4 अप्रैल 1905 कांगड़ा में आए विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों को पुराना कांगड़ा रोड में बनाए गए स्मारक पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। यह श्रद्धांजलि जिला आपदा प्रबंधन, रेड क्रॉस सोसाइटी, प्राथमिक सहायता प्रशिक्षण केंद्र कांगड़ा द्वारा हरजीत भुल्लर के नेतृत्व में दी गई। इस दौरान उनके साथ नितिका, निर्मला, नरेंद्र, पवन, सलोनी भी उपस्थित रहे। हरजीत भुल्लर ने भूकंप आने पर क्या किया जाए, उसकी जानकारी भी साझा की।
जयसिंहपुर उपमंडल के अंतर्गत काथला बाडू दा वन हारसी पतन रोड पर बने माता कामाख्या मंदिर में 9 अप्रैल को 20वां रक्तदान शिविर लगाया जा रहा है, जो कि सुबह 9 बजे से शुरू होगा और 1 बजे तक चलेगा। यह जानकारी कामख्या मंदिर के पंडित दयानंद शर्मा ने दी। पंडित दयानंद शर्मा ने जयसिंहपुर और आसपास के क्षेत्र की जनता से अपील की है कि इस रक्तदान शिविर में अपनी भागेदारी कर महादान का पुण्य कमाएं।
थाना डमटाल पुलिस द्वारा एक व्यक्ति को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना डमटाल के प्रभारी कल्याण सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस द्वारा सोमवार रात को व्यक्ति से 16.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान राजीव कुमार, निवासी गांव गन्ना, तहसील फिल्लौर, जिला जालंधर, पंजाब के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
द्रोणाचार्य शिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक उत्सव 'नवरंग' का आयोजन किया गया। इसमें इंटर कॉलेज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कॉलेज स्तरीय बेस्ट मॉडल मेकिंग, पोट मेकिंग, डेकोरेशन, प्रश्नोत्तरी, डिक्लेमेशन इत्यादि प्रतियोगिताओं में विभिन्न कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इसमें बीएड के द्वितीय सत्र के अतुल ने डिक्लेमेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं द्वितीय सत्र की छात्राएं स्तुति और निकेता ने बेस्ट टीचिंग मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चतुर्थ सत्र की छात्राएं अंशुल और मेघा ने डेकोरेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यह हमारे लिए बहुत ही गर्व की बात है कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करके कॉलेज का नाम रोशन किया है।
शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फ़ॉर वूमेन की बीएड तथा डीएलएड की 100 छात्राओं ने पिंक सिटी जयपुर का शैक्षिक भ्रमण किया। पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान छात्राओं ने पिंक सिटी में जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, म्यूजियम, हवा महल, आमेर फोर्ट, जयगढ़ फोर्ट, विरला मंदिर, जल महल, बापू बाजार जैसी जगहों पर जाकर अलग-अलग अनुभव हासिल किए। म्यूजियम में जाकर जहां उन्होंने प्राचीन कलाकृतियों के माध्यम से उस समय की सभ्यता और संस्कृति के बारे में जाना, वहीं दूसरी ओर फोर्ट में जाकर उन्होंने महाराजा मान सिंह के जीवन, जो कि अब इतिहास बन चुका, संबंधी सारी जानकारी हासिल की। हवा महल को देखकर उन्होंने जाना कि यह महल विशेष रूप से राजपूत सदस्यों और खासकर महिलाओं के लिए बनवाया गया था, ताकि शाही महिलाएँ नीचे की गली में हो रहे रोज़ाना के नाटक नृत्य को देख सकें। जल महल से उन्होंने जाना कि अरावली पर्वत के गर्भ में स्थित यह महल झील के बीचों-बीच खड़ा है। यह महल राजस्थान की राजधानी जयपुर के मानसागर झील के मध्य स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक महल है ।साथ ही उन्होंने जाना कि सिटी पैलेस जयपुर में स्थित राजस्थानी व मुगल शैलियों की मिश्रित रचना है, जिसके प्रवेश द्वार पर संगमरमर के दो नक्काशी हाथी खड़े हैं ।कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुमन शर्मा ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से छात्राओं को भविष्य के लिए भी तैयार किया जाता है। प्रियंका, आंचल, निकिता, ईशु, तन्वी, अक्षिता, दीक्षित, तनु ,श्रेया, निहारिका, श्रुति, शिवानी कपूर, आर्या, गज़ल आदि ने बताया कि हमने शैक्षिक भ्रमण के ज़रिए बहुत सारी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं, जो भविष्य में हमारा मार्गदर्शन करेंगीं।
ज्वालाजी के अराध्य का गुरुकुल विद्यालय कुरुक्षेत्र में चयन हुआ है। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बताया 20 मार्च को गुरुकुल कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में 5वीं कक्षा में राष्ट्र स्तरीय एंट्रेंस टेस्ट में 19 राज्यों से आए हुए विद्यार्थियों ने भाग लिया। अराध्य ने यह परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य सुरजीत राणा ने इस उपलब्धि के लिए अराध्य और उसके पिता कपिल शर्मा दादा सुबोध शर्मा दादी शालिनी शर्मा सहित विद्यालय के सभी अध्यापक वर्ग को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अराध्य को मिठाई खिलाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारा विद्यालय योग्य शिक्षकों के माध्यम से देश में होने वाली विभिन्न परीक्षाओं के लिए बच्चों को तैयार करने में अपना योगदान दे रहा है। प्राचार्य ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि अराध्य ने जो कामयाबी हासिल की है, यह विद्यालय के लिए गर्व की बात है। चौथी कक्षा के छात्र अराध्य ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरजीत राणा अध्यापकों और अपने दादा-दादी और पिता को दिया।
कांगड़ा की बेटी दीक्षा शर्मा ने साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर नए आयाम स्थापित किए हैं। दिल्ली में इग्नू के मुख्य दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सामाजिक विज्ञान के सभी विषयों में टॉप करने पर दीक्षा शर्मा को प्रो. जी राम रेडी गोल्ड मेडल से अलंकृत किया।एक अन्य समारोह में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दीक्षा शर्मा को साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। कांगड़ा के शास्त्री यशपाल शर्मा के घर में जन्मी दीक्षा की नर्सरी से जमा दो तक प्रारंभिक शिक्षा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में हुई। इसके बाद उसने डीएवी से बीएससी व एचपीयू से एमएससी की डिग्री उत्तीर्ण कर धर्मशाला कॉलेज से बीएड की। मृदुल अवस्थी जो पावर ग्रिड कारपोरेशन में इंजीनियर पद पर शिमला में तैनात हैं, से शादी करने के बाद दीक्षा ने साइकोलॉजी में एडमिशन ली और पुराने सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर साइकोलॉजी में गोल्ड मेडल हासिल कर कांगड़ा और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया।
विद्युत उपमंडल खुंडियां, ज्वालामुखी नं. 1 और ज्वालामुखी नं. 2 के तहत 33/11/04 केवी. सब स्टेशन ज्वालामुखी (दरंग) की मरम्मत व उचित रख-रखाव का काम किया जाना है। इस कारण खुंडियां, सपड़ी, ज्वालाजी शहर, रेखा, सिहोरपाई, मत्याल, रतयाल, खोलियां, गलखडी, बलारडू, लौअर घलोर, सैला, बल्लियां, अधवानी, पंजयारा, धनोट, जिजल, घलौर, रोहाड़ा, गहालियां, खतौह, बल्लाआदि में 5 अप्रैल को सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। खराब मौसम के कारण यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। यह जानकारी ई० अमर चंद सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल ज्वालामुखी-2 ने दी।
