उपमंडल अधिकारी देहरा शिल्पी बेक्टा ने गत दिवस अधिकारियों के साथ एक मेगा मॉक एक्सरसाइज के आयोजन के संबंध में बैठक की । एसडीएम ने बताया कि 8 जून को एक मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत उपमंडल देहरा के कलोहा पर भारी बाढ़ और भूस्खलन को आधार मानकरमेगा मॉक एक्सरसाइज आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि इसमें आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ जुड़े सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं व विभिन्न सामाजिक संगठनों को शामिल किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि चूंकि ऐसे पूर्वाभ्यास वास्तविक आपदा के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी उपलब्ध विभागीय संसाधनों और मानव संसाधन क्षमता का पूर्ण सदुपयोग सुनिश्चित बनाएं । उन्होंने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निर्धारित एसओपी का पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश भी जारी किए। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए की आपदा के समय में अगर कोई सड़क अवरूद्ध होती है तो वाहनों को आवाजाही के लिए दूसरा रूट बनाया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए की आपदा के समय में उनके पास दवाइयां, स्ट्रेचर, डॉक्टर , एंबुलेंस उपलब्ध होनी चाहिए ताकि लोगों को तुरंत सुविधा दी जा सके। परिवहन विभाग को आपदा की जगह पर जल्द से जल्द बसों को पहुंचाने को कहा ताकि आपदा में फंसे लोगो को वहां से निकाला जा सके। यह रहे उपस्थित तहसीलदार रक्कड़ अमित शर्मा,तहसीलदार जसवा अंकित शर्मा , तहसीलदार देहरा कर्म चंद, तहसीलदार हरिपुर जयमल चंद,आरएम देहरा कुशल कुमार, एसडीओ लोक निर्माण विभाग बलबीर, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रागपुर अनिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पीहड़ी के बच्चों ने पर्यावरण दिवस मनाया। पर्यावरण दिवस 5 जून को पूरे विश्व में विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र के द्वारा 1972 में विश्व पर्यावरण दिवस की स्थापना हुई थी। 1974 में पहला विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया था। इस दिन का मकसद लोगों को पर्यावरण को बचाने के लिए प्रोत्साहित करना है जिसमें स्कूल के बच्चों ने बाजार में रैली निकाली और नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। विद्यालय पीहड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन प्रधानाचार्य विनोद बस्सी व स्कूल प्रबंधन कमेटी के प्रधान विजय सिंह की अध्यक्षता में किया गयाl इसमें बतौर मुख्य अतिथि अनुज बीआरसी जल शक्ति विभाग रहेl विद्यालय ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भाषण प्रतियोगिता, नारा लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जागरुकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त अध्यापकों तथा बच्चों ने भाग लिया।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में सोमवार को केमिस्ट्री विभाग द्वारा पर्यावरण दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया, जिसमें कॉलेज के छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अंजू चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। डॉक्टर स्वदीप सूद ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पर्यावरण दिवस के महत्व व इसकी शुरुआत के बारे में विस्तार से बताया। सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू से प्रो दीपक पठानिया ने छात्रों को ऑनलाइन सम्बोधन दिया और पर्यावरण सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस दौरान छात्रों के बीच एक भाषण प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्रों ने हिस्सा लिया और तत्पश्चात कालेज प्रांगण में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ पर्यावरण के नारे को और बुलंद किया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में से भाषण में निधि ने प्रथम स्थान, शुभम ने द्वितीय स्थान एवं पिंकी ने तृतीय स्थान हासिल किया तो वहीं पोस्टर मेकिंग में आंचल प्रथम, इशिता द्वितीय एवं कृतिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने उपस्थित छात्रों को पर्यावरण सरंक्षण को अपने घर, अपने कालेज से शुरू करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि कालेज प्रशासन छात्रों के सर्वंगीण विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहा है और भविष्य में करते रहेंगे ताकि छात्रों का सर्वंगीण विकास हो सके। कार्यक्रम में प्रो. अनीता, प्रो. संजीव, प्रो. शर्मिता सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल आज अपने दो दिवसीय प्रवास पर कांगड़ा पहुंचे। पालमपुर पहुंचने पर उन्होंने यामिनी परिसर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के निवास जाकर उनसे भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने संसदीय कार्यकाल की स्मृतियों को याद किया। हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर भी उन्होंने चर्चा की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और भौगोलिक क्षेत्र की भी चर्चा की।
दंगल कमेटी के प्रधान सुखदयाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया ख्वाजा पीर बाबा जी मेला दंगल कमेटी गांव चटवाल में 8 जून को दंगल कुश्ति का आयोजन किया जाएगा। इसमें पंजाब हरियाणा जम्मू दिल्ली आदि के नामी पहलबान अपना दमखम दिखाएंगे। पहले यह दंगल मेला दशहरे के दूसरे दिन होता था और अगले वर्ष यह दंगल का आयोजन जेठ महीने के चौथे वीरवार को हर वर्ष मेला दंगल का आयोजन होगा।
मिट्टी से सोना उगाने का हुनर रखने वाले लोग खेती में नयापन लाकर केवल पैसा ही नहीं कमाते, बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन जाते हैं। ऐसे ही एक बागवान हैं कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल के तहत आने वाले दुरगेला गांव के पूर्ण चंद। पूर्ण चंद ने कांगड़ा के मैदानी इलाके में ठंडे पहाड़ों की फसल कही जाने वाले सेब की पैदावार से सफलता की ऐसी उम्दा कहानी लिखी है, जो पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का सबब है। उनकी देखा देखी अब आसपास के गांवों के लोग भी सेब समेत अन्य फलों की खेती की ओर मुड़ने लगे हैं। पूर्ण चंद ने अन्ना व डोरसेट प्रजाति के लगभग 300 सेब के पौधे लगाए हैं, जिनमें से लगभग 140 पौधों में अभी फल आ चुके हैं। मौजूदा सीजन में उन्हें सेबों की पैदावार से एक से डेढ़ लाख रुपये की आमदनी की उम्मीद है। पूर्ण चंद बताते हैं कि वे अपनी तीन-चार कनाल जमीन पर गेहूं, मक्की इत्यादि की परंपरागत खेती करते थे, लेकिन इसमें कुछ अधिक लाभ नहीं हो रहा था। कोई चार साल पीछे उन्होंने प्रदेश के बागवानी विभाग के मार्गदर्शन एवं सहयोग से सेब का बगीचा लगाया। लोगों को रायासनमुक्त और पौष्टिक फल मुहैया कराने उद्देश्य से उन्होंने अपने बगीचे में किसी रासायनिक खाद या स्प्रे का उपयोग न करने का प्रण लिया। रासायनिक खाद या स्प्रे का नहीं करते इस्तेमाल पूर्ण चंद बताते हैं कि उनके बगीचे की खासियत यह है कि वह अपने सेब बागान में किसी रासायनिक खाद या स्प्रे का इस्तेमाल नहीं करते हैं। इसके स्थान पर वह विभिन्न तरह से बनाये जानी वाली जैविक खादों का ही इस्तेमाल करते हैं। उनका कहना है कि वे विभिन्न दालें, किचन वेस्ट, ऑयल सीड, गौ मूत्र तथा गोबर द्वारा बनाई जाने वाली जैविक खादों का ही प्रयोग करते हैं। पूर्ण चन्द इन सब खादों को भी स्वयं ही तैयार करते हैं। सरकार से एंटी हेलनेट पर मिला 80 प्रतिशत उपदान वे बताते हैं कि इस बार उनके बागान में सेब की फसल काफी अच्छी हुई है। सेबों की अच्छी गुणवत्ता के चलते खरीददार उनके घर पर आकर ही सेब खरीद ले जाते हैं। पूर्ण चन्द को इस वर्ष एक से डेढ़ लाख रुपये के सेबों की पैदावार की उम्मीद है। प्रदेश सरकार द्वारा एन्टी हेलनेट के लिए भी पूर्ण चन्द को 80 प्रतिशत उपदान दिया गया है। तैयार की सेब के पौधों की नर्सरी, देशभर में भेजते हैं सप्लाई पूर्ण चन्द ने सेब के पौधों की एक नर्सरी भी लगाई है। वे बताते हैं कि बीते दो वर्षों में प्रदेश के साथ साथ देश के विभिन्न राज्यों में अपनी नर्सरी के पौधे भेज चुके हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ, नागपुर, अमरावती, औरंगाबाद व अहमदनगर के साथ मध्यप्रदेश के जबलपुर, भोपाल, नीमच तथा राजस्थान के जयपुर और कर्नाटक के बीजापुर तथा सिन्दगी सहित हरियाणा गुजरात इत्यादि प्रदेशों में वर्ष 2021-22 में 10 हजार तथा 2022-23 में 20 हजार पौधों की सप्लाई कर चुके हैं। समय समय पर वे खुद वहां जाकर उनकी प्रोनिंग इत्यादि का कार्य करते हैं तथा वहां के बागवानों को इन पौधों की रख-रखाव के बारे में बताते हैं। उनका कहना है कि शुरुआती दौर में लगाए गए पौधों में फल आने भी शुरू हो गए हैं। इस समय भी उनकी नर्सरी में लगभग 40 हजार पौधे लगे हुए हैं और आने वाले सीजन की सप्लाई के लिए तैयार हैं। वे बताते हैं कि उन्होंने अपने यहां पास के गांव के 6-7 लोगों को खेती में मदद के लिए स्थाई रोजगार दे रखा है। उन्होंने अपनी नर्सरी को प्रदेश सरकार के पास भी पंजीकृत कराया है। वैदिक विधि से खेती से जोर पूर्ण चन्द का कहना है कि वे वैदिक