकते हैं।
दाड़लाघाट के तहत अंबुजा सीमेंट उद्योग में एक प्रवासी कामगार की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय भूपेंद्र कुमार पुत्र सुच्चा सिंह निवासी शौरय चौक साहू, पठानकोट के रूप में हुई है। दाड़लाघाट पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर रही है। जानकारी के मुताबिक कामगार भूपेंद्र कुमार अंबुजा सीमेंट के प्लांट में कार्य करता था। रविवार को सुल्ली प्लांट के कोल यार्ड में दोपहर एक बजे के करीब बेल्डिंग का कार्य कर रहा था। वह कार्य करके नीचे उतर रहा था कि अचानक पांव फिसलने से वह नीचे गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण बेहोश हो गया। उसे घायल अवस्था में अंबुजा अस्पताल में लाया गया। जहां से उसे अर्की अस्तपाल रेफर कर दिया गया। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी दाड़लाघाट संदीप शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना दाड़लाघाट में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए शव को सिविल अस्पताल अर्की में रखा गया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दूसरी ओर अंबुजा सीमेंट कर्मचारी संघ सम्बंधित (भारतीय मज़दूर संघ) दाड़लाघाट के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर व महामंत्री नरेश कुमार ने बताया कि कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अंबुजा के मुख्य गेट पर इकट्ठा हो गए और कामगार भूपेंद्र कुमार के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंबुजा के दोनों प्लांटों व माइनिंग में काम को ठप कर दिया है व ट्रक को लोड करने की प्रक्रिया में भी रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि जब तक कोई हल निकल कर सामने नहीं आता तब तक काम को ठप ही रखा जाएगा। खबर लिखे जाने तक अभी तक कोई भी निर्णय नहीं हो पाया है।
पुलिस ने अप्पर भागसूनाग में वन्स इन नेचर रेस्टोरेंट से 5250 मिलीलीटर ओल्ड मौंक रम व 2000 मिलीलीटर वीयर बरामद की है। इस संदर्भ में सूरज काजी निवासी अप्पर भागसूनाग तहसील धर्मशाला के विरूद्ध जेर धारा 39-1(ए) हिमाचल प्रदेश आवकारी अधिनियम में पुलिस थाना मैक्लोडगंज में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर रविवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैड़ी पहुंचे। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का जोरदार नारेबाजी करते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। केंद्रीय मंत्री के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान पूर्व विधायक बलबीर चौधरी और पूर्व विधायक राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के दौरान स्थानीय संस्थाओं द्वारा केंद्रीय मंत्री को पुष्प गुच्छ, शॉल, टोपी और गुर्ज देकर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने गांधी परिवार को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में जिस तरह का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है उन्हें समझ लेना चाहिए कि गांधी परिवार के लिए देश में कोई विशेष और अलग तरह का कानून बनने वाला नहीं है। जो कानून देश के हर नागरिक के लिए हैं वहीं कानून राहुल गांधी और सोनिया गांधी के लिए भी सामान है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को तुरंत अपने व्यवहार और अपनी भाषा के लिए माफी मांगनी चाहिए। लेकिन उल्टा राहुल गांधी कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं को देश के संविधान और कानून के उल्लंघन का पाठ पढ़ा कर देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। और क्या कर बेहतर होता कि राहुल गांधी माफी मांगते और आगे बढ़ना चाहिए था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने लगातार काम किया है उन्होंने कहा कि 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो रहा है। इस पर 15 मई से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा ।उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को 100 वां एडिशन मन की बात का आ रहा है ,इसे बूथ स्तर पर 100 लोगों के साथ हर कार्यकर्ता सुने और बड़ा कार्यक्रम से बनाया जाए ।उन्होंने कहा कि विश्व में पहले प्रधानमंत्री हैं जो 100वीं मन की बात कर रहे हैं जो देश की बात होती है। कुर्सी से उतरने के बाद क्यों जागे मलिक सत्यपाल मलिक के बयान से किनारा करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनके बयान हास्यास्पद हैं। उन्होंने कहा कि सत्यपाल मलिक को यह भी बताना चाहिए कि कुर्सी से उतरने के बाद ही उन्हें इस तरह के बयानों की याद क्यों आई। अनुराग ने कहा कि केवल मात्र समाचारों की सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी कोई नई बात नहीं है।