पुलिस थाना इंदौरा की टीम अवैध कारोबार करने वाले लोगों पर लगातार डंडा बरसा रही है। चाहे वह माफिया से संबंधित कार्रवाई हो, चाहे सरकार के राजस्व पर डाका या फिर अवैध खनन का मामला हो। पुलिस जिला नुरपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने कुछ दिनों पहले कहा था कि अवैध खनन व नशा माफियाओं को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इसी मुहिम को आगे बढाने के लिए पुलिस थाना इंदौरा व डमटाल द्वारा हर दिन इन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बीती रात इंदौरा पुलिस द्वारा टिब्बी पंजाब बॉर्डर के साथ 4 टिप्पर व एक पोकलेन को अवैध खनन करते काबू किया गया। मौके पर डेढ़ लाख रुपये जुर्माना भी किया गया।
जसवां प्रागपुर के तहत गांव स्वाणा में सोमवार को क्रिकेट स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्य ात अतिथि कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट होते रहने चाहिए, जिससे यूथ खेलों की ओर ज्यादा ध्यान दें। जिस तरह से आजकल युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं, उन्हें ऐसे कामों से रोकने के लिए यह बहुत अच्छा प्रयास है। इसके लिए सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने कमेटी के मेंबरों की तारीफ करते हुए उन्हें धन्यवाद कहा और युवाओं से मिलकर उन्हें और मेहनत करने का हौसला दिया। मनकोटिया ने कहा ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए खुद पर विश्वास करना बहुत ज्यादा जरूरी है। आपका विश्वास ही आपको जीता सकता है। हमें अपनी एनर्जी को सही जगह इस्तेमाल करना है। वहीं क्रिकेट टूर्नामेंट क्लब के प्रबंधक सुमित बाबा व सदस्यों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कमेटी के प्रबंधक ने जानकारी देते हुए बताया आज पहला मैच स्वाणा जूनियर और टिपरी के बीच खेला गया, जिसमें टिपरी टीम विजयी रही। मनकोटिया द्वारा टीम को प्रोत्साहन राशि व क्रिकेट किट भेंट की गई।
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती डाडासीबा के पब्बल होटल में मनाई जाएगी। जयंती के उपलक्ष्य में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर सोशल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा डाडासीबा में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष रजिंदर (गोगा) द्वारा की गई। बैठक के दौरान कार्यक्रम से संबंधित हर पहलू पर चर्चा की गई। बैठक में पूर्व प्रधान धर्मचंद, मिल्खी राम, सेवानिवृत्त हेड मास्टर गुरदास राम, सेवानिवृत्त हेड मास्टर रतन चंद, मास्टर गुरवतन सिंह, सरदार जसविंदर सिंह, मास्टर गिरधारी लाल, मास्टर यशवंत, अशोक कुमार, नरेश कुमार, भजन दास, जोगिंदर सिंह, डॉ. राम किशन, सुरेश कुमार, विजय पाल, नवजीत भाटिया, गुरमीत, पवन कुमार, सोहन लाल, गुरदेव सिंह व कमल शिवा अमित सुभाष सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग प्रागपुर के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा के तहत चलाई गई गतिविधियों का 3 अप्रैल को समापन किया गया। यह गतिविधियां 20 मार्च से लेकर 3 अप्रैल तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में चलाई गईं। इस अभियान के अंतर्गत लोगों को पोषण पर जानकारी देते हुए यह बताया गया कि मोटे अनाज का प्रयोग करने से अनेक प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही मोटे अनाज के प्रयोग करने के फायदों के बारे में भी बताया गया। 3 अप्रैल को पोषण पखवाड़ा का समापन वृत्त चनौर में किया गया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी अनिल कुमार, ब्लॉक कॉर्डिनेटर राकेश, वृत्त पर्यवेशक रीता देवी, वृत्त पर्यवेशक कमलेश कुमारी व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सोमवार को देहरा विकास मंच के अध्यक्ष पवन बजरंगी ने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि देहरा को जल्द से जल्द जिला बनाया जाए। देहरा अगर जिला बनता है तो इससे विभिन्न क्षेत्रों को फायदा होगा। आज भी यहां के लोगों को कोई भी जिलास्तरीय कार्य करवाना हो तो धर्मशाला जाना पड़ता है। कई बार प्रशासन वहां मिलता है और कई बार विभिन्न कारणों की वजह से नहीं भी मिल पाता है। पवन बजरंगी ने कहा कि संग़ठन के तौर पर सभी हिमाचल के दोनों राजनीतिक दलों ने इसे जिला घोषित किया है। पवन ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में भी हम लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे और अब सरकार सुखविंदर सुखु की है तो उनसे भी यह मांग करते हैं कि जल्द से जल्द देहरा को जिला बनाया जाए। बजरंगी ने कहा कि वे क्षेत्र में जल्द ही जनजागरण अभियान की शुरुआत कर लोगों को जागरूक करेंगे।
पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट न आने से स्टूडेंटस असमंजस में हैं, ऐसे में यदि कोई स्टूडेंट गलत कदम उठाता है तो इसकी पूरी जिम्मेवारी एचपीयू की होगी। यह बात एबीवीपी के जिला कांगड़ा संयोजक अभिनव चौधरी ने कही। उनके नेतृत्व में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर एचपीयू प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अभिनव चौधरी ने कहा कि एचपीयू ने अभी तक पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट घोषित नहीं किया है। यह एचपीयू की नाकामी है। पिछले वर्ष का ही रिजल्ट नहीं आया है जबकि मंगलवार से इस वर्ष के फाइनल एग्जाम शुरू हो रहे हैं। ऐसे में स्टूडेंटस असमंजस की स्थिति में हैं कि पिछले वर्ष में रोलबैक करवाएं या आगे की तैयारी करें। यदि स्टूडेेंटस कोई अनचाहा कदम उठाते हैं तो क्या एचपीयू प्रशासन इसकी जिम्मेवारी लेगा। इसी कड़ी में एबीवीपी की ओर से डीसी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। एबीवीपी ने पहले भी पुनर्मूल्यांकन के रिजल्ट के लिए धरना प्रदर्शन किया है। धर्मशाला से उठने वाली स्टूडेंटस हित की आवाज शिमला तक भी जा सकती है और उग्र आंदोलन भी हो सकता है। पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट न आने से स्टूडेंटस के 2-2 साल बर्बाद हो जाएंगे, ऐसे में स्टूडेंटस गलत कदम उठाते हैं तो पूरी जिम्मेवारी एचपीयू की होगी तथा रिजल्ट का इंतजार कर रहे स्टूडेंटस के साथ एबीवीपी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
