गुलेर निवासी एडवोकेट शिवेेंद्र सैनी ने कहा कि पौंग बांध विस्थापितों और पौंग बांध के किनारे बसे लोगों के साथ बहुत बड़ा अन्याय हो रहा है। आज से 50 साल पहले भी बांध बनाकर हम लोगों की बहुत उपजाऊ भूमि से वंचित किया और एक फलते-फूलते व्यापारिक केंद्र हल्दून घाटी का नाम मिटा दिया गया। राजस्थान में अभी तक सभी विस्थापितों को भूमि भी नहीं दी गई है और अब ईको सेंसिटिव जोन से लोगों को उठाने के फरमान ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है। पौंग झील के किनारे बसे गांवों को सेंसिटिव जोन में डालने से यहां के लोगों में भारी रोष है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं एडवोकेट शिवेंद्र सैनी ने लोगों से अपील की है कि अब क्षेत्र के लोगों को एक बड़े संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा और अब एक आवाज बनकर आगे आना होगा।
-अधिकारियों को एक वर्ष में कार्य पूरा करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के चैतड़ू में लगभग 17 करोड़ की लागत से दो एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन आईटी पार्क का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 100 कंपनियों ने इस पार्क में अपने कार्यालय स्थापित करने में रुचि दिखाई है तथा कंपनियों को प्लग एंड प्ले आधार पर काम करने की अनुमति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि आईटी पार्क के निर्माण से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार कांगड़ा जिला को आईटी हब के रूप में विकसित करने के प्रयास कर रही है, ताकि राज्य के विकास को गति मिल सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा वर्ष 2024 तक आईटी पार्क का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन कांगड़ा को यहां सड़क, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर प्रदान करने को कहा, ताकि यहां आने वाली कंपनियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल ने मुख्यमंत्री को निर्माणधीन आईटी पार्क के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक केवल सिंह पठानिया, निदेशक डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस मुकेश रेप्सवाल, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
-भवन निर्माण पर खर्च होंगे 5.36 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रैत में 5.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले खंड विकास अधिकारी के कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में तीन गारंटियां पूरी की हैं, जबकि पिछली भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल मेें केवल मात्र प्रदेश की जनता को ठगने का ही कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में 1400 पद भरने की स्वीकृति प्रदान की है। एक वर्ष में सरकारी क्षेत्र में ही 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार कर्ज पर कर्ज लेती रही लेकिन लोगों की भलाई के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मात्र एक वर्ष में 20 प्रतिशत तक अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने में कामयाब हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्व लोक अदालत में 45 हजार लंबित इंतकाल के मामलों को निपटारा किया, जो अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का राज्य सरकार का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार होम स्टे पर भी कानून लाई है, जिससे इसके संचालकों को फायदा होगा। रविदास भवन, ओबीसी भवन, गद्दी भवन तथा राजपूत भवन निर्माण का भी दिया आश्वासन मुख्यमंत्री ने विधायक केवल सिंह पठानिया के आग्रह पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में रविदास भवन, ओबीसी भवन, गद्दी भवन तथा राजपूत भवन निर्माण का भी आश्वासन दिया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि विधायक केवल पठानिया के प्रयासों से ही शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बीडीओ कार्यालय का नया भवन स्वीकृत हुआ। यह भवन रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार होगा, ताकि स्थानीय निवासियों को इसका भरपूर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों का निर्माण कॉरपोरेट सेक्टर की तर्ज पर किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों को कार्यालय में बेहतर कार्य परिवेश मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पंचायत घरों के निर्माण के लिए मिलने वाली राशि को बढ़ाकर 1.14 करोड़ किया है। इसके साथ ही आपदा में लोगों को राहत प्रदान करने के लिए उनके विभाग ने 1085 करोड़ मनरेगा के माध्यम से स्वीकृत किए हैं।
धर्मशाला के तपोवन में चल रही 14वीं विधानसभा के चौथे सत्र के तीसरे दिन आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सलियाणा के 40 छात्र-छात्राओं ने विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन किया। इन प्रशिक्षणार्थियों ने लोकतंत्र की विभिन्न परम्पराओं और सदन की कार्यवाही की वारिकियों को विस्तार से समझा। प्रधानाचार्य तनुज शर्मा ने चेयरमैन सुरेश ठाकुर का इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए आभार जताया। क्षेत्र के नवनियुक्त युवा मंत्री यादविंदर गोमा ने इन प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात करके इनका हौसला बढ़ाया व विधानसभा के कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
-बोले, नशे के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की जरूरत प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में चल रहा है। सत्र का तीसरा दिन गैर सरकारी कार्य दिवस के लिए तय किया गया था। इस कारण वीरवार को विधायकों की ओर से सदन में विभिन्न विषयों पर संकल्प प्रस्तुत किए गए। आज सत्ता पक्ष के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने राज्य में बढ़ते नशे को लेकर संकल्प पेश किया और चिंता जताते हुए कहा कि विदेशों से हिमाचल में आ रहा नशा युवाओं को खोखला कर रहा है। उन्होंने इसे युद्ध करार देते हुए इसके खिलाफ सख्त एक्शन की मांग की। चर्चा का जवाब डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री देंगे। ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में नशे के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने एनआईटी हमीरपुर में हुए प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के सौदागर शिक्षण संस्थानों में भी युवा पीढ़ी को पंगु बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह नशा बाहरी देशों से लाया जा रहा है। विदेशी ताकतें देश की नई पीढ़ी को खत्म करने की कोशिश कर रही हैं। इसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाने की जरूरत है।
कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोअर लंबागांव के अमन चौहान ने वर्ष 2023 की शुरुआत स्वर्ण पदकों से की थी और साल का अंत में भी स्वर्ण पदकों से किया है। हिमाचल प्रदेश पावर लिफ्टर एसोसिएशन द्वारा राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप भवारना में आयोजित की गई, जिसमें नौ जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया। स्पर्धा में लंबागांव के अमन चौहान ने अपने बॉडी वेट पर दो स्वर्ण पदक हासिल किए। बता दें कि अमन ने इस वर्ष राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। अमन ने इसका श्रेय अपने कोच जीवन कुमार और माता मीता चौहान एवं पिता मनमोहन चौहान को दिया है।
-भाजपा विधायकों ने तपोवन में किया अजब-गजब प्रदर्शन -सरकार को याद दिलाई 100 रुपये किलो दूध लेने की गारंटी कांगड़ा जिले के तपोवन में चल रहे विधानसभा सत्र के तीसरे दिन भी विपक्ष ने कांग्रेस सरकार को उनकी गारंटियों को लेकर घेरा। भाजपा विधायक किसानों की तरह पगड़ी बांधकर और हाथों में दूध के बर्तन लेकर प्रदर्शन करने लगे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा विधायकों ने कांग्रेस को चुनाव के समय गाय का दूध 80 रुपये और भैंस का दूध 100 रुपये में किलो खरीदने की गारंटी को याद दिलाया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिन गारंटियों के दम पर कांग्रेस सत्ता में आई, आज उन्हीं गारंटियों से कांग्रेस सरकार भाग रही है। सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है, लेकिन अभी तक एक भी गारंटी को यह सरकार पूरी तरह से लागू नहीं कर पाई है। जनता सरकार से गारंटियां पूरी करने की उम्मीद लगाए बैठी है, परन्तु इंतजार लंबा होता जा रहा है।