विधि से खेती से जोर दे रहे हैं। देसी गाय के गोबर और गौ मूत्र का प्रयेाग और अग्निहोत्र करना और उसके बाद शेष बची राख का छिड़काव प्रतिदिन अपने बगीचे में करते हैं। उनका मानना है कि इस क्रिया के करने से उनके बगीचे तथा आसपास के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और इसका परिणाम तैयार सेब की फसल में प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलता है। मसलन स्वस्थ पौधे व उत्तम गुणवत्ता के फल उनको प्राप्त होते हैं। परिवार का मिला पूरा साथ बागवानी के कार्य में पूर्ण चंद की धर्मपत्नी मधु भी पूरा सहयोग करती हैं। कई बार उनके घर से बाहर होने की स्थिति में उनके बच्चे भी अग्निहोत्र की क्रिया को सम्पन्न कर लेते हैं। उनका कहना है कि पारम्परिक खेती को छोड़कर जब वे इस तरफ आए थे, तब उन्होंने कभी ऐसे लाभ की कल्पना नहीं की थी। बागवान पूर्ण चन्द की किसान भाईयों विशेष कर युवाओं से अपील है कि वे अपनी जमीन को खाली न रखें अपितु सेब, अमरूद, कीवी इत्यादि के पौधे लगाकर अपनी आजीविका अच्छे से चला सकते हैं। क्या है सेब की सघन खेती बागवानी विभाग जिला कांगड़ा के उपनिदेशक डॉ. कमलशील नेगी बताते हैं कि सेब की सघन खेती में क्लोनल रूट स्टॉक के बौने और मध्यम बौने पौधे आपस में कम दूरी पर लगाए जाते हैं, इससे भूमि का अधिक से अधिक उपयोग किया जा सकता है। इसमें जहां कम भूमि पर अधिक पौधे लग जाते हैं वहीं पौधों के बीच की भूमि पर अन्य खेती की जा सकती है, जिससे अधिक लाभ होता है। सरकार की ओर से प्रोत्साहन डॉ. कमलशील नेगी बताते हैं कि प्रदेश सरकार क्षेत्र विस्तार सघन खेती फलों के अंतर्गत 50 प्रतिशत उपदान प्रदान करती है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना प्रत्येक बूंद अधिक फसल के तहत बगीचे में टपक सिंचाई योजना स्थापित करने के लिए भी अनुदान दिया जाता है। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 50 हज़ार क्षमता तक जल भंडारण टैंक बनाने के लिए 50 प्रतिशत या अधिकतम 70 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाता है । फल भंडारण पैक व ग्रेडिंग हाउस बनाने के लिए अधिकतम 2 लाख या 50 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। उपनिदेशक डॉ. नेगी ने बताया कि कृषि उत्पादन संरक्षण योजना के अंतर्गत एंटी हेलनेट की स्थापना के लिए बांस का ढांचा बनाने को 50 प्रतिशत या अधिकतम 60 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तथा लोहे के ढांचे हेतु 1.20 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता है। क्या कहते हैं जिलाधीश जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार कांगड़ा जिले में बागवानी गतिविधियों को नई रफ्तार देने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन, उद्यान विभाग के सहयोग से जिले में बागवानी की मौजूदा स्थिति में व्यापक सुधार और मजबूती के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों-बागवानों को सरकारी मदद मुहैया कराने, खेती की पैदावार बढ़ाने और इससे जुड़े कार्यों को मुनाफे वाला बनाकर किसानों की आय में बढोतरी के लिए कदम उठाए गए है।
ज्वाला चेस क्लब द्वारा एक दिवसीय रैपिड चेस टूर्नामेंट का आयोजन शिवालिक इंटरनेशन कॉन्वेंट स्कूल ज्वालामुखी में किया गया, जिसमें 144 प्रतिभागियों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का सुभारंभ शिवालिक इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल ज्वालामुखी के प्रिंसिपल मुनीश राणा ने किया। इस टूर्नामेंट में सीनियर वूमेन में लॉरेट कॉलेज की छात्रा कनिका शर्मा ने प्रथम, रावमापा बाल ज्वालामुखी की छात्रा पलक ने द्वितीय, माउंट कार्मल स्कूल की नवरीति गुलेरिया ने तृतीय, रावमापा बाल ज्वालामुखी की कशिश ने चतुर्थ और राजकीय उच्च पाठशाला दलोह की कृषका ने पांचवां स्थान हासिल किया। सीनियर ओपन में डिग्री कॉलेज के दीक्षित शर्मा ने प्रथम विवेका फाउंडेशन भवारना के केशव सूद ने द्वितीय, रावमापा बाल ज्वालामुखी के गणेश बहादुर ने तृतीय, ज्वालामुखी के तरुण शर्मा ने चतुर्थ और आरएनटी स्कूल ज्वालामुखी के सतीश शर्मा ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर 14 ओपन में लॉरेट ग्लोबल स्कूल कथोग के दिव्यांश धीमान ने प्रथम, माउंट कार्मल स्कूल गगल के रसेश गुलेरिया ने द्वितीय, आरएनटी स्कूल ज्वालामुखी के आर्यन भारती ने तृतीय, हिम एकेडमी हमीरपुर के रुद्रांश ने चतुर्थ और डी ए वी देहरा के विहान ने पांचवां स्थान हासिल किया। अंडर 14 गर्ल्स मुकाबले में हमीरपुर की बार्बी ने प्रथम, ऐम एकेडमी जयसिंहपुर की हर्षिता ठाकुर ने द्वितीय केंद्रीय विद्यालय होल्टा पालमपुर की कुशानी धीमान ने तृतीय, डी ए वी भरोली कोहाला की मेधनी जगोत्रा ने चतुर्थ और अमृता राणा ने पांचवा स्थान हासिल किया। छः वर्षीय सिया धीमान और अयान जामवाल यंगेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे। मुख्यातिथि के रूप में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य बाबू राम ने शिरकत की और विजेताओं को इनाम बांटे। उन्होंने बच्चो को पढ़ाई के साथ खेलो में भी बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा की शतरंज खेलने से बच्चो का मानसिक विकास होता है और बच्चो में सोचने समझने की क्षमता बढ़ती है। इस मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घल्लौर की प्रधानाचार्या ममता भाटिया , ज्वाला चैस क्लब के प्रधान मोहिंदर कुमार, सचिव बंदना धीमान, सह सचिव तरुण शर्मा स्थानीय स्कूल के प्रिंसिपल मुनीश राणा चीफ ऑर्बिटर विकास धीमान, आर्विटर राकेश कुमार, संदीप रियाल्च, संदीप बहल, जीवन, शिवांश, पल्लवी और सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया जिसमें जिला प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अंशुल कुमार ने विश्व पर्यावरण के बारे में बच्चों को जागरूक किया, जिससे हमारा पर्यावरण संरक्षित रह सके। उन्होंने प्लास्टिक को प्रदूषण के लिए हानिकारक बताया, जिसका हमें निष्पादन सही ढंग से करना चाहिए डाडासीबा के वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने पेड़ों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने पेड़ों के कटान को पर्यावरण के लिए खतरा बताया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इस प्रतियोगिता में कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने भाग लिया, जिसमें 11वीं की छात्रा कृतिका प्रथम प्रिया द्वितीय और 12वीं की अमीषा चौधरी तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने पर्यावरण पर एक स्किट पेश कर पर्यावरण को संरक्षित रखने का संदेश दिया बच्चों को 501 रुपये दिए गए। इसके उपरांत 11वीं की छात्रा राधिका ने पर्यावरण पर एक सारगर्भित भाषण देकर सबका मन मोह लिया वन विभाग के कर्मचारियों ने स्कूल के प्रांगण में पौधारोपण रोपण भी किया। कार्यक्रम के दौरान डाडासीबा स्कूल के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने पर्यावरण पर अपने विचार सांझा किए। बच्चों में पर्यावरण दिवस पर डाडासीबा बाजार में एक रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल का स्टाफ डाडासीबा वन विभाग के बीच ओ हंसराज वनरक्षक अजय कुमार, वनरक्षक प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।
ज्वालामुखी विधानसभा के तहत पड़ते एक क्षेत्र के रहने वाले 30 वर्षीय युवक की गलती से जहरीले पदार्थ के सेवन करने से मौत हो गई है। इस संबंध में पुलिस ने सी आर पी सी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कारवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि युवक का पोस्टमार्टम करवाकर उसका शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक के मौत के कारणों का पता चलेगा। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार ज्वालामुखी विधानसभा के तहत पड़ते क्षेत्र से एक युवक को इलाज के लिए ज्वालामुखी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में पहुंचने पर युवक के परिजनों ने बताया की युवक ने गलती से किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। उसके बाद उसकी हालत खराब हो गई है। हालांकि यहां मौजूद डॉक्टर सतिंद्र वर्मा ने युवक की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे टांडा मैडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। बहरहाल पुलिस की मामले को लेकर जांच जारी है।
विश्व पर्यावरण दिवस पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु पूरे विश्व में मनाया जाता है। वहीं आज इस मौके पर यानि 5 जून को नगर परिषद नगरोटा बगवां द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया है। नगर परिषद द्वारा इस मौके पर शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता रैली आयोजित की गई तथा शहर के स्थानीय निवासियों को आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। RS बाली ने यह भी कहा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा व खूबसूरत सरकारी हॉटल नगरोटा विधानसभा में बनाया जाएगा। 70 करोड़ रूपए की लागत से इस सरकारी हॉटल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला माल रोड की तरह नगरोटा बगवां के बाजार को बनाया जाएगा। इसको बनाने के लिए 35 करोड़ का खर्च आएगा और यह प्रदेश का सबसे खूबसूरत टाउन बन जाएगा। बता दें कि इस आयोजन को नगरोटा बगवां के पुराने बस स्टैंड पर आयोजित किया गया। इस दौरान वहां पर नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री रैंक रघुबीर सिंह बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कैबिनेट मंत्री रैंक रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि 200 बेड का “मदर एंड चाइल्ड” अस्पताल का नाम स्वर्गीय विकास पुरूष जीएस बाली के नाम पर रखने के लिए सुक्खू सरकार के इस फैसले से मैं कृतज्ञ महसूस कर रहा हूं. सरकार के इस निर्णय की सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने सराहना की है।
