जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर उपरला बरोट नामक स्थान पर बुधबार सुबह करीब पौने 9 बजे एक कार व बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस टक्कर में कार को भारी क्षति पहुंची है, वहीँ बाइक का भी नुकसान हुआ है। गनीमत रही की बाइक के टकराने से पहले ही बाइक चालक नीचे गिर गया, अन्यथा बाइक चालक को गंभीर चोटें लग सकती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक चालक फतेहपुर से रैहन की तरफ जा रहा था। उपरला बरोट में एक स्कूटर से हल्का टकराने के बाद घबरा गया व बाइक सांमने से आ रही कार के साथ टकरा गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर पुलिस की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच चुकी थी।
पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत पुलिस चौकी आलमपुर के पास साईं गांव में मंगलवार रात एक टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक रजत निवासी जांगल घायल हो गया। रजत को सुजानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है। लंबागांव थाना प्रभारी प्रेम पाल शर्मा ने बताया कि बाइक चालक सुजानपुर की तरफ से थुरल की तरफ आ रहा था, जबकि टिप्पर थुरल आलमपुर जा रहा था। इसी दौरान साईं गांव के पास टिप्पर ने दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। पुलिस ने टिप्पर चालक नरेश कुमार गांव व डाकघर बालकरूपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीँ गाड़ियों को अपने कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
युवा सेवा एवं खेल विभाग कांगड़ा व धर्मशाला के तत्वावधान में सत्य साई मंडल युथ क्लब दगोह खास के सभी सदस्यों ने ग्राम दगोह, दगोह खास से लेकर दगोह चौक तक रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से युवाओं को एचआईवी/एड्स के संक्रमण के बारे में जागरूक किया गया कि एचआईवी किन कारणों से फैलता है और इससे कैसे बचा जा सकता है। युवाओं को बताया गया कि अगर कोई एचआईवी संक्रमित हो जाए तो संक्रमित व्यक्ति से हाथ मिलाने से उसके साथ खाना खाने से या किसी तालाब में उस संक्रमित व्यक्ति के साथ नहाने से एचआईवी एड्स नहीं फैलता है। इस रैली में क्लब के प्रधान सुभाष धीमान, शिवम सुजल, सतवीर, शगुन, अभी, अक्कू, पवन, सुनील, मीतू, शम्मी व अन्य युवाओं ने भाग लिया।
ज्ञान ज्योति शिक्षण महाविद्यालय रजोल में डीएलएड का परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। प्रथम व द्वितीय वर्ष का परिणाम शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा 25 मार्च को घोषित किया गया था। प्रथम वर्ष के छात्रो में प्रथम स्थान पर सुक्रिती द्वितीय स्थान पर रीमा व तृतीय स्थान सागर और प्रकृति ने हासिल किया। वहीं, द्वितीय वर्ष के छात्रों में प्रथम स्थान पर अक्षय ठाकुर द्वितीय स्थान शशी बाला व तृतीय स्थान मनीषा ने हासिल किया। इस मौके पर ज्ञान ज्योति शिक्षण महाविद्यालय रजोल के मेनेजिंग डायरेक्टर विरेंद्र चौधरी व प्राचार्या विजेयता ने बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं दी व बच्चों के उज्जवल भविष्य कामना की।
डीएवी पब्लिक स्कूल तियारा में आज कक्षा एलकेजी से 9वीं और 11वीं कक्षा का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद सभी स्कूल के विद्यार्थियों को चॉकलेट उपहार स्वरूप दी गई। जिन विद्यार्थियों ने जिस-जिस विषय में टॉप किया के सर्टिफिकेट भी दिए गए। टॉपर रहने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 11वीं से अदिति, गरिमा, कक्षा 9वीं से सम्मुख, पर्ल, शाइना, कक्षा 8वीं से कशिश, अनामिका, कक्षा 7वीं से लोकेश, संकेत, कक्षा 6वीं से सार्थिक, नाव्यांशु, तनीषा, जागृति, कक्षा 5वीं से रियांश शर्मा, शिवांक, कक्षा चौथी से ओशिन, गुंजन कौंडल, कक्षा तीसरी से अक्षिता चौधरी, विया और कृतिका रहे। कक्षा एलकेजी से कक्षा दूसरी तक के सभी विद्यार्थियों को किंडरगार्डन ग्रेजुएशन सेरेमनी करवाई गई। इस मौके पर प्रधानाचार्या एकता ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके बेहतर भविष्य के लिए कामना की। उन्होंने कहा कि यह बच्चे आने वाले कल का भविष्य है। प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों का परिणाम सुनने आए उनके माता-पिता, नाना-नानी व दादा-दादी का स्वागत किया।
इंदौरा महाविद्यालय में आज बीएससी सेकंड ईयर के छात्रों द्वारा बीएसई लास्ट ईयर के छात्रों के लिए विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीसरे वर्ष के छात्रों ने बताया कि इन 3 सालों की यादों को वे अपने साथ लेकर जाएंगे। वे भविष्य में इन पलों को याद करेंगे। ये 3 साल उनकी जिंदगी के सबसे हसीन पल रहे हैं, जिसमें कई दोस्त बने। अध्यापकों ने एक दीपक की तरह इन 3 सालों में हमें रोशन किया है। अध्यापकों के इस महान योगदान को वे हमेशा याद रखेंगे। पार्टी में कार्तिक कटोच मिस्टर फेयरवेल और खुशबू को मिस फेयरवेल चुना गया। वहीं मिस्टर हैंडसम के लिए विशाल व मिस ब्यूटीफुल के लिए नैंन्सी गुलेरिया का चयन किया गया। इस कार्र्यक्रम में प्रोफेसर अश्वनी कुमार, प्रोफ़ेसर परमार, डॉक्टर कमल सिंह, प्रोफेसर मनजीत उपस्थित रहे।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने कांगड़ा जिले में विकास कार्यों को नई गति देने के मकसद से मंगलवार को धर्मशाला में जिला अधिकारियों की बैठक ली और जिले की सभी प्रमुख निर्माणाधीन और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए सभी का मार्गदर्शन करते हुए जरूरी निर्देश दिए। 5 घंटे से भी अधिक समय तक चली इस मैराथन बैठक में विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए उनसे जुड़े हर पहलू पर गहन मंथन किया गया। जिलाधीश ने सिलसिलेवार जिले के प्रत्येक उपमंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही वहां आगे प्रस्तावित विकास कार्यों को जमीन पर लाने के लिए भूमि चयन, डीपीआर बनाने तथा विभिन्न अनुमति और अन्य औपचारिकताओं को लेकर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पर्यटन विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा के साथ साथ डे बोर्डिंग स्कूल के लिए जमीन के मामले, विभिन्न विभागों के भवनों के निर्माण समेत सभी जन उपयोगी एवं विकास योजनाओं को गति देने पर मंथन किया गया। डॉ. निपुण जिंदल ने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के लिए भूमि चयन और एफआरए तथा एफसीए के मामलों को आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने सभी एसडीएम को उपमंडल स्तर पर एफआरए तथा एफसीए के मामलों पर मंथन के लिए गठित समन्वय समिति की बैठकें आयोजित कर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधीश ने कहा कि कांगड़ा जिले के बनखंडी में प्रस्तावित चिड़ियाघर (वृहद जूलॉजिकल पार्क) के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है और अब परियोजना के ‘मास्टर ले आउट प्लान’ पर कार्य किया जा रहा है। करीब 200 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित इस पार्क के मास्टर लेआउट प्लान का प्रारूप अप्रैल माह के अंत तक तैयार कर लिया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, सभी एसडीएम तथा बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