श्री श्याम परिवार द्वारा ऊना मुख्यालय के रामलीला ग्राउंड में 29 अप्रैल को विशाल धार्मिक आयोजन का किया जा रहा है। एक शाम खाटू वाले के नाम पहली बार करवाई जा रही है। इस विशाल धार्मिक कार्यक्रम में विश्व विख्यात भजन सम्राट कन्हैया मित्तल चंडीगढ़ वाले बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। 29 अप्रैल को शाम 6 बजे रामलीला मैदान में यह कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें हिमाचल व पंजाब से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। श्री श्याम परिवार ने प्रथम श्री श्याम वंदना महोत्सव के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कार्यक्रम का नाम एक शाम खाटू वाले के नाम प्रथम श्री श्याम वंदना महोत्सव रखा गया है। इस कार्यक्रम में भजन सम्राट कन्हैया मित्तल जहां खाटू श्याम बाबा की की महिमा का गुणगान करेंगे। वही मनविंदर सिंह चौहान ट्रस्टी श्री खाटू श्याम मंदिर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में सोनू सेठी, श्रुति शर्मा, कशिश पहावा पटियाला व ऊना के कलाकार कुमार लवली भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। श्री श्याम परिवार ऊना के पंकज अरोड़ा, अंकुश साहनी, मधुर कौशल, अनुज मेहन,राजीव सोहेल, दीपक शर्मा, शालिनी अरोड़ा, कंवर कुमार प्रिंस ,सरीन जितेंद्र ,सरीन अनुज अग्रवाल, भारत भूषण सागर आगरा, अक्षित शर्मा व रोहित ओहरी ने बताया कि पहली बार श्री श्याम भजन अमृत का कार्यक्रम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज का सहयोग इसमें प्राप्त हो रहा है। यह बेहतरीन धार्मिक आयोजन हो इसके लिए हर व्यवस्था की जा रही है ।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम 6:00 बजे पूजा अर्चना के साथ साथ शुरू होगा और प्रभु इच्छा तक चलेगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी रहेगी, छप्पन भोग का प्रसाद भी मिलेगा, अखंड ज्योति चलेगी। भव्य दरबार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाटू श्याम जी की कृपा से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है और इसमें बेहतरीन व्यवस्थाएं बने इसके लिए सभी आमंत्रित भी हैं और सब अपना सहयोग भी दें।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह बात उन्होंने आज जिला मंडी के श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में एमबीबीएस चिकित्सकों के प्रथम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। समारोह में उन्होंने प्रथम बैच के चिकित्सकों को इंटरनशिप सर्टिफिकेट प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों की मांग पर चिकित्सा महाविद्यालय में खेल मैदान तथा अतिरिक्त हॉस्टल का निर्माण करने के लिए महाविद्यालय प्रबन्धन को भूमि का चयन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में चिकित्सकों को भी चुनौतियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से निपटने के लिए कड़ा परिश्रम करना पड़ता है और मेहनत के बाद ही सफलता हासिल होती है। सरकारी क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसर होने के बावजूद राज्य सरकार चिकित्सकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में तकनीकी बदलावों के दृष्टिगत चिकित्सकों को नई तकनीक अपनाकर आगे बढ़ना होगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार डिपार्टमेंट ऑफ इमरजेंसी मेडिसन बना रही है, जिसके तहत चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ आठ घंटे की शिफ्ट में काम करेंगे। इससे आपातकालीन सेवाओं में गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टॉफ स्वस्थ भी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के चार चिकित्सा महाविद्यालयों शिमला, टांडा, नेरचौक, हमीरपुर में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने जा रही है। शिमला और टांडा चिकित्सा महाविद्यालयों में लेटेस्ट पैट स्कैन और सीटी स्कैन की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिकित्सा