वन रैंक, वन पेंशन पार्ट 2 के तहत पेंशन में आई विसंगतियों को लेकर पूर्व सैनिकों ने संघर्ष का रास्ता अख्तियार कर लिया है। इसी कड़ी में सोमवार को जिलाभर के पूर्व सैनिकों ने डीसी कार्यालय के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी की और जिला प्रशासन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। पूर्व सैनिकों का कहना है कि सेना में दिव्यांगता, विधवा या इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अनहोनी होने पर जो पेंशन सैनिकों को दी जाती है। उसमें अफसरों से लेकर जवानों तक भारी अंतर है। यदि एक अधिकारी दिव्यांगता को प्राप्त होता है तो सेना की तरफ से उसे 2.41 लाख पेंशन के रूप में दिए जाते हैं, लेकिन यदि एक जवान दिव्यांग हो जाए तो उसे महज 15 हजार रुपए पेंशन दी जा रही है। दूसरी तरफ पूर्व सैनिक राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने कहा कि वन रैंक वन पेंशन मुद्दे को लेकर जो संघर्ष यहां पर शुरू हुआ है यह दिल्ली तक जाने वाला है। पूर्व ऑनरेरी कैप्टन कपूर सिंह गुलेरिया ने कहा कि अधिकारी ज्यादा डिसेबिलिटी लेकर आ रहे हैं, ऑफिसर और जवान दोनों गोली खाते हैं, लेकिन इसमें भी अधिकारियों को ज्यादा भत्ता दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के ध्यान में हम इन सभी मांगों को लाना चाहता हैं। वर्ष 2024 में लोकसभा का चुनाव आ रहा है, हमारी मांगें पूरी न हुई तो हम सरकार गिराना भी जानते हैं और उठाना भी जानते हैं। हमें राजनीति से कोई मतलब नहीं, हमारी मांगें न मानी गई तो जो भी सरकार केंद्र में बैठी है, उसे सबक दिखाएंगे। पूर्व सैनिक सुनील खनका ने कहा कि 1965 और 1971 की लड़ाई में जिन सैनिकों ने अपनी जान लगाई है, उनकी पेंशन कुछ भी नहीं है। एक ओआर की पत्नी को 9 हजार पेंशन मिलता है और एक अधिकारी की पत्नी को 72 हजार पेंशन मिलता है, सैनिकों व अधिकारियों की पत्नियों में भी रैंक होता है क्या, उनके पति रैंक में आए थे, उनकी पत्नियां रैंक में नहीं है। अधिकारियों की पेंशन बढ़ाई गई, जबकि निचले स्टाफ की पेंशन को कम किया गया है। पे-कमीशन में जेएसओार को भी रखा जाए। पीएम ने रेवाड़ी में पूर्व सैनिकों से वादा किया था कि मैं फौजी के साथ हूं। हर दीपावली पर पीएम बॉर्डर पर सैनिकों से मिलने जाते हैं, लेकिन वेल्फेयर के मामले में जीरो हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के विरोध में युवा कांग्रेस जिला कांगड़ा भी मुखर हो गई है है। रविवार शाम कांगड़ा विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष इशांत चौधरी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने कांगड़ा में मशाल जुलूस निकाला, जिसमें मुख्य रूप से कांगड़ा जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पंकज कुमार पंकू शामिल हुए। जिलाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता भाजपा को रास नहीं आ रही। यही वजह है कि भाजपा संसद में राहुल के सवालों के जवाब देने से भी कतरा रही है, जिस कारण राहुल गांधी की विचारों को अभिवयक्ति की आड़ में उनकी संसद सदस्यता को रद्द कर दिया गया। कहा कि राहुल के खिलाफ केंद्र सरकार की इस कार्रवाई को युवा कांग्रेस सहन नहीं करेगी तथा इसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। केंद्र सरकार ने हमारे नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल नहीं की तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस अवसर पर अरुण मनकोटिया उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस कांगड़ा, निखिल जमवाल एनएसयूआई डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट, अभिषेक डोगरा, रोहित कुमार, सौरभ जानी, सागर चौधरी, सिद्धांत मोगरा, ऋषभ चौधरी, पार्थ, अमन, अतुल, पवन राणा, रितिक समीर, अभिषेक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश की सियासत में जिला कांगड़ा का सियासी वजन सबसे ज्यादा है। शिमला की गद्दी का रास्ता कांगड़ा से होकर ही गुजरता है। जो राजनैतिक दल कांगड़ा फ़तेह करता है, सत्ता भी उसी को नसीब होती है। ये ही कारण है कि सरकार किसी की भी हो, कांगड़ा के मान-मनौव्वल और अधिमान का पूरा ख्याल रखा जाता है। इस बार भी कांग्रेस को जिला की 15 में से 10 सीटें मिली और सत्ता भी उसी को मिली। पर सरकार में कांगड़ा को अब तक वो अधिमान नहीं मिला, जिसकी अपेक्षा थी। मुख्यमंत्री सहित कुल 9 मंत्रियों में से अब तक कांगड़ा के खाते में सिर्फ एक मंत्रिपद आया है और वो है वरिष्ठ नेता और ज्वाली विधायक चौधरी चंद्र कुमार। हालांकि इसके अलावा कांगड़ा को आशीष बुटेल और किशोरी लाल के रूप में दो सीपीएस भी मिले है और युवा नेता रघुबीर बाली और गोकुल बुटेल को कैबिनेट रैंक दिए गए है। पर मंत्रीपद तो आखिर मंत्रिपद होता है और कांगड़ा को फिलवक्त नए मंत्रियों का इन्तजार है। सुक्खू कैबिनेट में अभी तीन मंत्री पद रिक्त है और इन्हीं तीन पदों पर चाहवानों की निगाहें टिकी है। इस फेहरिस्त में कांगड़ा के कई चेहरे शामिल है। ज्वालामुखी से संजय रतन, धर्मशाला से सुधीर शर्मा ,जयसिंहपुर से यादविंदर गोमा ,फतेहपुर से भवानी पठानिया मंत्री पद के दावेदारों में शामिल है। पहले बात उस चेहरे की करते है जो पहले विस्तार में ही मंत्रिपद की दौड़ में आगे माने जा रहे थे, लेकिन सियासत में कब समीकरण बदल जायें, कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही कुछ अब तक होता दिखा है धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा के साथ। वीरभद्र सरकार में सुधीर शर्मा को नंबर दो माना जाता था और कहते है तब सुधीर की रज़ा में ही वीरभद्र सिंह की रज़ा होती थी। फिर सियासी फिजा कुछ यूँ बदली कि 2017 में सुधीर विधानसभा भी नहीं पहुंच पाएं। 2019 के उपचुनाव से भी उन्होंने खुद को दूर कर लिया। इस बार सुधीर शर्मा जीतने में कामयाब ज़रूर रहे है लेकिन पहले मंत्रिमंडल विस्तार में सुधीर शर्मा को जगह नहीं मिली। अब दूसरे चरण में उनका नाम शामिल होता है या नहीं ये तो समय ही तय करेगा। पर निसंदेह उनका दावा कमतर बिलकुल नहीं है। दूसरा नाम जो सबसे ज़्यादा चर्चा में है वो नाम है ज्वालामुखी से विधायक संजय रतन का। संजय रतन के राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से हुई है। 2003 और 2007 में संजय रतन ने ज्वालामुखी विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। फिर 2012 में जब प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आयी तो संजय रतन भी पहली दफा चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद 2017 में सत्ता परिवर्तन हुआ तो संजय रतन भी चुनाव हार गए। इस बार संजय रतन ने जीत हासिल की है और दूसरी बार विधायक बने है। संजय रतन ब्राह्मण चेहरा है और जिला काँगड़ा से है। ऐसे में क्षेत्रीय समीकरण बैठाने और जातीय संतुलन साधने के लिए संजय रतन का नाम भी मंत्रिपद की दौड़ में आगे माना जा रहा है। यादविंदर गोमा भी मंत्रीपद की फेहरिस्त में शामिल माने जा रहे है। दरअसल यादविंदर गोमा एससी चेहरा है और जानकार मान रहे है कि एक मंत्री एससी कोटे से हो सकता है और दूसरा ब्राह्मण। ऐसे में जाहिर है जो एससी चेहरा चर्चा में है वो जयसिंहपुर से दूसरी बार विधायक बने यादविंदर गोमा हो सकते है। अब यदि ऐसा होता है तो संभव है कि गोमा कई वरिष्ठ नेताओं को पछाड़ कर मंत्री पद ले जाएं। एक और नाम की चर्चा जरूरी है। कॉर्पोरेट करियर को अलविदा कहकर सियासी दंगल में उतरने वाले भवानी सिंह पठानिया का नाम भी मंत्रीपद के चेहरों में शामिल माना जा रहा है। दरअसल स्वर्गीय सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनके बेटे भवानी सिंह पठानिया ने जीत दर्ज कर प्रदेश की सियासत में एंट्री ली और इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भी पूर्व में मंत्री रहे राकेश पठानिया को मात देकर भवानी विधानसभा पहुंचे। अब भवानी पठानिया को भी सुक्खू मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी इसको लेकर कयासों का सिलसिला जारी है। जानकार मानते है कि भवानी कई दिग्गजों को पछाड़ कर बाजी मार सकते है। हर सरकार में मिलती है तवज्जो : कांग्रेस को सत्ता की चाबी देने में जिला कांगड़ा का बड़ा योगदान रहा है। पिछली कई सरकारों की बात की जाए तो ज़िला काँगड़ा को हर बार तीन से चार मंत्री मिलते रहे है। पिछली जयराम सरकार में कांगड़ा को विधानसभा अध्यक्ष के अलावा तीन मंत्री पद मिले थे। इस बार भी सुक्खू कैबिनेट में कांगड़ा को लगभग तीन मंत्री मिलना के कयास लगाए जा रहे है। अब दूसरे कैबिनेट विस्तार का इन्तजार है। कांगड़ा के लिए हुई कई घोषणाएं : हाल ही में बजट सेशन के दौरान सुक्खू सरकार ने जिला काँगड़ा के लिए कई बड़ी घोषणाएं की है। जिला काँगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने के साथ-साथ अन्य कई बड़े फैसले लिए गए है। जाहिर है सुक्खू सरकार जिला काँगड़ा को तवज्जों देने की पूरजोर कोशिश कर रही है, लेकिन अब भी मंत्री पद को लेकर जिला काँगड़ा आस लगाए बैठा है।
पंचरुखी तहसील के अंतर्गत आने वाले एक छोटे से गांव मकोल के एक साधारण से परिवार से आने वाली डॉ. नेहा कटोच का चयन हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर फिजिक्स के पद पर किया गया है। डॉ. नेहा कटोच के पिता नरेंद्र चंद्र अपना प्राइवेट काम करते हैं तथा माता राज कटोच एक गृहिणी हैं। नेहा कटोच ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई मकोल में ही पूरी की। उसके बाद बीएससी शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर से की। एमएससी फिजिक्स तथा एमफिल हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से की। इसके बाद पीएचडी फिजिक्स की उपाधि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला से प्राप्त की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग से फिजिक्स में सेट की परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। उनके चयन से पूरे गांव में खुशी की लहर है। नेहा कटोच ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त फिजिक्स के प्रोफेसर पीके आहलूवालिया, सेंट बीड्स कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सपना शर्मा, अपनी पीएचडी के पर्यवेक्षक और वर्तमान में केंद्रीय विश्वविद्यालय पंजाब में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जगदीश कुमार, डॉ. नागेश ठाकुर तथा प्रोफेसर अशोक कुमार को दिया है।
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के हरनी छिंज मेले में कुश्ती की बड़ी माली सरवन डेरा बाबा नानक ने जस्सा पहलवान को हराकर जीती। वहीँ छोटी माली विकास ने जीती। विजेता पहलवानों को विधायक पवन काजल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बड़ी माली के विजेता को मेला कमेटी द्वारा 21 हजार और छोटी माली के विजेता को 11 हजार रुपये की नकद राशि व स्मृति चिन्ह दिए गए। इस दौरान विधायक पवन काजल ने कहा कि मेले हमारी धरोहर हैं और युवा पीढ़ी का मेलों के आयोजन में योगदान महत्वपूर्ण है। विधायक ने कहा कि मेले हमारी सभ्यता, संस्कृति और आपसी भाईचारे के परिचायक हैं। उन्हाेंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मेलों का आयोजन एक चुनौती बन गया है। बावजूद इसके ग्रामीण स्तर पर मेलों का आयोजन एक सराहनीय ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा मेलों के आयोजन से जहां समाज में भाईचारा बढ़ता है। वहीं, लोगों को ग्रामीण परिवेश की अपनी संस्कृति से रू-ब-रू होने का मौका भी मिलता है। उन्होंने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की राशि भेंट की। हरनी छिंज मेला रवि कांत प्रधान मेला कमेटी नहीं विधायक पवन काजल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और मेला ग्राउंड के विकास के लिए विधायक निधि से धन की मांग रखी। इस मौके पर संजीव, रजनीश कुमार, राजेश कुमार, स्वरूप, कुमार सैनी, अशोक, अजीत, अजय, मदन, देव राज भी उपस्थित रहे।
कांगड़ा : सीवरेज सिस्टम से जुड़ेंगे मटाैर, घुरकड़ी, कच्छियारी, वीरता, जोगीपुर, ललहेड़ व नटहेड़ : काजल
कांगड़ा शहर के साथ लगते लगभग 6 गांवों को 60 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। विधायक प्राथमिकता में शुमार रहे इस कार्य को 4 साल में पूरा किया जाएगा। मटाैर, घुरकड़ी, कच्छियारी, वीरता, जोगीपुर, ललहेड़ व नटहेड़ आदि गांवाें काे इस सीवरेज परियोजना में शामिल किया गया है। इस परियोजना से करीब 25 हजार की आबादी को लाभान्वित हाेगी। यह बात आज स्थानीय विधायक पवन काजल ने पत्रकाराें को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कांग्रेस सरकार के 3 माह के कार्यकाल को हनीमून पीरियड की संज्ञा दी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान जो 10 गारंटी देने का वादा किया गया था, वह पूरा नहीं हो पाया। महिलाएं 1500 रुपये महीना पेंशन का इंतजार कर रही हैं और युवा स्टार्टअप के लिए सरकार की राह देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला है, लेकिन इसकी अनदेखी सरकार को महंगी पड़ेगी। उन्होंने कांगड़ा जिला के विधायकों से भी अपील की कि वे जिला की विकास योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि कांगड़ा जिले को तवज्जो मिले। उन्होंने अफसोस प्रकट किया कि कांगड़ा को एक मंत्री ही मिल पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में हालात खराब हैं। डॉक्टरों को स्थानांतरित किया जा रहा है। सुविधाओं का भी अभाव है।
उच्च न्यायालय के न्यायधीश एस बेदी ने पत्नी के साथ आज प्राचीन व ऐतिहासिक काठगढ़ मंदिर में शिवलिंग के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना भी की। न्यायधीश ने मंदिर सुधार सभा द्वारा मंदिर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उनके अलावा चंडीगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश राजीव शर्मा ने भी मंदिर में माथा टेका। प्रधान ओम प्रकाश कटोच, कार्यालय सचिव जोगिंदर पाल भारद्वाज, सचिव सुरिंदर शर्मा व मैनेजर देवेंद्र गौतम द्वारा उन्हें सिरोपा व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
न्यायालय के आदेशों के बाद जल्दबाजी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करना लोकतंत्र की हत्या है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में जनता के मिले समर्थन से भाजपा बौखला गई है, जिस कारण जल्दबाजी में राहुल की सदस्यता जल्दबाजी में रद्द कर दिया। शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला के अध्यक्ष विनीत धीमान ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की सदस्यता को रद्द करना लोकतंत्र के खिलाफ है। इस दौरान कांग्रेस ओबीसी सेल के प्रदेशाध्यक्ष विक्रम चौधरी ने कहा कि पहली बार हुआ है कि जब संसद में अडानी पर सवाल पूछने पर सत्ता पक्ष को कार्रवाई रोकनी पड़ी। राहुल गांधी ने केवल अडानी कंपनी का लेखा जोखा मांगा था जिस पर सत्ता पक्ष बौखला गया। हिडनबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया था कि अडानी की कंपनी धोखाधड़ी कर रही है, जिस पर ही संसद में राहुल ने जवाब मांगा था, लेकिन सत्ता पक्ष इसका जवाब नहीं दे पाई। जनता द्वारा लोकतांत्रित तरीके से चुने गए प्रतिनिधि ने सवाल पूछे तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि अडानी की प्रधानमंत्री के साथ मित्रता है, लेकिन मित्रता का बोझ देश की साख पर नहीं पडऩा चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले 15-15 लाख और रोजगार के नाम पर चुनाव लड़ा गया, उसके बाद धर्म के आधार पर और अब भाजपा जाति के आधार पर चुनाव लडऩा चाहती है। ओबीसी वर्ग को जितने भी लाभ दिए गए हैं, वह कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दिए गए हैं। भाजपा सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