-40 देशों में फैल चुका है नया वेरिएंट जेएन-1, भारत में 21 केस हिमाचल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि देश के कुछ राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट जेएन 1 के कुछ मामले ध्यान में आने से प्रदेश स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है और केंद्र के दिशा-निर्देशों की अनुपालन की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस वेरिएंट को लेकर संवेदनशील है। गौर रहे कि कोरोना का नया वैरिएंट जेएन 1 दुनिया के 40 देशों में फैल चुका है। भारत में अब तक इसके 21 केस आ चुके हैं। गोवा में 19 और केरल-महाराष्ट्र में 1-1 मामला आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से इसको लेकर बुधवार को वर्चुअल बैठक की गई थी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, मनसुख एल मंडाविया ने की थी। इसमें सभी राज्यों को सतर्क रहने के दिशा-निर्देश दिए गए थे।
-राजस्व के लंबित मामले निपटाने को ली जाएंगी सेवानिवृत्त पटवारियों, कानूनगो व नायब तहसीलदारों की सेवाएं बुधवार देर शाम धर्मशाला के तपोवन स्थित परिसर में हुई हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में स्वास्थ्य विभाग में पैरा मेडिकल स्टाफ के 1,500 पद भरने का फैसला लिया गया है। ये भर्तियां ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट (ओटीए) सहित अन्य श्रेणियों के विभिन्न पदों पर होंगी। ऑपरेशन थियेटर असिस्टेंट की भर्ती राज्य चयन आयोग के माध्यम से पायलट आधार पर होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। मीटिंग में निर्णय हुआ कि राजस्व विभाग में लंबित मामलों के निपटारे के लिए सरकार सेवानिवृत्त पटवारियों, कानूनगो और नायब तहसीलदार को सेवाओं पर रखेगी। इन्हें दिया जाने वाला मानदेय भी तय किया गया। पटवारी को 20,000 रुपये प्रतिमाह, कानूनगो को 25,000 और नायब तहसीलदार को 35,000 रुपये मानदेय मिलेगा। यह राजस्व विभाग में निशानदेही, इंतकाल आदि के लंबित मामले निपटाएंगे। इनकी नियुक्तियों से लोगों को राहत मिलेगी। राजीव गांधी स्वरोजगार योजना की ड्राफ्ट अधिसूचना मंजूर मंत्रिमंडल ने राजीव गांधी स्वरोजगार योजना की ड्राफ्ट अधिसूचना को भी मंजूरी दी। यह भी फैसला लिया गया कि अगले शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू होगी। यह कांग्रेस की गारंटी में शामिल है। इसे पहले ही तय किया जा चुका है। यह भी निर्णय हुआ कि स्कूल अपने स्तर पर स्मार्ट वर्दी खरीद पाएंगे। ऊर्जा और राज्य चयन आयोग की भी दो प्रस्तुतियां दी गई। कुछ विधेयकों के ड्राफ्ट को भी मंजूरी मिली है। यह आगामी दिनों में शीत सत्र में ही पेश किए जाएंगे।
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर 15 जनवरी, 2024 को जनसुनवाई की तिथि निर्धारित की गई है। प्रशासक पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन व अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने आज बताया कि पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा तहसील कांगड़ा एवं तहसील शाहपुर में स्थित गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना हेतु भूमि अधिग्रहण संबंधी अधिसूचना भूमि अर्जन पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 11 के अंतर्गत 10 जुलाई, 2023 को राजपत्र में घोषित की गई थी, जिसे समाचार पत्रों में 21 जुलाई, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इस अधिसूचना के अनुसार अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, कांगड़ा स्थित धर्मशाला को पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन का प्रशासक नियुक्त किया गया है। प्रदत्त शक्तियों के आधार पर सर्वेक्षण उपरांत पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन योजना का एक प्रारूप बनाया गया है, जिसका भूमि अर्जन पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 16(5) एवं हिमाचल प्रदेश भूमि अधिग्रहण, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन (पुनर्वासन और विकास योजना) 2017 के नियम 7 के तहत ग्राम सभा में जनसुनवाई की जानी अपेक्षित है, जिसकी तिथि 15 जनवरी, 2024 को निर्धारित की गई है। अत: सर्वसाधारण जो प्रभावित है (जुगेहड, रछियालू, भडोत, क्यिोडी, भेडी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, बरसवालकड, गुगंरेहड, सहौडा, सनौर, बाग, बल्ला के ग्रामवासी) प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप में, को सूचित किया जाता है कि आप उपरोक्त दर्शाई गई तिथि को सम्बन्धित पंचायत घर में जनसुनवाई में भाग लेने हेतु आमंत्रित है। पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन योजना के प्रारूप की प्रति संबंधित पटवार खाना, कानूनगो भवन, तहसील कार्यालय, उपमंडलाधिकारी कार्यालय एवं जिलाधीश कार्यालय में समीक्षा हेतु भी उपलब्ध है।
-गांव पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत डॉक्टर विशाल ने एक बार फिर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। डॉ विशाल ने इस बार पालमपुर में आयोजित पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में गोल्ड व ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर एशिया ट्रायल के लिए अपना नाम दर्ज करवाया है। गौर रहे कि पावर लिफ्टिंग के 82.5 किलो ग्राम कैटेगरी में पालमपुर में ओपन पावरलिफ्टिंग स्टेट प्रतियोगिता में इंदपुर के डॉक्टर विशाल धीमान ने पावर चेस्ट में गोल्ड मेडल तथा पावर लिफ्ट डेड में ब्रॉन्ज हासिल कर इंदपुर गांव पर माता-पिता का नाम रोशन किया है। डॉक्टर विशाल धीमान का इंदपुर गांव पहुंचने पर उनके सहयोगियों ने भव्य स्वागत किया। डॉ. विशाल के पिता डॉक्टर गणेश धीमान इंदौरा में अपनी प्रेक्टिस करते हैं तथा माता गृहिणी हैं। विशाल ने पंचकूला से कॉलेज की शिक्षापूरी की है व 2019 में उन्होंने डॉक्टर की डिग्री हासिल की। डॉ. विशाल एक कोच हैं, जिन्होंने 600 से अधिक युवाओं को देश-विदेश में कोचिंग दी है और अभी उन्होंने अन्य प्रदेशों में भी मिस्टर चंडीगढ़, मिस्टर पंचकूला, मिस्टर ट्राइसिटी व अन्य टाइटल जीतकर हिमाचल व इंदौरा का नाम रोशन किया है।
-प्लांट से इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आएगा आशातीत बदलाव: हर्षवर्धन चौहान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कंदरोड़ी में 268 करोड़ की लागत से बनने वाले वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के पेप्सी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला में इतने बड़े निवेश से लगने वाला यह पहला उद्योग है। इससे क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार और आर्थिकी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस उद्योग के माध्यम से दो हजार से अधिक युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री ने इंदौरा के औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सड़क सुविधा प्रदान करने के लिए पर्याप्त बजट प्रदान करने का आश्वासन दिया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पूरे देश में निवेश के लिए एक उपयुक्त स्थल है। राज्य सरकार निवेशकों को अपने उद्योग स्थापित करने के लिए अनेक सुविधाएं प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश पर 75 हजार करोड़ का कर्ज है और 10 हजार करोड़ रुपये की सरकारी कर्मचारियों की देनदारियां बकाया है। प्रदेश कभी भी कर्ज के सहारे नहीं चल सकता है, इसीलिए राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वर्तमान प्रदेश सरकार दिन-रात प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के प्रत्येक निवासी पर एक लाख रुपए से अधिक का ऋण है, इसके बावजूद आगामी चार वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में पिछले एक वर्ष में 20 प्रतिशत तक सुधार आया है और राज्य सरकार ने वर्ष 2027 तक अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने और वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आने वाले समय में राज्य की उद्योग नीति में भी बदलाव करने जा रही है, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांगड़ा जिला में कई बड़े उद्योग लगाए जाएंगे। वहीं, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आज का दिन कांगड़ा जिला के लिए महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि यह प्लांट इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आशातीत बदलाव लाएगा। इस प्लांट को स्थापित करने के लिए सभी औपचारिकताएं तीन माह में पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में हिमाचल प्रदेश में 10 हजार करोड़ का निवेश आया है। वर्तमान राज्य सरकार कांगड़ा जिला के विकास पर विशेष ध्यान केन्द्रित कर रही है तथा जिला को हिमाचल प्रदेश की पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है। प्रदेश सरकार कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए प्रयास कर रही है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां आ सकें। युवाओं को रोज़गार प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। विधायक मलेंद्र राजन ने सीएम का जताया आभार विधायक मलेंद्र राजन ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पेप्सी के मेगा प्लांट लगाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार के अनेक अवसर पैदा होंगे तथा कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे इंदौरा विधानसभा क्षेत्र आर्थिक रूप से सम्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मलोट में उद्योगों की स्थापना के लिए 102 करोड़ रुपये प्रदान किए गए थे, जिससे यहां औद्योगिक निवेश आरंभ हुआ। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में किन्नू, संतरा आदि का अत्याधिक उत्पादन होता है तथा प्लांट की स्थापना से क्षेत्र के बागवानों को भी लाभ मिलेगा। प्लांट से क्षेत्र में आएगी आर्थिक उन्नति : रविकांत वरुण बेवरेजिज लिमिटेड के चेयरमैन रविकांत जयपुरिया ने कहा कि यह पेप्सी प्लांट लगभग एक वर्ष में बनकर तैयार होगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक उन्नति आएगी। उन्होंने कहा कि सीएसआर के माध्यम से क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए भी कंपनी सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने उद्योग की स्थापना में राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सात दिवसीय शिविर का आज शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. विवेकानंद शर्मा ने प्राचार्य, प्राध्यापक वर्ग, विषय विशेषज्ञ और स्वयंसेवियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का आरंभ किया। प्रथम दिवस के मुख्यातिथि प्राचार्य प्रो. उपेंद्र शर्मा ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव के आधार पर कार्यक्रम को सफल बनाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए और सभी को शुभकामनाएं दीं। उसके बाद विषय विशेषज्ञ के रूप में क्षेत्र के होनहार युवा और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में एमटेक के छात्र ऋषभ रनौत ने स्वयंसेवियों को संबोधित किया। अंत में विवेकानंद शर्मा ने मुख्य अतिथि, विषय विशेषज्ञ और सभी प्राध्यापकों का धन्यवाद करते हुए स्वयंसेवियों का सात दिवसीय शिविर में स्वागत किया।
-कहा, सरकार कर रही पारदर्शिता से काम, विपक्ष के पास नहीं मुद्दा -प्रदेश भाजपा ने केंद्र से मदद दिलाने के लिए नहीं किया कोई प्रयास हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन विपक्ष ने स्टोन क्रशर को बंद करने को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए, जिसको लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 करोड़ का स्टोन क्रशर घोटाला, जो कि पूर्व सरकार के समय में हुआ है, जिसको लेकर वर्तमान सरकार ने पर्दाफाश किया। उसी का दर्द भाजपा को हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले नियमों को ताक पर रखकर स्टोन क्रशर चल रहे थे, अब नियमों के अनुसार ही चलेंगे। सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है। सीएम ने कहा कि भाजपा विधायकों ने आपदा के समय हिमाचल को किसी भी तरह की मदद दिलाने के लिए प्रयास नहीं किया उल्टा रोड़े अटकाने का काम ही किया है।
-भाजपा ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया, जनता सब जानती जिला कांगड़ा के धर्मशाला में चल रहे हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन हाउस में हिमाचल में आई आपदा को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से 633 करोड़ रुपये आने की बात की जा रही है। 'मैं बता दूं कि प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र सरकार को 9905 करोड़ का मेमोरेंडम ऑफ लॉस दिया गया। केंद्रीय नियमों के अनुसार कम से कम 1605 करोड़ रुपये मिलने चाहिए थे। इसमें से भी 216 करोड़ रुपये पहले से ही दिए गए थे। अब तक 398 करोड़ रुपये की धनराशि ही केंद्र से आई है। यह कुल नुकसान का 6.40 प्रतिशत ही है।' मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हिमाचल प्रदेश को क्या दिया, जनता सब जानती है। केंद्र से विशेष पैकेज की उम्मीद नहीं की जा सकती है। सीएम सुक्खू ने कहा कि सांसद दिल्ली जाते हैं तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलने से घबराते हैं। मैं इस महीने के अंतिम सप्ताह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिलने जाऊंगा। वहां हिमाचल के हितों की बात को फिर से उठाया जाएगा। सुक्खू ने कहा कि अगर अभी भी भाजपा विधायक चाहें तो उनके साथ दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से मिल सकते हैं। हिमाचल के लोगों को आपदा से जो नुकसान हुआ है, एक-एक पाई करके उनके लिए मदद दी जाएगी। वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर केंद्र से जारी राशि को देखें तो हिमाचल के लिए सबसे बड़ी है। केंद्र ने यह नहीं कहा कि आगे मदद नहीं मिलेगी। अपनी बात को केंद्र से ठीक तरह से रखें। ताली दोनों हाथ से बजती है। विकसित भारत यात्रा शुरू की गई है, जिससे भारत आने वाले समय में विकसित राज्यों में आएगा। ये बदले की भावना से काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं को बंद कर रहे हैं। केंद्र से मदद आने के बावजूद कुछ नहीं किया। ऐसा कहना सही नहीं है। आगे लोकसभा चुनाव है। उसके लिए यह ऐसा कर रहे हैं। ये भाजपा सरकार पर कर्ज लेने का आरोप लगाते थे। अब ये 12 हजार करोड़ का कर्ज ले चुके हैं। इसके जवाब में सीएम सुक्खू ने कहा कि अभी 340 करोड़ रुपये ही आए हैं। आप दिल्ली चलिए। आप जो टाइम निकालेंगे, मैं उसी वक्त आने को तैयार हूं। पेन निकालिए और टाइम दीजिए। हमने 2023-24 में कोई 12 हजार करोड़ का कर्ज नहीं लिया है।
-तीन जिलों में ही क्रशर बंद करने पर उठाए सवाल -सुक्खू सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप धर्मशाला के तपोवन में चल रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन हाउस में स्टोन क्रशरों को बंद करने को सत्तापक्ष और विपक्ष में तीखी नोक-झोंक हुई। सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए सदन से विपक्ष ने वाकआउट कर दिया। प्रश्नकाल में इस मामले में पहला प्रश्न सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने किया। उन्होंने कहा कि स्टोन क्रशर बंद करने के मामले में केवल तीन जिलों को ही टारगेट किया गया है। इस पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ब्यास और उसकी सहायक नदियों के इर्द-गिर्द बहुत नुकसान हुआ। इस कारण ब्यास बेसिन में आने वाले क्रशरों पर कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कमेटी ने लगभग 80 क्रशरों को रद्द किया है। अब कुछ क्रशरों को खोल दिया गया है। जब वे कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करेंगे तो उनकी बहाली की जाएगी। वहीं, अनुपूरक सवाल में भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ने कहा कि 112 क्रशर बंद किए गए हैं। रेत, बजरी के रेट तीन गुना हो गए। कई लोग बेरोजगार हो गए। इनको कांगड़ा और यह क्षेत्र ही नजर आया। सोलन और सिरमौर में क्रशर बंद क्यों नहीं किए गए। यह कहना सही नहीं है कि राजस्व नुकसान नहीं हुआ। मंत्री और मुख्यमंत्री के जवाब से असंतोष जताते हुए विपक्ष ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी। सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए सदन से विपक्ष ने वाकआउट कर दिया। वहीं, सीएम सुखविंदर सिंह सूक्ख ने कहा कि सरकार कायदे-कानूनों से चलती है। 128 क्रशर ब्यास बेसिन पर थे। ब्यास नदी ने तबाही मचाई। अधिसूचना के अनुसार क्रशर 15 सितंबर तक होते हैं। क्रशर खोलने के लिए नियमों को पूरा करने की जरूरत होती है। सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है। सरकार बजरी का रेट कोस्ट ऑफ प्रोडक्शन से हिसाब से तय करने पर विचार कर रही है, जिससे जनता पर बोझ न हो।
हिमाचल प्रदेश शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन कि शुरुआत के साथ ही विपक्ष ने धमाकेदार एंट्री की। विपक्ष लगातार कांग्रेस सरकार को चुनाव से पहले दी गई गारंटियों को लेकर घेर रहा है। सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष के सभी विधायक गोबर के साथ विधानसभा परिसर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हम सरकार को उनकी गारंटियां याद दिला रहे हैं। एक-एक कर सभी गारंटियां याद दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों ने एक साल से खेत में गोबर डालना बंद कर दिया, इस उम्मीद के साथ के सुक्खू भाई आएंगे और गोबर खरीदेंगे, लेकिन सरकार अब गारंटियां भूल गई है। सेशन के पहले दिन भी विपक्ष ने कांग्रेस की गारंटियों का चोला पहनकर तपोवन धर्मशाला में प्रदर्शन किया था।
-मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम में हुई तीखी बहस धर्मशाला। कांगड़ा जिले के धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज सुबह 11 बजे शुरू हुआ। यह शीतकालीन सत्र पहले दिन ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के साथ काफी गर्मा गया। सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष के विधायक विधानसभा परिसर में पोस्टर्स पहने हुए कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लागू न करने के विरोध में नारेबाजी करने लगे। हालांकि सुरक्षा कारणों के चलते उन्हें पोस्टर पहनकर विधानसभा सत्र में जाने नहीं दिया गया। वहीं, 11 बजे बैठक शुरू हुई तो भाजपा दोपहर तक शांत नजर आई। लेकिन जब सवा दो बजे मुख्यमंत्री सुक्खू ने वाटर सेस पर केंद्र सरकार को कोसा तो इस पर विपक्ष भड़क उठा और सदन में हंगामा शुरू हो गया। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा कि पिछली भाजपा सरकार ने प्रदेश के हित बेचने का काम किया। भाजपा सरकार की ओर से एसजेवीएन को दी तीन बिजली परियोजनाओं के समझौते को वर्तमान सरकार को इसी वजह से रद्द करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में जहां पर भाजपा की सरकारें हैं, वहां वाटरसेस लिया जा रहा है, जबकि प्रदेश में इसे लागू नहीं होने दिया जा रहा है। इसके लिए केंद्र कोर्ट चला गया है। इस पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और विपक्ष के अन्य विधायकों ने कहा कि सच यह नहीं है। केंद्र सरकार की सभी राज्यों के लिए वाटरसेस पर एक ही नीति है। इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने हो गए और सदन में खूब हंगामा हुआ।
-इंदौरा के मलोट में सीएम कल रखेंगे पेप्सी प्लांट की आधारशिला -स्थानीय विधायक मलेंद्र बोले, 2000 युवाओं को घर-द्वार मिलेगा रोजगार कांगड़ा जिला के इंदौरा विधानसभा हलके के औद्योगिक क्षेत्र मलोट में पेप्सी का मेगा प्लांट स्थापित किया जा रहा है। 268 करोड़ रुपये से स्थापित होने जा रहे इस प्लांट की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 दिसंबर यानी कल भूमि पूजन करने के बाद आधारशिला रखेंगे। इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि यह प्लांट लगभग एक वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगा और इस प्लांट के चलने से इंदौरा क्षेत्र के युवाओं को घर द्वार रोजगार प्राप्त होगा। पेप्सी कंपनी लगभग 30 एकड़ में इस प्लांट को स्थापित करने जा रही है। अगर रोजगार की बात करें, तो परोक्ष रूप से लगभग दो हजार युवाओं को इसमें रोजगार मिलने की संभावना है। इसके साथ कई अन्य लोगों को भी इस उद्योग के यहां स्थापित होने से लाभ होगा। ज्ञात रहे कि इससे पहले जिला कांगड़ा में इतने बड़े स्तर का उद्योग स्थापित नहीं हुआ है।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा कांगड़ा मंडल स्तरीय बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयोग की सदस्य डॉ. अंजू बाला ने की। बैठक में आयोग से निदेशक एवं डीआईजी सनमीत कौर, अनुसंधान अधिकारी अरुणाभा भटाचार्य, बीके भोला उपस्थित रहे। बैठक में कांगड़ा, चंबा और ऊना जिला में भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा, स्टार्टअप, जनधन योजना, छात्रवृत्तियों, मनरेगा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना इत्यादि योजनाओं की जिलावार समीक्षा की। बैठक में मंडलायुक्त ए शायनामोल, उपायुक्त चम्बा अपूर्व देवगन, अतिरिक्त उपायुक्त ऊना मोहिंदर गुर्जर, अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा सौरव जस्सल, पुलिस अधीक्षक नूरपुर अशोक रत्तन, पुलिस अधीक्षक चंबा पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा हितेश लखनपाल सहित लीड बैंक, ऊना, कांगड़ा तथा चंबा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सिरमौर जिले के श्री रेणुकाजी विधानसभा हलके से विधायक विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान उन्हें सर्वसम्मति से डिप्टी स्पीकर चुना गया। इस संबंध में सदन में तीन प्रस्ताव रखे गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पीकर की अनुमति के बाद विनय कुमार को उपाध्यक्ष बनाने के लिए पहला प्रस्ताव रखा, जिसका डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने समर्थन किया। दूसरा मंत्री चंद्र कुमार ने रखा, मंत्री शांडिल ने इसका अनुमोदन किया। तीसरा जयराम ठाकुर ने रखा, इसका हंसराज ने अनुमोदन किया। उपाध्यक्ष चुनने पर विनय कुमार ने सदन का धन्यवाद किया। विनय कुमार इससे पहले वर्ष 2012 से लेकर 2017 तक की वीरभद्र सरकार में सीपीएस रह चुके हैं।
-विधानसभा के गेट पर की नारेबाजी, सरकार पर गारंटियां पूरी नहीं करने का जड़ा आरोप धर्मशाला के तपोवन में विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामेदार रही है। विपक्षी दल भाजपा के विधायक कांग्रेस की गारंटियों के पोस्टर पहनकर आए और गेट पर नारेबाजी की। हालांकि सुरक्षा कारणों से इन्हें पोस्टर पहनकर सदन में जाने की अनुमति नहीं दी गई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह प्रदर्शन प्रदेश कि कांग्रेस सरकार को याद दिलाने के लिए है कि उन्होंने जनता को दस गरंटियां दी थीं, लेकिन एक साल का समय हो गया अभी तक प्रदेश सरकार ने अपनी गारंटी पूरी नहीं की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा प्रभारी राजीव शुक्ला सभी कांग्रेस नेता पहली कैबिनेट में सभी गरंटियां पूरी करने का दावा करते रहे, लेकिन अब गारंटियों को 5 साल में पूरा करने का बहाना लगा रहे हैं। कांग्रेस ने 5 लाख युवाओं को रोजगार देने, 300 यूनिट बिजली फ्री, महिलाओं को 1500 रुपये, दो रुपये किलो गोबर खरीदने के साथ ही अन्य दस गरंटियां दी थीं और सभी गारंटियों को पहली कैबिनेट की बैठक में पूरा करने का वादा किया था, लेकिन अब कांग्रेस की सरकार 5 साल में गरंटियां पूरी होने का बहाना लगा रही है। कांग्रेस की गारंटियों का छत्तीसगढ़ और राजस्थान गारंटी का क्या हश्र हुआ है वे देश की जनता ने देख लिया है। उन्होंने कहा कि देश में केवल एक ही गारंटी मान्य है गारंटीयों को पूरा करने की गारंटी और वह है नरेंद्र मोदी की गारंटी।
एसएमसी अध्यापक संघ जिला कांगड़ा का एक प्रतिनिधिमंडल आज शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला और आगामी बजट सत्र में उन्हें रेगुलर करने की मांग उठाई। जिला कांगड़ा अध्यक्ष विकास ठाकुर ने बताया कि इलेक्शन से पूर्व एसएमसी अध्यापक संघ ने कांग्रेस सरकार को समर्थन दिया था और सरकार ने भी एसएमसी अध्यापकों को आश्वस्त किया था कि सत्ता में आते ही एसएमसी अध्यापकों को रेगुलर किया जाएगा और कांग्रेस सरकार ने घोषणा पत्र में भी रेगुलर करने का वादा किया है। प्रदेश के सभी जिलों के 2555 एसएमसी अध्यापकों ने कांग्रेस को समर्थन दिया था। विकास ठाकुर ने कहा किएसएमसी अध्यापकों की भर्ती 2012 में हुई थी। उस समय बीजेपी सरकार ने हार्ड और ट्राइबल एरिया में 200 एसएमसी अध्यापकों की भर्ती करवाई। 2014 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने पूरे प्रदेश में 2000 एसएमसी अध्यापकों की भर्ती करवाई। आज से पहले भी इस तरह की कई भर्तियां होती रहीं, जिसमें पंजाबी, उर्दू एसएमसी अध्यापक भर्तियां शामिल हैं। आज ये सभी शिक्षक रेगुलर हैं, लेकिन एसएमसी अध्यापक 11 सालों से शोषण का शिकार हो रहे हैं। एसएमसी अध्यापक आरएंडपी नियम आरटीई के लिए जरूर सभी शैक्षणिक योग्यता टेट आदि। सभी एसएमसी अध्यापक की नियुक्तियां शिक्षा उप निदेशकों की अनुमति पर उप मंडल अधिकारियों की अध्यक्षता में कमेटी ने की हैं। अधिकतम एसएमसी शिक्षक की नियुक्ति दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में की गई है। विकास ठाकुर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी एसएमसी भर्ती को सही ठहराया है। एसएमसी अध्यापक संगठन जिला कांगड़ा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और पूरी सरकार से मांग की है कि इस बजट सत्र में एसएमसी अध्यापकों को रेगुलर किया जाए ओर रेगुलर अध्यापक के समान सारे बेनिफिट दिए जाए।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में बीएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा में छात्रों का शानदार प्रदर्शन रहा। कॉलेज के सभी प्रशिक्षओं ने प्रथम श्रेणी में आकर कॉलेज का नाम रोशन किया है। 28 छात्रों ने 65 से 70 प्रतिशत, 33 छात्रों ने 70 से 75 प्रतिशत, 28 छात्रों ने 75 से 80 प्रतिशत और 9 छात्रों ने 80 से 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। कॉलेज की अमनदीप कौर ने 82.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान व अनुष्का शोम ने 80. 8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा ईशा देवी ने 80.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल ने सभी छात्रों और अध्यापक वर्ग को बधाई दी और कहा कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि कॉलेज के छात्रों ने हर साल की तरह इस बार भी अच्छे अंक प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन किया है। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है।
