पुलिस स्टेशन अर्की में कोविड19 महामारी के समय मे बिना पास क्षेत्र में आने पर मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र पाठक ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के साथ मौजूद था। उसी समय प्रिंस गांव में इनको दिखाई दिया उसके हाथ में एक बड़ा बैग भी था जिस पर उन्होंने पूछा कि इतने दिन कहां था तो उसने बताया की वह जालंधर में काम करता था तथा वहां काम न होने के कारण अपने घर वापस आया है। पूछने पर वह किसी भी राज्य सरकार द्वारा जारी परमिशन व पास न दिखा सका। उपप्रधान ने कहा कि कोविड 19 महामारी के दौरान प्रिंस का बिना अनुमति से अन्य राज्य से बखालग गांव पहुंचना कानून के खिलाफ है। इसके खिलाफ कानूनी कारवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की पुष्टि डीएसपी प्रताप सिंह द्वारा की गई।
कोविड-19 नियमों को ठेंगे पर दिखाने वाले और बिना मास्क से बाजारों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर घुमने वाले लोगों के खिलाफ पिछले एक पखवाड़े से पुलिस विभाग द्वारा छेड़ी गई मुहिम के तहत पुलिस ने 211 लोगों के बिना मास्क के चालान किए हैं जबकि 32 हजार रूपए जुर्माना वसूला है। कोरोना वायरस के संभावित खतरे से बचने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बाद अब बिना मास्क से सड़क पर चलने वाले राहगीरों, दुकानदारों व भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर बिना मास्क से घुमने वालों के चालान काट कर उन्हें कानून का पाठ तथा कोरोना बीमारी के खतरे से भी अवगत करवाया जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी सदर यशवंत ठाकुर ने बताया कि इस बाबत जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा अधिसूचना जारी की है। जिसके तहत हिमाचल प्रदेेश पुलिस अधिनियम-2007 के तहत इस नियम का प्रावधान हैं। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर यदि कोई व्यक्ति बिना मास्क से दिखाई देता है तो पुलिस को उसका चालान काटने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस नियम के तहत दो सौ रूपए से लेकर 5 हजार रूपए तक का जुर्माना हो सकता है तथा आठ दिन की जेल भी हो सकती है। उन्होंने बताया कि उक्त दोनो सजाएं साथ भी हो सकती है। एसएचओ यषवंत ठाकुर ने दुकानदारों को भी अपनी दुकान में मास्क का पहनना लाजिमी है। जागरूक लोग दुकानदार को मास्क पहनने या दुकानदार अपने ग्राहकों को मास्क पहनने के लिए कह सकते हैं। उन्होंने बताया कि कम्यूनिटी स्प्रेडिंग का खतरा अब ज्यादा है, क्योंकि आवाजाही में भारी वृद्धि हुई है। लोगों को अपना ध्यान स्वयं रखना होगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि दफतरों में काम करने वाले कर्मचारी, सड़कों पर चलने वाले राहगीर, दुकानदार और अन्य लोगों में यदि कोई भी यदि कोई भी कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बिलासपुर की जनता से अपील की है कि जब भी वे घर से बाहर निकलें तो पूरी सावधानी से मास्क आदि लगाकर निकलें। सार्वजनिक स्थलों पर दो मीटर की दूरी बनाएं, जगह-जगह न थूकें आदि सावधानियों का ध्यान रखें।
कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने बिलासपुर नगर के एक प्रतिष्ठित परिवार से संबन्धित पंडित चमन शर्मा के सुपुत्र अंशुल शर्मा (34 वर्ष ) की 24 जून को मंडी के पधर में हुई मौत पर कई प्रश्नचिन्ह खड़े करते हुए सरकार से मांग की है कि अंशुल की मौत के कारणों का सही पता लगाने के लिए उच्च न्यायालय के किसी जज से जांच कारवाई जाये, ताकि सच्चाई सामने आ सके और सभी दोषी व्यक्ति सलाखों के पीछे जा सकें । उन्होने कहा कि मुझे सरकार और डायरेक्टर जनरल पुलिस संजय कुंडु एवं सी आई डी पुलिस पर भी पूरा विश्वास है कि वे सच्चाई सामने लाकर दोषियों को अवश्य ही कानून के शिकंजे में लाएँगे। बिलासपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बंबर ठाकुर ने कहा कि अंशुल शर्मा की मौत साधारण नहीं बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी गहरे षड्यंत्र के अधीन उसकी हत्या की गई है। उन्होने पूछने पर बताया कि उस दिन वे बिलासपुर में थे और उन्हें दीपक शर्मा की धर्मपत्नी ने फोन पर बताया था कि आप के नाम से तथा मेरे पति दीपक के नाम से किसी ने अंशुल के बारे में एक वीडियो फेसबुक पर डाली है और जब मैंने उसे देखा तो दीपक के साथ तत्काल थाना सदर में जाकर उस वीडियो को हटवाने और अंशुल का पता लगाने की शिकायत दर्ज की। बंबर ठाकुर ने कहा कि यह पता लगाया जाना अत्यंत आवश्यक है कि अंशुल के साथ उस दिन कौन लोग थे और उसे किसने जहर दिया या क्यूँ और किस कारण से उसने जहर खाया तथा किसने उस वीडियो को फेसबुक पर डाला, जिसे थोड़ी देर बाद किसने और क्यूँ डीलीट कर दिया। उन्होने कहा जब वह बिलासपुर थाना में शिकायत दर्ज करवा रहे थे तो फिर उनके नाम का अन्य कौन व्यक्ति था और अन्य वे कौन लोग थे जो उस वीडियो के अनुसार अंशुल के पीछे गाडियाँ लेकर गए थे? बंबर ठाकुर ने कहा कि फेसबुक पर डाली गई वीडियो के अनुसार पिछले 6 महीने से कोई व्यक्ति अंशुल के घर तक उसका पीछा कर रहे थे, जिनका भी मोहल्ले के लोगों और परिवार के सदस्यों से पता किया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। बंबर ठाकुर ने संदेह व्यक्त किया कि हो सकता है कि उनके राजनैतिक जीवन को तबाह करने के लिए किसी ने अंशुल की हत्या किए जाने से पहले उससे जबरदस्ती मेरे विरुद्ध कहलवा कर उसकी हत्या कर दी हो, जिसकी भी जांच की जानी चाहिए ताकि दोषी व्यक्ति किसी भी सूरत में बच न सके। उन्होने कहा कि पिछले एक सप्ताह से अंशुल किन- किन लोगों के संपर्क में था और किन- किन लोगों से मिलता–जुलता रहा, इसकी सारी जानकारी फोन डीटेल से पता चल जाएगी। बंबर ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर की सारी जनता भली-भांति जानती है कि वो कौन लोग हैं, जो उन्हें राजनैतिक हाशिये पर धकेलने के लिए पिछले कितने ही वर्षों से प्रयासरत हैं, जिनका इस हत्या में हाथ होने से नकारा नहीं जा सकता है। बंबर ठाकुर ने कहा कि इस कथित हत्या के कारण चमन का पूरा परिवार गहरे सदमें में है क्यूँ कि अंशुल के पीछे 26 वर्षीय धर्मपत्नी और दो नन्हें नन्हें बच्चे असहाय होकर रह गए हैं। बंबर ठाकुर ने कहा कि उनके लिए चमन का पूरा परिवार बहुत ही आदरणीय और सममाननीय है तथा अपने परिवार की तरह है। उन्होने अंशुल की असमय हुई इस संदिग्ध मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उसके परिजनों से संवेदना प्रकट की है।
रोटरी क्लब बिलासपुर के नव नियुक्त प्रधान टीसी सैणी ने आज अपना कार्यभार संभालते हुए अन्न पूर्णना दिवस के उपलक्ष्य में औद्योगिक क्षेत्र के श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर और पुलिस लाईन लखनपुर के दुर्गा मंदिर में गरीब जरूरतमंद लोगों को 25 बैग राशन के वितरित किए। इस उपलक्ष्य पर उपस्थित लोगों को फ्री मास्क दिए गए। वहीं सोशल डिस्टेटिंग नियमों के पालन करने बारे अवगत करवाया। इस अवसर पर रोटरी के प्रधान टीसी सैणी ने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक कार्याे में बढ़ चढकर भाग लेता है और अन्य गतिविधियों का आयोजन समय -समय पर करता रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके। इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सचिव एनआर शर्मा, पूर्व प्रधान डा. टंडन, भूपेंद्र टाडू,कोषाध्यक्ष जगमोहन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, रमेश गुप्ता, सह सचिव वासु शर्मा सहित विभीषण शर्मा,चंदन शर्मा, अश्विनी चोपड़ा ,सोनू अग्रवाल, वनिता गुप्ता, जितेंद्र कपिल, सुरेंद्र कपिल, रजनीश , दिनेश शर्मा, विनोद कौशल व हर्ष गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
जिला दण्डाधिकारी सोलन केसी चमन ने केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश एवं प्रदेश के मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुसार आदेश दिए हैं कि सोलन जिला में आपराधिक दण्ड संहिता 144 की धारा के प्रावधान (कफ्र्यू) आगामी आदेशों तक लागू रहेंगे। जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अनलाॅक-2 अवधि में 31 जुलाई 2020 तक विद्यालय, महाविद्यालय, शिक्षण तथा कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे। आॅनलाइन अनलॉक तथा दूरवर्ती शिक्षा की अनुमति होगी और इसे प्रोत्साहित किया जाएगा। केन्द्रीय गृह मंत्रालय की अनुमति के अतिरिक्त यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा प्रतिबन्धित रहेगी। सिनेमा हाॅल, व्यायाम शालाएं, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर, बार, सभागार, सम्मेलन कक्ष एवं अन्य ऐसे स्थान बंद रहेंगे। सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, अकादमिक, सांस्कृतिक, धार्मिक समारोहों एवं अन्य बड़ी सभाओं पर रोक रहेगी। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सोलन जिला में भी आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर व्यक्तियों की आवाजाही रात्रि 9.00 बजे से प्रातः 5.00 बजे तक प्रतिबन्धित रहेगी। औद्योगिक इकाईयों की ‘मल्टीपल शिफ्टस’, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर व्यक्तियों एवं वस्तुओं की आवाजाही तथा बस, रेल एवं हवाई जहाज से अपने निर्धारित स्थल तक पहुंचने के लिए व्यक्तियों एवं उत्पादों की आवाजाही पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार रात्रि 9.00 बजे से प्रातः 5.00 बजे तक आवश्यक गतिविधियों को छोड़कर व्यक्तियों एवं वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। चिकित्सीय आपात एवं आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की आपूर्ति बनाए रखने के अतिरिक्त कन्टेनमेंट जोन से लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण रहेगा। सोलन जिला के लिए पूर्व आदेशों द्वारा छूट प्राप्त श्रेणियों के अतिरिक्त अन्य सभी के अन्तरराज्यीय आवागमन के लिए वैध पास अथवा प्रवेश पत्र अनिवार्य होगा। अन्य राज्यों से सोलन जिला के लिए आवागमन आवश्यकता के आधार पर ही होगा। अन्तरराज्यीय बैरियरों के माध्यम से दैनिक अथवा सप्ताहांत के आधार पर आवागमन करने वाले व्यक्ति वैध प्रवेश पत्र के साथ ही आ-जा सकेंगे। इन्हें क्वारेनटाइन करने की आवश्यकता नहीं होगी। किन्तु फ्लु अथवा इन्फ्लुएंजा बीमारी के लक्षण होने की स्थिति में स्वास्थ्य केन्द्र को सूचित करना इन व्यक्तियों का उत्तरदायित्व होगा। सोलन जिला के निवासी बिना किसी प्रवेश पत्र के जिला की सीमा छोड़ अन्य राज्य जा सकते हैं। किन्तु यदि वे चिकित्सा, व्यापार अथवा कार्यालय उद्देश्य के लिए अन्य राज्य कम समय के लिए जाना चाहते हैं और 48 घण्टे के भीतर जिला में वापिस आने के इच्छुक हैं तो वे प्रवेश पत्र के साथ आवागमन कर सकते हैं। इन व्यक्तियोें को उस स्थिति में क्वारेन्टीन होने की आवश्यकता नहीं होगी यदि उनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं पाए जाते हैं। कन्टेनमेंट जोन के अतिरिक्त अन्य स्थानों से अन्तरराज्यीय आवागमन करने वाले उद्योग मालिक, वरिष्ठ प्रबन्धन अधिकारी, कामगार एवं कर्मचारियों को रविवार सहित दैनिक आधार पर अपने अथवा कम्पनी के वाहन में आने-जाने की अनुमति होगी। इस सम्बन्ध में अन्य मानक परिचालन प्रक्रिया 24 मई, 2020 तथा 01 जून 2020 को जारी आदेशों के अनुसार ही रहेगी। चिकित्सा व्यवसायियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, रोगी वाहनों तथा स्वच्छता कर्मियों की अन्तरराज्यीय आवाजाही निर्बाध जारी रहेगी। जिला सोलन में चालकों तथा आवश्यक सेवाओं में संलग्न अन्य को सुविधा प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर स्थापित सभी ढाबे प्रतिदिन हर समय खुले रहेंगे। इसके लिए उन्हें कोविड-19 के लिए समय-समय पर जारी निर्देशों का पूर्ण पालन करना होगा। जिला सोलन में स्थापित अन्य ढाबे रात्रि 9.00 बजे तक खुले रह सकेंगे। आदेशों में 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, रोगी, गर्भवती महिलाओं तथा 10 वर्ष से कम आयु के बच्चों को आवश्यक एवं स्वास्थ्य कारणों के अतिरिक्त घर पर ही रहने का परामर्श दिया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे उपयुक्त मोबाइल फोन पर आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें और इस पर अपना स्वास्थ्य स्थिति नियमित रूप से अपडेट करते रहें। कार्यालय एवं कार्यस्थलों पर सुरक्षा के दृष्टिगत सभी कर्मचारियों को अपने उपयुक्त मोबाइल पर आरोग्य सेतु ऐप स्थापित करना सुनिश्चित करना होगा। राष्ट्रीय निर्देशों के अनुसार कार्य स्थल, सार्वजनिक स्थानों एवं परिवहन के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य है। सार्वजनिक स्थानों पर 02 व्यक्तियों के मध्य 06 फुट अर्थात 02 गज की दूरी होनी चाहिए। बड़ी जनसभाएं एवं समारोह प्रतिबन्धित हैं। विवाह समारोह में 50 तथा अन्तिम यात्रा में 20 से अधिक व्यक्ति नहीं होने चाहिएं। सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर मदिरा पान करना, पान, गुटखा एवं तम्बाकू का सेवन प्रतिबन्धित हैं। जिला के सभी उपमण्डलाधिकारी, कार्यकारी दण्डाधिकारी तथा पुलिस कर्मी यह सुनिश्चित बनाएंगे कि प्रत्येक व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थान, कार्यस्थल पर मास्क पहना हो, सोशल डिस्टेन्सिग का पालन किया जा रहा हो और कोविड-19 प्रबन्धन के दृष्टिगत स्थापित अन्य नियमों की पालना हो। इन आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 एवं अन्य उपयुक्त नियमों के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश प्रथम जुलाई 2020 से प्रभावी हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक लागू रहेंगे।