मोईन गांव के महावीर कुमार पिछले कई वर्षों से पैरालाइज के कारण बिस्तर पर ही पड़े हुए हैं। वे चलने-फिरने में भी असमर्थ हैं। महावीर कुमार को पैन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड को अपडेट करवाना जरूरी था। इस कार्य के लिए उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जब इस बात की सूचना गंगोट पंचायत के वरुण शर्मा ने डाकघर चिंतपूर्णी के उप डाकपाल अनिल मनकोटिया को दी तो उन्होंने उनका आधार कार्ड घर जाकर अपडेट करने का निश्चय किया। मंगलवार को वे तान्या पराशर शाखा डाकपाल नारी के साथ महावीर कुमार के घर आधार कार्ड अपडेट करने पहुंच गए। वहीं, डाक विभाग के कर्मचारियों को अपने घर आधार कार्ड अपडेट करने के लिए आया देखकर संजीव कुमार की आंखों में भी आंसू आ गए। जब महावीर कुमार से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनके लिए बिस्तर से बाथरूम तक पहुंचना भी बहुत मुश्किल है। मैं चिंतपूर्णी डाकघर के कर्मचारियों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने घर आकर मेरे आधार कार्ड को अपडेट किया।
पुलिस चौकी संसारपुर टैरस के तहत लिंक रोड नारी के समीप पुलिस ने गश्त के दौरान एक राहगीर को 24 बोतल देसी शराब के साथ पकड़ा है। आरोपी की पहचान मनोहर लाल निवासी गांव डूहकी तहसील डाडासीबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उससे 24 बोतल संतरा मार्का देसी शराब बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू काट दी है।
हरिपुर-बनखंडी मार्ग पर तताहन के समीप जंगल में एक्सपायरी दवाइयों की बड़ी खेप मिलने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लिया है। फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया ने इस खबर को प्रमुखता के साथ उठाया था, जिस पर ड्रग इंस्पेक्टर पारुल ठाकुर और बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर संजय बजाज मौके पर पहुंचे और जंगल से एक्सपायरी दवाइयों की खेप को बरामद कर बंद डिब्बों में अपने साथ ले गए। ड्रग इंस्पेक्टर पारुल ठाकुर ने बताया कि जंगल से एक्सपायरी दवाइयों को बरामद किया गया है और आगे की छानबीन जारी है। बीएमओ ज्वालामुखी डॉक्टर संजय बजाज के नेतृत्व में इन दवाइयों को डिब्बे में बंद करके जांच पड़ताल के लिए ले जाया गया है।
पुलिस चौकी रे टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान बॉर्डर एरिया में बिना एक्स फार्म के मेटीरियल ले जाते दो टिप्पर चालकों से तीस हजार जुर्माना वसूला गया है। जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस चौकी प्रभारी भजन जरियाल के नेतृत्व में पुलिस पार्टी द्वारा नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान वहां से दो टिप्पर गुजर रहे थे, एक टिप्पर बिना नंबर के चल रहा था और दूसरे का नंबर HP72_7664 था। दोनों क्रशर से लोड थे। चेकिंग के दौरान टिप्पर चालक एक्स फार्म नहीं दिखा पाए। मौका पर कार्रवाई करते हुए भजन जरियाल द्वारा दोनों का पंद्रह-पंद्रह हजार रुपये का चालान कर दिया गया। भजन जरियाल ने बताया कि आगामी समय में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
जन चेतना संस्था सहित अन्य विभिन्न संस्थाओं ने सीयू मामले में सोमवार को कोतवाली बाजार से डीसी कार्यालय तक विशाल जुलूस निकाला। संस्थाओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से पीएम नरेंद्र मोदी को एक ज्ञापन भेजा गया। विभिन्न संस्थाओं के सदस्य और लोगों ने कहा कि सीयू धर्मशाला के लिए स्वीकृत हुई थी, जिसके बाद में विभाजन कर 70 फीसदी हिस्सा देहरा में बनाने की बात कही गई। अब जदरांगल में जहां कार्य चल रहा था, वहां भी काम बंद कर दिया गया है। जन चेतना संस्था के अध्यक्ष एससी धीमान ने कहा कि सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए धर्मशाला बेहतर स्थान है। यदि इस बारे 15 दिन में निर्णय नहीं लिया गया तो लोग फिर से सडक़ों पर उतरेंगे।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यशाला का आयोजन कार्यकारी प्राचार्य प्रोफेसर सुशील भारद्वाज के नेतृत्व में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अंग्रेजी एवं हिंदी वीभाग के माध्यम से किया गया। इस कार्यशाला में प्राचार्य ने विद्यार्थियों को विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर करण सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों के जीवन में इन कार्यक्रमों के सकारात्मक प्रभाव पर चर्चा की। कार्यशाला में सतीश डढवाल, संदीप शर्मा व सुनील राणा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। तीनों विशेषज्ञ महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। सतीश डढवाल ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता में भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। वहीँ, सुनील राणा और संदीप शर्मा ने विद्यार्थियों को रंगमंच के लिए उत्साहित किया। कार्यशाला में प्रो. सुनीता शर्मा, प्रो. संजीव जसवाल, डॉ. सुरेश राणा प्रो. राजीव ठाकुर, प्रो. वंदना राणा डॉ. आरती कौशल और डॉ. शर्मिता पठानिया ने भाग लिया। कार्यशाला का मंच संचालन डॉ. अक्षय कुमार ने किया।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि बोर्ड द्वारा वर्ष 2022 में संचालित दसवीं व 12वीं की नियमित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 14-14 मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन छात्रवृत्ति प्रदान की जानी है। छात्रवृत्ति हेतु पात्र विद्यार्थियों से 29 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं। छात्रवृत्ति से संबंधित परीक्षार्थी सहमति पत्र, बिल प्रपत्र व दिशा-निर्देश बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। पात्र विद्यार्थी अपने आवेदन/सहमति प्रपत्र तथा बिल प्रपत्र बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड करके अपने अध्ययनरत्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों/संस्था के मुखियों से सत्यापित करवाकर 29 अप्रैल तक बोर्ड कार्यालय को प्रेषित करें।
आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता विकास धीमान ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने का एतराज जताया है। विकास धीमान ने बताया कि जब भारत आजाद हुआ, तब पूरी दुनिया यह देख के हैरान थी कि भारत ने लोकतंत्र का रास्ता अपनाया। कुछ देशों ने तो यह तक कह दिया था कि बहुत जल्द भारत का लोकतंत्र फेल हो जाएगा, लेकिन पक्ष, विपक्ष और हमारी न्यायपालिका के संगम ने भारत को मजबूत लोकतंत्र बनाकर दुनिया के सामने एक मिसाल पैदा की। लेकिन आज भाजपा जिस तरह से विपक्ष का शोषण कर रही है, इसे भी पूरी दुनिया देख रही है। राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र के ऊपर हमला है। पक्ष और विपक्ष दोनों ही देश की तरक्की में महत्वपूर्ण हैं। विपक्ष के सवाल लोगों के सवाल होते हैं और उनका जवाब देना सत्ता पक्ष की प्राथमिकता होती है। लेकिन, आजकल ऐसा नहीं हो रहा। जिन मुद्दों पर विपक्ष चर्चा चाहता है, वो सदन में चर्चा में आते ही नहीं। सत्ताधारी भाजपा जवाब देना भी उचित नहीं समझती। सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल विपक्ष के नेताओं के खिलाफ हो रहा है, जो कि उचित नहीं है।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत बरडाम की 23 वर्षीय अदिती शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में लोक सेवा की परीक्षा पास कर ली है। आदिति शर्मा का चयन हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में सहायक अभियंता के पद के लिए हुआ है। 12वीं कक्षा तक अदिती शर्मा की शिक्षा डीएवी स्कूल पालमपुर से हुई। उसके बाद नगरोटा बगवां के राजीव गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रिकल में इंजीनियरिंग पास करके नादौन के जीहन में धोलासिद्ध बिजली के प्रोजेक्ट में पिछले एक वर्ष से ट्रेनिंग की। अदिती शर्मा के पिता कुलदीप शर्मा जल शक्ति विभाग से सुपरिंटेंडेंट के पद से रिटायर हुए हैं और माता सविता देवी गृहिणी हैं। अदिती के बड़े भाई अखिलेश शर्मा भी सिविल इंजीनियरिंग करके सहायक तकनीकी पद पर तैनात हैं।