राज्य स्तरीय बाल विज्ञान मेले का आयोजन एनआईआईटी हमीरपुर में 14 से 17 दिसंबर तक किया गया, जिसमें बालकरूपी स्कूल के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूल के 14 विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत उनका चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ। इसके साथ ही स्कूल के रसायन प्रवक्ता तिलक राज राणा को बेस्ट स्किट स्सिप्ट राइटर का अवॉर्ड मिला। प्रधानाचार्य राजिंद्र कुमार ने स्कूल पहुंचने पर बच्चों का जोरदार स्वागत किया। स्कूल के सभी शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपने कार्यालय कक्ष में शीतकालीन सत्र से पूर्व सर्वदलीय बैठक बुलाई। इस बैठक में सत्ता पक्ष, प्रतिपक्ष तथा निर्दलीय विधायकों से शीतकालीन सत्र के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की है। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, बीजेपी विधायक सुखराम चौधरी तथा निर्दलीय विधायक होशियार सिंह उपस्थित थे। बैठक के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा की अपनी एक गरिमा है तथा इसका गौरवमयी इतिहास रहा है। अत: इसके अनुरूप सभी सदस्य नियमों की परिधि में अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं तथा उस पर सार्थक चर्चा करें और सरकार से उसका उत्तर पाएं। उन्होंने सत्ता पक्ष से अनुरोध किया कि वे सदस्यों को उनकी सूचनाओं का तथ्यों सहित शीघ्र जवाब दें। पठानिया ने कहा कि उनका भरसक प्रयास रहेगा कि वे सभी को अपनी-अपनी बात रखने का मौका देंगे ताकि सदन का समय सार्थक तथा व्यावहारिक चर्चा में व्यतीत हो। श्री पठानिया ने इस अवसर पर कल सदन में लाए जाने वाले विषयों पर जानकारी भी दी ओर यह आश्वस्त किया कि वे जनहित में उठाए जाने वाले विषयों पर सभी को चर्चा का मौका देने का प्रयास करेंगे।
-विधायक ने कोतवाली बाजार स्कूल के होनहारों को किया पुरस्कृत धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य युवाओं को एक ऐसा जिम्मेदार नागरिक बनाना है जो देश एवं प्रदेश के विकास में योगदान देने के साथ-साथ अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम हों। यह बात विधायक ने राजकीय उच्च पाठशाला कोतवाली बाजार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का विकास कार्यों को आत्मसात करना और अपने परिवार, समाज तथा शिक्षकों द्वारा सिखाए गए नैतिक मूल्यों का अनुसरण करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभ्य, संस्कारित एवं अनुशासित युवा पीढ़ी ही अपने परिवार, समाज तथा देश को विकास पथ पर अग्रसर कर सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि अभिभावक एवं अध्यापक बच्चों की गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करें। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें, क्योंकि संवादहीनता की स्थिति सभी के लिए घातक है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी और आशा जताई की अन्य भी इनके प्रदर्शन से प्रेरित होंगे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 25 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
-अध्यक्ष कुलदीप पठानिया बोले, आयोजन की तैयारियां पूरी, चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा तपोवन विधानसभा सचिवालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा का चतुर्थ सत्र 19 दिसंबर यानी कल पूर्वाहन 11 बजे आरंभ होगा। सत्र के प्रथम दिन पूर्व विधायक बाल कृष्ण चौहान के निधन पर शोकोदगार होगा तथा मुख्यमंत्री मंत्री परिषद के दो नवनियुक्त सदस्यों का सदन में परिचय करवाएंगे। यह सत्र 23 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में कुल 5 बैठकें होंगी। 21 दिसंबर का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। 23 दिसंबर को शनिवार के दिन भी सत्र आयोजित किया जाएगा। पठानिया ने कहा कि विधानसभा सचिवालय तपोवन शीतकालीन सत्र के आयोजन के लिए पूरी तरह सजग है तथा तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। मानसून सत्र के दृष्टिगत विधान सभा की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने हेतु 4 दिसंबर को जिला कांगड़ा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया था, जिसमें अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए थे। परिवहन, सुरक्षा तथा पार्किग व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। कार्यवाही देखने के लिए स्कूली छात्रों को दी जाएगी प्राथमिकता पठानिया ने कहा कि सदन की कार्यवाही देखने के लिए स्कूली छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। स्थान की उपलब्धता अनुसार अनुमति प्रदान की जायेगी। आज के बच्चे कल का भविष्य है और उन्हें लोकतांत्रिक प्रणाली का ज्ञान होना भी बहुत जरूरी है। सदन की दर्शक दीर्धा से सदन की कार्यवाही देखने पर उनके ज्ञान में निश्चित तौर पर वृद्धि होगी तथा लोकतंत्र की मजबूती का मार्ग प्रश्सत होगा। आम आदमी भी स्थान की उपलब्धता पर अपना पास बनवाकर सदन की कार्यवाही देख सकेंगे। तपोवन भवन तथा परिसर में प्रवेश केवल उन्हें मिलेगा, जिन्हें विधानसभा सचिवालय से अधिकारिक पास जारी होगा। बिना पास कोई भी प्रवेश की कोशिश न करें अन्यथा कढ़ी से कढ़ी कार्रवाई होगी। पठानिया ने कहा कि उनका सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के माननीय सदस्यों से अनुरोध रहेगा कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों को ही सदन में उठाएं तथा हिमाचल प्रदेश विधान सभा की परंपराओं तथा गरिमा का सम्मान करते हुए नियमों की परिधि में रहकर जनहित से संबंधित विषयों पर सदन में सार्थक चर्चा करें तथा सत्र संचालन में अपना रचनात्मक सहयोग दें।
-तमिलनाडु के श्रीपुरम बेलूर में 26 से 30 दिसंबर तक होगा टूर्नामेंट आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी की केशवी और गणेश बहादुर स्कूली चेस नेशनल टूर्नामेंट में भाग लेंगे। दोनों बच्चे पीईटी श्यामा कुमारी के नेतृत्व में आज सुंदरनगर के लिए रवाना हो गए। वहां पर ये कोचिंग कैंप में भाग लेंगे और तमिलनाडु के लिए रवाना होने वाली हिमाचल की चेस टीम का हिसा बनेंगे। तमिलनाडु के श्रीपुरम बेलूर में स्कूली नेशनल टूर्नामेंट 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक आयोजित होगा। स्कूल प्रधानाचार्यर् मीना कुमारी ने कहा कि ये गर्व की बात है कि बाल स्कूल ज्वालामुखी से अंडर 19 में केशवी और गणेश बहादुर का स्कूली नेशनल चेस टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है। इसके लिए उन्होंने उनके माता-पिता और उनके अभिभावकों को बधाई दी है।
-कॉलेज ने हासिल किए दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एथलेटिक्स इंटर कॉलेज खेल प्रतियोगिता राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में संपन्न हुई, जिसमें वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। महाविद्यालय को कुल मिलाकर चार पदक प्राप्त हुए, जिसमें दो स्वर्ण पदक और दो कांस्य पदक हैं। महाविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्र रजत ने 200 मीटर दौड़ में नया कीर्तिमान स्थापित किया तथा एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। हिमाचल प्रदेश अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स खेल चैंपियनशिप के इतिहास में यह सबसे कम समय में तय की गई दूरी है। इसके साथ साथ साथ रजत को सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष वर्ग) से नवाजा गया। कॉलेज महाविद्यालय के ही छात्र अमन चिब 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, 4 गुना 100 मीटर रिले में कांस्य पदक और जैवलिन थ्रो में सौरभ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के महाविद्यालय में पहुंचने पर प्रधानाचार्य व शारीरिक शिक्षा विभाग के आचाय देवेंद्र सिंह और महाविद्यालय के समस्त स्टाफ द्वारा भव्य स्वागत किया गया तथा सभी विजेताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। उन्हें आगामी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतिस्पर्धा हेतु शुभकामनाएं भी दी गईं।