विकास खंड कांगड़ा के तहत पड़ते गांव पैहग में आज दाे दिवसीय चफड़ छिंज मेले का समापन हाे गया। जानकारी देते मेला कमेटी प्रधान सुनील दत्त ने कहा कि गांव पैहग में दाे दिसवीय चफड़ छिंज मेला का आयाेजना 30 व 31 मार्च काे किया जाता है, मगर 31 मार्च काे भारी बारिश के चलते छिंज मेले काे स्थगित कर दिया था, जिसका आयाेजन आज पहली अप्रैल काे किया गया। इस माैके पर भाजपा प्रदेश सचिव वीरेंद्र चाैधरी, जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी आदि ने बताैर मुख्यातिथि शिकरत की। मेला कमेटी के प्रधान सुनील दत्त ने उपस्थित आतिथियाें काे पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यातिथियाें ने कहा कि मेले हमारी सभ्यता, संस्कृति और आपसी भाईचारे के परिचायक हैं। उन्हाेंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में मेलों का आयोजन एक चुनौती बन गया है। बावजूद इसके ग्रामीण स्तर पर मेलों का आयोजन एक सराहनीय ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा मेलों के आयोजन से जहां समाज में भाईचारा बढ़ता है। वहीं, लोगों को ग्रामीण परिवेश की अपनी संस्कृति से रू-ब-रू होने का मौका भी मिलता है। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़, जिला परिषद सदस्य कुलभाष चौधरी, भाजपा नेता वीरेंद्र चौधरी, मेला कमेटी प्रधान सुनील दत्त, राकेश कुमार व जसवीर चौधरी सहित सभी मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
डीएवी कॉलेज कांगड़ा के लोअर गर्ल्स हॉस्टल में आज अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नैंसी शर्मा को मिस फेयरवेल, प्रिया को मिस चार्मिंग और छवि को मिस पर्सनैलिटी के खिताब से नवाजा गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिंदु पटियाल ने शिरकत की। इसके अतिरिक्त न्यू बॉयज हॉस्टल के चीफ वार्डन डॉ. नरेश शर्मा तथा डॉ. यांचन डोलमा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। हॉस्टल में पहुंचने पर चीफ वार्डन प्रो मंजू पार्ती ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का पुष्पगुच्छ प्रदान करके औपचारिक स्वागत किया। समारोह के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने सभी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि छात्रावास के जीवन से भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने में प्रेरणा मिलती है। इसके साथ ही प्रो मंजू पार्ती और डॉ. नरेश शर्मा ने भी छात्राओं को आशीर्वाद दिया।
राजकीय महाविद्यालय तकीपुर में एचजीसीटीए की स्थानीय इकाई द्वारा आज एचजीसीटीए द्वारा 2 अप्रैल को प्रस्तावित राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर हिमाचल प्रदेश एचजीसीटीए सेंट्रल एक्सक्यूटिव की आम सभा के संदर्भ में विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया कि उक्त विशेष बैठक के एजेंडा में प्रस्तावित विषय पर स्थानीय इकाई सेंट्रल एक्सक्यूटिव को अपना समर्थन प्रदान करती है। पूर्व में एचजीसीटीए द्वारा किए गए प्रयासों पर धन्यवाद प्रेषित करते हुए स्थानीय इकाई द्वारा डॉ. नीरज शर्मा व डॉ. भगवान दास को बैठक में स्थानीय इकाई के प्रतिनिधित्व हेतु नामित किया गया तथा भविष्य में रोटेशन वाइस प्रतिनिधित्व का संकल्प लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थानीय इकाई द्विमासिक बैठक आयोजित कर कर्मचारी व अध्यापक वर्ग के विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक विमर्श को बढ़ावा देगी।
राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के विराेध में प्रदेश ब्लॉक कांग्रेस ने हर ब्लॉक में आज एक प्रेस वार्ता रखी है। इसी कड़ी में कांगड़ा में प्रदेश ब्लॉक कांग्रेस के सचिव नागेश्वर मनकाेटिया और पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू ने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा द्वारा लाेकतंत्र का गला घाेंटा जा रहा है। भाजपा राहुल गांधी से इस कदर डरी हुई है कि सत्ता की पूरी मशीनरी काे लगाकर उनकी आवाज काे दबाने का काेशिश की जा रही है। उन्हाेंने कहा कि राहुल गांधी ने कुछ भी गलत नहीं बाेला है। राहुल गांधी ने कहा कि देश के आम लाेगाें का 50 हजार कराेड़ रुपए जाे एलआईसी में था, वाे किसके कहने पर आडानी की कंपनी में लगाया गया। उन्हाेंने कहा कि आडानी की जाे सेल कंपनियाें हैं, उसमें 20 हजार कराेड़ आडानी के नहीं हैं, वाे किसका है और किसके कहने पर यह पैसा उनकी कंपनियाें में लगाया गया है। इसमें राहुल गांधी द्वारा कुछ भी गलत नहीं कहा गया है। उन्हाेंने कहा कि भाजपा हमेशा से ही प्राेपाेगेंडा और धर्म की राजनीति ही करती रही है। नागेश्वर मनकाेटिया और सुरेंद्र काकू ने कहा कि माेदी के इस तानाशाही दाैर में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस राहुल गांधी के साथ चट्टान की तरह खड़ी है और वे इसके लिए काेई भी कीमत चुकाने काे तैयार है। इस अवसर पर इशांत चाैधरी, सुदर्शना देवी समेला प्रधान, अरूण कुमार प्रधान हलेड़कलां पंचायत, पूर्व जिला परिषद संजय कांचा, वेद प्रकाश, राजेश कुमार प्रधान रजियाना पंयाचत, पवन कुमार, कमल कुमार, पूर्व बीडीसी सदस्य कांता सराेच, संजीव धीमान आदि कई ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता माैजूद रहे।
इंदौरा व डमटाल थाना पुलिस को अवैध माइनिंग, नशा तस्करी व अन्य अवैध कार्यो में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान छेड़ने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस बात की जनकारी देते हुए एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि इंदौरा व डमटाल थाना के अंतर्गत पुलिस टीम को क्षेत्र में अब नो टॉलरेशन के तहत जारी विशेष अभियान के तहत अवैध खनन करने, नशा तस्करी , बुलेट मोटरसाइकल पर पटाखे चलाने व एक्सट्रा साइलेंसर लगाने तथा किसी भी प्रकार के वाहन को शराब पीकर चलाते हुए पकड़े जाने पर बख्शा नहीं जाएगा। इसमें ऐसे किसी भी व्यक्ति का वाहन भी जब्त होगा तथा उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। अतः सभी सतर्क रहें और सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अवैध माइनिंग तथा नशा तश्करी की मिल रही शिकायतों के चलते इंदौरा थाना व डमटाल थाना के अधीन अब पहले से भी ज्यादा सख़्ती बरती जाएगी, ताकि कोई भी अवैध माइनिंग न कर सके। अवैध खनन ले जाते वाहन को भी जब्त कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने नशा तस्करों व सप्लायरों को चेताया है कि इस अनैतिक धंधे को छोड़ दें। इससे कई घर बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंदौरा व डमटाल थाना के विभिन्न सीमांत गावों में रात की गश्त भी जारी रहेगी। स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों की पहचान बताएं।