प्रदेश में सरकार बदलने के साथ ही नई सरकार में जन्मे कुछ छुट भैया नेताओं द्वारा आए दिन सोशल मीडिया पर पत्रकारों के ऊपर अभद्र भाषा का प्रयोग कर सुर्खिया बटोरने में लगे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला विस क्षेत्र इंदौरा में पेश आया है। यहां नेता के करीबी कुछ छुट भैया नेताओं ने सोशल मीडिया पर पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है, जिसके बाद इंदौरा के समस्त पत्रकारों ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कारवाई करने के लिए कंदरोडी के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में बैठक की। बैठक में आए दिन कुछ शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी और भाषा का प्रयोग करते हुए पत्रकारों के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। सोशल मीडिया पर हुए वायरल अभद्र टिप्पणियों के बाद पत्रकारों ने संज्ञान लेते हुए ऐसे शरारती और छुट भैया नेताओंके खिलाफ कारवाई अमल में लाने की बात कही है। जल्द ही पत्रकार इसके लिए एक शिकायत पत्र उपायुक्त कांगड़ा और एसपी नूरपुर प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा जिला अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया और प्रदेश के मुख्यमंत्री को मिलकर ऐसे छुट भैया नेताओ के खिलाफ शिकायत पत्र सोपेगे जो पार्टी और प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने में अपनी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
जयसिंहपुर विधानसभा के क्षेत्र ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव के धरोड़ में संत शिरोमणि सत गुरु कबीर साहेब की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि राज्यसभा के सांसद सिकंदर कुमार का मंदिर कमेटी ने गर्भजोशी से इनका स्वागत किया। कार्यक्रम में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कबीर सुधार सभा के अध्यक्ष व पूर्व प्रधान शक्ति चंद शास्त्री ने मुख्य अतिथि को सोल व टोपी और स्मृति चिन्ह् देकर सम्मानित किया। साथ में पूर्व विधायक रविंद्र धीमान को टोपी और शाल देकर सम्मानित किया। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कबीर साहेब की जीवनी का ब्यख्यान किया तथा उनकी शिक्षा पर चलने को कहा। विधायक ने मंच से पूर्व सीएम शांता कुमार का भी धन्यवाद किया। राज्यसभा के सासंद सिकंदर ने अपने संबोधन कहा कि अंबेडकर भजन के लिए 5 लाख देने की घोषणा की। कबीर मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख और मंदिर के लिए पांच लाइट दी। वही लंबागांव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों जिसमें दिव्या, आंचल, पलबी रनौद, साहिल हर्षित चौहान, सचिन, नीतू, रिया अभिषेक नेहा, रिया, भूमिका,को सांसद सिकंदर कुमार ने सम्मानित किया। कबीर मंदिर में स्थानीय कलाकार इंद्र कुमार और मस्त राम ने भजनों से और महिलाओं ने कीर्तन से मंदिर में बैठे भक्तों भजनों से निहाल किया व मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
नेशनल पब्लिक हाई स्कूल हलेड़ जयसिंहपुर का 10वीं वार्षिक परिक्षा परिणाम सराहनीय रहा है। स्कूल के सभी विद्यार्थी अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हुए हैं। आशिमा, शाक्षी और रिया ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लेकर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आशिमा ने 93.4 प्रतिशत साक्षी ने 90.40 प्रतिशत, रिया ने 90.28 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। स्कूल के प्रिंसीपल निर्मला राणा ने बताया कि इस रिजल्ट का श्रेय स्कूल के स्टाफ की कड़ी मेहनत और लगन को तथा बच्चों की प्रतिबद्धता को जाता है। आशिमा आगे चल कर इंजीनियर, साक्षी सीए, और रिया एयरफोर्स में जाना चाहती है। वही स्कूल के प्रिंसिपल निर्मला राणा ने इन सभी बच्चों की उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में संस्कृत भारती द्वारा 12 दिवसीय शिविर चालक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने किया। उद्घाटन के पश्चात संस्कृत भारती के कांगड़ा जिला संयोजक डॉक्टर पुरुषोत्तम ने समस्त अतिथियों का परिचय करवाया एवं स्वागत किया। अक्षित द्वारा संकल्प मंत्र का उच्चारण किया गया ।प्रांत सह प्रचार प्रमुख डॉ सत्यदेव ने इस प्रशिक्षण शिविर का प्रस्तावित प्रस्तुत किया। प्रांत शिक्षक प्रमुख डॉ मुकेश ने अपना मुख्यवक्ता उद्बोधन किया। जिसमें प्रशिक्षण वर्ग के महत्व एवं स्वरूप के संदर्भ में जानकारी प्रदान की। मुख्य अतिथि संभाषण के दौरान प्रसिद्ध उद्योगपति प्रवीण कपूर ने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को संस्कृत के क्षेत्र में अध्ययन हेतु प्रेरणा प्रदान की। विशिष्ट अतिथि आचार्य डॉ रमन व्यास ने बताया कि संस्कृत में बातचीत के माध्यम से हम सभी अपने व्यक्तित्व को प्रभावी बना सकते हैं । इसलिए उन्होंने उपस्थित सभी प्रशिक्षणार्थियों को आयोजित इस वर्ग में भाग ग्रहण करने हेतु प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात अध्यक्षीय उद्बोधन के रूप में शशांक जसवाल वार्ड पंच नलेटी ग्राम पंचायत ने सभी प्रशिक्षणार्थियों का स्थानीय वार्ड पंच होने के नाते उन्हें शुभकामनाएं एवं प्रेरणा प्रदान की। अध्यक्षीय उद्बोधन के उपरांत देहरा जनपद बाल केंद्र प्रमुख डॉ के. मनोज्ञा ने वहां उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, प्रबंधकों, परीक्षार्थियों एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक व कर्मचारियों का धन्यवाद किया। वहीं धीरज व अंकिता भट्टी द्वारा इस उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन किया गया।शांतिमंत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ को शिक्षा निर्देशक ने राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस की मान्यता प्रदान की है, जो कि स्कूल के लिए बड़े गर्व की बात है। राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत शिविर लगाकर सामाजिक कार्यों के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाता है। एनएसएस में 11वीं और 12वीं के छात्र शामिल होते हैं। अब स्कूल में पूरे वर्ष कई प्रकार की गतिविधियां करवाई जाएंगी। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा की अध्यक्षता में पहली गतिविधि साइकिलिंग के प्रति जागरूकता पर हुई, जिसमें प्रधानाचार्य ने उन्हें साइकलिंग से होने वाले फायदे विद्यार्थियों को समझाए। जैसे कि मोटापे को कम करना, मानसिक स्वास्थ्य को सुधारना, बेहतर नींद आना आदि। इस मौके पर प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
एससीईआरटी सोलन द्वारा नेशनल मेरिट कम मींस छात्रवृत्ति योजना को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कड़ोआ के 3 छात्रों ने पास करके मेरिट में अपना स्थान बनाया है। इन विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा तक प्रतिमाह 1000 रुपये छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। प्रधानाचार्य मलकीत सिंह ने छात्रवृत्ति परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों व उनके अध्यापकों तथा अभिभावकों को बधाई दी और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने बताया कि इस छात्रवृत्ति से विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ की आठवीं कक्षा की छात्रा अक्षरा ठाकुर का चयन हिमाचल प्रदेश विधानसभा बाल सत्र में हुआ है जैसे ही यह समाचार स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा को प्राप्त हुआ उसी समय उन्होंने यह समाचार प्रार्थना सभा में सभी छात्रों और अध्यापकों के साथ साझा किया। सभी ने तालियों के साथ अक्षरा को बधाई दी। यह बाल सत्र 12 जून को शिमला में होगा, जिसमें सभी जिलों में से 68 बच्चे भाग लेंगे। अक्षरा ने जो वीडियो भेजी थी, उसके अनुसार बेस्ट शिक्षा मंत्री बनकर शिक्षा में जो खामियां हैंए उन्हें दूर करना चाहती है। अक्षरा ने अपनी इस पूरी सफलता का श्रेय स्कूल के प्रधानाचार्य अध्यापक गणों और अभिभावकों को दिया है अंत में प्रधानाचार्य ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं साल भर होती रहेंगी सभी छात्रों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, जिसमें उनके अंदर छिपी प्रतिभाएं बाहर आए अक्षरा की इस उपलब्धि पर उसे बधाई देने के लिए स्कूल की प्रबंधक कमेटी भी उपस्थित रहे।