महाविद्यालयों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और राज्य सरकार इस पर गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। हमीरपुर में कैंसर का आधुनिक अस्पताल निर्मित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन का गठन किया है, जिससे सरकारी खरीद में पारदर्शिता आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पेयजल की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रयास कर रही है और प्रदेश की सभी पेयजल योजनाओं में चरणबद्ध तरीके से यूवी आधारित वॉटर प्यूरिफाइर की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक थी, जिस कारण राज्य सरकार को 6 हजार करोड़ रुपये का ऋण लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को चार वर्ष में पटरी पर लाया जाएगा, जिसके लिए कड़े फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी महाविद्यालय, शिमला ने देश को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक प्रदान किए हैं। आईजीएमसी से शिक्षा ग्रहण करने के उपरान्त चिकित्सक दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय संजौली के सीएसए का चुनाव जीता और 17 वर्ष की आयु में वह सीआर बने थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बिताए दिनों को भी याद किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि विद्यार्थी के जीवन में कॉलेज का समय महत्वपूर्ण होता है। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस महाविद्यालय की स्थापना के लिए काफी प्रयास किए हैं और आज यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आम लोगों को भी सुविधाएं मिल रही हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान की वजह से शिमला नगर का विकास प्रभावित हुआ। स्मार्ट सिटी के नाम पर भी कांग्रेस वार्डों के साथ भेदभाव किया गया। कांग्रेस इस भेदभाव को दूर कर शिमला के सभी वार्डों में लोगों की समस्याओं को दूर करेगी। बेनमोर वार्ड में आज पार्टी प्रत्याशी कुमारी शिनम कटारिया के पक्ष में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला शहर में पूर्व भाजपा सरकार की ऐसी कोई भी उपलब्धि नहीं है, जिसके लिए वह लोगों से वोट मांग सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में लोगों ने कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए उसे सत्ता में बिठाया है और कांग्रेस अपने सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस शहर के हर वार्ड में लोगों के लिये बुक कैफे व युवाओं के लिये ओपन जिम खोले जाएंगे और जो खुले हैं, उन्हें और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये प्रति वर्ष राष्ट्रीय स्तर का पुस्तक मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने व पार्किंग, स्ट्रीट लाइटों व सड़को ,पेयजल को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किये जायेंगे। जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल गौतम के चुनाव कार्यालय का किया शुभारंभ जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल गौतम के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करते हुए प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह करने में नंबर एक हैं। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ने लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जिसमें वह सफल नही हुई। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी प्रकार से हल्के से न लिया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ पार्टी के अधिकृत प्रत्यशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करने को कहा। प्रतिभा सिंह ने पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहिनता के लिये चेताते हुए कहा कि पार्टी इसे गम्भीरता से से लगी और ऐसी किसी भी शिकायत आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