केंद्रीय विश्वविद्यालय के शाहपुर परिसर की सत्र 2023 - 2024 की शोध समिति का गठन 31 मार्च को किया गया। समिति गठन के उपलक्ष्य में लगभग 70 शोधार्थी उपिस्थित रहे, जिसमें विषेश तौर से डॉ. हरीश गौतम प्रांत शोध कार्य प्रमुख तथा चुनाव अधिकारी नवनीत कौसल उपस्थित रहे। इस दौरान शोधार्थी दिव्या ठाकुर (रसायन विज्ञान) को सर्वसम्मति से समिति की संयोजिका चुना गया। दानिश (जीव विज्ञान) व पूजा (भौतिक विज्ञान) को सह संयोजक, पंडित प्रशांत (पर्यावरण विज्ञान) को मीडिया प्रमुख, मनीष (वनस्पति विज्ञान) को मीडिया सह प्रमुख, सुनील प्रजापति (गणित विभाग) को कार्यशाला प्रमुख एवं शुभम जसरोटिया (गणित विभाग) को सम्मेलन/सेमिनार प्रमुख चुना गया।डॉ. हरिश गौतम ने सभी शोधार्थियों को शोध की जानकारी देते हुए बताया कि शोध समिति का गठन करने का उद्देश्य शोधार्थियों के बीच एक ऐसा मंच तैयार करना है, जिससे अलग-अलग विषय के शोधार्थी एक मंच पर आकर अपने विचार साझा कर सकें। शोध सभी विषयों के शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाने के लिए भारत के अनुसंधान समुदाय के साथ संवाद शुरू करने का एक प्रयास है। शोध समाज के विकास के लिए अनुसंधान के लिए एक बहु-विषयक और समग्र दृष्टिकोण अपनाने का अवसर देता है। एक गतिशील और नवोन्मेषी अनुसंधान विद्वान समुदाय समस्याओं को राष्ट्रीय परिवर्तन के अवसरों में बदलता है । शोध विचारों के निर्बाध आदान-प्रदान के लिए इन अवसरों के साथ-साथ शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों के व्यक्तिगत प्रयासों का उपयोग करता है। इस पहल के तहत विद्वानों को अनुसंधान करने और वैज्ञानिक तरीकों और अनुसंधान नैतिकता के आधार पर पूर्वाग्रहों से दूर निष्कर्ष प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
पूनम कौंडल ने पंजाब के बाद हिमाचल के पंचरुखी के सल्याणा ऐतिहासिक छिंज मेले में भी मंच संचालन के कार्य को बखूबी अंजाम दिया। हिमाचल में जन्मी पूनम कौंडल ने अपनी पढ़ाई पंजाब के लुधियाना से पूरी की है। पढ़ाई के साथ-साथ बचपन से ही पूनम एंकरिंग, स्टेज शो और सिंगिंग के शौक को आगे बढ़ाते हुए आज ज़िला और राज्य स्तरीय मेलों, सरकारी और गैर सरकारी कार्यक्रमों में एंकरिंग कर रही हैं। इसी के साथ इंटरनेशनल कंपनीज, स्कूलों, कॉलेजों में पंजाबी व हिंदी भाषा में मंच का संचालन कर रही हैं। पूनम कौंडल ने पिछले वर्ष 2022 में जयसिंहपुर के राज्य स्तरीय दशहरा मेला में भी मंच का संचालन किया था।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर की बेटी नौसेना में तकनीकी अधिकारी बनी हैं। 30 मार्च को आईएनएस वालसुरा गुजरात में नौसेना अकादमी में हुई पासिंग आउट परेड में नितिका सिंह पुत्री कैप्टन निर्मल सिंह व वनीता कुमारी सब लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त हुई हैं। भारतीय नौसेना में आईटी ऑफिसर तकनीकी अधिकारियों का यह पहला महिला बैच पासआउट हुआ है। इस तरह से नितिका सिंह हिमाचल प्रदेश से पहली तकनीकी अधिकारी बनी हैं। नितिका सिंह ने ग्राफिक एरिया यूनिवर्सिटी देहरादून से बीएससी आईटी व एनसीसी सी सर्टिफिकेट तथा पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से आईटी में एमएससी की है। नितिका सिंह का बचपन से ही सपना था कि वह भी अपने दादा स्वर्गीय सरदार रतन सिंह, पिता कैप्टन निर्मल सिंह तथा भाई अमनदीप सिंह की तरह सेना में अधिकारी बनकर देश तथा अपनी मातृभूमि की सेवा करे।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला डाडासीबा में बच्चों के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। स्कूल के हेडमास्टर यशवंत सिंह ने बताया पढ़ाई तथा खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं एसएमसी सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डाडासीबा के तहसीलदार बीरबल सिंह, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी डाडा सीबा परमिंदर सिंह डडवाल, एसएमसी प्रधान बबीता चौधरी, वार्ड पंच कमल कुमार, जेबीटी रिंकू कुमारी तथा सभी बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
पंचायत डाडासीबा के प्रधान परमेश्वरी दास ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि पंचायत में बिना पंजीकरण के फेरी लगाकर सामान बेचने वाले प्रवासियों पर अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधान ने कहा कि बाहरी राज्य का कोई भी अनजान व्यक्ति पंचायत डाडासीबा में प्रवेश नहीं कर पाएगा। प्रधान ने बताया कि गत दिनों देहरा उपमंडल के गांव जौड़बड में बुजुर्ग पति-पत्नी को बंधक बनाकर हुई लूटपाट के बाद पंचायत ने यह फैसला लिया है। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे बाहरी राज्य से आने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति से कोई सामान न खरीदें और अगर कोई ऐसा व्यक्ति नजर आता है तो उसकी सूचना पंचायत को दें।
डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान के दिशा-निर्देशों के अनुसार नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस थाना रक्कड़ के थानेदार गुरदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस थाना रक्कड़ ने चमुखा में वीरवार को गश्त के दौरान एक व्यक्ति से संतरा मार्का की देसी शराब की 2 पेटियां पकड़ी हैं। आरोपी की पहचान राजीव सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी कुकार चपलाह के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने बताया कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राचीन एवं ऐतिहासिक स्वयं भू प्रकट आदि शिवलिंग काठगढ़ मंदिर की सुधार सभा द्वारा राम नवमी पर दुर्गा सप्तसती पाठ व हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद रिहोली व खेत्री कलश का ब्यास नदी में विसर्जन किया गया। सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच व पदाधिकारियों द्वारा कंजक पूजन भी किया गया। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सभा समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से क्रिकेट सब सेंटर हरिपुर के लिए 2 अप्रैल को खिलाड़ियों के ट्रायल लिए जाएंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए सब सेंटर के मुख्य कोच गुलशन चौधरी ने बताया कि HPCA के सब सेंटर हरिपुर के लिए वर्ष 2023-24 के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु 2 अप्रैल को सुबह 10 बजे हरिपुर के मैदान में स्थित सब सेंटर में ट्रायल होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रायल 9 बर्ष से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों के होंगे, इसमें लड़के व लड़कियां दोनों का चयन किया जाएगा। गुलशन ने कहा कि इस ट्रायल के लिए किसी भी तरह की कोई भी फीस खिलाड़ियों से नहीं ली जाएगी। इस ट्रायल में पास हुए खिलाड़ियों को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सब सेंटर हरिपुर में कोचिंग दी जाएगी।
नवरात्र पर्व पर उपमंडल के तहत जगह-जगह पर भंडारे और कीर्तन आयोजित किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत लंबागांव में माता मंदिर आशापुरी में भी दूर-दूर से भक्त पहुंचे और माता के चरणों में शीश नवाया। स्थानीय गांवों की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी क्षेत्रवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। जालग में बने आशापुरी माता मंदिर में भी पूजा-अर्चना के बाद भंडारा का भी लगाया गया। मंदिर के संयोजक रिटायर सब इंस्पेक्टर रतन चंद ने कहा कि मंदिर में माता रानी के नवरात्रे बड़ी धूमधाम से मनाए गए। इस अवसर पर लंबागांव मंदिर कमेटी प्रधान रमेश चौधरी सचिव ओम प्रकाश, कर्म चौधरी, वीरेंद्र लगवाल, सोनू, लक्की, नरेंद्र ग्राम पंचायत के प्रधान सुमन मेहरा पूर्व प्रधान विनोद मेहर पूर्व बीडीसी सदस्य राजेश मेहरा के सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