आदर्श विद्या मंदिर धुन्धन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अनिल गौतम तथा मुख्य अध्यापिका कविता गौतम तथा अन्य अध्यापकों द्वारा कोविड-19 के चलते अप्रैल माह की फीस नहीं लेने का निर्णय लिया गया है। प्रबन्धन समिति ने बताया कि स्कूल का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वागीण विकास करना है। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी अभिभावक के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो स्कूल प्रबंधन समिति बच्चों की फीस माफ करके उन्हें निशुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। इसके अतिरिक्त स्कूल बच्चों के सर्वागीण विकास के लिए जिम्मेदार है। इसके अलावा स्कूल बच्चों को संस्कार से परिपूर्ण करते हुए आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। बच्चों पर ही हमारे देश का भविष्य निर्भर करता है अतः स्कूल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के संपूर्ण विकास पर जोर देना है।
मुख्य सचिव अनिल खाची ने जल शक्ति, वन एवं उद्योग विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सौरव वन विहार, पालमपुर को लेकर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। जल शक्ति विभाग ने सौरव वन विहार नेचर पार्क में बाढ़ संरक्षण के कार्य और इसकी कार्य योजना के बारे में प्रस्तुति दी। वन विभाग ने इस पार्क के सौन्दर्यीकरण के सन्दर्भ में लिए गए निर्णयों के बारे में प्रस्तुतिकरण दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि सौरव वन विहार में बाढ़ संरक्षण का कार्य पहली सितम्बर, 2020 से आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए कि इस कार्य को आरम्भ करने से पूर्व निविदाओं और परियोजना की रूपरेखा का कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वन विभाग लैंड स्कैपिंग वास्तुकार का चयन करेगा, जिसे सौरव वन विहार के समूचे क्षेत्र की लैंड स्कैपिंग का कार्य सौंपा जाएगा। अनिल खाची ने कहा कि लैंड स्कैपिंग का कार्य पूरा होने के उपरान्त वन विभाग अगस्त माह में झील और एक्वाकल्चर विकास का कार्य आरम्भ करेगा। उन्होंने कहा कि सभी सम्बन्धित विभाग 8.50 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर पहली सितम्बर, 2020 से कार्य आरम्भ करेंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर बिना रुके उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए सभी डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ़ का आभार प्रकट किया है। अनुराग ठाकुर ने कहा "ऐसे समय में जब पूरा विश्व कोरोना आपदा जैसे गम्भीर संकट से जूझ रहा है तब हमारे डॉक्टर्स और मेडिकल स्टॉफ बिना रुके रात दिन लोगों की सेवा में लगे हैं। डॉक्टरों के इस कठिन परिश्रम का ही फल है कि आज कोरोना से संक्रमित होने वालों के कहीं ज़्यादा संख्या इस से ठीक होने वालों की है। डाक्टरों के इस सेवाभाव व कर्तव्यनिष्ठा से लोगों के अंदर उम्मीद बनी हुई है। देश इस नेशनल डॉक्टर्स डे के अवसर पर सभी डाक्टरों, नर्सों व समस्त मेडिकल स्टॉफ के प्रति कृतज्ञ है व आपकी सेवाओं व त्याग के लिए मैं आपका आभार प्रकट करता हूँ।” आगे बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा "हमारे आज के सकारात्मक प्रयास एक बेहतर कल की तस्वीर गढ़ते हैं। 2 वर्ष पूर्व सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत का मक़सद हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में लोगों को उनके घर द्वार पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवा मुफ़्त में उपलब्ध कराना था। आज यही स्वास्थ्य सेवा कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में जागरूकता अभियान चला कर, पोस्टर पंपलेट बाँट कर, मास्क, सेनेटाइजर व ग्लब्स बाँटने के साथ साथ मुफ़्त कोरोना की जाँच करके लोगों के मन में आशा के दीप जला रही है। हमीरपुर संसदीय में क्षेत्र में चलाई जा रही सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा भी कोरोना महामारी से निपटने में हिमाचल वासियों का पूरा सहयोग कर रही है। प्रदेश सरकार के साथ साथ मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की जाँच यूनिट भी बाहर से प्रदेश में आने वाले सभी प्रवासियों का राज्य की सीमा पर कोविड टेस्ट कर रही है। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा ने अब तक 35000 से ज़्यादा लोगों का कोरोना की प्राथमिक जाँच करके अपनी उपयोगिता सिद्ध की है।”
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर ]राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कोरोना महामारी के समय में अपनी जान जोखिम में डाल कर लोगों की जान बचाने को किए गए अमूल्य योगदान के लिए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। राजभवन में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर डाॅक्टरों को सम्मानित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह एक महान व्यवसाय है तथा वह उनके साहस की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस हमारे जीवन में चिकित्सकों की महत्ता तथा उनके द्वारा मानवता के कल्याण के लिए किए गए कार्यों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस की महत्ता और भी बढ़ गई है, क्योंकि कोरोना महामारी के दौरान प्रत्येक चिकित्सक अपनी शत-प्रतिशत सेवाएं दे रहा है तथा लोगों को इस भयावह संक्रमण से उभारने में अपना अमूल्य योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी चिकित्सीय और स्वास्थ्य सेवा प्रदान कर रहें पेशेवरों को समर्पित है, जो अपनी तमाम मुश्किलों के बाद भी मरीजों को देख रहें हैं तथा समाज के लिए अपना योगदान दे रहें हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का परिश्रम और समर्पण इस महामारी के शुरुआती दौर से ही प्रशंसनीय है। दत्तात्रेय ने कहा कि राष्ट्र चिकित्सक दिवस महान चिकित्सक तथा पश्चिम बंगाल के द्वितीय मुख्यमंत्री डाॅ. बिधान चंद्र राॅय के सम्मान में आयोजित किया जाता है। डाॅ. राॅय को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से 4 फरवरी, 1961 को सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 से भारत में महान चिकित्सक डाॅ. राॅय के सम्मान में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जा रहा है तथा मैं इस दिवस पर डाॅ. राॅय को अपना सम्मान प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना महामारी के दौरान सरकारी अस्पतालों, प्रयोगशालाओं आदि में अग्रिम पंक्ति में खड़े योद्धाओं के लिए 50 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा प्रदान कर रही है। इस अवसर पर राज्यपाल ने इन्दिरा गांधी मेडिकल काॅलेज और अस्पताल शिमला के प्रधानाचार्य डाॅ. रजनीश पठानिया, हिमाचल प्रदेश राजकीय दंत महाविद्यालय और अस्पताल शिमला के प्रधानाचार्य डाॅ. आशु कुमार गुप्ता, आई.जी.एम.सी. के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. जनक राज, कमला नेहरू अस्पताल शिमला की चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अम्बिका चैहान, स्त्री रोग विभाग के प्रोफेसर डाॅ. कुशिया पठानिया, दीन दयाल उपाध्याय अंचल अस्पताल शिमला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. लोकेंद्र शर्मा, जिला शिमला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुरेखा चोपड़ा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अस्पताल छोटा शिमला की चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. अमिता धीमान, होम्योपैथिक औषधालय एवं शोध केंद्र न्यू शिमला के डाॅ. सुनील रमटैक, आई.जी.एम.सी के मेडिसिन विभाग के प्रमुख और प्रोफेसर डाॅ. दलीप गुप्ता, ह्नदय रोग विभाग के विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर डाॅ. पी.सी नेगी, रेडीयोलाॅजी विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ. संजीव शर्मा, माईक्रोलाॅजी विभाग की विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर डाॅ. सांत्वना वर्मा, न्यूरोलाॅजी विभाग के विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर डाॅ. सुधीर शर्मा तथा कोविड-19 मेडिसिन और नोडल अधिकारी डाॅ. बलबीर वर्मा को सम्मानित किया। राज्यपाल के सचिव राकेश कंवर भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अंतर्राष्ट्रीय इनरव्हील क्लब 307 डिस्ट्रिक्ट के तहत बिलासपुर क्लब के नए सत्र की शुरुआत इस बार के मोटो गोग्रीन के साथ वृक्षारोपण द्वारा की गई। बिलासपुर में क्लब के सदस्यों ने जहां अपने अपने घर में पौधा लगाया वही बिलासपुर क्लब की उपाध्यक्ष सुमन डोगरा के नेतृत्व में संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित कर सिट्रस और तुलसी के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर बिलासपुर आंगनबाड़ी केंद्र की प्रभारी मोना शर्मा व सहायिका चेतना भी विशेष रूप से आमन्त्रित थीं। सुमन डोगरा ने बताया कि क्लब की प्रेजिडेंट शालिनी शर्मा ने अश्वगंधा का पौधा लगाया। इस तरह से बिलासपुर क्लब के नए सत्र की शुरुआत वृक्षारोपण से की गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष भारतवर्ष में एक जुलाई को नए सत्र का आरंभ होता है और नई कार्यकारिणी अपना कार्यक्रम करती है। बुधवार एक जुलाई को पूरे भारतवर्ष में 45000 पौधे रोपित किए गए क्योंकि इंटरनेशनल इनरव्हील संस्था के इस समय देश भर में 45000 क्लब सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि क्लब की सचिव अंजली शुक्ला ने नींबू का पौधा लगाया तो वही एडिटर शीला सिंह ने तुलसी का पौधा लगाया।
भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर किसान मोर्चाे अध्यक्ष सुरेन्द्र भारती ने जिला किसान मोर्चा कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। उन्होने सदर विधानसभा क्षेत्र से भारत भूषण, घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से चैन सिंह श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र से किशन सिंह ठकुर, झण्डूता विधानसभा क्षेत्र से नन्दलाल, श्री नयनादेवी जी विधानसभा श्याम लाल को उपाध्यक्ष मनोनीत किया। सतदेव शर्मा राजपुरा व पंकज चन्देल घुमारवीं को महामन्त्री का पदभार सौंपा गया। राकेश ठाकुर झण्डूता विधानसभा क्षेत्र, इन्द्र सिंह ठाकुर श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र, जोगिन्द्र राणा सदर विधानसभा क्षेत्र, विजय कुमार घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र तथा क्रांति ठाकुर सदर विधानसभा क्षेत्र को सचिव बनाया गया। अश्वनी गौतम झण्डूता विधानसभा क्षेत्र कोषाध्यक्ष का कार्य देखेंगे। प्रेम ऑचल घुमारवीं मिडिया प्रभारी तथा भूपेन्द्र ठाकुर टाली श्री नयनादेवी जी को प्रवक्ता बनाया गया। उन्होने श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र से तेलू राम गॉव थापना, बली राम ठाकुर गॉव नकराणा, बुद्धराम ठाकुर गॉव मलौण, गणपत ठाकुर गांव चन्दपुर, सदर विघानसभा क्षेत्र से प्रकाष चन्द गॉव मगरोट, देव राज गॉव चमलोग, सुनील ठाकुर, अन्जुल षर्मा सदर, सुभाष ठाकुर बाहौट कसौल, घुमारवी विधानसभा क्षेत्र से सुरेेन्द्र कुमार और बलबीर सिंह, झण्डूता विधानसभा क्षेत्र से ओंकार सिंह चन्देल और प्रीतम सिंह बनयाल को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया। भारती ने किसान मोर्चा के चारों मण्डल अध्यक्षों की भी नियुक्ति कर दी। उन्होने झण्डूता मण्डल से कैप्टन रघुवीर सिंह, घुमारवीं मण्डल से प्रकाश चन्द, सदर मण्डल से प्रताप चौहान और श्री नयनादेवी जी अप्पर मण्डल से गोरख सिंह गॉव व डा० कल्लर तथा लोअर मण्डल से नन्द लाल ठाकुर गॉव टरवाड को मण्डल अध्यक्ष मनोनीत किया।
शिमला में कोरोना का नया मामला सामने आया है। यह व्यक्ति तमिलनाडु से 23 जून को शिमला आया था। इसे इंस्टिट्यूशनल क्वारन्टीन में रखा गया था। इसके साथ ही जिला में कुल सकर्मितो की संख्या 41 तथा एक्टिव केस 16 हो गए हैं। तो वहीं प्रदेश में 956 मामले कोरोना के सामने आए है। कोरोना के एक्टिव केस 354 हो गए है। कोरोना में मरने वालों की संख्या 8 हो गई है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना के लाभार्थियों से बात करते हुए कहा कि 6 जनवरी को आरम्भ की गई यह योजना पारम्परिक हस्तकला, हस्तशिल्प, स्थानीय कलाकृतियों, लकड़ी व धातु शिल्प कलाओं को पुनर्जीवित करने के अतिरिक्त युवाओं को लाभप्रद रोजगार प्रदान करने के लिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशिक्षकों को 7500 रुपये तथा प्रशिक्षणार्थियों को तीन हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अवधि का समय तीन माह से एक वर्ष तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बैच में अधिकतम पांच प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान करने की अनुमति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल न हमारी परम्परागत कलाएं, शिल्प और संस्कृति का पुनरुद्धार होगा, बल्कि युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग ने बीते अढ़ाई वर्ष के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक बीघा योजना कामयाब योजना साबित हुई है, क्योंकि इस योजना के तहत लाभ उठाने के लिए 3500 परिवारों ने अपना पंजीकरण करवाया है। उन्होेंने ई-पंचायत में भी प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विभाग को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रारम्भ में मुख्यमंत्री ग्राम कौशल योजना राज्य के चार जिलों के 18 खण्डों में आरम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत निर्धारित पाठ्यक्रम में काश्तकला, धातु शिल्प, मण्डी कलम, पत्थर शिल्प, बांस शिल्प, लकडी का शिल्प, चीड़ की पत्तियों के उत्पाद और मिट्टी के बर्तन बनाने का शिल्प आदि शामिल किए गए हंै। जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान केवल ग्रामीण आर्थिकी ही अपने आप को बचा पाई है, जिससे इस तथ्य पर पहुंचा जा सकता है कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में ही किसी भी प्रकार की परिस्थिति सेे निपटने के लिए मजबूत आधार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लाभान्वित करने के लिए ग्राम विकासोन्मुखी योजनाएं आरम्भ करने के प्रयास किए जाने चाहिए ताकि ग्रामीण युवाओं को रोजगार की तलाश में शहरों की ओर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर योजना से सम्बन्धित पोस्टर और सूचना पुस्तिका भी जारी की।