भाजपा ने आज नगर निगम शिमला चुनाव 2023 के अपने दृश्टिपत्र का विमोचन प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, बलबीर वर्मा, चेतन ब्रागटा, संजय सूद द्वारा किया गया। जयराम ठाकुर ने दृष्टि पत्र पड़ते हुए कहा शिमला ब्रिटिश काल से ही देश की राजधानी रही है, और पूरे विश्व में इसकी एक अलग पहचान है। किसी समय शिमला की जनसंख्या 15-20 हजार थी लेकिन समय के बीतते आज शिमला की जनसंख्या 2.50 लाख के करीब हो गई है। बढ़ती जनसंख्या तथा आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता हर नगरवासी की आवश्यकता है। गत समय में हमारी पार्टी की सरकार ने शिमला को ‘हिल्ज क्वीन’ बनाने के लिये बहुत प्रयास किये हैं। अब शिमला नगर निगम चुनाव में हम बहुआयामी व जनता को सुविधा देने वाला एक दृश्टिपत्र लेकर आये हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप नगर निगम के चुनाव में जनसेवक भारतीय जनता पार्टी प्रतियाशियों को विजयी बनाकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को सेवा का अवसर प्रदान करेंगे। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि शिमला नगर निगम में सत्ता में आने के बाद हम निम्नलिखित कार्य व जनसुविधाएं प्रदान करेंगे। 1. 2000 लीटर तक प्रति माह पानी का बिल नहीं आयेगा। 2. शहरवासियों को टैक्सों के जाल से मुक्ति, ‘‘एक निगम एक टैक्स’’ प्रणाली लागू करेंगे। वतर्मान में कूड़ा बिलों को 50 प्रतिशत तक माफ करेंगे। 3. हर वार्ड/मोहल्ले में सुलभ शौचालय बनाकर जनता को सुविधा देंगे। 4. पार्किंग हर मोहल्ले में होगी और गाड़ी व्यवस्थित पार्क होंगी। 5. हमारी पार्टी की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुसार गरीब ढारा मालिकों को 2 बिस्वा तक जमीन में बने ढारों का अधिकार ‘‘जहां ढारा, वहीं मकान’’ देगी। 6. खतरनाक पेड़ों को समयबद्ध ढंग से हटाने का अधिकार नगर निगम को होगा। 7. हमारी सरकार ने बिजली के मीटरों को बिना एनओसी के मीटर लगाने का निणर्य लेकर लाखों लोगों को सुविधा दी है, उसी आधार पर पानी के मीटरों के लिए भी एनओसी नहीं होगा। 8. दुकानों के लाइसेंस की फीस की विशमताओं को समाप्त करेंगे एवं एक दुकान एक युनिट की व्यवस्था लागू होगी और एक ही लाइसेंस होगा। 9. नशामुक्ति के खिलाफ जन आन्दोलन चलायेंगे तथा शिमला की जनता को जागरूक भी करेंगे। 10. हर वार्ड के हर मुहल्ले में ‘ओपन जिम’ लगायेंगे जिससे समाज के हर वर्ग को स्वस्थ व सुदृढ़ बनाएंगे। 11. सारे नगर निगम क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे के अन्तगर्त लायेंगे, जिससे अपराधों पर नजर रखी जायेगी व अपराधियों को पकड़ कर कानून के शिकंजे में लायेंगे। 12. आवारा कुत्तों व बंदरों के बढ़ते मामलों व इनके आक्रमक होने से जनता को आ रही परेशानी को दूर करने के लिये एक टास्क फोर्स बनायेंगे जो वतर्मान व्यवस्था में परिवतर्न कर ठोस उपाय करेंगे। एनजीओ व अन्य सामाजिक संस्थाओं को षामिल करेंगे। 13. शिमला नगर निगम क्षेत्र में और स्थान चयनित कर रैन बसेरा और लेबर हाॅस्टल बनाने का प्रयास करेंगे जिससे दिहाड़ीदारों, मजदूरों और अपना रोजगार करने वालों को आश्रय मिल सकेगा। 14. शिमला नगर कि विभिन्न स्थानों पर मैरेज पैलेस (शादी घरों) का निमार्ण करेंगे जिसमें सभी प्रकार की सुविधायें उपलब्ध होगी। 15. सोलर सिस्टम को बढ़ावा देंगे तथा यथासंभव अधिकतर छतों पर सोलर पैनल सबसीडि के आधार लगायेंगे। 16. भाजपा सरकार की योजना के अनुसार दाड़नी के बगीचे में बनाई जाने वाली सब्जी मण्डी - अनाज मण्डी के कार्य को गति देते हुये जल्दी पूरा करेंगे। 17. सभी वार्डों में ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करेंगे जिससे गंदे पानी का रिसाव सावर्जनिक स्थलों पर न जा सके। 18. शिमला नगर निगम के वरिश्ठ नागरिकों व बुद्धिजीवियों की एक समिति महापौर की अध्यक्षता में बनायेंगे जिसे यह अधिकार होगा, कि उनके सुझावों पर नगर निगम कार्य करें तथा दिये गये सुझावों पर सरकार विकास के कार्यों के लिये धन आपूर्ति के लिए वाध्य होगी। 19. केन्द्र सरकार की 1546 करोड़ की बहुअयामी योजना ‘पवर्तमाला योजना’ को कायार्न्वित करने के लिए ठोस प्रयास केरेंगे जिससे स्थानीय नगारिकों और पयर्टकों को काफी लाभ होगा। 20. शिमला नगर के अंतिम छोर अथार्त प्रत्येक गांव तक पर स्थित सभी गांवों तक एम्बुलेंस रोड़ बनाएगें। 21. शिमला निगम क्षेत्र में सभी ‘फायर डाइड्रेंटस’ को क्रियाशील करेंगे ताकि कभी भी होने वाले अग्निकांड में शीघ्र काबू पाया जा सकेगा। जयराम ने कहा हमारा ध्येय: स्वच्छ शिमला, हरित शिमला,पयार्वरण युक्त शिमला, नशा मुक्त शिमला। तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के अथक प्रयासों से निम्नलिखित ऐतहासिक कार्य हुये हैं। 