विश्व योग गुरु रंजीत सिंह योगी के द्वारा राम नवमी पर त्रिगर्त दिव्य योग आश्रम पुराना कांगड़ा में श्री राम जय राम जय जय राम का 1008 बार जाप व संकीर्तन किया गया। इसके बाद हवन का भी आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर योगी रणजीत सिंह ने सभी भक्तों को राम नाम की महिमा सुनाई। जूम के माध्यम से विदेशी भक्तों ने भी इस संकीर्तन का आनंद लिया।
मुंबई के तिलक नगर के निवासी कृष्ण शर्मा 13 वर्षों से बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा में मां के भक्तों के लिए लंगर लगा रहे हैं। उनकी मां बज्रेश्वरी में अटूट आस्था है। कृष्ण शर्मा का कहना है कि साल 2010 में एक मित्र के माध्यम से मां बज्रेश्वरी के दर पर प्रथम बार आना हुआ। यहां आने के उपरांत मन को एक असीम शांति मिली और मन में मां के भक्तों के लिए लंगर लगाने का विचार आया। उन्होंने प्रथम बार साल 2010 में मां के भक्तों के लिए लंगर लगाया और तब से लेकर आज तक मां की कृपा से लगातार भंडारा लगाते आ रहे हैं। उनके द्वारा यह लंगर शरद कालीन और ग्रीष्म कालीन दोनों नवरात्रों के दौरान लगाया जाता है। कृष्ण शर्मा लंगर का सारा सामान मुंबई से ही लेकर आते हैं। आज मंदिर प्रशासन द्वारा कृष्ण शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। कृष्ण शर्मा का कहना है मां की कृपा सब भक्तों पर और उन पर हमेशा ऐसे ही बनी रहे और वे इसी तरह हर वर्ष मां के भक्तों के लिए लंगर लगाते रहें।
पुलिस थाना देहरा के अंतर्गत पंचायत गंगोट स्थित एक निजी होटल के कमरे में व्यक्ति की मौत का कथित मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने इस निजी होटल में कमरा लिया था। सुबह होटल वालों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने नहीं खोला। मामले में देहरा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। गंगोट पंचायत के उप प्रधान सौरभ पराशर ने बताया कि मृतक की पहचान रणजीत सिंह उम्र 43 साल पुत्र सरवन राम, निवासी बलवाल बंगा नवाशहर पंजाब के रूप में हुई है। उप प्रधान के अनुसार व्यक्ति ने अधिक शराब पी रखी थी, जिससे उसकी मौत हुई है। हालांकि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी देहरा संदीप पठानिया टीम सहित घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। जल्द ही शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।
एमसीएम डीएवी महाविद्यालय कांगड़ा में कंप्यूटर साइंस के छठे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए पीआई सॉफ्ट कंपनी, फेस-8 मोहाली द्वारा जॉब प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में कंपनी की एचआरएम ज्योति ने अपनी टीम के साथ शिरकत की। इस कैंप में कुल 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कंपनी के लिए 3 विद्यार्थियों कार्तिक, सोनाली और अनीश सागर का चयन हुआ। कंपनी द्वारा चयनित इन अभ्यर्थियों को पहले तीन महीने ट्रैनिंग के साथ आंशिक वेतन भी दिया जाएगा और ट्रैनिंग के कम्पलीट होने के बाद इन विद्यार्थियों को स्थाई नौकरी दी जाएगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने विशेष बातचीत में बताया कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे छात्रों का भविष्य संवारने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रो. सुमित पठानिया, प्रो. आशीष धीमान, प्रो. ज्योत्सना, प्रो. रोबिन मोंगरा और लैब अटेंडेंट आशीष पठानिया भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड ने बिजली का बिल जमा करवाने के लिए एक अधिसूचना जारी की है। एसई इंजीनियर पुनीत सोंधी ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने बिजली के बिल जमा नहीं करवाएं हैं, वे अपने बिल कार्यालय में जाकर जमा करवाएं। उन्हाेंने कहा कि परिचालन वृत कांगड़ा के अधीन आने वाले समस्त विद्युत उपमंड़लों जैसे कांगड़ा, नगरोटा बगवां, देहरा, हरिपुर, धर्मशाला, पालमपुर, शाहपुर, रैत, बैजनाथ, पपरोला, मारंड़ा, बडोह ,रानीताल व भवारना के कैश काउंटर में 30 मार्च 3 बजे तक खुले रहेंगे। आम जनता से अपील है कि वह कार्यालयों में जाकर अपना बिजली का बिल जमा करवाएं।
राजकीय महाविद्यालय शिवनगर में बुधवार को स्नातक प्रथम वर्ष एवं स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा स्नातक तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। इस विदाई पार्टी में अनामिका को मिस फेयरवेल एवं साहिल को मिस्टर फेयरवेल तथा शालू को मिस ब्यूटीफुल एव दीक्षित को मिस्टर हैंडसम घोषित चुना गया।इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. शमशेर सिंह जी अंतिम वर्ष के छात्रों को किक उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर प्रो. संजीव, प्रो. राजेश क्षीणे, उज्ज्वल करोच, प्रो. शिखा धरवाल, प्रो. विवेकानंद शर्मा उपस्थित रहे।
ढलियारा वार्ड से सबसे युवा जिला परिषद सदस्य ईशान शर्मा ने बुधवार को विभिन्न स्कूलों में जाकर पंखे भेंट किए। ईशान ने कहा कि उन्होंने पहले भी निरंतर जनता की सेवा की है और अब भी जनता की सेवा में जुटे हैं। इससे पूर्व उन्होंने गर्मी के मौसम में जरूरतमंद परिवारों को पानी के टैंकर की सुविधा घर-घर पहुंचाई थी। अब क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों चुधरेड, सुन्हेत, बड़ल, बीहन, बड़ा, नेहरनपुखर, बडहूँ, देहरा, प्रागपुर को पंखे प्रदान किए हैं।
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के स्वामी विवेकानंद साबरमती विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जा रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय शूटिंग प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय के ढलियारा के प्रथम राजपूत पुरुष वर्ग में तथा शेफाली चैंब्याल महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। गौरतलब है कि प्रथम राजपूत और शिफाली चैंब्याल ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में अपनी-अपनी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते थे, जिसके परिणामस्वरूप इन दोनों को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. स्वदीप सूद, शारीरिक शिक्षा विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर सुशील कुमार एवं इंग्लिश विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर करण सिंह पठानिया ने इन दोनों को शुभकामनाएं दीं तथा इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक तथा गैर शिक्षक वर्ग ने इन दोनों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