डीएलएड प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में क्षत्रिय कॉलेज इंदौरा का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. गायत्री ने बताया कि समस्त क्षत्रिय परिवार के लिए आज अत्यंत हर्ष का विषय है कि डीएलएड प्रथम और द्वितीय वर्ष के सभी प्रशिक्षु छात्र बहुत ही अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हुए हैं। डीएलएड प्रथम वर्ष से अतुल ने 83℅ अंक लेकर प्रथम, रितिका ने 82℅ अंक लेकर द्वितीय व सपना ने 76℅ अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। सभी छात्र-छात्राओं का परिणाम बहुत शानदार रहा है। कॉलेज प्रिंसिपल ने छात्र-छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी शिक्षकों, अभिवावकों को बधाई दी है। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं की काफी सराहना भी की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की कामयाबी का पूरा श्रेय अध्यापकों, मेहनती छात्रों तथा अभिभावकों को दिया है।
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमेन घुरकड़ी (कांगड़ा ) में सीबीएससी संस्था मोगा, धर्मकोट, फिरोजपुर, जगराओं तथा सूर्या कान्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के माध्यम से आज 11 बजे रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में टीजीटी साइंस, आर्ट्स, हिंदी, संस्कृत, फिजिकल इंस्ट्रक्टर और कंप्यूटर टीचर हेतु साक्षात्कार लिए गए। रोजगार मेले में 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। शरण कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुमन शर्मा ने बताया कि इस रोजगार मेले का आयोजन करने का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार और शिक्षित युवाओं को रोजगार दिलवाना है, ताकि बेरोजगारी की दर को कम किया जा सके। देश में बढ़ती बेरोजगारी दर को देखते हुए शरण कॉलेज ने यह कदम उठाया है।
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द किए जाने को लेकर सोमवार को कांगड़ा कमेटी के अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया व प्रदेश कांग्रेस सचिव पुनीत मल्ली की अगुआई में धर्मशाला में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और राहुल गांधी की संसद सदस्यता को तुरंत बहाल करने की मांग की। कर्ण सिंह पठानिया व पुनीत मल्ली ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में गांधी के सवालों से भाग रही है। राहुल गांधी ने अडानी को दिए गए 20 हजार करोड़ रुपये को लेकर प्रश्न किया था, जिसको लेकर केंद्र सरकार तिलमिला उठी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को बताना होगा क्यों सारे टेंडर अडानी ग्रुप को दिए गए। कहा कि पिछले 9 सालों से देश में लूट मची हुई है। केंद्र की सरकार अमीरों को संरक्षण देने में लगी हुई है। कई लोग देश का करोड़ों पैसा लेकर विदेशों भाग गए हैं, जिनके खिलाफ केंद्र की सरकार कोइ कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने कहा कि क्या चोर को चोर बोलना गलत है। देश से गरीबों को हटाया जा रहा है तथा अमीरों पर बैकों का पैसा लुटाया जा रहा है। कहा कि नरेंद्र मोदी की तानाशाही अब ज्यादा दिनों तक चलने वाली नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनावों में केंद्र की तानाशाही सरकार का अंत होने वाला है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंडित अशोक हिमाचली ने जारी बयान में कहा है कि बीजेपी की केंद्र सरकार हिटलर की तरह जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है देश और प्रदेश के लोकतंत्र का गला घोटने का प्रयास किया जा रहा है। जिस-जिस प्रदेश में कांग्रेस या अन्य दलों की सरकारें हैं, उन्हें सीबीआई, ईडी का डर दिखाकर सरकारों को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा देश लोकतंत्र व कानून के दायरे में रहकर काम करता है, मगर अफसोस की बात है कि मोदी सरकार द्वारा लोकतंत्र को मजबूत करने की बजाए कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मोदी सरकार को राहुल गांधी का फोबिया हो चुका है, क्योंकि यह राहुल नहीं आंधी है। भाजपा को चिंता हो रही है कि 2024 में लोकसभा के चुनाव आ रहे हैं और राहुल गांधी को देश की जनता भावी प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। राहुल गांधी ने भारत जोड़ों के तहत कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक लगभग 3400 किमी की पैदल यात्रा करके जोड़ने का और हिंदुस्तानी के हर दिल में जगह बनाने का काम किया है। अशोक हिमाचली ने कहा है की राहुल गांधी में देशभक्ति का और उनकी दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और त्याग की मूर्ति सोनिया गांधी का खून है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने अपने एक दिवसीय कांगड़ा जिला के दौरे में आज मां ज्वालाजी, ब्रजेश्वरी देवी माता तथा चामुंडा माता के द्वार जाकर माथा टेका और पूजा अर्चना की। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी उनके साथ थीं। हिमाचल के राज्यपाल के तौर पर यह उनका कांगड़ा जिले का पहला दौरा है। इस अवसर राज्यपाल ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर उन्हें माता के दरबार आने का अवसर मिला है। उन्होंने माता से सबकी सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है। राज्यपाल आज प्रातः ज्वालामुखी स्थित सपड़ी हेलीपैड पहुंचे, जहां कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक डॉ. खुशाल शर्मा, उपमंडला दंडाधिकारी विवेक शर्मा तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना की रफ़्तार दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस कोरोना के प्रकोप से लोग भी परेशान हो चुके है। कोरोना की बढ़ती रफ्तार के साथ एक और व्यक्ति की मौत हुई है। 10 दिन के भीतर कोरोना से यह दूसरी मौत हुई है। कोरोना संक्रमण से यह मौत कांगड़ा जिला में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति की हुई है। इससे पहले 16 मार्च को कोरोना से एक व्यक्ति ने दम तोड़ा था। उससे पहले 13 मार्च को 101 दिन बाद कोरोना से किसी व्यक्ति की जान गई थी। अब प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों के बढ़ने के साथ-साथ इस वायरस से लोगों की मौत का सिलसिला भी बढ़ रहा है। कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़कर 4196 के पास पहुंच गया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना के 15 नए मरीज सामने आए हैं। इससे प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 415 के पास पहुंच गया है।