अर्की के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल अर्की विकास मंच के तले मंच के अध्यक्ष राकेश भारद्धाज की अध्यक्षता में नगर पंचायत अर्की द्धारा लगाए गए टैक्स के विरोध में एसडीएम अर्की विकास शुक्ला से मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम शुक्ला को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें बढ़ाए गए गृह कर का विरोध किया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि अर्की नगर पंचायत द्धारा जो गृह कर अर्की निवासियों पर थोपा गया है वह शिमला शहर की तर्ज पर लगाया गया है जबकि अर्की व शिमला की किसी भी लिहाज से बराबरी नहीं की जा सकती। शिमला प्रदेश की राजधानी के साथ-साथ नगर निगम है जबकि अर्की एक उपमंडल मुख्यालय होने के साथ-साथ नगर पंचायत है। लोगों का कहना था कि अर्की की जनता पर सौ से लेकर आठ सौ प्रतिशत तक टैक्स थोप दिया गया है जबकि यह दस प्रतिशत से किसी भी प्रकार अधिक नहीं होना चाहिए। लोगों ने मांग की है कि गृह कर निर्धारण के लिए वार्ड सदस्य की अध्यक्षता में हर वार्ड की एक कमेटी बनाई जानी चाहिए तथा लोकेशन फैक्टर, जोन सिस्टम, स्टृक्चरल फैक्टर, भवनों की निर्माण अवधि, आक्यूपैंसी फैक्टर तथा यूज़ फैक्टर को ध्यान में रख कर गृह कर का निर्धारण किया जाए। लोगों ने यह भी मांग की है कि कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए जिस प्रकार सरकार द्धारा आम आदमी को कई जगह छूट दी जा रही उसी प्रकार नगर पंचायत द्धारा भी वर्ष 2018-19 व वर्ष 2019-20 के गृह कर में पच्चीस से पचास प्रतिशत की छूट दी जाए क्योंकि कोरोना काल में लाॅकडाउन के चलते आम आदमी आर्थिक रूप से त्रस्त है। इस अवसर पर अर्की विकास मंच के अध्यक्ष राकेश भारद्धाज, अधिवक्ता देवेंद्र शर्मा, व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, प्रभा भारद्धाज, सोनू सोनी सहित नगर के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बिलासपुर जिले के पूर्व हॉकी स्टार तथा हॉकी खेल के दम पर हिमाचल का नाम पूरे देश में रोशन करने वाले देवेंद्र कुमार ठाकुर पुलिस विभाग से सेवानिवृत हो गए। पुलिस विभाग में 36 साल सेवाएं देने वाले देवेंद्र ठाकुर वर्ष 1984 में बतौर कांस्टेबल भर्ती हुए थे। इन्होंने शिमला फस्र्ट बटालियन जुनगा में अपनी सेवाएं दी जबकि शिमला डिस्ट्रीक्ट, विजीलेंस विभाग में पांच साल (एचक्यू) तथा बिलासपुर में अपनी सेवाएं दी। बिलासपुर शहर के स्वर्गीय प्रभु राम और माता स्वर्गीय कमला देवी के घर 18 जून 1962 को जन्में देवेंद्र ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर के स्कूलों में हुई। मन में किसी बात को ठान कर पूरा करने के लिए हर जोखिम उठाने वाले देवेंद्र ने किसी भी क्षेत्र में हार नहीं मानी है। हॉकी और देवेंद्र एक दूसरे के पूरक रहे हैं। बचपन से ही कालेज हॉकी मैदान में इन्होंने अपनी करिश्माई खेल को दिखाना शुरू कर दिया था। स्वर्गीय हॉकी कोच चमन गुप्ता को अपना गुरू मानने वाले देवेंद्र ठाकुर ने स्कूली गेम्स में राष्ट्रिय स्तर पर चौथे स्थान तक पहुँचाया था। गौर हो यह वह समय था जब खेल के मैदान में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का अभाव था तथा अन्य राज्यों के मुकाबले हिमाचल की टीम को कम आंका जाता था। अनगिनत बार हिमाचल का राष्ट्रिय स्तर पर नेतृत्व करने वाले देवेंद्र ने हॉकी इंडिया कैंप में भी भाग लिया है जो कि गौरव का विषय है। बिलासपुर में हॉकी के जादूगर देवेंद्र ठाकुर ने स्टेट फार्वड मानसिकता के खिलाड़ी होने के साथ-साथ अन्याय के हमेशा धुर विरोधी रहे हैं। पुलिस विभाग और समाज सेवा के क्षेत्र में भी इनकी उपलब्धियों की फेहरिस्त लंबी है। वर्ष 1988 को देवेंद्र ठाकुर सीमा ठाकुर के साथ परिणय सूत्र में बंधे। इनके दो पुत्र विक्रम ठाकुर और शिवम ठाकुर हैं। साढ़े तीन दशक से ज्यादा समय तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देने वाले एचएएसआई देवेंद्र ठाकुर को उनके सहयोगियों भावभीनी विदाई दी तथा उनके साथ बिताए पलों को सांझा किया।
यहाँ कोरोना महामारी के इस दौर में जिला काँगड़ा के उपमंडल नूरपुर की एक संस्था युथ ऑफ नूरपुर अगेन्ट्स ड्रग्स ने सुरक्षाकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मचारियों को खाना उपलब्ध करवाया। वहीँ इस संस्था के द्वारा नूरपुर के सफाई कर्मचारियो को सम्मानित किया गया। सफाई कर्मचारियों को मास्क व सेनिटाइजर दिए गए तथा उन पर पुष्प वर्षा की गई। युथ ऑफ नूरपुर अगेन्ट्स ड्रग्स के अध्यक्ष रवि मेहरा ने बताया कि इन सफाई कर्मचारी योद्धाओं को सम्मानित किया गया। रवि ने बताया कि टीम के सचिव मुनीश घई ने सेनिटाइजर दिए। रवि मेहरा ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि इन कोरोना योद्धाओं को सरकार नियमित करने के बारे में विचार करें। इनको मिलने वाले वेतन की भी बढ़ोतरी की जाए। इस मौके पर प्रशांत गुलेरिया, अमित कुमार, रिशू पठानिया व शुभम आदि मौजूद रहे।
कुनिहार के मशहूर व्यापारी व समाजसेवी स्व लाला सुशील मित्तल की 13 वीं पुण्यतिथि पर उनके पुत्रों अमित मित्तल व सुमित मित्तल ने जयनगर चौक बाजार पर लोगो को पीने के पानी के लिए वाटर कूलर स्थापित करवाया। मंगलवार को विधिवत पूजा पाठ कर मित्तल परिवार द्वारा यह वाटर कूलर शुरू करवाया गया। गौर रहे कि मितल परिवार शुरू से ही व्यापार के साथ साथ समाज सेवा में भी हर समय आगे रहता है। लाला सुशिल मित्तल को आज भी लोग समाजसेवी के तौर पर याद करते हैं। उनके स्वर्गवास के पश्चात उनके पुत्र उनके दिए संस्कारो को आगे बढ़ा रहे है। अमित मित्तल व सुमित मित्तल हर वर्ष जँहा अपने पिता की पुण्यतिथि पर कोई न कोई सामाजिक कार्य करते हैं तो वहीँ पूरे वर्ष सामाजिक गतिविधियों में अपना योगदान देते रहते हैं। जयनगर से अमरनाथ कौशल, प्रेम भारद्वाज, आशीष कौशल, नरेश वर्मा, लायक राम महाजन, राम लाल, नरेश ठाकुर व मस्तराम जगोता आदि ने मित्तल परिवार का इस पुनीत कार्य के लिए धन्यवाद किया।
तीनों सेनाओं (आर्मी, नेवी व एयरफोर्स) के वेटरन तथा सभी ऑफिसर, जेसीओ एवम अन्य पदों, की जानकारी हेतु। मेरे प्यारे, वेटरन इंडिया जिला शिमला, जिला सोलन, सर्विसमेन वेलफेयर एसोसिएशन, पी बी ओ ऑर रजिस्टर्ड, शिमला(हि प्र) तथा हमारी यूनिट के ग्रुप, ई एस एम् 14 जेक राइफल्स, तथा हमारे साथ जुड़े हुए सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, आश्रितों सभी फ़ौजी भाइयों के परिवार के प्रियजनों, मैं वेटरन, सूबेदार मेजर ऑनरेरी कप्तान शाम लाल शर्मा इन सभी ग्रुप्स के, प्रेजीडेंट और एडमिन होने के नाते, कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां एक पूर्व सैनिक की अंतिम यात्रा के ऊपर भेज रहा हूं। ( Assured Decent Last Rights Scheme) ADLRS का ब्यौरा नीचे दिया गया है। शायद, कभी न कभी, किसी के काम आए तो मेरा भेजने का मतलब सार्थक हो जाएगा। उपरोक्त विषय में आपको जानकारी दी जाएगी की पेंशनर की मृत्यु के उपरांत स्टेप वाइज स्टेप क्या क्या कार्यवाही करनी चाहिए। (ACTION TO BE TAKEN ON DEMISE OF PENSIONER) यह इंफॉर्मेशन एक्शन ऑफ इएसएम किसी डिफेंस के वेटरन की मृत्यु के उपरांत उनके परजनों द्वारा करना होता है। हालांकि यह भेजा हुए सभी फार्म सिर्फ ऑफिसर्स के बारे में ही दर्शाते है, लेकिन अगर हम अच्छी तरह से क्लेरिकल व्यूज के नजरिए से देखेंगे और पढ़ेंगे तो जेसीओं व अन्य पदों के लिए उनके परिजनों पर भी उतना ही लागू होता है सिर्फ़ इसमें थोड़ा सा बदलाव होगा। एक तो आर्मी बेनेवोलेंट फंड सिर्फ ऑफिसर्स के लिए होता है और दूसरा ऑफिसर्स की मृत्यु होने पर इंफॉर्मेशन MP 5 B ,आर्मी हेडकवर्ट्र ए जी ब्रांच को जाता है जबकि उसकी जगह JCO, OR के लिए रेजिमेंटल रेकॉर्ड्स ऑफिस को भेजना चाहिए। इसलिए, इन कागज़ों की फोटोकॉपी करवाना आवश्यक है। सभी प्रकार के आईडेंटिटी कार्ड्स व अन्य फोटो कार्ड्स, लेन्न देन का हिसाब, ए फ डी ए जी आई इंसुरांस, व अन्य इंसुरांस कम्पनियों के सर्टिफिकेट, मकान, जमीन, संबंधी ब्यौरा रखते रहना चाहिए कयोंकि, पता नहीं इस कोरोना के भयंकर युग में कब क्या हो जाएगा, यह भी किसी को मालूम नहीं होता। इसके साथ ही मेरा प्रेसिडेंट वेटरन इंडिया हिमाचल प्रदेश से भी निवेदन है, की इसी फॉर्म का थोड़ा संशोधन करके फार्म दोबारा जे सी ओज और अन्य रांकस को भी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मोबाइल द्वारा सभी ग्रुप्सों में भेजें। ईश्वर के पास उसका ब्यौरा बिना किसी लिखा पड़ी के बना हुआ है, आत्मा अमर है । भाइयों, यह कड़वा सच है कि जो भी इस दुनिया में आया है, उसे एक दिन वापिस भी जाना पड़ता है। स्वर्ग में सुख तो बहुत है, पर वहां मृत्यु नहीं होती। असलियत में तो केवल हमारी उम्र सिर्फ सात ही दिन की होती है। इन्हीं सात दिनों में, हम पैदा भी हुए है, बड़े भी हुए है, शादी भी हुई है, नौकरी तथा रिटायरमेंट भी हो जाती है और तब वापिस जाने की भी तयारी करनी पड़ेगी। यह भी सत्य ही है कि जो कुछ भी हमने यहां पर इक्तरित किया है, यही पर रह जाएगा, इतना ही नहीं, यह शरीर भी साथ नहीं जाएगा। हां, साथ जाएगा तो हमारा पुर्शार्थ, धर्म, कर्म, दान पुन्न (सूक्ष्म रूप में जिसका चिप हमारी आत्मा के साथ साथ चलेगा) ईश्वर के पास उसका ब्यौरा बिना किसी लिखा पड़ी के बना हुआ है, जो अंतर आत्मा हमको बार बार सचेत करती भी रहती है। आत्मा अमर है शरीर नाशवान है। इसके साथ ही अंतिम यात्रा पर अपने नजदीक आर्मी यूनिट, स्टेशन हेड़कवर्ट्र व सी एस डी ऑफिसर इंचार्ज को इनफॉर्म करे ताकि समय अनुसार वह भी किसी भेज कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करके और परिवार जनों को ईश्वर से शक्ति देने की कामनाएं करे। ADLRS ( Assured Decent Last Rights Scheme) के तहाद मृत्यु होने पर सी ए एस डी केंटीन द्वारा 10,000/ और जिला सैनिक बोर्ड द्वारा 7,000/= की एक मुसत अनुदान राशि दी जाती है। इसके इलावा हम सभी फाउंडर एवम नेशल प्रेसिडेंट वेटरन बी के मिश्रा, स्टेट प्रेसिडेंट हिमाचल प्रदेश की तथा हमारे वेटरन इंडिया शिमला ग्रुप की ओर से सभी स्टेशन कमांडर्स, जिला सैनिक बोर्ड से आवेदन करता हूं कि ई एस एम् सेल के नाम के साथ में जोड़ कर पूर्व सैनिक डिफेंस वेटरन सेल भी रखा जाए। इसमें ई सी एस सैल और सी एस डी केंटीन भी रिकॉर्ड बनाने में कुछ सहायता कर सकती है। हमारा शिमला सी एस डी व ई सी एस का कार्य भी अति शोभनीय चल रहा है, हमारी वेटरन इंडिया की टीम समय समय पर लोगो से जानकारियां प्राप्त करके दोनो ऑफिसर इंचार्ज को अवगत कराती रहती है। Sir, here, we all must learn a LESSON that, all DOCUMENTS relevant to service/retired/pension including ALL BANK PASS BOOKS starting from the initial pension to date, be kept properly since Govt Announced some times arrears on various issues from backdated, but one should be aware of facts, as arrears to our co veteran stating that they have no data available as per our knowledge, especially in the RURAL AREAS. It is also to note, after the death of a pensioner, family pension starts. After the family pensioner's death, the new nominee (not common) on certain cases, like widow daughter disabled son/daughter, etc can request for family pension (condition apply). For these pensioners documents like Discharge book, pension Book, Pension Book, PPO/Corr PPOs, bank passbooks, account details, etc. Please take care. जय हिन्द, जय भारतीय सेना। Regards, Capt Sham Lal Sharma President Veteran India Distt (SHIMLA) (HP)& Admin/member a/m gps
सदर मंडल भाजपा ने मंडलाध्यक्ष हंसराज ठाकुर की अगुवाई में डी.सी. के माध्यम से मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को एक ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में सदर मंडल अध्यक्ष हंस राज ठाकुर ने कहा है कि गत दिनों मंडी जिला के पधर में बिलासपुर के युवक अंशुल ने कथित तौर पर आत्म हत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पहले अंशुल ने अपनी फेसबुक लाईव पर अपनी इस आत्महत्या के लिए बिलासपुर के कुछ लोगों के नाम लिए थे। ज्ञापन में कहा गया है कि फेसबुक लाईव के आधार पर पधर पुलिस ने बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक सहित 4 अन्य लोगों के विरूद्ध आत्म हत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ज्ञापन में कहा गया है कि मृतक अंशुल ने फेसबुक लाईव पर पूर्व विधायक सहित अन्य पर कथित तौर पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि मामले से जुड़े साक्ष्यों से कोई छेड़छाड़ न हो सके तथा मामले की निष्पक्ष जांच हो सके। इस अवसर पर जिला महामंत्री आशीष ढिल्लों, पवन ठाकुर व विनोद ठाकुर सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष पीयूष चंदेल ने कहा कि मंगलवार को बिलासपुर डीसी ऑफिस में कुछ लोगों द्वारा करणी सेना के खिलाफ नारेबाजी की गई जोकि आश्चर्यजनक था। हाल ही में 24 जून को करणी सेना जिला बिलासपुर के उपाध्यक्ष अंशुल शर्मा ने आत्महत्या कर ली थी और उसी के बाद एक वीडियो वायरल हुई थी जिसमें अंशुल ने कुछ लोगों के नाम बताए थे जिनके कारण वह आत्महत्या करने पर मजबूर हुआ। पिछले कल ही करणी सेना ने मुख्य न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल और डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस हिमाचल को पत्र लिखा था जिसमें इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की। पीयूष चंदेल ने कहा कि जब तक अंशुल शर्मा को न्याय नहीं मिलेगा तब तक करणी सेना इसी तरह बेबाकी के साथ अपनी बात उठाएगी और अंतिम क्षण तक अंशुल शर्मा को न्याय दिलाने में आवाज बुलंद करेगी। पीयूष चंदेल ने कहा यह क्षण अंशुल शर्मा के परिवार के साथ खड़े रहने का है और उन्हें न्याय दिलाने का है लेकिन कुछ राजनीतिक लोग दबाव बनाने के लिए जानबूझकर डीसी का घेराव कर इस केस को वापस लेने का दबाव डाल रहे है और सत्य पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन द्वारा लोगों को कोविड-19 के दृष्टिगत डिजिटल माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने का शुभारंभ प्रथम जुलाई, 2020 को जिला कारागार सोलन से किया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक एवं सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने दी। गुरमीत कौर ने कहा कि प्रथम जुलाई, 2020 को जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा वीडियो काॅल के माध्यम से जिला कारागार सोलन के कैदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह वीडियो काॅल कारागार अधीक्षक के मोबाइल पर की जाएगी। इस वीडियो काॅल के माध्यम से कैदी जहां अपने अधिकारों के प्रति पूर्ण जानकारी प्राप्त कर पाएंगे वहीं वे इससे लाभान्वित भी हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा वर्तमान समय में लोगों को दूरभाष के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किए गए हैं। गुरमीत कौर ने कहा कि लोग निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन तथा उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति कण्डाघाट, सोलन, कसौली, अर्की तथा नालागढ़ में हेल्पलाइन नम्बर पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक किसी भी कार्यदिवस पर सम्पर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन हेल्पलाइन नंबरों का लाभ उठाने के लिए सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण सोलन से दूरभाष नंबर 01792-220713 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति सोलन के अध्यक्ष से हेल्पलाईन नंबर 01792-220553, उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति अर्की के अध्यक्ष से हेल्पलाईन नंबर 01796-220619, उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति कंडाघाट के अध्यक्ष से हेल्पलाइन नंबर 01792-256256 पर, उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति नालागढ़ के अध्यक्ष से हेल्पलाईन नंबर 01795-221197 तथा उपमंडलीय विधिक सेवाएं समिति कसौली के अध्यक्ष से हेल्पलाइन नंबर 01792-273711 पर सम्पर्क किया जा सकता है। गुरमीत कौर ने कहा कि इन हेल्पलाइन नम्बरों पर समस्या की जानकारी मिलने के उपरांत विधिक सेवाएं प्राधिकरण की टीम शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान करने का प्रयास करेगी।
अतिरक्त उपायुक्त सोलन विवेक चंदेल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय में महिला एवं बाल विकास विभाग विशेष रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुरूप सराहनीय कार्य किया है। विवेक चंदेल मंगलवार को एकीकृत बाल विकास योजना, पोषाहार तथा किशोरी योजना, महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लिए गठित ज़िला स्तरीय अनुश्रवण एवं समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। विवेक चंदेल ने कहा कि एक्टिव केस फाइडिंग अभियान, निगाह कार्यक्रम सहित लोगों को कोरोना संक्रमण के विषय में जागरूक बनाने तथा व्यापक स्तर पर घर पर मास्क तैयार करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने अनुकरणीय भूमिका निभाई है। जिला सोलन में अब तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगभग 01 लाख 05 हजार मास्क बनाए गए हैं। जिला की 60 ग्राम पंचायतों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल की अगुवाई में 20 हजार से अधिक मास्क वितरित किए गए हैं। लोगों को मास्क पहनने का सही तरीका भी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य लक्षित समूहों को विभिन्न लाभ प्रदान करना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने ज़िला कार्यक्रम अधिकारी तथा सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के लाभार्थियों का चयन निर्धारित मापदण्डों के अनुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य पूरा किया शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में जिला के सभी समेकित बाल विकास अधिकारी अपने-अपने आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें ताकि इन केंद्रों में पढ़ रहे बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। विवेक चंदेल ने सभी से आग्रह किया कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई असहाय दिव्यांग दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें ताकि इस दिव्यांग व्यक्ति को समयबद्ध सहायता प्रदान की जा सके। बैठक में अवगत करवाया गया कि सशक्त महिला योजना के अंतर्गत जिला में 219 सशक्त महिला केन्द्र बनाए गए हैं। इन केन्द्रों में साथ 02 हजार महिलाएं सदस्य के रूप में जुड़ी हैं। जिला में योजना के अंतर्गत 10 उत्कृष्ट बालिकाओं को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। बैठक में अवगत करवाया गया कि विभिन्न कारणों से प्रताड़ित महिलाओं की सहायता के लिए स्थापित वन स्टाॅप सेंटर में वर्ष 2019-20 में 68 मामले दर्ज कर प्रभावित महिलाओं को समुचित सहायता प्रदान की गई। जिला में लाॅकडाउन अवधि के दौरान घरेलू हिंसा के 39 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। ज़िला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चैहान ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया तथा विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। बैठक में भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी रितिका, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी एनके शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक सोलन योगेश दत्त जोशी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एनके गुप्ता सहित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा है कि राज्य सरकार ने देश के अन्य हिस्सों से हिमाचल प्रदेश में आने वाले लोगों के प्रवेश को विनियमित करने का मामला केंद्र सरकार से उठाया है, ताकि कोविड-19 महामारी को फैलने से रोका जा सके। मुख्यमंत्री आज यहां राज्य के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थागत क्वांरटीन और होम क्वांरटीन के तंत्र को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आने वाले लोगों के प्रवेश को विनियमित करेगी, ताकि कोविड-19 मामलों को फैलने की किसी भी संभावना को रोका जा सके तथा लोगों का सुव्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य में रात्रि 9 बजे से सुबह के 5 बजे तक कफ्र्यू लागू रहेगा। जय राम ठाकुर ने उपायुक्तों को उनके जिले में पूरी हो चुकी विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की सूची बनाने के निर्देश दिए ताकि इनका ऑनलाइन शुभारंभ किया जा सके। उन्होंने उपायुक्तों को शिलान्यास के लिए तैयार परियोजनाओं की भी सूची सौंपने के निर्देश दिए, ताकि इन परियोजनाओं के शिलान्यास ऑनलाइन किए जा सकें और लोग इनसे लाभान्वित हो सकंे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब सीजन के दृष्टिगत उपायुक्तों को श्रमिकों का उचित प्रबन्ध और उत्पाद को मंडियों तक पहुंचाने के लिए सुचारू परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उपायुक्तों को मानसून सीजन में माल के नुकसान को कम से कम करने के लिए समुचित एहतियाती उपाय करने चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण उनके लिए जिला मुख्यालयों में जाकर लाभार्थियों से बातचीत करना संभव नहीं है, इसलिए उपायुक्तों को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करनी चाहिए। मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि राज्य में स्थिति नियंत्रण में है तथा सरकार प्रभावी ढंग से स्थिति से निपट रही है। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आर.डी. धीमान, प्रधान सचिव ओंकार चन्द शर्मा, प्रधान सचिव कानून यशवंत सिंह, सचिव रजनीश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
गत दिनों मंडी जिला के पधर में फेसबुक वीडियो के आधार पर बिलासपुर सदर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के विरुद्ध मंडी पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफ आई आर के विरोध में मंगलवार को चिलचिल्लाती धूप अथवा झुलसा देने वाली भीषण गर्मी में सदर विधान सभा क्षेत्र के कोने-कोने से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं ने भारी संख्या में एकत्रित होकर नगर के परिधि गृह से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक जोरदार नारों के बीच रैली व प्रदर्शन का आयोजन किया, हालांकि इस रैली में बंबर ठाकुर स्वयं उपस्थित नहीं थे। रैली को संबोधित करते हुए विभिन्न कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किन्ही शरारती व गलत तत्वों द्वारा कथित किसी षड्यंत्र के अधीन पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को राजनैतिक शत्रुता के चलते उन्हें समाज, रिश्तेदारों व निकट जनों में बदनाम करने और उनके राजनैतिक जीवन को तबाह करने के लिए गहरा षड्यंत्र रचा गया है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच के आदेश देकर दोषियों को पकड़े जाने और बंबर ठाकुर के विरुद्ध मनघडंत और तथ्यविहीन दर्ज की गई कथित झूठी एफ आई आर को रद्द करने की मांग की गई है। बाद में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के एक बड़े शिष्ट मण्डल ने साढ़े पाँच पेज का हस्ताक्षरित विस्तृत ज्ञापन उपायुक्त राजेश्वर गोयल को सौंप कर मांग की गई कि सरकार को इसे भेज कर बंबर ठाकुर के विरुद्ध दर्ज की गई एफ आई आर को तुरंत रद्द किया जाए और सारे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश देकर अंशुल शर्मा को आत्म हत्या करने को विवश करने वाले वास्तविक दोषियों को पकड़ा जाए। उन्होने संदेश व्यक्त किया कि जिन लोगों ने वीडियो बनाई अथवा अप- लोड की उनके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया हो, इसकी जांच अवश्य की जानी चाहिए। उन्होने कहा कि बंबर ठाकुर का इस सारे मामले से कुछ भी लेना देना नहीं है, जिसकी पुष्टि अंशुल के पिता चमन शर्मा ने स्वयं पत्रकारों के समक्ष की है। उन्होने चेतावनी दी कि यदि एफ आई आर को तुरंत रद्द नहीं किया गया तो ज़ोरदार अनिश्चितकालीन आंदोलन आरंभ करने पर विवश होंगे जिसका सारा उत्तरदाईत्व हिमाचल सरकार और पुलिस प्रशासन पर होगा। इस अवसर पर पवन कुमार, तृप्ता ठाकुर, जोगिंदर, मस्तराम वर्मा, ऊमा देवी, कृष्णा देवी, अतुला कुमारी, शीलादेवी, रजनी, उर्मिला देवी, प्रीति भाटिया, रामलाल भाटिया, होशियार सिंह, प्रेमी देवी, फुला देवी, निर्मला देवी, विनोद कुमार, मनोज पिल्लई, विक्रांत कुमार, सुमित कुमार, सुभाष चंद, रणवीर सिंह चंदेल, मस्त राम वर्मा, सुरेन्द्र पाल, चमन चंदेल, तुलसी राम, दिनेश, संजय शर्मा और धर्म सिंह आदि उपस्थित थे।
बेनला ब्रह्मणा के लोग लगातार पानी की समस्या से परेशान हैं। बार बार विभाग और अधिकारियों को दिक्कत से अवगत कराने के बाद भी समस्या जस के तस है। इसी के चलते बेनला गांव का एक प्रतिनिधिमंडल सदर विधायक सुभाष ठाकुर से मिला और पानी की समस्या का प्रभावी ढंग से निदान करने की मांग की। ग्रामीणों ने विधायक को सारी समस्या के बारे में विस्तृत से बताया। इसके साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों को भी मामले पर कड़ा संज्ञान लेने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है की एक तो पानी सप्लाई की कोई टाइमिंग नही है और न ही कोई दिन तय है। कभी आधा घण्टा तो कभी 20 मिनट पानी की सप्लाई आती है जिसमे गांव वाले काफी परेशान है। कई परिवारों में 10 से 15 लोग रहने वाले है। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस पानी से इनका कैसे गुजारा होता होगा। विभाग तो समस्या सुनने के बाद लापरवाह हो जाता है। विधायक सुभाष ठाकुर ने गाँववालों की बात गौर से सुनी है और बहुत जल्द समस्या का समाघान करने की बात कही है। इस मौके पर श्याम लाल, सुखदेव, गरजा राम, कैप्टन चेत राम जोगिंदर शर्मा और भंडारी राम मौजूद रहे।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के लाभ लक्षित वर्गों तक समय पर पहुंचने चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि लक्षित वर्गों को इन योजनाओं की पूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। केसी चमन अनुसूचित जाति, जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 के अंतर्गत स्थापित जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति के अंतर्गत गठित समिति, अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नवीन 15-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा तथा राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अंतर्गत गठित स्थानीय स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के दृष्टिगत विशेष रूप से इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सम्बन्धित विभागों एवं अधिकारियों को डिजिटल माध्यम का उपयोग करना चाहिए। इस दिशा में सभी विभागों को बेहतर तालमेल स्थापित कर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि उपरोक्त विभिन्न कार्यक्रम समाज के लक्षित वर्गों के संतुलित विकास एवं संविधान की अनुपालना के अनुरूप कार्यान्वित किए जा रहे हैं। भारत के संविधान में विभिन्न नियमों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित बनाई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी नियमों का उचित कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाया जाए। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि जिला के सभी विद्यालयों में सूचना पट्ट पर छात्रवृत्ति योजनाओं के सम्बन्ध में संपूर्ण जानकारी अंकित की जाए ताकि पात्र छात्र इनसे लाभान्वित हो सकें। उन्होंने इस सम्बन्ध में शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अल्पसंख्यकों के लिए प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन जिला में विशेष पोषाहार कार्यक्रम के अन्तर्गत मुस्लिम समुदाय के 2061, सिक्ख समुदाय के 1190 तथा इसाई समुदाय के 24 बच्चों को पोषाहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। बैठक में कार्यक्रम के तहत चलाई जा रही अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बैठक में राष्ट्रीय न्यास अधिनियम 1999 के अन्तर्गत गठित समिति द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों के कानूनी संरक्षक के मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में अवगत करवाया गया कि सोलन जिला में वर्तमान में 18 वर्ष से अधिक आयु के 414 व्यक्ति मानसिक रूप से दिव्यांग हैं। इनमें सोलन तहसील में 88, कण्डाघाट तहसील में 31, अर्की तहसील में 125, नालागढ़ तहसील में 115 तथा कसौली तहसील में 55 दिव्यांग हैं। जिला कल्याण अधिकारी अनुराधा तनवर ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। बैठक में भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी रितिका, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी एनके शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक सोलन योगेश दत्त जोशी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एनके गुप्ता, गणपति एजुकेशन सोसायटी कुनिहार के अध्यक्ष रोशन लाल शर्मा, समितियों के गैर सरकारी सदस्य माया राम सहित अन्य सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित थे।