1. स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट (6500 करोड़) भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार की देन है। 2. शिमला शहर की जितनी भी तंग सडकें थी उनका चैड़ीकरण व सुधारीकरण किया, सड़क चैड़ीकरण कार्य मे किसी को बिना परेशानी किये, बिना नुकसान पहुंचाये सड़कों को चैड़ा किया है जिससे यातायात व्यवस्था सुधरी है और ट्रैफिक व्यवस्था भी ठीक हुई है। यह कार्य ब्रिटिश काल के बाद पहली बार हमारी सरकार द्वारा संभव किया गया है। आजादी के बाद पहली बार शिमला के नागरिकों के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शिमला डेवलेपमैंट प्लान लाकर हजारों शहरवासियों को लाभ पहुंचाया। 3. पूरे शिमला में सड़कों के साथ पैदल रास्तों का निमार्ण किया है जिससे सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा सुनिष्चित हुई है। 4. 1813 करोड़ की जल योजना का कार्य शुरू किया है, जिससे शिमला के नागरिकों को 24*7 चैबीस घंटे शुद्ध जल उपलब्ध होगा। 5. ढली की दूसरी टनल का निमार्ण कार्य 54 करोड़ की लागत से रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। यह टनल ब्रिटिशकाल के बाद शिमला की पहली टनल है। 6. हमारी सरकार ने 7 ओवर ब्रिज बनाये हैं, जिससे सुरक्षित आवगमन सुनिष्चित हो पाया है। 7. शिमला शहर में 4 लिफ्टों का निमार्ण कार्य किया गया है। 8. दो एस्केलेटरों का निमार्ण प्रगति पर है। 9. लिफ्ट के नजदीक आजीविका भवन का निमार्ण 12 करोड़ की राशि से किया गया है, जिसमें तिब्बती माकिर्ट शिफ्ट हुई तथा तिब्बती माकिर्ट जो कि बहुत समय से भूमि खिसकने से खतरे में थी वह समस्या भी समाप्त हुई है और आम जनता की आवाजाही सुलभ हुई है। 10. नगर निगम क्षेत्र में लोअर बाजार, राम बाजार, सब्जी मण्डी में स्मार्ट शॉप्स का निमार्ण किया और विकास नगर में 100 स्टाॅल बनाकर बेचे गए हैं जिससे व्यापारी वर्ग बहुत खुश है। 11. शिमला में 4 बुक कैफे बने हैं जिसका लाभ सभी लोगों-पाठकों को मिल रहा है। 12. ओपन जिम खोले गये हैं और अधिक जिम खोलें जायेंगे। 13. दो-सब-वे का निमार्ण किया गया है जिससे शहरवासियों को बिना व्यवधान के आने-जाने में सुविधा हुई है। 14. रझाणा बाईपास जो कि शोघी ढली रोड़ सेे जुड़ रही है उससे लोगों को आने जाने में समय भी कम लगेगा और तेल की बचत भी होगी। 15. बडे़-छोटे पार्कों का निर्माण किया गया है दादा-दादी पार्क भी बने हैं। भविश्य में और अधिक आदर्श पार्क बनाये जायेंगे। 16. वर्ष 2018 जल संकट के समय शिमला की जनता को जल उपलब्ध करवाया। चाभा से गुम्मा, गुम्मा से शिमला 70 करोड़ की लागत से शिमला की जनता को 10 एमएल पानी रोजाना मिला। यह योजना रिकॉर्ड समय मेें पूरी हुई। 17. हमारी भाजपा सरकार ने संजौली से इंदीरा गांधी मैडिकल काॅलेज तक हर मौसम मार्ग एवं जाखु मंदीर जाने के लिऐ हर मौसम मार्ग का निमार्ण किया जिससे श्रद्धालुओं और पयर्टकों को लाभ मिला। 18. कोविड काल में 4 करोड़ के कूड़ा बिलों को माफ किया है।
स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने आज प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि विधायक प्राथमिकता बैठक में इलाके की समृद्धि व उन्नति के लिए रखी गई मांगों की मंजूरी मिल गई है, जिसके अंतर्गत धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 26 संपर्क सड़क मार्गों का निर्माण व संवर्धन किया जाएगा। इसके अंतर्गत नाबार्ड के सहयोग से क्षेत्र में 13 संपर्क सड़क मार्गों का निर्माण करवाया जाएगा, जिसमें हीरू दुशालनी संपर्क मार्ग, ग्राम पंचायत कंड करडियाना में वार्ड 4,5 के लिए संपर्क मार्ग, चकबन टीला से भरेड़ी धरूं पटोला के लिए संपर्क मार्ग, अलखन से जुल बगियाड़ा व जुल से फाटी गांव तक संपर्क मार्ग, अल्खन से बंजर अंद्राड संपर्क मार्ग, मान टी एस्टेट दाड़ी से खनियारा के लिए संपर्क मार्ग, गमरू से हीरू संपर्क मार्ग, न्यू बाघनी तपोवन बृह घिआना संपर्क मार्ग, खिडकू से सलिग, डल लेक नड्डी से मैकलोडगंज, कंड करडियाना से इक्कु खड़ पटोला होते हुए, धर्मकोट से नड्डी तक संपर्क मार्ग का निर्माण करवाया जायेगा, साथ ही ग्रामीण आधारभूत विकास निधि के अंतर्गत 4 संपर्क मार्ग बनाए जायेंगे, जिसमें मोहली ठेहड सोकनी दा कोट से पंचायत घर पटोला तक संपर्क मार्ग, चीलगाड़ी से रोडीकुट वाया निचला सकोह गदियाडा संपर्क मार्ग के शेष कार्य का निर्माण, खनियारा कसवा अंद्राड टिक्करी के सुधारी करण, योल बरवाला बंनरोडू का सुधारीकरण शामिल है। क्षेत्र के लोगों की काफी पुरानी मांगों को मंजूर करते हुए उन्होंने यह स्वीकृति दिलवाई है। 