जिला कांगडा सेपकटाकरा संघ द्वारा 24 मार्च छठी राज्य स्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता जिला पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंद्रेटा में हुई। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्र स्तरीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इन खिलाड़ियों में दो लड़कियां और दो लड़के जिला कांगड़ा से चयनित हुए हैं। चयनित खिलाड़ी एक से पांच अप्रैल को नागपुर में होने वाली राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। खिलाड़ियों को जिला कांगड़ा सेपकटाकरा प्रधान व ऑर्गेनाइजिंग सचिवलक्की साहिब पुरी नागपुर ले जाएंगे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर में एन एस एस के सौजन्य से बुधवार के दिन युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा से इतिहास विषय के सहायक आचार्य डॉ राजीव कुमार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के एनएसएस विंग के कार्यक्रम अधिकारी डॉ कृष्णानंद ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने इस दौरान संसद की गतिविधियां बारे वहां पर समस्त एनएसएस सदस्यों व समस्त छात्र छात्राओं को जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कैसे संसद की कार्यवाही शुरु होती है। इस दौरान परिसर के इतिहास विषय के सहायक आचार्य डा राम नारायण ठाकुर ने प्रस्तावित भाषण प्रस्तुत किया। अपने प्रस्तावित भाषण में उन्होंने बताया कि भारत में प्राचीन राज व्यवस्था में संसद व्यवस्था कैसी थी। गणतंत्र राज्य और राज्य व्यवस्था के संबंध में भी उन्होंने प्रकाश डाला। इस अवसर पर एन एस एस के समस्त सदस्य,परिसर के समस्त छात्र छात्राएं आदि भी मौजूद रहे।
माता बज्रेश्वरी मंदिर में मां दुर्गा की आठवीं शक्ति महागौरी का पूजन विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा उपवास रखा गया और सुबह से कन्याओं का पूजन किया गया। भारी भीड़ के चलते मंदिर प्रशासन व पुलिस को श्रद्धालुओं को विधिवत दर्शन करवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अष्टमी पर उत्तर प्रदेश से आए कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी करवाए। मंदिर अधिकारी सुरेश शर्मा ने बताया कि अष्टमी पर लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। वहीँ, सप्तम नवरात्र के चढ़ावे की गणना में 4 लाख 18 हजार 5 रूपए का चढ़ावा श्रद्धालुओं द्वारा मां को अर्पित किए गए।
महाविद्यालय सुघ भटोली में अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए एक विदाई पार्टी का आयोजन किया गया। जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर्स को एक जीवंत और हर्षित विदाई देने के लिए एक साथ इस कार्यक्रम को मनाया। विदाई पार्टी की शुरुआत प्रधानाध्यापक शशिभूषण के संबोधन से हुई, जिन्होंने हमेशा उदारतापूर्वक अपने विद्यार्थियों को अपना ज्ञान प्रदान किया और उन्हें सही मार्ग की ओर निर्देशित किया। प्रधानाचार्य ने वरिष्ठों की जिम्मेदारियों को सुचारू रूप से निभाने और उनके आसपास की स्थिति के बावजूद अपने जूनियर्स के लिए एक उल्लेखनीय उदाहरण स्थापित करने की सराहना की। उन्होंने उनसे इस घटना को अपने वर्षों के उत्सव के रूप में देखने का आग्रह किया और उन्हें अपने परिवार और समाज की अपेक्षाओं के साथ अपनी आकांक्षाओं के बीच तालमेल बिठाने के बारे में उपयोगी सलाह दी। उन्होंने भविष्य के सभी प्रयासों में उनकी खुशी और सफलता की कामना करते हुए समापन किया और उन्हें समाज पर एक अमिट छाप छोड़ने और कॉलेज को गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया। डॉ पंकज कौशल ने अपने प्यारे छात्रों को गर्मजोशी से अलविदा कहा और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रो. जगन सिंह, डॉ. शिखा राणा, प्रो. भावना सहित सभी शिक्षकों ने सभी अंतिम वर्ष के छात्रों के साथ एक अद्भुत समय बिताने और कैसे वे हमेशा उनके दिलों में एक विशेष स्थान रखेंगे, इस पर खुशी व्यक्त की। विदाई पार्टी का समापन द्वितीय वर्ष के छात्रों के एक संदेश के साथ हुआ, जिन्होंने अपने वरिष्ठों के जाने पर अपना दुख व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि निकट भविष्य में उनके रास्ते फिर से मिलेंगे। छात्र नेताओं के रूप में उनके द्वारा स्थापित शानदार उदाहरण आगे भी जीवित रहेगा। मिस मिताली शर्मा, मिस्टर सुमित मिस फेयरवेल और मिस्टर फेयरवेल और मिस ज्योति मिस्टर मनीष क्रमशः मिस ब्यूटीफुल और मिस्टर हैंडसम रहे।
धर्मशाला उपमंडल में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित काबू पाने के उद्देश्य से 5 नए फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएंगे। जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को धर्मशाला सब डिवीजन में 5 फायर हाइड्रेंट स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा गया था। उन्होंने बताया कि एसडीएमए की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला में 32 लाख 76 हजार 338 रुपये की लागत से यह 5 फायर हाइड्रेंट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए रामनगर के आस-पास घनी आबादी वाले और जहां कोई फायर हाइड्रेंट नहीं हैं, ऐसे पांच स्थलों की पहचान की गई है। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इन 5 वॉटर हाइड्रेंट के लिए ट्रीटेड पानी को उपयोग को उपयोग में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक समर्पित ब्लू कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पूरे राज्य में पहली बार होगा कि एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से उपचारित पानी का उपयोग समर्पित ब्लू कॉरिडोर के माध्यम से अग्निशमन के लिए किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इसके लिए जल शक्ति विभाग के समन्वय से एक प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें एसटीपी गमरू से प्रस्तावित 5 हाइड्रेंट साइटों तक पाइप लाइनें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि एसटीपी गमरू में 5 लाख लीटर पानी की क्षमता है। उन्होंने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एसटीपी गमरू के पानी का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन में उक्त एसटीपी के उपचारित पानी का उपयोग करने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि यह निर्णय लेने से पूर्व अग्निशमन विभाग के साथ एसटीपी के उपचारित पानी के उपयोग की कार्यक्षमता की जांच के लिए परीक्षण किए गए जो कि सफल रहे। उन्होंने बताया कि इसके आधार पर एसटीपी उपचारित पानी का उपयोग करके एक ब्लू गलियारा बनाने और अग्निशमन क्षमताओं को बढ़ाने की योजना तैयार की गई थी।
कांगड़ा के श्रीबालाजी अस्पताल में लोगों की सुविधा के लिए पहली अप्रैल से कैंसर ओपीडी का आयोजन किया जा रहा है। अस्पताल के सीएमडी डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि यह शिवर पहली अप्रैल से हर शनिवार को आयोजित किया जा रहा है। इस ओपीडी में विशेषज्ञ डॉक्टर प्रियांशु चौधरी डीएम मेडिकल ऑनकोलॉजी (एआईआईएमएस) और डॉ. ईशान इलाहाबादी एमसीएच सर्जिकल ऑनकोलॉजी (यूके) अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि शिविर में कीमोथेरेपी, कैंसर सर्जरी एवं पेटस्कैन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने लोगों से अपील कि है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस ओपीडी का लाभ उठाएं।


















