- मुख्यमंत्री बेबस, मुझे उन पर आ रहा तरस हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो रहा है। वहीं, सत्र के ठीक एक दिन पहले धर्मशाला में माहौल गरमाया हुआ है। भाजपा ने धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड से लेकर कचहरी चौक तक आक्रोश रैली निकाली। इस रैली में कांगड़ा जिला की 15 विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल हुए। इस रैली में भाजपा के हिमाचल प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कांगड़ा के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कचहरी चौक में रैली को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार मंडी और कांगड़ा के साथ भेदभाव कर रही है। ये दोनों जिले विधानसभा क्षेत्रों की संख्या के मामले में सबसे बड़े जिले हैं, लेकिन प्रदेश की सुक्खू सरकार इनकी अनदेखी कर रही है। एक साल तक कांगड़ा को केवल एक ही मंत्री मिला। अब हाल ही में एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद ही जिले से दूसरा मंत्री चुना गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांगे्रस विधानसभा चुनाव में जनता से झूठे वादे और झूठी गारंटियां देकर सत्ता में तो काबिज हो गई, लेकिन अब यही 10 गारंटियां उसके गले की फांस बन गई हैं। जयराम ठाकुर ने कहा, 'प्रदेश के मुख्यमंत्री बेबस हो गए हैं और मुझे उन पर तरस आता है। चुनाव से पहले कहा था कि सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में 10 गारंटियों को पूरा किया जाएगा। प्रदेश की जनता सरकार से चुनावी गारंटियां पूरी करने को लेकर टकटकी लगाए बैठी है। लेकिन सरकार गारंटियां पूरी नहीं कर पा रही है।Ó
-भाजपा ने आक्रोश रैली निकाल सरकार के खिलाफ बोला हल्ला हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर से धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो रहा है। वहीं, सत्र के ठीक एक दिन पहले धर्मशाला में माहौल गरमाया हुआ है। भाजपा ने धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड से लेकर कचहरी चौक तक आक्रोश रैली निकाली। इस रैली में कांगड़ा जिला की 15 विधानसभा क्षेत्र के लोग शामिल हुए। रैली में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 'सुक्खू भाई, सुक्खू भाई दस गारंटियां किथे पाई, सुक्खू चाचा सुक्खू चाचा 1500 रुपये कब दिंगा, निक्कमों की सरकार को भेजो हरिद्वार को' आदि नारे लगाकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। इस रैली में भाजपा के हिमाचल प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित कांगड़ा के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कचहरी चौक में बीजेपी के नेता रैली को संबोधित कर रहे हैं।
- रसोई घर के वेस्ट, फल व सब्जियों के छिलकों से किया तैयार - रसायन विज्ञान के प्रवक्ता तिलक राणा ने किया मार्गदर्शन जिला कांगड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालकरूपी के विद्यार्थियों शायना और शिवम ने रसोई घर के वेस्ट, फल, सब्जियों के छिलकों से ईको फ्रेंडली बायोडीजल तैयार किया है। रसायन विज्ञान के प्रवक्ता तिलक राणा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह मॉडल प्रोटोटाइप तैयार किया है। इस बायोडीजल के प्रयोग से नाम मात्र का कार्बन उत्सर्जन होगा। शायना और शिवम ने इसे वे टू मेंदू स्मार्ट सोलर एनर्जी इनटू सस्टेनेबल बायोडीजल एंड इलेक्ट्रिसिटी नाम दिया है। महज तीन हजार की लागत से प्रेशर कुकर, हीटर और सोलर पैनल के इस्तेमाल कर बायोडीजल तैयार किया गया है। बड़े स्तर पर उत्पादन करने पर एक लीटर बायोडीजल की लागत बीस रुपये के लगभग आएगी। वहीं, स्कूल प्रवक्ता तिलक राणा का कहना है कि महज चार किलो कचरे से एक लीटर बायोडीजल तैयार किया जा सकता है। इथनोल बनाते वक्त सड़न प्रक्रिया में यदि गुड़ का इस्तेमाल करें तो उत्पादन में कई गुना इजाफा हो सकता है। वहीं, बचे हुए कचरे को जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के तहत एसएसबी सपड़ी के 33 वर्षीय जवान धनजीत दास ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अन्य जवान उक्त घायल धनजीत दास को प्राथमिक इलाज के लिए सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले गए, जहां से उसे चिकित्सकों द्वारा उसकी नाजुक हालत को देखते हुए आगामी उपचार के लिए टांडा अस्पताल रेफर कर दिया। लेनिक टांडा पहुंचने से पहले ही जवान की मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची ज्वालामुखी पुलिस ने सपड़ी के अन्य जवानों व अधिकारियों के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक धनजीत दास असम राज्य का रहने वाला था, जो गत नवंबर महीने की 11 तारीख को शादी करके घर से ड्यूटी पर लौटा था। मामले की पुष्टि करते हुए ज्वालामुखी थाना प्रभारी विजय कुमार ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
-एसपी के कहने पर भी नहीं हटाया हाईवे पर रखा शव -विधायक के आश्वासन पर शव को हटाया जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा हलके के रक्कड़ का बाग में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर परिजनों ने रविवार को शव को हाईवे पर रखकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि युवक को पुलिस ने शनिवार रात घर से उठा लिया था और उसकी मौत पुलिस की पिटाई से हुई है। मृतक की पहचान सोहन लाल उर्फ कालू उम्र 32 साल के रूप में हुई है। मामले का पता लगते ही स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और गांव के लोगों से बात की। उन्होंने एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री को फोन पर हालातके बारे में बताया और मौके पर आने को कहा। स्थानीय लोग और सोहन लाल के परिजन इसी बात पर अड़े थे कि उन पुलिस कर्मियों को पेश किया जाए, जो रात को उसके घर आये थे। तभी सड़क से शव उठाया जाएगा। वहीं, मौके पर पहुंची एसपी शालिनी अग्निहोत्री के आश्वासन पर भी लोग नहीं माने और धरने पर बैठे रहे। तब पठानिया ने खुद मोर्चा संभाला और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और उनसे हाईवे पर जाम खोलने और शव को घर ले जाने की अपील की। उनकी इस अपील पर ही लोग माने और जाम खुल पाया।
-स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनियों का किया अवलोकन हिमाचल फसल विविधिकरण प्रोत्साहन परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अंतर्गत किए गए कार्यों का जायका इंडिया एवं जायका श्रीलंका से आए विशेषज्ञों ने धरातल पर निरीक्षण किया तथा विकास खंड नगरोटा बंगवा के मुंदला गांव में प्रथम चरण के अंतर्गत बनाई गयी उपरियोजना, बहाव सिंचाई परियोजना रानी कूहल में किसान मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जायका इंडिया की प्रोजेक्ट डेवलपमेंट स्पेशलिस्ट निष्ठा वेंगुरलेकर और जायका श्रीलंका की जेंडर स्पेशलिस्ट यासूका नाकाजिमा ने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मेले में परियोजना के प्रथम चरण के दौरान बनाए गए स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शनी लगाई तथा कार्यक्रम में समूहों द्वारा खाद्य प्रसंस्करण गतिविधियों के उत्पादों, सब्जियों, हस्तनिर्मित वस्त्रों व अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया कि किसान जायका परियोजना में स्वयं सहायता समूह बनाकर आत्मनिर्भरता की और बढ़े हैं। विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाकर अपने जीवन की आर्थिकी सुदृढ हुई है। इस वारे सहायता समूहों की महिलाओं से निष्ठा वेंगुरलेकर और यसूका नाकाजिमा ने बातचीत करके उनसे जानकारी हासिल की। दोनों ने स्वयं सहायता समूहों के कामकाज के तौर तरीकों को बारीकी से जाना और इस अध्ययन के आधार पर आने वाले समय में इसे श्रीलंका में महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिये लागू किया जाएगा। जायका के विशेषज्ञों ने स्थानीय इलाके में जायका के पहले चरण में विकसित किए गए विविध खेती के फार्म में जाकर भी उपलब्धियों का जमीनी जायजा लिया। विशेषज्ञों ने गांव में सब्जी उत्पादन कर रहे किसानों से भी चर्चा की। राज्य परियोजना निर्देशक डॉ. सुनील चैहान ने बताया कि प्रथम चरण में जिला कांगड़ा के अलग-अलग हिस्सों में काफी संख्या में सिंचाई योजनाएं स्थापित की गई थीं। इस दौरान महिला सशक्तिकरण के क्रम में कई स्वयं सहायता समूहों की भी स्थापना की गई थी। इन्होंने अपनी आजीविका को बेहतर करने के लिए परियोजना की ओर से उस दौरान दी गयी आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण पर अमल करते हुए विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद और दैनिक जरूरत की चीजों को बनाना शुरू किया। अब इन्हें अच्छा खासा बाजार मिल गया है, जिससे ये महिलाएं अपना जीवन स्तर ऊंचा करने में कामयाब हुई हैं।
-जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत -बोले, प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही सरकार प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर पहुंचे मंत्री यादविंदर गोमा का स्वागत करने को स्थानीय लोग जनसैलाब के रूप में सड़कों पर उमड़े। जयसिंहपुर विधानसभा के प्रवेश द्वार आलमपुर पुल से पंचरुखी तक हजारों लोगों ने कैबिनेट मंत्री का जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। इस दौरान यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में एक मजबूत सरकार है और मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री और केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का उन्हें हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिये आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप जो दायित्व उन्हें सौंपा गया उस पर खरा उतरेंगे और पूरी क्षमता के साथ प्रदेश हित्त में कार्य करेंगे। उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लाखों मतदाताओं का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और स्नेह से उन्हें सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल होने का अवसर प्राप्त है।