इंदौरा पुलिस ने शक के आधार पर राहुल नामक व्यक्ति से सोना बरामद किया है। जानकारी देते हुए थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ग्राम पंचायत भोग्रवां में गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस टीम ने सुबह शक के आधार पर बाइक सवार दो युवकों को रोका। बाइक के पीछे बैठा युवक, जिसके पास बैग था वह डर गया व भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस द्वारा धर दबोचा गया, जिसके बाद उसकी तालाशी ली गई तो उसके पास से 330.300 ग्राम सोना चांदी की अंगुठी व कुछ आर्टीफिशियल ज्वैलरी बरामद की गई। इसका कोई बिल नहीं मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया काॅआर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की गलत नीतियों तथा बदले की भावना से कार्य करने से प्रदेश की कांग्रेस सरकार डरने वाली नही है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल के हकों पर कुल्हाड़ी नही चला सकते और केंद्र सरकार का यह खेल ज्यादा दिनों तक चलने वाला नही है, क्योंकि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में केंद्र से भाजपा का पूरी तरह से सफाया तय हो चुका है और जनता भी अब चुनावों के इंतजार में है। पुनीत मल्ली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस की एक मजबूत सरकार बनी है जो प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत करने के साथ जनहित व विकास के कार्यों में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पांच सालों के कार्यकाल में प्रदेश को भारी कर्जे में डूबोया है तथा अब केंद्र की मोदी सरकार गलत निर्णय लेकर प्रदेश की माली हालत को और खराब करने लग पड़ी है। उन्होंने कहा कि अभी कांग्रेस सरकार ने पांच महीने का कार्यकाल ही पूरा किया है, परंतु भाजपा की बैचेनियां लगतार बढ़ती जा रही है, जिससे वे लोगों को गुमराह करने के लिए गलत हथकंडों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा की केंद्र की सरकार को हिमाचल द्वारा ऋण लेने की लिमिट को बढ़ाना चाहिये था, परंतु केंद की मोदी ने उसे कम कर दिया है ताकि प्रदेश विकास की पटरी पर न दौड़ सके। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी तो केंद्र की मोदी सरकार ने यह निर्णय क्यों नही लिए, क्यों अपने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश का आर्थिकी सुधारने की सलाह नही दी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश को महंगाई की दलदल में डूबो कर रख दिया है। भारत का रुपया लगातार गिरता जा रहा है। देश की अािर्थकी स्थिति पूरी तरह से डगमगाई हुई है। ओर केंद्र के नेता हिमाचल में आकर मोदी का गणगान करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के गलत निर्णय प्रदेश का विकास नही रोक सकते।
मुख्य संसदीय सचिव, कृषि, पशु पालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिये वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि अनाथ, अर्ध अनाथ और विशेष रूप से विकलांग बच्चों, निराश्रित महिलाओं और बुजुर्ग व्यक्तियों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि अनाथ बच्चे/व्यक्ति अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट कहलायेंगे तथा इनके लिए सरकार ही माता और पिता का दायित्व निभायेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली गारंटी के रूप में प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की लंबित मांग को पूरा करते हुए पुरानी पेंशन बहाल कर सेवानिवृत्ति के पश्चात कर्मचारियों उनके परिजनों के भविष्य को पूर्ण रूप से सुरक्षित किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष गारंटियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए सरकार प्रयासरत है। सीपीएस ने शनिवार को सामाजिक कल्याण एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे । इस अवसर सीपीएस ने अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की पात्र महिलाओं को 34 सिलाई मशीने वितरित कीं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जातियों, अन्य पिछड़ा वर्गों, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से अक्षम लोगों के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के उत्थान के लिये कई कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से इनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थितियों में सुधार किया जा रहा है। किशोरी ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास में किसी रूप में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी और पूरे क्षेत्र का योजनात्मक रूप में कायापलट कर आदर्श विधान सभा क्षेत्र बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रख विकास को गति प्रदान की जायेगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, एसटी सेल के जिला अध्यक्ष पृथि करोटी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी अलोक ठाकुर, सतीश जम्बाल, राजेश राणा, दिनेश शर्मा, विक्रम चौधरी, शिव चौधरी , रितिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रोजगार अधिकारी कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि इवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटेड, टूटू ज़िला शिमला द्वारा सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के महिला व पुरुष के 350 पद भरने के लिए 13 जून को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर, 14 जून को उप रोज़गार कार्यालय फतेहपुर, 15 जून को उप रोज़गार कार्यालय ज्वाली तथा 16 जून को उपरोजगार कार्यालय ज्वालामुखी में पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि पुरूष आवेदकों के लिए शैक्षणिक योग्यता बाहरवीं व दसवीं पास, कद 5 फुट 7 इंच, वजन 60 किलोग्राम से अधिक तथामहिला आवेदकों की लंबाई 5 फुट 3 इंच, वज़न 48 किलोग्राम से अधिक तथा आयु 20 वर्ष से 38 वर्ष रखी गई है। रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा ईएसआई, ईपीएफ व ठहरने की सुविधा तथा प्रतिमाह 12 हजार से 22 हजार वेतन दिया जाएगा व उनका कार्यस्थल हिमाचल, पंजाब व हरियाणा रहेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 9418217918, 82221862918 पर संपर्क किया जा सकता है।
पर्यटन सीजन को देखते हुए विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने दिल्ली से धर्मशाला के लिए एक और उड़ान शुरू की है। गगल एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की दिन में पांच नियमित उड़ानें हो रही हैं। नई उड़ान शुरू होने से दिल्ली से गगल आने वाली उड़ानों की संख्या आठ पहुंच गई है। इनमें स्पाइस जेट की पांच, इंडिगो की दो और एलायंस एयर की एक उड़ान हो रही है। ऑफ सीजन में गगल एयरपोर्ट के लिए तीन से चार उड़ानें होती थीं। पर्यटन सीजन में इनकी संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इतनी ही उड़ानें गगल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए होती हैं। इसके अलावा गगल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए भी एक उड़ान है। एलायंस एयर का विमान सप्ताह में तीन दिन शिमला के लिए भी उड़ान भरता है। हेली टैक्सी भी सप्ताह में तीन दिन धर्मशाला-मंडी-शिमला-चंडीगढ़ रूट पर उड़ान भरती है। पर्यटन सीजन में दिल्ली से गगल एयरपोर्ट के लिए अधिक उड़ानें होने से हवाई किराये में भी काफी कमी आई है। पांच जून के किराये पर नजर दौड़ाएं तो दिल्ली से धर्मशाला का किराया 4700 रुपये से शुरू होकर आठ हजार तक दर्ज किया गया है। उड़ानों की संख्या कम होने पर पर्यटन सीजन के दौरान हवाई किराया 15 से 18 हजार रुपये तक दर्ज किया जा चुका है।
राजस्व जिला नूरपुर की आबकारी टीम ने एक जूनको उलेहिरया खानपुर, गंगवाल, भोगरा तथा मिलवां में छापेमारी के दौरान 13000 लीटर कच्ची लाहन जब्त कर नष्ट की। कुछ दिन पहले भी इसी तरह नूरपुर टीम द्वारा 30000 लीटर कच्ची लाहन को जब्त कर नष्ट की गई थी। आरोपीयों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम-2011 के तहत पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह जानकारी आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी विभाग यूनुस ने आज यहां दी।
उपमंडल देहरा की ग्राम पंचायत बड़ा के स्थानीय निवासी मजीद मोहम्मद के परिवार ओर उनके ऊपर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। देहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महिलाओं की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। मामले में भाजपा नेता मजीद मोहम्मद ने बताया कि पुलिस उनके साथ इंसाफ नहीं कर रही है। शिकायत देने पर भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। बताते चलें जमीनी विवाद की वजह से यह झगड़ा हुआ है। भाजपा नेता का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, इसलिए उन्हें न्याय मिले, इसकी कम ही गुंजाइश है। हालांकि उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है इस मामले में निष्पक्ष जांच हो। वहीँ, एफआईआर में दर्ज बयानों के अनुसार दूसरे पक्ष रवीना बीबी का कहना है कि मजीद मोहम्मद सहित उनके परिवार उनका रास्ता रोककर इनके साथ मार पिटाई की है, जिससे वह जख्मी हुई हैं। वहीं इस संदर्भ में देहरा थाना डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया गया है और तफ्तीश की जा रही है।
बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट विद्यालय डाडासीबा के विद्यार्थियों के लिए जिला परिषद सदस्य पुष्पा मन्हास द्वारा जिला परिषद फंड से 2 वाटर कूलर और एक वाटर कूलर पंचायत को भेंट किए गए। इस मौके पर विशेष रुप से पूर्व कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने रिबन काटकर वाटर कूलर स्कूलों व पंचायत को समर्पित किए। उन्होंने रावमापा डाडासीबा, जीएचएस रोड़ी रोड़ी व रोड़ी कोड़ी पंचायत में ये वाटर कूलर दिए। विद्यालयों की समस्त विद्यालय व स्टाफ सदस्यों की तरफ से प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने जिला परिषद पुष्पा मन्हास व ठाकुर सुरेन्द्र सिंह मनकोटिया का धन्यवाद किया तथा भविष्य में भी उनसे इस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आगे आकर कार्य करने की अपेक्षा की। इस मौके पर डाडासीबा पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास, जसवां परागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुशल सपेहिया, कांग्रेस सेवा दल के सचिव अश्विनी शर्मा व रणजीत परमार आदि मौजूद रहे।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत रियाली से गुजरने वाले बडूखर-हाजीपुर रोड पर पांच साल से पहले तारकोल विछाई गई थी, उसके बाद मात्र एक बार पैच वर्क किया गया था। लेकिन वह तुरंत ही निकलना शुरू हो गया था। उसके बाद बडूखर-हाजीपुर रोड को देखने कोई विभागीय अधिकारी नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कभी नेता हमारे क्षेत्र में आते हैं तब विभाग खड्डों में मिट्टी डालकर चला जाता है। बाद में वही मिट्टी हमारे रखे गए खाने के सामन को खराब करती है। किसान संघर्ष सेवा समिति प्रधान विजय कुमार ने बताया कि हम गांव के लोग आराम से रह रहे थे, मगर जबसे हमारे एरिया में क्रैशर उद्योग स्थापित हुए हैं, तब से यहां जीना दूभर हो गया है। रोड की बात नहीं, बल्कि फसलों को भी बीमारियां पड़ रही हैं। पानी लेवल डाउन हो रहा है और रोड की हालत बद से बदतर हो रही है। रोज हजारों टन क्रेशर मटेरियल की कालाबाजारी लगातार हो रही है, लेकिन प्रशासन ने आंखों पर पट्टी बांध रखी है।
मुख्य संसदीय सचिव, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का छोटा भंगाल क्षेत्र महत्वपूर्ण स्थान और इसके विकास के लिए धन की कोई कमी आने नहीं दी जाएगी। सीपीएस ने शुक्रवार को मुल्थान में जन समस्याओं को सुना और छोटा भंगाल क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों का साथ समीक्षा की। सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास और सरहनीय कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार, प्रदेश को आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए गरीब लोगों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिये योजनाओं को बनाकर धरातल पर उतारा जा रहा है। छोटा भंगाल पर्यटकों का पसंदीदा स्थल, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्रतिबद्ध किशोरी लाल ने कहा कि छोटा भंगाल बैजनाथ विधान सभा क्षेत्र का प्रमुख पर्यटक स्थल और बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं नैसर्गिक सौंदर्य, जलवायु अपनी समृद्ध संस्कृति के चलते छोटा भंगाल पर्यटकों का भी पसंदीदा स्थान है। यहां वर्ष भर हजारों की संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त छोटा भंगाल क्षेत्र में करोडों रुपये की बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में फल उत्पादन की ओर भी स्थानीय लोगों को प्रेरित करने के लिये विभाग को दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। एक वर्ष में बनेगी बीड़ बिलिंग बड़ाग्रां सड़क सीपीएस ने कहा कि बीड, बिलिंग वया राजगुन्दा बड़ाग्रां सड़क के शेष कार्य के लिये साढ़े 9 करोड़ से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में कार्य पूर्ण कर बस सेवा पोलिंग तक आरंभ की जायेगी। उन्होंने कहा कि मुल्थान में 4 करोड़ 26 लाख से संयुक्त कार्यालय परिसर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि छोटा बंगाल क्षेत्र में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो। इसके लिए अध्यापको के पदों को शीघ्र भरने के आदेश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि लोकनिर्माण विभाग को मुल्थान कॉलेज भवन के निर्माण को आरम्भ करने के लिये भी निर्देश भी जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि छोटा भंगाल क्षेत्र में स्वाड़, अन्द्रोंलीमलां तथा बुझलिंग सड़कों का निर्माण की औपचारिकताओं को पूर्ण कर लिया गया है। 108 करोड़ से बनेगी बैजनाथ पपरोला पेयजल और सीवरेज योजना उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैजनाथ के विकास के कार्यों को गति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बैजनाथ पपरोला में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 40 करोड़ की लागत से पेयजल योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त नगर पंचायत क्षेत्र में सीवरेज सुविधा के लिए भी 68 करोड़ की योजना बनाई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, पृथि करोटी, मिलाप राणा, प्रधान मुल्थान संजीव कुमार, अध्यक्ष ब्लॉक युवा कांग्रेस रविंदर राव, शशी राणा, मोहिंदर सिंह रजिंदर कपूर, कुलदीप राणा तहसीलदार पूर्ण चन्द कौंडल, बीडीओ राकेश पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संत शिरोमणि कबीर की जयंती 4 जून को ग्राम पंचायत लंबागांव के अंतर्गत सदगुरु कबीर साहेब भवन धरोड़ में धूमधाम से मनाई जाएगी। इसमें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कबीर जयंती पर राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम में बहुत से महिला मंडल, युवक मंडल भाग लेंगे। सदगुरु कबीर साहेब के प्रवचनों का गुणगान, भजन, कीर्तन हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। कबीर समाज सुधार कमेटी जयसिंहपुर के प्रधान शक्ति चंद, मीड़िया प्रभारी हरिदास और सचिव मोहिंदर सिंह ने बताया कि समाज में एक समरसता का वातावरण तैयार हो, बिना भेदभाव के समाज आगे बढ़े, यह कमेटी लगातार इस पर बड़ी मेहनत से कार्य कर रही है।
चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से अंतरराष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य दिवस को देखते हुए शाहपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम 1 जून को मनाया गया। इसमें आशा वर्कर्स और अन्य महिलाओं ने भाग लिया। इसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को स्वास्थ्य और प्रजनन संबंधी स्वास्थ्य को समझना बहुत ही जरूरी है। आज महिलाएं जो घर, परिवार, समाज, नौकरी में अपनी जिम्मेदारी को खूबी निभा रही है, उनको स्वास्थ्य रहना बहुत जरूरी है। डॉ. अनुराधा कार्यक्रम अधिकारी धर्मशाला ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाएं अपने कामों में व्यस्त रहती हैं और अपने स्वास्थ्य पर बिल्कुल ध्यान नहीं देती। आज की महिलाएं पढ़ी-लिखी हैं, अपनी जिम्मेदारियों को निभाते हुए अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को इग्नोर कर देती हैं। इससे समय पर बीमारियों का इलाज नहीं करवा पाती। बढ़ती उम्र में हाइपरटेंशन, शुगर की बीमारी कैंसर तक बीमारी पहचानने में देर हो जाती है। आजकल के खानपान और दिनचर्या से यह बीमारियां कम उम्र में भी देखने को मिल रही हैं, इसलिए कोई भी लक्षण होने पर हमेअपना चेकअप स्त्री विशेषज्ञ या अन्य विशेषज्ञों से करवाना जरूरी है। इसमें मुख्य स्तन कैंसर यूटरस कैंसर सरविक्स का कैंसर मुख्य है। हर महिला को अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए जल्दी डॉक्टर के पास जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले बदलाव तथा माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी विस्तार से चर्चा की।महावारी में स्वच्छता रखने पर हम जननांगों में कई तरह के संक्रमण से बच सकते हैं।