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के अंतर्गत पंचायत रियाली कस्बा बेलाठाकुरां में शिव शक्ति महिला मंडल बेलाठाकुरांने एक अनोखी पहल की है। महिला मंडल ने निर्णय लिए है की उनके गाँव में जब भी किसी बेटी का विवाह होगा तो उसे महिला मंडल द्वारा सिलाई मशीन भेंट की जाएगी। यह निर्णय आज हुई शिव शक्ति महिला मंडल बेलाठाकुरां की बैठक के दौरान लिया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यता तौर पर महिला मंडल प्रधान निशा कुमारी, उप प्रधान रजनी वाला, सचिव सीमा, कोशाअध्यक्ष विजय कुमारी व अन्य गणमान्य महिला शक्ति मौजूद रही। महिला मंडल का मानना है की इस तरह की पहल होती रेहनी चाहिए जिससे गरीब परिवारों की बेटियों को भी कुछ सहूलियत पहुंचाई जा सके।
जॉइंट ग्रुप ऑफ़ कांगड़ा अमन के द्वारा माता के पांचवें नवरात्र पर भंडारे का आयोजन किया गया। यह भंडारा पंचरुखी मेन बाजार में लगाया गया। ग्रुप के सदस्यों से बातचीत करने पर अध्यक्ष प्यार चंद ने बताया कि यह ग्रुप जॉइंट वेलफेयर फाउंडेशन से जुड़ा है और ग्रुप का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। ग्रुप के सभी सदस्य हर समय किसी भी तरह की आर्थिक और सामाजिक मदद के लिए तैयार रहते हैं। आज उन्होंने लगभग एक हजार लोगों को प्रसाद खिलाकर अन्न सेवा की है। इस सेवा कार्य में ग्रुप के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसमें अध्यक्ष प्यार चंद, उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, ग्रुप एडमिन सीना देवी, ग्रुप फाइनेंस अधिकारी दीप कुमार, राजेश कुमार, संतोष कुमार, अश्विनी कुमार, रमन शर्मा, अश्विनी कपूर, लेखराज, विनोद कुमार, कुशल कुमार, कुसमा देवी, सत्य देवी, सतीश शर्मा, साहिल धीमान के साथ-साथ पंचरुखी बाजार के वरिष्ठ व्यापारी बृजेश अवस्थी, सुदर्शन अवस्थी अन्य शामिल रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जन्म दिवस पर प्रदेश इंटक मुख्य सलाहकार संजय सिंह चौहान, चेयरमैन कारपोरेशन बैंक प्रदेश राज्य अध्यक्ष महिमन चंद्र के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की गईं। आज के दिन को सेवा दिवस के रूप में मनाया गया। इसी श्रंखला में ओबीसी भवन नगरोटा बगंवा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें इंटक की महिला प्रदेशाध्यक्ष सारिका कटोच, इंटक ज़िला अध्यक्ष राजीव राना, इंटक ज़िला कार्यकारी अध्यक्ष सत्य प्रकाश शर्मा, महासचिव रवि सयाल एवं आईटी प्रदेशाध्यक्ष राहुल शर्मा के अलावा संजय भारद्वाज, बबली शर्मा और पूनम शर्मा उपस्थित रहे। यह रक्तदान शिविर बुद्धा चैरिटेबल ट्रस्ट कांगड़ा के सहयोग से आयोजित किया गया। इसके साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के द्वारा हिमाचल को ग्रीन स्टेट बनाने का जो सपना देखा गया है, उसे साकार करने के लिए पौधारोपण भी किया गया। इंटक कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि सभागार प्रांगण में लगाए सभी पोधों का सुचारू रूप से ध्यान रखा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के मटौर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने की, जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सागर और राष्ट्रीय संयोजक आईटी एवं सोशल मीडिया बीजेपी से राहुल नागर बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। बीजेपी ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद सागर रायका ने कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने ओबीसी समुदाय को चोर कह कर पूरे देश में ओबीसी समुदाय का अपमान किया है। उन्होंने कहा हिमाचल में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद प्रदेश न्यायपालिका द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के विरुद्ध दिए फैसले का विरोध करना तर्कसंगत नहीं है। सागर रायका ने कहा कांग्रेस डूबता जहाज है और पहले चुनाव जीतने पर ईवीएम को दोषी ठहराया करते हैं। अब कोर्ट से सजा मिलने पर न्यायपालिका पर उंगलियां उठाना उचित नहीं है। ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी ने कहा भाजपा सरकार ने आजादी के लंबे अरसे बाद सत्ता पर होने दौरान ओबीसी समुदाय के करोड़ों रुपए के कर्ज माफ किए हैं। उन्होंने कहा प्रदेश मोर्चा कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों को चुनाव की जिम्मेदारियां सौंपी गई है इसके बाद जिला व मंडल स्तर पर बैठकों का आयोजन कर ओबीसी मोर्चा को सशक्त, बूथ स्तर पर मजबूत बनाया जाएगा।कांगड़ा से विधायक पवन काजल ने कहा ओबीसी वर्ग को एकजुट होकर अब आने वाले लोकसभा चुनावों की लड़ाई लड़नी होगी उन्होंने कहा जनता जानती है कि इस वर्ग का विकास किस नेतृत्व की अगुवाई में सुरक्षित है। काजल ने कहा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र ओबीसी बहुल क्षेत्र है और ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर ओबीसी समुदाय को गालियां निकालने वाले नेताओं को उनकी पार्टी को अब यहां से चुनाव लड़ने का कोई हक नहीं है। काजल ने कहा हिमाचल में कांग्रेस ने झूठ की राजनीति का सहारा लेकर सरकार बनाई है जो ज्यादा दिन नहीं टिकेगी। उन्होंने कहा हिमाचल में आने वाले समय में भाजपा सत्तासीन होगी। कांग्रेस सरकार अपने भार व झूठे वायदों के भार से गिरना तय है। बैठक को पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, पूर्व विधायक अरुण कूका, राकेश चौधरी, प्रदेश भाजपा सचिव विरेंद्र चौधरी ओबीसी मोर्चा प्रभारी तिलक राज, ओबीसी कमिशन के पूर्व अध्यक्ष रहे रामलोक धनोतिया ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए भी पार्टी पदाधिकारियों को प्रदेश जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
रविवार को जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में कक्षा नर्सरी से 11वीं तक का परिणाम घोषित किया गया। परिणाम के दिन स्कूल की चेयरपर्सन नीना पाहवा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। स्कूल पहुंचने पर स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरूआत चेयरपर्सन द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे द्वीप प्रज्वलित करके की गई। इसके उपरांत प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा ने स्कूल का परिणाम घोषित किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमारा स्कूल कांगड़ा का ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के अग्रणी स्कूलों में से एक है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी भयंकर बीमारी के समय निजी स्कूलों के लिए चुनौतीपूर्ण था लेकिन ऑनलाइन शिक्षा सभी के लिए एक नया अनुभव था।हमारे बच्चों ने बिना किसी कोचिंग के नीट व जेईई परीक्षा में मेरिट के आधार पर एमबीबीएस व इंजीनियरिंग में दाखिला लिया।