प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु ने जारी एक बयान में कहा कि अपनी नाकामियों को स्वीकार न करने की कांग्रेस की आदत आज दिन तक नहीं गई। भले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन वह खुद कांग्रेस की विचारधारा से ऊपर नहीं उठ पाए हैं। चुनाव परिणामों के बाद ईवीएम पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। कांग्रेस जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है तो हार के कारणों पर मंथन करने की बजाए ईवीएम पर सवाल उठाती है। वहीं, जहां चुनाव जीत जाती है, वहां ईवीएम पर चर्चा बाद में करने की बात कहती है। उन्होंने कहा कि गत दिनों मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक चैनल में बातचीत के दौरान भाजपा के जीते राज्यों में ईवीएम को सवाल उठाए और कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में ईवीएम की बजाए बेल्ट पेपर से होने चाहिए, इससे चुनवों में निष्पक्षता आएगी। इसी बीच जब उनसे तेलंगाना में भी ईवीएम के माध्यम से हुए चुनावों पर कांग्रेस की जीत पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने तर्क दिया कि तेलंगाना चुनाव को लेकर वह बाद में चर्चा करेंगे। उन्होंने सीएम सुक्खू को सुझाव दिया है कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा लेकर आए हैं तो वैसे ही काम भी करें। कांग्रेस की दशकों पुरानी नीति को छोड़कर जनता के हित के बारे में सोचकर जनहित के कार्य करें, ताकि आगामी चुनावों में आपको फिर से ईवीएम पर सवाल उठाने की जरूरत न पड़े।
-54 किसान परिवारों ने 10 एकड़ में तैयार किया मालटे का बागीचा प्रदेश सरकार के शिवा प्रोजेक्ट की बदौलत जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का छोटा सा तरेहल गांव फल गांव के रूप में जाना जाने लगा है। गांव के 54 किसान परिवारों ने हिमाचल प्रदेश उपोष्णकटिबंधीय बागबानी, सिंचाई और मूल्यवर्धन एचपी-शिवा परियोजना में लगभग दो करोड़ के पूर्ण सहयोग से 10 एकड़ क्षेत्र में मालटे का बगीचा तैयार कर उदाहरण पेश कर दिया है। लगभग 10 हजार मालटे की उन्नत किस्म के पौधों में तैयार फसल को देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का केंद्र बने तरेहल गांव में खरीदार भी आने लगे हैं। जंगली तथा लावारिस जानवरों के प्रकोप और सिंचाई की सुविधा के अभाव में इस गांव की बंजर पड़ी 250 कनाल भूमि किसानों की अच्छी कमाई का जरिया बन गई है। बागीचे में भूमि विकास, टपक सिंचाई सुविधा, बिजली उपलब्धता, सोलर बाड़बंदी, मशीनरी, कृषि उपकरण, उर्वरक व कीटनाश्क इत्यादि निशुल्क उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त मालटे की पांच उन्नत किस्मों के 9929 पौधे उपलब्ध करवाए गए हैं। बागीचे में सिंचाई सुविधा के लिए एक लाख 80 हजार लीटर क्षमता के पांच टैंक, बिजली का ट्रांसफार्मर, सोलर बाड़बंदी इत्यादि पर दो करोड़ रुपए व्यय किया गया है। उद्यान विकास अधिकारी लंबागांव हितेश ठाकुर ने बताया कि विभाग ने तरेहल के किसानों को बागबानी की ओर प्रेरित किया तथा किसानों के सहयोग से तरेहल में मालटे का बागीचा तैयार किया गया है। इच्छुक परिवार संबधिंत विकास खंड कार्यालय में उद्यान विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा के प्रांगण में साहित्य प्रेरण कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। उन्होंने मां वाणी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस कवि सम्मेलन में एक से बढ़कर एक कवि मौजूद रहे। कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कविताओं का आनंद लिया। इस कवि सम्मेलन में कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी कवियों, अतिथियों और श्रोताओं का स्वागत व अभिनंदन किया। कवि सम्मलेन के दौरान कवियों ने अपने-अपने रसों से समा बांधा, जिनको सभी ने खूब सराहा। कवि सम्मेलन के अवसर पर शंकर दास सान्याल, नरेश निसार, प्रसिद्ध किशोर धीमान, शिव राज सान्याल, नीलम शर्मा, नरेश निर्गुण, रछपाल गुलेरिया, सलामुद्दीन, अजीज सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कवि सम्मेलन में कवियों-शायरों ने अपनी रचनाओं से छात्र-छात्राओं को मुखातिब करवाया और अपनी रचनाएं सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से साहित्य और संस्कृति सहेजने का संदेश दिया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जरनैल सिंह पटियाल ने कवियों और साहित्यकारों को उनके साहित्यिक योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
विधायक मलेंद्र राजन ने आज शनिवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहादपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की और शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और बच्चों के अभिभावकों को बधाई देते हुए मलेंद्र राजन ने कहा कि किसी भी देश और समाज का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर ही निर्भर करता है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक व्यवस्था में व्यापक सुधार करने जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय विकसित किए जाएंगे तथा एक-एक डे-बोर्डिंग स्कूल भी खोला जाएगा। मलेंद्र राजन ने कहा कि एक ही क्षेत्र के आस-पास के स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग एवं शिक्षकों की बेहतर सेवाएं लेने के लिए क्लस्टर सिस्टम आरंभ किया गया है। जिससे बच्चों को एक ही जगह पर अच्छी सुविधाएं एवं पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध होंगे। इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा अगले शैक्षणिक सत्र से पहली दो कक्षाओं में अंग्रेजी मीडियम पढ़ाने की व्यवस्था शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्कूलों में शिक्षकों की कमी को प्राथमिकता पर पूरा किया जा रहा है। इससे पहले स्कूल के प्रिंसिपल राहुल देव ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अपनी ओर से 11 हजार रुपए तथा बहादपुर में दो सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की।
-कहा, प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए कृतसंकल्प विधायक मलेंद्र राजन ने आज शनिवार को वन विश्राम इंदौरा में 11 गरीब बेटियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत 3 लाख 41 हजार रुपये की राशि के चेक वितरित किए। इस मौके पर एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। मलेंद्र राजन ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों सहित समाज के हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मदर टेरेसा योजना, विधवा पुनर्विवाह जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पात्र महिलाओं को निकट भविष्य में 1500 रुपए प्रदान करने की घोषणा की है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अगले वित्त वर्ष से विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की भी घोषणा की है। मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आगामी कुछ माह में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा सरकारी क्षेत्र में 20 हजार रोजगार के अवसर प्रदान करने की घोषणा की है जिनमें वन मित्र भर्ती, पटवारी भर्ती, मल्टीटास्क वर्कर, पुलिस व शिक्षक भर्ती इत्यादि शामिल हैं। इस अवसर पर सीडीपीओ ओम प्रकाश, इंदौरा पंचायत के प्रधान भूपाल कटोच सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लंबगांव की तरफ से आज बाबा कोडगिर मंदिर लंबागांव में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता शाखा बैंक प्रबंधक कुलदीप शर्मा व कमल कुमार ने की। इसमें लंबागांव शाखा के प्रबंधक ने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को बैंक द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री ज्योति बीमा, दुर्घटना बीमा, एटीएम व फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक किया गया।
-शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल -आलमपुर के स्नेक सेवर माथुर धीमान की बेटी है खुशी विधानसभा जयसिंहपुर क्षेत्र के आलमपुर के स्नेक सेवर माथुर धीमान की बेटी खुशी धीमान दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपने मुक्के का दम दिखाएगी। राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 4 से 8 जनवरी तक किया जाएगा। खुशी धीमान ने शिमला में आयोजित अंडर-17 राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। शिमला में 13 से 15 दिसंबर तक हुई प्रतियोगिता में खुशी ने 45 से 50 किलो भार वर्ग में सोलन की प्रतिभागी को हराकर गोल्ड मेडल जीता है। खुशी धीमान ने इस उपलब्धि का सारा श्रेय अपने कोच सूर्याभान सिपहिया, स्कूल के डीपीई अवनीश कुमार और अपने पिता माथुर धीमान को दिया है।