शिष्या स्कूल पठानकोट के साथ ज्ञापन समझौते के तहत मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चतुर्थ सत्र के प्रशिक्षु अध्यापकों के लिए साप्ताहिक तकनीकी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें सभी प्रशिक्षु अध्यापकों को वर्तमान समय की मांग को देखते हुए शिक्षा की नवीन तकनीकों का इस्तेमाल करना सिखाया गया। उन्हें स्मार्ट बोर्ड इंटरएक्टिव वाइटबोर्ड, प्रोजेक्ट आदि नूतन तकनीकों का उपयोग करना भी सिखाया गया। इस कार्यशाला की विस्तृत जानकारी देते हुए संस्थान के प्राचार्य कमलेश पटियाल ने बताया कि इस तरह कार्यशाला से शिक्षा के क्षेत्र में जुड़े सभी लोगों को वर्तमान समय के साथ तालमेल बैठाने की मदद मिलती है। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्राइवेट सेक्टर में शिक्षा के परिप्रेक्ष्य में इस तरह के कार्यशाला का आयोजन करने के लिए शिष्या स्कूल पठानकोट का यह प्रयास बहुत ही सराहनीय है। मिनर्वा कॉलेज के छात्रों ने शिष्या स्कूल पठानकोट का इस उपलक्ष्य पर धन्यवाद किया।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा आज अखिल भारतीय भौतिक अध्यापक संघ के तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संजीवन कटोच ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. वाईके विजय, निदेशक विज्ञान अध्यापन अविष्कार केंद्र, आईआई विश्वविद्यालय जयपुर इस कार्यशाला के मुख्य वक्ता थे। डॉ. वाईके विजय ने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान पढ़ने का विषय नहीं है, बल्कि क्रिया आधारित विषय है। विज्ञान को जितना क्रिया आधारित करके सीखा जायेगा, उतना ही विद्यार्थियों को लाभ होगा। उन्होंने कार्यशाला में विभिन्न प्रयोगों को करके दिखाया और अध्यापकों को सरल विधि से विज्ञान की अवधारणाओं को विद्यार्थियों को समझाने का आह्वान किया। वहीं, प्राचार्या डॉ. संजीवन कटोच ने बताया कि धर्मशाला कॉलेज में प्रदेश सरकार द्वारा उत्कृष्ट महाविद्यालय के रूप में अनुमोदित अढ़ाई लाख की लागत से भौतिक विज्ञान विभाग के आविष्कार केंद्र की भी स्थापना की गई है। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान विषय के प्रति रुचि भी बढ़ेगी और उन्हें विज्ञान विषय से संबंधित प्रयोग करने में भी सहायता मिलेगी। भौतिक विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने कार्यशाला के मुख्य वक्ता का परिचय देते हुए बताया कि डॉ. वाई के विजय भौतिक विज्ञान विषय के प्राध्यापक के रूप में राजस्थान विश्वविद्यालय में 37 वर्षों तक अध्यापन कार्य किया। वह विवेकानंद ग्लोबल विश्विद्यालय जयपुर के कुलपति भी रहे हैं। भौतिकी में पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने उपसाला यूनिवर्सिटी स्वीडन में भी कार्य किया है। अपने लंबे अध्यापन और प्रायोगिक कार्य के दौरान उन्होंने भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में ऐसे विद्यार्थी तैयार किए, जिन्होंने विज्ञान विषय में आविष्कार करके देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के भौतिक विभाग से डॉ. ओएस के एस शास्त्री, भौतिक विज्ञान विभाग राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला से डॉ. भरत भूषण, डॉ. गोविंद, डॉ. सरिता भी उपस्थित रहे।
केंद्र की मोदी सरकार के 9 वर्ष के कार्यकाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज से पूरे देश में संपर्क से समर्थन अभियान की शुरुआत की गई है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही 9 वर्ष में विभिन्न योजनाओं को लेकर समाज के लोगों से मुलाकात की जाएगी और उन योजनाओं के बारे में अवगत भी करवाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत धर्मशाला से शुरू की गई। नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यसभा सांसद अनिल जैन ने धर्मशाला से भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान की शुरुआत की। अभियान से पहले प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में किए गए केंद्र सरकार के कार्यों को जिक्र किया और कहा कि प्रदेश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष योगदान है। वहीं राज्यसभा सदस्य अनिल जैन ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि 9 वर्ष के भाजपा के कार्यकाल में देश कि आज दुनिया भर में भारतवर्ष की एक अलग पहचान बनी हुई है। अनिल जैन ने कहा कि भाजपा द्वारा अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके तहत घर-घर अभियान भी किया जाएगा और विशिष्ट लोगों के साथ भी अभियान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। एक बार फिर से 300 से अधिक सीटें लेकर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 65 साल के कार्यकाल में कांग्रेस द्वारा कुछ नहीं किया गया और अब कांग्रेस से सवाल उठा रही है जो कि सवाल उठाने का कोई कार्य बनता नहीं है। भाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि देश को लेकर सवाल करने वाले नेता पर कुछ कहना उचित नहीं होगा वह देश का मान सम्मान चाहते हैं या कुछ और चाहते हैं, वह तो वही जाने।
मल्टीपर्पज वर्कर्स पंप ऑपरेटर और फिटर के राज्य अध्यक्ष रजनीश चौधरी ने कहा कि जल शक्ति विभाग में मल्टीपर्पज वर्कर (MPW) पैरा फिटर और पैरा पंप ऑपरेटर रखे हुए हैं, उनके साथ अन्याय हो रहा है। इनके काम करने का समय 6 घंटे निश्चित किया गया है, जबकि विभाग उनसे 8 से 10 घंटे प्रतिदिन काम लेता है। विभाग द्वारा 6 घंटे काम करने का नियम पूरी तरह से गलत है, जो कि श्रम कानून के विरुद्ध है। इन कर्मचारियों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं मिलता है। सरकार से निवेदन है कि मल्टीपर्पज वर्कर पंप ऑपरेटर और फिटर के लिए पॉलिसी के बारे में भी कुछ सोचा जाए। इंटक ने उम्मीद जताई है कि इन्हें सुक्खू सरकार से अवश्य न्याय मिलेगा। इस मौके पर इंटक अध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह, ब्लॉक फतेहपुर करनाल, मल्टीपर्पज वर्कर पंप ऑपरेटर और फिटर राज्य अध्यक्ष रजनीश चौधरी, मल्टीपर्पज वर्कर राज्य उपाध्यक्ष भगत खन्ना अनुज, विशाल, प्रदीप, नवीन, साहिल व विकास उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठतम नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उनके पालमपुर स्थित आवास पर भेंट की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शांता कुमार हमारे वरिष्ठ नेता हैं। उनसे भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना और भारतीय जनता पार्टी द्वारा 1 जून से शुरू किए जा रहे प्रदेशव्यापी महा जनसंपर्क अभियान की जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसंतपुर में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीडीपीओ इंदौरा ओम प्रकाश ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में 125 किशोरियों ने भाग लिया व आयुर्वेदिक विभाग से डॉक्टर सोनिया तथा स्वास्थ्य विभाग से कुमारी सुमन ने किशोरियों को उनके मासिक चक्र व इस दौरान स्वच्छता के महत्व व प्रकार पर जानकारी प्रदान की। इस दौरान उक्त विषय पर नारा लेखन व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रश्नोत्तरी में हरप्रीत प्रथम, स्मृति द्वितीय व रिया चौधरी तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि नारा लेखन में कुमारी मुन्नी, सपना देवी व एकता क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। जिन्हें बाल विकास परियोजना अधिकारी ओम प्रकाश के कर कमलों से नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वृत पर्यवेक्षक सुनीता देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं व अध्यापक वर्ग उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा के सौजन्य से आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस जोनल अस्पताल धर्मशाला में मनाया गया है। इसमें सीनियर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेश गुलेरी, सीनियर मेडिकल ऑफिसर जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला डॉ. अजय दत्ता, नर्सिंग स्टूडेंट्स, सीएचओ तथा तथा नर्सिंग ट्यूटर्स शामिल हुए। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना ने बताया कि कैसे व्यक्ति नशे का शिकार होता है और धीरे-धीरे इसका आदी हो जाता है। जब व्यक्ति नशा करता है तो हमारे शरीर में डोपामिन नाम का हार्मोन रिलीज होता है। जो थोड़े समय हमें खुशी देता हैं। उसके बाद व्यक्ति फिर से निराश हो जाता है और फिर से नशे की तरफ बढ़ने लगता है। तंबाकू को नशे का गेटवे भी कहा जाता है क्योंकि नशे की शुरुआत आदमी यही से ही करता है। इसके बाद धीरे-धीरे सभी नशे शामिल हो जाते हैं। इसलिए तंबाकू के सेवन दूर रहना ही सबसे अच्छा विकल्प है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस की जानकारी देते हुए डॉ. राजेश गुलेरी सीनियर मेडिकल सुपरीटेंडेंट जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला ने बताया कि वर्ल्ड नो टोबैको डे हर साल मनाने का उद्देश्य तंबाकू के सेवन को रोकने करने के लिए लोगों को जागरूक करना है। तंबाकू से होने वाले घातक परिणामों को देखते हुए हमें तंबाकू के सेवन को रोकना होगा तथा तंबाकू के प्रयोग न करने के लिए लोगों को जागरूक करना होगा। दुनिया में मौत के कारणों में तंबाकू से होने वाली मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। तंबाकू से अस्थमा, मुंह का कैंसर, गले का कैंसर यूरिन ब्लैडर कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, पेट के कैंसर आदि हो सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य पर कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर प्रदीप कौंडल और अन्य अध्यापक और छात्र उपस्थित रहे कार्यक्रम में सभी ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर यह शपथ ली कि हम सभी कभी भी धूम्रपान व तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करेंगे। परिजनों व परिचितों को भी धूम्रपान व अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित करेंगे और अपने कार्यालय परिसर को तंबाकू मुक्त रखेंगे। इस अवसर पर प्राचार्य ने बच्चों को नशे व तंबाकू से दूर रहने का संदेश दिया। महाविद्यालय के प्रहरी क्लब व रेड रिबन क्लब, रोवर रेंजर क्लब के सदस्यों द्वारा इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न किया गया और संपूर्ण समाज को यह संदेश दिया गया कि किस प्रकार तंबाकू उत्पादों का उपयोग न करके हम अपने स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रख सकते हैं एवं रोगमुक्त हो सकते हैं।