नीट के 14 व जेईई के 16 छात्रों को सम्मानित किया गया। दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमिशन लेने वाले 4 छात्रों व सी ए के 2छात्रों को चेयरपर्सन ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी स्कूल के बच्चों ने काफी मेहनत की जिससे की स्कूल का परिणाम शानदार रहा। चेयरपर्सन नीना पाहवा ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल स्टाफ, विधार्थियों तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी। कहा कि हमारे पास ऐसा स्टाफ है जो कि हमारी बैकबॉन है, जिसके जरिए हम खड़े हैं। हमारा जो स्टाफ है वो काफी मेहनती है, जो कि आज बच्चों के परिणाम से देखा जा सकता है और जहां हमारे स्कूल के विद्यार्थियों की बात है तो उन्होने हर वर्गों में स्कूल स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करके दिखाया है। उन्होने कहा कि मुझे यह बात बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि हमारे स्कूल को स्वच्छता के मामले में डीसी कांगड़ा ने जिला का स्वच्छ स्कूल अवार्ड से सम्मानित किया है। इस अवसर पर स्कूल के ट्रस्टी अजय वालिया, स्वर्ण शर्मा, अमन गुलेरिया, सचिन चड्डा, अनुपम शर्मा व वीआरसी रविंद्र विषेश रूप से उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत ठाकुरद्बारा करियाड़ा में बधाई मांगने वाले किन्नर समुदाय कि लिए बधाई राशि निर्धारित कर दी गई है। अब अगर किन्नर समुदाय इस राशि से अधिक की मांग करता है तो उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंचायत प्रधान लीला देवी ने कहा कि ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर ठाकुरद्बारा ग्राम पंचायत के तमाम क्षेत्र में किन्नर समुदाय कि लिए अब 1100 से 2100 रुपये तक बधाई राशि निर्धारित की गई है। अगर इससे ज्यादा बधाई लेने की कोई भी किन्नर जिद्द करता है तो पंचायत उस पर सख्त कार्रवाई करेगी। इसकी शिकायत एसडीएम और डीएसपी से भी की जाएगी। प्रस्ताव की प्रतिलिपि एसडीएम देहरा, डीएसपी व जिलाधीश कांगडा के ध्यानार्थ भेजी गई है। प्रधान लीला देवी, उप प्रधान राजीव कुमार, सुलेखा चौधरी आदि ने बताया कि इलाके में शादी हो या फिर बेटे का जन्म किन्नर समुदाय के लोग वहां जाकर 11 या 21 हजार रुपये से ज्यादा बधाई ऱाशि लेने की जिद्द पर अड़ जाते हैं। ये गरीब परिवारों को भी नहीं देखते। ये लोग उस वक़्त तक वहां से नहीं हिलते, जब तक उन्हें मुंह मांगी बधाई नहीं मिल जाती। हर ग्रामीण इनसे परेशान हो चुका है। अब अगर निर्धारित की गई बधाई राशि से ज्यादा बधाई लेने की अगर ये लोग जिद्द करते हैं तो पंचायत कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
डीएलएड प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में शरण कॉलेज घुरकड़ी का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुमन शर्मा ने बताया कि समस्त शरण परिवार के लिए आज अत्यंत हर्ष का विषय है कि डीएलएड प्रथम और द्वितीय वर्ष की सभी प्रशिक्षु छात्राएं बहुत ही अच्छे अंक लेकर उत्तीर्ण हुई हैं। डीएलएड प्रथम वर्ष से निकिता शर्मा ने 1022/1200 अंक लेकर प्रथम, रितिका ठाकुर ने 1014/1200 अंक लेकर द्वितीय व अनामिका ने 1013/1200 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीँ डीएलएड द्वितीय वर्ष की भवानी जमब्याल ने 1972/2200 अंक लेकर प्रथम, वंदना ने 1839/2200 अंक लेकर द्वितीय तथा रितिका चौधरी ने 1819/2200 अंक लेकर तृतीय स्थान हासिल किया है। सभी छात्राओं का परिणाम भी बहुत शानदार रहा है। कॉलेज प्रिंसिपल ने छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन के लिए सभी शिक्षकों, छात्राओं एवं अभिवावकों को बधाई दी है। साथ ही सभी छात्राओं की काफी सराहना भी की। उन्होंने छात्राओं की कामयाबी का पूरा श्रेय अध्यापकों, मेहनती छात्राओं तथा अभिभावकों को दिया।
कांगड़ा हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस के कार्यालय और काउंटर का उद्घाटन एयरपोर्ट के वायु यातायात प्रबंधन ब सहायक महाप्रबंधक अमित सकलानी तथा वरिष्ठ प्रबंधक शैलेश कुमार सिंह ने रिब्बन काट कर किया। इस मौके पर इंडिगो एयरलाइंस की क्षेत्रीय प्रमुख मैडम सबा जैदी, स्टेशन मैनेजर, अमित रुहेला, मुरुगेशन एसोसिएट निदेशक धानिश व अन्य कर्मचारी उपस्थिति रहे। शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि 72 सीटर का इंडिगो एयरलाइंस का विमान कल कांगड़ा हवाई अड्डे पर सुबह 8:25 पर उतरेगा तथा 8 बजकर 45 मिनट पर यह दिल्ली के लिए रवाना होगा। यही विमान दिल्ली से देहरादून के लिए उड़ान भरेगा और 12:35 पर देहरादून पहुंचेगा और 12:55 पर देहरादून से उड़ान भरेगा और सीधा दिल्ली पहुंचेगा शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही इंडिगो एयरलाइंस की 2 और उड़ानें गग्गल एयरपोर्ट पर दस्तक देंगी, जिनका शेड्यूल भी इंडिगो के कार्यालय में पहुंच गया है। बता दें कि इस समय गगल में तीन ही विमान अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें से दो स्पाइसजेट और एक एयर इंडिया का विमान है। अब कुल मिलाकर विमानों की संख्या चार हो जाएगी। देखा जाए तो सबसे कम किराया धर्मशाला से दिल्ली का सिर्फ इंडिगो विमान का ही है, जो चार हजार के लगभग होगा।
इंदौरा उपमंडल की ग्राम पंचायत चनौर के साईं तकिया मंदिर में तीन दिवसीय मेला हर बार की तरह इस बार भी बडे मनाया गया, जिसमें पहले रजा हीर द्वारा कव्वालियों से समा बांधा गया। उन्होंने 'झोली उम्मीदां दी नहीं रंहदी खाली' से शुरुआत की। उसके बाद टुट के चांहु तुझको ख्वाजा जान लुटांऊ तुझपे ख्वाजा इत्यादि कव्वालियों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय गायक कमल खान ने साईं की कव्वालियों से समा बांधा। अली अली कहंणदे सु , अल्लाह अल्लाह कर सोंणेया, झोलियाँ मुरादा वाली भर सोंणेया, पैर तेरे दी झांझर बन जा या बन जा जत्ती मैं, रातों को उठ-उठकर जिनके लिए रोते हैं वह अपने मकानों में आराम से सोते रहे से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव पुनीत मल्ली ने शनिवार को धर्मशाला में एक पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल गांधी की संसद से सदस्या को रद्द किए जाने पर इसे लोकतंत्र की हत्या करारा देते हुए कहा कि अयोग्यता का यह प्रकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एजेंडा है। अडानी पर राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण ने इन सभी मुद्दों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी से कुछ सवाल किए, जिनका जवाब वे नहीं दे सके, जिसके बाद यह मुद्दा सामने आया। पुनीत मल्ली ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि नरेंद्र मोदी व अडानी का अपनी क्या रिश्ता है। अडानी के पास 20 हजार करोड़ रुपया कहां से आया। पुनीत मल्ली ने कहा कि मोदी सरकार देश को लूट रही है। आज देश में चोर को चोर कहना अपराध हो गया है। यहां चोर और लुटेरे खुले घूम रहे हैं और बेगुनाहों को सजा दी जा रही है। उन्होंने कहा यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। पूरा सरकारी तंत्र इस समय दबाव में चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह तानाशाही के खात्मे की शुरुआत है। अब लड़ाई को सही दिशा देने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की तानाशाही ने देश को बर्वादी की दहलीज पर लाकर खड़ा कर दिया है। जब राहुल गांधी ने अडानी पर प्रधानमंत्री से सवाल पूछे थे उसी समय से इन्होंने इस प्रकार साजिश से राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए शुरू कर दी थी। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव नागेश्वर मनकोटिया व जिला कांगड़ा कांग्रेस महिला अध्यक्ष रीता मनकोटिया भी उपस्थित रहे।