क्षेत्र में गाड़ियों की बैटरी, टायर व तेल चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही है। इन्हीं घटनाओं की रिपोर्ट गांव सेर गलोटिया के पवन ठाकुर ने दाड़लाघाट थाना प्रभारी को की है। शिकायत पत्र में कहा कि पिछली रात को इन्होंने अपनी कार अपनी निजी जमीन में खड़ी कर रखी थी, परंतु जब सुबह यहां अपने निजी कार्य से कहीं को जा रहा था तो पाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बलपूर्वक उसकी कार का दरवजा खोला है व उसमें से उसकी बैटरी, स्टैपनी व तेल पाइप काटकर तेल चोरी कर लिया है। उन्होंने थाना प्रभारी से निवेदन किया कि उपरोक्त विषय की प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करें वह उचित कानूनी कार्यवाही करें। इनके साथ और लोगों की गाड़ियां से भी बैटरी, स्टेपनी, तेल पाइप को काटकर तेल सहित बैटरी व स्टैपनी चुरा ली गई है। भूपेंद्र कुमार, चमन, भगत राम, पवन कुमार, रवि कुमार ने बताया कि एक दो दिन पहले हमारी गाड़ियों को खोलकर उसमें लगा सामान भी चुरा लिया है और पुलिस प्रशासन को इसकी शिकायत की है। पुलिस प्रशासन दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही करे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य, पूर्व मंत्री व विधायक श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र राम लाल ठाकुर ने केंद्र सरकार व भाजपा के बड़े नेताओं को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष के खिलाफ बयानबाजी करते है वह कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से कहा की इस तरह से की निराधार बयानबाजी करने से पहले जरा सोच लिया करें क्योंकि आपकी शिक्षा का स्तर ऊंचा है तो देवी देवताओं से किसी मनुष्य का आकलन करना आपको शोभा नहीं देता है। राम लाल ठाकुर ने यह भी कहा कि जिस तरह से भाजपा का सोशल मीडिया सेल महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी व राहुल गांधी की इमेज को सोशल मीडिया पर फोटोशॉप करके व्यक्त करता है वह बहुत चिंता का विषय है। यह कौन सी भाषा आज भाजपा बोल रही किस तरह से देश के राष्ट्रीय नेताओं की इमेज को व्यक्त किया जा रहा है बहुत ही चिंतन का विषय हो चुका है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को इन बातों पर संज्ञान लेना चाहिए कि भाजपा का आई टी सेल किस तरह की अभद्रता पूर्ण राजनीति करने पर आ चुका है। राम लाल ठाकुर ने कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को यह देखना चाहिए कि किस तरह से राष्ट्रीय नेताओं के बयानों की खिल्ली उड़ाई जाती है और उससे जो भाषा अंकुरित हो रही है, वह देश के लिए तो घातक है पर देश में चरित्र हनन की राजनीति को भी बढ़वा दे रही है। राम लाल ठाकुर ने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री व गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल का योगदान देश और कांग्रेस पार्टी कभी भूल नहीं सकती। सरदार वल्लभ भाई पटेल का देहावसान वर्ष 1950 में हुआ था लेकिन तब से लेकर आज तक सरदार वल्लभ भाई पटेल और देश के आर्किटेक्ट कहे जाने वाले प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के रिश्तों को जिस तरह से देश की विभाजनकारी ताकतों ने प्रस्तुत किया है वह निंदनीय है। जब से सोशल मीडिया का युग आया है तो इतनी भद्दी भद्दी टिप्पणीयां इनके रिश्तों को लेकर आई है इससे तो नुकसान देश का तो हुआ ही है लेकिन आने वाली पीढ़ियों को भी भारी वैचारिक नुकसान हो सकता है।
विधायक सुभाष ठाकुर ने मंगलवार को बिलासपुर के लुहणू मैदान में स्थित खेल परिसर का निरीक्षण किया तथा वहां किए जा रहे विकास कार्यों बारे अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सुभाष ठाकुर ने बताया कि लुहणू खेल परिसर को एक सुंदर तथा आकर्षक खेल गांव के रूप में विकसित करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे है ताकि युवा खेलों के प्रति आकर्षित होकर इनमें भाग ले। लुहणू मैदान के साथ लगती गोविंद सागर झील में वाॅटर स्पोर्टस एवं एडवान्स स्पोर्टस की बेहतर सम्भावनाएं है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां वाॅटर स्पोर्टस व एडवेंचर स्पोर्टस को विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। लुहणू खेल परिसर में सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक बनाया गया है, इसके अलावा यहां हाॅकी, हैण्डबाल, कबड्डी तथा क्रिकेट आदि के लिए भी मैदान विकसित किए गए है। खेल परिसर बिलासपुर में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि खेल मैदान में दर्शकों के प्रवेश करने तथा बाहर जाने के लिए स्थान को और अधिक कारगर बनाया जा रहा है ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि खेल परिसर के साथ ही एक हैलीपैड का निर्माण भी किया जा रहा है जिनके लिए लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये की राशि जमा कर दी गई है। शीघ्र ही हैलीपैड का निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा तथा इसे शीघ्र अति शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर उपमण्डल अधिकारी (ना.) रामेश्वर दास, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण वी.एन.पराशर, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अरविन्द वर्मा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद उर्वशी वालिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आर्टऑफ लिविंग का उत्कर्ष योग (आर्ट एक्सेल) कोर्स ज़ूम एप पर राज्य स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। बिलासपुर से भी तीन बच्चों ने इसमें भाग लिया। आनन्द और मस्ती से भरपूर इस कोर्स से 8 वर्ष से 13 वर्ष तक की आयु के बच्चे लाभान्वित हुए। मनोरंजन के साथ-साथ अनेक जीवन उपयोगी बातें भी सीखीं। कोर्स प्रशिक्षक श्रद्धा (रुक्मणी) दीदी ने बच्चों को सूर्य नमस्कार, सुदर्शन क्रिया, योग एवं ध्यान के माध्यम से एकाग्रता का अभ्यास, मोबाइल का कम से कम प्रयोग करने, मेडिटेशन एवं प्राणायाम आदि क्रियाओं द्वारा स्वस्थ जीवन शैली सिखाई गई। ब्रेन पावर को बढ़ाने के लिए भी अनेक उपयोगी टिप्स दिए गए। बिलासपुर के तीन बच्चों ध्रुव, पुष्टि और देवन सोनी ने भी इस शिविर में भाग लिया। इन बच्चों ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से श्री श्री संस्कार केंद्र बिलासपुर से जुड़े हुए हैं जहां पर उनके साथ और बच्चे भी भौतिक रूप में इससे पहले भी आर्ट एक्सेल का कोर्स कर चुके हैं। बच्चों ने बताया कि बिलासपुर में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों रचना मेहता, मीरा भोगल तथा शिल्पा मेहता आए भी उन्हें बहुत सीखने को मिला है। बच्चों के अभिभावकों ने भी इस कोर्स की भरपूर सराहना की। क्या है उत्कर्ष योग कार्यक्रम उत्कर्ष योग कार्यक्रम द्वारा बच्चे में स्वयं उस के लिए और दूसरों के लिए सम्मान की भावना जागृत करना सिखाया जाता है। इस कार्यक्रम में सिखाई जाने वाली श्वास की सरल तकनीकें बच्चे को उसकी नकारात्मक भावनाओं जैसे भय, घबराहट, व्यग्रता, कुंठा, ईर्ष्या आदि को पराजित करने का सरल साधन बन सकती हैं। यह कार्यक्रम संपूर्ण रूप से खेल खेल में सिखाने वाला, सहज, मनोरंजक और आनंद से भरा है। इसके सभी अभ्यास और प्रक्रियाएं प्रतिभागियों की उम्र को ध्यान में रख कर विशेष रूप से रूपांकित की गयी हैं। इस कार्यक्रम में बच्चे दैनिक जीवन के ऐसे नियम सीखते हैं; जो उनमें मित्रवत व्यवहार, क्षमाशीलता और परस्पर सम्मान की भावना को उभारते हैं। उत्कर्ष योग कार्यक्रम बच्चों को अध्यात्म से परिचित कराने का, मानवीय मूल्यों की शिक्षा पाने का, स्व-अनुशासन का और उनके व्यक्तित्व के स्वस्थ व बहुमुखी विकास का सर्वोत्तम मार्ग है।
राष्ट्रीय स्टार कबड्डी खिलाड़ी रवि शर्मा ने मंगलवार को कुनिहार की प्रियंका शर्मा संग सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंध गए। नालागढ़ उपमंडल के गावं दभोटा से कुनिहार पहुंची बारात में कोविड-19 में कोरोना संक्रमण के चलते सरकार के दिशा निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया गया व बारात बिना बेंड बाजे के परिवार के सीमित सदस्यों के साथ सादगी के साथ कन्या पक्ष के घर पहुंची। दूल्हे रवि ने कबड्डी स्पर्धा में राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर नालागढ़ उपमंडल व दभोटा का नाम रोशन किया है। शर्मीले स्वभाव के रवि ने अपने कैरियर में कई बार बेस्ट डिफेंडर खिलाड़ी का खिताब जीता है व आज कल भारतीय सेना में अपने वतन के लिए सेवाएं दे रहे है। बारात में पहुंचे उप प्रधान मधाला पंचायत व रवि के रिश्तेदार भाग चन्द शर्मा ने बातचीत में बताया कि स्टार कबड्डी खिलाड़ी रवि शर्मा की शादी में प्रशासन के दिशा निर्देशों के चलते करीब 15 लोग बारात में आए है। कोरोना संक्रमण के चलते जंहा सरकार के सभी कायदे नियमो का पालन किया जा रहा है। वन्ही हिन्दू संस्कृति व रीति रिवाजों का पालन करते हुए इस शादी का आनंद लिया जा रहा है। बिना किसी शोर शराबे के सादगी भरी इस शादी में सभी वैदिक मंत्रों को भी पूरी लग्न के साथ सुनने को मिले। डीजे व आधुनिकता में खो रही हमारी संस्कृति को भी इस कोरोना संकट में नया जीवन मिला है व हमारी भावी पीढ़ी को भी अपनी सनातन संस्कृति को जानने का अवसर मिला है।
पूर्व सीपीएस नीरज भारती को कोर्ट ने 14 दिन तक पुलिस न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मंगलवार को पूर्व सीपीएस नीरज भारती को कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नीरज भारती के वकील ने बेल के लिए सीबीआई कोर्ट में अर्जी दी है, जिसका फैसला दो बजे आना है। बता दे कि सीआईडी ने 26 जून को नीरज भारती को गिरफ्तार किया था। पूर्व सीपीएस नीरज भारती के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया था। वकील नरेंद्र गुलेरिया की शिकायत पर 20 जून को सीआईडी थाना में नीरज भारती के खिलाफ आईपीसी की धारा 124 ए के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
शिमला जिला के कोटखाई में सोमवार की देर रात एक दुखद हादसा पेश आया है। कार दुर्घटना में एक माँ और बेटे की मौत हो गई है, जबकि कार की चपेट में आकर एक राहगीर भी घायल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है व दोनों शवों को कोटखाई अस्पताल भेज दिया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सपुर्द किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक छा गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम कार में सवार एक महिला अपने बेटे के साथ जा रही थी। कोकूनाला के समीप पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो कर गई और एक पुल से गुजर रहे एक नेपाली मूल के राहगीर को चपेट में लेते हुए गहरी खाई में जा गिरी। लोगों ने जब किसी वाहन के खाई में गिरने की आवाजें सुनी तो तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। लेकिन बताया जा रहा है कि घायल मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इस घटना में घायल हुए नेपाली मूल के व्यक्ति को उपचार के लिए कोटखाई अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सड़क हादसे में मृत हुए माँ और बेटे की पहचान शीला (45) पत्नी स्व. प्रकाश चंद और अभिषेक (23) पुत्र स्व. प्रकाश चंद, गांव टिपरा, तहसील ठियोग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शीला कोटखाई में लोक निर्माण विभाग में चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत थी। माँ बेटे की मैत की सुचना मिलने के बाद गांव में मातम छा गया है।
कुछ दिन पूर्व बिलासपुर नगर के सुविधा सम्पन्न परिवार से संबन्धित 34 वर्षीय युवक अंशुल द्वारा अचानक मंडी के पधर में अपने आवास पर की गई कथित आत्म हत्या से पूर्व उसके द्वारा जारी की गई वीडियो के आधार पर पधर पुलिस ने बिलासपुर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर के विरुद्ध की गई एफ आई आर के संदर्भ में अंशुल के पिता पंडित चमन शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि अंशुल की मौत साधारण परिस्थितियों में नहीं बल्कि किसी बड़े षड़यंत्र के अधीन हुई प्रतीत होती है, क्यूँ कि उसने कभी भी इस संदर्भ में ऐसी किसी भी बात को उनसे सांझा नहीं किया है। उन्होने कहा कि उस दिन स्कूल में जाकर उसने अपने बच्चों की फीस आदि जमा करवाने के बाद ही वह अपने पैतृक आवास पधर को गए थे। पंडित चमन शर्मा ने कहा कि उसके द्वारा जारी की गई वीडियो में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का नाम लिया गया है लेकिन उनके हमसे बहुत ही अच्छे संबंध हैं और वे अपने परिवार और बच्चों की तरह प्यार करते हैं और उन पर हमें एक प्रतिशत भी किसी भी प्रकार का कोई संदेह नहीं है। पंडित चमन शर्मा ने कहा कि दो अन्य युवकों दीपक और अंशुल पँवार का नाम भी उस विडियो में लिया गया है लेकिन मुझे उन पर भी कोई संदेह नहीं है। पंडित चमन शर्मा ने संदेह व्यक्त किया कि हो सकता है कि सुविधा सम्पन्न परिवार का बेटा होने के कारण उसे किसी ने बदनाम करने के लिए कोई विडियो आदि बनाई हो और उसे उसके बहाने डराया –धमकाया याफिर उसे किसी बहाने से ब्लैक मेल किया जा रहा हो, जिस कारण वह आत्म हत्या करने को विवश हुआ हो। पंडित चमन शर्मा ने रुँधे गले से कहा कि बेटे के चले जाने से मेरा सारा परिवार बहुत बड़े सदमें में है क्यूँ कि अंशुल का चार वर्ष की बेटा और 6 वर्ष की बेटी हर रोज पापा-पापा करके आवाजें लगा कर उसका इंतजार करती है, जो सारे परिवार के दिल को चीर देने वाली होती हैं जबकि 26 वर्षीय पत्नी का सारा जीवन अंधकारमय हो गया है जो सभी के लिए पीड़ा का विषय है। उन्होने कहा कि उन्हें जोगिंदर नगर पुलिस का फोन आया था कि वे उनका बेटे की मौत के संदर्भ में व्यान दर्ज करेंगे, किन्तु अभी तक आए नहीं हैं।