6 पुलों का होगा निर्माण उन्होंने यह भी बताया कि धर्मशाला हलके में लोगों को आने जाने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के हर गांव को संपर्क सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिसके लिए ग्राम पंचायत पद्दर और ग्राम पंचायत रसेहड़ को जोड़ने हेतु इक्कू भागण खड़ पर केटी पुल का निर्माण, न्यू बाघनी तपोवन को जोड़ने के लिए रसा नाले पर पुल निर्माण, बड़ोई चौक से पटोला वाया सकोली सड़क हेतु भागन खड्ड पर पुल निर्माण, मैकलोडगंज भागसूनाग टऊ चोला को जोड़ने हेतु चुरान खड़ पर पुल निर्माण, हीरू दुशालन गमरु चोला संपर्क सड़क हेतु चुरान खड्ड पर पुल निर्माण , ढगवार चकवन से मसरेहड़ सड़क को जोड़ने के लिए घुरलू नाले पर पुल निर्माण करवाया जायेगा ताकि लोगो के लिए आवागमन को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून द्वारा द इंटरनेशनल स्कूल अंडर-14 गर्ल्स फुटबॉल चैंपियनशिप ‘दून कप-2023’ का आयोजन किया गया। चैंपियनशिप में मेज़बान स्कूल सहित देश-विदेश के कुल 9 विद्यालयों नें भाग लिया, जिनमें एशियन स्कूल देहरादून, क्रीडेन्स स्कूल दुबई, ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून, हिमज्योति स्कूल देहरादून, होपटाऊन स्कूल देहरादून, पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर, श्री राम स्कूल देहरादून, वाइनबर्ग ऐलेन स्कूल मसूरी और जेम्स स्कूल दुबई शामिल हुए। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर की युवा फुटबॉल बालिका खिलाड़ियों नें सभी मैचों में शानदार खेल का प्रदर्शन कर एक के बाद एक जीत हासिल की और प्रतिस्पर्धा पर कब्ज़ा किया। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने कुल 6 मैच खेले और सभी में शानदार जीत हासिल की। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने पहला मैच श्री राम स्कूल देहरादून के खिलाफ 9-0 से, दूसरा मैच क्रीडेन्स स्कूल दुबई से 5-0 के अंतर से तथा तीसरे मैच में वाइनबर्ग ऐलेन स्कूल मसूरी के साथ 3-0 के स्कोर से विजय हासिल की। चौथे मैच में मेज़बान ने स्कूल ईकोल ग्लोबल स्कूल देहरादून को 6-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में पाइनग्रोव स्कूल का मुकाबला हिमज्योति स्कूल देहरादून से हुआ जिसमें पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर ने जीत का सिलसिला ज़ारी रखते हुए हिमज्योति स्कूल देहरादून को 5-0 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया फाइनल में पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर और एशियन स्कूल देहरादून का मुकाबला हुआ। पाइनग्रोव स्कूल ने एशियन स्कूल देहरादून को 3-1 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्ज़ा किया। पाइनग्रोव स्कूल के कोच मिस्टर संदीप नें खुशी ज़ाहिर करते हुए कहा कि लड़कियों नें सुबह शाम फील्ड में पसीना बहाया, जी-जान से मेहनत की, जिसका परिणाम यह चमचमाती ट्रॉफी है। वे सभी खिलाड़ियों के खेल से अति प्रसन्न हैं। पाइनग्रोव स्कूल के हेड ऑफ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेंद्र मेहता नें मंच से संबोधित करते हुए कहा कि सभी मैच देखने लायक थे। पाइनग्रोव स्कूल की सभी खिलाड़ी अत्यंत उच्च स्तर के खेल कौशलों के साथ खेलते हुए दर्शकों को अचंभित कर रही थीं। पाइनग्रोव स्कूल की विजेता टीम का विद्यालय में भव्य स्वागत किया गया और केक काटकर उन्हें सम्मान दिया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय चौहान, हेड एलीमेंट्री डॉ. किरण अत्री, हेड एक्टिविटी एवं एडमिनिस्ट्रेटर मिस्टर विशाल, हेड पेस्टोरल केयर मिस्टर सुनील वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह, प्रबंधन प्रमुख मिस समीक्षा सिंह, स्पेशल एजुकेटर मिस श्रिया ने अपने संदेश में टीम एवं विद्यालय परिवार को अपार बधाई नह है।
पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने पंजाब के युवक से 7.71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। धर्मशाला पुलिस ने नरवाणा खास में दिवांश निवासी हाउस नंबर 1453/39 अमरीक नगर जालंधर-1 (पंजाब) से 7.71 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस संदर्भ में जेर धारा 21,25-61-85 स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम में मामला पंजीकृत किया गया है। एसपी शालिनी अग्रिहोत्री ने इसकी पुष्टि की है।