थाना डमटाल के अंतर्गत पड़ते ग्राम पंचायत सूरजपुर में पुलिस द्वारा एक व्यक्ति से 35 लीटर शराब बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी डमटाल कल्याण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा पेट्रोलिंग के दौरान सूरजपुर में एक व्यक्ति से 35 लीटर शराब बरामद की गई। व्यक्ति की पहचान निमृत पाल पुत्र गोविंद सिंह गांव व डाकघर घोड़न तहसील इंदौरा के रूप में हुई। व्यक्ति को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंतरराष्ट्रीय महिला सप्ताह का समापन समारोह केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मदनमोहन पाठक के साथ देहरा बार एशोशिएसन की वरिष्ठ महिला अधिवक्ता शालिनी जम्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ मंच पर परिसर के अनुभाग अधिकारी अनुराधा शर्मा, अंग्रेजी विभाग की ऋचा विश्वाल तथा शिक्षा शास्त्र विद्या शाखा के संयोजक डॉ. शीशराम उपस्थित रहे। सभागार में परिसर के समस्त आचार्यों के साथ छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। 7 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने अधिक मात्रा में उपस्थित होकर अपने अपने योग्यता का परिचय दिया। अच्छा प्रदर्शन करने वाली प्रदर्शन छात्राओं को पुरस्कार वितरण किए गए। मुख्य अतिथि शालिनी जम्वाल ने महिलाओं के लिए दी जाने वाली सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही स्त्रियों को स्वावलंबन के लिए प्रेरित किया। डॉक्टर शीशराम ने अपने वक्तव्य में महिलाओं के महिमा का गुणगान किया। डॉक्टर ऋचा विस्वाल ने बहुत प्रकार के दृष्टांत से महिलाओं को सफल होने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सभा की अध्यक्षता करते हुए परिसर निदेशक प्रोफेसर पाठक ने बताया कि मनुष्य इस धरा धाम पर पुरुषार्थ चतुष्टय की प्राप्ति के लिए आता है। पुरुषार्थ चतुष्टय की प्राप्ति में स्त्रियों का महनीय योगदान है। क्योंकि भार्या त्रिवर्गकरणं शुभशीलयुक्ता के अनुसार स्त्री त्रिवर्ग दातृ कहलाती है। इसके अन्य माहात्म्य को बताते हुए उन्होंने कहा कि गृहस्थ के समस्त करते घर के बिना संपन्न नहीं होते। गृहणी के बिना गृह की कल्पना ही नहीं की जा सकती। क्योंकि कहा है- न गृहं गृहमित्याहु: गृहणी गृहमुच्यते। अर्थात वह घर घर नहीं है, जिस में गृहिणी नहीं होती। कार्यक्रम के अध्यक्ष प्रो. मदनमोहन पाठक ने कहा कि घर की खुशहाली मातृशक्ति पर ही निर्भर है। यदि कोई घर खुशहाल है उसका संपूर्ण श्रेय स्त्री को ही जाता है। यदि घर टूटता है तो वहां भी उसका श्रेय स्त्रियों को ही जाता है। अत: अपनी महनीयता समझते हुए अपने औदार्य पूर्ण सकल दायित्व का संपादन करते हुए समाज के नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निर्वाह करनी चाहिए। विजेत्री छात्राओं को पुरस्कार प्रदान के अनन्तर शांति मंत्र के साथ सभा को सम्पन्न किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. ऋचा विश्वाल, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. शक्तिशरण शर्मा व सर्वविध सहयोग संगणक शिक्षक अमित वालिया ने किया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी 12 अप्रैल को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लपियाना में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से फारेस्ट रेस्ट हाउस लपियाना में चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। कांगड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित होने जा रहा यह शिविर 12 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक लगेगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि इस शिविर में रक्तदान, चिकित्सा जांच, आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा जांच, महिला रोग जांच, दिव्यांग शिविर, प्रदर्शनियां, दिव्यांगजनों के सहायतार्थ सहायक उपकरणों का वितरण तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा के सहयोग से मेडिकल दिव्यांगता जांच कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसके लिए पात्र व्यक्तियों को लोक मित्र केंद्र में यूडीआईडी की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना आवश्यक होगा।
राजकीय महाविद्यालय खुडिंया में शुक्रवार को रेड रिबन क्लब द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली महाविद्यालय परिसर से निकाली गई। इस अवसर पर रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. अनिका परमार व प्रोफेसर प्रदीप कुमार द्वारा उक्त विषय संबंधी जागरूकता हेतु विभिन्न गतिविधियों जैसे पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन आदि का आयोजन करवाया गया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेकर पोस्टर व नारा लेखन के माध्यम से क्षय रोग निवारण व बचाव संबंधी संदेश दिया। प्राचार्य डॉ. अनिल जरयाल ने सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. सारिका, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. चेतना नेगी, प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र सिंह, संदीपा व अधीक्षक उर्मिला देवी भी उपस्थित रहे।
कांगड़ा की पंचायत अब्दुल्लापुर में 25 मार्च यानी शनिवार को होने वाले छिंज मेला काे भारी बारिश के चलते पाेस्टपाेन कर दिया गया है। जानकारी देते हुए छिंज मेला कमेटी के प्रधान देशराज चौधरी ने कहा कि आज पंचायत अब्दुल्लापुर में छिंज मेला का आयोजन होना था, लेकिन भारी बारिश के चलते इसे पाेस्टपाेन कर दिया गया है। इसलिए सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि अब छिंज मेले, कुश्तियाें एवं खेलों का आयोजन 26 मार्च यानी रविवार को किया जाएगा। यह निर्णय समस्त मेला कमेटी और ग्राम पंचायत द्वारा लिया गया है।
अब विमानन कंपनी इंडिगो की कांगड़ा के लिए 26 मार्च से उड़ानें शुरू हो रही हैं। विमानन कंपनी स्पाइस जेट भी 26 मार्च से फ्लाइटों की संख्या बढ़ाएगी। गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की अटकलों के बीच विमानन कंपनी इंडिगो ने कांगड़ा जिले के लिए नई उड़ान शुरू कर दी हैं। विमानन कंपनी इंडिगो का पहला विमान रविवार को राजधानी दिल्ली से गगल एयरपोर्ट पर उतरेगा। कांगड़ा के लिए विमानन कंपनी स्पाइस जेट भी दो नई उड़ानें शुरू करेगी, ये विमान भी रविवार को गगल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। विमानन कंपनी इंडिगो गगल एयरपोर्ट पर 26 मार्च को पहला जहाज उतारेगी। इसके बाद कंपनी की दो उड़ानें गगल एयरपोर्ट के लिए होंगी। इससे पहले एलायंस एयर और स्पाइस जेट की गगल एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानें होती हैं। 26 मार्च से शुरू होने वाली इस उड़ान का शेड्यूल भी ऑनलाइन बुकिंग साइटों पर उपलब्ध है, जबकि कंपनी की ओर से कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया के बाद उन्हें ट्रेनिंग तक उपलब्ध करवा कर उन्हें एयरपोर्ट पर तैनात कर दिया गया है। इस नई शुरू होने वाली उड़ानों के साथ ही जिले में विमानन कंपनी स्पाइस जेट के उतरने वाले विमानों की संख्या भी चार हो जाएगी, जबकि एक फ्लाइट विमानन कंपनी एलायंस एयर की भी रहेगी।