-निकिता चल तो नहीं सकती, पर हौसला पहाड़ की तरह मजबूत जिला कांगड़ा की निकिता चौधरी हिमाचल प्रदेश की पहली 'डॉक्टर ऑन व्हील चेयर' होंगी। नगरोटा बगवां की रहने वाली निकिता चौधरी ने अपने पहले ही अटेम्प्ट में साल 2022 में नीट की परीक्षा पास की और बता दिया कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। 19 साल की निकिता चौधरी चल तो नहीं सकती, लेकिन उनका हौसला पहाड़ की तरह मजबूत है। निकिता चौधरी टांडा मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। निकिता चौधरी व्हील चेयर पर रहकर ही अपना सारा काम करती हैं। व्हील चेयर पर ही वे रोजाना पढ़ाई के लिए भी टांडा मेडिकल कॉलेज जाती हैं। साल 2028 तक निकिता की पढ़ाई खत्म होगी और वे हिमाचल प्रदेश की पहली 'डॉक्टर ऑन व्हील चेयरÓ बन जाएंगी। प्रो. अजय का निकिता को एडमिशन दिलवाने में रहा अहम रोल निकिता चौधरी ने बताया कि जब उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में एडमिशन के लिए अप्लाई किया, तो वहां एक डॉक्टर ने उन्हें आईएएस बनने की सलाह दी। इस पर निकिता ने सोचा कि अगर वह खुद को ही न्याय नहीं दिला पा रही है, तो आईएएस बनकर भी लोगों के साथ कैसे न्याय करेंगी? इसके बाद उन्होंने ठानी की उन्हें हर हाल में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन लेकर डॉक्टर बनना है। हिमाचल प्रदेश में दिव्यांग मामलों के नोडल अधिकारी प्रो. अजय श्रीवास्तव का निकिता के जीवन में अहम योगदान रहा। प्रो. अजय श्रीवास्तव ने निकिता को एडमिशन दिलवाने की कानूनी लड़ाई लड़ी और अब भी वे पूरे परिवार के सदस्य की तरह निकिता का साथ दे रहे हैं। हौसले हों बुलंद तो कुछ भी नामुमकिन नहीं निकिता चौधरी ने कहा कि अगर ठान लिया जाए, तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अन्य दिव्यांग बच्चों से भी अपील की है कि वे डरकर घर पर न बैठे और समाज में अपना नाम बनाने के लिए डटकर हर चुनौती का सामना करें। निकिता चौधरी चाहती हैं कि प्रदेश में दिव्यांगों के लिए एक्सेसिबिलिटी को बेहतर किया जाए, ताकि दिव्यांगों को परेशानी ना हो। निकिता चाहती हैं कि उन्हें भी समाज में वही जगह मिले, जो हर किसी को मिल रही है। लोगों को ना तो दु:ख जाहिर करने की जरूरत है और ना ही दया दिखाने की। जरूरत है तो सिर्फ समाज में उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सहयोग की। पहाड़ जैसे जज्बे वाली पहाड़ी राज्य की रहने वाली निकिता चौधरी आज हर किसी के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुकी हैं।
-हमीरपुर और बिलासपुर जिले को रेल लाइन से जोड़ने के लिए विभाग ने शुरू की प्रक्रिया हिमाचल में रेल लाइन का विस्तार कर राज्य के हमीरपुर और बिलासपुर जिलों को रेल लाइन से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। अगले साल के शुरू में ही हमीरपुर और बिलासपुर के लोगों को रेल लाइन से जोड़ने के लिए रेलवे विभाग ने पहल शुरू की है। रेलवे ने रेल ट्रैक की जद में आने वाले करीब चार-पांच सर्किलों का ड्रोन सर्वे शुरू कर दिया है। विभाग ने बाकायदा वहां निशानदेही कर नंबर तक दर्ज किए हैं। यह सर्वे कांगड़ा जिले के रानीताल से बिलासपुर वाया हमीरपुर के बीच 100 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने के लिए प्रस्तावित था। इसी कड़ी में अब रेलवे ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत कई स्थानों का ड्रोन के माध्यम से सर्वे किया जा चुका है। जिन-जिन क्षेत्रों का सर्वे हुआ है और रेल लाइन की संभावनाएं तलाशी गई हैं, उन क्षेत्रों में विभाग ने निशानदेही भी की है। बता दें कि उत्तर रेलवे ने रेल लाइन की जद में आने वाले तीन जिलों कांगड़ा, हमीरपुर और बिलासपुर प्रशासन से कुछ डाटा मांगा था। 100 किलोमीटर लंबे ट्रैक में बनेंगे 11 स्टेशन 100 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक में 11 रेलवे स्टेशन होंगे। इनमें पहला प्रस्तावित स्टेशन बालू ग्लोआ (10 किमी), ज्वालामुखी (17 किमी), नादौन (26 किमी), जटियाला (37 किमी), हारखालसा (45 किमी), हमीरपुर (50 किमी), भोटा (60 किमी), जरल (69 किमी), बभेली (78 किमी), पनोल (86 किमी) और बिलासपुर (100 किमी) की दूरी पर प्रस्तावित हैं। जिला प्रशासन ने रेलवे विभाग को दीं मांगी जानकारियां कांगड़ा जिले के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि रेलवे विभाग ने मार्च में जिला प्रशासन से कुछ जानकारियां मांगीं थीं, जो मुहैया करवा दी गई हैं। रेलवे विभाग की ओर से किए जाने वाले सर्वे की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा की फेसबुक पोस्ट ने एक बार फिर प्रदेश का सियासी पारा गरमा दिया है। कांग्रेस सरकार के दूसरे कैबिनेट विस्तार में भी जगह नहीं पाने के बाद सुधीर शर्मा ने फेसबुक पर लिखा- 'युद्धं निरंतर भवति, दैवेन सह, कालेन सह, अस्माभि: सह' पोस्ट डाला है। इसका अर्थ लड़ाई जारी है, भाग्य से, वक्त से, अपने आप से है। बता दें कि पिछले साल 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 7 कैबिनेट मंत्रियों सहित शपथ ली थी। उस समय भी सुधीर शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद सरकार के करीब एक साल के कार्यकाल के बाद हुए मंत्रिमंडल विस्तार में सुधीर को फिर से नजरअंदाज किया गया। हालांकि उन्होंने नवनियुक्त दोनों मंत्रियों को मंत्री बनने पर बधाई तो दी है, लेकिन वीरवार देर रात डाली फेसबुक पोस्ट ने सर्द मौसम में प्रदेश की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया है।
ज्वालामुखी उप मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत दरंग में स्थानीय निवासी चमन गोस्वामी के मकान में अचानक आग लगने से मकान आग की भेंट चढ़ गया। सूचना के अनुसार उक्त मकान में यूपी की लेबर किराए पर रहती थी। शुक्रवार देर शाम जब वे लोग काम करने के बाद लौटे तो मकान में आग लगी हुई थी। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है।
कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया से भेंट की और राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, टांडा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कृषि मंत्री ने टांडा मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लंबित 50 करोड़ रुपये के शीघ्र भुगतान का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को टांडा मेडिकल कॉलेज के यूरोसर्जरी विभाग में लिथोट्रिप्सी मशीन, टेस्ला एमआरआई मशीन, पेट स्कैन, लैप्रोस्कोपिक उपकरण, आधुनिक थ्री-डी अल्ट्रासांउड मशीन, कैंसर रोगियों के लिए ब्रैकीथैरिपी मशीन व लीनियर एक्सेलरेटर, एनस्थिसिया वर्कस्टेशन, कार्डियोलॉजी विभाग के लिए कैथ लैब और हैपेटोलॉजी के लिए फाइब्रोस्कैन सुविधा उपलब्ध करवाने पर भी चर्चा की। कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार तथा शाहपुर से विधायक केवल पठानिया ने केंद्रीय मंत्री से कांगड़ा जिला के शाहपुर के लिए ट्रॉमा सेंटर स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। केवल पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से होकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग गुजरता है और दुर्घटना इत्यादि की स्थिति में यह ट्रॉमा सेंटर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने में कारगर साबित होगा। केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगें ध्यानपूर्वक सुनीं और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
विधानसभा के विधायक व नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा का आलमपुर में होगा भव्य स्वागत। जयसिंहपुर विधानसभा को पहली बार कैबिनेट मंत्री मिलने पर विधानसभा की जनता में खुशी का माहौल है। अपने विस क्षेत्र में पहुंचने पर रविवार को सुबह 9 बजे ब्यास नदी में बने पुल आलमपुर में यादविंदर गोमा का भव्य स्वागत किया जाएगा। एसडीएम संजीव ठाकुर ने बताया कि यादविंदर गोमा के कैबिनेट मंत्री बनने के उपरांत पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र आगमन पर स्वागत के लिये जयसिंहपुर में शुक्रवार को बैठक का आयोजन की गया। जयसिंहपुर प्रशासन ने मंत्री के स्वागत समारोह के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। आलमपुर के बाद बालक रूपी, जांगल, गंदड चौक, तलवाड़, अपर लंबागांव, लोअर लंबागांव, जयसिंहपुर, उत्तरापुर, टंबर, दगोह, मंझेरा, तीनबड चौक, खजूरनू, केली, भुआना, अंद्रेता होकर पंचरुखी बाजार पहुंचेंगे, जहां पर इनका स्वागत होगा।


















