बिलासपुर इनरव्हील क्लब को बेस्ट प्रोजेक्ट का खिताब दिया गया है। यह जानकारी देते हुए इनरव्हील क्लब बिलासपुर की अध्यक्ष शालिनी शर्मा ने बताया कि यह अवार्ड अमृतसर में आयोजित इनरव्हील क्लब डिस्ट्रिक्ट 307 सेशन 2019 20 के सम्मान समारोह में आयोजित की गई अवार्ड सेरेमनी के तहत घोषित किया गया जिसमें अमृतसर तथा आसपास के क्षेत्रों से क्लबों के 40 सदस्य उपस्थित रहे। अमृतसर बटाला, फगवाड़ा जालंधर और पठानकोट क्लबों से पदाधिकारी इसमे शामिल हुए। इसके अलावा इस सेरेमन के साथ जूम पर अन्य सभी क्लब जुड़े रहे। उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट 307 की सत्र 2019-20 की अध्यक्ष डॉ अनीता भल्ला ने इस सत्र के दौरान विभिन्न क्लबों को बेस्ट प्रोजेक्ट देकर सम्मानित किया। इस सेरेमनी में जो क्लब उपस्थित नहीं हुए उनका सम्मान उन तक पहुंचा दिया जाएगा। इसी समारोह के साथ सत्र 2019- 20 की समाप्ति हुई और 2020- 21 की शुरुआत 1 जुलाई से की जाएगी जिसमें इनरव्हील डिस्ट्रिक्ट 307 की चेयरमैन सोनिका गुप्ता होंगी। उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर के इनरव्हील क्लब ने पनोह गांव को गोद लिया था और वहां पर अन्य सामाजिक कार्यों के अलावा पेयजल बावड़ी का जीर्णोद्धार किया था। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में नौवीं व दसवीं के ऐसे बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जा रही थी जिनके माता-पिता नहीं है या वह अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ है। शर्मा ने बताया कि आठवीं तक की शिक्षा सरकार द्वारा मुफ्त दी जा रही है इसीलिए इनरव्हील क्लब ने बिलासपुर में नौंवी व दसवीं के कुछ ऐसे बच्चों का चयन किया था। उन्होंने बताया कि दसवीं के बाद ऐसे बच्चों को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए भिजवाया जाएगा।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (यूको आरसेटी) द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को बेहतर स्वरोजगार एवं रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। केसी चमन यूको आरसेटी सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि कोविड-19 के कारण वर्तमान में अनेक ऐसे रोजगारपरक कार्यक्रम निलंबित हैं जो युवाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि बैंकों को यह सोचना होगा कि भविष्य में कि प्रकार इन कार्यक्रमों को कार्यान्वित किया जाए जिससे कि अधिक से अधिक युवा कम समय में लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को इस दिशा में व्यापक कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (यूको आरसेटी) को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने चाहिएं, जो युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्रदान कर सकें। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक विक्रम ठाकुर ने इस अवसर पर संस्थान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा प्रथम अप्रैल, 2019 से 31 मार्च 2020 तक 422 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि संस्थान उद्योग की मांग तथा स्वरोजगार के अनुसार ही प्रशिक्षण उपलब्ध करवाता है। विक्रम ठाकुर ने वर्ष 2019-20 में यूको आरसेटी द्वारा कार्यान्वित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सीमा कंसल सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न बैंको के प्रबंधक तथा प्रतिनिधि उपस्थित थे।
किसान संघर्ष समिति ने सीटू के बैनर तले सोमवार को कुठेड जल विद्युत परियोजना द्वारा लामू बनाई जा रही एडिट 2 का काम रोका दिया।किसान समिति को प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला सचिव सुदेश ठाकुर ने कहा कि पिछले काफी समय से लोगों को कंपनी के द्वारा गुमराह किया जा रहा है। पिछले लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि उन्हें भूमि अधिग्रहण कानून के तहत जमीन का 4 गुना मुआवजा दिया जाए। साथ में जो भी फलदार पौधे हैं जैसे सेब, अखरोट व फसलें हैं उनका भी मुआवजा दिया जाए लेकिन कंपनी अभी भी मौन बनी हुई है। लोगों को ठगा जा रहा है 20 लोगों की जमीन भूमि अधिग्रहण के तहत ली गई व 80 परिवारों की विक्रय के तहत ली गई है। जमीन लेने से पहले लोगों को अधिग्रहण के बारे में ना बताया गया ना ही जरुरत समझी गई। किसान संघर्ष समिति ने यह मांग की है कि भूमि अधिग्रहण के तहत उनको चार गुना मुआवजा दिया जाए और साथ ही जो फसलें हैं और फलदार पेड़ पौधे हैं उनका भी मुआवजा दिया जाए अन्यथा किसान संघर्ष समिति तब तक यहां पर कार्य को चलने नहीं देगी जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती है।
उपायुक्त सोलन केसी चमन ने कहा कि सोलन जिला में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग के माध्यम से आर्थिक निर्भरता प्राप्त करने की व्यापक संभावनाएं हैं और इस दिशा में बैंकों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने सोलन जिला में कार्यरत विभिन्न बैंकों को निर्देश दिए कि वे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित करने के लिए पात्रता अनुसार ऋण शीघ्र स्वीकृत करें ताकि युवा उद्यमी समय पर लाभ प्राप्त कर अपना व्यवसाय आरम्भ कर सकें। केसी चमन जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक द्वारा निर्धारित जिला सलाहकार समीति की 159वीं त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। केसी चमन ने कहा कि कोविड-19 के कारण उत्पन्न खतरे के मध्य वर्तमान में युवा शक्ति को सही दिशा प्रदान करना और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के माध्यम से आर्थिकी को सुदृढ़ करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित करने के लिए ऋण आवश्यक है और यदि बैंक समय पर ऋण प्रदान करें तो स्थिति को संभालने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित महत्वकांक्षी आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत भी शीघ्र ऋण उपलब्ध करवाए जाएं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण स्वीकृत करने के लिए सभी बैंक एक समर्पित अधिकारी की तैनाती करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी बैंक विभिन्न योजनाओं के तहत लंबित ऋण मामलों को शीघ्र निपटाएं और स्वीकृति अथवा अस्वीकृति के संबंध में आवेदक को सूचित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आत्म निर्भर भारत अभियान सहित अन्य वित्तीय योजनाओं के सम्बन्ध में युवाओं को जागरूक बनाया जाए। केसी चमन ने कहा कि यह बैठक जिला की आर्थिकी को सुदृढ़ करने एवं पात्र युवाओं तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि त्रैमासिक बैठक से पूर्व खंड स्तर पर इस तरह की बैठकें आयोजित की जाएं और इस बैठक में अद्यतन जानकारी के साथ डाटा प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक के प्रबंधक को निर्देश दिए कि जिला में केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही विभिन्न ऋण योजनाओं की गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण करें। बैठक में अवगत करवाया गया कि आत्म निर्भर पैकेज के अंतर्गत जिला में 968 इकाईयों के लिए 37.05 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से अभी तक जिला में 27.14 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के तहत वर्ष 2019-20 में कुल 84 लाभार्थियों को स्वरोजगार आरंभ करने के लिए ऋण प्रदान किए गए। बैठक में बैंको द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंर्तगत निर्धारित वित्तीय लक्ष्यों व उपलब्धियों की समीक्षा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला में मार्च 2020 तक प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 188618 खाते खोले गए हैं। इन खातों में 5718.73 लाख रुपए जमा हैं। 85.68 प्रतिशत खाता धारकों को रूपे कार्ड जारी कर दिए गए हैं। इस अवधि तक प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 253537 लाभार्थी जुड़े है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 150959 तथा अटल पैंशन योजना से 30305 लाभार्थी जुड़ चुके हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सोलन जिला में मार्च 2020 तक 14075 खाते खोले गए हैं। योजना की शिशु श्रेणी के तहत 4415 व्यक्तियों को लगभग 2125 लाख रुपए, किशोर श्रेणी में 6904 व्यक्तियों को लगभग 17813 लाख रुपये तथा तरूण श्रेणी के तहत 2756 व्यक्तियों को लगभग 19691 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला में मार्च, 2020 तक 34875 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए हैं। भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबन्धक स्वर ग्रोवर ने बैंकों को समय-समय पर जारी होने वाले दिशा-निर्देशों की जानकारी दी तथा इनकी अनुपालना का आग्रह करते हुए सभी बैंक अधिकारियों से खंड स्तरीय बैंकर्ज समिति की प्रत्येक कार्यशाला में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सोलन, हमीरपुर और चम्बा जिला के बैंको को दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण डिजीटिकरण के लिए चिन्हित किया गया है। डीडीएम नाबार्ड अशोक चैहान ने नाबार्ड के अंतर्गत कार्यान्वित किए जा रहे कृषि क्लीनिक केन्द्र तथा कृषि व्यापार केन्द्र के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के डिजिटाईजेशन के लिए कार्यान्वित की जा रही ई-शक्ति परियोजना के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि जिला में किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत दुग्ध एवं मत्स्य उत्पादन में भी ऋण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इससे पूर्व सहायक प्रबंधक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक वीके राजदान ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक चंदेल, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी राजकुमार, जिला कृषि अधिकारी डाॅ. सीमा कंसल सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न बैंको के प्रबंधक तथा प्रतिनिधि उपस्थित थे।
उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड रमेश धवाला ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि जिला में चल रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा करना सुनिश्चित करें। यह बात उन्होंने विभागों के अधिकारियों के साथ बचत भवन में आयोजित विकास कार्यों में तेजी लाने से सम्बन्धित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में तीव्रता लाने के लिए लोगों की हभागिता सुनिश्चित बनाए। उन्होंने कहा कि जब तक जन सहभागिता सुनिश्चित नहीं होगी विकास कार्यों को गति प्रदान नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के चलते देश और प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए लोगों को जागरूकता लाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश में बाहर से आए है उनको रोजगार उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार का प्रमुख उद्देश्य है ताकि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने विकास कार्यों में तीव्रता लाने के लिए लोक निर्माण विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्यव बनाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि लोगों को प्राथमिकता के आधार पर सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाना सुनिश्चित बनाए जिसके लिए वे ऐसे स्थानों को चिन्ह्ति करें जहां पर पानी की कमी है ताकि उन स्थानों पर बोलबेल के माध्यम से भी जलापूर्ति उपलब्ध करवाने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जिला में कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बेहतरीन कार्य किया है जिसकी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने बाहरी राज्यों से जिला में प्रवेश करने वाले लोगों के बाॅर्डर पर ही सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि जिला में अब तक 3 हजार 460 सैंपल लिए जा चुके है। उन्होंने बताया कि जिला में फ्लू क्लिनिंक, संस्थागत संगरोध और समुदाय में से लिए गए सैंपलों में 44 मामले कोविड-19 के पाॅजिटिव आए है जिनमें से 29 स्वस्थ हो चुके है और 15 मामलें अभी तक एक्टिव है। उन्होंने बताया कि अब तक जिला में 9 हजार 4 व्यक्ति दूसरे राज्यों से आए इन सभी को संस्थागत संगरोध और गृह संगरोध किया गया। जिला में कोरोना वायरस के जितने भी पाॅजिटिव मामले आए है उन सभी की ट्रैवल हिस्ट्री बाहर के राज्यों से सम्बन्धित है। उन्होंने बताया कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला के बैरियर/नाकों पर 5 मेडिकल टीमें निरीक्षण के लिए तथा 4 रैपिड टाॅस्क फोर्स टीमें भी जिला में तैनात की गई है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 से निपटने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में पूरी व्यवस्था की गई है जिसमें वैंटीलेटर, पी.पी.कीटें और टैस्टिंग कीटें पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि एचपी कोविड सोलिडिटरी फण्ड में लगभग 4 करोड़ रुपये दिया गया जिसमें 3.75 करोड़ रुपये मंदिर न्यास द्वारा दिए गए। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के दौरान जिला में 21 हजार 243 प्रवासियों को सूखे राशन पैकेट वितरित किए गए और 1 लाख 34 हजार 729 जरूरमंद और प्रवासी मजदूरों को पके हुए भोजन की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि जिला से 4 हजार 968 प्रवासियों को अन्य राज्यों में उनके गांव को भेजा गया। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत 535.55 क्विंटल चावल और 26.82 क्विंटल काला चना वितरित किया गया है। उन्होंने बताया कि केन्द्र तथा राज्य सरकार के फ्लैगशिप कार्यक्रम को लागू करने के लिए जिला में बेहतरीन कार्य किया जा रहा है। जिला में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को मूर्त रूप देने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। जिला में निर्माणाधीन एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज, रेलवे लाईन, फौर लेन और बागछाल पुल का निर्माण कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। उन्होंने जिला पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायतों में चल रहे विकास कार्य जो पूर्ण हो चुके है उनका शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना सुनिश्चित करें तथा जो कार्य अभी शुरू नहीं हुए है उनकी सूचना एकत्रित करके तुंरत उपलब्ध करवाएं। उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कहा कि जो भी निर्देश दिए है उनकी पूर्ण रूप से अनुपालना की जाएगी। इस अवसर पर विधायक सदर सुभाष ठाकुर, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा, एडीएम विनय धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. प्रकाश दरोच, एसडीएम सदर रामेश्वर दास के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत उपाध्यक्ष राज्य योजना बोर्ड रमेश धवाला ने पत्रकार वार्ता भी की।
पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों के कारण मंहगाई आसमान छू रही है। देश की जनता को कोरोना की मार के बाद महंगाई का दंश झेलना पड़ रहा है। पेट्रोल डीजल के बढ़ रहे दामों को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। सोमवार को बिलासपुर में कांग्रेस ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर डीसी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर की अध्यक्ष अंजना धीमान ने कहा कि पिछले इक्कीस दिनों से डीजल व पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसमें डीजल 11 रुपये ओर पेट्रोल की कीमतों में 9 रुपये से अधिक का इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज एक ओर कोरोना महामारी की मार से लोगों का जीना हराम हो रहा है, लाखों लोग बेरोजगार हो गए हैं तो दूसरी ओर लगातार बढ़ रही मंहगाई से आम लोग त्रस्त है। अंजना ने कहा कि सरकार को इन बढ़े हुए दामों को वापिस लेना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉक्टर बीरू राम किशोर पूर्व सीपीएस राजे धर्मानी, पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता संदीप सांख्यान, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष, अमरजीत बंगा, हेमराज ठाकुर, पवन कौशल, गौरव शर्मा व अन्य नेता उपस्थित रहे। इसके बाद उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा गया जिसे राष्ट्रपति को संबोधित किया गया है और उसमें पेट्रोल व डीजल की कीमतों को घटाने की मांग की गई है।
दी मांगल लैंड लूजर एवं प्रभावित परिवहन सहकारी सभा बागा की अर्की घटक में टोकन घोटाला पूरे अर्की ट्रक ऑपरेटरों के लिए मानसिक परेशानी का सबब बन गया है। नित दिन शाम को कमेटी द्वारा आदेश दिए जाते हैं कि सवेरे गलत आदेशों को ऑपरेटरों के दबाव में बदलना पड़ रहा है। काबिले गौर है कि अर्की घटक में दिसंबर 2019 में टोकन घोटाला उजागर हुआ व ट्रक ऑपरेटरों के दबाव में छानबीन की गई व पांच मल्टीएक्सेल के कागजात गलत पाए गए व सभा से बाहर किए गए। अर्की घटक के ट्रक आपरेटरों ने सहकारिता विभाग से निवेदन किया कि अर्की घटक के ट्रक गत्ते की जांच पड़ताल करवाई जाए व सारा रिकॉर्ड सहायक पंजीकर सहकारी सभा में कार्यालय में भिजवाया गया व मई 2020 के बाद जांच पड़ताल कार्य प्रगति पर है। कोविड-19 महामारी के दौरान मई 2020 में दो मल्टी एक्सल चलवाने के आदेश आए व एक बार फिर ऑपरेटरों को अचानक रात को इकट्ठा होना पड़ा व उक्त गाड़ियों को रोका गया व आंतरिक जांच के बाद दोनों गाड़ियां गलत पाई गई। अचानक हुए दोनों गाड़ियों के आदेशों ने ऑपरेटरों को मानसिक परेशानी दी। अभी छह ट्रक ऑपरेटरों ने स्थानीय थाना बागा में भी टोकन घोटाला की शिकायत की है व एक शिकायतकर्ता के छानबीन करवाने के बाद एक मल्टीएक्सेल गलत पाया गया है। कुछ रसूखदार लोग शासन और प्रशासन को गुमराह करके गलत कार्य को अंजाम दे रहे हैं व पूरे अर्की ट्रक ऑपरेटर को मानसिक परेशानी दे रहे हैं। आज भी शालूघाट में अर्की घटक के ट्रक ऑपरेटरों ने बैठक की व शनिवार को हुए गलत आदेश को चेयरमैन सभा से ठीक करवाया। अक्टूबर 2018 से अर्की घटक में दो छह छक्का गाड़ियों को हटाकर एक मल्टी एक्सेल गाड़ी डालने के आदेश हुए थे, लेकिन नामित कमेटी के कुछ सदस्यों के कुप्रबंधन की वजह से कुछ लोगों के गलत दस्तावेज जमा करवाकर, मल्टी एक्सेल गाड़ी की परमिशन तो ली इसी मिलीभगत की वजह से ट्रक ऑपरेटरों को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है व दूसरे राजनीतिक प्रभाव से करवाए जा रहे गलत आदेशों की वजह से मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ रही है। ट्रक आपरेटरों ने चेयरमैन व नामित कमेटी के सदस्य से आग्रह किया है कि चोर बाजारी रोकने के लिए शालूघाट में डिमांड करवाने की मांग की है, जिससे सभा में गलत आदेश लागू नहीं करवाई जा सके। बैठक में भगत राम ठाकुर, पवन शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, मदन, अशोक, अशोक शर्मा, प्रदीप शर्मा, सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। जब इस बारे दी मांगल लैंड लूजर एवं परिवहन सहकारी सभा के सचिव हंसराज चौहान से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों द्वारा शिकायत की गई जिसके फलस्वरूप पंजीयन सहायक अधिकारी सोलन के पास छानबीन की जा रही है। जब इस बारे पंजीयन सहायक अधिकारी सोलन बुद्धि राम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि छानबीन की जा रही है।
देव भूमि हिम कला मंच शिमला जो वक्त वक्त पर क़ई तरह की प्रतियोगिता करवाता रहता है। मंच का उद्देश्य कला से जुड़े लोगों को आगे लाना व उन्हें प्रोत्साहन देना है, पिछले क़ई वर्षों से विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता करवा चुका मंच इस बार लॉक डाउन के चलते उभरते हुए गायकों के लिए एक ऑन लाइन सिंगिंग प्रतियोगिता करवा रहा है जिसमे हिमाचल के सभी जिलों से 12 प्रतिभागी फाइनल में भाग ले रहे है।यह प्रतियोगिता क़ई चरणों मे चलेगी। हर रविवार को शाम 4 बजे यह प्रतियोगिता मंच के पेज से लाइव होती है। प्रतिभागियो व विजेताओं को क़ई तरह के इनाम भी रखे गए है। इस बार सबसे ज्यादा व्यू पाने वाली प्रतिभागी दाड़लाघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत सन्याडी मोड़ के दाड़लामोड़ से नेहा शर्मा है। उन्हें सबसे ज्यादा व्यू मिले है। इस प्रतियोगिता में मंडी से ईशा, बिलासपुर से प्रीति, जोगिन्द्रनगर से इंदु, मंडी से प्रिंस, चौपाल शिमला से राकेश, सोलन से सुरेंदर, सुंदर नगर से अनमोल, काँगड़ा से आर्यान्शी, शिमला से दिव्या पांडे, कंडाघाट से दीपक शांडिल दमदार प्रतिभागी है। यह प्रतियोगिता लगभग 7 सप्ताह तक चलेगी। इस प्रतियोगिता में जज की मुख्य भूमिका में प्रसिद्ध फोक व भजन गायक अश्वनी शर्मा है जो रेडियो उदघोषक किशन कालिया के शागिर्द है व पिछले 30 वर्षों से संगीत सेवा में लगे है। मंच के प्रमुख देवेंद्र कुमार ने बताया कि हमारा मकसद गाओं व कस्बो में छुपी हुई। सभी तरह की प्रतिभायो को आगे लाना है व उन्हें एक मंच प्रदान करना है, अभी तक सैकड़ो, बच्चों को लोगो से रूबरू करवा चुके है। आज वह सभी अपने जीवन की डगर पर आगे चल कर अपना व प्रदेश का नाम रौशन कर रहे है। देवेंद्र कुमार ने ऑनलाइन सिंग स्टार में प्रदेश भर के 12 जिलों से भाग ले रहे प्रतिभागियों को उन्होंने मंच की ओर से शुभकामनाएं दी है।
कारगिल युद्ध के दौरान 29 जून 1999 को अर्की के नाती अमर शहीद कैप्टन विजयंत थापर ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए हंसते हंसते अपने प्राणों का बलिदान दिया था। कैप्टन थापर जिनका सोलन जिला के अर्की मुख्यालय से गहरा रिश्ता रहा। अर्की में उनका ननिहाल था और उनकी शहादत को याद करते हुए उनके परिजनों द्वारा नागरिक अस्पताल अर्की के समीप ही उनके नाम पर कैप्टन विजयंत चौक का निर्माण किया गया जहां उनकी प्रतिमा को स्थापित किया गया। सोमवार को अर्की प्रशासन व उनके परिजनों द्वारा कारगिल युद्घ के हीरो रहे इस वीर सपूत की शहादत को याद किया गया। इस दौरान अर्की प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार रामपाल द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उन्होंने शहीद थापर के बलिदान को याद करते हुए उनकी वीरगाथा का गुणगान किया। इस दौरान उनके साथ आये सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों व अर्की निवासियों ने भी उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उनके मामा केके भारद्वाज ने बताया कि वीर सपूत विजयंत थापर की शहादत को समूचा क्षेत्र नमन करता है और उनके इस बलिदान को पूरा देश हमेशा याद रखेगा।
केन्द्र व प्रदेश सरकार का मूल उद्देश्य कृषि का विकास व किसानों की समृद्धि है। शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जिला शिमला किसान मोर्चा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में कृषक वर्ग विकास और परिवर्तन की क्षमता रखता है। वर्तमान सरकार ग्रामीण जनता की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व सरकार के दूर दृष्टि नेतृत्व के कारण ही प्रत्येक गांव सड़क तक जुड़ने में सक्षम हुआ है, जिसे प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना द्वारा पूर्ण किया गया है, जिससे किसान बागवान का उत्पाद मंडियों तक पहुंच पाया है। किसानों के सम्मान के लिए किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना, पशु धन बीमा योजना तथा अन्य कई योजनाएं केन्द्र सरकार द्वारा आरम्भ की गई है वहीं प्रदेश में किसानों के जीवन को ऊपर उठाने के लिए भी अनेक योजनाएं कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के इस एक वर्ष के कार्यकाल में अनेक उपलब्धियां अर्जित की गई है। कोरोना काल की चुनौतियों को अवसर में परिवर्तित करते हुए हम आज पी.पी.ई. किट निर्यात करने की अवस्था में है। आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ते हुए हमने रक्षा उपकरणों की खरीद के अतिरिक्त देश में उपकरणों के निर्माण की दिशा में भी काम करना प्रारम्भ किया है। उन्होंने कहा कि हम चीनी वस्तुओं का वहिष्कार कर हम अपने देश के कारीगरों की रचनात्मकता का फायदा उठाते हुए प्रधानमंत्री के स्वप्न को पूरा करने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अधिकतर जनता आज भी गांव में बसती है। कोविड काल में विभिन्न राज्यों से अपने प्रदेश वापिस आए लोगों ने गांव में शरण लेकर खेती को अपनाया है। उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों व सदस्यों से सभी को जोड़कर मोर्चा को और अधिक मजबूती प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। कोविड-19 संकटकाल की स्थितियों के तहत बागवानों का सेब मंडियों तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं सदस्य भी सकारात्मक सुझाव एवं परामर्श प्रदान करे ताकि व्यापक रूप से कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में प्रदेश व जिला में नियमित तौर पर अधिकारियों के साथ विभिन्न स्तरों पर बैठकें कर बागवानों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। सेब सीजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू रहें इस संबंध में भी सम्बद्ध विभागों को आदेश व दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बागवानों को समय पर ट्रे व सेब के लिए कार्टन उपलब्ध हो सके इसके लिए आवश्यक पग उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेब न केवल जिला बल्कि राज्य की आर्थिकी के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि सीजन के दौरान बगीचों से लेकर मंडियों तक सेब का प्रबंधन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के आह्वान को दोहराते हुए लाॅकडाउन के दौरान सभी प्रकार की सावधानियों को बरतने की अपील की ताकि कोरोना संक्रमण से बचाव किया जा सके तथा परिवार, समाज और देश को आगे ले जाने के लिए हम प्रयत्नशील रहने में सक्षम हो सके। रैली को किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राकेश शर्मा बबली, खादी बोर्ड के अध्यक्ष पुरूषोतम गुलेरिया, कैलाश फैडरेशन के अध्यक्ष व जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मेहता, प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री संजीव देष्टा, किसान मोर्चा शिमला जिला अध्यक्ष संजीव चैहान (पिंकु), जिला किसान मोर्चा महामंत्री प्रेम चैहान, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं अध्यक्ष महिला आयोग डेजी ठाकुर ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश वन्य प्राणी बोर्ड की 9वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विकास और पारिस्थितिकी संरक्षण में बेहतर तालमेल समय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी राज्य होने के नाते हिमाचल प्रदेश के पारिस्थितिकी संतुलन में वन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और राज्य सरकार वनीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। वर्तमान वर्ष के दौरान 1.20 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के वनों में समृद्ध जैव-विविधता है और लोगों को चारा, ईमारती लकड़ी और चिकित्सीय पौधों की उपलब्धता के अतिरिक्त ये विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों की प्रजातियों को भी आश्रय प्रदान करते हैं। उन्होंने मानवता के कल्याण के लिए पारिस्थितिकी संतुलन की आवश्यकता पर बल दिया। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 15 प्रतिशत हिस्सा संरक्षित क्षेत्र के अधीन आता है। राज्य में पांच राष्ट्रीय पार्क, 25 वन्य जीव अभ्यरण्य और तीन प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्र हैं। राज्य सरकार विभिन्न विलुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण के लिए राज्य में वन्य जीव संरक्षण कानून को सख्ती से लागू कर रही है। उन्होंने प्रदेश में ट्रैगोपेन के कैप्टिव प्रजनन की सफलता पर पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पौंग बांध जलाशय को पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। इस जलाशय में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या मंे प्रवासी पक्षी आते हैं, जिसके कारण यह पक्षी प्रेमियों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा कि सरकार वन्य जीव क्षेत्रों में विभिन्न विकासात्मक गतिविधियां सुनिश्चित कर रही है जिससे पारिस्थितिकी तंत्र तथा वन्य जीवन को कम से कम नुकसान हो। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और वन्य प्राणियों का संरक्षण हमारा नैतिक कर्तव्य है, क्योंकि यह स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जय राम ठाकुर ने कोविड-19 महामारी के दौरान वन विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि थुनाग, पंजुत-लम्बा सफर-चिलमगढ़-शिकारी माता सड़क के उन्नयन के लिए शिकारी देवी वन्य जीव अभ्यरण्य में 2.80 हेक्टेयर वन भूमि के परिवर्तन के मामले को उपयुक्त प्राधिकरण के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सड़क के स्तरोन्नयन से स्थानीय लोगों के अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष शिकारी माता आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दोहरानाला-शिल्लीराजगिरी (चेष्टा) सड़क को कुल्लू जिला के लौट और रोहलांग गांवों तक विस्तार देने के लिए खोखण वन्य जीव अभ्यरण्य से 1.55 हेक्टेयर वन भूमि को परिवर्तित करने के लिए विभाग को निर्देश दिए। वन मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि संरक्षित क्षेत्रों के नेटवर्क में इको-पर्यटन की दृष्टि की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क विश्व धरोहर सूची में शामिल है, जबकि पौंग बांध, रेणुकाजी झील और चन्द्रताल रामसर जैसे गंतव्य राष्ट्रीय तथा अन्तरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव, वन संजय गुप्ता ने कहा कि राज्य वन्य प्राणी बोर्ड द्वारा स्वीकृत विषय राष्ट्रीय वन्य प्राणी बोर्ड की अंतिम स्वीकृति के लिए शीघ्र ही भेजे जाएंगे। प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं मुख्य वन्य जीव वार्डन डाॅ. सविता ने वन्य प्राणियों से सम्बन्धित विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए वन्य प्राणी विंग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बोर्ड सदस्यों के समक्ष पिछली बैठक में उठे मामलों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। उन्होंने बोर्ड के सदस्यों के समक्ष 9वीं बैठक का मसौदा प्रस्तुत किया, जिसमें थुनाग से शिकारी माता तक की सड़क को चैड़ा करना तथा शिकारी देवी वन्य जीव अभ्यरण जंजैहली-राजगढ़ से शिकारी माता सड़क को चैड़ा करना तथा दोहरानाला-शिल्लीगिराज से लौट-रोहलागी सड़क के प्रस्ताव प्रमुख हैं। ये सभी प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्य प्राणी बोर्ड की स्वीकृति के लिए भेजे जाएंगे। बैठक के दौरान श्री रेणुकाजी लघु चिड़ियाघर के मास्टर प्लान पर हुई प्रगति से भी अवगत करवाया गया। बैठक के दौरान दूर-दराज गांव शुग्गा में हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाईन के अतिरिक्त मसौदे पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिसे स्वीकृति के लिए राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड को भेजा जाएगा। बैठक में पौंग बांध वन्य जीव अभ्यरण्य के बारे में सदस्य अर्जुन सिंह और होशियार सिंह द्वारा दिए गए कुछ सुझावों पर भी विचार विमर्श किया गया। प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन डाॅ. सविता द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘वैटलैंड बर्ड्ज आॅफ पौंग डैम’, मुख्य अरण्यपाल प्रदीप ठाकुर और जिला वन अधिकारी डडवाल द्वारा लिखी पुस्तक स्नो लैपर्ड- प्राइड आॅफ हिमाचल प्रदेश, सेवानिवृत्त अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल पी.एल. ठाकुर और नरेश पाल सिंह दौलटा जिला वन अधिकारी द्वारा लिखित लाहौल पांगी पर पत्रिका का भी इस अवसर पर विमोचन किया। विधायक अर्जुन सिंह, सुरेन्द्र शौरी, होशियार सिंह और बलबीर वर्मा, प्रधान सचिव राजस्व ओंकार चंद शर्मा, प्रधान मुख्य अरण्यपाल वन अजय कुमार, बोर्ड के सदस्यगण और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
भाजपा महिला मोर्चा अर्की मण्डल की प्रथम पदाधिकारीयों की बैठक अर्की विश्राम गृह में आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता रीना भारद्वाज ने की तथा प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रतन सिंह पाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। महामंत्री महिला मोर्चा मंडल अर्की भावना गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य गायत्री मंत्र का जाप करना रहा। बैठक में भाजपा मण्डल अर्की के अध्यक्ष डी के उपाध्याय, महामंत्री यश पाल कश्यप, जिला उपाध्यक्ष सावित्री कश्यप, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष कांता भारद्वाज, सरस्वती कश्यप, जिला महामंत्री महिला मोर्चा उर्मिल शर्मा, महामंत्री महिला मोर्चा अर्की भावना गुप्ता, सुनीला शर्मा, पुष्पा शर्मा, वीना शर्मा, बविता, बनिता, आईटी सैल की अनुपमा सहित कई महिलाओं व यूआ मोर्चा के अध्यक्ष महेन्द्र ठाकुर, भूपेन्द्र सागर आदि ने भाग लिया।
स्पेशल ओलंपिक भारत की राज्य स्तरीय इकाई द्वारा इकाई से जुड़ी संस्थाओं के खिलाड़ी बच्चों की वर्चुअल रस्सी कूद स्पर्धा का आयोजन किया गया जिसमें राज्य की विभिन्न संस्थाओं के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी बच्चों ने भाग लिया। गणपति एजुकेशन सोसायटी ने इस प्रतियोगिता में जिला सोलन का प्रतिनिधित्व किया। संस्था के प्रधान डॉ रोशन लाल शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से लगभग 90 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों को उनकी क्षमता अनुसार विभिन्न ग्रुपों में बांटा गया था। प्रतियोगिता में गणपति एजुकेशन सोसायटी के अवनीश कौंडल ने ग्रुप A में खेलते हुए प्रथम व करण वर्मा ने ग्रुप E में खेलते हुए दूसरा स्थान राज्य स्तर पर हासिल किया। रोशन लाल शर्मा ने विजेता बच्चों, उनके माता पिता व प्रशिक्षिका ज्योति, आकांक्षा व तमन्ना को बधाई देते हुए भविष्य में भी प्रतिभागियों को आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दी।
हिमाचल प्रदेश वन्य जीव बोर्ड की बैठक हिमाचल प्रदेश सचिवालय परिसर में हुई जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने की। इस बैठक में बन मंत्री गोविंद ठाकुर, ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर व वभाग के सचिव व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में वन्य प्राणियों के सरंक्षण, जन दुविधाओं तथा विकास कार्यों को साथ साथ चलाए रखने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में पूंजी बांध सहित अन्य सेंचरी एरिया के निवासियों की समस्याओं को सुलझाने बारे भी विस्तृत चर्चा हुई। ज्ञात रहे कि सेंचुरी एरिया में पौंग बांध का हिस्सा बहुत अधिक है और इसमे में भी पौंग बांध का एक बड़ा हिस्सा ज्वाली विधानसभा के अंतर्गत आता है। ज्वाली विधानसभा में समलाना गांव से लेकर वरयाल तक पौंग झील एक विशाल भूखंड में फैली है। इसीके मद्देनजर विधायक अर्जुन ठाकुर ने सेंचुरी एरिया के किनारे बसने बाले लोगो की समस्याओं को बैठक में जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने सुझाव रखा कि पौंग के किनारे खाली भूमि पर लोगो को खेती करने की इजाजत दी जाए। इससे एक तो प्रदेश में भारी मात्रा में खाद्यान उपन्न होगा जबकि लोगों को रोजगार भी मिलेगा और मेहमान परिंदों को भोजन भी प्राप्त होता है। उन्होंने बेटलेंड एरिये व रेंजर टापू को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का भी आग्रह भी किया। विशेषकर नगरोटा सुरियाँ को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए उन्होंने वहां पर अत्याधुनिक वोट डालने का भी सुझाब रखा। विधायक अर्जुन ठाकुर ने बताया उन्हें विश्वास है कि हम वेटलैंड एरिया की सभी समस्याओं का शीघ्र हल करेंगे ।
अर्की उपमंडल की पंचायत धुन्धन में खुले रुद्रा पब्लिक स्कूल प्रबन्धन ने पत्रकार वार्ता का आयोजन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य रुद्रा पब्लिक स्कूल प्रबन्धन व स्टाफ द्वारा स्कूल की कार्यशैली व अन्य उपलब्धियों के बारे में जानकारी देना रहा। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन की ओर संस्थापक राकेश बट्टू, हरीश गौतम व प्रधानाचार्य ईशान भाटिया उपस्तिथ थे। राकेश बट्टू संस्थापक रुद्रा पब्लिक स्कूल ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उनका यह स्कूल खोलने का मुख्य उद्देश्य है कि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो जिसमें अच्छी शिक्षा के साथ सम्पूर्ण शिक्षा देना है जिसमे बच्चों को विशेष तौर पर शारीरिक शिक्षा के साथ संगीत, आत्मरक्षा हेतु जुडो कराते की शिक्षा दी जा रही है साथ ही प्रबन्धन की ओर से बच्चों को स्कूल बैग व ड्रेस मुफ्त में दी जा रही है। साथ ही यदि किसी बच्चे के अभिभावक के साथ कोई दुर्घटना हो जाए और उसके परिवार में कोई आमदनी का जरिया न हो तो स्कूल उस बच्चे को फ्री शिक्षा देने के लिए वचनबद्ध है। इस समय मे दो बच्चे जिनके घर मे कोई भी आमदनी का साधन नही है उन्हें भी प्रबन्धन की ओर से फ्री शिक्षा दी जा रही है। पश्चात प्रधानाचार्य ईशान भाटिया ने कहा कि स्कूल प्रबंधन द्वारा उन्हें प्रधानाचार्य पद पर आरूढ़ होने के पश्चात वह उनकी प्राथमिकता आधुनिक शिक्षा व संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ कल्चर, स्पोर्ट्स, गुणवत्ता एवम आत्मविश्वास से भरपूर शिक्षा देने का रहेगा क्योंकि बच्चे देश का भविष्य होते है तथा इस भविष्य की सुरक्षा व इनको आकार देना एक शिक्षक का कार्य होता है क्योंकि यही बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमा कर अपने माता पिता, स्कूल, का नाम देश विदेशो में रोशन करते है। उन्होंने कहा कि वह भरसक प्रयत्न करेंगे कि वह स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों के विश्वास पर पूरा उतर सके।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने से चम्बा जिले के पांगी क्षेत्र में 70 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं की ऑनलाइन आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री द्वारा किए गए शिलान्यासों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 12.35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 17.300 कि.मी. धवारस-सुरल-भटोरी सड़क, 16.02 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 24 कि.मी. लंबी साचपास से तोेवान सड़क तथा 2.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होन वाली साईचू से चसाक सड़क शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने 1.21 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किलाड़ के अतिरिक्त भवनों के निर्माण, 99 लाख रुपये की लागत से क्रयूणी में निर्मित होने वाले अतिरिक्त भवन, 2.77 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजस्व भवन किलाड़ तथा 18.89 करोड़ रुपये की लागत से नागरिक अस्पताल किलाड़ में निर्मित होने वाले नए भवन की आधारशिला भी रखी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने किलाड़ में 4.61 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले चिकित्सकों के आवास की आधारशिला भी रखी। जय राम ठाकुर ने कहा कि ये विकासात्मक परियोजनाएं पांगी क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होंगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इन क्षेत्रों का दौरा कर इन परियोजनाओं की आधारशिला रखना चाहते थे और साथ ही विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करने के इच्छुक भी थे। उन्होंने कहा कि पांगी क्षेत्र के अपने पिछले दौरे के दौरान उन्होंने पांगी काॅलेज के भवन का उद्घाटन किया था। उस दौरे में उन्होंने किलाड़ में छात्राओं के लिए अलग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खोलने के अतिरिक्त राजकीय उच्च विद्यालय सूरल को राजकीय वरिष्ठ उच्च माध्यमिक पाठशाला तथा उदान मटौरी में पशु औषधालय खोलने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में सीमित कार्य समय के दृष्टिगत विभिन्न परियोजनाओं के कार्यों में शीघ्रता लाने के निर्देश दिए। कृषि एवं जनजातीय विकास मंत्री डाॅ. रामलाल मारकण्डा ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास में गहन रूचि दिखाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के कारण ही रोहतांग सुरंग का कार्य समाप्ति पर है जिसके कारण मौसम की विपरीत परिस्थितियों के कारण कई महीनों शेष क्षेत्रों से कटे रहने वाले जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के लोगों को वर्ष भर आवाजाही की सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में संचार सेवाओं में सुधार हुआ है। भरमौर के विधायक जिया लाल कपूर ने करोड़ों रुपये की विकासात्मक कार्यों का शिलान्यास रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यद्यपि कोरोना महामारी के कारण मुख्यमंत्री क्षेत्र में नहीं आ सके परंतु उन्होंने इसके बावजूद पूरे प्रदेश में विकास की गति सुनिश्चित की है।


















