छठी राज्य स्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता का आयोजन न्यूगल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंद्रेटा में हुआ। आयोजन कांगड़ा सेपकटाकरा संघ द्वारा करवाया गया। इसमें मुख्य अतिथि रमेश कटोच रिटायर्ड प्रिंसिपल और गेस्ट ऑफ ऑनर मनीष अवस्थी चेयरमैन न्यूगल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंद्रेटा रहे। प्रतियोगिता में लगभग 70 लड़के व लड़कियों ने भाग लिया। लड़कों के वर्ग में पहला स्थान मंडी व दूसरा स्थान कुल्लू और तीसरा स्थान कांगड़ा का रहा, जबकि लड़कियों में पहला स्थान कांगड़ा, दूसरा स्थान मंडी व तीसरा स्थान कुल्लू का रहा। इस प्रतियोगिता में चुने हुए खिलाड़ियों का 5 दिन का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा व चयनित खिलाड़ी 1 से 5 अप्रैलको नागपुर में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। यह जानकारी प्रदीप धीमान महासचिव (हि प्र) सेपकटाकरा संघ द्वारा दी गई। इस मौके पर अंजू शर्मा महासचिव मंडी, नरेश राठौर, हेमराज, बलवीर जमवाल, सुरजीत कुमार, अरविंद शास्त्री व जिला कांगड़ा प्रधान ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी लक्की साहिब पुरी उपस्थित रहे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर की रेड रिबन इकाई द्वारा विश्व क्षय दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य कुमार कोडल के द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे छात्रों को सम्मानित गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंकिता प्रथम, सुप्रिया मनिक द्वितीय व दिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में अंबिका प्रथम, शिवानी राणा द्वितीय व दिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अंबिका ने प्रथम स्थान, आशियाना ने द्वितीय स्थान व पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन लाइलाज नहीं है। इस बीमारी का समय पर इलाज करवा लिया जाये तो मरीज पूरी तरह से ठीक हो जाता है। इस अवसर पर डॉ. सुरजीत सिंह राणा, डॉ. अर्पित प्रोफेसर ओंकार, डॉ. खुशीराम भगत, प्रोफेसर विजय, रणजीत, गगन आदि मौजूद रहे।
देश के सबसे पुराने किलों में शामिल कांगड़ा दुर्ग में 400 साल बाद राज्यभिषेक होने जा रहा है। नवमीं के दिन 30 मार्च को कटोच वंश के 489वें राजा के तौर पर एश्वर्य चंद कटोच का राजतिलक होगा। कांगड़ा दुर्ग में उनकी कुल देवी मां अंबिका के मंदिर में यह कार्यक्रम होगा। मौजूदा समय में एश्वर्य चंद कटोच लंबागांव राजघराने के टिक्का राज हैं। उनका राजतिलक होते ही शैलजा कुमारी कटीच को महारानी और उनके बेटे अंबिकेश्वर चंद्र को कटोच को टिक्का राज की उपाधि मिल जाएगी। इस कार्यक्रम में महाराजा एश्वर्य चंद कटोच एक पुस्तक का विमोचन भी करेंगे। इस पुस्तक का नाम 'कटोच दि त्रिगर्त इंपायर' है। इस कार्यक्रम के लिए उनकी माता चंद्रेश कुमारी ने कई हस्तियों को न्योता भेजा है। ऐतिहासिक दुर्ग में होने वाले इस कार्यक्रम के बाद हिमाचल में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। बताया जाता है कि कांगड़ा दुर्ग में अंतिम राज्यभिषेक 1629 ईस्वी में हुआ था। यही कारण है कि इस राज्यभिषेक पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी। कांगड़ा के अलावा नादौन का अमतर किला कटोच शासकों का है। सुजानपुर में बारादरी है तो लंबागांव में इस परिवार का महल है। एश्वर्य इसी परिवार के टिक्का राज हैं। कटोच वंश के राजाओं ने कभी त्रिगर्त में 3000 मंदिर बनाए थे।
धर्मशाला में राहुल गांधी को फुल सपोर्ट, कहा, 15 लाख को जुमला बताने वालों पर भी दर्ज किया जाए केस दिग्गज नेता एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के बाद पूरी पार्टी उनकी सपोर्ट में आ गई है। धर्मशाला में कांग्रेस के 5 फ्रंटल संगठनों नेे मीटिंग करके केंद्र सरकार के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर दिया है। कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा द्वारा सोची समझी साजिश के तहत लगातार निशाना बनाया जा रहा है। शुक्रवार को धर्मशाला के दाड़ी आफिस में मीटिंग के दौरान ब्लाक कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, इंटक व महिला कांग्रेस के पदाधिकारी जुटे। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक अध्यक्ष विनीत धीमान ने की। इसमें सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि भाजपा व केंद्र सरकार राहुल गांधी के खिलाफ ओछी राजनीति कर रही है। मोदी सरकार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और 2024 के लोकसभा चुनावों में हार के डर से बौखला गई है। बैठक में सभी संगठनों ने एक स्वर में कहा कि भाजपा के दिग्गज नेताओं हर व्यक्ति को 15-15 लाख रुपए देने और साल में दो करोड़ नौकरियों की की घोषणा की थी। इनमें रोजगार देने में भाजपा नाकाम रही। वहीं 15 लाख की घोषणा को भाजपा के दिग्गज नेता ने जुमला करार दिया था। ऐसे नेताओं पर भी केस दर्ज होने चाहिएं। कांग्रेस के सभी संगठनों ने कहा कि अब भाजपा की झूठ की राजनीति को समझ गई है। यही कारण है कि भाजपा अब इस तरह की सियासत पर उतर आई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूरी पार्टी राहुल गांधी के समर्थन में खड़ी है। वह भाजपा को इस तरह की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
उपमंडल के अंतर्गत पड़ती ग्राम पंचायत चनोर में साईं तकिया मेला हर बार की तरह इस बार भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। साईं तकिया मंदिर कमेटी ने बताया कि यह मेला बाबा मस्तान शाह, बाबा मलंग शाह, माता माई जीना की दरगाह पर 24, 25, 26 मार्च को तीन दिन मनाया जाएगा। 24 मार्च को दंगल और रास भगत का आयोजन करवाया गया है। दंगल में पंजाब, जम्मू, हिमाचल से पहलवानों ने भाग लिया। 25 मार्च को रजा हीर द्वारा कव्वालियां गाई जाएंगी व अंतरराष्ट्रीय गायक कमल खान साईं तकिया दरबार में प्रस्तुति देंगे। 26 मार्च को मेला होगा। मेले के तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है।
हिमाचल में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। बीडीओ कांगड़ा तनविंदर व नशा निवारण राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक 3 पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। आने वाले समय में अन्य पंचायतों में भी इस तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे, ताकि लोग नशे से दूर रहें। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर खेल मैदानों को विस्तारीकरण करेंगे, ताकि युवाओं का खेल गतिविधियों में ध्यान लगा रहे। उन्होंने सभी लोगों व खासकर युवाओं से नशे से दूर रहने की भी अपील की। राज्य समन्वयक संगीता खुराना ने कहा कि कांगड़ा में नशा निवारण जागरूक शिविरों में लोग काफी संख्या में पहुंचकर जानकारी हासिल कर रहे हैं, जिसमें स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहा। उन्होने कहां कि अभिभावक अपने बच्चों को नशे से दूर रखने का पूर्ण प्रयास करें व अपने बच्चों पर नजर रखें, ताकि कहीं वो नशे की चपेट में न आ जाएं। कांगड़ा में विभिन्न पंचायतों में आमजन को नशे से शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभाव की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शिविर के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणाम बताए जा रहे हैं, ताकि आमजन नशे से दूर रहे और अपने परिवार का उचित ढंग से पालन पोषण कर सकें। इस मौके पर इशांत चौधरी, अरुण मनकोटिया भी मौजूद रहे।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए 3 दिवसीय विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को टीबी जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। उन्होंने उपायुक्त कार्यालय परिसर से रथ को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सीएमओ डॉ. सुशील शर्मा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आरके सूद, लॉरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी ज्वालामुखी के प्रिन्सिपल व निदेशक डॉ. एमएस अशावत, डॉ. सीपीएस वर्मा डॉ. तरुण शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जिला स्वास्थ्य विभाग और लॉरेट कॉलेज ऑफ फार्मेसी ज्वालामुखी के सहयोग से संचालित इस जागरुकता रथ के जरिए अगले 3 दिन जिले में टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने और उन्हें बीमारी के लक्षण, इलाज एवं बचाव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। जिलाधीश ने कहा कि इससे लोगों को जागरूक करने और टीबी के रोकथाम में काफी मदद मिलेगी