प्रदेश सरकार की स्वर्ण जयंती आश्रय योजना करसोग क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों के लिए सच में ही गोल्ड साबित हुई है। इस योजना के माध्यम से क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों का अपना पक्का घर होने का सपना साकार होगा। योजना के तहत करसोग क्षेत्र में बनने वाले सैकड़ों घरों का निर्माण करने को राज्य सरकार नेे स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन घरों को बनाने पर राज्य सरकार लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि व्यय करेगी। योजना का लाभ पाने के लिए चयनित प्रत्येक लाभार्थी को योजना के तहत अपने सपनों का आशियाना बनाने के लिए प्रति घर एक लाख 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। करसोग क्षेत्र के लिए यह पहला मौका है कि एक साथ इतने अधिक, सैकड़ों मकान क्षेत्र के गरीब, पिछड़े व अल्प संख्यक वर्ग के लोगों के लिए स्वीकृत किए गए हैं। गत वर्षो में क्षेत्र के लोगों के लिए स्वीकृत किए गए मकानों की संख्या पर नजर डाली जाए तो एक वर्ष में 50-60 से ज्यादा मकान स्वीकृत नहीं होते थे, जबकि इस वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार की ओर से एक साथ 215 लोगों के सपनों को पूरा करने के लिए अपनी स्वीकृती प्रदान की है। क्षेत्र के लोगों को यह सौगात, राज्य की सुख की सरकार के प्रयासों से संभव हुई है। दो किस्तों में मिलेगा पैसा चयनित सभी पात्र लाभार्थियों को पैसा दो किस्तों में दिया जाना है। क्षेत्र के लिए स्वीकृत कुल 215 घरों का निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए विभाग की ओर से पहली किस्त के रूप में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि सभी चयनित लाभार्थियों को प्रदान की जानी है। जिसकी प्रक्रिया विभाग द्वारा शुरू कर दी गई है। करसोग के तहसील कल्याण अधिकारी भोपाल शर्मा ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत करसोग क्षेत्र के लिए इस वर्ष 215 मकान स्वीकृत हुए है। इन मकानों के निर्माण पर लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की धन राशि व्यय की जानी है। सभी चयनित लाभार्थियों को योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की और उनके साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर सारगर्भित चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अवगत करवाया कि हिमाचल सरकार की ओर से हिमाचल में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले उपकर से हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं अपितु प्रदेश में कार्यरत लगभग 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर विद्युत उत्पादन पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में भ्रांतियों का निवारण ही आज की बैठक का उद्देश्य है। जल उपकर के विषय में बैठक में सार्थक चर्चा की गई। बैठक में रेणुका बांध परियोजना तथा हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड की संयुक्त किशाऊ जल विद्युत परियोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सरस्वती नदी के उद्गम स्थल आदिबद्री परियोजना के कार्यान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विभिन्न संयुक्त परियोजनाओं के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी जहां एक ओर परियोजना की लागत को बढ़ाती है। वहीं परियोजना के लाभ देरी से मिलने से योजना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के विषय में दोनो राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक कर भावी नीति निर्धारित करेंगे। उन्होंने हरियाणा को हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत परियोजनाओं तथा ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश करने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश दोनों राज्यों के लिए हितकारी सिद्ध होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण हितैषी भी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश पर सार्थक विचार किया जायेगा। बैठक में अंतरराज्यीय सीमा पर भू-संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हरियाणा के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा सहित हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार के विचाराधीन है। सामाजिक रूप से सुरक्षित पत्रकार सदैव अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखेगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चंडीगढ़ में दि कॉन्फेडेरेशन ऑफ न्यूजपेपर्ज़ एंड न्यूज एजेंसीज एम्पलोईज आर्गेनाईजेशन द्वारा ‘चेलेंजिज बिफोर प्रिंट मीडिया’ विषय पर आयोजित सत्र को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन दि ट्रिब्यून एम्पलोईज यूनियन चंडीगढ़ द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर पंचवर्षीय योजनाओं के लाभ जनमानस तक पहुंचाने और कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी से लोगों को लाभान्वित करने में प्रिंट मीडिया की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सूचना के आदान-प्रदान में समाचार पत्रों का अहम योगदान है। इलैक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया विस्तृत जानकारी प्रदान करने और लोगों के मीडिया पर विश्वास को कायम रखने में विशेष रूप से सफल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के लिए अनेक नवीन योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया केे सहयोग से हमारी यह योजनाएं न केवल समय पर लक्षित वर्गों तक पहुंच रही हैं अपितु मीडिया द्वारा समय-समय पर प्रदत्त फीडबैक से यह योजनाएं और बेहतर भी बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्र उद्योग स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। राज्य में जलविद्युत के समुचित दोहन तथा पर्यटन क्षेत्र के पूर्ण विकास पर बल दिया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास योजना भी आरम्भ की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए मीडिया का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, ग्रीन एनर्जी के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यून समूह को विश्वसनीयता और ठोस समाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि समूह भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से विश्ष्टि पहचान कायम रखेगा। वर्तमान में विभिन्न कारणों से मीडिया के समक्ष विश्वसनीयता का संकट प्रत्यक्ष है। मीडिया शीघ्र ही इस चुनौती से भी पार पा लेगा। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत सदैव सर्वोच्च रहेगी।
भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में नगर निगम चुनावों की दृष्टि से जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी, सह प्रवासी प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, सुरेश भारद्वाज, गोविंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा उपस्थित रहे। सुखराम चौधरी ने बताया कि भाजपा नगर निगम चुनावों को लेकर अपने मेनिफेस्टो की लॉन्चिंग 23 अप्रैल को आशियाना रिज मैदान से दोपहर बाद 3 बजे करने जा रही है। मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष गणेश दत्त, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और भाजपा का समस्त नेतृत्व इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। मेनिफेस्टो में भाजपा शासित नगर निगम शिमला की उपलब्धियों और आगामी विजन को जनता के समक्ष रखा जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बताया की भाजपा 24 अप्रैल 2023 को नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन करने जा रही है। नुक्कड़ सभाओं में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मल्याणा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप संजौली चौक, संजय सूद भराड़ी, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी कैथू, राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार फागली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार राम बाजार, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जम्वाल जाखू, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज अप्पर ढली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल पंथाघाटी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल पटयोग और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी न्यू शिमला में उपस्थित रहेंगे।


















