डाडासीबा के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू टिप्परी में पिछले कई समय से अधिकतर पद शिक्षकों के खाली पड़े हैं। पद खाली होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अध्यापकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई सही तरीके से नहीं हो पा रही है। इसका नुकसान उन्हें परीक्षा के समय हो सकता है। इसी समस्या को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान दिनेश कुमार के नेतृत्व में स्कुल प्रधानाचार्य राजेश धीमान को प्रस्ताव सौंपा। इसमें स्कूल में रिक्त चल रहे प्रवक्ता हिंदी, प्रवक्ता संस्कृत, भाषा अध्यापक, प्रयोगशाला सहायक, कला अध्यापक, कार्यालय अधीक्षक व कार्यालय सहायक के पदों को भरने की मांग की गयी है। स्कूल प्रबंधन समिति व अभिभावकों ने सरकार से निवेदन किया है कि इन रिक्त पदों को यथाशीघ्र भरा जाए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार सायं नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की।मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री से 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुरूप हिमाचल के जिला मंडी में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए 1000 करोड़ रुपये और कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 400 करोड़ रुपये देने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं के अंतर्गत नये ऋणों पर सीमा लगाने के निर्णय की समीक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय पर पुनर्विचार करने से विभिन्न क्षेत्रों की विकासात्मक गतिविधियों में सहायता मिलेगी। उन्होंने बाह्य वित्त पोषण के लिए आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा संस्तुत छह प्रस्तावों के ऋण समझौतों पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री से वर्तमान वित्त वर्ष के लिए नेशनल पेंशन स्कीम (एनपीएस) अंशदान की राशि के बराबर राज्य की अतिरिक्त कर्ज लेने की सीमा को कम करने के निर्णय की समीक्षा करने आग्रह किया। उन्होंने सामरिक महत्व की भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेल परियोजना को सौ प्रतिशत केंद्रीय वित्तपोषित परियोजना घोषित करने या बेरी तक विस्तार के दृष्टिगत राजस्व साझा करने की प्रणाली की संभावना तलाशने के लिए भी आग्रह किया। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा भी उपस्थित थे।
जिला नियत्रंक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, पुरषोतम सिंह ने आज यहां जानकारी देते हुये बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अर्न्तगत जिला में विभिन्न स्थानों पर उचित मूल्य की दुकानें आबंटित करने के लिये सभी इच्छुक व्यक्तियों, संस्थाओं से आवेदन आमन्त्रित किए गये हैं। उन्होंने बताया कि इनके लिये 30 जून, 2023 तक आवेदन किये जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि गांव नौशहरा (वार्ड-4) ग्राम पंचायत नौशहरा विकास खंड देहरा, (वार्ड -6) ग्राम पंचायत जरोट विकास खंड नगरोटा सूरिया, गांव मखरोड़ (वार्ड-4) ग्राम पंचायत गुगाना विकास खंड देहरा, गांव लगडू (वार्ड न-5) ग्राम पंचायत लगडू विकास खंड देहरा, गांव पदरा (वार्ड -4) ग्राम पंचायत हंगलोह विकास खंड भवारना, गांव पैहग (वार्ड-5) ग्राम पंचायत सहौडा विकास खंड कांगडा, गांव जटोली ग्राम पंचायत कोलापुर विकास खंड परागपुर, गांव अमरोह ग्राम पंचायत अमरोह विकास खंड परागपुर, ग्राम पंचायत ढलियारा के वार्ड 9 विकास खंड परागपुर, ग्राम पंचायत बस्सी के वार्ड 4 विकास खंड परागपुर, ग्राम पंचायत अप्पर भलवाल के वार्ड -3 विकास खंड परागपुर, ग्राम पंचायत कस्वा जागीर विकास खंड परागपुर, (वार्ड 7) ग्राम पंचायत रिट उपरली विकास खंड नूरपुर, गांव भटका (वार्ड 7) ग्राम पंचायत कोपडा विकास खंड नूरपुर, गांव लखवाल (वार्ड - 7) ग्राम पंचायत सदवां विकास खंड नूरपुर, गांव चौगान (वार्ड 5) ग्राम पंचायत खन्नी उपरली विकास खंड नूरपुर, गांव भोल ठाकरा (वार्ड 4) ग्राम पंचायत मिन्जग्रा विकास खण्ड नूरपुर, गांव चाहडी खास (वार्ड-5) ग्राम पंचायत चाहडी विकास खंड नगरोटा बगवां, गांव मेहला-दान पत्थर (वार्ड 5) ग्राम पंचायत मझोटी विकास खंड बैजनाथ, गांव सोहर (वार्ड न0-5) ग्राम पंचायत डक विकास खंड फतेहपुर, (वार्ड 3) गुरूद्वारा रोड पालमपुर नगर निगम पालमपुर तहसली पालमपुर, गांव कनोल (वार्ड 2) ग्राम पंचायत कनोल विकास खंड रैत, (वार्ड 7) नगर पंचायत शाहपुर विकास खंड रैत के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर युवा पीढ़ी को जागरूक करने के लिए रैली निकाली व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू से होने वाले दुष्परिणामों को बताया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्रों ने स्कूल के छात्रों के सहयोग से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिखाया कि तंबाकू का सेवन करने से युवाओं में गले का कैंसर, दिल की बीमारी, फेफड़ों का कैंसर आदि जानलेवा बीमारियों का शिकार किस तरह होना पड़ता है। इसलिए हम इन चीजों से दूर रहना चाहिए। नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए एकत्रित भीड़ ने नाटक की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य नवीन शर्मा के साथ सभी अध्यापक गण भी इस रैली में उपस्थित रहे।
हमीरपुर जिला के नादौन में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। निजी होटल में हमीरपुर पुलिस की विशेष टीम ने सेक्स रैकेट से जुड़ी महिला सरगना और होटल के मालिक को गिरफ्तार किया है। कांगड़ा के भडोली की रहने वाली महिला यह सेक्स रैकेट चला रही थी। बताया जा रहा है कि पिछले 20 साल से यह महिला जिस्मफरोशी के धंधे में जुटी हुई थी। हमीरपुर पुलिस की विशेष टीम ने दलाल के कब्जे से पंजाब की तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया है। जानकारी के मुताबिक दलाल महिला कुछ समय से हमीरपुर पुलिस के निशाने पर थी। महिला को रंगे हाथों पकड़ने के लिए हमीरपुर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने बेहद गोपनीय तरीके से दलाल महिला से जुड़े लोगों से संपर्क साधा और ग्राहक बनकर बीती रात को निजी होटल नादौन पहुंचे। ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों को महिला ने लड़कियों की फोटो दिखाई उसके बाद महिला को पैसे दिए गए तब उसने होटल के अंदर एक कमरे में जाने के लिए पुलिसकर्मियों को कहा जहां पर पहले से ही लड़कियां मौजूद थीं। पुलिस टीम ने होटल के मालिक और दलाल महिला को गिरफ्तार कर लिया है। होटल से पंजाब निवासी तीन लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है। आरोपियों को हमीरपुर पुलिस अदालत में पेश करेगी। एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने बताया कि मामले में एक महिला और एक पुरुष पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी महिला और होटल मालिक को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में इनपुट मिलने के बाद विशेष टीम का गठन भी किया गया था।
हिमाचल प्रदेश में मई माह में हुई ठंड ने पिछले 36 सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सामान्य तापमान में 4 डिग्री से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले साल 1987 में मई के महीने में तापमान में इतनी अधिक गिरावट दर्ज की गई थी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की मानें, तो जून माह में भी हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के हर जिले में जमकर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 3 जून तक प्रदेश में बारिश और अंधड़ का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। उधर, चंबा जिले में हिमस्खलन की सूचना है। जानकारी के अनुसार बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप हिमस्खलन से आवाजाही कर रहे यात्री बाल-बाल बचे। सोलन, कांगड़ा, केलांग, किन्नौर, ऊना, सिरमौर, डलहौजी, नारकंडा और धौलाकुआं में भी जमकर बारिश हुई। बुधवार को भी अधिकतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री की कमी दर्ज हुई।
कांगड़ा जिला के रैत (शाहपुर) में हिमाचल प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा आयोजित स्टेट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में बीबी फिटनेस सेंटर रैहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल किए। सेंटर के संचालक बंटी भड़वाल ने 66 किलोग्राम भार वर्ग बैंच प्रेस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर इलाके का नाम रोशन किया। वहीं 53 किलोग्राम भार वर्ग ओवरआल पावर लिफ्टिंग में विशाल कुमार ने रजत पदक तथा 59 किलोग्राम भार वर्ग ओवरआल पावर लिफ्टिंग में अभ्य शर्मा ने कांस्य पदक जीता कर इलाके का नाम रोशन किया। बंटी भड़वाल इससे पूर्व राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर बैंच प्रेस स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं। बीबी फिटनेस सेंटर रैहण के संचालक बंटी भड़वाल ने शानदार प्रदर्शन करने के लिए पदक विजेताओं को बधाई दी।