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत पंचायत नंगल चौक के वार्ड 6 से 2 दिनों से लापता हुए 66 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश चंद की लाश घर से करीब 3 किलोमीटर दूर रोड़ी कोड़ी में मिली है। बुजुर्ग ने वहां वृक्ष से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक ने परने से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है तो उन्होंने पंचायत प्रधान को सूचित किया। रोड़ी कोड़ी पंचायत के प्रधान बलविंदर सिंह ने इसकी सूचना डाडासीबा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की डेड बॉडी को पेड़ से नीचे उतारा। बता दें कि जगदीश कुमार गुरुवार सुबह से घर से गायब हो गए थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति शौच के लिए घर से कुछ दूर बने शौचालय गए थे। काफी देर तक जब वापस नहीं आए तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई भी पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार जगदीश डिप्रेशन की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज हमीरपुर में चल रहा था। उधर, इस संबंध में चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह पटियाल से बात की गई तो उन्होंने बताया पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए देहरा भेजा है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
सहौड़ा गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जसौर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में भेड़ी की टीम उपविजेता रही। जानकारी के अनुसार सहौड़ा गांव के मैदान में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा था। बीते दिन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जसौर और भेड़ी की टीमों के बीच खेला गया। इसमें जसौर की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि समाजसेवी परमजीत चौधरी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए।
हिमाचल प्रदेश में एक्सीडेंट के मामले बढ़ते ही जा रहे है। बीते कल देर रात कांगड़ा जिले के शाहपुर डढमब में चंबी-धर्मशाला रोड पर एक सड़क हदसा पेश आया जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अखिल निवासी गांव भटेछ और कमल निवासी गांव कुठेड तहसील धनोटू के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात को हुआ है। बताया जा रहा है कि कमल और अखिल दोनों ने रक्कड़ के बाग मेले में दुकान लगाई थी। शाम को वह दुकान बंद करके अपनी बाइक पर घर की तरफ जा रहे थे तो सामने से आ रही की उनकी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर दोनो शवों को अपने कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के आरोपी बाइक राइडर फरार हो गया।
सीमांत राज्य पंजाब के साथ पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग के प्रवेश द्वार से सटा नूरपुर शहर प्राचीन काल में धमड़ी नाम से जाना जाता था। बेगम नूरजहाँ के यहां आने के बाद शहर का नाम नूरपुर पड़ा। यहां पर राजा जगत सिंह का किला विद्यमान है। इस किले के अंदर श्री बृज राज स्वामी तथा काली माता मंदिर है। जानकार बताते है कि श्री बृजराज स्वामी मंदिर संसार में एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां कृष्ण व मीरा की मूर्तियां एक साथ शोभायमान है। सौंदर्य से परिपूर्ण एक टीलेनुमा जगह पर स्थित यह नगर कभी राजपूत राजाओं की राजधानी हुआ करती थी। इस मंदिर के इतिहास के साथ एक रोचक कथा है कि (1619 से 1623 ई.) नूरपुर के राजा जगत सिंह अपने राज पुरोहित के साथ चित्तौड़गढ़ के राजा के निमंत्रण पर वहां गए। राजा जगत सिंह व उनके राज पुरोहित को रात्रि विश्राम के लिए महल में स्थान दिया गया, उसके साथ में एक मंदिर था, जहां रात के समय राजा को उस मंदिर से घुंघरूओं तथा संगीत की आवाजें सुनाई दी। राजा ने जब मंदिर में झांक कर देखा तो उस कमरे में श्रीकृष्ण जी की मूर्ति के सामने एक उनकी एक अनन्य भक्त भजन गाते हुए नाच रही थी। राजा ने सारी बात अपने राज पुरोहित को सुनाई। राज पुरोहित ने राजा जगत सिंह को घर वापिसी पर राजा (चितौडगढ़) से इन मूर्तियों को उपहार स्वरूप मांग लेने का सुझाव दिया, क्योंकि भगवान श्री कृष्ण व मीरा की यह मूर्तियां साक्षात हैं। चितौड़गढ़ के राजा ने भी खुशी-खुशी मूर्तियां व मौलश्री का एक पेड़ राजा जगत सिंह को उपहार स्वरूप दे दिया। तदोपरांत नूरपुर के राजा ने अपने दरबार-ए-खास को मंदिर का स्वरूप देकर इन मूर्तियों को वहां पर स्थापित करवा दिया। राजस्थानी शैली की काले संगमरमर से बनी भगवान श्रीकृष्ण व अष्टधातु से बनी मीरा की मूर्ति आज भी नूरपुर किले के अंदर ऐतिहासिक श्री बृज राज स्वामी मंदिर में शोभायमान है। इसके अतिरिक्त मंदिर की भित्तिकाओं पर राजा द्वारा करवाये गए कृष्ण लीलाओं के चित्रण आज भी सभी के लिए दर्शनीय है। वर्तमान में मंदिर के संचालन व रखरखाब का जिम्मा स्थानीय स्तर पर गठित मंदिर कमेटी के पास है। प्रदेश सरकार भी समय-समय पर इसके जीर्णोद्धार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाती है। यहां पर प्रदेश के श्रद्धालुओं के अलावा सीमांत राज्य पंजाब, हरियाणा व जम्मू-कश्मीर तथा अन्य राज्यों से भी हजारों की संख्या में लोग सारा साल मंदिर में शीश झुकाते हैं। यह मंदिर अब देश के साथ विदेशी सैलानियों की आस्था और श्रद्धा का भी केंद्र बन गया है। प्रेम व आस्था के संगम के प्रतीक इस मंदिर का नूर जन्माष्टमी को छलक उठता है जब यहां पर दिन-रात श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान श्री कृष्ण तथा मीरा जी के दर्शन करने के लिए उमड़ती है। यहां पर आयोजित होने वाले जन्माष्टमी उत्सव को राज्य स्तर का दर्जा प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त इस वर्ष पहली बार होली पर्व पर दो दिवसीय होली महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें पहले दिन भगवान के द्वार में फूलों से होली खेली गई जबकि दूसरे दिन रंगोत्सव मनाया गया। यहां पर मंदिर कमेटी की तरफ से हर रविवार को श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यवस्था रहती है। इसके अतिरिक्त मंदिर के रखरखाब व विकास कार्यों में भी कमेटी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा में चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं का भारी जन सैलाब देखने को मिला। श्रद्धालुओं के लिए सुबह से ही मंदिर के कपाट खोल दिए गए, उसी समय से श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई। मंदिर अधिकारी ने बताया कि पहले नवरात्र के चढ़ावे की गणना के अनुसार 2 लाख 13 हज़ार 169 रूपये का चढ़ावा श्रद्धालुओं द्वारा मां के चरणाें में अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के द्वारा भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि दूसरे नवरात्र को माता श्री बज्रेश्वरी देवी में लगभग 7000 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।


















