डाडासीबा के रिहायशी क्षेत्र में दिन-दहाड़े घूम रहे तेंदुए की खबर मंगलवार को खबर लगते ही महकमा हरकत में आ गया है। खबर का संज्ञान लेते हुए मंगलवार घटना स्थल पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए जहां तुरंत यहां तेंदुए को पकड़ने के लिए जाला लगाने की बात कही है। इन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि जब तक तेंदुआ हाथ नहीं लग जाता, तब तक कोई रिस्क न लेकर सुबह-शाम को सैर पर न निकलें और इस दौरान बच्चों का भी ध्यान रखें। जानकारी के अनुसार डाडासीबा पंचायत के वार्ड नंबर एक में वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह, बीओ हंसराज, फॉरेस्ट गार्ड अजय कुमार व फॉरेस्ट गार्ड युद्धवीर सिंह की टीम ने मौका पर जाकर निरीक्षण किया। इस मौके पर पंचायत उप प्रधान परमेश्वरी दास, वार्ड पंच सीमा देवी वो स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि सुबह शाम इस क्षेत्र में सुबह शाम सैर को न निकले और छोटे बच्चों का ध्यान रखें। उन्होंने मौके पर जाकर तेंदुए के पैरों के निशान भी देखे हैं और जिस रास्ते से तेंदुए जा रहा है उस और भी ध्यान दिया। उन्होंने बताया तेंदुए को पकड़ने के लिए बुधवार को पिंजरा लगाया जा रहा है यहां रहने वाले लोग अपना ध्यान रखें।
बाबा कांशी राम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडासीबा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने धूम्रपान निषेध की पूर्व संध्या पर प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार की अध्यक्षता में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी सरोज कुमारी व अश्विनी कुमार सभी स्वयंसेवकों ने भाग लिया। विद्यालय के सभी अध्यापकों ने भी उनका पूर्ण सहयोग किया। स्वयंसेवकों ने अपने भाषण के माध्यम से कविता के माध्यम से तंबाकू के दुष्परिणामों के बारे में बताया विद्यालय परिसर से डाडासीबा हॉस्पिटल बाजार में एक रैली निकालकर धूम्रपान न करने की सलाह देते हुए विशेष नारा लगाते हुए जन7जन की यही पुकार तंबाकू मुक्त हो संसार का संदेश दिया इस मौके पर विद्यालय के अध्यापक भी शामिल रहे।
वर्तमान समय में जहां एक-एक इंच जमीन के लिए सगे-संबंधियों में विवाद खड़ा होने पर बात मरने-मारने तक पहुंच जाती है, वहीं समाज में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो समाज हित में अपनी क़ीमती जमीन को दान करने से भी पीछे नहीं हटते हैं। तहसील डाडासीबा की ग्राम पंचायत अप्पर भलवाल में विश्वजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, संतोष कुमारी और लेखराज कंवर ने अपनी 15 मरले निजी भूमि पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण लिए तहसीलदार डाडासीबा, पंचायत प्रधान बीरबल कुमार और पंचायती राज विभाग से पंचायत सचिव राकेश कुमार की मौजूदगी में विभाग के नाम कर दी है। जानकारी के मुताबिक करीब दो वर्षों से अभी तक पंचायत का अपना भवन नहीं है, जिसके भवन निर्माण हेतु विभाग को उपयुक्त भूमि की तलाश थी। जमीन उपलब्ध होने पर अब भविष्य में जल्द ही पंचायत को अपना भवन नसीब होने की आस जगी है। भूमिदान करने वालों की इस पहल ने समाज को प्रेरणा दी है। इसकी गांववासी और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा भी सराहना की जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 31 मई को कांगड़ा जिले के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री फतेहपुर में करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं जनता को सौंपने के साथ साथ क्षेत्र में पर्यटन विकास गतिविधियों को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा भी करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 31 मई को प्रातः सवा 11 बजे फतेहपुर के रैहन पहुचेंगे तथा साढ़े 11 बजे सकरी पुल का लोकार्पण करेंगे। उसके उपरांत के हराचौक में पूर्व मंत्री स्व. सुजान सिंह पठानिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री पौने 1 बजे रामलीला मैदान में जलशक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे फतेहपुर विश्राम गृह में जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री सायं 4 बजे पौंग डैम पहुंच कर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। वहां से वे रैनसर के लिए रवाना होंगे तथा बटरफ्लाई विहार का दौरा करेंगे। वे साढ़े 6 बजे पौंग डैम पहुंचने के बाद शराईं मंदिर में माथा टेेकेंगे तथा हिमाचल पंजाब लिंक ब्रिज साईट का दौरा करेंगे। उनका रात्रि ठहराव लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में होगा। उनका पहली जून को प्रातः सवा 9 बजे शिमला प्रस्थान का कार्यक्रम है।
सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल तथा उच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करें। धर्मशाला स्थित डीआरडीए सभागार में मंगलवार को राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के तहत कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने यह बात कही। बैठक में जिला में एनजीटी के तहत गठित कमेटियों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि एनजीटी के नियमों को लेकर सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग के कार्यों के प्रति जिम्मेदार रहें तथा इसकी अनुपालना के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में तेजी से कार्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की ओर से सॉलिड वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, ई-वेस्ट तथा कंस्ट्रक्शन वेस्ट आदि के प्रबंधन के लिए जो नियम बनाए गए है, उनका सफल तरीके से क्रियान्वयन विभाग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिला के नदी-नालों में प्रदूषण, अवैध डंपिंग और अवैध खनन को रोकने के लिए आवश्यक कदमों को उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस एवं तरल कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है, इस दिशा में भी विभागों को कार्य करना चाहिए। बैठक में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के तहत जिला में स्वास्थ्य सुविधाओं, जिला में बायो मेडिकल वेस्ट की मात्रा व उनका प्रबंधन, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने आदि बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। इसके अलावा जिला में चल रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली, निर्माणाधीन प्लांटों की प्रगति आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। सौरभ जस्सल ने कहा कि जिला पर्यावरण योजना में सामाजिक सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विभागों तथा अधिकारियों को व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदारी लेकर आम लोगों को इससे जोड़ना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि आम नागरिक जिले को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ वरूण गुप्ता ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया।
कांगड़ा जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन पर एक मेगा मॉक अभ्यास किया जाने वाला है। इसमें 6 जून को टेबल टॉप अभ्यास होगा और 8 जून को जिले में चिन्हित जगहों पर बाढ़ से प्रतीकात्मक नुकसान मानकर बचाव-राहत कार्यों का मॉक अभ्यास किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कांगड़ा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से जुड़े सभी अधिकारियों को मेगा मॉक अभ्यास को लेकर जानकारी दी। इस कार्यशाला में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश लखनपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने मेगा मॉक अभ्यास को लेकर बताया कि इसका मकसद बाढ़ जैसी स्थिति में जिला प्रशासन की आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना और मानक संचालन प्रक्रियाओं का मूल्यांकन करना है। साथ ही विभिन्न विभागों के आपातकालीन सहायता कार्यों के बीच समन्वय बढ़ाने और विभिन्न हितधारकों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से अवगत कराने पर फोकस किया जाएगा। जिलाधीश ने कहा कि मेगा मॉक अभ्यास के जरिये जिला प्रशासन लोगों को तो शिक्षित करेगा ही बाढ़ की स्थिति में आपदा प्रबंधन की अपनी तैयारियों की समीक्षा और कमियों का विश्लेषण भी करेगा। बाढ़ आपदा प्रबंधन पर नकली अभ्यास के दौरान बाढ़ के दौरान खोज और बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा यह मॉक अभ्यास वास्तविक आपात स्थिति की तरह ही किया जाएगा। इससे जिला आपदा प्रबंधन योजना के अलावा विभागों की अपनी आपदा प्रबंधन योजना की भी समीक्षा होगी। हमें अपनी कमियों का अंदाजा होगा, साथ ही तैयारियों में अंतर का भी पता चलेगा। संसाधनों के उपयोग और संचार आदि की कमियों तथा तैयारियों का भी पता चलेगा। इससे सीख लेकर जिला आपदा प्रबंधन योजना को और पुख्ता बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा मॉक अभ्यास के माध्यम से जिला में आपदा प्रबंधन की तैयारियों व क्षमताओं का गहन आकलन एवं विश्लेषण किया जाएगा। इस दिन जिले में बाढ़ से प्रतीकात्मक नुकसान मानकर मॉक अभ्यास किया जाएगा, जिसमें सेना, अर्धसैन्य बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल जैसी केंद्रीय एजेंसियों के अलावा जिला के आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी हिस्सा लेंगे।


















































